संजीदा से तलाक के 4 साल बाद, अंकिता कुकरेती को डेट कर रहे आमिर अली

मुंबई टीवी की दुनिया के मशहूर एक्‍टर आमिर अली की जिंदगी में फिर से प्‍यार ने दस्‍तक दी है। साल 2021 में संजीदा शेख से आध‍िकारिक तौर पर तलाक के करीब 4 साल बाद वह अंकिता कुकरेती को डेट कर रहे हैं। आमिर के चेहरे पर इसकी खुशी साफ झलकती है। बीते दिनों आमिर तब चर्चा में आए थे, जब उन्‍होंने कहा था कि उन्‍हें उनकी 5 साल की बेटी आर्या अली से मिलने नहीं दिया जा रहा है। अब पहली बार उन्‍होंने अपनी जिंदगी की 'मिस्‍ट्री गर्ल' और फिर से प्‍यार पाने के बारे में खुलकर बात की है। 'ईटाइम्‍स' से बातचीत में 'कहानी घर घर की' और 'F.I.R.' फेम आमिर कहते हैं, 'मैं एक शर्मीला लड़का हूं। मुझे हर चीज पर शर्म आती है।' आमिर को पिछले दिनों एक मिस्‍ट्री गर्ल के साथ स्‍पॉट किया गया था। बाद में 'बॉम्‍बे टाइम्‍स' ने खबर दी थी कि ये लड़की आमिर की नई प्रेमिका डांसर, कोरियोग्राफर और एक्‍ट्रेस अंकिता कुकरेती हैं। 'उसने एहसास दिलाया, मेरे पास अभी भी दिल है' अब आमिर ने कहा है, 'मैं लंबे समय के बाद किसी को इस तरह से जान रहा हूं। हर कोई प्यार का हकदार है। बेशक, किसी को आगे बढ़ना था, और कोई अब आगे बढ़ रहा है। मैं खुश हूं, क्योंकि मैं उसे करीब से और अच्छी तरह से जान रहा हूं। यह अलग सा लगता है। अच्छा लगता है। मैं हमेशा उससे एक बात कहता हूं – मुझे इस बात का एहसास दिलाने के लिए शुक्रिया कि मेरे पास अभी भी एक दिल है… यह सब अभी शुरू हुआ है, लगभग पांच महीने पहले। यह तो बस किसी एक शुरुआत है।' आमिर अली बोले- मैं अपना एक परिवार बनाना चाहता हूं आमिर ने माना कि उन्होंने प्यार में कभी हार नहीं मानी। वह आगे कहते हैं, 'जब भी कोई मुझसे इसके बारे में पूछता था, तो मैं जवाब देता था कि हर किसी को प्यार करना पड़ता है और मैं भी सेटल हो जाऊंगा। क्योंकि मैं भी एक परिवार बनाना चाहता हूं। मैंने मानसिक तौर पर कभी भी इन चीजों से हार नहीं मानी। कहीं न कहीं मुझे एहसास हुआ कि मैं अपने दिल से जूझ रहा था। कभी-कभी आपको लगता है कि सब कुछ ठीक है, लेकिन फिर आपको नहीं पता कि क्या चल रहा है।' 'मैं पिछले साल बहुतों से मिला, फिर ये पसंद आईं' तलाक के बाद के अपने वक्‍त और दर्द को बयान करते हुए आमिर अली ने कहा, 'पिछले साल मैं बहुत से लोगों से मिल रहा था, लेकिन जैसे ही कुछ होता है, मैं भाग जाता था। मैं सोचने लगा कि मुझे नहीं लगता कि मैं अब इस काबिल हूं, और फिर यह हुआ। यह सब एक हफ्ते के भीतर हुआ। मैं सोच रहा था – मैं ऐसा बर्ताव क्यों कर रहा हूं? मैं सामान्य से थोड़ा अध‍िक इमोशनल क्‍यों हो रहा हूं? फिर मुझे एहसास हुआ कि मुझे यह लड़की पसंद है।' आमिर बोले- मैं किसी को समझा नहीं सकता था आमिर ने खुद को प्यार में दूसरा मौका देने की बात की। संजीदा शेख से तलाक पर उन्‍होंने कहा, 'मैं कम शब्दों में कहूं तो मैं अच्छी स्थिति में नहीं था। लेकिन मुझे यह सब खुद ही करना था। मैं अब एक खुश और बेहतर इंसान हूं। इसमें कुछ समय लगा। मेरी लाइफ कभी विवादों में नहीं रही, लेकिन फिर जिस तरह से चर्चाएं शुरू हुईं, सबकुछ मुश्‍क‍िल हो गया था। मैं किसी को समझा नहीं सकता था, कोई भी समझ नहीं पा रहा था कि आखिर क्या हो रहा है।' संजीदा शेख या बेटी के संपर्क में नहीं हैं आमिर अली आमिर और संजीदा के अलग होने के कुछ समय बाद ही उनकी एक बेटी आयरा हुई। लेकिन वह उनसे संपर्क में नहीं हैं। आमिर ने कहा, 'मैं किसी के संपर्क में नहीं हूं। यह सब थोड़ा कॉम्‍प्‍ल‍िकेटेड है। मैं उन्‍हें शुभकामनाएं और प्यार देता हूं, लेकिन मैं उनसे संपर्क में नहीं हूं। मैं इसके बारे में बात नहीं करना चाहता।' आमिर ने बताया तलाक पर क्‍यों साध रखी थी चुप्‍पी अलगाव की खबरों के बाद खबरों और सोशल मीडिया पर चर्चाओं ने आमिर को दुख पहुंचाया। वह कहते हैं, 'बहुत कुछ लिखा गया, क्योंकि मेरी पूर्व पत्नी और मैंने इस बारे में बात नहीं करने और एक-दूसरे का सम्मान बनाए रखने का फैसला किया, क्‍योंकि यह सब सार्वजनिक रूप से गंदी बातें करने जैसा होता। मुझे नहीं लगता कि हममें से कोई भी ऐसा चाहता था। मैंने उसके खिलाफ कभी कुछ नहीं कहा, क्योंकि हम एक रिश्ता साझा करते थे। मैं कभी भी किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में बुरी बातें नहीं कर सकता, जिसके साथ मैं रहा हूं। लोग अटकलें लगा रहे थे और जो चाहें लिख रहे थे, लेकिन मैं इसके बारे में कुछ नहीं कर सकता।' आमिर अली को OTT पर कई शोज के मिल रहे हैं ऑफर वर्कफ्रंट की बात करें तो आमिर अली की झोली में इस वक्‍त OTT के कई शोज हैं। वो कहते हैं, 'मैं ऐसे मुकाम पर हूं जहां मैं सिर्फ क्‍वालिटी वर्क करना चाहता हूं। मैंने टेलीविजन में काम किया है। आज मैं जो कुछ भी हूं, टीवी की वजह से हूं। मैं टीवी को कम नहीं आंक सकता, यह नहीं कहूंगा कि मैं टीवी पर अब काम नहीं करूंगा। लेकिन मैं अभी ओटीटी को एंजॉय कर रहा हूं। जिस तरह की स्क्रिप्ट आ रही हैं, उनमें से ज्यादातर ऐसी हैं जिन्हें मैं नहीं करना चाहता और जो बेहतर स्क्रिप्ट मैं करना चाहता हूं, वे शायद अभी किसी और के पास जा रही हैं। लेकिन मैं जल्दी में नहीं हूं।' recent visitors 44

आर्थिक तंगी के चलते जगद्गुरु संत तुकाराम महाराज के वंशज शिरिश महाराज मोर ने आत्महत्या कर ली

 पुणे जगद्गुरु संत तुकाराम महाराज के ग्यारहवें वंशज शिरिश महाराज मोर ने आत्महत्या कर ली है. उन्होंने ऐसा कदम वित्तीय बाधाओं के चलते उठाया है. इस बात का जिक्र उन्होंने सुसाइड नोट में किया था, जिसे पुलिस ने उनके आवास से बरामद किया है. सुसाइड नोट में उन्होंने उल्लेख किया है कि वह वित्तीय बाधाओं से आत्महत्या कर रहे हैं. शिरिश महाराज संत तुकारम महाराज के ग्यारह वंशज थे. उनके पास निगडी में इडली रेस्त्रां भी था. परिवार में उनके अलावा मां और पिता हैं. उनकी पिछले महीने शादी तय हुई थी. शादी अप्रैल या मई में आयोजित की जानी थी. लेकिन शादी से पहले ही उन्होंने आत्महत्या कर ली है. आत्महत्या की घटना से देहुगांव में शोक की लहर दौड़ गई है. फिलहाल देहरोड पुलिस घटना की आगे जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि शिरिश महाराज अपने रूम में सोए थे. सुबह जब उनको उठाने के लोए परिवार के लोग गए तो उन्होंने अंदर जवाब नहीं दिया. जिसके बाद परिवार के लोगों ने कुछ देर बाद दरवाजा तोड़ दिया. दरवाजा तोड़ने के बाद परिजनों ने जब सामने की ओर देखा तो शिरिश महाराज पड़े थे. हालांकि, इसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. recent visitors 27

डालचंद डाडिया के नेतृत्व में मां नर्मदा को अर्पित की गई भव्य चुनरी

खातेगांव/देवास जी हां आज नर्मदा जयंती के अवसर पर खातेगांव के समीप अजनास नगर से राजौर नर्मदा घाट तक भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। यह आयोजन डालचंद डांडिया द्वारा किया गया। डालचंद डांडिया ने बताया कि यह भव्य चुनरी यात्रा प्रति वर्षनुसार के अनुसार हर वर्ष माघ मास शुक्ल पक्ष सप्तमी को अजनास से निबोरा बिलोदा होते हुए मां नर्मदा के राजौर तट पर जाती है जहां के ऊपर करीब तीन राज्य एवं कई जिलों से आए हुए मां नर्मदा के परम भक्त मां नर्मदा को विदाउट जोड़ वाली चुनरी अर्पण करते हैं। इस चुनरी यात्रा की यह विशेषता है कि इसमें चुनरी अजनास से पड़कर मां नरमा के नर्मदा के राजौर तट तक सब लोग पैदल चलते हैं डाडिया सोशल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष यात्रा संयोजक डालचंद डाडिया ने बताया कि चुनरी अर्पण करने की पश्चात महा आरती होती हैं एवं उसके बाद में शाम को दीपदान होगा और साथ ही साथ में पर्यावरण सुधार के लिए कार्यक्रम चलाए जाएंगे महिलाओं के उत्थान के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए और मां नर्मदा की पूजा अर्चना की और विश्व जगत शांति के लिए मनोकामना की। recent visitors 162

‘नागिन’ के 7वें सीजन में प्रियंका चाहर चौधरी की एंट्री!

मुंबई टीवी की 'क्वीन' कही जाने वाली प्रोड्यूसर एकता कपूर ने अपनी फेमस फ्रेंचाइजी 'नागिन' के 7वें सीजन का ऐलान कर दिया है। इस अनाउंसमेंट के बाद से ही चर्चा होने लगी है कि इस बार कौन सी एक्ट्रेस लीड रोल में नजर आएगी! कई लोग प्रियंका चाहर चौधरी का नाम ले रहे हैं और ऐसा लग रहा है कि इनकी मुराद पूरी हो गई है। जी हां, प्रियंका ने एक हिंट दिया है, जिसे देख फैंस अंदाजा लगा रहा रहे हैं कि वो 'नागिन 7' के लिए कंफर्म हो गई हैं! हालांकि, अभी तक ऑफिशियली ऐलान नहीं हुआ है। एकता कपूर ने कुछ दिनों पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वो अपनी टीम के साथ बैठकर 'नागिन 7' के बारे में चर्चा कर रही थीं। उन्होंने बताया कि इस बार का सीजन 'सर्व सर्व श्रेष्ठ' होगा। क्या प्रियंका चाहर चौधरी ने दिया हिंट! अब प्रियंका चाहर चौधरी की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। ये एक मिरर सेल्फी है। उनके मोबाइल कवर पर 'नागिन' का डिजाइन बना हुआ है। ये देखकर फैंस की एक्साइटमेंट चार गुना बढ़ गई है। फैंस दावा कर रहे हैं कि एक्ट्रेस ही इस शो में नजर आएंगी। लेकिन अभी तक एकता या प्रियंका ने इस पर अपना रिएक्शन नहीं दिया है। इन एक्ट्रेसेस का भी लिया जा रहा है नाम प्रियंका के अलावा कुछ और एक्ट्रेसेस के नाम भी सामने आ रहे हैं। कुछ फैंस 'नागिन 7' में चाहत पांडे को देखना चाह रहे हैं तो कई शिवांगी जोशी का भी नाम ले रहे हैं। हालांकि, हीरोइन कौन होगी, इसके लिए इंतजार करना होगा। 'दस जून' में नजर आई थीं प्रियंका प्रियंका की बात करें तो वो 'उडारियां' शो में तेजो के रूप में अपनी दमदार एक्टिंग से फेमस हुई थीं। इसके बाद वो रियलिटी शो 'बिग बॉस 16' में नजर आईं, जहां वो टॉप-3 तक पहुंची थीं। उन्हें पिछली बार ओटीटी पर 'दस जून' सीरीज में देखा गया था। इसमें तुषार कपूर भी थे। ये जियो सिनेमा पर स्ट्रीम हुआ था। पर्सनल लाइफ की बात करें तो उनका नाम अंकित गुप्ता से जुड़ता है। recent visitors 52

भाजपा और आरएसएस संविधान के खिलाफ हैं क्योंकि संविधान दलितों और वंचितों को अधिकारों की गारंटी देता है: राहुल गांधी

नई दिल्ली कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देशव्यापी जाति आधारित जनगणना की अपनी मांग को दोहराते हुए बुधवार को कहा कि वह उस दिन का इंतजार कर रहे हैं जब दलित और कमजोर वर्ग के लोग भारत के हर संस्था में शीर्ष पद संभालेंगे। गांधी ने यहां स्वतंत्रता सेनानी एवं दलित नेता जगलाल चौधरी की जयंती समारोह में अपने संबोधन में यह भी आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) संविधान के खिलाफ हैं क्योंकि संविधान दलितों और वंचितों को अधिकारों की गारंटी देता है। 'मैं दलितों के हितों के लिए अपनी लड़ाई जारी रखूंगा' उन्होंने कहा, ‘‘देश के मौजूदा सत्ता तंत्र और संस्थाओं में दलितों और वंचितों की कोई भागीदारी नहीं है… दलितों, अल्पसंख्यकों और समाज के कमजोर वर्गों की सटीक संख्या का पता करने के लिए पूरे भारत में जाति जनगणना की आवश्यकता है।'' लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोट डालने के बाद बुधवार सुबह पटना पहुंचे। गांधी ने कहा, ‘‘मैं उस दिन का इंतजार कर रहा हूं जब दलित और कमजोर वर्ग देश की हर संस्था में नेतृत्व की स्थिति में होंगे… और मैं दलितों के हितों के लिए अपनी लड़ाई जारी रखूंगा।'' 'यह दलितों-पिछड़ों और आदिवासियों का धन' उन्होंने कहा, ‘‘उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आप (दलितों) लोगों के इतिहास का कोई उल्लेख नहीं है। क्या देश में दलित प्रोफेसर परीक्षा के प्रश्नपत्र तैयार कर रहे हैं? उद्योग जगत की बात करें तो नरेन्द्र मोदी जी ने देश के 25 सबसे अमीर लोगों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया …यह दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों का धन है।'' गांधी ने कहा, ‘‘देश में 100 रुपये में दलित, आदिवासी, पिछड़ा वर्ग सभी को मिलाकर हिस्सेदरी 6.10 रुपये है और इसे भी वो छीनने की कोशिश कर रहे हैं ।''   recent visitors 42

बागली, कन्नौद, खातेगांव प्रवास के चलते जिला अध्यक्ष सेंधव का हुआ स्वागत

देवास जी हां भाजपा के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष रायसिंग सेंधव का बागली, कन्नौद, खातेगांव प्रवास के दौरान जगह-जगह भवय स्वागत हुआ जिसमें मुख्य रूप से बागली विधानसभा में विधायक मुरली बने सिंह भंवरा व भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राम सोनी व उनके समर्थको के द्वारा स्वागत हुआ। वही खातेगांव में विधायक आशीष शर्मा व कार्यकर्ताओं के द्वारा पुष्पहारों से वर्षा कर स्वागत किया गया इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राम सोनी व खातेगांव में  भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र राजावत व अन्य ढेरों कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे । recent visitors 129

जन विरोधी , किसान विरोधी केंद्रीय बजट की प्रतियां जलाई गई

मुरैना /कैलारस /सबलगढ़ हाल ही में केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा संसद में प्रस्तुत केंद्रीय बजट का जनता द्वारा और किसानों द्वारा देश भर में पुरजोर विरोध किया जा रहा है। इस बजट में कृषि क्षेत्र में खाद, बीज और अन्य तरह के उपादानों पर दी जाने वाली सब्सिडी में और बजट आवंटन में लगातार कटौती की गयी है। यहां तक कि ग्रामीण क्षेत्र की मुख्य रोजगार योजना मनरेगा के बजट में भी कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। बल्कि सही मायने में उसे कम किया गया है। इसी तरह से श्रमिकों की दुर्दशा को दूर करने की दिशा में भी कोई प्रावधान बजट में नहीं है। फसल बीमा योजना भी अपने हाल पर छोड़ दी गई है। मनरेगा में लगातार बजट प्रावधान बढ़ाने की जो मांग की गई है उसे भी अनदेखा किया गया है। न बजट बढ़ाया गया है  न कार्य दिवस बढ़ाए गए है और न ही पारिश्रमिक बढ़ाया गया है इसी तरह से अन्य सभी मदों में कटौती देखने को मिलती है। केवल 12 लाख की आमदनी पर टैक्स का जुमला मध्यम वर्ग को थमाने का प्रयास इस बजट में है। इसके अलावा जन पक्ष धरिता के कोई प्रावधान नहीं जोड़े गए हैं। देश भर में किसान संगठनों अखिल भारतीय किसान सभा/ मध्य प्रदेश किसान सभा सहित संयुक्त किसान मोर्चा ,सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स अन्य सभी की ओर से देश भर में व्यापक विरोध किया जा रहा है। जनता द्वारा, किसानों द्वारा श्रमिकों द्वारा विरोध लगातार जारी है। आज देश भर में बजट की प्रतियां जलाई गई है। इसी अनुक्रम में मुरैना में नेहरू पार्क पर, कैलारस में पुरानी सब्जी मंडी पर और सबलगढ़ में अदालत तिराहे पर बजट की प्रतियों का दहन किया गया है। इस मौके पर बोलते हुए मध्य प्रदेश किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिवारी ने बजट को जन विरोधी और किसान विरोधी करार दिया सभा में गयाराम सिंह धाकड़ ,राजेश गुप्ता, मुरारीलाल धाकड़, नरोत्तम नागर आदि ने संबोधित किया। इस कार्यवाही का नेतृत्व सर्वश्री अशोक कुमार, भोगीराम मित्तल ,जीवनलाल,कन्हैया लाल तहसील महा सचिव किसान सभा, भौरूलाल तहसील अध्यक्ष किसान सभा, पूर्व जनपद सदस्य रामकुमार श्रीवास, निरंजन शाक्य, नरेश शाक्य, एस एफ आई राज्य अध्यक्ष राजवीर धाकड़, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश गुप्ता, पूर्व पार्षद इब्राहिम शाह, बनवारी लाल, पावन धाकड़, बद्री प्रसाद धाकड़, हरि विलास सिंह  इजरायल खान, राम प्रकाश जादौन , संतोष सोलंकी,भानसिंह जादौन , जालिम सिंह धाकड़, मुकुट बिहारी शर्मा आदि ने किया। आगामी दिनों में भी बजट का व्यापक विरोध किया जाएगा। recent visitors 17