Saturday, July 4, 2026 7:47 pm

भारतमाला परियोजना के निर्माण का डिप्टी सीएम साव ने किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों से ली गुणवत्ता की जानकारी

रायपुर उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज अचानक निर्माणधीन रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे का औचक निरीक्षण करने अभनपुर पहुंचे, यहां उन्होंने निर्माणधीन ओवरब्रिज एवं सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान भारत माला प्रोजेक्ट एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सबसे पहले अभनपुर में निर्माणाधीन ओवरब्रिज कार्य का औचक निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित अधिकारियों से निर्माण की गुणवत्ता की जानकारी ली। साथ ही कार्य को निर्धारित समय अवधि में पूर्ण करने की बात कही। इस दौरान अधिकारियों ने एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट कार्य की संपूर्ण जानकारी दी। डिप्टी सीएम अरुण साव ब्रिज निरीक्षण के बाद ग्राम पंचायत भेलवाडीह के पास पहुंचे, यहां उन्होंने सड़क निर्माण के संबंध पूछताछ की। इस दौरान अधिकारियों से सड़क निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि, निर्माण में सभी मानकों का ध्यान रखा गया है। उप मुख्यमंत्री साव ने निरीक्षण के बाद कहा कि भारत सरकार की यह क्रांतिकारी परियोजना है, इसका लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा। इस हाइवे के बन जाने के बाद विशाखापट्टनम जाने में लंबी दूरी तय करना नहीं पड़ेगा। साथ ही यह आर्थिक गलियारा के रूप में महत्वपूर्ण साबित होगा। गौरतलब है कि, रायपुर से विशाखापट्टनम तक 464 किमी लंबा 6 लेन का एक्सप्रेसवे का अधिकतर कार्य पूर्ण हो गया है। इस एक्सप्रेसवे के जरिए छत्तीसगढ़ से ओडिशा होते हुए आंध्र प्रदेश पहुंच सकेंगे। यह रायपुर को धमतरी, कांकेर, कोंडागांव, कोरापुट और सब्बावरम शहर को जोड़ेगा। यह एक्सप्रेसवे विशाखापट्टनम बंदरगाह पर समाप्त होगा। इसका निर्माण भारतमाला परियोजना के तहत किया जा रहा है। भारतमाला परियोजना में मुआवजा घोटाला छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना के तहत राजधानी रायपुर से विशाखपट्टनम तक 950 किमी सड़क निर्माण किया जा रहा है. इस परियोजना में रायपुर से विशाखापटनम तक फोरलेन सड़क और दुर्ग से आरंग तक सिक्सलेन सड़क बनना प्रस्तावित है. इस सड़क के निर्माण के लिए सरकार ने कई किसानों की जमीनें अधिग्रहित की है. इसके एवज में उन्हें मुआवजा दिया जाना है, लेकिन कई किसानों को अब भी मुआवजा नहीं मिल सका है. विधानसभा बजट सत्र 2025 के दूसरे दिन नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने इस मुद्दे को उठाया था, जिसके बाद इस मामले में जांच का फैसला लिया गया था. क्या है भूमि अधिग्रहण नियम? भूमि अधिग्रहण नियम 2013 के तहत हितग्राही से यदि 5 लाख कीमत की जमीन ली जाती है, तो उस कीमत के अलावा उतनी ही राशि यानी 5 लाख रुपए सोलेशियम के रूप में भी दी जाएगी. इस तरह उसे उस जमीन का मुआवजा 10 लाख दिया जाएगा. इसके तहत 5 लाख की यदि जमीन अधिग्रहित की जाती है तो उसके 10 लाख रुपए मिलेंगे और 10 लाख रुपए सोलेशियम होगा. इस तरह हितग्राही को उसी जमीन के 20 लाख रुपए मिलेंगे. recent visitors 38

आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ मजबूती से खड़ा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हमारा पूरा समर्थन: अमेरिका

न्यूयॉर्क अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ मजबूती से खड़ा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘‘हमारा पूरा समर्थन'' है। मंत्रालय ने साथ ही इस बात पर भी जोर दिया कि अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत और पाकिस्तान से एक ऐसा उचित समाधान तलाशने की दिशा में काम करने का आग्रह किया है जो दक्षिण एशिया में दीर्घकालिक शांति एवं क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखे। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने बृहस्पतिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत और पाकिस्तान के मध्य बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका स्थिति पर ‘‘बारीकी से नजर रख रहा है।'' विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बुधवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से अलग-अलग बात की। ब्रूस ने कहा, ‘‘जैसा कि (अमेरिका के) राष्ट्रपति (डोनाल्ड ट्रंप) ने पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री मोदी से कहा था, अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ मजबूती से खड़ा है और प्रधानमंत्री मोदी को हमारा पूरा समर्थन है।'' ब्रूस ने बताया कि रुबियो ने ‘‘दोनों देशों से जिम्मेदारी से एक ऐसा समाधान तलाशने की दिशा में काम करने का आग्रह किया जो दक्षिण एशिया में दीर्घकालिक शांति एवं क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखे। जैसा कि मैंने उल्लेख किया है, हम कई स्तरों पर दोनों देशों की सरकारों के संपर्क में हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘ सरकार लगातार संपर्क में है। हम दोनों पक्षों से जिम्मेदारी से कोई समाधान निकालने के लिए कह रहे हैं। मैं आपको इसके अलावा कोई और जानकारी नहीं दे सकती।'' अमेरिका ने भारत और पाकिस्तान से तनाव कम करने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया है। उसने आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ सहयोग करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की है और पहलगाम आतंकवादी हमले की जांच में पाकिस्तान से सहयोग करने का आग्रह किया है। जयशंकर के साथ बुधवार रात को फोन पर हुई बातचीत में रुबियो ने पहलगाम में हुए ‘‘भयावह'' आतंकवादी हमले में लोगों के मारे जाने पर दुख व्यक्त किया और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ सहयोग को लेकर अमेरिका की प्रतिबद्धता जताई। ब्रूस ने एक बयान में बताया कि रुबियो ने दक्षिण एशिया में तनाव कम करने और शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए भारत से पाकिस्तान के साथ काम करने का आग्रह किया।   विदेश मंत्री जयशंकर ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ पहलगाम आतंकवादी हमले पर चर्चा की। इसके दोषियों, उनका सहयोग करने वालों और साजिश रचने वालों को न्याय के दायरे में लाया जाना चाहिए।'' रुबियो ने शरीफ के साथ बातचीत में पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले की निंदा करने की आवश्यकता पर बल दिया तथा पाकिस्तानी अधिकारियों से ‘‘इस अमानवीय हमले'' की जांच में सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने पाकिस्तान को तनाव कम करने, सीधे संचार को फिर से स्थापित करने और दक्षिण एशिया में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए भारत के साथ काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। रुबियो और शरीफ ने ‘‘आतंकवादियों को हिंसा के जघन्य कृत्यों के लिए जवाबदेह ठहराने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।''     recent visitors 43

बिना धमाके दुश्मन को काट देगी भारतीय सेना की नई मिसाइल!, अमेरिका से आई ‘उड़ती हुई तलवार’

नई दिल्ली भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को और तेज करने के लिए एक खुफिया लेकिन खतरनाक हथियार खरीदा है। यह मिसाइल कोई आम हथियार नहीं बल्कि एक 'उड़ती हुई तलवार' है, जिसे V-Sword Missile के नाम से जाना जाता है। इसका असली नाम है Hellfire R9X Missile। इस मिसाइल की खास बात ये है कि ये धमाका नहीं करती बल्कि दुश्मन को छह घातक ब्लेड्स से काटकर खत्म कर देती है। अब भारत ने इसे अमेरिका से इमरजेंसी प्रोक्योरमेंट के तहत खरीदने का फैसला किया है। आतंकियों के खिलाफ सटीक वार इस मिसाइल का इस्तेमाल खासतौर पर उन्हीं स्थितियों में किया जाता है जहां आतंकी आम नागरिकों के बीच छिपे होते हैं। पारंपरिक मिसाइलों से वहां हमला करने पर आम लोगों को भी नुकसान पहुंच सकता है, लेकिन V-Sword सिर्फ अपने टारगेट को खत्म करती है। इसका सबसे चर्चित उदाहरण अमेरिका द्वारा 2022 में किया गया था, जब अलकायदा प्रमुख अयमान अल जवाहिरी को अफगानिस्तान में इसी मिसाइल से मार गिराया गया। 85 मिसाइलें, 48 लॉन्चर और नाइट विजन डिवाइस की खरीद पाकिस्तान से बढ़ते तनाव और संभावित खतरों को देखते हुए भारत ने अमेरिका से 85 V-Sword मिसाइलें, 48 लॉन्चर और नाइट विजन साइट्स खरीदने का निर्णय लिया है। ये सब कुछ इमरजेंसी खरीद प्रक्रिया के तहत हो रहा है, ताकि तुरंत ऑपरेशनल जरूरतों को पूरा किया जा सके। ड्रोन वॉर का नया चेहरा आज के दौर में जहां युद्ध मैदानों की जगह डिजिटल और ड्रोन टेक्नोलॉजी ले रही है, वहां यह मिसाइल एक गेम चेंजर साबित हो सकती है। भारत के पास पहले से ही कई आधुनिक ड्रोन हैं जो अब इन मिसाइलों को लेकर उड़ान भर सकते हैं। V-Sword मिसाइल की तैनाती भारत की सुरक्षा रणनीति में एक नया अध्याय जोड़ रही है। अब भारत भी उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल हो गया है जिनके पास सर्जिकल और सटीक हमलों के लिए हाई-प्रिसिशन हथियार हैं। अमेरिका से मिली मिसाइल, अब भारत के पास यह मिसाइल अब तक सिर्फ अमेरिका के पास थी और उसका इस्तेमाल आतंक के खिलाफ ऑपरेशन में होता था। अब भारत के पास भी यह अत्याधुनिक हथियार होगा, जिससे सीमा पार छिपे आतंकियों को सुरक्षित तरीके से निशाना बनाया जा सकता है।   recent visitors 36

दिल्ली-एनसीआर में मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह तेज हवा के साथ हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया

नई दिल्ली दिल्ली-एनसीआर में इस हफ्ते मौसम खुशनुमा रहनेवाला है। शनिवार को भी मौसम के मिजाज में बदलाव आया है। हवा चलने के साथ-साथ आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह तेज हवा के साथ हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। आईएमडी के अनुसार, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है। आईएमडी ने शनिवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया था। आठ मई तक रोज ही हल्के बादल छाए रहने, तेज हवा चलने और तापमान कम रहने के आसार जताए हैं। इससे पहले शुक्रवार को हुई तेज बारिश से दिल्ली-एनसीआर में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। जलभराव के कारण भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। कई राज्यों में बिजली गिरने की चेतावनी वहीं आईएमडी ने कई राज्यों में भीषण गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लोगों से आवश्यक सावधानी बरतने का आग्रह किया है। आईएमडी ने पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, बिहार और गांगेय पश्चिम बंगाल के लिए अलर्ट जारी किया है। आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह जारी आईएमडी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "पूर्वी राजस्थान से पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, बिहार और गांगेय पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ रहे सिस्टम में भीषण गरज-चमक के साथ खतरनाक बिजली गिरने की गतिविधि शुरू हो रही है। पूरे क्षेत्र में ओलावृष्टि की भी संभावना है। आवश्यक सावधानियां/कार्रवाई की सलाह दी जाती है।" 50-60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं आईएमडी ने असम और मेघालय, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ तूफान की चेतावनी भी जारी की है। आईएमडी ने एक्स पर कहा, "असम और मेघालय, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की संभावना है।" recent visitors 90

अदालत ने पुलिस अधीक्षक को किया जारी अवमानना नोटिस

रायपुर/बिलासपुर एएसआई के रिटायरमेंट के बाद भी उसके खिलाफ रिकवरी आदेश जारी कर समस्त देयकों को रोक दिया गया. अदालती आदेश के बाद भी देयकों का भुगतान नहीं करने पर अब हाईकोर्ट ने रायपुर पुलिस अधीक्षक के खिलाफ अवमानना नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. शौर्य पेट्रोल पंप (पुलिस पंप) रायपुर में कार्यरत सहायक उपनिरीक्षक (मैकेनिक) के खिलाफ पेट्रोल पंप में अनियमितता बरतने एवं 1 करोड़ से अधिक की राशि गबन करने के आरोप में विभागीय कार्रवाई करते हुए लगभग 10 लाख राशि वसूली का आदेश 7 साल पूर्व जारी किया गया था जिसके विरुद्ध इस सहायक उप निरीक्षक (मैकेनिक) ने हाईकोर्ट में रिट याचिका प्रस्तुत की थी, जिस पर अदालत ने वसूली पर रोक लगाई गई थी. इसी दौरान गत 21 फरवरी 2024 को वह सेवानिवृत हो गया. इसके बाद उसके समस्त सेवानिवृत्ति लाभों का भुगतान रोक दिया गया. इसके खिलाफ इस पुलिस कर्मचारी ने एडवोकेट आरके केशरवानी के माध्यम से हाईकोर्ट में फिर से रिट याचिका पेश की. हाईकोर्ट ने वसूली कार्यवाही को निरस्त करते हुए समस्त सेवानिवृति लाभों का भुगतान 45 दिनों के भीतर करने निर्देश दिया. इसके बाद भी निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं किये जाने पर अवमानना याचिका लगाई गई. इस याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह को अवमानना नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. recent visitors 38

खड़ी पिकअप में घुसा नशे में धुत युवक, हुई मौत

सरगुजा  पत्थलगांव-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां नशा और रफ्तार युवक सुलेश मांझी की मौत का कारण बन गया। पल्सर सवार युवक तेज रफ्तार में बेरीकेट्स को टक्कर मारते हुए खड़ी पिकअप से टकरा गया। दर्दनाक हादसे में सुलेश के सिर पर गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई। हादसा सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम प्रतापगढ़ के पास हुआ है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात युवक सुलेश तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था। वह नशे की हालत में था। तेज रफ्तार और नशे के कारण युवक ने बाइक से नियंत्रण खो दिया। बाइक अनियंत्रित होकर पहले बेरिकेट्स से टकराई, फिर सामने खड़ी पिकअप से जा भिड़ी। जोरदार टक्कर में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। recent visitors 47

टॉम क्रूज़ की मिशन का आखिरी अध्याय: एक युग का समापन

लॉस एंजेलस,  मनोरंजन की दुनिया में जब हर कुछ समय में नई फिल्मों और ट्रेंड्स का जन्म होता है, वहीं कुछ कलाकार अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से एक लंबा सफर तय करते हैं। टॉम क्रूज़ उन चंद कलाकारों में से हैं जिन्होंने अपने करियर को एक नई पहचान दी है। अब, 62 साल की उम्र में, वह एक बार फिर एथन हंट के किरदार में नजर आएंगे, और इस बार वह मिशन इम्पॉसिबल-द फाइनल रेकनिंग के साथ अपनी प्रसिद्ध फ्रेंचाइज़ी का आखिरी चैप्टर लिखने जा रहे हैं। 1996 में जब पहली बार मिशन इम्पॉसिबल फिल्म रिलीज़ हुई थी, तब यह एक नया कदम था एक्शन थ्रिलर फिल्मों के लिए। इसके निर्देशन में ब्रायन डी पाल्मा ने एक हाई-ऑक्टेन जासूसी कहानी पेश की, जिसे देखने के बाद किसी ने नहीं सोचा था कि यह फिल्म एक बहुप्रसिद्ध फ्रेंचाइज़ी में तब्दील हो जाएगी। यह फिल्म न सिर्फ अपनी कहानी के कारण हिट हुई, बल्कि इसके अद्भुत स्टंट्स और सस्पेंस ने इसे इतिहास में अमर कर दिया। लेकिन इस फ्रेंचाइज़ी की खासियत यह रही कि यह कभी भी पुरानी नहीं पड़ी, बल्कि हर नई फिल्म के साथ यह और भी बड़े स्टंट्स और शानदार विज़न के साथ पेश होती रही। टॉम क्रूज़ ने इस फ्रेंचाइज़ी के हर हिस्से को एक नया आयाम दिया। अपने खतरनाक स्टंट्स को खुद करना, चाहे वह रोगु नेशन में उड़ते प्लेन से लटकना हो या घोष्ट प्रोटोकॉल में बुर्ज खलीफा पर चढ़ना हो, हर फिल्म में क्रूज़ ने रियलिज़्म और ऑथेन्टिसिटी को अपनाया। उनका यह समर्पण ही था जिसने मिशन : इम्पासिबल को एक नई ऊंचाई तक पहुंचाया। एथन हंट के रूप में टॉम क्रूज़ ने सिर्फ एक स्पाई के तौर पर काम नहीं किया, बल्कि इस किरदार को भी एक गहरी मानवीय जर्नी बना दिया। वह हमेशा अपनी टीम और मिशन के प्रति वफ़ादार रहे, लेकिन साथ ही समय के साथ इस किरदार में एक नई वल्नरेबिलिटी भी दिखाई। यही वजह है कि ऑडियंस उन्हें सिर्फ एक हीरो नहीं, बल्कि एक इंसान के तौर पर महसूस करती है। अब, द फाइनल रेकनिंग के साथ टॉम क्रूज़ और इस फ्रेंचाइज़ी का सफर लगभग समाप्त होने जा रहा है। यह फिल्म सिर्फ एथन हंट का आखिरी मिशन नहीं होगी, बल्कि यह एक युग के समापन का प्रतीक भी बनेगी। यह हॉलीवुड के सबसे बड़े स्टार की मेहनत और समर्पण का सलाम होगा। अगर यह सचमुच उनका आखिरी मिशन है, तो यह न केवल एक किरदार की विदाई, बल्कि एक युग का भी अंत होगा। फिल्म भारत में 17 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है और इसे इंग्लिश, हिंदी, तमिल और तेलुगु में आईमैक्स के साथ देखा जा सकेगा।   recent visitors 45