Tuesday, July 7, 2026 7:33 pm

बांसवाड़ा में चर्च को बनाया मंदिर, विराजेंगे भैरव बाबा

बांसवाड़ा चर्च बन गया मंदिर, प्रार्थना की जगह होगी आरती, पादरी समेत 30 लोगों ने अपनाया हिंदू धर्म, आज मंदिर में भैरव बाबा की प्रतिमा की स्थापना। यह कोई अफवाह नहीं है। मध्यप्रदेश और गुजरात की सीमा से सटे  दक्षिणी राजस्थान के आदिवासी बहुल बांसवाड़ा जिले में यह सब हो रहा है। जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर सोडलादूधा गांव में एक चर्च को मंदिर में बदल दिया गया है। धर्म बदलकर ईसाई बने 30 से  अधिक लोगों ने घर वापसी कर हिंदू धर्म अपना लिया है। आज रविवार को पूरे विधि-विधान से चर्च से मंदिर बने स्थान पर भैरव भगवान की प्रतिमा स्थापना की जाएगी। इसका अनुष्ठान शाम को शुरू होगा।    दरअसल, बांसवाड़ा की गांगड़तलाई पंचायत समिति के सोडलादूधा गांव में रहने वाले करीब 45 परिवारों ने कई साल पहले ईसाई धर्म अपना लिया था। आसपास के क्षेत्र में भी कई परिवार ईसाई धर्म अपना चुके थे। ऐसे में जिले में जनजाति वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद के सहयोग से कार्यरत भारतमाता मंदिर परियोजना ने इन परिवारों को पुनः हिंदू धर्म में लाने के प्रयास किए। इन प्रयासों को सफलता मिला और करीब 30 परिवारों ने घर वापसी कर हिंदू धर्म अपना लिया है। जिसके बाद यहां बने चर्च को मंदिर में बदल दिया गया। आज मंदिर में भैरवजी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। 39 साल पहले छोड़ा था हिंदू धर्म अब तक चर्च के पादरी रहे गौतम ने हिंदू धर्म में वापसी कर चर्च को मंदिर में बदलने का काम शुरू कराया था जो अब पूरा हो गया। आदिवासी गोत्र गरासिया से जुड़े गौतम ने बताया कि उन्होंने 30 साल पहले ईसाई धर्म अपनाया था। इसके बाद इस धर्म से जुड़े पदाधिकारी गांव में आने लगे। प्रार्थना और सभा होने लगी। उनके दो बेटे, बहुओं और अन्य परिवार भी ईसाई धर्म से जुड़े तो उन्हें पादरी बना दिया गया। लेकिन, भारत माता परियोजना के तहत गांव के अधिकांश परिवारों ने अपने धर्म में वापसी कर ली है।   स्वयं की जमीन पर बनाया था चर्च गौतम ने बताया कि उन्होंने पादरी बनने के बाद खुद की जमीन पर करीब तीन साल पहले चर्च बनाया था। चर्च बनने के बाद धर्मसभा में अन्य पादरी भी आने लगे थे। वह चर्च में हर रविवार को प्रार्थना सभा भी करता था। उसके धर्म बदलने पर 45 अन्य ग्रामीणों ने भी धर्म बदला था। गौतम के हिंदू धर्म में वापसी करने के बाद उसके परिवार समेत 30 परिवारों ने भी हिंदू धर्म अपनाया है। चर्च से मंदिर बनने पर उसके शिखर पर धार्मिक ध्वज फहरा रहा हैं। भगवा रंग में रंगा मंदिर जो बिल्डिंग अब तक चर्च के रूप में जानी जाती थी। अब वह मंदिर बन गई है। मंदिर को भगवा रंग में रंग दिया गया है। ईसाई धर्म से जुड़े पवित्र चिंह हटा दिए गए हैं। भैरव जी महाराज की प्रतिमा स्थापना के लिए चबूतरा बनाया गया है। आज होगी भैरव बाबा की स्थापना गौतम ने बताया कि आज रविवार शाम को मंदिर में भैरव बाबा की प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। जिले के तलवाड़ा कस्बे से भैरवजी की प्रतिमा धूमधाम से सोडलादूधा गांव लाई जाएगी। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में हिंदू धर्म में लौटने वाले परिवार शामिल होंगे। साथ ही कई अन्य लोग भी जुटेंगे। सभी की सहमति से ही भैरव बाबा की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।   recent visitors 40

मैं पीएम से मिलना चाहती हूं, उनसे इस हमारी बेटी के लिए न्याय की अपील पर विचार करने की मांग करना चाहती हूं: पीड़िता की मां

कोलकाता कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रेप-मर्डर का शिकार हुई महिला डॉक्टर की मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इंसाफ की गुहार लगाई है. उन्होंने कहा कि वो पीएम मोदी से मिलना चाहती हैं. शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बोलते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा, "मैं पीएम से मिलना चाहती हूं. उनसे इस मामले में हस्तक्षेप करने और हमारी बेटी के लिए न्याय की हमारी अपील पर विचार करने की मांग करना चाहती हूं." उन्होंने कहा, "हमारी बेटी ने बड़े सपने देखे थे. हमने कभी नहीं सोचा था कि उसे इस तरह मरना पड़ेगा. उसे हमें छोड़े हुए सात महीने हो गए हैं, लेकिन न्याय कहां है? हमारे पास मृत्यु प्रमाण पत्र भी नहीं है. यदि एक महिला डॉक्टर अपने कार्यस्थल पर असुरक्षित है, तो वो कहां सुरक्षित रह सकती है?" उनकी की इच्छा पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी विधायक अग्निमित्र पॉल ने कहा, "प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगने की एक प्रक्रिया होती है. मुझे यकीन है कि पीएम उन्हें समय देंगे और अपील सुनेंगे." तृणमूल कांग्रेस की नेता और राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा, "इस देश में किसी को भी प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगने और उनसे मिलने का अधिकार है. लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि यह हमारी नेता ममता बनर्जी ही थीं, जिन्होंने पहला कदम उठाया था और अपराधी को गिरफ्तार किया गया था." इस केस में 20 जनवरी को सियालदह कोर्ट का फैसला आया था. इसमें कोलकाता पुलिस के नागरिक स्वयंसेवक संजय रॉय को मृत्यु तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी. इससे पहले पीड़िता माता-पिता ने ईमेल के जरिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने के लिए समय मांगा था. लेकिन राष्ट्रपति भवन की तरफ से बताया गया कि समय नहीं होने की वजह से मुलाकात संभव नहीं हो सकेगी. इसके बाद दिल्ली में सीबीआई हेडक्वार्टर में जांच एजेंसी के डायरेक्टर से उनकी मुलाकात हुई थी. पीड़िता के पिता ने कहा था, "देखिए हम इस देश में किस स्थिति में रह रहे हैं. जहां राष्ट्रपति को खुद आगे आकर हमसे मुलाकात करनी चाहिए थी, वहां हमें 26 फरवरी (बुधवार) को जवाब मिलता है कि राष्ट्रपति के पास मिलने का समय नहीं है. मैं इसी देश का नागरिक हूं. लेकिन ऐसा लगता है कि राष्ट्रपति ने मुझे नागरिक मानने से इनकार कर दिया. ये बेहद दुखद बात है". उन्होंने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से भी समय मांगा था. पीड़िता के माता-पिता 27 फरवरी को नई दिल्ली आए थे. सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद से मुलाकात कर न्याय की बात दोहराई. पीड़िता के पिता ने कहा था, "हमने जांच के दौरान सीबीआई द्वारा कदमों पर विस्तार से बात की है. सियालदह कोर्ट के फैसले पर चर्चा की और अनुरोध किया कि मेरी बेटी को जल्द से जल्द न्याय मिले. बेटी के डेथ सर्टिफिकेट जो कि अब तक नहीं मिला है, उसके बार में भी जानकारी साझा की है.'' recent visitors 53

उदयपुर में सनसनीखेज वारदात: घर में घुसकर युवक की हत्या

उदयपुर उदयपुर के हिरण मगरी थाना इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक की उसके घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना पानेरियों की मादड़ी इलाके के होली चौक की बताई जा रही है। मृतक युवक की पहचान डूंगरपुर निवासी के रूप में हुई है, जो इस मकान में किराए से रह रहा था। घटना की सूचना मिलते ही हिरण मगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में भिजवाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या में एक युवक और एक युवती शामिल हो सकते हैं। पुलिस फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके। मामले को लेकर पुलिस की टीमें सक्रिय हो गई हैं और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। recent visitors 59

PM मोदी और CM योगी की मुलाकात, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी हुई बातचीत, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर भी चर्चा

नई दिल्ली उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई. पीएम मोदी के साथ सीएम योगी की यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर चर्चा हुई. इसके साथ ही यूपी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी बातचीत हुई है. सीएम योगी ने महाकुंभ आयोजन के सफल आयोजन को लेकर भी चर्चा की. इससे पहले शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी. सीएम योगी और नड्डा के बीच लंबी बातचीत हुई थी. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर चर्चा हुई और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी बात हुई थी. कुछ दिन पहले ही बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े भी लखनऊ पहुंचे थे. इस दौरान मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर नामों पर चर्चा हुई थी. योगी ने नड्डा को भेंट की महाकुंभ की कॉफी टेबल बुक सीएम योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा को महाकुंभ की कॉफी टेबल बुक भी भेंट की. यूपी के सीएम ने एक्स पर लिखा, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा जी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की. अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने के लिए आपका हार्दिक आभार. मुलाकात बेहद अहम यीएम योगी की यह दोनों मुलाकातें इसलिए अहम मानी जा रही हैं, क्योंकि यूपी समेत देश के अन्य हिस्सों में बीजेपी में संगठन के चुनाव चल रिे हैं. यूपी में बीजेपी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलना है. इसकी कवायद तेज हो गई है. मंडल अध्यक्ष के चुनाव हो गए हैं. अब जिलाध्यक्ष के नामों का ऐलान होना बाकी है. नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का भी बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है. मंत्रिमंडल विस्तार की भी चर्चाएं यूपी में उपचुनाव में बंपर जीत के बाद लंबे समय से योगी मंत्रिमंडल में विस्तार की चर्चाएं भी हैं. माना जा रहा है कि सीएम योगी आदित्यनाथ विधानसभा चुनाव के लिए अपने हिसाब से टीम तैयार करेंगे, जिसके लिए कुछ नेता सरकार से संगठन में और कुछ संगठन से सरकार में किए जाएंगे. सूत्रों के मुताबिक, योगी सरकार कई मंत्रियों के कामकाज से संतुष्ट नहीं हैं. नतीजे ना देने वाले मंत्री हटाए जा सकते हैं और कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव की संभावना है. मंत्रिमंडल विस्तार में नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं और कइयों को संगठन भेजा जा सकता है. recent visitors 46

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महतारी वंदन सम्मेलन समारोह आयोजित

जिले के आंगनबाड़ी आश्रम छात्रावास की महिला कर्मचारियों को मिली धुएं से मुक्ति राज्य के विकास में महिलाओं का योगदान बराबर है कलेक्टर अजीत वसंत रायपुर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में महतारी वंदन सम्मेलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं के योगदान को सराहा गया और उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिसके तहत महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं। महिला बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त किया जा रहा है।  रेडी टू ईट योजना को पुनः शुरू किया गया है, जिससे महिलाओं को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा, जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों, छात्रावासों और आश्रमों में लकड़ी के चूल्हों के स्थान पर गैस सिलेंडर की व्यवस्था की गई है, जिससे महिलाओं को धुएं से राहत मिलेगी। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री महिलाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहें है। उन्होंने श्रम विभाग द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने सिलाई मशीन, साइकल सहित अन्य सामग्रियों हेतु खाते में राशि दी जा रही है।  कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य के विकास में महिलाओं का बराबर योगदान है। हाल ही में संपन्न नगरीय निकाय चुनाव में महिलाओं की भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि वे प्रशासनिक कार्यों में भी आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा की महिलाओं को अपने पैरो पर खड़ा होने के लिए आर्थिक रूप से सक्षम होना जरूरी है। नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन कुमार सिंह ने कहा कि अब महिलाओं का उत्थान केवल एक चर्चा का विषय नहीं रह गया है, बल्कि वे पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में कार्य कर रही हैं।  जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता जायसवाल ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी से सशक्तिकरण को और बल मिल रहा है। कार्यक्रम के दौरान महिला कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महतारी वंदन योजना से लाभांवित महिलाओं ने अपना अनुभव साझा किया। recent visitors 48

मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पताल में पैथोलॉजिस्टों के कुल 147 पद हैं, इनमें 70 खाली, पैथोलॉजिस्ट की कमी से हो रही परेशानी

भोपाल मध्य प्रदेश के सरकारी और निजी एमबीबीएस डॉक्टरों को सामान्य तरह की कुछ पैथोलॉजी और बायोकेमेस्ट्री जांच के अधिकार देने की तैयारी स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग कर रहा है। इसके पीछे बड़ी वजह प्रदेश में पैथोलॉजिस्टों की कमी है। इस कारण गड़बड़ियां भी सामने आ रही हैं। एक ही निजी विशेषज्ञ डॉक्टर के नाम पर एक ही शहर में कई जांच केंद्रों में रिपोर्ट तैयार की जाती है। सच्चाई यह होती है कि डॉक्टर एक या दो जगह ही जांच करता है। बाकी जगह लैब टेक्नीशियन जांच कर रिपोर्ट दे रहे हैं। राज्यों को व्यवस्था करने की छूट है प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में भी पैथोलॉजिस्ट और माइक्रोबायोलॉजिस्ट की बड़ी कमी है। ऐसे में सरकार को इस तरह का निर्णय लेना पड़ रहा है। केंद्र सरकार ने भी राज्यों को इस तरह की व्यवस्था करने की छूट दी है। इसके आधार पर कुछ राज्यों ने यह व्यवस्था चल रही है। जिन जांचों को लेकर यह छूट देने की तैयारी है, उसमें सीबीसी, लिवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट, यूरिन रुटीन माइक्रोस्कोपिक, थायराइड, फेरेटिन आदि जांचे शामिल होंगी। उप मुख्यमंत्री लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राजेंद्र शुक्ला ने विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा है। अप्रैल के पहले यह व्यवस्था प्रभावी करने की तैयारी है। सरकारी अस्पतालों के अतिरिक्त निजी एमबीबीएस डॉक्टरों को भी जांच का अधिकार मिल जाएगा। मेडिकल कॉलेज छोड़ दें तो जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मिलाकर पैथोलॉजिस्टों के कुल 147 पद हैं। इनमें 70 रिक्त हैं। सीधी भर्ती से वर्ष 2023 में पैथोलॉजिस्टों के 34 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी, जिसमें 24 ही भर पाए थे। recent visitors 34

तेज हवा का अलर्ट, चौंकाएगा मौसम, अब होली के आसपास भी कई जगहों पर बारिश और तापमान गिरने की संभावना

जम्मू पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर भारत का मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बीते कुछ दिनों से हिमालय में हो रही बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत में ठंड ठहर सी गई है। वहीं अब होली के आसपास भी कई जगहों पर बारिश और तापमान गिरने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो 9 मार्च को पश्चिमी हिमालय में नया पश्चिमी विक्षोभ ऐक्टिव होने की संभावना है। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और यूपी के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं 10 और 11 मार्च को केरल, लक्षद्वीप और आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश हो सकती है। होली पर हो सकती है बारिश मौसम विभाग के मुताबिक अकले चार दिनों में उत्तर भारत में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होने वाला है। 8 से 12 तारीख के बीच सौराष्ट्र और कच्छ में लू चलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम बदलने की संभावना है। 11 और 12 मार्च को तेज हवाओं की संभावना है। वहीं इसके साथ ही होली के मौके पर छिटपुट बारिश भी हो सकती है। होली वाले दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हलकी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहेगा। 9 और 10 मार्च को उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी में 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। यहां एक सप्ताह तक बारिश का अनुमान मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने रविवार को अनुमान लगाया कि कि जम्मू-कश्मीर में सोमवार से एक सप्ताह तक बारिश का मौसम रहेगा। इसने कहा कि रविवार शाम तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। विभाग ने कहा कि 10 और 11 मार्च के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है, जबकि 12, 13 14 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। इसने कहा कि 15 और 16 मार्च के दौरान कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने यात्रियों, पर्यटकों और ट्रांसपोर्टरों के लिए परामर्श भी जारी किया है जिसमें कहा है कि वे इस अवधि के दौरान अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले प्रशासन/यातायात परामर्श का पालन करें। किसानों को 10 मार्च से 18 मार्च तक कृषि कार्य स्थगित रखने की सलाह दी गई है; इसके अलावा, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इस अवधि के दौरान ढलान वाले और हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने के लिए कहा गया है। recent visitors 45