16 माह के बालक के गले में अंगूर फंसने से उसकी मौत, पुलिस ने मर्ग किया कायम

उज्जैन 16 माह के बालक के गले में अंगूर फंसने से उसकी मौत हो गई। मामले में माधवनगर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। बालक अपनी मां के साथ पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से उज्जैन आया था। यहां उसकी मां देवास रोड स्थित अभिनंदन परिसर में लगे मेले में बैग की दुकान संचालित कर रही थी। माधवनगर पुलिस ने बताया कि हफीजा पत्नी सिनहाज हुसैन निवासी राम नगर मुर्शिदाबाद पश्चिम बंगाल उज्जैन आई हुई है। हफीजा देवास रोड स्थित अभिनंदन परिसर में लगे मेले में बैग की दुकान संचालित कर रही है। हफीजा के साथ उसका 16 माह का पुत्र बाबू उर्फ अहद पुत्र सिनहाज हुसैन भी आया हुआ था। बालक अपनी मां के साथ अभिनंदन परिसर में ही रह रहा था। जहां उसकी मां ने अंगूर खाने के लिए रखे थे। बाबू ने अंगूर खाया था। अंगूर गले में फंसने से वह छटपटाने के बाद बेहोश हो गया। आसपास के दुकानदारों की मदद से हफीजा अपने बेटे को लेकर चरक अस्पताल पहुंची थी। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बालक की श्वास नली में अंगूर फंस गया था। इससे उसकी मौत हुई है। माधव नगर पुलिस ने मर्ग कायम किया है।   recent visitors 52

राजधानी को आपदा से मुक्ति मिल चुकी है, अब देश में मोदी और दिल्ली में भी मोदी : अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने दिल्ली की जनता का आभार जताते हुए कहा कि राजधानी को आपदा से मुक्ति मिल चुकी है। अब देश में मोदी और दिल्ली में भी मोदी। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शुरुआती रुझानों में पूर्ण बहुमत हासिल किया है, वहीं आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेताओं को हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हार मिली है। मनीष सिसोदिया भी जंगपुरा सीट से चुनाव हार चुके हैं। कुल मिलाकर यह रुझान भाजपा के लिए बहुत उत्साहित करने वाले हैं और पार्टी 27 साल बाद राजधानी में सरकार बनाने की ओर अग्रसर है। इस पर महाकुंभ में मौजूद अनुराग ठाकुर ने कहा, "दिल्ली की जनता का आभार जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी को शानदार जीत दी है। आम आदमी पार्टी के पाप का घड़ा भर चुका था। दिल्ली विकास के लिए तरस और तड़प रही थी। केजरीवाल और उनकी टीम ने जो वादाखिलाफी की थी, वह एक तरह से लगता था कि अलीबाबा और चालीस चोर दिल्ली को लूटने के लिए कूद पड़े हैं। 11 सालों तक लगातार दिल्ली में केवल लूट और भ्रष्टाचार की खुली छूट थी। दिल्ली में लोग तंग आ चुके थे और हर जगह त्राहि-त्राहि थी। इसलिए जहां एक ओर मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और बड़े-बड़े आप नेताओं की इस चुनाव में जो दुर्दशा हुई है, वह दिखाता है कि आम आदमी पार्टी से लोग कितने तंग थे। ये 'आप-दा' नाम बिल्कुल सही था। जैसे दुनिया के सामने कोविड-19 एक आपदा था, ऐसे ही दिल्ली के लिए केजरीवाल आपदा थे।" कांग्रेस ने इस चुनाव में आम आदमी पार्टी को मदद की थी। इस सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा, "ये दोनों मिलकर ही चुनाव लड़ रहे थे। चाहे लोकसभा का चुनाव हो या विधानसभा का चुनाव, आप और कांग्रेस एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। दोनों भ्रष्टाचारी हैं। राहुल गांधी और केजरीवाल में सांठगांठ थी और ये कोशिश कर रहे थे कि सत्ता विरोधी वोट कांग्रेस के पाले में चला जाए। लेकिन जनता समझदार थी और उसने सही निर्णय लेते हुए स्पष्ट बहुमत देते हुए भाजपा को आगे बढ़ाया है। दिल्ली की जनता का आभार।" अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का हमें जो नेतृत्व मिला है, उसको देखते हुए दिल्ली की जनता ने माना है कि अब बहाने बनाने वाले नहीं चाहिए। अब आरोप लगाने वाले नहीं चाहिए। अब देश में मोदी और दिल्ली में भी मोदी। अब दिल्ली को विकास की राह पर ले जाना है और बहाने लगाने वालों को बाहर का रास्ता दिखाना है। शीश महल का क्या करेंगे? इस सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि जनता द्वारा चुनी गई सरकार इस पर फैसला लेगी। क्या 'आप' के जीते हुए विधायक भाजपा से संपर्क कर रहे हैं? इस सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा, "मुझे इस विषय में जानकारी नहीं है। मैं आपके सामने महाकुंभ में आया हूं और खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि इस पवित्र स्थान पर होने का मुझे उस दिन अवसर मिला जिस दिन एक ऐसा नतीजा देश के सामने आया जब देश की राजधानी खुद को आपदा मुक्त करना चाहती थी। ऐसे नतीजे यहां कुंभ की धरती पर सुनने के लिए मिल रहे हैं। इससे बड़ा सौभाग्य का पल और क्या हो सकता है।"   recent visitors 57

मंत्रालय की फर्जी ईमेल बनाकर नियुक्ति पत्र भेज कर, 60 लोगों से ठगे पांच करोड़ रुपये

रायपुर  अलग-अलग विभागों में नौकरी लगाने का झांसा देकर 60 युवाओं से पांच करोड़ की ठगी के छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। सीजीपीएससी घोटाले में जेल में बंद पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी का साला देवेंद्र जोशी पूरे खेल का मास्टर माइंड निकला। आरोपित मंत्रालय की फर्जी ईमेल बनाकर फर्जी नियुक्ति पत्र भेजते थे। अपने वाहन में छग शासन की नाम पट्टिका का उपयोग कर पीड़ितों को चकमा देते थे। सिविल लाइन पुलिस ने अब तक देवेंद्र कुमार जोशी, उसकी पत्नी झगीता जोशी, स्वप्निल दुबे, नफीज आलम, हलधर बेहरा, सोमेश दुबे को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपितों की पतासाजी की जा रही है। ठगी की रकम से जमीन, सोना, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और फ्लैट खरीदे। क्रिप्टो करेंसी में भी निवेश किया गया। आरोपितों ने जो भूमि खरीदी है उसके व्ययन (खर्च करना) पर रोक के लिए पत्र लिखा गया है। आरोपितों के बैंक खातों से 15 लाख रुपये होल्ड कराए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से तीन मोबाइल, चार सोने के सिक्के, एक सोने का हार, एक बिंदिया, दो ऐसी, एक फ्रीज, दो पंखा, एक स्कार्पियो वाहन सहित अन्य करीब 50 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है। ऐसे खुला पूरा मामला 29 जनवरी को प्रार्थिया अंजना गहिरवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि फरवरी 2021 को वह अपने परिवार के साथ मौसा-मौसी देवेंद्र जोशी व झगीता जोशी के घर आई थी। अंजना ने नौकरी करने की इच्छा जताई। देवेंद्र और झगीता ने बड़े अधिकारी से जान पहचान होने की बात कही और प्रार्थिया के साथ-साथ गजेंद्र लहरे, कुणाल देव, भुनेश्वर सोनवानी सहित अन्य से 25-25 लाख रुपये ले लिए। नौकरी नहीं लगी तो रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। चैनल बनाकर युवाओं को ठगा देवेंद्र जोशी ने पूछताछ में अपने साथी स्वप्निल दुबे को इंद्रावती भवन भेजकर प्रार्थी और अन्य लोगों के सत्यापन के लिए कार्यवाही कराना स्वीकार किया था। जिस पर स्वप्निल को भी पकड़ा गया। वह वैगन रिपेयर शॉप, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर में तकनीशियन-I के पद पर काम कर रहा है। पूछताछ में उसने अपने साथी सोमेश दुबे, नफीज आलम और विकास शर्मा (जिसकी वर्तमान में सड़क हादसे में मौत हो गई) के साथ चैनल बनाकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लगभग 60 बेरोजगारों से अब तक पांच करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करना स्वीकार किया। recent visitors 33

कांग्रेस ने अमेरिका से भारतीय युवाओं की वापसी पर प्रधानमंत्री का जलाया पुतला

 अलवर अलवर जिला कांग्रेस कमेटी ने अमेरिका से भारतीय युवाओं को हथकड़ी लगाकर वापस भेजने के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका। कांग्रेस की जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने इस घटना को भारत के लिए शर्मनाक बताया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी युवाओं के इस अपमान पर चुप्पी साधे हुए हैं। इसके विरोध में अलवर जिला कांग्रेस कमेटी ने नंगली सर्किल पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। इस मामले में कांग्रेस की जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने बताया जिस तरह अमेरिका में भारत के युवा गए थे और अमेरिका सरकार ने उनके हाथ पैरों पर जंजीर से बांधकर उनको भारत के लिए रवाना किया है। यह अपने आप मे ही शर्मनाक है और कांग्रेस इस मामले में सड़क पर उतर कर आंदोलन करेगी। जिया अध्यक्ष ने कहा कि यह बहुत शर्मनाक है, जिसका हम विरोध करते हैं। उन्होंने कहा जो युवा काम की तलाश में अमेरिका गए थे। अमेरिका सरकार ने उनको वापसी का रास्ता दिखा दिया है और उनको हाथों में हथकड़ी लगाकर भारत लाया जा रहा है। उसको लेकर हमारे देश के प्रधानमंत्री बिल्कुल चुप्पी साधे बैठे हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी उनका विरोध करती है और आज उनका पुतला जलाया जा रहा है। जिला अध्यक्ष ने कहा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने आप को विश्व महागुरु समझते हैं। कहते हैं हम युवाओं के साथ हैं, लेकिन जब युवाओं को इस तरह लेकर आ रहे थे तब ऐसा कहने वाले मोदी जी क्यों कुछ नहीं बोल रहे। क्यों उन्होंने इसका विरोध नहीं किया। जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अमेरिका के आगे अपने घुटने टेक दिए हैं। जिला अध्यक्ष ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री को अमेरिका सरकार से बात करनी चाहिए और इसका विरोध करना चाहिए,लेकिन वह उल्टा अमेरिका सरकार की बात मान रहे हैं। अगर इसी तरह चलता रहा तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक इसका विरोध करेगी और युवाओं के साथ खड़ी रहेगी। जिला अध्यक्ष ने कहा कि एक तरफ मोदी जी अमेरिका के राष्ट्रपति को अपना दोस्त कहते है और उनके शपथ ग्रहण में विदेश मंत्री तक को भेजते है वही दूसरी ओर अमेरिका भारत के युवाओं के साथ ऐसी असहनीय हरकत कर रहा है।   recent visitors 31

महिला यात्री की जान बचाने में रेलवे आरपीएफ का तत्पर प्रयास

भोपाल दिनांक 08.02.2025 को सवारी गाड़ी संख्या 12137 के हरदा स्टेशन पर एक महिला यात्री की गंभीर स्वास्थ्य समस्या को लेकर रेलवे प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तत्परता ने एक आपात स्थिति को सफलतापूर्वक संभाला। स्टेशन मास्टर हरदा को सूचना मिली कि ट्रेन के एचए-1 कोच में यात्रा कर रही महिला यात्री जागृति (पत्नी श्री शिव कुमार, निवासी मुंबई) को असहनीय पेट दर्द हो रहा है और उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता है। स्टेशन मास्टर हरदा ने तुरंत सक्रिय होकर आरपीएफ की टीम को सूचित किया। सहायक उप निरीक्षक श्री रूपेंद्र बुवाडे और आरक्षक श्री मुकेश सिंह ने तुरंत कोच में पहुंचकर स्थिति का आकलन किया और महिला यात्री जो मुंबई से ललितपुर की यात्रा पर थीं, को परिजनों के साथ तुरंत कोच से उतारा गया और पास के प्राइवेट सिटी हॉस्पिटल, हरदा में भर्ती कराया गया। रेलवे प्रशासन और आरपीएफ की इस त्वरित कार्रवाई ने यह सुनिश्चित किया कि यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक  श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्ध है, और इस घटना ने आपातकालीन स्थितियों में रेलवे और आरपीएफ के आपसी तालमेल और तत्परता को दर्शाया है। रेलवे प्रशासन यात्रियों को आश्वस्त करता है कि रेलवे की टीम हर परिस्थिति में उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए तैयार है। recent visitors 32

मध्य प्रदेश में विद्यार्थियों को सरकार उनकी पसंद का पेट्रोल या ई-स्कूटी देगी, CM मोहन यादव का ऐलान

भोपाल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि मेधावी विद्यार्थियों के लिए सरकार की तरफ से जो स्कूटी दी जा रही है, उसके लिए कोई टेंडर (ठेका) नहीं निकलेगा। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया है कि मेधावी छात्र-छात्राएं अपनी पसंद की स्कूटी सीधे ले सकेंगे चाहे वो पेट्रोल या इलेक्ट्रिक हो। यह बयान कांग्रेस के उस आरोप के बाद आया है कि जिसमें विपक्षी दल ने आरोप लगाया था कि राज्य सरकार ने अब तक स्कूटी बांटने के लिए टेंडर नहीं किया है। मोहन यादव ने बुधवार को 10 छात्र-छात्राओं को स्कूटी देकर इस योजना की औपचारिक शुरुआत की थी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ऐलान किया था कि राज्य बोर्ड की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वालों को राज्य सरकार तोहफे में स्कूटी देगी। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 2023-24 की 12वीं बोर्ड की परीक्षा में कुल 7900 छात्र-छात्राओं को इस योजना के लिए चुना गया है। कांग्रेस ने एक्स पर एक ट्वीट में आरोप लगाया था कि अब तक मात्र 50 विद्यार्थियों को स्कूटी मिली है जबकि बाकी को सिर्फ मंजूरी का पत्र मिला है क्योंकि स्कूटी बांटने के लिए टेंडर ही नहीं हुआ है। सीएम मोहन यादव ने कहा- “मुझे खुशी है कि राज्य भर में मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी मुहैया कराने से बढ़िया माहौल है। कुछ लोगों ने भ्रम फैलाया है कि टेंडर के बाद स्कूटी दी जाएगी। कोई टेंडर नहीं होगा। विद्यार्थियों को सीधे उनकी पसंद की पेट्रोल या ई स्कूटी दी जाएगी। मुझे उम्मीद है कि विद्यार्थी इस योजना का लाभ उठाएंगे और अपनी पढ़ाई पर ध्यान देंगे। इसके अलावा हम व्यवस्था कर रहे हैं कि इसी तरह विद्यार्थियों को लैपटॉप भी जल्द ही उपलब्ध करा दिया जाए।” recent visitors 24

भारतीय रेल की पूर्व अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी

भोपाल   चिनाब नदी के गहरे हरे पानी को मापता दुनिया का सबसे ऊँचा रेल पुल, आपको तेज़ सर्द हवाओं के साथ रोमांच का भी अनूठा एहसास कराता है। ऊंची-ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं से घिरा चिनाब  नदी का यह पुल, समुद्र तल से 359 मीटर ऊपर है – ऊँचाई में, एफिल टॉवर से 35 मीटर, और कुतुब मीनार से लगभग पाँच गुना ज़्यादा ऊँचा! बादलों का मुकुट पहने, पहाड़ों के सीने पर चौड़ी और मज़बूत नींवों के सहारे अडिग खड़ा यह पुल भारतीय रेल की प्रौद्योगिकी चेतना का प्रतीक तो है ही, हमारी आधुनिकीकरण की आकांक्षाओं का सचेतक भी है। अत्याधुनिक मशीनरी और रखरखाव से लैस, 266 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ़्तार की हवाओं का सामना करने में सक्षम, चिनाब पुल उधमपुर – श्रीनगर – बारामुला रेल लिंक (USBRL) की उत्कृष्ट उपलब्धियों का द्योतक है। लगभग 37,000 करोड़ की लागत से निर्मित, USBRL की 272 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन, विश्व की सबसे जटिल और चुनौतीपूर्ण परियोजनाओं में से एक है। दुर्गम गहन घाटियों और ऊँचे पहाड़ों को चीरती ये रेलवे लाइन 943 पुलों और 36 मुख्य सुरंगों से होकर गुज़रती है, जिसमें भारत की सबसे लंबी रेलवे सुरंग, T-50, जो 12.77  किलोमीटर लंबी है, शामिल है। USBRL के कटरा – बनिहाल सेक्शन पर भारत का पहला केबल-स्टेड रेल पुल, अंजी खड्ड ब्रिज है। 96 केबल्स के सहारे टिका, समुद्र तल से 331 मीटर ऊँचा और 725 मीटर लंबा पुल, डिज़ाइन और इंजीनियरिंग का बानगी है। कश्मीर को समग्र और निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करती यह लाइन, दुनिया के सबसे आकर्षक एवं सुहावने मंज़र को भी अपने अनुभवों में पिरोए हुए है। यह रेल लिंक पर्यटन, व्यापार और सुरक्षा को बढ़ावा देने में सक्षम है जिससे जम्मू और कश्मीर के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य मे भी उन्नति होगी। इस लाइन पर बने रेलवे स्टेशन जम्मू और कश्मीर की प्रगति, सुरक्षा और समृद्धि की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण हैं। काज़ीगुंड, जिसे 'कश्मीर घाटी का प्रवेश द्वार' भी कहा जाता है, दक्षिण कश्मीर और पूर्वी क्षेत्रों के मध्य एक महत्वपूर्ण संपर्क के रूप में कार्य करता है। पंपोर, श्रीनगर, सोपोर और अनंतनाग स्टेशन कश्मीर घाटी की आर्थिक गतिविधि के प्रमुख केंद्र हैं।   इसके अलावा, रियासी एवं कटरा स्टेशन, माता वैष्णो देवी मंदिर से निकटता के कारण आध्यात्मिक और आर्थिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं। जल्द ही कटरा से श्रीनगर के लिए अत्याधुनिक वन्दे भारत ट्रेन का USBRL रेलवे लाइन पर नियमित रूप से परिचालन होगा, जिसका हम सब देशवासियों को भी बेसब्री से इंतज़ार है! यहाँ परिचालित होने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को कश्मीर की सर्दी एवं बर्फ़बारी की चुनौतीपूर्ण परिस्तिथियों में सुचारू संचालन के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। आधुनिक सुविधाओं के अलावा, इसके उन्नत हीटिंग सिस्टम्स यह सुनिश्चित करते हैं कि यह ट्रेन, शून्य से नीचे के तापमान में भी, आरामदायक एवं सुरक्षित यात्रा का अनुभव प्रदान करे। ड्राइवर के सामने के ग्लास मे भी हीटिंग उपकरण लगे है, ताकि सर्दी में भी स्पष्ट दृश्यता हो सके। कश्मीर की अपनी वन्दे भारत विश्व स्तरीय यात्रा के लिए तैयार है। 'कश्मीर से कन्याकुमारी' तक भारत हमेशा एक रहा है। भारतीय रेल की यह नवनिर्मित रेलवे लाइन, इस क्षेत्र को वर्षों से बाधित विकास कार्यों को पूरा करने के साथ कश्मीर को निर्बाध रेल कनेक्टिविटी प्रदान कर रही है, जिसके साथ ही यह सम्पूर्ण क्षेत्र विकास के नये आयाम तय करेगा।       कश्मीर घाटी का प्रहरी, पीर पंजाल, बनिहाल सुरंग से गुज़रती ट्रेन के पहियों के मधुर संगीत के इंतजार मे है! सचमुच, कश्मीर अब दूर नहीं है!   recent visitors 57