दीक्षांत समारोह: स्वर्ण पदक से 122 एवं शोध उपाधियों से 33 विद्यार्थी सम्मानित

भोपाल राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि संगीत हमेशा ही मन को भाता है। मनुष्य की हर उम्र में संगीत महत्वपूर्ण स्थान रखता है। राज्यपाल श्री पटेल ने रविवार को राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय ग्वालियर के छठवें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता कबीर लोक भजन गायक पद्मश्री कालूरामबामनिया ने की। इस मौके पर वरिष्ठ तबला वादक एवं शिक्षाविद् प्रो. किरण देशपाण्डे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय भारतीय संगीत को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। महाविद्यालय के अनेकों छात्रों ने संगीत के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में युवाओं को अपनी पूरी क्षमता के साथ योगदान देना चाहिए। संगीत विश्वविद्यालय में अध्ययन करने के बाद जिन छात्रों को पुरस्कृत किया गया है वे अपने जीवन में संगीत के माध्यम से देश विकास में अपना सहयोग करें। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि वरिष्ठ तबला वादक प्रो. किरण देशपाण्डे के जीवन से युवाओं को प्रेरणा लेना चाहिए। वे जिस प्रकार से 87 वर्ष की उम्र में भी तबला वादन कर रहे हैं, उसकी जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार क्रिकेट में खिलाड़ी शतक लगाते हैं, उसी प्रकार प्रो. देशपाण्डे भी अपनी उम्र का शतक लगाएँ, यह हम सबकी कामना है। पद्मश्री कालूराम बामनिया के गायन और प्रो. पं. किरण देशपाण्डे के वादन की हुई प्रस्तुतियां दीक्षांत समारोह में वरिष्ठ तबला वादक एवं शिक्षाविद् प्रो. पं. किरण देशपाण्डे ने कहा कि उनका तबला वादन विश्वविद्यालय द्वारा डी.लिट उपाधि से सम्मानित किए जाने के प्रति धन्यवाद ज्ञापन हैं। समारोह में कबीर लोक भजन गायक पद्मश्री कालूराम बामनिया ने जीवन में गुरू की महत्ता पर भजन की प्रस्तुतियां दी। जनजाति नृत्य की हुई प्रस्तुति दीक्षांत समारोह में संगीत विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सहरिया जनजाति नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति दी। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल को कार्यक्रम के प्रारंभ में शोभा यात्रा निकालकर मंच तक लाया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही कुलगुरू प्रो. स्मिता सहस्त्रबुद्धे ने अतिथियों का स्वागत कर राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। विश्वविद्यालय के कुल सचिव प्रो. राकेश कुशवाह सहित साधारण परिषद, कार्य परिषद एवं विद्यार्थी परिषद के सदस्यगण उपस्थित थे।   recent visitors 38

मां श्वेता तिवारी और भाई संग शिरडी पहुंचीं पलक, किए साईं बाबा के दर्शन

  मुंबई, अभिनेत्री पलक तिवारी अपनी फिल्म ‘द भूतनी’ की रिलीज के बाद से धार्मिक स्थलों पर पहुंच रही हैं। हाल ही में मुंबई स्थित सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद वह अपनी मां श्वेता तिवारी और भाई रेयांश के साथ शिरडी पहुंचीं, जहां उन्होंने साईं बाबा के दर्शन किए। श्री साई बाबा संस्थान ट्रस्ट ने आधिकारिक अकाउंट पर वीडियो शेयर किया, जिसमें पलक अपनी मां श्वेता और छोटे भाई रेयांश के साथ मंदिर में हाथ जोड़े दर्शन करते नजर आईं। मंदिर पहुंचीं श्वेता, जहां सफेद, वहीं पलक पीले रंग के सलवार सूट में दिखीं। श्वेता तिवारी ने भी इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर की, जिसमें वह माथे पर पीले रंग का चंदन लगाए बेटे के साथ पोज देती नजर आईं। बता दें, शिरडी साईं मंदिर महाराष्ट्र के अहमदनगर के शिरडी गांव में स्थित है। मंदिर का निर्माण साईं की समाधि के ऊपर किया गया है। मंदिर में साल भर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिलती है। मान्यता है कि साईं के दरबार में पहुंचे श्रद्धालुओं की सभी मन्नतें पूरी होती हैं। मंदिर से फिल्म इंडस्ट्री के सितारों का खासा लगाव है। वे अक्सर साईं बाबा के दरबार पहुंचते रहते हैं। साईं मंदिर से पहले शुक्रवार को पलक तिवारी मुंबई स्थित सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचीं और बप्पा के दर्शन किए। 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई पलक तिवारी की हॉरर-कॉमेडी ‘द भूतनी’ 1 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। सिद्धांत सचदेवा के निर्देशन में बनी ‘द भूतनी’ में उनके साथ अभिनेता संजय दत्त, सनी सिंह और मौनी रॉय मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में मौनी ने एक चुड़ैल का किरदार निभाया है। ‘द भूतनी’ को सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट और थ्री डायमेंशन मोशन पिक्चर्स ने प्रस्तुत किया है, जिसे सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन के बैनर तले दीपक मुकुट, संजय दत्त, हुनर मुकुट और मान्यता दत्त ने प्रोड्यूस किया है। पलक तिवारी की पहली फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ थी, एक्शन-कॉमेडी फिल्म का निर्देशन फरहाद सामजी ने किया था। यह फिल्म 2014 की तमिल फिल्म ‘वीरम’ की रीमेक है, जिसमें उनके साथ सलमान खान, पूजा हेगड़े, वेंकटेश, शहनाज गिल, जगपति बाबू, जस्सी गिल, सिद्धार्थ निगम, मालविका शर्मा और राघव जुयाल समेत अन्य सितारे हैं। अभिनेत्री श्वेता तिवारी की बेटी पलक को हार्डी संधू के हिट म्यूजिक वीडियो ‘बिजली बिजली’ से पहचान मिली।   recent visitors 41

भारतीय सेना ने अपनी ताकत में बड़ा इजाफा किया, मिला आधुनिक हथियार ‘Igla-S’ एयर डिफेंस सिस्टम

नई दिल्ली हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने देश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर से चिंता बढ़ा दी है। ऐसे समय में भारतीय सेना ने अपनी ताकत में बड़ा इजाफा किया है। अब सेना के पास एक ऐसा आधुनिक हथियार आ गया है जो दुश्मन के ड्रोन और फाइटर जेट को उड़ान भरते ही हवा में मार गिराने की क्षमता रखता है। इसका नाम है Igla-S एयर डिफेंस सिस्टम। भारतीय सेना को रूस से उन्नत इग्ला-एस (Igla-S) मिसाइल मिल गई है। यह मिसाइल एक पोर्टेबल एयर डिफेंस सिस्टम है जिसे सैनिक अपने कंधे पर रखकर चला सकते हैं। यानी यह एक मैन-पोर्टेबल एयर डिफेंस सिस्टम (MANPADS) है। इग्ला-एस को खासतौर पर कम ऊंचाई पर उड़ रहे लक्ष्यों जैसे ड्रोन, फाइटर जेट, हेलीकॉप्टर और क्रूज मिसाइल को गिराने के लिए तैयार किया गया है। क्यों खास है इग्ला-एस? जानिए इसकी ताकत     रेंज: नई इग्ला-एस की मारक क्षमता करीब 6 किलोमीटर है, जबकि पहले वाली इग्ला सिर्फ 3-4 किलोमीटर तक ही असरदार थी।     सटीकता: यह सिस्टम 'लॉक-ऑन' तकनीक पर आधारित है, यानी लक्ष्य को ट्रैक कर सीधे उस पर वार करता है।     आखिरी रक्षा पंक्ति: अगर यह मिसाइल भी निशाना चूक जाए तो दुश्मन का हमला तय है। इसलिए इसे 'लास्ट लाइन ऑफ डिफेंस' माना जाता है।     फुर्तीला और हल्का: सैनिक इसे आसानी से एक जगह से दूसरी जगह ले जा सकते हैं, जिससे सीमावर्ती इलाकों में तुरंत तैनाती संभव हो जाती है। ड्रोन और हवाई खतरे से निपटने में मिलेगा फायदा आज के युद्ध में सबसे बड़ा खतरा है — ड्रोन हमला और सीमावर्ती हवाई निगरानी। चीन और पाकिस्तान जैसे पड़ोसी देश अक्सर भारतीय सीमाओं के पास निगरानी ड्रोन भेजते रहे हैं। इग्ला-एस की तैनाती से अब ऐसे खतरों का जवाब कुछ ही सेकंड में दिया जा सकता है। यह सिस्टम दुश्मन के छोटे से छोटे ड्रोन को भी ट्रैक करके तबाह कर सकता है। चीन-पाकिस्तान को झटका, बढ़ा भारत का रणनीतिक दबाव पश्चिमी (पाकिस्तान) और उत्तरी (चीन) सीमाओं पर भारत को लगातार खतरे का सामना करना पड़ता है। ऐसे में Igla-S सिस्टम की तैनाती से इन दोनों मोर्चों पर भारतीय सेना की शक्ति बढ़ गई है।     पाकिस्तान की ओर से अगर कोई ड्रोन या फाइटर जेट सीमा पार करता है, तो Igla-S उसे तुरंत गिरा सकता है। चीन की तरफ से की जाने वाली निगरानी गतिविधियों का भी अब तगड़ा जवाब मिलेगा। भारत में ही बनेगा इग्ला-एस, मेक इन इंडिया को बढ़ावा रूस की Rosoboronexport कंपनी अब भारत की एक निजी रक्षा कंपनी के साथ मिलकर Igla-S का निर्माण भारत में ही करेगी। इससे देश को दो बड़े फायदे मिलेंगे: विदेशी हथियारों पर निर्भरता कम होगी रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा डिफेंस इन डेप्थ रणनीति को मिलेगा बल इग्ला-एस की तैनाती से भारत अब 'डिफेंस इन डेप्थ' यानी परतदार सुरक्षा रणनीति को और बेहतर तरीके से लागू कर सकेगा। इसका मतलब है कि हमले की स्थिति में एक के बाद एक कई परतों में सुरक्षा मौजूद होगी, जिससे दुश्मन का वार बेअसर हो जाएगा।   recent visitors 37

रियान पराग की कोशिश गई बेकार, रोमांचक मुकाबले एक रन से जीता केकेआर

कोलकाता केकेआर ने सांसें रोक देने वाले रोमांचक मुकाबले में राजस्थान को एक रन से हराकर प्लेऑफ के लिए अपनी उम्मीदें कायम रखी है। इस मैच में रियान पराग ने राजस्थान के लिए शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। केकेआर की रोमांचक जीत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को एक रन से हराया। केकेआर और राजस्थान के बीच यह मुकाबला बेहद करीबी रहा और आखिरी में कोलकाता में टीम महत्वपूर्ण जीत दर्ज करने में सफल रही। केकेआर ने इस तरह प्लेऑफ के लिए अपनी उम्मीदें कायम रखी है। केकेआर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और आंद्रे रसेल की तूफानी पारी की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 206 रन बनाए। जवाब में राजस्थान के लिए कप्तान रियान पराग ने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 205 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 71 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद रियान पराग ने शिमरॉन हेटमायर के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी की और टीम को मुश्किल से उबारा। रियान ने इस दौरान मोईन अली के ओवर पर लगातार पांच छक्के लगाए। इस साझेदारी को हर्षित राणा ने हेटमायर को आउट कर तोड़ा जो 29 रन बनाकर आउट हुए। इसके कुछ देर बाद हर्षित ने रियान को भी अपना शिकार बनाया। रियान शतक पूरा नहीं कर सके और 95 रन बनाकर पवेलियन लौटे। राजस्थान को आखिरी ओवर में जीत के लिए 22 रन चाहिए थे और क्रीज पर इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे शुभम दुबे और जोफ्रा आर्चर मौजूद थे। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने वैभव अरोड़ा को गेंद थमाई। आर्चर ने पहली गेंद पर दो रन और दूसरी गेंद पर एक रन लिया। स्ट्राइक पर आए शुभम ने तीसरी गेंद पर छक्का और चौथी गेंद पर चौका लगाया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया। अब राजस्थान को एक गेंद पर तीन रन चाहिए थे। वैभव की गेंद पर शुभम ने एक रन चुराया और दूसरा रन लेने के लिए भागे, लेकिन रिंकू सिंह के थ्रो पर रन आउट हो गए। इस तरह केकेआर ने रोमांचक जीत दर्ज की। राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल ने 34 रन बनाए, जबकि शुभम दुबे 14 गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 25 रन बनाकर नाबाद लौटे। आर्चर 12 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने चार रन बनाए और कुणाल सिंह राठौर, ध्रुव जुरेल और वानिंदु हसरंगा खाता भी नहीं खोल सके। केकेआर की ओर से मोईन, हर्षित और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए, जबकि वैभव को एक विकेट मिला। रियान शतक से चूके राजस्थान के कप्तान रियान पराग शतक से चूक गए और हर्षित राणा ने उन्हें आउट कर केकेआर को बड़ी सफलता दिलाई। रियान 45 गेंदों पर छह चौके और आठ छक्कों की मदद से 95 रन बनाकर आउट हुए। रियान की पारी की मदद से ही राजस्थान मुश्किल परिस्थिति से उबर सका, लेकिन हर्षित ने राजस्थान को बड़ा झटका दिया।  recent visitors 47

विपुल अमृतलाल शाह और मनोज बाजपेयी की जोड़ी लेकर आ रही है राजनीतिक थ्रिलर ‘गवर्नर’!

मुंबई,  बॉलीवुड के जानेमाने फिल्मकार विपुल अमृतलाल शाह, अभिनेता मनोज बाजपेयी को लेकर राजनीतिक थ्रिलर ‘गवर्नर’ बनाने जा रहे हैं। विपुल अमृतलाल शाह अब राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ मिलकर एक आगामी राजनीतिक थ्रिलर ‘गवर्नर’ पर काम कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि इस फिल्म में मनोज बाजपेयी गवर्नर की टाइटल भूमिका निभाएंगे। यह फिल्म एक जबरदस्त, कमर्शियल एंटरटेनर होगी, जिसमें राजनीतिक ड्रामा और थ्रिलर का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा। विपुल, जिन्होंने आंखें, वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम, नमस्ते लंदन, लंदन ड्रीम्स, एक्शन रिप्ले, और नमस्ते इंग्लैंड जैसी फिल्में बनाई हैं, इस फिल्म को सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले प्रोड्यूस कर रहे हैं। निर्देशन की जिम्मेदारी चिन्मय मांडलेकर को सौंपी गई है।‘गवर्नर’ बीते दो वर्षों से सनशाइन पिक्चर्स के तहत डेवलपमेंट में है। फिल्म के अन्य मुख्य किरदारों की कास्टिंग फिलहाल चल रही है। प्री-प्रोडक्शन का काम भी शुरू हो चुका है और शूटिंग जुलाई से अगस्त के बीच शुरू होने की संभावना है। मनोज बाजपेयी इस प्रोजेक्ट को लेकर बेहद उत्साहित हैं क्योंकि यह उनके करियर का एक बिल्कुल अलग और अनोखा किरदार होगा। वहीं दूसरी ओर, विपुल अमृतलाल शाह अपनी अगली फिल्म ‘हिसाब’ की तैयारियों में भी जुटे हुए हैं। यह एक हाई-ऑक्टेन हाइस्ट थ्रिलर होगी, जिसमें जयदीप अहलावत और शेफाली शाह मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्माण सनशाइन पिक्चर्स और जियो स्टूडियोज मिलकर कर रहे हैं।   recent visitors 40

बॉर्डर पर तनाव के बीच ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियों में छुट्टियां रद्द, चंद्रपुर और जबलपुर की फैक्ट्रियों में सबसे पहले लागू हुआ आदेश

नई दिल्ली भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव के चलते देश की ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियों में अलर्ट का माहौल है। हालात को देखते हुए सरकार ने देश की प्रमुख ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियों में सभी कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। सभी कर्मचारियों को बिना देरी ड्यूटी पर लौटने का आदेश दिया गया है। आदेश के मुताबिक, कोई भी कर्मचारी छुट्टी पर नहीं रहेगा और सिर्फ आपात स्थिति में ही अवकाश की अनुमति दी जाएगी। चंद्रपुर और जबलपुर की फैक्ट्रियों में सबसे पहले लागू हुआ आदेश यह आदेश महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री चंदा और मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया (OFK) में सबसे पहले लागू किया गया है। दोनों फैक्ट्रियां म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड (MIL) के अंतर्गत आती हैं और रक्षा उत्पादन में अहम भूमिका निभाती हैं। इन फैक्ट्रियों में गोला-बारूद, तोप के गोले, बम और रक्षा से जुड़ी कई सामग्रियों का उत्पादन होता है। MIL के चेयरमैन के निर्देश पर जारी हुआ सर्कुलर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री चंदा द्वारा जारी किए गए सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय MIL के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक के निर्देशों पर लिया गया है। इसमें सभी प्रकार की छुट्टियों को रद्द करते हुए, हर कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी पर लौटने का सख्त निर्देश दिया गया है। आदेश में यह भी जोड़ा गया है कि ड्यूटी से अनुपस्थिति को अनुशासनहीनता माना जाएगा। जबलपुर OFK में भी शुक्रवार को रद्द हुईं छुट्टियां मध्यप्रदेश की खमरिया फैक्ट्री (OFK) में शुक्रवार को कर्मचारियों और अधिकारियों की छुट्टियां रद्द की गईं। इस संबंध में OFK के जनसंपर्क अधिकारी अविनाश शंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि "इस वित्तीय वर्ष में हमारा उत्पादन लक्ष्य काफी बड़ा है, लेकिन अप्रैल महीने में हम उस स्तर तक नहीं पहुंच पाए। इसलिए मुख्यालय से निर्देश मिले हैं कि सभी छुट्टियां रद्द कर दी जाएं ताकि लक्ष्य की पूर्ति के लिए कार्यबल उपलब्ध रहे।" 4,000 से ज्यादा कर्मचारी कर रहे काम खमरिया स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड की सबसे बड़ी इकाइयों में से एक है जहां लगभग 4,000 कर्मचारी कार्यरत हैं। यहां रक्षा बलों के लिए गोला-बारूद, मिसाइल और तोप के गोले बनाए जाते हैं। तनाव के इस दौर में उत्पादन की गति बनाए रखना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है ताकि यदि जरूरत पड़ी तो देश को किसी प्रकार की आपूर्ति की समस्या न हो। राष्ट्रीय सुरक्षा की तैयारी में जुटा देश विशेषज्ञ मानते हैं कि सीमा पर हालात भले नियंत्रण में हों लेकिन किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारी पहले से जरूरी होती है। रक्षा उत्पादों की समय पर आपूर्ति और स्टॉक बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की लगातार मौजूदगी जरूरी मानी जा रही है। छुट्टी अब सिर्फ आपातकाल में मिलेगी जारी आदेश में यह साफ कर दिया गया है कि छुट्टियों की अनुमति सिर्फ उन्हीं मामलों में दी जाएगी जो अत्यंत आवश्यक और आपातकालीन हों। सभी कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए निष्ठा से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। इस फैसले का उद्देश्य न सिर्फ रक्षा तैयारियों को बढ़ावा देना है बल्कि उत्पादन लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना भी है।   recent visitors 42

अमोल पराशर न सिर्फ एक शानदार अभिनेता हैं, बल्कि बेहतरीन को-स्टार भी हैं : निम्रत कौर

मुंबई,  बॉलीवुड अभिनेत्री निम्रत कौर ने कहा है कि अभिनेता अमोल पराशर न सिर्फ एक शानदार अभिनेता हैं, बल्कि उनके बेहतरीन को-स्टार भी हैं। निम्रत कौर ने थ्रिलर सीरीज कुल: द लीगेसी ऑफ द रायसिंह्स’ में अमोल पराशर के साथ काम किया है। बालाजी डिजिटल निर्मित, एकता आर कपूर और शोभा कपूर द्वारा प्रस्तुत तथा साहिर रज़ा के निर्देशन में बनी सीरीज कुल: द लीगेसी ऑफ द रायसिंह्स जियोहॉटस्टार पर दो मई से स्ट्रीम हो रही है। सीरीज़ कुल: द लीगेसी ऑफ द रायसिंह्स’ एक ऐसे शाही परिवार के भीतर के रिश्तों, प्यार और बदले की जटिलताओं को उजागर करती है, जहां झूठ और दर्द के बीच सच्चाई की तलाश एक रोमांचक सफर पर ले जाती है। इस सीरीज में निम्रत कौर और अमोल पाराशर के अलावा ऋद्धि डोगरा, गौरव अरोड़ा, रोहित तिवारी और राहुल वोहरा जैसे शानदार कलाकार भी हैं। सीरीज़ 'कुल' की शूटिंग के दौरान का अनुभव साझा करते हुए निम्रत कौर ने अपने को-स्टार और रियल लाइफ भाई जैसे दोस्त अमोल पाराशर से जुड़ी कुछ मज़ेदार घटनाओं को याद किया।निम्रत कौर ने कहा,अमोल तो जैसे चोट खाने में माहिर थे। मुझे दो सीन खासतौर पर याद हैं। एक बार ऋद्धि के किरदार को उन्हें धक्काा देना था और अमोल एक टेबल पर गिरते हैं, जो सीन का हिस्सा था। लेकिन फिर वो सच में उस टेबल के काँच से टकराकर गिर पड़े। निम्रत कौर ने कहा, एक बार एक को-एक्टर को अमोल पर फोन फेंकना था, लेकिन वो गलती से सीधा उनके सिर पर लग गया। सच कहूं तो ये सेट पर एक मजाक बन गया था, लेकिन हमें खुशी है कि अमोल,जो न सिर्फ एक शानदार अभिनेता हैं, बल्कि मेरे बेहतरीन को-स्टार भी हैं, उन्हेंर चोट नहीं आई और आज भी यह किस्सा हंसते हुए सुनाते हैं। इन सबके बावजूद, शूटिंग का अनुभव बेहद मजेदार रहा। पूरी कास्ट और क्रू कमाल के थे, और कैमरे के पीछे की मस्ती ने इसे और भी खास बना दिया।     recent visitors 37