Tuesday, July 7, 2026 5:25 pm

कॉलेज की तीसरी मंजिल से कूद गया बीएससी का छात्र, की आत्महत्या, इंस्टाग्राम स्टोरी पर सुसाइड नोट लिखा

इंदौर वैष्णव इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट कॉलेज में बीएससी के छात्र मयूर राजपूत ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके पूर्व मयूर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर सुसाइड नोट लिखा है। उसने लिखा कि वह अच्छा इंसान नहीं बन पाया, न अच्छा बेटा बन सका। द्वारकापुरी पुलिस ने मर्ग कायम किया है। एसीपी शिवेंदु जोशी के मुताबिक घटना गुमाश्ता नगर की है। प्रजापत नगर निवासी 21 वर्षीय मयूर राजपूत ने आत्महत्या की है। दोपहर करीब तीन बजे मयूर कालेज की तीसरी मंजिल से कूद गया। छात्रों ने शव देखकर कालेज प्रबंधन और पुलिस को खबर की। घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जिसमें मयूर कॉलेज की तीसरी मंजिल पर खड़ा है और वहां से कूदते हुए दिख रहा है। इस दौरान वहां मौजूद उसका दोस्त बचाने भी दौड़ा। दोनों के बीच चंद सेकंड का फासला होने के बाद भी मयूर कूद गया। इंस्टाग्राम स्टोरी पर सुसाइड नोट एसीपी के मुताबिक मयूर ने आत्महत्या के पूर्व इंस्टाग्राम पर सुसाइड नोट के रूप में स्टोरी लिखी है। उसने लिखा कि मैं न अच्छा बेटा बन सका, न अच्छा इंसान बन सका। इसलिए मैं यह कदम उठा रहा हूं। टीआई राहुल राजपूत के मुताबिक शनिवार को कॉलेज में कार्यक्रम भी चल रहा था। कॉलेज प्रबंधन घटना से हैरान मयूर कार्यक्रम में शामिल भी हुआ था। इसके बाद इमारत पर चढ़ा और कूद गया। पुलिस ने साथी छात्रों से भी बात की है। उन्होंने आत्महत्या के कारणों के बारे में पता होने से इन्कार किया है। कॉलेज प्रबंधन और स्वजन भी घटना से हैरान हैं। युवक ने सुसाइड नोट में लिखा है कि मैं इसलिए ऐसा कर रहा हूं कि मेरे जैसा इंसान किसी को नहीं चाहिए। अब लगता है कि मेरे जैसा इंसान किसी का नहीं हो सकता। recent visitors 39

शिप्रा एक्सप्रेस के एसी कोच में महिला के साथ अटेंडर ने की बदसलूकी, यात्रियों ने अटेंडर को पकड़कर जमकर पीटा

उज्जैन शिप्रा एक्सप्रेस से पति व बच्ची के साथ एक महिला धनबाद से उज्जैन की यात्रा कर रही थी। थर्ड एसी कोच के अटेंडर ने महिला के साथ छेड़छाड़ की। महिला ने विरोध किया तो उसने मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर यात्रियों ने अटेंडर को पकड़कर जमकर पीटा। उज्जैन स्टेशन पर आरोपित को जीआरपी को सौंपा गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच के लिए मामला पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय नगर, रेलवे स्टेशन उत्तर प्रदेश को सौंपा है। पुलिस ने बताया कि रांची निवासी महिला अपने पति व बच्ची के साथ शिप्रा एक्सप्रेस में धनबाद से उज्जैन की यात्रा कर रही थी। महिला व उसके पति के पास कंफर्म टिकट नहीं था। इस कारण वह टाॅयलेट के पास बैठकर यात्रा करने लगे। ट्रेन में कोच अटेंडर सादिक पठान निवासी बेरसिया भोपाल ने महिला व उसके पति को टीटीई से बात कर सीट दिलाने का झांसा दिया था। सीट नहीं मिलने पर सादिक ने महिला व उसके पति को अटेंडर सीट दे दी थी।    महिला का पति ऊपरी सीट पर सो गया था। वहीं महिला नीचे की सीट पर बच्ची के साथ सो रही थी। उसी दौरान सादिक ने महिला से अश्लील हरकत की। विरोध करने पर उसके साथ अभद्रता करने लगा। उस दौरान ट्रेन पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय नगर रेलवे स्टेशन उत्तर प्रदेश के पास थी। जहां से करीब 17 घंटे बाद ट्रेन उज्जैन पहुंची। यहां महिला के उज्जैन निवासी परिचित हिंदूवादी संगठन के लोगों के साथ स्टेशन पहुंच गए थे। सुरक्षा के लिए नीलगंगा पुलिस भी जीआरपी थाने पहुंची थी।   recent visitors 37

ACB और EOW की टीम ने सुकमा के डीएफओ समेत कई कारोबारियों के ठिकानों पर भी की छापेमारी

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर और सुकमा में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की संयुक्त टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की है. बीजापुर में सहायक आयुक्त के सरकारी आवास समेत कई ठिकानों पर ACB ने दबिश दी है. जानकारी के अनुसार, सहायक आयुक्त के जगदलपुर के धरमपुरा स्थित मकान में भी छापेमारी की गई. इसके अलावा उनके दो रिश्तेदारों के बैलाबाजार और धरमपुरा स्थित एक अन्य मकान में भी ACB की टीम पहुंची हुई है. इसके साथ ही ACB और EOW की टीम ने सुकमा के डीएफओ (वन मंडल अधिकारी) समेत कई कारोबारियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की है. बताया जा रहा है कि सुकमा जिले के कोंटा और छिंदगढ़ ब्लॉक में भी कई ठिकानों पर पूछताछ की जा रही है. बस्तर संभाग में कार्रवाई के लिए रायपुर से ACB और EOW की टीम पहुंची हुई है. फिलहाल, जिन-जिन स्थानों पर ACB और EOW की टीम ने दबिश दी है, वहां जांच जारी है. recent visitors 20

बंदूकधारियों ने गोलियां मारकर कर दी ISI के मददगार और कुलभूषण जाधव को अगवा करवाने वाले मुफ्ती शाह मीर की हत्या

बलूचिस्तान  कुलभूषण जाधव को ईरान से अगवा करने में पाकिस्तानी खूफिया एजेंसी (ISI) की मदद करने वाले मुफ्ती शाह मीर की हत्या कर दी गई है। हमलावरों ने उसे कई गोलियां मारीं। इसके बाद शाह मीर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ISI ने कुलभूषण जाधव को साल 2016 में ईरान से अगवा किया था। इस काम में मुफ्ती शाह मीर ने पाक खूफिया एजेंसी की मदद की थी। शाह मीर बलूचिस्तान के एक प्रमुख मुफ्ती था। मुफ्ती पर पहले भी दो बार जानलेवा हमले किए जा चुके थे। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात की नमाज के बाद तुर्बत में एक स्थानीय मस्जिद से निकलते समय मोटरसाइकिल सवार बंदूकधारियों ने उन पर घात लगाकर हमला किया। उन्हें नजदीक से गोलियां मारी गई और अस्पताल में उनकी मौत हो गई। ISI का मददगार शाह मीर कट्टरपंथी पार्टी जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम (JUI) का सदस्य था। वह मुफ्ती होने की आड़ में हथियार और मानव तस्कर के रूप में काम करता था। वह ISI का भी मददगार था। उसके अकसर पाकिस्तान के उन आतंकी शिविरों में जाने की भी खबरें मिलती रही हैं, जहां भारत विरोधी योजनाएं तैयार की जाती रही हैं। कुलभूषण जाधव मामला भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव समय से पहले सेवानिवृत्ति लेने के बाद ईरान के चाबहार में व्यवसाय कर रहे थे। साल 2016 में उन्हें ईरान-पाकिस्तान सीमा के पास से अगवा कर लिया गया था। ISI ने इस मिशन को अंजाम दिया था और इस काम में मुफ्ती शाह मीर ने पाक खूफिया एजेंसी की मदद भी की थी। इसके बाद जाधव को पाकिस्तानी सेना को सौंप दिया गया था। वह अभी भी पाकिस्तानी जेल में हैं। साल 2017 में उन्हें पाकिस्तान की एक कोर्ट फांसी की सजा सुना चुकी है। recent visitors 25

छत्तीसगढ़ में उद्यमिता आयोग का होगा गठन : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में उद्यमिता आयोग के गठन की घोषणा की है। यह आयोग राज्य में उद्यमशीलता की संस्कृति को मजबूत करेगा और रोजगार सृजन की संभावनाओं का अध्ययन करेगा। इसके तहत युवाओं के कौशल विकास और रोजगार प्रशिक्षण के लिए कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने यह घोषणा आज राजधानी रायपुर स्थित अग्रसेन धाम में स्वदेशी जागरण मंच की अखिल भारतीय कार्यकारिणी परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए की। इस अवसर पर उन्होंने मंच की ऐतिहासिक यात्रा को समर्पित पुस्तक “स्वदेशी की विकास यात्रा” का विमोचन भी किया। स्वदेशी अपनाना विकसित भारत की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत @2047” के निर्माण के लिए हमें स्वदेशी को आत्मसात करना होगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच हमेशा से आत्मनिर्भरता और स्वदेशी उद्योगों को बढ़ावा देने की वकालत करता रहा है। साय ने कहा कि भारत एक विशाल और संपन्न देश है। यहाँ प्रचुर प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध हैं, और साथ ही हमारे पास विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी है। यह हमें न केवल एक विशाल उपभोक्ता बाजार प्रदान करता है, बल्कि नवाचार और औद्योगिकीकरण के लिए भी असीम संभावनाएँ खोलता है। वैश्विक परिदृश्य में आ रहे बदलावों की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यवस्था में आ रहे परिवर्तनों को देखते हुए स्वदेशी जागरण मंच जैसी राष्ट्रीय संस्थाओं की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। मेक इन इंडिया से आत्मनिर्भर भारत की ओर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में “मेक इन इंडिया” अभियान ने भारत में स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए उद्योगों को संरक्षण और समर्थन प्रदान किया। आज भारत लगभग हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन चुका है। हमने अपने उद्योगपतियों को प्रोत्साहित किया, उन्हें आवश्यक सुविधाएँ दीं और इसका परिणाम यह हुआ कि हम अब न केवल घरेलू जरूरतों को पूरा कर रहे हैं, बल्कि वैश्विक बाजार में भी मजबूती से उभर रहे हैं। बस्तर क्षेत्र में स्वदेशी उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा मुख्यमंत्री साय ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण और विकास के लिए स्वदेशी जागरण मंच की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नई नीतियों और सुरक्षा बलों के प्रभावी प्रयासों के कारण नक्सलवाद अब बहुत सीमित क्षेत्र में सिमट गया है। अब समय आ गया है कि स्वदेशी जागरण मंच के सहयोग से इन क्षेत्रों में उद्योग-धंधे स्थापित किए जाएँ, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिले और वे नक्सलवाद की ओर न जाने पाएं। नई औद्योगिक नीति: रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति को प्रदेश की प्राकृतिक संपदा और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया गया है। इस नीति में रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है ताकि उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया को तेज और सरल बनाया जा सके। स्थानीय संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रोत्साहन योजनाएँ भी चलाई जा रही हैं। उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा, श्रेष्ठ उद्यमियों को किया गया सम्मानित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में सफल उद्यमियों को “उद्यमिता प्रोत्साहन पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा और नवाचार आधारित स्टार्टअप्स को सरकार हर संभव सहायता देगी। बैठक में स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संयोजक आर. सुंदरम, अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल, छत्तीसगढ़ प्रांत संयोजक जगदीश पटेल, देश के प्रतिष्ठित उद्यमी, प्रोफेसर, कुलपति, आर्थिक विशेषज्ञ और स्वदेशी जागरण मंच तथा स्वावलंबी भारत अभियान के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अब न केवल एक औद्योगिक केंद्र बनने की ओर अग्रसर है, बल्कि स्वदेशी को अपनाकर “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को और मजबूत कर रहा है। recent visitors 40

राजा भैया के खिलाफ दिल्ली के सफदरजंग एंक्लेव थाने में एफआईआर दर्ज

 नई दिल्ली उत्तर प्रदेश के नेता रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ दिल्ली के सफदरजंग एंक्लेव थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। राजा भैया पर उनकी पत्नी ने प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था और पत्नी की शिकायत पर राजा भैया के खिलाफ यह एफआईआर दर्ज हुई है। जानकारी के मुताबिक, राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने अपने पति के खिलाफ दिल्ली पुलिस में गंभीर आरोपों के साथ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पति पर शारीरिक और मानसिक क्रूरता का आरोप लगाया है। भानवी का आरोप है कि राजा भैया ने उन्हें वर्षों तक शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है। भानवी सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि लगातार मारपीट के कारण उनके शरीर के अंग क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। उनकी जान को खतरा है। इससे पहले उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग और दिल्ली राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण में शिकायत दर्ज कराई थी। राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह का तलाक का केस अभी कोर्ट में चल रहा है। राजाभैया और उनकी पत्नी के बीच कलह की बात कई वर्षों से चल रही थी लेकिन यह मामला सार्वजनिक तब हो गया जब भानवी सिंह ने राजाभैया के बेहद करीबी एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह पर धोखाधड़ी और जालसाजी सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजाभैया की शादी साल 1995 में बस्ती राजघराने की राजकुमारी भानवी सिंह के साथ हुई थी। शादी के समय राजाभैया की उम्र करीब 25 साल जबकि भानवी 20 वर्ष की थी। दोनों को चार बच्चे हैं। कुछ वर्षों से दोनों के रिश्ते के बीच खटास आनी शुरू हो गई थी और राजाभैया से अलग होकर भानवी सिंह दिल्ली स्थित अपने आवास पर रहने लगी थीं। राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी के बीच रिश्तो में दरार पड़ गई। कई रिश्तेदारों ने रिश्ते को जोड़ने के लिए मध्यस्थता की भी कोशिश की, लेकिन राजा भैया और उनकी पत्नी के बीच बात नहीं बन पाई। प्रतापगढ़ के कुंडा बेती निवासी रघुराज प्रताप उर्फ राजा भैया का उत्तर प्रदेश की सियासत में बड़ा दबदबा है। राजा भैया 1993 से लगातार 7वीं बार कुंडा विधानसभा से निर्दलीय विधायक चुने गए हैं। राजा भैया बेती और भदरी राजमहल के राजकुमार भी हैं। राजा भैया यूपी सरकार में जेल और खाद्य मंत्री भी रहे हैं।   recent visitors 35

टीम इंडिया का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के खिलाफ वैसे तो दमदार है, लेकिन ICC नॉकआउट मैचों में न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी

नई दिल्ली टीम इंडिया का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के खिलाफ वैसे तो दमदार है, लेकिन आईसीसी नॉकआउट मैचों में न्यूजीलैंड ने भारत को जमकर तंग किया है। यहां तक कि भारत के खिलाफ एक भी फाइनल कीवी टीम ने नहीं गंवाया है। न्यूजीलैंड ने दो आईसीसी खिताब जीते हैं और दोनों बार उनके सामने भारत की ही टीम थी। साल 2000 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत को न्यूजीलैंड ने हराया था और फिर 2021 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी न्यूजीलैंड ने भारत को धूल चटाई थी। अब मुकाबला दोनों के बीच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल है, जो आज यानी रविवार 9 मार्च को दुबई में खेला जाना है। आपको जानकर हैरानी होगी कि न्यूजीलैंड ने आईसीसी नॉकआउट मैचों में भारत को चार में से तीन बार हराया है। भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड ने चैंपियंस ट्रॉफी 2000 फाइनल, 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल और 2021 आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल जीता है। हालांकि, 2023 के वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में कीवी टीम को हार का सामना करना पड़ा था। यहां तक कि आईसीसी टूर्नामेंट में भारत और न्यूजीलैंड की भिड़ंत 12 बार हुई है और फाइनल से पहले दोनों टीमें 6-6 मुकाबले जीत चुकी हैं। इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में करें तो दोनों देशों के बीच अब तक 119 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 61 मैचों में टीम इंडिया को जीत मिली है, जबकि 50 मैचों में बाजी न्यूजीलैंड की टीम ने भी मारी है। एक मैच टाई रहा है और 7 मैच बेनतीजा खत्म हुए हैं। हालांकि, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल दोनों टीमों के लिए अहम है। भारत ने 12 साल से कोई वनडे आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीता है, जबकि न्यूजीलैंड ने 25 साल से कोई आईसीसी वनडे टूर्नामेंट नहीं जीता है। यही कारण है कि ये मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है, जिसका इंतजार दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों को है। recent visitors 49