Wednesday, July 8, 2026 2:39 am

कियारा आडवाणी की फिल्म ‘गिल्टी’ के प्रदर्शन के पांच साल पूरे

मुंबई,  बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी की फिल्म गिल्टी के प्रदर्शन के पांच साल पूरे हो गये हैं। करण जौहर और अपूर्व मेहता निर्मित और रूचि नारायण निर्देशित फिल्म गिल्टी 06 मार्च 2000 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुयी थी। फिल्म गिल्टी के प्रदर्शन के पांच साल पूरे हो गये हैं। यह फिल्म उस दौर में आई जब ओटीटी प्लेटफॉर्म्स तेजी से विकसित हो रहे थे। लॉकडाउन से ठीक पहले रिलीज़ हुई इस फिल्म ने अपने दमदार कथानक, कियारा के मजबूत अभिनय और बोल्ड स्टोरीटेलिंग के लिए जबरदस्त सराहना बटोरी। यह उन पहली बड़ी परियोजनाओं में से एक थी, जिसने डिजिटल-फर्स्ट अप्रोच को अपनाया, यह साबित करते हुए कि स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर भी दमदार और उच्च-स्तरीय सिनेमा प्रस्तुत किया जा सकता है। गिल्टी एक ताज़ा, साहसी और सामाजिक रूप से प्रासंगिक फिल्म के रूप में आई, जिसने यौन शोषण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा छेड़ दी। कियारा द्वारा निभाया गया नांकी दत्ता का किरदार,एक विद्रोही लेकिन भावनात्मक रूप से संवेदनशील युवती का था ,जो दर्शकों को खूब पसंद आया। इस फिल्म ने कियारा की क्षमता को साबित किया कि वह आसानी से गहन और परफॉर्मेंस-ड्रिवन भूमिकाएँ निभा सकती हैं। उस समय जब डिजिटल प्लेटफॉर्म्स ओरिजिनल कंटेंट को लेकर प्रयोग कर रहे थे, गिल्टी ने स्टार-लैड ओटीटी फिल्मों के लिए एक बेंचमार्क स्थापित किया। यह फिल्म न केवल दर्शकों को जोड़ने में सफल रही, बल्कि सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा भी शुरू करवाई। इसने प्रभावशाली स्टोरीटेलिंग का एक ऐसा मानक स्थापित किया, जो बाद में ओटीटी युग में एक सामान्य प्रवृत्ति बन गई। कियारा इस समय अपने कुछ सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स की तैयारी कर रही हैं, जिनमें वॉर 2 (ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर के साथ) और टॉक्सिक (यश के साथ उनकी पहली पैन-वर्ल्ड फिल्म) शामिल हैं।   recent visitors 55

डोनाल्ड ट्रंप अफगानिस्तान और पाकिस्तान के लोगों पर अगले हफ्ते से ही अमेरिका में प्रवेश पर पाबंदी लगा सकते है!

वॉशिंगटन बीते दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक आतंकी को पकड़वाने में मदद करने के लिए पाकिस्तान की खूब तारीफ की थी। इस तारीफ के बाद फूले नहीं समा रहे शाहबाज शरीफ को ट्रंप जल्द ही बड़ा झटका देने की तैयारी में हैं। मामले से परिचित सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ऐसे आदेश पर दस्तखत कर सकते हैं जिससे अफगानिस्तान और पाकिस्तान के लोगों पर अगले हफ्ते से ही अमेरिका में प्रवेश पर पाबंदी लग जाएगी। बता दें कि ट्रंप प्रशासन दुनिया के कई देशों पर ट्रैवल बैन लगाने की तैयारी में हैं। अमेरिकी सरकार ने इसके पीछे देश की सुरक्षा का हवाला दिया है। सूत्रों ने बताया है कि जनवरी को एक कार्यकारी आदेश जारी किया गया जिसमें पाक और अफगानिस्तान के अलावा दूसरे देश भी शामिल हो सकते हैं। ट्रंप ने इससे पहले अपने पहले कार्यकाल में भी सात मुस्लिम बहुल देशों के यात्रियों पर अमेरिका आने प्रतिबंध लगाने की घोषणा कर दी थी। यही नहीं 2018 में उनकी इस नीति को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने भी बरकरार रखा था। हालांकि पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 2021 में इन प्रतिबंधों को हटा दिया था और इसे राष्ट्रीय विवेक पर एक धब्बा बताया था। ट्रंप की लिस्ट में कौन से देश? ट्रंप ने 12 मार्च तक उन देशों की सूची प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया था जिनसे यात्रा आंशिक रूप से या पूरी तरह से निलंबित की जानी चाहिए। इससे पहले ट्रंप अवैध प्रवासियों पर सख्ती बरतने के लिए सुर्खियां बना चुके हैं। वहीं अक्टूबर 2023 में अपने चुनावी अभियान के दौरान भी उन्होंने गाजा पट्टी, लीबिया, सोमालिया, सीरिया और यमन जैसे देश के लोगों को सुरक्षा के लिए खतरा बताया था। ट्रंप अगर इस तरह का कोई भी प्रतिबंध लगाते हैं तो यह उन हजारों अफगानों को प्रभावित कर सकता है जिन्हें शरणार्थियों के रूप में या विशेष प्रवासी वीजा पर अमेरिका में पुनर्वास के लिए मंजूरी दी गई थी। recent visitors 56

महाकुंभ में गड़बड़ी की फिराक में था, बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के एक सक्रिय आतंकवादी को किया गिरफ्तार

लखनऊ यूपी एसटीएफ और पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दोनों टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर कौशांबी जिले से बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के एक सक्रिय आतंकवादी को गुरुवार सुबह करीब 3.20 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आतंकी के पास से 3 हैंड ग्रेनेड, 2 डेटोनेटर, एक विदेशी पिस्तौल और 13 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। इसकी पहचान पंजाब के अमृतसर के रामदास क्षेत्र के कुर्लियान गांव के रहने वाले संदिग्ध आतंकी लाजर मसीह के रूप में हुई है। गिरफ्तार आतंकी महाकुंभ में गड़बड़ी फैलाने की फिराक में था। यूपी के डीजीपी प्रशांत कुमार ने प्रेस कान्फ्रेंस करके ये जानकारी दी। पत्रकारों से बातचीत के दौरान पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने गिरफ्तार आतंकी को लेकर कई बड़े खुलासे किए। उन्होंने बताया कि आतंकी लाजर लगातार आईएसआई के संपर्क में था। पाकिस्तान में बैठे कुछ हैंडलर उसे लगातार ड्रोन और गोला बारूद और असलहे भेज रहे थे। डीजीपी ने बताया कि आतंकी लजर प्रयागराज में हुए महाकुंभ में कोई बड़ी आतंकी घटना करना चाहता था। इसके अलावा आतंकी पाकिस्तान से कई विस्फोटक हथियार भी अपने साथ लेकर आया था। महाकुंभ में आतंकी साजिश रचने के बाद लाजर पुर्तगाल भागने की फिराक में था। डीजीपी ने बताया कि महाकुंभ में आतंकी घटना करने के लिए उसने कौशांबी, लखनऊ और कानपुर में रहकर प्लान भी तैयार किया था। पुलिस को जब आतंकी घटना की जानकारी मिली तो सर्च अभियान चलाया। पुलिस की कार्रवाई में बब्बर खालसा इंटरनेशनल का आतंकी लाजर मसीह को कौशांबी से गिरफ्तार कर लिया गया। बतादें कि पिछले साल 23 दिसंबर को यूपी के पीलीभीत में तीन आतंकीवादी को मार गिराया गया था। उनके पास से भी असलहे बरामद हुए थे। पकड़े गए आतंकी के पास से क्या-क्या मिला अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यूपी स्पेशल टास्क फोर्स, कानून व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि पंजाब के अमृतसर के कुर्लियान गांव का निवासी मसीह कथित तौर पर बीकेआई के जर्मन-आधारित मॉड्यूल के प्रमुख स्वर्ण सिंह उर्फ ​​जीवन फौजी से जुड़ा हुआ है और वह पाकिस्तान स्थित आईएसआई के गुर्गों के सीधे संपर्क में भी था। ऑपरेशन के दौरान यूपी एसटीएफ ने तीन सक्रिय हैंड ग्रेनेड सहित विस्फोटक और अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया। इसके अलावा दो सक्रिय डेटोनेटर। एक विदेशी निर्मित नोरिन्को एम-54 टोकरेव पिस्तौल (7.62 मिमी)। विदेश में बने तेरह कारतूस (7.62×25 मिमी)। सफेद रंग का विस्फोटक पाउडर। गाजियाबाद के पते वाला आधार कार्ड। बिना सिम कार्ड वाला मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। recent visitors 54

राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 8 को , राजस्व मंडल में बैंच गठित

जयपुर, राष्ट्रीय लोक अदालत के तहत आपसी समझाईश योग्य राजस्व प्रकरणों का निस्तारण करने को लेकर राजस्व मंडल स्तर से बैंच का गठन किया गया है। अतिरिक्त निबंधक (न्याय) हेमन्त स्वरूप माथुर ने बताया कि  लोक अदालत के लिए राजस्व मण्डल स्तर से सदस्य राजेश कुमार दड़िया (न्यायिक अधिकारी)  व सदस्य श्री मदनलाल नेहरा की बैंच का गठन किया गया है। राजस्व मण्डल अजमेर में 08 मार्च , शनिवार को प्रातः 10:30 बजे दीप प्रज्वलन कर लोक अदालत का शुभारम्भ किया जायेगा जिसमें पक्षकारों के मध्य आम सहमति व समझाईश के आधार पर अधिक से अधिक प्रकरणों का निस्तारण किया जायेगा। लोक अदालत हेतु अब तक 119 प्रकरण चिन्हित कर लिये गये हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अजमेर के द्वारा जारी निर्देशों की पालना में राजस्व मण्डल में  सेवानिवृत्त आर.ए.एस अधिकारी सुरेश कुमार सिन्धी को मार्गदर्शक नियुक्त कर 18 फरवरी से 21 फरवरी तक पक्षकारों के साथ समझाईश / काउन्सलिंग का कार्य किया गया। राजस्व मंडल स्तर से राष्ट्रीय लोक अदालत को पूर्ण सफल बनाने की दिशा में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। recent visitors 40

Oppo F27 Pro+ पर मिल रहा शानदार ऑफर

नई दिल्ली Oppo के स्मार्टफोन्स अक्सर ट्रेंड में रहते हैं। अगर आप भी कोई नया फोन तलाश रहे हैं तो Oppo F27 Pro+ की भी तलाश कर सकते हैं। इस फोन में आपको काफी शानदार फीचर्स मिलते हैं। साथ ही आज हम आपको इसके बारे में जानकारी भी देने वाले हैं। साथ ही फोन के डिजाइन के बारे में भी बताएंगे। Oppo F27 Pro+ की स्पेसिफिकेशन भी काफी खास होने वाली है। ऐसे में आप इसे अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। कार्ड डिस्काउंट- OPPO F27 Pro+ (8GB+128GB) को आप फ्लिपकार्ट से ऑर्डर कर सकते हैं। इस फोन की MRP 32,999 रुपए है और आप इसे 21% डिस्काउंट के बाद 25,999 रुपए में खरीद सकते हैं। इस फोन पर कई कार्ड डिस्काउंट्स भी चल रहे हैं। सभी ऑफर्स मिलने के बाद आपको ये फोन 11,149 रुपए का मिल सकता है। PhonePe UPI Transaction की मदद से पेमेंट करने पर 1% तक का डिस्काउंट मिल सकता है। Flipkart Axis Bank Credit Card से पेमेंट करने पर 5% का अनलिमिटेड कैशबैक मिल सकता है। IDFC First Women Plantinum कार्ड पर 5% की छूट मिल सकती है। एक्सचेंज ऑफर के साथ मिल रहा डिस्काउंट- एक्सचेंज ऑफर के तहत आपको ज्यादा डिस्काउंट मिलने वाला है। अगर आप पुराना फोन फ्लिपकार्ट को वापस करते हैं तो 14,850 रुपए की छूट मिल सकती है। इतना भारी डिस्काउंट हासिल करने के लिए आपके पुराने फोन की कंडीशन ठीक होनी चाहिए और ये पुराने फोन के मॉडल पर भी डिपेंड करता है। फोन की कंपनी की तरफ से 1 साल की वारंटी दी जा रही है। Accessories की अलग से 6 महीने की वारंटी मिल रही है। स्पेसिफिकेशन- Oppo F27 Pro+ में 8GB RAM और 128GB स्टोरेज मिल रही है। इस फोन में 6.7 इंच फुल एचडी+ डिस्प्ले दिया जा रहा है। इस डुअल रियर कैमरा मिल रहा है, जिसका प्राइमरी कैमरा 64MP का मिल रहा है। साथ ही फ्रंट कैमरा 8MP का मिल रहा है। 5000 mAh Battery की वजह से बैकअप भी अच्छा दिया जा रहा है। इसमें Dimensity 7050 Processor मिल रहा है जिसकी वजह से आपके फोन की स्पीड भी काफी अच्छी दी जा रही है। डिजाइन को लेकर भी आपको ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है। क्योंकि ये लाइट वेट स्मार्टफोन है। साथ ही ये डुअल सिम सपोर्ट के साथ आता है। कॉम्पैक्ट डिजाइन की वजह से आपके लिए इसे कैरी करना भी आसान हो जाता है। यही वजह है कि मिड रेंज फोन के साथ इसे काफी पसंद भी किया जाता है। recent visitors 53

मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किए सख्त निर्देश, छात्रों को शारीरिक सजा देना दंडनीय अपराध होगा

भोपाल शिक्षक महोदय जी सावधान हो जाइए। अगर आपने बच्चों के सामने कड़क बनने की कोशिश की तो आपकी खटिया खड़ी हो सकती है। बच्चों से मारपीट के मामले में मध्यप्रदेश सरकार अब सख्त होती नजर आ रही है। प्रदेश के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में अब छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट या किसी भी तरह की शारीरिक सजा पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। अगर किसी शिक्षक या अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों ने ऐसी हरकत की तो उन पर कानूनी कार्रवाई हो जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए ऐसी हालत में कार्रवाई के लिए कहा है। साथ ही ऐसे मामलों की रिपोर्ट भी देने के लिए कहा गया है। आयोग की चिट्ठी के बाद एक्शन बाल अधिकार संरक्षण आयोग की चिट्ठी के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने यह दिशा निर्देश जारी किये हैं। आयोग ने इसको लेकर 4 फरवरी 2025 को स्कूल शिक्षा विभाग को पत्र लिखा था। लोक शिक्षण संचालनालय के अपर संचालक रवीन्द्र कुमार सिंह की ओर से जारी निर्देश में अलग-अलग बातें लिखी गई हैं। इस मामले में सख्त एक्शन के निर्देश दिए जा रहे हैं। ऐसा करना दंडनीय अपराध होगा पत्र में लिखा है कि मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा अधिनियम 2009 की धारा 17 (1) में शारीरिक मानसिक प्रताड़ना और भेदभाव पूरी तरह प्रतिबंधित है। साथ ही धारा 17 (2) के तहत ऐसा करना दंडनीय अपराध है। साथ ही भारतीय दंड संहिता की धारा 323 के तहत शारीरिक दंड भी प्रतिबंधित है। इस कारण सभी जिलों में संचालित सरकारी और निजी स्कूलों में छात्रों को शारीरिक दंड देने की घटनाओं की त्वरित पहचान करने और इस तरह की स्थितियों पर रोक लगाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश इस पत्र में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को ये निर्देश भी दिए गए हैं कि किसी स्कूल या शिक्षक द्वारा शारीरिक दंड देने के मामले में तत्काल एक्शन लेकर अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाए। recent visitors 52

भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या की हुई शादी, हिंदू रीति-रिवाजों और कन्नड़ परंपरा के अनुसार किया विवाह

बेंगलुरु भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने शादी कर ली है। उनका विवाह शास्त्रीय संगीत की कलाकार शिवश्री स्कंदप्रसाद से हुआ है। उन्होंने हिंदू रीति-रिवाजों और कन्नड़ परंपरा के अनुसार विवाह किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री वी. सोमन्ना, अमित मालवीय, प्रताप सिम्हा, बीवाई विजयेंद्र समेत कई नेता पहुंचे थे। कई नेताओं ने शादी समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं। तस्वीरों में शिवश्री स्कंदप्रसाद पीले रंग की कांचीपुरम सिल्क साड़ी और गोल्ड जूलरी में नजर आती हैं। इसके अलावा तेजस्वी सूर्या ने सफेद और गोल्डन कलर की ड्रेस पहनी हुई है। सफेद धोती और गोल्डन कलर की स्थानीय पगड़ी में वह बेहद सुंदर लग रहे हैं। कुछ अन्य तस्वीरों में तेजस्वी सूर्या की दुल्हन बनीं शिवश्री स्कंदप्रसाद लाल रंग की साड़ी में भी दिखती हैं। तेजस्वी सूर्या दो बार के लोकसभा सांसद हैं। इसके अलावा भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। स्कंदप्रसाद भारतनाट्यम की डांसर हैं। उन्होंने बायोइंजीनियरिंग में बैचलर्स डिग्री ली है, लेकिन अपना पेश डांसिंग को बनाया। यूनिवर्सिटी ऑफ मद्रास से शिवश्री स्कंदप्रसाद ने भारतनाट्यम की भी डिग्री ली है। इंस्टाग्राम पर शिवश्री के 1.13 लाख फॉलोअर्स हैं। इसके अलावा यूट्यूब पर 2 लाख फॉलोअर्स हैं। उन्हें मणिरत्नम की चर्चित फिल्म पोन्निन सेल्वम के एक गाने के लिए जाना जाता है। पीएम नरेंद्र मोदी भी उनकी सराहना कर चुके हैं। बीते साल अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने शिवश्री स्कंदप्रसाद की तारीफ की थी। उन्होंने शिवश्री स्कंदप्रसाद की ओर से तैयार गीत की तारीफ की थी। उन्होंने लिखा था, 'शिवश्री स्कंदप्रसाद ने कन्नड़ भाषा में भगवान श्रीराम की आराधना करते हुए गीत की रचना की है। यह प्रयास भारत की संस्कृति को संरक्षित रखने में अहम है।' बता दें कि तेजस्वी सूर्या के विवाह समारोह की जानकारी बहुत कम लोगों को ही थी। जब वी. सोमन्ना समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर शादी समारोह की तस्वीरें साझा कीं तो यह जानकारी मिली। मीडिया में पहले से इसकी कोई सूचना नहीं थी। recent visitors 36