सीनियर तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने कहा- गुजरात टाइटंस ने हमें दिखाया कि उस विकेट पर कैसे गेंदबाजी करनी है

अहमदाबाद मुंबई इंडियन्स के सीनियर तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने कहा कि गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम की काली मिट्टी की पिच का अच्छी तरह इस्तेमाल किया और गेंद की गति को कम करके मुंबई के बल्लेबाजों को सफलतापूर्वक बांधे रखा। मेजबान टाइटंस ने शनिवार को आईपीएल मैच में आठ विकेट पर 196 रन बनाने के बाद मुंबई इंडियन्स को 36 रन से हराया। बोल्ट ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘विरोधी टीम की अच्छी रणनीति। अगर आपके पास ऐसा करने के लिए विकल्प हैं तो यह समझदारी भरा है लेकिन मुझे नहीं लगता कि हम इसे बहाने के तौर पर इस्तेमाल करेंगे।' उन्होंने कहा, ‘हमारी टीम में ऐसे खिलाड़ी हैं जो पूरे देश में हर तरह के विकेट पर खेल चुके हैं। इसलिए ईमानदारी से कहूं तो आज रात प्रदर्शन अच्छा नहीं था, मुझे लगा कि उन्होंने (टाइटंस) अच्छा स्कोर बनाया और उन्होंने हमें दिखाया कि उस विकेट पर कैसे गेंदबाजी करनी है। इसलिए उन्हें पूरा श्रेय जाता है।' मैच के लिए लाल मिट्टी की बजाय काली मिट्टी की पिच इस्तेमाल की गई लेकिन न्यूजीलैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज ने इसे बहाने के तौर पर इस्तेमाल करने से इनकार कर दिया। बोल्ट ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि अपने फायदे के लिए घरेलू परिस्थितियों का इस्तेमाल करना अच्छा था। जाहिर है कि घरेलू टीम को फायदा होना चाहिए। लेकिन जैसा कि मैंने कहा, हमारे दृष्टिकोण से यह कोई बहाना नहीं है। हम समझ गए थे कि विकेट काली मिट्टी का था और मुझे नहीं लगता कि हमने अच्छी तरह से सामंजस्य बैठाया।' recent visitors 31

मेसर्स ओविया ट्रेडर्स नामक फर्म पर 10 करोड़ की कर चोरी, संचालिका का पति गिरफ्तार

रायपुर केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) विभाग ने 10 करोड़ 38 लाख 83 हजार 84 रुपए की कर चोरी के आरोप में मेसर्स ओविया ट्रेडर्स नामक फर्म की संचालिका के पति विनय कुमार टंडन को भिलाई से गिरफ्तार किया है. आरोपी को बिना माल या सेवाओं की आपूर्ति के फर्जी चालान के माध्यम से धोखाधड़ी से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ उठाते हुए और उसे पास करते हुए पाया गया, जिससे सरकारी खजाने को काफी नुकसान हुआ. विश्वसनीय खुफिया जानकारी और डेटा एनालिटिक्स के आधार पर सीजीएसटी रायपुर प्रधान आयुक्त राकेश गोयल के नेतृत्व में अधिकारियों ने एक विस्तृत जांच की, जिसमें आपूर्तिकर्ताओं के बैंक स्टेटमेंट और करदाता के ई-वे बिल डेटा और अन्य वित्तीय लेन-देन की जांच करने के बाद पाया कि आरोपी फर्जी बिल के आधार पर फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाने और उसे पास करने में लिप्त था. जांच से यह भी पता चला कि आरोपी के पास पहले से ही अपने नाम पर जीएसटी पंजीकरण था, जहां उसे 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान करना था, जिसका कभी भुगतान नहीं किया गया और बकाया राशि का भुगतान करने के बजाय, आरोपी ने धोखाधड़ी करने के लिए अपनी पत्नी के नाम पर एक और GST पंजीकरण ले लिया. पर्याप्त सबूत इकट्ठा करने के बाद, चूंकि इनपुट टैक्स क्रेडिट की राशि 5 करोड़ से अधिक है, इसलिए आरोपी को सीजीएसटी अधिनियम, 2017 की धारा 69 के प्रावधानों के तहत अधिनियम की धारा 132 के तहत दंडनीय अपराध करने के लिए गिरफ्तार किया गया. व्यक्ति को दुर्ग जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और गिरफ्तार व्यक्ति को 28 मार्च की शाम को दुर्ग की सेंट्रल जेल ले जाया गया. recent visitors 23

RPF इंस्पेक्टर पर बड़ी कार्रवाई, 1 साल के लिए इंस्पेक्टर से डिमोट कर बनाएं गए सब इंस्पेक्टर

 रायपुर  रायपुर रेल मंडल के एक इंस्पेक्टर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई किए जाने की खबर है. आरपीएफ के उच्च पदस्थ सूत्र बताते है कि 28 या 29 मार्च को संभवत उनके खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई का आदेश निकला है, जिसमें उन्हें 1 साल के लिए इंस्पेक्टर से डिमोट कर सब इंस्पेक्टर बना दिया गया है. इस कार्रवाई के पीछे दो अलग-अलग बाते सामने आ रही है. एक जिसमें रेलवे लाईन चोरी के बाद ठीक से कार्रवाई न किए जाने की तो दूसरी ट्रांसफार्मर चोरी के बाद एक व्यापारी को बचाने के एवज में लेन-देन के आरोप की. हालांकि ये कार्रवाई किस वजह से हुई है ये स्पष्ट नहीं हो सका है. ये पूरा मामला दल्लीराजहरा आरपीएफ पोस्ट का है. अब सवाल ये है कि यहां बतौर इंचार्ज नए इंस्पेक्टर की पोस्टिंग होगी या उन्हें ही प्रभार दिया जाएगा, इसको लेकर कोई आदेश जारी नहीं हुआ है. बता दें कि भाटापारा थाना क्षेत्र के तिल्दा आरपीएफ पोस्ट के अंतर्गत भी पिछले दिनों रेलवे ट्रैक चोरी हुई थी, इसे लेकर भी जांच जारी है, हालांकि वहां के इंचार्ज का टेनयोर ट्रांसफर कर रायपुर आरपीएफ पोस्ट में पदस्थ कर दिया गया है. recent visitors 29

बीजापुर में 50 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 14 पर था 68 लाख का इनाम

बीजापुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे से महज कुछ घंटे पहले बीजापुर में 50 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया। इनमें से 14 नक्सलियों पर कुल 68 लाख रुपए का इनाम घोषित था। नक्सलियों ने कहा कि वे खोखली और अमानवीय माओवादी विचारधारा, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं द्वारा आदिवासियों के शोषण और आंदोलन के भीतर पनप रहे मतभेदों के कारण सरेंडर कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार को 50 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें से 14 पर कुल 68 लाख रुपए का इनाम था। नक्सलियों ने राज्य पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने हथियार डाल दिए। नक्सलियों ने कहा कि वे खोखली और अमानवीय माओवादी विचारधारा, प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं द्वारा आदिवासियों के शोषण और आंदोलन के भीतर पनप रहे मतभेदों के कारण आत्मसमर्पण कर रहे हैं। बीजापुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि नक्सली सुरक्षा बलों द्वारा शिविर लगाने और 'निया नेल्लनार' (आपका अच्छा गांव) योजना से भी प्रभावित हैं। 'निया नेल्लनार' योजना के तहत सुरक्षा बल और प्रशासन दूरदराज के इलाकों में बुनियादी सुविधाएं मुहैया करा रहे हैं। यादव ने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले 50 नक्सलियों में से छह पर 8-8 लाख रुपए और तीन पर 5-5 लाख रुपए का इनाम है। इसके अलावा पांच नक्सलियों पर एक-एक लाख रुपए का इनाम है। जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), बस्तर फाइटर्स, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), सीआरपीएफ और कोबरा (कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन) ने नक्सलियों के आत्मसमर्पण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसपी ने कहा कि आंदोलन छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होने वाले नक्सलियों के लिए सरकार की नीति के अनुसार उनका पुनर्वास किया जाएगा। यह आत्मसमर्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्य के दौरे से कुछ घंटे पहले हुआ है। वह 33,700 करोड़ रुपए से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इससे पहले सुरक्षा बलों ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के सुकमा और बीजापुर जिलों में दोहरे मुठभेड़ों में 11 महिलाओं सहित 18 नक्सलियों को मार गिराया। यह 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को खत्म करने के मिशन में एक बड़ी सफलता है। इन ताजा सफलताओं के साथ इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में 134 नक्सली मारे गए हैं। इनमें से 118 बस्तर संभाग में मारे गए। पुलिस के अनुसार, 2024 में सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र में कुल 792 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। recent visitors 22

राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच आज शाम होगी भिड़ंत, जानिए पिच रिपोर्ट

गुवाहाटी राजस्थान रॉयल्स (आआर) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच रविवार को आईपीएल 2025 का 11वां मैच खेला जाएगा। दोनों टीम शाम साढ़े सात बजे से गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम टकराएंगी। आरआर और सीएसके का मौजूदा सीजन में यह तीसरा मैच है। आरआर का जीत का खाता नहीं खुला है। उसे सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के हाथों शिकस्त मिली। वहीं, सीएसके को पहले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत के बाद अगले मुकाबले में आरसीबी ने मात दी। जानिए, आरआर वर्सेस सीएसके मैच की पिच रिपोर्ट क्या कहती है? क्या आज बल्लेबाज चमकेंगे या गेंदबाज रहेंगे हावी? बरसापारा में अब तक पांच आईपीएल मैच खेले गए हैं। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने दो मैच अपने नाम किए और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को भी दो जीत नसीब हुईं। एक मुकाबले का नतीजा नहीं निकला। बरसापारा में हाईएस्ट स्कोर 199/4 है, जो राजस्थान ने 2023 में बनाया था। यहां लोएस्ट स्कोर 142/9 है, दिल्ली कैपिटल्स ने बनाया। गुवाहाटी में पहली पारी का औस्त स्कोर 138 है। इस मैदान पर संतुलित मुकाबले देखने को मिले हैं। बरसापारा में बड़े स्कोर खड़े करना आसान नहीं है। यहां बल्लेबाजों की तुलना में अक्सर गेंदबाजों का अधिक दबदबा रहता है। धीमी मानी जाने वाली पिच पर स्पिनर्स का जलवा देखने को मिल सकता है। राजस्थान ने अपना पिछला मैच भी बरसापारा में खेला था, जिसमें उसे केकेआर ने 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। केकेरआर ने 152 रनों का लक्ष्य 15 गेंद बाकी रहते आसानी से चेज कर लिया था। क्विंटन डिकॉक ने 61 गेंदों में नाबाद 97 रनों की पारी खेली थी, जो इस मैदान पर किसी भी बल्लेबाज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। आरआर के पूर्व ओपनर जोस बटलर टॉप स्कोरर हैं, जिनके बल्ले से कुल 98 रन निकले। बटलर अब गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं। यहां सबसे ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा आरआर के शिमरोन हेटमायर ने किया है। हिटमायर ने 7 छक्के मारे है। यशस्वी जायसवाल ने सबसे अधिक 13 चौके जमाए हैं। recent visitors 36

रिपोर्ट: भूविज्ञानी के हवाले से बताया है कि म्यांमार में आए भूकंप से 334 परमाणु बमों के बराबर ऊर्जा निकली

म्यांमार म्यांमार और थाईलैंड सहित दक्षिण एशिया के कई देशों में शुक्रवार को आए भूकंप ने तबाही मचा दी। 28 मार्च को आए इस शक्तिशाली 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद स्थिति अब तक सामान्य नहीं हो पाई है। म्यांमार में 1600 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है और बचाव दल कर्मी लगातार मलबों की तलाशी में जुटे हैं। वहीं पड़ोसी देश थाईलैंड में भी भारी नुकसान हुआ है जहां अधिकारियों के मुताबिक 17 लोगों की मौत हो गई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक म्यांमार में केंद्रित इस भूकंप के एक दर्जन से ज्यादा झटके बाद में महसूस किए गए हैं। जानकारों के मुताबिक भूकंप का झटका 300 परमाणु बम फूटने जितना शक्तिशाली था। शनिवार को भी म्यांमार में कम से कम दो भूकंप आए हैं जिनमें से एक की तीव्रता 5.1 और दूसरे की 4.2 थी। रिपोर्ट ने एक भूविज्ञानी के हवाले से बताया है कि म्यांमार में आए भूकंप से 334 परमाणु बमों के बराबर ऊर्जा निकली। रिपोर्ट में भूविज्ञानी जेस फीनिक्स ने बताया, "इस तरह के भूकंप से निकलने वाली शक्ति लगभग 334 परमाणु बमों के बराबर होती है।" एक अन्य विशेषज्ञ ने बताया कि भूकंप पृथ्वी पर एक बड़े चाकू से वार जैसा था। सड़कों पर रात बिता रहे लोग इस बीच म्यांमार में हर ओर तबाही का मंजर छाया हुआ है। करीब 3400 लोगों के घायल होने की खबर है और लोग अपने लापता परिजनों को खोजने की जद्दोजहद में जुटे हुए हैं। वहीं भूकंप के बाद आ रहे झटकों की वजह से बहुत से लोग सड़कों पर रात बिता रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र की एक एजेंसी के मुताबिक नुकसान और भूकंप के झटकों के डर से लोगों को घर के अंदर जाने की हिम्मत नहीं हुई। 10,000 से अधिक मौतों की आशंका ब्लूमबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि वर्तमान में मरने वालों की संख्या 1,600 से अधिक है। रिपोर्ट में बताया गया है कि यह आंकड़ा 10,000 से अधिक तक पहुंच सकता है। यूएसजीएस ने यह भी बताया है कि अनुमानित आर्थिक नुकसान म्यांमार की जीडीपी से ज्यादा हो सकता है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि नुकसान के बाद मांडले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। recent visitors 27

ईद से पहले महाराष्ट्र की मस्जिद में तड़के सुबह विस्फोट के बाद मस्जिद का आंतरिक हिस्सा क्षतिग्रस्त

मुंबई महाराष्ट्र के बीड से ईद उल-फितर से एक दिन पहले बड़ी खबर सामने आई है। यहां रविवार तड़के सुबह एक मस्जिद में धमाके की खबर मिली है। कथित तौर पर यह विस्फोट एक शख्स द्वारा रखी गई जिलेटिन रॉड की वजह से हुआ। पुलिस ने बताया है कि इस हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। घटना जियोराई तहसील के अर्ध मसला गांव की है जहां मस्जिद में तड़के सुबह करीब 2.30 बजे धमाका हुआ। विस्फोट के बाद मस्जिद का आंतरिक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। एक अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था को बनाए रखने और किसी भी गलत सूचना के फैलने से बचने के लिए गांव में भारी सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। अधिकारियों के मुताबिक एक व्यक्ति मस्जिद के पिछले हिस्से से घुसा और कथित तौर पर वहां कुछ जिलेटिन की रॉड रख दी, जिससे विस्फोट हुआ है। जानकारी के मुताबिक गांव के प्रधान ने सुबह करीब 4 बजे तलवाड़ा पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद बीड के पुलिस अधीक्षक नवनीत कंवत और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारी ने बताया कि बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीएस) के साथ फोरेंसिक साइंस टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारी ने बताया कि बीड पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाह न फैलाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की मदद करने की अपील की है। recent visitors 18