Wednesday, July 8, 2026 1:38 am

UP की गौशालाएं होंगी आत्मनिर्भर, गाय के गोबर-मूत्र का प्राकृतिक खेती में होगा इस्तेमाल: योगी सरकार

लखनऊ उत्तर प्रदेश में गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य सरकार पर्यावरण के अनुकूल कृषि पद्धतियों के लिए गाय के गोबर और मूत्र का इस्तेमाल करने की योजना बना रही है। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश की गौशालाएं पर्यावरण के अनुकूल खेती को बढ़ावा देंगी, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाएंगी और किसानों के लिए आर्थिक रूप से लाभकारी होंगी। 'हम गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर स्तर पर काम कर रहे' पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह ने न्यूज एजेंसी से कहा कि हम गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर स्तर पर काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय दुग्ध विकास बोर्ड, कृषि विभाग और अन्य हितधारकों से बात करके हम सभी पशुशालाओं में ‘वर्मीकम्पोस्ट' बनाएंगे। इसे किसानों को बेचा जाएगा और गाय आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।" मंत्री ने कहा कि इसके लिए परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है और नाबार्ड (राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक) जैसे संगठनों से भी मदद ली जाएगी। हाल में संपन्न महाकुंभ के दौरान, पशुपालन और दुग्ध विकास मंत्रालय ने गहन विचार-विमर्श किया और पर्यावरण के अनुकूल कृषि में गौशालाओं की भूमिका को मजबूत करने के लिए रणनीतिक योजनाएं तैयार कीं। 'प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए गोबर, मूत्र का होगा इस्तेमाल' विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि योजनाओं के अनुसार गाय के गोबर और मूत्र का उपयोग पर्यावरण के अनुकूल कृषि पद्धतियों के लिए किया जाएगा। साथ ही, किसानों और गौशालाओं के कर्मचारियों को मवेशियों के पोषण में सुधार के लिए चारा उत्पादन और संरक्षण के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोगों के स्वास्थ्य और भूमि एवं पानी की गुणवत्ता को प्राथमिकता दे रही है, जिसके तहत प्राकृतिक खेती पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह एक ऐसी विधि है जिसमें खेती के लिए रासायनिक उर्वरक और कीटनाशक का इस्तेमाल नहीं किया जाता। अधिकारी ने कहा कि इस कृषि पद्धति में मवेशी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसमें गाय के गोबर और मूत्र को जैविक उर्वरक के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को दोहरा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनके परिवारों को शुद्ध दूध मिलेगा और जैविक उर्वरकों के माध्यम से मिट्टी की उर्वरता भी बढ़ेगी। अधिकारी ने कहा कि समय के साथ ये प्रयास गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद करेंगे। 'प्रदेश की 7,700 से अधिक गौशालाओं में इस वक्त साढ़े 12 लाख छुट्टा मवेशी रखे गए' विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश की 7,700 से अधिक गौशालाओं में इस वक्त साढ़े 12 लाख छुट्टा मवेशी रखे गए हैं। इसके साथ ही राज्य ने मुख्यमंत्री सहभागिता योजना भी लागू की है जिसके तहत एक लाख किसानों को 1.62 लाख छुट्टा मवेशी दिए गए हैं और उनकी देखभाल के लिए हर महीने 1,500 रुपए प्रति पशु की दर से दिये जा रहे हैं। अपने नवीनतम बजट में सरकार ने छुट्टा मवेशियों की सुरक्षा के लिए 2,000 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। यह पहले दिए गए 1,001 करोड़ रुपए के अतिरिक्त है। इसके अलावा 543 नई गौशालाओं को मंजूरी दी गई है। प्रत्येक बड़ी गौशाला के लिए 1.60 करोड़ रुपए की अतिरिक्त धनराशि दी गई है। राज्य सरकार पशुपालकों को मवेशी पालने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है। मवेशी पालन को बढ़ावा देने के लिए सरकार नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत देशी नस्लों को बढ़ावा दे रही है। साथ ही बैंक ऋण पर 50 प्रतिशत सब्सिडी दे रही है। अमृत धारा योजना 10 लाख रुपये तक की सब्सिडी वाले ऋण प्रदान करती है। तीन लाख रुपये से कम के ऋण के लिए किसी गारंटर की आवश्यकता नहीं होती है।   देश में जैविक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में उठाया कदम अधिकारियों ने बताया कि देश में जैविक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार किसानों को गाय आधारित जैविक उर्वरकों का उपयोग करके रसायन मुक्त कृषि अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने बताया कि ये पहल विशेष रूप से गंगा नदी और बुंदेलखंड क्षेत्र के गांवों में केंद्रित हैं और इनमें स्थानीय जल संसाधनों को पर्यावरण के अनुकूल खेती के मॉडल में जोड़ा जा रहा है। कोविड महामारी ने स्वास्थ्य को लेकर वैश्विक जागरूकता बढ़ाई है, जिससे जैविक और प्राकृतिक रूप से उगाए गए उत्पादों की मांग बढ़ रही है। अधिकारियों ने बताया कि खान-पान की आदतों में यह बदलाव न केवल स्थानीय बल्कि वैश्विक भी है जिससे उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।   recent visitors 33

दो पक्षों में जबरदस्त झड़प, एक दूसरे पर लाठी-डंडों से किया हमला, जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर शहर के धुरीपारा इलाके में दो पक्षों के बीच जबरदस्त झड़प हो गई, जिसमें लाठी-डंडे जमकर चले. घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों को लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करते देखा जा सकता है. इस झड़प में महिलाओं को भी पीटा गया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया. यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है. मिली जानकारी के अनुसार, झगड़े की वजह शराब बेचने का विरोध और होली खेलने को लेकर हुआ विवाद था. बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी. इस घटना में तीन से चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है. recent visitors 31

सिम्स में पेट दर्ज की समस्या के कारण भर्ती महिला को इंजेक्शन लगाते ही हुआ गर्भपात, परिजनों ने मचाया हंगामा

बिलासपुर सिम्स में पेट दर्ज की समस्या के कारण भर्ती महिला को इंजेक्शन लगाते ही उसका गर्भपात हो गया। परिजन ने डॉक्टरों और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया है। आरोप है कि किसी कविता नाम की महिला की जगह इंजेक्शन लगा दिया गया। इधर डॉक्टरों ने महिला का सही इलाज और उसकी जान बचाने की बात कही है। फिलहाल सिम्स प्रबंधन ने महिला के परिजन को जांच का आश्वासन दिया है।   इंजेक्शन लगाकर हुआ ब्लीडिंग कोटा क्षेत्र के करगीकला गांव में रहने वाली गिरजा साहू (24) पांच महीने की गर्भवती थी। पेट दर्द के कारण परिजन उसे सिम्स लेकर आए थे। यहां पर उसे भर्ती कर इंजेक्शन दिया गया। इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद ही उसे ब्लीडिंग शुरू हो गई। इसके कारण उसका गर्भपात हो गया। पीड़िता ने लगाया लापरवाही का आरोप पीड़ित गिरजा ने आरोप लगाया है कि वार्ड में कविता नाम की महिला भर्ती थी। वह आठ माह की गर्भवती थी। उसके बच्चे की पेट में मौत हो गई थी। डॉक्टरों ने उसे इंजेक्शन लगाने कहा था। इधर स्टाफ कविता की जगह गिरजा को बुलाकर ले गई। उसे दूसरी महिला की जगह पर इंजेक्शन लगा दिया गया। जब डॉक्टरों को इस लापरवाही की जानकारी हुई उन्होंने स्टाफ को फटकार भी लगाई। एचओडी ने कहा- नहीं हुई गलती, महिला की बचाई जान इस पूरे मामले में स्त्री रोग विभाग की एचओडी डा संगीता जोगी ने किसी तरह की लापरवाही से इन्कार किया है। उन्होंने बताया कि महिला की जांच रिपोर्ट के बाद उपचार किया गया है। अगर उसे सही समय पर इलाज नहीं मिलता तो उसकी मौत भी हो सकती थी। उन्होंने पूरे मामले की जांच भी कराने का आश्वासन दिया है। recent visitors 32

अमित शाह ने पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों संग तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन की समीक्षा की

गुवाहाटी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुवाहाटी के एक होटल में पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों और डीजीपी के साथ बैठक की। इसमें तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन की समीक्षा की गई। राष्ट्रपति शासन वाले मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला बैठक में शामिल हुए। असम के मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन पर गुवाहाटी में पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। बैठक में पूर्वोत्तर क्षेत्र के सात मुख्यमंत्री भाग ले रहे हैं, जबकि मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर को छोड़कर पांच राज्यों के डीजीपी मौजूद हैं। इसमें कई पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्य सचिव भी मौजूद हैं। आठ राज्यों में से प्रत्येक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) के कार्यान्वयन पर केंद्रीय गृह मंत्री को अद्यतन करने के लिए प्रस्तुति दे रहा है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि बैठक का उद्देश्य पूर्वोत्तर राज्यों में पुलिस, जेल, अदालतों, अभियोजन और फोरेंसिक से संबंधित विभिन्न नए प्रावधानों के कार्यान्वयन और वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना है। इस दौरान शाह ने असम सीआईडी की ओर से तैयार और असम सरकार से प्रकाशित पुस्तक ‘न्यू क्रिमिनल लॉज : स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर्स एंड रूल्स’ का विमोचन किया।   recent visitors 54

भोपाल में किन्नरों ने युवक पर चाकू से कई बार हमला कर उतारा मौत के घाट

भोपाल भोपाल में दिनदहाड़े एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि, युवक की हत्या किन्नरों ने की है। रविवार सुबह किन्नरों ने युवक पर चाकू से कई बार हमला किया। इसके चलते मौके पर युवक की मौत हो गई। चाकुओं से गोदने के बाद किन्नर फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है। युवक की पहचान आदिल के रूप में हुई है। उसे मारने वाले आरोपी किन्नर की पहचान नहीं हो पाई है। युवक का शव खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा हुआ था। जैसे ही पुलिस को इस बात की जानकारी मिली तो मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू की और साक्ष्य एकत्र किए। किन्नर ने युवक की हत्या क्यों की यह अब तक साफ नहीं हुआ है। हत्या की यह सनसनीखेज वारदात तलैया थाना क्षेत्र की है। थाने से थोड़ी ही दूरी पर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। आदिल के परिजनों ने बताया कि, उसके दोस्त सुबह उसे लेकर गए थे। कुछ घंटों बाद उसके घायल होने की जानकारी मिली। उसे लेकर हमीदिया अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। 22 फरवरी को ही आदिल की शादी हुई थी। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर मामले की जांच की जा रही है। हत्या के पीछे किन्नरों का हाथ बताया जा रहा है हालांकि उनकी पहचान नहीं हो पाई है। recent visitors 28

रियासी में दर्दनाक हादसा, पलटी बस, 22 महिला समेत 30 यात्री घायल, दो लोग गंभीर रूप से घायल

श्रीनगर जम्मू-कश्मीर के रियासी में रविवार को एक मिनी बस के पलट जाने से 30 लोग घायल हो गए हैं। इनमें से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को जम्मू-कश्मीर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में अधिकतर महिलाएं थीं। बताया जा रहा है कि बस पहाड़ी रास्ते से जा रही थी। नियंत्रण खोने से बस खाई में पलट गई। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना तारा मोड़ के पास हुई जब बस राजौरी जिले के मुगला से रियासी के पौनी जा रही थी। दो की हालत गंभीर, जम्मू अस्पताल में रेफर उन्होंने बताया कि दुर्घटना में 22 महिलाओं समेत 30 यात्री घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायलों में से दो रफाकत अली और गौतम शर्मा को विशेष उपचार के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल जम्मू रेफर कर दिया गया है। अधिकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना चालक की लापरवाही के कारण हुई है। आगे की जांच के लिए मामला दर्ज किया गया है। घायलों की हुई पहचान     सपना देवी (25) पत्नी विक्की कुमार, अल्ल्या     अंजलि शर्मा (20), पुत्री अजय कुमार, मोघला     ​​बलवंत राज (54) पुत्र मुंशी राम, मंगल (तरेणु)     बलबीर सिंह (35) पुत्र राम सिंह, मल्लूरियां     अंजू देवी (45) पत्नी कमल सिंह, जुंगरियाल     मंजू देवी (45) पत्नी बलदेव सिंह, जुंगरियाल     मंत्रा देवी (33) पत्नी रमेश कुमार, जुंगरियाल     राज कुमारी (50) पत्नी शेर सिंह, जुंगरियाल     फरजाना कौसर (21) पत्नी मोहम्मद अख्तर, अल्ल्या     सुमन देवी (30) पत्नी जसबीर सिंह, मल्लूरियां     बिट्टो देवी (50) पत्नी कृष्ण लाल, मोघला     ​​कमला देवी (85) पत्नी सुरम सिंह, मोघला     ​​चंचलो देवी (55) पत्नी पूरन सिंह, जुंगरियाल     सुभाष सिंह (44) पत्नी संत राम, जुंगेरियल     रफाकत अली (25) पुत्र अब्दुल शकूर, जुंगेरियल     रीता देवी (35) पत्नी पप्पू सिंह, मोघला     ​​गणेश कुमार (37) पुत्र तेज पॉल, खेयोन     गौतम शर्मा (6) पुत्र सुनील कुमार, केरल तेरथ     बबली देवी (29) पत्नी सुनील कुमार, केरल तेरथ     गुड्डो देवी (60) पत्नी चरण दास, जुंगेरियल     कमलेश कुमारी (42) पत्नी केवल कृष्ण, जुंगेरियल     कमला देवी (30) पत्नी कृष्ण सिंह, जुंगेरियल     पुष्पा देवी (30) पत्नी केवल कृष्ण, जुंगेरियल     बिमला देवी (60) पत्नी सुरम चंद, जुंगेरियल     किशो देवी (62) पत्नी बर्फी लाल, जुंगेरियल     मोहिनी देवी (50) पत्नी स्वर्ण सिंह, उम्बलीगल्ला     तारेनू के अब्दुल रशीद के पुत्र मोहम्मद अशरफ (29)     मोहम्मद फारूक (40) अल्लिया के जिम्दी चौधरी का पुत्र     मांगल के बलवंत राज की पत्नी गुड्डो देवी (40)     मांगल के गुलशन कुमार की पत्नी अनु शर्मा (23)   recent visitors 33

अब दिल्ली की सड़कें होंगी धूल मुक्त, दिए निर्देश, सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व में कई ठोस कदम उठाए जा रहे

नई दिल्ली दिल्ली सरकार ने राजधानी में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है। सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व में कई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। डिवाइडर पर लगाए जाएंगे पेड़ अभियान के तहत पूरे रिंग रोड को धूल मुक्त बनाने, सड़क किनारे डिवाइडर पर पेड़ लगाने और ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए व्यापक योजना तैयार की गई है। सरकार ने विभिन्न उपायों की समीक्षा की है और सभी संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वायु प्रदूषण नियंत्रण कार्ययोजना के बारे में सीएम ने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाना भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वैज्ञानिक और टिकाऊ उपायों के माध्यम से वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सड़कों के किनारे हरित पट्टी विकसित करके, आधुनिक तकनीकों से धूल को नियंत्रित करके और सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करके दिल्ली के लोगों को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भविष्य देने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदूषण सोखने वाले पौधे लगाए जाएंगे इस दिशा में सरकार ने एमसीडी, पीडब्ल्यूडी, डीडीए और अन्य संबंधित सड़क स्वामित्व एजेंसियों को सड़क के किनारे और डिवाइडर पर पेड़ लगाने के निर्देश दिए हैं। सड़क के किनारे विशेष प्रदूषण सोखने वाले पौधे लगाए जाएंगे, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार होगा। रेखा गुप्ता ने आगे बताया कि दिल्ली में धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए पूरे रिंग रोड को धूल मुक्त बनाया जाएगा। इसके लिए रिंग रोड पर नियमित रूप से मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग की जाएगी। सड़क किनारे धूल जमने से रोकने के लिए स्प्रिंकलर और ट्रीटेड पानी का इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण प्रबंधन को सख्ती से लागू किया जाएगा। पीयूसीसी के गहन निरीक्षण के भी निर्देश दिए गए हैं। मिलेगा जाम से छुटकारा सीएम ने कहा कि दिल्ली में जाम की समस्या के समाधान के लिए 250 प्रमुख सड़कों की पहचान की गई है। सभी संबंधित विभागों को ट्रैफिक पुलिस की मदद से जाम के कारणों का निदान करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को बढ़ावा दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन को और अधिक कुशल बनाने के लिए डीटीसी बसों के रूट रेशनलाइजेशन प्लान पर भी काम किया जाएगा। सार्वजनिक बसों की रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। रेखा गुप्ता ने कहा कि सड़कों के किनारे ग्रीन बेल्ट विकसित करने, यातायात सुधार और सार्वजनिक परिवहन को और अधिक सुचारू बनाने से राजधानी की वायु गुणवत्ता में काफी सुधार आएगा। recent visitors 29