Wednesday, July 8, 2026 7:47 am

अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचे नए मेहमान तो सभी लोगों ने गले लगाकर किया स्वागत

वाशिंगटन अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर 9 महीनों से फंसी सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर की वापसी का रास्ता साफ हो गया है। अंतरिक्ष यात्रियों को वापस धरती पर लाने के लिए स्पेसएक्स का स्पेस क्राफ्ट क्रू-10 नए यात्रियों को लेकर इंटरनेशन स्पेस स्टेशन पर पहुंच चुका है। यान से स्पेस स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों को देखते ही वहां पर मौजूद सभी लोगों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। सभी लोगों ने नए यात्रियों का स्वागत गले लगाकर किया। एक दिन पहले यानि शुक्रवार को अंतरिक्ष स्टेशन के लिए फॉल्कन रॉकेट के सहारे उड़ान भरने वाले स्पेस क्राफ्ट क्रू-10 में अमेरिका, जापान और रूस का प्रतिनिधित्व करने वाले चार नए यात्री वहां पर पहुंचे हैं। यह यहां पर अगले कुछ दिनों तक यह बुच विल्मौर और सुनीता विलियम्स से स्पेस स्टेशन के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे उसके बाद इस सप्ताह के अंत तक सुनीता और बुच अपने 9 महीने के अभियान को समाप्त करके इसी यान से वापस धरती की तरफ उड़ान भरेंगे। recent visitors 26

मध्य प्रदेश में पुलिस पर हमला करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश, मऊगंज की घटना पर सीएम सख्त

मऊगंज मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में शनिवार को दो गुटों में हो रहे विवाद को रोकने पहुंची पुलिस पर हमला हो गया था। इसमें एक एएसआई की मौत हो गई। सीएम डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर दुख जताया और हमलावरों पर सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उधर डीजीपी कैलाश मकवाना आज घटना स्थल पर पहुंचेंगे, इनके साथ एडीजी इंटेलिजेंस भी रहेंगे। सीएम डॉ. मोहन यादव ने एक्स हैंडल पर लिखा- मऊगंज जिले में शाहपुर थाना क्षेत्र के गड़रा गांव में दो गुटों के आपसी विवाद की सूचना पर पहुंचे तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित पुलिस की टीम पर हुए दुर्भाग्यपूर्ण हमले में हमारी पुलिस के एक एएसआई रामचरण गौतम की जवाबी कार्रवाई में दुःखद मृत्यु हुई है। मेरी गहरी शोक संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ है। घटना में अन्य घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए रीवा चिकित्सालय भेजा गया है।   डीजी पुलिस को पर्यवेक्षण के लिए निर्देशित किया घटना के तुरंत बाद क्षेत्र में धारा 163 लागू कर डीआईजी रीवा, एसपी मऊगंज सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। एडीजी रीवा जोन मौके पर पहुंच रहे हैं, साथ ही मैंने डीजी पुलिस को मौके पर पहुंचकर पर्यवेक्षण के लिए निर्देशित किया है। इस तरह की अमानवीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटना के सभी आरोपियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। recent visitors 17

डिलीवरी बॉय पर गिर गई थी स्टारबक्स की गर्म कॉफी, मुआवजे में मिलेंगे 434 करोड़ रुपए

  कैलिफोर्निया अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक जूरी ने Starbucks को डिलीवरी ड्राइवर माइकल गार्सिया को $50 मिलियन (करीब 434.78 करोड़ रुपए ) का मुआवजा देने का आदेश दिया है। यह मामला 8 फरवरी 2020 का है, जब लॉस एंजेलिस में एक स्टारबक्स ड्राइव-थ्रू से ऑर्डर उठाते समय गर्म कॉफी के ढक्कन की सही से सीलिंग न होने के कारण वह गार्सिया पर गिर गई। गंभीर जलन और जीवनभर की क्षति कोर्ट दस्तावेजों के अनुसार, एक बारिस्ता ने बेवरेज कैरियर में तीन ड्रिंक्स रखी थीं, लेकिन उनमें से एक का ढक्कन ठीक से बंद नहीं था। इस वजह से वह गार्सिया की गोद में गिर गई, जिससे उसे थर्ड-डिग्री बर्न, नर्व डैमेज और शरीर पर स्थायी निशान पड़ गए। गार्सिया के वकील माइकल पार्कर के मुताबिक, यह घटना न सिर्फ शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी विनाशकारी थी और इससे उनके मुवक्किल का जीवन पूरी तरह बदल गया। स्टारबक्स का बचाव और अपील की तैयारी जूरी ने गार्सिया के पक्ष में फैसला सुनाते हुए उनके दर्द, मानसिक तनाव और स्थायी क्षति को ध्यान में रखते हुए यह मुआवजा तय किया। हालांकि, Starbucks ने इस फैसले से असहमति जताई और अपील करने की घोषणा की। Starbucks की प्रवक्ता जैकी एंडरसन ने कहा, "हम गार्सिया के प्रति सहानुभूति रखते हैं, लेकिन जूरी के इस फैसले से असहमत हैं। हम हमेशा अपने स्टोर्स में उच्चतम सुरक्षा मानकों को बनाए रखते हैं, जिसमें हॉट ड्रिंक्स को सुरक्षित तरीके से सौंपना शामिल है।" मामले में समझौते की कोशिशें और असफल वार्ता कोर्ट केस से पहले, Starbucks ने गार्सिया को समझौते के तहत $3 मिलियन (26 करोड़ रुपए ) की पेशकश की थी, जिसे बाद में बढ़ाकर $30 मिलियन (261 करोड़ रुपए ) कर दिया गया। गार्सिया इस शर्त पर समझौता करने के लिए तैयार थे कि Starbucks सार्वजनिक रूप से माफी मांगे, अपनी नीतियों में बदलाव करे और ड्रिंक्स को ग्राहकों को सौंपने से पहले अतिरिक्त सुरक्षा जांच अनिवार्य करे। हालांकि, स्टारबक्स ने इन शर्तों को मानने से इनकार कर दिया, जिसके चलते मामला कोर्ट तक पहुंचा। 1994 के मैकडॉनल्ड्स कॉफी केस से तुलना इस मामले की तुलना 1994 के चर्चित मैकडॉनल्ड्स कॉफी (McDonald's Coffee) केस से की जा रही है, जिसमें स्टेला लिबेक नाम की महिला गर्म कॉफी गिरने से गंभीर रूप से जल गई थी। उस केस में भी जूरी ने मैकडॉनल्ड्स को लगभग $3 मिलियन का जुर्माना भरने का आदेश दिया था। recent visitors 24

जयपुर स्थित पीसीसी वॉर रूम में होगी कांग्रेस की अहम बैठक, पूर्व सीएम, प्रभारी, प्रदेशाध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारी रहेंगे मौजूद

जयपुर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) की एक महत्वपूर्ण बैठक आज रविवार को आयोजित की जा रही है। यह बैठक दोपहर 2 बजे जयपुर स्थित पीसीसी वॉर रूम में होगी, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा करेंगे। बैठक में संगठनात्मक मुद्दों और समसामयिक विषयों पर गहन चर्चा की जाएगी। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सह-प्रभारी रित्विक मकवाना, चिरंजीव राव, पूनम पासवान सहित प्रदेश पदाधिकारी, कांग्रेस विधायक, सांसद और जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष भी शामिल होंगे। कांग्रेस के नए भवन पर भी होगी चर्चा सूत्रों के अनुसार, बैठक में कांग्रेस के नए भवन को लेकर भी मंथन होगा। पिछली बैठक में इस संबंध में संबंधित नेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। शाम को होगा होली स्नेह मिलन समारोह बैठक के बाद शाम 5:30 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में होली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस प्रदेश महासचिव और मीडिया प्रभारी स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि इस कार्यक्रम में शेखावाटी के प्रसिद्ध लोक कलाकारों और कवियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।   recent visitors 30

महाराणा अरविंद सिंह मेवाड़ का सिटी पैलेस में निधन, उदयपुर और मेवाड़ राजघराने में शोक की लहर

उदयपुर मेवाड़ राजवंश के संरक्षक महाराणा अरविंद सिंह मेवाड़ का रविवार तड़के उनके निवास सिटी पैलेस में निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। परिवार के अनुसार, डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज उनके निवास पर ही चल रहा था। मेवाड़ राजवंश के प्रमुख स्तंभ थे अरविंद सिंह अरविंद सिंह मेवाड़ का जन्म 13 दिसंबर 1944 को उदयपुर के सिटी पैलेस में हुआ था। वे महाराणा भगवत सिंह मेवाड़ और महारानी सुशीला कुमारी मेवाड़ के छोटे बेटे थे। उनके बड़े भाई महेंद्र सिंह मेवाड़ का निधन पिछले साल 10 नवंबर 2024 को हुआ था। अरविंद सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अजमेर के प्रतिष्ठित मेयो कॉलेज से पूरी की। इसके बाद उन्होंने उदयपुर के महाराणा भूपाल कॉलेज से आर्ट्स में स्नातक किया। उच्च शिक्षा के लिए वे यूके गए, जहां उन्होंने सेंट एल्बंस मेट्रोपॉलिटन कॉलेज से होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया। इसके बाद उन्होंने अमेरिका में कुछ समय काम भी किया। एचआरएच ग्रुप ऑफ होटल्स के अध्यक्ष रहे अरविंद सिंह मेवाड़ न केवल मेवाड़ राजवंश के संरक्षक थे, बल्कि उन्होंने पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में भी अपनी खास पहचान बनाई। वे एचआरएच ग्रुप ऑफ होटल्स के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक थे, जो राजस्थान के कई ऐतिहासिक होटलों का संचालन करता है। इसके अलावा, वे महाराणा मेवाड़ फाउंडेशन ट्रस्ट, महाराणा मेवाड़ ऐतिहासिक प्रकाश ट्रस्ट और राजमाता गुलाब कुंवर चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष भी थे। उदयपुर में शोक की लहर महाराणा अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन से उदयपुर और मेवाड़ राजघराने से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं और बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए जुट रहे हैं। वसुंधरा राजे ने जताया दुख वसुंधरा राजे ने दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि महाराज श्री अरविन्द सिंह जी मेवाड़ के देवलोकगमन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने उदयपुर में पर्यटन को बढ़ावा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पर्यटन के क्षेत्र में उन्होंने जो प्रयास किए वह सदैव याद रहेंगे। शोक संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूँ कि वह दिवंगत की आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें।  recent visitors 21

102 महतारी एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त, अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलटी

कोरबा सिविल लाइन थाना अंतर्गत बेन्द्रकोना गांव के पास एक तेज रफ्तार 102 महतारी एक्सप्रेस अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। इस हादसे के बाद देखते ही देखते राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई और किसी तरह चालक को वाहन से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि देर रात 102 महतारी एक्सप्रेस को इवेंट मिला। जहां वह मरीज को लेने के लिए जिला मेडिकल कॉलेज से रवाना हुई। इस दौरान बेन्द्रकोना मुख्य मार्ग पर 102 महतारी एक्सप्रेस अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। वाहन का चालक देवदास के कंधे और हाथ पर गंभीर चोटें हैं। जिन्हें राजगीरों की मदद से बाहर निकाला गया। इसकी सूचना महतारी एक्सप्रेस के उच्च अधिकारियों को दी गई। बताया जा रहा है कि कोरबा की तरफ से महतारी एक्सप्रेस जा रही थी। वहीं बेन्द्रकोना की तरफ से एक तेज रफ्तार कार आ रही थी। जहां ओवरटेक के चक्कर में वाहन अनियंत्रित हो गया और बीच सड़क पर पलट गई। इस घटना में सबसे सुखद पहलू यह रहा कि वाहन में मरीज नहीं था नहीं तो बड़ी घटना घट सकती थी। वाहन चालक देव दास के कंधे में फैक्चर बताया जा रहा है। देवदास रजगामार का निवासी बताया जा रहा है, जो अपनी दीदी और जीजा के घर रहकर महतारी एक्सप्रेस का वाहन चलाता है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार हादसे का कारण बना है। कहीं ना कहीं महतारी एक्सप्रेस की रफ्तार काफी तेज थी। जिसके चलते यह घटना सामने आई है। recent visitors 19

भोपाल से लाए गए 337 टन कचरे में से तीस टन कचरे का हुआ निपटान

इंदौर भोपाल से लाए गए 337 टन कचरे में से तीस टन कचरे का निपटान हो चुका है। इस दौरान हानिकारक गैसें ज्यादा नहीं निकली, लेकिन अभी कचरे की राख को लैंडफील नहीं किया गया है। उसे रामकी संयंत्र में ही सुरक्षित रखा गया है। तीनों ट्रायल रन की रिपोर्ट अब 27 मार्च को होने वाली जबलपुर हाईकोर्ट की सुनवाई में प्रस्तुत की जाएगी। तीन टन कचरे के बाद फिलहाल भस्मक बंद है। कोर्ट के निर्देशों के बाद फिर बचे कचरे के निष्पादन की कार्ययोजना तैयार होगी। उधर कचरा जलाने का विरोध कर रही पीथमपुर बचाअेां समिति का कहना है कि कचरा का क्लिनिकल ट्रायल होना चाहिए। कचरे को जलाने के बाद बची राख और निपटान के बाद भस्मक से डिस्चार्ज किए गए पानी की भी जांच के बारे में प्रदूषण नियंत्रण मंडल कुछ नहीं कह रहा। राख का निपटान कैसे होगा इस बारे में भी नहीं बताया जा रहा है। समिति के हेंमत कुमार हिरोले ने कहा कि समिति भी अपना पक्ष हाईकोर्ट में रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भोपाल से लाए गए कचरे में मर्करी भी है, जो घातक न्यूरोटाॅक्सिन है, लेकिन रिपोर्ट में उसकी मात्रा का जिक्र नहीं है। प्रदूषण नियंत्रण मंडल का कहना है कि तीनों ट्रायल रन के दौरान निकली गैसों पर निगरानी रखी गई है। गैसों का उत्सर्जन तय मापदंडों के अनुरुप पाया गया है। कोर्ट में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बाद जो निर्देश मिलेंगे। उसके आधार पर आगे कचरे का निपटान होगा। फिलहाल भस्मक में कचरा नहीं जलाया जा रहा है। recent visitors 20