हिमांशु जाखड़ ने अंडर-18 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश-प्रदेश का नाम रोशन किया

झज्जर हरियाणा के झज्जर हिमांशु जाखड़ सऊदी अरब के दम्मम में चल रही एशियन अंडर-18 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश-प्रदेश का नाम रोशन किया। हिमांशु की इस उपलब्धि पर पूरे गांव में खुशी का माहौल है।  हमांशु जाखड़ पुत्र दलबीर जाखड़ गांव साल्हावास के रहने वाले है। हिमांशु ने एशियन अंडर-18 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 67.57 मीटर भाला फेंककर भारत के लिए पहला और एकमात्र स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय, क्षेत्र और जिले बल्कि पूरे हरियाणा को गौरवान्वित किया है। इससे पहले भी हिमांशु ने नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2024 में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। हिमांशु की इस असाधारण उपलब्धि पर उसे ग्रामीणों की तरफ से सम्मानित किया जाएगा। हिमांशु ने जेवलिन थ्रो में अपने आदर्श नीरज चोपड़ा को बताया। एक साधारण किसान परिवार से आने वाले हिमांशु जाखड़ ने यह सिद्ध कर दिया कि सपने केवल देखने से नहीं बल्कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से पूरे होते हैं। recent visitors 41

विराट कोहली की 73 रनों की पारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 7 विकेट से हाराया

नई दिल्ली विराट कोहली की 73 रनों की पारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2025 के 37वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को 7 विकेट से हाराया। इसी के साथ आरसीबी ने दो दिन पहले अपने घर मिली शिकस्त का भी मेजबानों से बदला लिया। पंजाब ने पहले बैटिंग करते हुए बेंगलुरु के सामने जीत के लिए 158 रनों का टारगेट रखा था। इस स्कोर को आरसीबी ने विराट कोहली की दमदार पारी के दम पर 7 गेंदें और इतने ही विकेट रहते चेज किया। विराट कोहली ने अपनी इस पारी के साथ इतिहास रचा। वह आईपीएल में अब सबसे ज्यादा 50+ स्कोर करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली का यह IPL में 67वां 50+ स्कोर है। इससे पहले डेविड वॉर्नर ने 66 बार यह कारनामा किया था। इस रनचेज में विराट कोहली का साथ देवदत्त पडिक्कल ने दिया जिन्होंने 61 रनों की तूफानी पारी खेली। पहले ही ओवर में फिल सॉल्ट का विकेट गिरने के बाद कोहली और पडिक्कल के बीच शतकीय साझेदारी हुई जो निर्णायक साबित हुई। जितेश शर्मा ने छक्के के साथ जिताया मैच नेहाल वडेरा के 19वें ओवर की पांचवी गेंद पर जितेश शर्मा ने शानदार छक्का लगाकर आरसीबी को सीजन की पांचवी जीत दिलाई। इस जीत के साथ आरसीबी की वापस टॉप-4 में एंट्री हो गई है। वह अब तीसरे पायदान पर है। कोहली ने 73 रनों की नाबाद पारी खेली। recent visitors 36

मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया

बेंगलुरु मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच आईपीएल 2025 का 38वां मुकाबला खेला जा रहा है। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। चेन्नई सुपर किंग्स ने एक बदलाव किया है। राहुल त्रिपाठी की जगह आयुष को प्लेइंग इलेवन में जगह मिली है। मुंबई की टीम बिना बदलाव के उतरी है। हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में मुंबई इंडियंस की टीम ने जारी सीजन में सात मैच खेलते हुए तीन जीते हैं और चार में उसे हार मिली है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोटिल हो गए हैं, उनकी जगह एमएस धोनी टीम की कमान संभाल रहे हैं। चेन्नई ने जारी सीजन में सात मैच खेले हैं सिर्फ दो जीते हैं, जबकि पांच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। मुंबई इंडियंस प्लेइंग इलेवन मुंबई इंडियंस (प्लेइंग इलेवन): रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, मिशेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, अश्विनी कुमार चेन्नई सुपर किंग्स प्लेइंग इलेवन चेन्नई सुपर किंग्स (प्लेइंग इलेवन): शेख रशीद, रचिन रवींद्र, आयुष म्हात्रे, रविंद्र जड़ेजा, शिवम दुबे, विजय शंकर, जेमी ओवरटन, एमएस धोनी (विकेटकीपर/कप्तान), नूर अहमद, खलील अहमद, मथीशा पथिराना मुंबई इंडियंस ने जीता टॉस मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। चेन्नई की टीम पहले बैटिंग करेगी। recent visitors 30

गाँधी सागर अभयारण्य में 2 चीते छोड़े जाने का अवसर प्रसन्नता का विषय है: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के गांधी सागर अभयारण्य में चीतों के छोड़े जाने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गाँधी सागर अभयारण्य में 2 चीते छोड़े जाने का अवसर प्रसन्नता का विषय है। इस लुप्त प्रायः प्रजाति के वन्य प्राणी को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से सितंबर 2022 में मध्यप्रदेश में पहली बार लाया गया था। अब इन चीतों का कुनबा बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंदसौर जिले के गाँधी सागर अभयारण्य में 2 चीतों को छोड़ा जाना एक महत्वपूर्ण कदम है। "चीता प्रोजेक्ट" मध्यप्रदेश की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य भारत में चीतों की संख्या बढ़ाना और उनकी प्रजाति को बचाना है। इसमें हमें सफलता भी मिल रही है। गाँधी सागर अभयारण्य प्रदेश का दूसरा ऐसा स्थान है, जहाँ चीतों को बसाया जा रहा है। वन्य जीव पर्यटन की दृष्टि से आज एक ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चीतों की संख्या बढ़ाने के लिए दक्षिण अफ्रीका, केन्या और बोत्सवाना से चीतों को लाकर मध्यप्रदेश के जंगलों में बसाया जा रहा है। श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क में वर्तमान में 26 चीते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुनिया के अन्य देशों में भी चीता पुनर्स्थापन के प्रयास हुए लेकिन उतनी सफलता नहीं मिल सकी। भारत में यह प्रोजेक्ट सफल हो रहा है। यहां चीतों की सर्वाइवल की दर अन्य देशों की अपेक्षा सर्वाधिक है। मध्यप्रदेश के वन और वातावरण चीतों के अनुकूल है। प्रदेश में कूनो के बाद गांधी सागर भी इनका घर बन रहा है। गाँधी सागर पश्चिमी मध्यप्रदेश में स्थित एक वन्य अभयारण्य है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह अभयारण्य प्रदेश के उज्जैन संभाग में मंदसौर और नीमच जिले में फैला हुआ है। कई सौ साल पहले क्षेत्र में जरूर चीते रहे भी होंगे। विलुप्त होने के वर्षों बाद अब उनका पुनः आगमन वन्य जीव पर्यटन के लिए भी शुभ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गांधी सागर अभयारण्य शैल चित्रों के लिए विश्व प्रसिद्ध चतुर्भुज नाला का हिस्सा है। निश्चित ही क्षेत्र में पर्यटन बढ़ेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में विरासत के संरक्षण के साथ-विकास के मंत्र पर मध्यप्रदेश कार्य कर रहा है।   recent visitors 28

कांग्रेस नेता खरगे ने बक्सर में जनसभा को किया संबोधित, मोदी पर आरोप लगाया कि उन्होंने जबरन वक्फ संशोधन कानून बनाया

पटना आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के तेवर इस बार अलग हैं। सात अप्रैल को सांसद राहुल गांधी बिहार आए थे। 11 अप्रैल को पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट आए थे। आज राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बक्सर में जनसभा को संबोधित किया। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज एक दिवसीय बिहार दौरे पर पहुंचे। उन्होंने बक्सर में जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मैं बिहार के उन सभी लोगों को नमन करता हूं जिनके विचार आज देश-दुनिया में याद किए जाते हैं। महात्मा गांधी ने सत्याग्रह आंदोलन भी बिहार के चंपारण से शुरू किया था। यह आंदोलन आजादी की लड़ाई से जुड़ा था। अब हम ‘जय बापू, जय भीम और जय संविधान रैली’ को लेकर इस महान धरती पर आए हैं और जो कि हमारा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि मैं अपने आप को भाग्यशाली मानता हूं कि आज गंगा जी के तट पर बसे इस क्षेत्र में आने का अवसर मिला, जो संविधान सभा के प्रोटेम अध्यक्ष सच्चिदानंद सिन्हा जी की भूमि भी है। बिहार की धरती पर महात्मा बुद्ध जी ने तपस्या कर ज्ञान पाया और आज सारी दुनिया बुद्ध जी के शांति संदेश को मानती है। गुरु गोविंद सिंह जी भी इसी धरती पर जन्मे और कई अन्य महापुरुष, समाज सुधारक भी बिहार की धरती से निकले। यहां से कई राजनेता भी आए, जिन्होंने देश के लिए अपना योगदान दिया। कांग्रेस अध्यक्ष ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार की जोड़ी केवल कुर्सी के लिए है। यह जोड़ी बिहार के विकास के लिए नहीं है। सीएम नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि वह एक बार इंडिया गठबंधन की गोद में आते हैं। इसके बाद यहां कुछ दिन गुजारने के बाद लगा कि भाजपा आनेवाली है तो वह इधर से उधर चले जाते हैं। यह देश के लिए सही नहीं। वह गरीब, किसान, अछूत, पिछड़ा और अति पिछड़ा को बर्बाद करने लिए उधर जाते हैं   कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि उन्होंने जबरन वक्फ संशोधन कानून बनाया। जिस कानून को लेकर सालों से झगड़ा नहीं था, अब वहां झगड़ा करना चाहते हैं। आरएसएस और भाजपा गरीबों, पिछड़ों, महिलाओं के दोस्त हो नहीं सकते। मनु स्मृति का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षित नहीं करना चाहिए। पवित्र काम में शामिल नहीं करना चाहिए, जबकि बाबा साहेब डॉ भीम राव अम्बेडकर ने इन्हें सम्मान दिया। बक्सर में कार्यक्रम को लेकर बिहार प्रदेश कांग्रेस की ओर से सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। हालांकि उनके कार्यकम में एक बदलाव हुआ है। खरगे पटना में एक कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे लेकिन, किसी कारण इसमें बदलाव कर दिया गया है। इधर, बिहार दौरे से पहले उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि कैसे बड़े षडयंत्र के तहत नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी का नाम चार्जशीट में डाल दिया गया है। यह लोग किसी का भी नाम डाल दें हम डरने वाले नहीं है। इसके पहले ही नेशनल हेराल्ड की दिल्ली, लखनऊ और मुंबई की संपत्तियों को अटैच कर दिया गया। इसमें कोई शक नहीं कि यह सब बदले की भावना से किया जा रहा है। हमें लोगों के बीच जाकर उनको अपने पक्ष से अवगत कराना होगा और भाजपा के षडयंत्र को बेनकाब करना होगा। इसके अलावा देश के सामने कई ज्वलंत मुद्दे हैं, जिनको हमें लगातार उठाते रहना है।  recent visitors 31

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरु अर्जन देव के प्रकाश पर्व पर दीं शुभकामनाएं

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिख धर्म के पांचवें गुरु, संत शिरोमणि गुरु अर्जन देव जी के प्रकाश पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का संपूर्ण जीवन सेवा, त्याग और मानव कल्याण का प्रतीक है। उनके विचार सर्वदा हम सभी को सत्य, सहिष्णुता और धर्मनिष्ठा के मार्ग पर दृढ़तापूर्वक अग्रसर होने की प्रेरणा देते रहेंगे।   recent visitors 20

महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती पर धर्मरक्षा महायज्ञ में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय और राज्यपाल आचार्य देवव्रत

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत आज राजधानी रायपुर के डीडीयू ऑडिटोरियम में महर्षि दयानंद सरस्वती जी की 200वीं जयंती और आर्य समाज के 150वें स्थापना वर्ष के शुभ अवसर पर आयोजित धर्मरक्षा महायज्ञ एवं वैदिक सनातन संस्कृति सम्मेलन में शामिल हुए। मुख्यमंत्री साय ने इस दौरान धर्मरक्षा यज्ञ में हवन-पूजन कर प्रदेश कल्याण की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय और राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने छत्तीसगढ़ प्रांतीय आर्य प्रतिनिधि सभा द्वारा तैयार पुस्तिका "चुनौतियों का चिंतन" का विमोचन किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने सभा को संबोधित करते हुए महर्षि दयानंद सरस्वती का पुण्यस्मरण किया। उन्होंने कहा कि आर्य समाज को मानव कल्याण का कार्य करते हुए आज 150 वर्ष पूरे हो गए हैं। आर्य समाज के द्वारा निरंतर देश सेवा, धर्म-संस्कृति की रक्षा तथा जनजागरण का कार्य किया जा रहा है। श्री साय ने बताया कि वे महर्षि दयानंद के विचारों से प्रभावित होकर वर्ष 1999 से आर्य समाज से जुड़े हुए हैं और विभिन्न अवसरों पर समाज के मनीषियों का मार्गदर्शन उन्हें प्राप्त होता रहा है। आर्य समाज महर्षि दयानंद के विचारों को आगे बढ़ाते हुए संस्कार और शिक्षा का पुनीत कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी प्राकृतिक खेती और देशी नस्ल की गायों के उपयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दे रहे हैं। प्रदेश सरकार निश्चित रूप से इस दिशा में अपने प्रयासों को और अधिक गति देगी। श्री साय ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों में हमारी सरकार ने मोदी की गारंटियों को पूरा करने का कार्य किया है। गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए हमने पहले ही कैबिनेट में 18 लाख आवास की स्वीकृति दी थी और अब आवास प्लस-प्लस का सर्वेक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही भूमिहीन मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये, माताओं-बहनों को प्रति माह एक हजार रुपये, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और रामलला दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेशवासियों के तीर्थदर्शन के पुण्य संकल्प को भी पूरा किया जा रहा है। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने महर्षि दयानंद सरस्वती को नमन करते हुए कहा कि उनके जीवन-मूल्यों और विचारों को आत्मसात करने से शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक उन्नति का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने महर्षि दयानंद की संपूर्ण जीवन-यात्रा और उद्देश्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक कृषि और देशी गौवंश की रक्षा एवं उनका संवर्धन अत्यंत आवश्यक है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर यदि हम गौपालन को लाभकारी बनाएंगे, तो समाज में उसकी रक्षा हेतु स्वाभाविक चेतना विकसित होगी। इससे सड़कों पर पशुओं के विचरण की समस्या स्वतः समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जैविक खेती के माध्यम से हम स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकते हैं। इस अवसर पर योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल, स्वामी धर्मानंद सरस्वती जी महाराज, सुरेश जी, कैप्टन रुद्रसेन, विनय आर्य, डॉ. राजेंद्र विद्या अलंकार, प्रबल प्रताप जूदेव, आर्य समाज के  रामकुमार पटेल सहित आर्यवीर और आर्य समाज के अनुयायी उपस्थित थे। recent visitors 22