इस्राइल अपना प्रतिनिधिमंडल कतर भेजेगा, दूसरे चरण के युद्धविराम समझौते पर शुरू होगी बातचीत

इस्राइल इस्राइल और हमास के बीच दूसरे चरण के युद्धविराम समझौते पर जल्द बाद शुरू होने की उम्मीद है। दरअसल इस्राइल ने कहा है कि वह अपने प्रतिनिधिमंडल को युद्धविराम समझौते पर बातचीत आगे बढ़ाने के लिए कतर भेजेगा। वहीं हमास ने भी मिस्त्र और कतर के मध्यस्थों के साथ युद्धविराम समझौते पर बात शुरू करने को लेकर सकारात्मक संकेत दिए। इस्राइल और हमास के बीच पहले चरण का युद्धविराम समझौता मार्च के शुरुआत में खत्म हो गया और अब दूसरे चरण के समझौते पर बात होनी है। अमेरिका भी होगा मध्यस्थता बातचीत में शामिल इस्राइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में बताया कि उन्होंने अमेरिका की मध्यस्थता में बातचीत के आमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। हालांकि उन्होंने और ज्यादा जानकारी नहीं दी। इस्राइल और हमास के बीच दूसरे चरण के युद्धविराम समझौते पर एक महीने पहले ही बातचीत शुरू होनी थी। अमेरिका ने भी हमास के साथ बातचीत शुरू करने की जानकारी दी है। हालांकि इस्राइल ने भी अमेरिका की हमास से सीधे बातचीत का कड़ा विरोध किया। इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के भरोसेमंद रॉन डेरमर और अमेरिका के स्पेशल प्रतिनिधि एडम बोहलर के बीच तीखी बहस भी हुई। राष्ट्रपति ट्रंप ने बंधक मामलों के लिए एडम बोहलर को अपना विशेष प्रतिनिधि नियुक्त किया है। इस्राइल ने हमास पर बनाया दबाव बीते हफ्ते इस्राइल ने युद्धविराम समझौते के विस्तार और बचे हुए बंधकों में से आधे बंधकों की रिहाई के लिए हमास पर दबाव बनाया था। हालांकि सहमति नहीं बन सकी। हमास के पास अभी भी 24 बंधक और 35 शव हैं। इस्राइल ने भी बीते हफ्ते गाजा की सभी आपूर्ति रोक दी थी ताकि हमास पर दबाव बनाया जा सके। इस्राइल और हमास के बीच हुए पहले चरण के समझौते में 25 जीवित बंधकों को रिहा किया गया और आठ शव सौंपे गए। इसके बदले में इस्राइल ने करीब दो हजार फलस्तीनी कैदियों को रिहा किया। इस्राइल ने गाजा के बफर जोन से अपने सैनिकों को वापस बुला लिया है, जिसके बाद हजारों फलस्तीनी गाजा में वापस लौटना शुरू हो गए हैं।  recent visitors 54

10 दिन बाद सुनीता विलियम्स अपने साथी बुच विल्मोर के साथ स्पेसएक्स के यान ड्रैगन पर सवार होकर लौटेंगी

नई दिल्ली भारतवंशी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स की धरती पर वापसी की तारीख लगातार नजदीक आ रही है। 10 दिन बाद सुनीता विलियम्स अपने साथी अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर के साथ स्पेसएक्स के यान ड्रैगन पर सवार होकर लौटेंगी। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उनके बारे में मीडिया से बात की। कहा कि एलन मस्क को मैंने कह दिया है और जल्द ही वो वापस आएंगे। अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन में दोनों यात्री पिछले 8 महीनें से फंसे हुए हैं। अच्छी बात यह है कि सुनीता पूरी तरह से सुरक्षित हैं और नासा उनकी सेहत को लेकर लगातार अपडेट देती रहती है। पिछले दिनों उनकी तस्वीरों ने लोगों को हैरान और परेशान भी किया, तस्वीरों में वो काफी पतली नजर आईं थी। बिगड़ती सेहत के बावजूद इन आठ महीनों में सुनीता विलियम्स ने दो अनोखे रिकॉर्ड बनाए। नासा के दो अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष में नौ महीने बिताने के बाद आखिरकार धरती पर लौटने वाले हैं। बुच विल्मोर और भारतीय मूल की विलियम्स को अगले सप्ताह तक उनकी जगह अन्य अंतरिक्ष यात्री के आने तथा उसके अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने तक इंतजार करना होगा। उसके बाद ही वे इस महीने के अंत में अंतरिक्ष स्टेशन से बाहर निकल सकेंगे। वे अपने ‘स्पेसएक्स राइड होम’ में दो अंतरिक्ष यात्रियों के साथ शामिल होंगे। सुनीता विलियम्स ने बनाए रिकॉर्ड सुनीता विलियम्स ने इन आठ महीनों में एक नहीं दो कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वह अब अंतरिक्ष में सबसे लंबे समय तक लगातार रहने वाली पहली महिला बन गई हैं। वह पिछले नौ महीने से भी ज्यादा समय से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) में हैं। यह कोई पहला रिकॉर्ड नहीं है जो उन्होंने बनाया है। इसके अलावा सुनीता विलियम्स सबसे अधिक स्पेसवॉक करने वाली पहली महिला भी बन गई हैं। सुनीता विलियम्स की यह तीसरी अतंरिक्ष यात्रा है। तीनों यात्राओं को मिलाकर अब तक नौ बार स्पेसवॉक कर चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने 62 घंटे 6 मिनट स्पेसवॉक में बिताए हैं। 2006-07 में अपनी पहली अंतरिक्ष यात्रा के दौरान सुनीता ने कुल 29 घंटे 17 मिनट तक स्पेसवॉक किया था। यह किसी भी महिला द्वारा किया गया सबसे लंबा स्पेसवॉक था। इससे पहले यह रिकॉर्ड कैथरीन थार्नटन के नाम था, जिन्होंने 21 घंटे से ज्यादा समय तक स्पेसवॉक किया था। अब तक, सुनीता अपनी तीन अंतरिक्ष यात्राओं के दौरान कुल नौ बार स्पेसवॉक कर चुकी हैं। इन सभी स्पेसवॉक का कुल समय 62 घंटे 6 मिनट तक पहुंच चुका है। ट्रंप ने मस्क को दी जिम्मेदारी ट्रंप ने हाल ही में एक बयान में सुनीता विलियम्स के घने बालों की सराहना की और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर फंसे दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को संदेश दिया कि उन्हें जल्द धरती पर वापस लाया जाएगा। ट्रंप ने ओवल ऑफिस में संवाददाताओं से कहा, ‘‘बाइडन ने उन्हें वहीं फंसा छोड़ दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे दो अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष में फंसे हुए हैं। मैंने एलन (मस्क) से कहा, 'मेरा एक काम करो। क्या तुम उन्हें बाहर निकाल कर ला सकते हो?' उन्होंने कहा ‘हां’। वह वहां जाने की तैयारी कर रहे हैं, मुझे लगता है कि दो सप्ताह में।’’ recent visitors 48

कोचिंग सेंटर रेगुलेटिंग बिल को राजस्थान कैबिनेट ने दे दी मंजूरी

जयपुर राजस्थान कैबिनेट ने कोचिंग सेंटर रेगुलेटिंग बिल को मंजूरी दे दी है। इस बिल का उद्देश्य राज्य के कोचिंग सेंटर्स को विनियमित करना और छात्रों को सुरक्षित एवं उनके अनुकूल वातावरण प्रदान करना है। अब राज्य में 50 या उससे अधिक विद्यार्थियों वाले कोचिंग सेंटर कानूनी जांच के दायरे में आएंगे। अधिकारियों ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि ‘राजस्थान कोचिंग सेंटर (नियंत्रण एवं विनियमन) विधेयक-2025’ का ड्राफ्ट केंद्र सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस, राज्य की विशिष्ट आवश्यकताओं और विभिन्न हितधारकों के साथ विचार-विमर्श के बाद तैयार किया गया था। कैबिनेट की बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि प्रस्तावित कानून के लागू होने के बाद सभी कोचिंग संस्थानों के लिए खुद को पंजीकृत करना अनिवार्य होगा। इसके तहत राज्य में 50 या उससे अधिक छात्रों वाले कोचिंग सेंटर कानूनी जांच के दायरे में आएंगे। राज्य स्तरीय पोर्टल स्थापित किया जाएगा संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि कोचिंग सेंटरों के प्रबंधन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एक राज्य स्तरीय पोर्टल स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही छात्र काउंसलिंग के लिए 24×7 हेल्पलाइन और राजस्थान कोचिंग संस्थान (नियंत्रण और विनियमन) प्राधिकरण की स्थापना की जाएगी। कौशल विकास नीति को भी मंजूरी कैबिनेट ने राज्य की कौशल विकास नीति को भी मंजूरी दी, जिसका उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों की मांगों को पूरा करने के लिए युवाओं को विशेष कौशल में प्रशिक्षित करना है। यह नीति राज्य के औद्योगिक विकास में मदद करेगी और युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों का आधुनिकीकरण किया जाएगा और उन्हें नवीनतम उद्योग आवश्यकताओं के अनुरूप बनाया जाएगा। कौशल प्रशिक्षण बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के लिए सभी संभागीय मुख्यालयों में ‘मॉडल करियर’ केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जो करियर संबंधी परामर्श, इंटर्नशिप और रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी प्रदान करेंगे। मंत्री ने कहा कि इस नीति के तहत एआई, मशीन लर्निंग, स्मार्ट विनिर्माण और साइबर सुरक्षा जैसी आधुनिक प्रौद्योगिकियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय औद्योगिक स्थलों में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे और इन उद्योगों की विशिष्ट आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तैयार किया जाएगा। पटेल ने इस बात पर प्रकाश डाला कि नीति में कौशल उन्नयन कार्यक्रमों पर जोर दिया जाएगा, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि श्रमिक बदलते औद्योगिक वातावरण के अनुकूल स्वयं को ढाल सकें। दिव्यांग व्यक्तियों के लिए समान अवसर नीति भी मंजूर कैबिनेट ने दिव्यांग व्यक्तियों के लिए समान अवसर नीति को भी मंजूरी दी, जो दिव्यांगजन (समान अवसर, अधिकारों का संरक्षण और पूर्ण भागीदारी) अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप है। इस नीति को राज्य सरकार के नियंत्रण में आने वाले सभी सरकारी विभागों, स्वायत्त निकायों और संस्थानों में लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह नीति सरकारी कार्यालयों में बाधा रहित पहुंच सुनिश्चित करती है और दिव्यांग कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए आवश्यक सुविधाएं प्रदान करती है। recent visitors 35

रिसेप्शन से पहले दूल्हा-दुल्हन की मौत, दुल्हन का शव कमरे में बेड पर था, जबकि दूल्हा पंखे से लटका हुआ था

अयोध्या अयोध्या में शादी के अगले दिन दुल्हन और दूल्हे की मौत हो गई. दुल्हन का शव कमरे में बेड पर था, जबकि दूल्हा पंखे से लटका हुआ था. बताया जाता है कि सुबह 7 बजे तक जब दोनों नहीं उठे तो घरवाले जगाने पहुंचे. लेकिन अंदर से दरवाजा बंद था. इसके बाद घरवालों ने दरवाजा तोड़ा और अंदर देखा तो दोनों का शव पड़ा था. शादी के अगले ही दोनों का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया. इसके बाद परिजन दोनों को अस्पताल लेकर गए. जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.  वहीं, सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. 7 मार्च को हुई थी शादी जानकारी के अनुसार दोनों की 7 मार्च को शादी हुई थी. शनिवार को दुल्हन विदा होकर दूल्हे के घर आई थी. वहीं, रविवार को रिसेप्शन भी था. जिसकी तैयारियां चल रही थीं. पूरा मामला कैंट के सहादतगंज मुरावन टोला का है. दूल्हे के बड़े भाई ने बताया कि रविवार को रिसेप्शन था. जिसको लेकर तैयारियां हो रही थीं. मैं परिवार के कुछ अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों को लेकर रिसेप्शन के लिए सब्जियां खरीदने गया था. सब्जी की खरीददारी कर ही रहे थे कि घर से फोन आ गया. घरवालों ने कहा कि जल्दी घर आइए. जिसके बाद हम सब्जी वहीं छोड़कर घर की तरफ भागे. घर पहुंचे तो परिवार में सब रो रहे थे. दोनों की मौत कैसे हुई? अभी तक इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है.   पुलिस ने बताया कि शादी के अगले ही दिन दूल्हा और दुल्हन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. दोनों का शव घर के एक कमरे से बरामद किया गया है. रविवार यानि कि 9 मार्च को शादी का रिसेप्शन भी था. जिसको लेकर तैयारियां चल रही थीं. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. recent visitors 57

जीवन में सफलता पानी है तो इन चीजों का होना जरूरी

लाइफ में सक्सेज तो सभी चाहते हैं। लेकिन सफलता उसे ही मिलती है जो मेहनत करता है। हालांकि इसके साथ मेहनत किस दिशा में और कितनी की जा रही है, ये बात भी निर्भर करती है। अगर आप अपने करियर, फैमिली या किसी भी चीज में सफलता चाहते हैं तो इन तीन चीजों को जरूर याद रखें। तभी सक्सेज मिलने में आसानी होगी। जानें क्या हैं वो तीन चीजें, जिसे करने के लिए हर सफल इंसान कहता है। आत्मविश्वास किसी भी काम को करने के लिए आत्मविश्वास का होना सबसे ज्यादा जरूरी है। जब आप खुद पर भरोसा करेंगे कि ये काम आप कर सकते हैं। फिर वो चाहे आसान हो या कठिन पूरा जरूर होता है। स्पष्टता लाइफ में किस इंसान के साथ जिंदगी बितानी है या फिर किस दिशा में करियर बनाना है। आपकी सोच और माइंड बिल्कुल क्लियर होना चाहिए। तभी आप सफल हो सकते हैं। जब आपका माइंड बिल्कुल क्लियर होगा उसमे दुविधा की स्थिति नहीं होगी तभी आप सही दिशा में मेहनत कर पाएंगे और खुद में आत्मविश्वास भी महसूस करेंगे। निरंतरता यानी कंस्सिटेंसी 'करत-करत अभ्यास ते, जड़मत होत सुजान' इस दोहे का अर्थ है कि लगातार अभ्यास करने से मूर्ख भी बुद्धिमान हो जाता है। जब आप किसी काम को लगातार करते हैं, बिना रुके करते हैं। तो एक ना एक दिन सफलता आपको जरूर मिलती है। इसलिए अपने काम में निरंतरता बनाकर रखें। बिना रुके सही दिशा में और पूरे आत्मविश्वास के साथ किया गया काम आपको सफलता जरूर दिलाता है। recent visitors 60

छत्तीसगढ़ में मस्जिदों से मांगी गई आय-व्यय की रिपोर्ट, वक्फ बोर्ड की संपत्ति का सही उपयोग सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष कदम

रायपुर छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड की संपत्तियों के हिसाब-किताब के बाद अब मस्जिदों को भी आय-व्यय के एक-एक रुपये की जानकारी देनी होगी। अभी तक मस्जिदें इससे मुक्त थीं। राज्य वक्फ बोर्ड ने 1,223 मस्जिदों के मौलानाओं को ऑडिट कराने का आदेश जारी किया है। छत्तीसगढ़ में 1,800 से अधिक छोटी-बड़ी मस्जिदें हैं, लेकिन फिलहाल उन्हें ही आदेश जारी किया गया है, जिनकी आमदनी ज्यादा है। राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज का कहना है कि मस्जिदों की राशि के दुरुपयोग की लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं। बैंक में अपना खाता खुलवाना हेागा इसलिए आय-व्यय में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। मस्जिदों को बैंक में अपना खाता खुलवाना होगा। वक्फ बोर्ड की ओर से पोर्टल तैयार किया जा रहा है। इसमें मौलाना को आमदनी और खर्च का हिसाब डालना जरूरी होगा। तीन साल तक ऑडिट नहीं दिया तो जेल बोर्ड ने कहा है कि यदि तीन साल तक ऑडिट नहीं है, तो जिम्मेदार को जेल तक जाना पड़ सकता है। वक्फ बोर्ड अपनी संपत्ति से होने वाली कमाई और मस्जिदों की आमदनी से 30 प्रतिशत राशि शिक्षा पर खर्च करेगा। बोर्ड का अनुमान है कि बड़ी मस्जिदों में महीने की कमाई डेढ़ लाख और वर्षभर में 15 से 20 लाख रुपये तक होती है। छह मुतवल्लियों को हटाया मस्जिदों से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान समाज के लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की गई थी। इस बार में बोर्ड ने मुतवल्लियों को नोटिस देकर जवाब मांगा था। जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर बोर्ड ने छह मुतवल्लियों को पद से हटा दिया है। recent visitors 45

नरसिंह द्वादशी के दिन भगवान विष्णु की विधि-विधान से करें पूजा

हिंदू धर्म में नरसिंह द्वादशी का विशेष महत्व है. इस दिन भगवान विष्णु के साथ उनके नरसिंह अवतार की भी पूजा की जाती है. पौराणिक कथाओं के अनुसार इस दिन क्त प्रह्लाद की रक्षा के लिए दैत्यराज हिरण्यकशिपु का वध किया था. मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से पूजा और व्रत का पालन करने से व्यक्ति को जीवन के समस्त पापों से मुक्ति मिलती है और मोक्ष की प्राप्ति होती है. नरसिंह द्वादशी शुभ मुहूर्त     ब्रह्म मुहूर्त – सुबह 4 बजकर 59 मिनट से लेकर 5 बजकर 48 मिनट तक.     अभिजित मुहूर्त- दोपहर 2 बजकर 30 मिनट से लेकर 3 बजकर 17 मिनट तक     विजय मुहूर्त- दोपहर 12 बजकर 8 मिनट से लेकर 12 बजकर 55 मिनट तक     गोधूलि मुहूर्त- शाम 6 बजकर 24 मिनट से लेकर 6 बजकर 49 मिनट तक. नरसिंह द्वादशी पूजा विधि नरसिंह द्वादशी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नानादि से निवृत्त हों जाएं और साफ वस्त्र धारण करें। इसके बाद सूर्य निकलने पर अर्ध्य देकर व्रत का संकल्प लें। पूजा घर की अच्छे से सफाई करने के बाद गंगाजल का छिड़काव करें। अब चौकी पर पीले रंग का वस्त्र बिछाकर भगवान नरसिम्हा की तस्वीर या मूर्ति स्थापित करें। इसके बाद पूजा के दौरान नरसिंह भगवान को फल, फूल, धूप-दीप, पंचमेवा, नारियल, अक्षत और पीतांबर अर्पित करें। अंत में नरसिम्हा भगवान की आरती करें और पूजा के समय शंख नाद जरूर करें। नरसिंह द्वादशी मंत्र जाप नरसिंह द्वादशी के दिन पूजा के दौरान इन खास मंत्रों का जाप जरूर करना चाहिए. मान्यता है कि इससे व्यक्ति को भगवान नरसिंह की कृपा प्राप्त होती है. आपत्ति निवारक नरसिंह मंत्र ॐ उग्रं वीरं महाविष्णुं ज्वलन्तं सर्वतोमुखम्। नृसिंहं भीषणं भद्रं मृत्यु मृत्युं नमाम्यहम्॥ नरसिंह गायत्री मंत्र ॐ वज्रनखाय विद्महे तीक्ष्ण दंष्ट्राय धीमहि | तन्नो नरसिंह प्रचोदयात || संपत्ति बाधा नाशक नरसिंह मंत्र ॐ नृम मलोल नरसिंहाय पूरय-पूरय, ऋण मोचक नरसिंह मंत्र ॐ क्रोध नरसिंहाय नृम नम: नरसिंह द्वादशी पारण नियम नरसिंह द्वादशी के दिन पारण करने के लिए सुबह उठकर पवित्र स्नान करें. उसके बाद मंदिर व घर को साफ करें. फिर पूरे नियमानुसार पूजा संपन्न होने के बाद पूजा का प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण करें. नरसिंह द्वादशी का महत्व मान्यताओं के अनुसार, भगवान नरसिंह भक्त प्रहलाद की रक्षा के लिए एक खंभे को चीर कर प्रकट हुए थे. भगवान नरसिंह आधे मनुष्य और आधे शेर के रूप में प्रकट हुए थे. भगवान नरसिंह भगवान विष्णु के रौद्र रूप अवतार भी माने जाते हैं. नरसिंह द्वादशी का व्रत करने वालों को संसार के सारे सुख प्राप्त होते हैं. इस दिन पूजा और व्रत करने से मोक्ष की प्राप्ति भी होती है. recent visitors 81