Friday, July 3, 2026 2:14 pm

अल्लू अर्जुन ने मेरे लिए जो किया, वो बॉलीवुड में किसी ने नहीं किया: गणेश आचार्य

मुंबई कोरियोग्राफर-डायरेक्टर गणेश आचार्य ने बॉलीवुड स्टार्स ही नहीं, बल्कि साउथ के स्टार्स को भी कोरियोग्राफ किया है। उन्होंने 'पुष्पा' और 'पुष्पा 2' में अल्लू अर्जुन को कोरियोग्राफ किया था, और उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। गणेश आचार्य ने कहा है कि बॉलीवुड के विपरीत साउथ के लोग तकनीशियनों को अधिक सम्मान देते हैं। यह बात उन्होंने भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के यूट्यूब चैनल से बातचीत में कही। उन्होंने यह भी कहा कि बॉलीवुड में बहुत ईगो फैला हुआ है, जोकि नहीं होना चाहिए। गणेश आचार्य ने कहा कि बॉलीवुड के किसी भी कलाकार ने आज तक उनकी तारीफ नहीं की है। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड स्टार्स को अल्लू अर्जुन से सीखना चाहिए कि कैसे सबको साथ लेकर चला जाता है। गणेश आचार्य ने अल्लू अर्जुन को कई गानों में कोरियोग्राफ किया है और पहले भी काफी बार साथ काम कर चुके हैं। गणेश आचार्य ने साउथ में काम करने का शेयर किया एक्सपीरियंस गणेश आचार्य से भारती ने पूछा कि आप साउथ में गाने करने जाते हो तो मजा आता है? उन्होंने कहा, 'बहुत मजा आता है। क्या तकनीशियनों की रिस्पेक्ट है। मैंने 'पुष्पा 2' के गाने किए, पांच-दस दिन काम किया उन पर तो अल्लू अर्जुन ने मुझे खुद फोन किया। तारीफ की कि आपकी वजह से हुआ है।' 'बॉलीवुड के किसी आर्टिस्ट ने फोन नहीं किया पर अल्लू अर्जुन ने किया' गणशे आचार्य ने आगे कहा, 'मुझे आज तक बॉलीवुड के किसी आर्टिस्ट ने फोन नहीं किया कि मास्टर जी आपने क्या गाना किया। लेकिन अल्लू अर्जुन ने किया। उन्होंने कहा कि मास्टर जी आपने कमाल का गाना किया है। मुझे आपकी वजह से लोग अप्रीशिएट कर रहे हैं।' गणेश आचार्य ने फिर बताया कि अल्लू अर्जुन ने उन्हें 'पुष्पा 2' की सक्सेस पार्टी में बुलाया था, और वहां उन्होंने जो देखा, उससे हैरान रह गए थे। वह बोले, 'मुझे हैदराबाद सक्सेस पार्टी में बुलाया। मैंने सोचा कि वहां लोग आएंगे, खाएंगे-पीएंगे और बातें करें। लेकिन मैंने देखा कि वहां एक बड़ा स्टेज लगाया था। वहां लाइटमैन, स्पॉटबॉय और बड़े लोग बैठे हैं। अल्लू अर्जुन, मैं और सुकुमार मिलकर एक-एक लाइटमैन को अवॉर्ड दे रहे थे। ये मैंने लाइफ में पहली बार देखा। तो ये वहां पर है। ये यहां (बॉलीवुड) में क्यों नहीं है?' 'कुछ गंदगी की वजह से इंडस्ट्री खराब हो रही है' उन्होंगे आगे कहा, 'मैं अपनी इंडस्ट्री की बुराई नहीं कर रहा। हमारी इंडस्ट्री हमारे लिए भगवान है, जहां हम पढ़के आए। लेकिन कुछ गंदगी की वजह से ये खराब हो रही है। उसको साफ करना चाहिए। हमारे इंडस्ट्री वालों को ध्यान देना चाहिए। मैं पूरी इंडस्ट्री को गंदा नहीं बोलूंगा, कुछ लोग हैं। मैं रिक्वेस्ट करूंगा कि प्लीज अपने टेक्नीशियंस पर ध्यान दो, स्क्रिप्ट पर ध्यान दो। बाकी चीजें भी रखो, पर हर किसी को उसके काम तक रखो।' स्टार्स को खुश करने के लिए आखिरी मिनट पर बदल देते हैं कोरियोग्राफी गणेश आचार्य ने बताया कि अकसर डायरेक्टर्स और प्रोड्यूसर्स स्टार्स को खुश करने के लिए आखिरी मिनट पर सीन बदल देते हैं, और कोरियोग्राफर और तकनीशियनों की कोशिशों को नजरअंदाज कर देते हैं। वह बोले, 'मैंने कई डायरेक्टर और प्रोड्यूसर देखे हैं, जो स्टार्स की पीठ पीछे बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन सामने चुप हो जाते हैं। डायरेक्टर, आर्टिस्ट के पीठ पीछे बोलता है और आर्टिस्ट, डायरेक्टर की पीठ पीछे। डायरेक्टर स्टार के सामने चुप हो जाता है। वो स्टार्स को खुश करने के लिए आखिरी समय में कोरियोग्राफी बदल देते हैं। उन्हें इस बात की परवाह नहीं होती कि कोरियोग्राफर एक गाने को कोरियोग्राफ करने में कितनी मेहनत करता है।' recent visitors 32

गुना में एक महिला और पुरुष अनोखे बंधन में बंधे, रामप्रसाद से विवाह अनुबंध करने के बाद काजल के चेहरे पर एक बार फिर मुस्कान खिली

गुना मध्य प्रदेश के गुना में एक महिला और पुरुष अनोखे बंधन में बंध गए। कानून भले ही इस अनुबंध को विवाह की मान्यता फिलहाल नहीं देता हो, लेकिन नानाखेड़ी निवासी रामप्रसाद और गोपालपुर की काजल एक-दूसरे को पति-पत्नी मान बैठे हैं। दरअसल, गोपालपुर निवासी काजल सहरिया अपने पूर्व पति के साथ खुश नहीं थी। काजल का आरोप है कि उसका पति बुरी तरह मारपीट करता था। इसलिए वह बच्ची को साथ लेकर 13 मार्च को गुना आ गई और रेलवे ट्रैक पर कूदकर अपनी जान देने का प्रयास कर रही थी। तभी किसी काम से रेलवे स्टेशन पर पहले से मौजूद नानाखेड़ी निवासी रामप्रसाद पारदी ने काजल को पकड़ लिया और पटरियों से दूर ले आए। रामप्रसाद ने काजल की दुखभरी कहानी सुनी तो उन्हें तरस आ गया और काजल को अपने घर ले गए। करीब 5 से 6 दिनों तक रामप्रसाद के परिजनों ने काजल की कहानी सुनकर उसके सामने रामप्रसाद से विवाह का प्रस्ताव रख दिया। रामप्रसाद पारदी की पत्नी का निधन करीब 8 महीने पहले टीबी की बीमारी के चलते हो गया था। उसका एक बेटा भी है। एक जैसी परिस्थितियां होने के चलते दोनों ने मिलकर तय किया कि वे एक-दूसरे का सहारा बनेंगे। फिलहाल रामप्रसाद और काजल ने  को कोर्ट पहुंचकर विवाह का अनुबंध करवा लिया था। बताया जा रहा है कि दोनों नियमानुसार कोर्ट मैरिज की प्रक्रिया पूरी करेंगे। लेकिन 21 मार्च से काजल और रामप्रसाद एक-दूसरे को पति-पत्नी मान बैठे हैं। दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का संकल्प लिया है। रामप्रसाद के परिजनों और रिश्तेदारों ने काजल को नव दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दी हैं। इस अनोखे रिश्ते को भले ही वैधानिक मान्यता नहीं मिली है, लेकिन समाज और परिजन दोनों को पति- पत्नी स्वीकार कर चुके हैं। रामप्रसाद से विवाह अनुबंध करने के बाद काजल के चेहरे पर एक बार फिर मुस्कान देखने को मिली है। वहीं रामप्रसाद पारदी भी नई जिम्मेदारी मिलने के बाद खुश नजर आ रहा है।   recent visitors 19

इंदौर…सिल्वर स्प्रिंग में तेंदुए का मूमेंट सीसीटीवी में कैद, इलाके में घूमता हुआ दिखाई दिया

इंदौर  मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के देवगुराड़िया क्षेत्र की सिल्वर नेचर टाऊनशिप में तेंदुआ का मूवमेंट दो दिन पहले सामने आया था, जिसके बाद से ही रहवासी दहशत में हैं। जैसे ही इस बात की जानकारी वन विभाग तक पहुंची वैसे ही विभागीय अमले ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालना शुरू कर दिए।  जिसके बाद इलाके में तेंदुआ होने की पुष्टि की गई है। वन विभाग के अधिकारी के.के निनामा ने अधीनस्थ अमले को जरूरी दिशा निर्देश देते हुए रहवासियों से भी अकेले न घूमने की अपील की है। बता दें की इसी इलाके से कुछ दिन पूर्व एक तेंदुआ वन विभाग की टीम ने भारी मशक्कत के बाद रेस्क्यू किया था। ऐसे में लगातार इस इलाके में तेंदुए के मूवमेंट से रहवासी जहां दहशत में हैं।  तो वहीं इससे किसी दिन बड़ी और अनहोनी घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।   recent visitors 23

रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार सख्त, रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़आया पावर ग्रिड कॉरपोरेशन के अधिकारी

जयपुर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ महाप्रबंधक और मुंबई स्थित एक निजी कंपनी के उप महाप्रबंधक को 2.4 लाख रुपये की रिश्वत लेते और देते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई के अनुसार, यह रिश्वत निजी कंपनी द्वारा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम की एक संविदा से जुड़े बिलों के प्रसंस्करण और पास कराने के लिए दी जा रही थी। इस मामले में अजमेर में तैनात वरिष्ठ महाप्रबंधक, उक्त निजी कंपनी, उसके चार प्रतिनिधियों और अन्य अज्ञात व्यक्तियों सहित कुल 06 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। सीबीआई का जाल और कार्रवाई सीबीआई की जांच में पता चला कि आरोपी अधिकारी कथित रूप से निजी कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ मिलीभगत कर कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचा रहे थे। परस्पर बातचीत के बाद 19 मार्च 2025 को सीकर में रिश्वत की रकम सौंपने की योजना बनी। सीबीआई ने पहले से जाल बिछा रखा था और जैसे ही निजी कंपनी के डीजीएम ने वरिष्ठ महाप्रबंधक को 2.4 लाख रुपये सौंपे, सीबीआई ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। आवासीय परिसरों में तलाशी, डिजिटल साक्ष्य बरामद गिरफ्तारी के बाद, सीबीआई ने सीकर, जयपुर और मोहाली में आरोपियों के आधिकारिक और आवासीय परिसरों पर छापेमारी की। इस दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है। बता दें कि सीबीआई मामले की गहन जांच कर रही है और संभावना है कि इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की सख्त नीति के तहत इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।   recent visitors 33

मंत्री सारंग ने कहा कि पैक्स के कम्प्यूटराइजेशन में मध्यप्रदेश देश में नम्बर-1 पर

भोपाल  मध्यप्रदेश प्रत्येक विधानसभा स्तर पर खेल स्टेडियम बनाने वाला पहला राज्य बनेगा, दरअसल सहकारिता और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री के जवाब के बाद उनके दोनों विभागों के लिये 2700 करोड़ 41 लाख 88 हजार की अनुदान मांगे सर्व-सहमति से पारित कर दी गई, यह मांगे मध्यप्रदेश के बजट सत्र में चर्चा के दौरान पारित की गई। बीज का नया ब्रॉण्ड “चीता” जल्द होगा लांच सहकारिता और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने उनके दोनों विभागों की अनुदान मांगों पर हुई चर्चा के जवाब में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के रूप में इस वर्ष को मनाया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार बीज की दिशा में काम कर रही है। बीज संघ को उन्नत स्तर पर पहुँचाने का प्रयास है। बीज संघ के माध्यम से चीता बीज के नाम से नया ब्रॉण्ड लांच किया जा रहा है। पैक्स के माध्यम से चीता बीज का वितरण किया जायेगा। इसमें भी मध्यप्रदेश लीड करेगा। उन्होंने कहा कि पैक्स को अग्रणी बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इसके लिये एम-पैक्स की अवधारणा की गयी है। प्राथमिक समिति केवल क्रेडिट का काम न कर बहुउद्देश्यीय बनायी जा रही है। दो पैक्स को पेट्रोल की डीलरशिप भी मिली है। प्रत्येक विधानसभा स्तर पर खेल स्टेडियम बनाने वाला पहला राज्य बनेगा मध्यप्रदेश, सदन में 2700 करोड़ 41 लाख 88 हजार की अनुदान मांगे सर्व-सहमति से पारित पैक्स कम्प्यूटराइजेश में मध्यप्रदेश नम्बर-1 पर मंत्री सारंग ने कहा कि पैक्स के कम्प्यूटराइजेशन में मध्यप्रदेश देश में नम्बर-1 पर है। सभी पैक्स संस्थाओं के कम्प्यूटराइजेशन का कार्य लगभग हो चुका है। सहकारिता विभाग में भर्ती के मामले में भी मध्यप्रदेश अव्वल है। आईबीपीएस के माध्यम से विभाग द्वारा भर्ती प्रक्रिया करवायी जा रही है। इसी संस्था के माध्यम से रिजर्व बैंक और नाबार्ड में भी भर्तियाँ होती हैं। पैक्स और अपैक्स दोनों के होंगे चुनाव, सहकार सभा भी होगी मंत्री सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पैक्स और अपैक्स दोनों के चुनाव भी होंगे। पंचायत स्तर तक जाकर खाद का वितरण करने की संभावनाओं को तलाशा जा रहा है। सहकारिता वर्ष में मध्यप्रदेश ने भी कैलेण्डर बनाकर सहकारी आंदोलन के माध्यम से लोगों को जोड़ने और पारदर्शिता लाने का काम किया है। जल्द ही सहकार सभा भी आयोजित की जायेगी, जिसमें सभी को जुड़ने का मौका मिलेगा। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के माध्यम से सेवाओं की पूर्ति हो सके, इस पर काम किया जा रहा है। कृषि विकास दर में सहकारिता का बहुत बड़ा योगदान मंत्री सारंग ने कहा कि हमने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में सीपीपीपी (को-ऑपरेटिव पब्लिक प्रायवेट पार्टनरशिप) मॉडल के माध्यम से लगभग 2300 करोड़ के 19 एमओयू किये। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की कृषि विकास दर में सहकारिता का बहुत बड़ा योगदान है। खाद-बीज, शार्टटर्म लोन और उपार्जन के माध्यम से सही दाम किसानों को मिल सके, यही सहकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। गांव की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने सहकारी आंदोलन मंत्री सारंग ने कहा कि गांव की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिये सहकारी आंदोलन मजबूत होना चाहिये। इसके लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने केन्द्र में सहकारिता विभाग का गठन कर केन्द्रीय मंत्री अमित शाह जैसे कुशल नेतृत्व में सहकारिता विभाग का दायित्व दिया। केन्द्र और राज्य सरकार में बड़े और छोटे भाई की भूमिका रही है। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में काम हो रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर 3 शीर्ष स्तर की संस्थाएँ बनायी गयी हैं। विधानसभा स्तर पर खेल स्टेडियम मंत्री सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार खेल, खिलाड़ी और खेल मैदान के लिये काम कर रही है। विधानसभा स्तर पर खेल स्टेडियम बनाने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में नई पार्थ (पीएआरटीएच) योजना और एमपीवायपी योजना के माध्यम से मध्यप्रदेश युवा पोर्टल की शुरूआत की है। मध्यप्रदेश सरकार ज्ञान (जीवायएएन) की अवधारणा पर काम कर रही है। मंत्री सारंग के वक्तव्य के बाद विधानसभा में उनके दोनों विभाग सहकारिता और खेल एवं युवा कल्याण की 2700 करोड़ 41 लाख 88 हजार रुपये की अनुदान मांगों को सर्व-सम्मति से पारित किया गया। recent visitors 24

सरकंडा में कपड़े की दुकान में लगी आग, लाखों का सामान खाक

बिलासपुर बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात नूतन कॉलोनी सड़क के पास स्थित एक कपड़ा दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि दुकान में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के मुताबिक, नूतन कॉलोनी चौक से जोरापारा जाने वाले रास्ते में रात करीब 9 बजे एक कपड़ा दुकान में आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, दुकान में रखा करीब तीन लाख का सामान जलकर खाक हो गया। इस दौरान आसपास के लोगों ने सरकंडा पुलिस और दमकल की टीम को सूचना दी। जिसपर घंटों बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट से होने की जानकारी सामने आ रही है। recent visitors 13

भाजपा सिंगरौली मंडल की कार्यकारिणी घोषित

 मंडल प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा संभागीय प्रभारी रणबीर सिंह रावत तथा जिला संगठन प्रभारी प्रज्ञा त्रिपाठी की सहमति तथा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह के अनुमोदन पश्चात सिंगरौली ( मोरवा) मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह कुरूवंशी ने अपनी कार्यकारिणी घोषित कर दी है। घोषित कार्यकारिणी में राममिलन भारती, राजेश गुप्ता, लक्ष्मण मिश्रा, करूणा देवी विश्वकर्मा, धर्मेंद्र सिंह, शिप्रा दत्ता को उपाध्यक्ष तथा सीमा सिंह गोड़ एवं हीरामन जायसवाल को महामंत्री इसी प्रकार इन्दूभूषण सिंह, सोनू राय, भगवान दास, आदित्य त्रिपाठी, सुजीत तिवारी, चंदा देवी पनिका को मंत्री तथा नीलू कुमारी को कोषाध्यक्ष बनाया गया है । इसके अतिरिक्त 16 कार्यसमिति सदस्य भी मनोनीत किये गये हैं। जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह समेत समस्त वरिष्ठ नेताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके नवीन दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दी हैं तथा पार्टी एवं संगठन‌ के तटस्थ रहने के निर्देश दिए हैं। recent visitors 18