पाकिस्तान पुलिस के प्रवक्ता ने बताया- PSL के प्रसारण दल में शामिल 23 भारतीयों को लाहौर से वाघा सीमा के रास्ते भारत भेजा

इस्लामाबाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान ने बड़ा कदम उठाते हुए पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) सीजन 10 के दौरान काम कर रहे 23 भारतीय नागरिकों को वापस भारत भेज दिया है। यह निर्णय हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद लिया गया है, जिसमें 26 भारतीय पर्यटक मारे गए थे। पाकिस्तान पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि PSL के प्रसारण दल में शामिल इन 23 भारतीयों को लाहौर से वाघा सीमा के रास्ते भारत भेजा गया। यह कार्रवाई पाकिस्तान सरकार के आदेशों पर की गई। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन भारतीयों को बिना किसी अन्य कार्रवाई के सीधे सीमा पर पहुँचाकर भारत रवाना किया गया।   सीमाएं बंद, वीजा सुविधाएं भी रद्द भारत ने पहलगाम हमले के बाद अटारी-वाघा सीमा को बंद करने की घोषणा की थी। इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान के नागरिकों के लिए SAARC वीजा छूट योजना (SVES) भी रद्द कर दी है, जिससे पाकिस्तानी नागरिक अब विशेष अनुमति के बिना भारत नहीं आ सकेंगे। पाकिस्तान ने भी जवाबी कदम उठाते हुए वाघा सीमा को तत्काल प्रभाव से बंद करने का ऐलान किया है। पाकिस्तान ने कहा है कि भारत से आने-जाने वाला हर प्रकार का सीमापार यातायात फिलहाल पूरी तरह से निलंबित रहेगा। केवल पहले से वैध परमिट धारकों को वापस लौटने की अनुमति दी गई है। साथ ही पाकिस्तान ने भारतीय नागरिकों के लिए SAARC वीजा छूट के तहत जारी सभी वीजा रद्द कर दिए हैं, हालांकि सिख तीर्थयात्रियों को अस्थायी रूप से छूट दी गई है। भारत पर लगाए गंभीर आरोप पाकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति ने भारत पर आरोप लगाया कि वह पहलगाम जैसी घटनाओं का इस्तेमाल "संकीर्ण राजनीतिक हितों" को साधने के लिए कर रहा है। समिति ने कहा कि भारत के “प्रतिशोधी रवैये” से क्षेत्र में शांति और स्थिरता को खतरा पैदा हो रहा है।पाकिस्तान ने भारतीय मीडिया पर भी निशाना साधते हुए कहा कि "भारतीय राज्य नियंत्रित युद्धोन्मादी मीडिया" क्षेत्रीय अस्थिरता को बढ़ावा दे रहा है, जिसे लेकर भारत को आत्मचिंतन करना चाहिए। तनाव बढ़ने के संकेत स्पष्ट है कि पहलगाम हमले के बाद भारत द्वारा उठाए गए सख्त कदमों से पाकिस्तान में बौखलाहट है। PSL से भारतीय कर्मचारियों को निष्कासित करना, सीमाओं को बंद करना और वीजा सुविधाओं को रद्द करना, सब इसी प्रतिक्रिया का हिस्सा हैं। दोनों देशों के बीच इस समय कूटनीतिक संबंधों में भारी तनाव है और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर वैश्विक चिंता भी गहराती जा रही है। recent visitors 41

केन्द्र सरकार आतंकवाद और आतंकवादियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए और पूरा देश सरकार के साथ: अखिलेश यादव

लखनऊ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि केन्द्र सरकार आतंकवाद और आतंकवादियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए और पूरा देश सरकार के साथ है। यादव ने कुशीनगर पहुंचकर पूर्व विधायक पूर्णमासी देहाती एवं पूर्व जिलाध्यक्ष शुकरूल्ला अंसारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में यादव ने कहा कि केन्द्र सरकार आतंकवाद और आतंकवादियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए, पूरा देश सरकार के साथ है। पहलगाम की चूक अब नहीं दोहरानी चाहिए: अखिलेश उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि सरकार ठोस कदम उठाएगी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकवादी हमले की घटना बेहद दुःखद और निन्दनीय है। हम सभी लोग उत्तर प्रदेश से लेकर गुजरात, हरियाणा और देश के अन्य राज्यों के पीड़ित परिवारों के साथ हैं। यादव ने कहा कि सरकार ने पाकिस्तान को जवाब देने के लिए जो फैसले लिए है उसमें सभी सरकार के साथ हैं। पूरा देश चाहता है कि भविष्य में पहलगाम जैसी घटना न हो। उन्होंने कहा कि सरकार को हर तरह से समर्थन है और उम्मीद है कि भविष्य में सुरक्षा में कोई चूक नहीं होगी….। अग्निवीर से टूटा युवाओं का भरोसा, मनोबल पर चोट: अखिलेश यादव ने कहा कि देश का हर नागरिक बड़े, बुजुर्ग, बच्चे सभी लोग इस घटना से चिन्तित है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। हमें उम्मीद है कि देश की सुरक्षा, सीमाओं की रक्षा और अर्थव्यवस्था को लेकर सरकार ने जो आश्वासन दिया है, उस पर अमल करेगी। यादव ने कहा कि हमारी फौज बहुत बहादुर है लेकिन भाजपा सरकार ने सेना में अग्निवीर योजना लाकर नौजवानों का मनोबल गिराने का काम किया। नौजवान सेना में रहकर देश की सेवा करना चाहता है। पक्की वर्दी और पक्की नौकरी चाहता है। कुशीनगर, गाजीपुर समेत प्रदेश के सभी जिलों के गांवों के तमाम नौजवान फौज में जाने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारी करते थे, लेकिन अग्निवीर योजना आने से नौजवानों में निराशा है। 5 करोड़ और नौकरी के बाद ही जाऊंगा शुभम के घर: अखिलेश एक सवाल के जवाब में यादव ने कहा कि उनकी पार्टी के लोग कानपुर में शुभम द्विवेदी के घर गए थे। शुभम उन 26 लोगों में शामिल था जो पहलगाम में आतंकवादी हमले में मारे गए थे। सपा प्रमुख ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से शुभम के घर नहीं गए लेकिन इसे राजनीति के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवारों को 5 करोड़ रूपए और सरकारी नौकरी देने की मांग करते हुए कहा कि जिस दिन सरकार 5 करोड़ रूपए और सरकारी नौकरी दे देगी उसी दिन वह भी कानपुर के शहीद शुभम द्विवेदी के घर जाएंगे। recent visitors 42

आमिर खान के अपकमिंग प्रोजेक्ट ट्रेलर पर बीजेपी प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह की नजर पड़ी तो वह बुरी तरह भड़क उठे

मुंबई टी-सीरीज के नाम पर एक फर्जी यूट्यूब चैनल पर 2 दिन पहले आमिर खान के अपकमिंग प्रोजेक्ट का ट्रेलर जारी किया गया, जिसमें वह गुरु नानक देव जी के किरदार में नजर आ रहे हैं। जैसे ही इस ट्रेलर पर बीजेपी प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह की नजर पड़ी तो वह बुरी तरह भड़क उठे। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस ट्रेलर को लेकर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। यह ट्रेलर देखकर न सिर्फ आमिर खान के फैंस, बल्कि पूरा बॉलीवुड और सोशल मीडिया समुदाय भी हैरान है, क्योंकि इससे पहले किसी को नहीं पता था कि आमिर खान ऐसी कोई फिल्म कर रहे हैं और न ही ट्रेलर के बारे में कोई जानकारी थी। बीजेपी प्रवक्ता की कड़ी प्रतिक्रिया इसी बीच बीजेपी प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘फर्जी पोस्टर और टीजर की कड़ी निंदा करता हूं, जिसमें आमिर खान गुरु नानक देव जी का किरदार निभाते हुए नजर आ रहे हैं! ये सिखों की धार्मिक भावनाओं पर जानबूझकर किया गया घृणित हमला है और सिख समुदाय को भड़काने का स्पष्ट प्रयास है। फर्जी चैनल नफरत फैलाने के लिए टी-सीरीज का गलत इस्तेमाल कर रहा है।’ उसके बाद उन्होंने अपने अगले ट्वीट में लिखा, ‘सख्त, तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए!’" प्रीतपाल सिंह ने इस मामले में पंजाब पुलिस और साइबर सेल इंडिया से भी कार्रवाई की अपील की। उन्होंने ट्वीट में लिखा, "यह एक वेक-अप कॉल है।" इसके साथ ही उन्होंने Shiromani Gurdwara Parbandhak Committee और इसके अध्यक्ष को भी टैग करते हुए मामले को गंभीरता से लेने की बात की। उन्होंने पंजाब पुलिस और साइबर सेल से आग्रह किया कि इस फर्जी चैनल के दोषियों के IP और MAC एड्रेस का तुरंत पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त से सख्त आपराधिक कार्रवाई की जाए। फर्जी चैनल पर कम सब्सक्राइबर्स, लेकिन बड़े व्यूज यह फर्जी चैनल टी-सीरीज के नाम पर चलाया जा रहा था, लेकिन इस चैनल के पास महज 66 सब्सक्राइबर्स थे, जबकि वीडियो पर 1.6K व्यूज आ चुके थे। यह दिखाता है कि वीडियो को भ्रामक तरीके से वायरल किया गया था, जिससे लोगों को गुमराह किया गया। यह ट्रेलर पूरी तरह से फर्जी था और आमिर खान की किसी भी फिल्म से संबंधित नहीं था। गुरु नानक देव जी पर आधारित आमिर खान की किसी आगामी फिल्म के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।  recent visitors 49

रियान रिक्लेटन ने 25 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा, हुए आउट, मुंबई को लगा दूसरा झटका

मुंबई आज लखनऊ सुपर जाएंट्स का सामना मुंबई इंडियंस से हो रहा है। मुंबई ने आईपीएल 2025 की शुरुआत उम्मीद के अनुरूप नहीं की थी, लेकिन अब उसने जीत की राह पकड़ ली है। मुंबई और लखनऊ दोनों ही टीमों के फिलहाल एक समान 10 अंक हैं। रिक्लेटन का पचासा मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज रियान रिक्लेटन ने 25 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। उन्होंने 25 गेंदों पर पचासा लगाया जो आईपीएल में उनका दूसरा अर्धशतक है। मुंबई ने सात ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 73 रन बना लिए हैं। रोहित पवेलियन लौटे मयंक यादव ने रोहित शर्मा को आउट कर लखनऊ को पहली सफलता दिलाई। रोहित पांच गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुए। मुंबई का स्कोर तीन ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 33 रन है। मुंबई की पारी शुरू लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस की पारी शुरू हो गई है। लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। मुंबई की ओर से रियान रिक्लेटन के साथ रोहित शर्मा उतरे हैं।  recent visitors 56

ईरान के बंदर अब्बास पोर्ट पर हुए हादसे में अब तक कुल 25 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, घायलों की तादाद करीब 700 है

ईरान ईरान के बंदर अब्बास पोर्ट पर शनिवार को एक भीषण धमाका हुआ. इसके बाद मौके पर आग लग गई. हादसे में अब तक कुल 25 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, घायलों की तादाद करीब 700 है. धमाके के बाद प्रांतीय आपदा प्रबंधन अधिकारी मेहरदाद हसनजादेह ने बताया था कि विस्फोट काफी भयावह था. घायलों में से कई लोगों को होर्मोज़गान प्रांत के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. हादस के बाद सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें काले धुएं का विशाल गुबार आसमान में उठता हुआ देखा जा सकता है. निर्यात और ट्रांजिट शिपमेंट पर लगाई रोक ईरानी मीडिया के मुताबिक, धमाके के बाद ईरान के सीमा शुल्क प्राधिकरण ने सभी कस्टम कार्यालयों को आदेश दिया है कि वे बंदरगाह के लिए निर्यात और ट्रांजिट शिपमेंट भेजने पर तत्काल रोक लगा दें. ये रोक अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी. हालांकि, जिन ट्रकों ने पहले ही सीमा शुल्क की प्रक्रिया पूरी कर ली थी, उन्हें बंदरगाह क्षेत्र से बाहर निकलने की अनुमति दी गई है. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया इस बीच ईरान की राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा के प्रमुख यकतापरस्त ने बताया कि बंदरगाह धमाके में घायल हुए लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. शनिवार को हुए इस भीषण धमाके ने न सिर्फ बंदरगाह की गतिविधियों को ठप कर दिया है, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार और सप्लाई चेन पर भी बड़ा असर डाला है.   recent visitors 46

आईपीएल में सुरक्षा के लिए कुछ अतिरिक्त इंतजाम किए, आतंकवादी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच टेंशन जारी

नई दिल्ली इस समय भारत के अलग-अलग शहरों में इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 18वें सीजन का आयोजन हो रहा है। हर किसी न किसी शहर में आईपीएल के मैच खेले जा रहे हैं और पहलगाम में सैलानियों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच टेंशन जारी है। ऐसे में आईपीएल में खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा के लिए कुछ अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं, जिसमें एंटी ड्रोन सिस्टम हर एक स्टेडियम में इंस्टॉल किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जाए। बिग बैंग बूम सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड यानी BBBS ने शनिवार को देश भर में इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL 2025 मैचों के दौरान हवाई क्षेत्र की सुरक्षा के लिए अपने स्वदेशी एंटी-ड्रोन सिस्टम, वज्र सुपर शॉट की तैनाती की घोषणा की। वज्र सुपर शॉट एक हल्का, हाथ में पकड़ा जाने वाला एंटी-ड्रोन हथियार है, जो चार किलोमीटर दूर तक ड्रोन का पता लगाने और उनके कम्युनिकेशन सिग्नल को बाधित करने में सक्षम है, जिससे संभावित खतरों को प्रभावी ढंग से बेअसर किया जा सकता है। BBBS की एक प्रेस रिलीज के अनुसार, इसकी पोर्टेबिलिटी और अनुकूली फ्रीक्वेंसी जैमिंग इसे भीड़ भरे स्टेडियम जैसे गतिशील वातावरण के लिए आदर्श बनाती है। यह तैनाती राष्ट्रीय सुरक्षा और स्वदेशी रक्षा प्रौद्योगिकियों की उन्नति के प्रति बीबीबीएस की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है, जो 'आत्मनिर्भर भारत' पहल के अनुरूप है। अगर स्टेडियम के आसपास कोई फ्लाइंग ऑब्जेक्ट, ड्रोन या फिर अन्य कोई चीज एयर स्पेस में आती है तो एंटी ड्रोन सिस्टम उसके कम्युनिकेशन सिग्नल को खत्म कर देगा। इस सिस्टम का इस्तेमाल आईपीएल 2025 के 43वें मैच में हुआ था, जो चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला गया था। इसके बाद से हर एक मैच में ये सिस्टम लगेगा, ताकि स्टेडियम के एयर स्पेस की सुरक्षा की जाए और इसमें कोई सेंध ना लगा पाए। recent visitors 44

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री साय ने सुनी ‘मन की बात’ की 121वीं कड़ी

रायपुर  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 121वीं कड़ी का श्रवण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘मन की बात’ को जनजागरण और राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम देशवासियों को सकारात्मक दिशा प्रदान करने और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का अद्वितीय मंच है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के विचार और संदेश आज पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के कोने-कोने में हो रहे नवाचारों, सामाजिक पहलों और सकारात्मक परिवर्तनों की जानकारी आमजन तक पहुँचती है, जिससे पूरे समाज में जागरूकता और ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल प्रेरणा देता है, बल्कि समाज में सक्रिय भागीदारी और रचनात्मक परिवर्तन को भी प्रोत्साहित करता है। मुख्यमंत्री साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री  मोदी ने इस बार ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में स्थापित विज्ञान केन्द्र की विशेष रूप से सराहना की है। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताते हुए प्रधानमंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में कहा कि आज भारत के युवा तेजी से साइंस, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे इलाके, जो कभी पिछड़ेपन और हिंसा के लिए पहचाने जाते थे, अब नवाचार के केन्द्र बन रहे हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में स्थापित विज्ञान केन्द्र की सराहना करते हुए कहा कि जहाँ कभी हिंसा और अशांति का साया था, वहाँ आज बच्चे विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नए-नए प्रयोग कर रहे हैं। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने कहा कि दंतेवाड़ा का विज्ञान केन्द्र आज पूरे देश का ध्यान आकर्षित कर रहा है, जहाँ बच्चों को थ्री-डी प्रिंटर, रोबोटिक कार जैसी अत्याधुनिक तकनीकों से परिचित कराया जा रहा है। बच्चों का तकनीक के प्रति यह जुड़ाव भारत के उज्ज्वल भविष्य की दिशा को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विज्ञान और नवाचार के प्रति देश के युवाओं में बढ़ता आकर्षण भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दंतेवाड़ा का विज्ञान केन्द्र अब वैज्ञानिक चेतना और नवाचार का केन्द्र बन रहा है, जो विशेषकर आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को विज्ञान, तकनीक और नवाचार की दुनिया से जोड़ने का प्रेरक माध्यम बन गया है। प्रधानमंत्री द्वारा की गई यह सराहना न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए एक उत्साहवर्धक संकेत है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को ‘मन की बात’ के जरिए देशवासियों से संवाद करते हैं और देश भर में हो रहे सकारात्मक प्रयासों को साझा कर एक प्रेरक वातावरण तैयार करते हैं। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष  सौरभ सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा 'मन की बात' कार्यकम में दंतेवाड़ा विज्ञान केन्द्र की प्रशंसा छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। दंतेवाड़ा जैसे क्षेत्र, जो कभी हिंसा के लिए जाने जाते थे, आज विज्ञान और नवाचार के प्रतीक बन रहे हैं। प्रधानमंत्री जी की सराहना से प्रदेश के बच्चों और युवाओं को विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलेगी। यह छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।"  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय recent visitors 42