मुख्यमंत्री साय बोले- छत्तीसगढ़ का अनुपम सौंदर्य सदैव आपकी स्मृतियों में रहेगा अंकित

नक्सल उन्मूलन से स्मार्ट सिटी तक अधिकारियों ने जाना छत्तीसगढ़ के विकास का सफर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित हुए अधिकारी रायपुर, छत्तीसगढ़ बहुत सुंदर प्रदेश है और नैसर्गिक सुंदरता, सांस्कृतिक धरोहर और समृद्ध जैव विविधता इसे खास पहचान देती है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में नेशनल डिफेंस कॉलेज से आए 18 सैन्य और सिविल सर्विस के अधिकारियों के दल ने छत्तीसगढ़ भ्रमण उपरांत उनसे मुलाकात कर अपने अनुभवों को साझा करते हुए यह बातें कही। मुख्यमंत्री ने उत्सुकता के साथ सभी सैन्य अधिकारियों से उनके छत्तीसगढ़ भ्रमण को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी अधिकारियों का आत्मीय स्वागत करते हुए प्रदेश की भौगोलिक विशेषताओं, सांस्कृतिक धरोहर और विकास यात्रा पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ केवल भौगोलिक रूप से ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रूप से भी अद्वितीय है। प्रदेश का 44 प्रतिशत भूभाग वनाच्छादित है, और आदिवासी समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा हमारी धरोहर का अभिन्न अंग हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का सौंदर्य अनुपम है। आपने जो यात्रा की है, वह सिर्फ प्राकृतिक दृश्यों का अनुभव नहीं, बल्कि एक जीवंत संस्कृति और इतिहास से जुड़ा हुआ सफर भी है। यह अनुभव सदैव आपकी स्मृतियों में अंकित रहेगा। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन को लेकर किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नक्सल उन्मूलन की दिशा में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। हम न केवल सुरक्षा दृष्टिकोण से बल्कि शिक्षा, बुनियादी ढांचे और आर्थिक अवसरों के माध्यम से भी इस समस्या का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में हमने औद्योगिक और शहरी विकास के साथ-साथ ग्रामीण एवं आदिवासी समुदायों के उत्थान पर भी समान रूप से ध्यान दिया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ आत्मनिर्भरता, नवाचार और उत्कृष्ट शासन प्रणाली का उदाहरण बने। आपका यह भ्रमण हमारे प्रयासों को एक राष्ट्रीय और वैश्विक दृष्टिकोण से देखने का अवसर प्रदान करता है। नेशनल डिफेंस कॉलेज के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने अपने प्रवास के दौरान आईआईएम रायपुर, इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर, ग्रीन फील्ड सिटी और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का अवलोकन किया। इसके अलावा उन्होंने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से कानून व्यवस्था और नक्सल उन्मूलन अभियान के संबंध में चर्चा की। अधिकारियों ने सिरपुर, एजुकेशन सिटी दंतेवाड़ा, कांकेर वुड आर्ट सेंटर, जंगल वारफेयर कॉलेज, कोंडागांव के टाटामारी और शिल्पग्राम, बादल एकेडमी और चित्रकोट जलप्रपात का भ्रमण किया। दल का नेतृत्व कर रहे एडमिरल संदीप सिंह संधु ने बताया कि नेशनल डिफेंस कॉलेज के द्वारा प्रति वर्ष एक वर्षीय कोर्स संचालित किया जाता है, जिसमें सेना, सिविल सेवा और अंतरराष्ट्रीय रक्षा अधिकारियों को रणनीतिक विषयों पर प्रशिक्षित किया जाता है। इस वर्ष 124 अधिकारी इस कोर्स में शामिल हैं, जिनमें 13 भारतीय और 5 अन्य देशों के अधिकारी छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक ढांचे को समझने के लिए भ्रमण पर आए है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री विवेकानंद सिन्हा, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत, श्री पी. दयानंद और डॉ. बसवराजू एस उपस्थित रहे। नेशनल डिफेंस कॉलेज के अधिकारियों में ब्रिगेडियर अमितोज सिंह, श्री संदीप कुमार मिश्रा, कोमोडोर कार्तिक मूर्ति, ब्रिगेडियर अनिरुद्ध सिंह कंवर, एयर कोमोडोर शेखर यादव, ब्रिगेडियर गुरप्रीत सिंह मान, ब्रिगेडियर रजनीश मोहन, कैप्टन एम. व्ही. ओरपे सहित श्रीलंका, मोरक्को, नाइजीरिया, नेपाल और यूएई के अधिकारी शामिल थे। recent visitors 25

IMD ने जारी किया बारिश-शीतलहर का अलर्ट, दिन और रात के तापमान में गिरावट आई

भोपाल  पिछले दो दिनों से चल रही ठंडी हवाओं के कारण भोपाल वासियों ने फिर से दिन में गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। जबकि दो पहले गर्मी की वजह से अधिकतर लोगों ने स्वेटर या जैकेट दिन में पहनना बंद कर दिया था। हवा का रुख उत्तरी होने के साथ तेज गति से हवा के चलने के कारण गुरुवार को न्यूनतम तापमान में 3.2 डिग्री की गिरावट आ गई। फरवरी की शुरुआत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान बढ़ा हुआ था। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ और बर्फबारी के बाद उत्तरी सर्द हवाएं चलने लगीं। इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है।  मध्यप्रदेश में पहाड़ी क्षेत्र और उत्तर भारतीय राज्यों में ठंड बढ़ने का असर भी दिखने लगा है। वहां से आ रही ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के मौसम में ठंडक घुल गई है। गुरुवार को प्रदेश में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पिछले कुछ दिनों से यह तापमान 10 डिग्री के पार पहुंच गया था। वहीं अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है। पिछले कुछ दिनों तक जहां तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था, वहीं गुरुवार को तापमान 30 डिग्री के नीचे आ गया। 9 शहरों में तापमान 10 डिग्री के नीचे पहुंचा प्रदेश में सबसे कम 7 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो एवं राजगढ़ में दर्ज किया गया। वहीं हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 10.5 डिग्री सेल्सियस पर रहा। राज्य के नौ शहरों में न्यूननतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज हुआ। प्रमुख शहरों का तापमान एमपी के प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान खजुराहो में 7, सागर में 8.7, नौगांव में 9, सागर में 8.7, धार में 9.02, गुना में 9.5, ग्वालियर में आठ, रायसेन में 9.5, राजगढ़ में 7, रतलाम में 9, भोपाल में 10.8, इंदौर में 13.4, उज्जैन में 11.2, जबलपुर में 13.4 डिग्री सेल्सियस देखने को मिला। देखें तो भोपाल में 25.8, ग्वालियर में 25.4, इंदौर में 23.5, उज्जैन में 25, जबलपुर में 23.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश के किसी भी जिले में कोहरे की कोई स्थिति निर्मित नहीं हुई। रविवार से तापमान में हो सकती है वृद्धि मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक-दो दिनों तक प्रदेश के मौसम का मिजाज इसी तरह बने रह सकता है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि रविवार से प्रदेश के तापमान में फिर वृद्धि हो सकती है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू कश्मीर पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इससे एक द्रोणिका भी संबद्ध है। उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम चल रही हैं।  बुधवार को अधिकतम तापमान(MP Weather Update) में साढ़े पांच डिग्री की गिरावट हुई और गुरुवार को अधिकतम तापमान 25.8 और न्यूनतम 10.8 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान बुधवार के मुकाबले 3.2 तो अधिकतम आधा डिग्री कम रहा। शुक्रवार को भी तापमान में गिरावट की संभावना है। दस साल में फरवरी में न्यूनतम तापमान ● 9 फरवरी 2024 : 9 ● 2 फरवरी 2023 : 6.5 ● 5 फरवरी 2022 : 7.6 ● 1 फरवरी 2021 : 7.4 ● 9 फरवरी 2020 : 8.1 ● 9 फरवरी 2019 : 5.8 ● 15 फरवरी 2018 : 10.6 ● 1 फरवरी 2017 : 10.8 ● 4 फरवरी 2016 : 8.7 ● 1 फरवरी 2015 : 10.5 18 से 20 किमी की रतार से चली हवा गुरुवार को धूप में भी सर्द हवाएं चलीं। इससे मौसम में ठंडक रही। हवा की अधिकतम रतार 18 से 20 किमी के आसपास रही। अभी गिरावट, फिर बढ़ोतरी: मौसम विभाग के अनुसार हवा का रुख उत्तरी होने के कारण सर्दी बढ़ गयी है। 8 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा तब फिर से बदलाव आएगा और तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। जबकि, 10 फरवरी के बाद हल्के बादल की भी स्थिति बन सकती है। recent visitors 63

अद्भुत उत्तम संयोग बन रहा माघ पूर्णिमा पर, जाने किसे होगा फायदा

माघी पूर्णिमा पर महाकुंभ का अगल महास्नान किया जाएगा. कहते हैं इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने के साथ दान-पुण्य करने से वाले व्यक्ति को भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त होता है. माघ पूर्णिमा के दिन सूर्य और बुध ग्रह राशि में परिवर्तन करेंगे. इन ग्रहों के राशि परिवर्तन से कई शुभ योगों का निर्माण होगा. जिसका प्रभाव सभी 12 राशि के जातकों पर पड़ने वाला है, लेकिन कुछ राशि वालों के लिए यह योग बहुत ही शुभ फलदायी हो सकते हैं. माघ पूर्णिमा पर बनेंगे ये शुभ वैदिक पंचांग के अनुसार, माघ मास की पूर्णिमा तिथि की शुरुआत मंगलवार, 11 फरवरी 2025 को शाम 6 बजकर 55 मिनट पर शुरू होगी. वहीं तिथि का समापन बुधवार 12 फरवरी को शाम 7 बजकर 22 मिनट पर होगा. उदया तिथि के अनुसार माघ पूर्णिमा 12 फरवरी को है. इस दिन सुबह सौभाग्य योग रहेगा उसके बाद सुबह 8 बजकर 1 मिनट पर शोभन योग लग जाएगा. यह संयोग कुछ राशि के जातकों के लिए बहुत ही लाभदायक साबित हो सकता है. माघ पूर्णिमा के दिन शुभ योग बनने से मेष राशि वालों को विशेष लाभ प्राप्त हो सकता है. इस दौरान मेष राशि वालों के परिवार में तालमेल और खुशियां बढ़ेगी. करियर-कारोबार में चल रही सभी परेशानियां दूर हो सकती है. बेरोजगारों को रोजगार प्राप्त हो सकता है. संपत्ति खरीदने की इच्छा पूरी हो सकती है, वृषभ राशि माघ पूर्णिमा वृषभ राशि वालों के लिए बहुत ही लाभकारी सिद्ध हो सकती है. इस दौरान वृषभ राशि के जातको को कारोबार में वृद्धि होने धन लाभ हो सकता है. नौकरी की तलाश कर रहें लोगों को सफलता मिलेगी. सेहत में सुधार होगा. इसके अलावा धार्मिक कार्यों तथा पूजा-पाठ में रुचि बढ़ेगी. मकर राशि मकर राशि वालों के लिए माघी पूर्णिमा खुशियों की सौगात लेकर आ रही है. इसके बाद मकर राशि वाले जातकों को करियर-कारोबार में बड़ी सफलता हासिल हो सकती है, जिससे अपार धन लाभ हो सकता है. साथ ही समाज में मान सम्मान बढ़ेगा. recent visitors 44

उदय कोटक ने खरीदारी के साथ ही देश में प्रॉपर्टी के दामों का एक नया रेकॉर्ड बन गया

मुंबई देश की आर्थिक राजधानी मुंबई इन दिनों रियल एस्टेट को लेकर चर्चा में है। बॉलीवुड सेलिब्रिटी से लेकर कारोबारी तक प्रॉपर्टी में रुचि दिखा रहे हैं। अब देश के सबसे अमीर बैंकर उदय कोटक भी मुंबई में प्रॉपर्टी खरीदने को लेकर चर्चा में आ गए हैं। कोटक महिंद्रा बैंक के फाउंडर उदय कोटक और उनके परिवार ने मुंबई में कोई अपार्टमेंट ही नहीं, बल्कि पूरी बिल्डिंग ही खरीद ली है। देश के सबसे अमीर बैंकर उदय कोटक और उनके परिवार ने मुंबई के वर्ली सी फेस की एक पूरी बिल्डिंग खरीदी है। यह रेजिडेंशियल बिल्डिंग है। इस बिल्डिंग की कीमत 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की है। इस खरीदारी के साथ ही देश में प्रॉपर्टी के दामों का एक नया रेकॉर्ड बन गया है। उदय कोटक ने इस बिल्डिंग में रहने वाले सभी लोगों से उनके घर खरीद लिए हैं। कोटक परिवार ने जो यह बिल्डिंग खरीदी है, वह दो मंजिला है। इनमें कुल 24 अपार्टमेंट हैं। डॉक्यूमेंट्स के अनुसार उदय कोटक के परिवार ने 30 जनवरी को बिल्डिंग के कुल 24 अपार्टमेंट में से 12 अपार्टमेंट के सौदे रजिस्टर करवाए। एक सौदा सितंबर में रजिस्टर हुआ था। बाकी सौदे भी जल्द ही पूरे होने की उम्मीद है। जिनके सौदे बचे हैं, उन्हें टाकन राशि दी जा चुकी है। इस बिल्डिंग का सबसे बड़ा अपार्टमेंट 1,396 वर्ग फुट में फैला है और इसकी कीमत 38.24 करोड़ रुपये है। वहीं सबसे छोटे 173 वर्ग फुट के घर की कीमत 4.7 करोड़ रुपये से ज्यादा है। अब तक की सबसे ज्यादा कीमत कोटक परिवार इस बिल्डिंग के घर करीब 2.72 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से खरीदे हैं। यह किसी भी प्रॉपर्टी सौदे के लिए देश में अब तक की सबसे ऊंची कीमत है। इससे पहले देश में प्रति वर्ग फुट की सबसे ऊंची कीमत दक्षिण मुंबई के अल्टामाउंट रोड पर 2.25 लाख रुपये और भूलाभाई देसाई रोड पर 2.09 लाख रुपये थी। मुंबई में बॉलीवुड सितारे भी पीछे नहीं मुंबई इस समय रियल एस्टेट में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बॉलीवुड सेलिब्रिटी भी यहां प्रॉपर्टी को लगातार खरीद और बेच रहे हैं।     अक्षय कुमार और उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना में वर्ली स्थित एक लग्जरी अपार्टमेंट 80 करोड़ रुपये में बेचा है।     मशहूर संगीतकार अनु मलिक और उनकी पत्नी अंजू मलिक ने मुंबई के सांताक्रूज वेस्ट में दो अपार्टमेंट बेच दिए हैं। फरवरी में यह सौदा 14.49 करोड़ रुपये में हुआ।     सनी लियोनी ने भी मुंबई में 8 करोड़ रुपये में एक ऑफिस स्पेस खरीदा है। इसके लिए 35 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी चुकाई है।     सोनाक्षी सिन्हा ने भी मुंबई के बांद्रा पश्चिम की एक हाउसिंग कांप्लेक्स का अपना अपार्टमेंट बेचा है। यह प्रॉपर्टी उन्होंने 22.50 करोड़ रुपये में बेची। सोनाक्षी सिन्हा ने मार्च 2020 में यह प्रॉपर्टी 14.0 करोड़ रुपये में खरीदी थी।     फिल्म निर्देशक सुभाष घई ने भी कुछ दिन पहले अपनी पत्नी के साथ मिलकर मुंबई में 24 करोड़ रुपये का एक अपार्टमेंट खरीदा है।     इससे पहले अमिताभ बच्चन ने ओशिवारा में अपना डुप्लेक्स अपार्टमेंट 83 करोड़ रुपये में बेचा था। उन्होंने इसे 31 करोड़ रुपये में खरीदा था। recent visitors 45

शिव नादर स्कूल को बम से उड़ाने की मिली धमकी, स्कूल प्रशासन ने एक ईमेल के जरिए पेरेंट्स को दी जानकारी

नई दिल्ली उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर 168 स्थित शिव नादर स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस धमकी के बाद स्कूल प्रशासन ने एक ईमेल के जरिए पेरेंट्स को जानकारी दी और स्कूल कैंपस को बंद करने का फैसला लिया। स्कूल ने बच्चों को घर वापस भेज दिया और पुलिस को इस मामले की सूचना दे दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और जांच शुरू कर दी है। ईमेल के जरिए दी गई थी धमकी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह धमकी एक ईमेल के जरिए दी गई थी। धमकी में यह कहा गया था कि स्कूल की बस को उड़ाने की कोशिश की जाएगी। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने सभी छात्रों को उनके घर भेजने का आदेश दिया और पुलिस से मदद ली। पुलिस ने इस मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और मौके पर डॉग स्क्वाड भी पहुंच गया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और कक्षाओं की जांच की जा रही है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बंद कर दिया गया स्कूल बताया जा रहा है कि स्कूल प्रशासन ने पेरेंट्स को भेजे गए मेल में बताया कि आज सुबह धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल को बंद कर दिया गया है। मेल में यह भी लिखा गया है कि आगे की जानकारी और निर्देशों के लिए अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। स्कूल ने पेरेंट्स से धैर्य रखने और सहयोग करने की अपील की है। इससे पहले दिल्ली में भी इसी तरह की मिली हैं धमकियां गौरतलब है कि दिल्ली में भी इसी तरह की धमकियां मिली हैं। पूर्वी दिल्ली के एलकॉन स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी वाले कॉल का सामना करना पड़ा। हालांकि, पुलिस ने जांच की और अभी तक कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है। यह घटना पिछले साल से जारी धमकियों की कड़ी का हिस्सा है। पिछले साल अप्रैल से अब तक कई स्कूलों, फ्लाइट्स और होटलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले कॉल और मेल मिल चुके हैं। यह इस साल का पहला मामला है, जिसमें स्कूल को धमकी दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही इस पर कार्रवाई की जाएगी। recent visitors 42

सभी सरकारी और निजी स्कूलों की कक्षा 8 तक 12 फरवरी तक बंद करने के आदेश

प्रयागराज महाकुंभ में अमृत स्नान के बाद प्रयागराज में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने कक्षा 8 तक सभी स्कूल 12 फरवरी तक बंद करने के आदेश दिए हैं। जबकि ऑनलाइन कक्षाएं चलेंगी। जिलाधिकारी द्वारा यह पहल आवागमन में असुविधा तथा छात्र-हित के दृष्टिगत की गई है। जिला प्रशासन का यह आदेश सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा। recent visitors 29

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने स्व. कर्नल लक्ष्मण सिंह राठौड़ को श्रद्धासुमन अर्पित किए

जयपुर, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के निजी आवास पर पहुंचकर उनके पिता स्व. कर्नल लक्ष्मण सिंह राठौड़ की पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। दिया कुमारी ने कर्नल लक्ष्मण सिंह राठौड़ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. कर्नल लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने अपना संपूर्ण जीवन देश की सेवा में समर्पित किया, उनके योगदान को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। recent visitors 40