Tuesday, July 7, 2026 8:21 pm

आरएसएस के प्रमुख ने ‘एक मंदिर, एक कुआं और एक श्मशान घाट’ अपनाने का किया आह्वान, कांग्रेस अध्यक्ष ने किया पलटवार

  नई दिल्ली राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत ने सामाजिक एकता पर जोर दिया है। उन्होंने सभी के लिए 'एक मंदिर, एक कुआं और एक श्मशान घाट' अपनाने का आह्वान किया है। वहीं, कांग्रेस ने आरएसएस पर समुदायों को बांटने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने वक्फ संशोधन अधिनियम को बीजेपी और आरएसएस की साजिश बताया है। अलीगढ़ दौरे पर हैं मोहन भागवत मोहन भागवत ने अलीगढ़ की पांच दिवसीय यात्रा के दौरान स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत को शांति को बढ़ावा देने में अपनी वैश्विक भूमिका को साकार करने के लिए सच्ची सामाजिक एकता जरूरी है। उन्होंने एच.बी. इंटर कॉलेज और पंचन नगरी पार्क में दो शाखाओं में स्वयंसेवकों को संबोधित किया। भागवत ने सामाजिक एकता पर दिया जोर भागवत ने हिंदू समाज की नींव के रूप में संस्कार और मूल्यों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने स्वयंसेवकों से परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और नैतिक अखंडता पर आधारित समुदाय बनाने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्रीय गौरव को मजबूत करने और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के लिए त्योहारों को एक साथ मनाने की बात कही। भागवत ने स्वयंसेवकों को समाज के सभी वर्गों के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने किया पलटवार वहीं मल्लिकार्जुन खरगे ने बिहार में एक रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी-आरएसएस पर गरीबों, महिलाओं और कमजोर वर्गों के खिलाफ होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "वे गरीब, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों के खिलाफ हैं। वे समाज की बेहतरी के लिए नहीं सोच सकते, वे जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने में विश्वास करते हैं।" 'वक्फ एक्ट बीजेपी-RSS की साजिश' खरगे ने वक्फ संशोधन विधेयक को बीजेपी और आरएसएस की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि यह समुदायों के बीच विभाजन पैदा करने का प्रयास है। उन्होंने कहा, 'संसद द्वारा पारित वक्फ संशोधन विधेयक बीजेपी और संघ की समुदायों के बीच विभाजन पैदा करने की साजिश है।' यह बयान कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल के उस सवाल के कुछ दिनों बाद आया है जिसमें उन्होंने पूछा था कि आरएसएस कब किसी दलित, मुस्लिम या महिला को अपना प्रमुख बनाएगा। उन्होंने कहा था कि मल्लिकार्जुन खरगे एक दलित हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी थी जिसमें उन्होंने कांग्रेस को चुनौती दी थी कि अगर समुदाय के लिए उसकी समर्थन सच्चा है तो वह किसी मुस्लिम को कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त करे। recent visitors 23

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व मे विश्व का सबसे सफल चीता पुनर्वास अभियान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मालवा क्षेत्र के मंदसौर में गाँधी सागर अभयारण्य की भूमि पर प्रभास और पावक चीतों को खुले बाड़े में छोड़ा। चीतों के फर्राटे के साथ 20 अप्रैल, रविवार का दिन मालवा की भूमि के लिए ऐतिहासिक दिवस के रूप मे दर्ज हो गया। देश में पहली बार अंतर्राज्यीय स्तर पर चीतों का पुनर्वास हुआ है। यह दोनों चीते आज श्योपुर कूनो से मंदसौर के गांधी सागर अभयारण्य पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह पूर्वक इन चीतों को खुले बाड़े में छोड़ा। यहां पर्याप्त संख्या में चीतल चिंकारा और छोटे जानवर हैं। दोनों 6 वर्षीय युवा चीते कूनो राष्ट्रीय उद्यान में खुले में ही घूम कर शिकार कर रहे थे। इसलिए इन्हें सीधे खुले बाड़े में छोड़ा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चीता प्रोजेक्ट प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व में सबसे अधिक सफल मध्यप्रदेश में हुआ है। पुनर्वास के बाद श्योपुर के कूनो में दुनिया में सबसे अधिक चीतों का जन्म हुआ है। मालवा की भूमि पर हम चीतों का स्वागत करते हैं। चीतों के आने से मंदसौर और नीमच जिलों मे पर्यटन की संभावनाओं को पंख लग जायेंगे। राजस्थान और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती जिलों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय लोगों को रोजगार के नये अवसर मिलेंगे, उनके जीवन स्तर में भी सुधार होगा। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से अर्थव्यवस्था में भी सुधार होगा। वन्य पर्यावरण की दृष्टि से मध्यप्रदेश की धरा पर चीतों का सफलतापूर्वक पुनर्वास किया गया है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, सांसद श्री सुधीर गुप्ता, विधायक श्री अनिरुद्ध मारू, श्री हरदीप सिंह डंग, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सत्य नारायण जटिया, अपर मुख्य सचिव वन श्री अशोक वर्नवाल, संभाग आयुक्त श्री संजय गुप्ता और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी श्री असीम श्रीवास्तव के साथ बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। प्रभास और पावक का कूनो से गाँधी सागर अभयारण्य का सफर श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क से गांधीसागर अभयारण्य के लिए दो नर चीते प्रभास और पावक को 20 अप्रैल, रविवार की सुबह रवाना किया गया था। सीसीएफ उत्तम कुमार शर्मा और डॉक्टर ओंकार अचल सहित 20 लोगों की टीम चीतों के साथ गाँधी सागर अभयारण्य पहुंची। यह टीम गांधी सागर में 7 दिन रुकेगी। इस दौरान वह स्थानीय स्टाफ को चीतों की देख-रेख के गुर सिखाएगी। इन चीतों को अलग-अलग वाहनों में लाया गया है, जो श्योपुर, बारां, कोटा और झालावाड़ होते हुए मंदसौर पहुंचे। वाहन और पिंजरे को कूनो नेशनल पार्क में सैनिटाइज किया गया था। गांधी सागर अभयारण्य में 37 किमी का एक बाड़ा बनाया गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी सुविधाओं वाला वाहन और मेडिकल टीम भी साथ रहीl   recent visitors 28

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रामपुरा नीमच में किया विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में जारी विकास प्रक्रिया से मध्यप्रदेश का परिदृश्य निरंतर बदल रहा है। स्कूल शिक्षा हो, पर्यटन हो या औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार सभी क्षेत्रों में प्रदेश प्रगति पथ पर अग्रसर है। सभी जिलों में विकास और जनकल्याण गतिविधियों के लिए अनुकूल वातावरण विद्यमान है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव नीमच जिले के रामपुरा में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नीमच-मंदसौर क्षेत्र राजस्थान का द्वार है और रामपुरा का प्राकृतिक सौंदर्य अभिभूत करने वाला है। औषधीय वनस्पति की राजधानी नीमच- मंदसौर को चीता प्रोजेक्ट और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से नई पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की पहल पर मध्यप्रदेश में चीतों का पुनर्वास आरंभ हुआ। गांधी सागर क्षेत्र में चीतों के आने से मंदसौर-नीमच क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होगा और रोजगार के नए अवसर निर्मित होंगे, गांवों में होमस्टे जैसी सुविधाएं विकसित होंगी। स्थानीय व्यंजनों की पहचान वैश्विक स्तर पर बनेगी। इन सब गतिविधियों की ओर विश्व, आशा और जिज्ञासा से देख रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नीमच और मानसा में छोटे ट्रैक्टरों को स्वच्छता रथ के रूप में विकसित करने की पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि औषधीय वनस्पतियों की खेती के लिए मंदसौर, नीमच राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध है, इसके लिए यहां के किसान अभिनंदनीय हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों से 2600 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा जा रहा है। यह किसानों की बेहतरी के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता की अभिव्यक्ति है। प्रदेश निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है, इसी का परिणाम है कि वर्तमान में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 1,53,280 रुपए है। यह प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में "सबका साथ-सबका विकास" की भावना से चलने का परिणाम है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गांधी सागर डैम का निर्माण 1960 में हुआ। जिसके कारण कई गांव डूबे, लेकिन डैम के आसपास के गांव को न तो पानी लेने की सुविधा दी गई और न ही सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई गई। राज्य सरकार ने गांधी सागर डैम के जल से सब ओर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। जनता की बेहतरी के हर संभव प्रयास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और रोजगार के अवसर निर्मित करने के लिए संभाग स्तर पर रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। सरकार के प्रयासों से 12 प्रतिशत की तेज गति से औद्योगिक विकास दर चल रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रामपुरा में सामुदायिक स्वास्थ्य केद्र के नवीन भवन निर्माण एवं रामपुरा नगर की सभी आंतरिक सड़कों के निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि रामपुरा में रेस्ट हाउस भी बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा विकास के बदलते दौर में अब प्रदेश में जंगल भी आबाद हो रहे हैं। जियो और जीने दो की भावना विकसित हो रही है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश मे चीता प्रोजेक्ट सफल हो रहे हैं। दुनिया में सबसे अधिक टाइगर देश में है और देश में भी सबसे ज्यादा मध्यप्रदेश में है। गांधी सागर अभयारण्य में आज दो चीते आजाद किये जा रहे हैं। अगले महीने चार चीते और लाकर छोड़ें जाएंगे। चीतों की बढ़ती संख्या के साथ ही क्षेत्र के पर्यटन में भी अभूतपूर्व वृद्धि होगी। क्षेत्र के युवाओं और लोगों को रोजगार भी मिलेगा। स्वराज शूटिंग की वस्त्र निर्माण इकाई का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मेसर्स स्वराज शूटिंग द्वारा नीमच में 150 करोड़ की लागत से स्थापित वस्त्र निर्माण इकाई का लोकार्पण किया। प्रथम चरण में इस वस्त्र निर्माण इकाई में 750 महिलाओं को रोजगार मिल रहा है। 3 साल में 32 लाख किसानों को सोलर पंप देंगे मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार द्वारा आगामी 3 साल में प्रदेश के 32 लाख किसानों को सिंचाई सुविधा के लिए सोलर पंप दिए जाएंगे। किसानों को 5 रूपये में बिजली कनेक्शन भी देंगें। आयुष्मान योजना के तहत कार्डधारी परिवारों को पीएमश्री एअर एंबुलेंस की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। प्रदेश में हो रहे हैं रोजगार परक उद्योग स्थापित मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में रोजगार परक उद्योग स्थापित हो रहे हैं। इसमें वस्त्र निर्माण, धागा निर्माण उद्योगों में प्रति श्रमिक 5 हजार रूपये प्रतिमाह सरकार संबंधित उद्योगों को देगी। इससे महिलाओं के लिए रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रामपुरा का प्राकृतिक सौंदर्य देखकर हर किसी की की आखें चौंधिया जाती है। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के लिए ग्राम पंचायतों को स्वच्छता रथ प्रदान करने की सराहना भी की। साथ ही ग्राम पंचायतों के सरपंचों को स्वच्छता रथ की चाबियां प्रदान की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न हितग्राही मूलक स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। मुख्यमंत्री के रामपुरा आगमन पर लोकनृत्य कलाकारों ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर लगी विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया।   recent visitors 26

पावर ग्रिड के विस्थापितों ने कंपनी पर लगाये आवश्यक सुविधाएं नहीं प्रदान करने का आरोप

सिंगरौली ग्राम खम्हरिया परसदेही के पॉवर ग्रिड कम्पनी से प्रभावित विस्थापितों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर समाजवादी पार्टी सिंगरौली जिला उपाध्यक्ष सुधरमन सिंह यादव के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया। धरनास्थल पर पहुंचकर माड़ा तहसीलदार ने शुक्रवार को ज्ञापन लिया। विस्थापितों का कहना है कि पावर ग्रिड कंपनी ने उनकी जमीनें तो ली परन्तु किसी तरह की सुविधाएं उन्हें प्रदान नहीं की गयी हैं। ग्राम खम्हरिया व परसदेही के विस्थापित परिवारों के समर्थन में समाजवादी पार्टी ने मांग किया है कि शिक्षा स्वास्थय पानी नौजवानों को रोजगार और म, प्र, की जमीन का मुआवजा रजिस्ट्री उन्हें उपलब्ध कराया जाये। इस दौरान युवजन सभा के प्रदेश सचिव स्वारथ सोनी, श्याम सुन्दर साकेत, वेंकटरमण सिंह ठाकुर, अंजनी सिंह गोड़, सवाई लाल यादव, रामानंद यादव, विनोद कुमार यादव सहित समस्त किसान एवं विस्थापित मौजूद रहे। recent visitors 27

रामबन में हुए दुखद भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से बेहद दुखी हूं, राहत और बचाव कार्य तेज करने के दिए निर्देश

श्रीनगर जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में रविवार सुबह भारी बारिश के बाद सेरी बागना इलाके में बादल फटने की दुखद घटना सामने आई। इसमें जनहानि की भी खबरें आ रही हैं। इस आपदा के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय पुलिस और राहत दलों ने तेजी से मोर्चा संभाला और करीब 100 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस त्रासदी पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा, "रामबन में हुए दुखद भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से बेहद दुखी हूं, जिससे जान-माल का काफी नुकसान हुआ है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं।" उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जहां भी जरूरत हो, वहां तत्काल बचाव और राहत कार्य पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि वे जल्द ही बहाली, राहत और मरम्मत योजनाओं की समीक्षा करेंगे। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान जमीनी स्तर पर हालात को संभालने पर है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम और यात्रा संबंधी सलाहों का पालन करें तथा संवेदनशील और जोखिम भरे क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से आवाजाही से बचें। गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे भूस्खलन और बाढ़ जैसी आपदाओं का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 20 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। पूरे दिन आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे, जबकि देर शाम तक कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश या बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं, 21 अप्रैल को भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और गर्जन के साथ बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। 22 से 28 अप्रैल के बीच मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहेगा, हालांकि 25 अप्रैल को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने सभी संबंधित विभागों और आम जनता से अपील की है कि वे अपने कार्यक्रम मौसम पूर्वानुमान के अनुसार तय करें और प्रशासन या यातायात विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। खासतौर पर किसानों को सलाह दी गई है कि वे 21 अप्रैल तक कोई भी कृषि कार्य स्थगित रखें, ताकि मौसम जनित जोखिम से बचा जा सके। recent visitors 22

विपक्ष के हमलों का जवाब देने बीजेपी मैदान में, वक्फ कानून में हुए बदलावों को बताएंगे कार्यकर्ता, ‘वक्फ सुधार जागरूकता’ अभियान शुरू

भोपाल भाजपा अब वक्फ संशोधन कानून को लेकर विपक्ष के हमलों का जवाब देने के लिए मैदान में उतर चुकी है. यानी आज से भाजपा देशभर में ‘वक्फ सुधार जागरूकता’ अभियान चलाएगी. जिसके तहत कार्यकर्ता वक्फ कानून में हुए बदलावों को को बताएंगे. 20 अप्रैल से 25 मई तक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान के तहत बीजेपी नेता और कार्यकर्ता विशेष रूप से मुस्लिम समाज के बीच जाकर यह समझाएंगे कि नए वक्फ संशोधन में ऐसा कुछ नहीं है. जो किसी धार्मिक स्थल को प्रभावित करता हो या समुदाय की आस्था को चोट पहुंचाता हो. इसके अलावा कानून में के जरिए से मुसलमानों कैसे विकास होगा. पसमांदा और महिलाओं को कानून से क्या लाभ होगा. इस बारे में बीजेपी जमीनी स्तर पर उतकर लोगों को बताएगी. गौरतलब है कि 2 अप्रैल को लोकसभा और 3 अप्रैल को राज्यसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पारित किया गया था. इसके बाद 5 अप्रैल को वक्फ अधिनियम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंजूरी दी थी. 8 अप्रैल को वक्फ संशोधन अधिनियम देश में लागू हो गया. recent visitors 21

टीकमगढ़ के कु्डेश्वरधाम रोड पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियों की टक्कर, माता-पिता व दो वर्षीय बेटे ने दम तोड़ा

टीकमगढ़ टीकमगढ़ के कु्डेश्वरधाम रोड पर एक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जिसमें पति-पत्नी सहित एक दो वर्षीय मासूम भी शामिल है। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई थी। दूसरे लोग लहूलुहान अवस्था में पड़े हुए थे। आसपास के लोगों ने गंभीर घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां पर सभी की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए स्कार्पियों वाहन को जब्त किया है। अस्तोन गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर सुनकर गांव में गमहीन माहौल बन गया है।   तेज रफ्तार स्कॉर्पियों ने मारी टक्कर     कोतवाली टीआइ पंकज शर्मा ने बताया कि टीकमगढ़ से बाजार करने के बाद एक बाइक पर संजय साहू (25) और उनकी पत्नी रीता साहू (23) के साथ ही दो वर्षीय मासूम रुद्र साहू निवासी अस्तोन सवार होकर टीकमगढ़ से अस्तोन की ओर जा रहे थे।     पास से एक बाइक पर सवार प्रतीक राय (30) अपने गांव खिरिया नाका की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ललितपुर की ओर से एक तेज रफ्तार स्कार्पियों वाहन आया। पीजी कॉलेज के पास दोनों ही बाइकों को टक्कर मार दी। कार तेज स्पीड में थी।     दोनों बाइकों को इतनी जोरदार टक्कर लगी कि दो वर्षीय मासूम रुद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य को गंभीर हालात में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डाक्टरों की टीम ने संजय साहू और पत्नी रीता साहू के साथ प्रतीक राय को मृत घोषित कर दिया। आरोपी चालक को जल्द करेंगे गिरफ्तार टीआइ ने कहा कि शवों के पीएम के बाद शव परिजनों को दिए जाएंगे। स्कार्पियों वाहन को जब्त कर लिया है। अज्ञात चालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच में लिया। जल्द ही आरोपी चालक को हिरासत में लिया जाएगा। पुलिस की टीम बनाई है, जाे आरोपी को चिंहित करेगी। recent visitors 17