शास्त्री नगर की छात्रा सुहानी को 500 में से 497 अंक (99.4%) मिले, उज्जैन की बेटी ने किया कमाल

उज्जैन शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शास्त्री नगर की छात्रा सुहानी को 500 में से 497 अंक (99.4%) मिले हैं। सुहानी ने अपनी सफलता का श्रेय स्कूल-कोचिंग के शिक्षकों, माता-पिता और बड़ी बहन को दिया। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणाम आज मंगलवार को घोषित हो गए। उज्जैन की सुहानी प्रजापति ने कक्षा दसवीं में मध्यप्रदेश के टॉप फाइव में चौथा स्थान प्राप्त कर उज्जैन के साथ ही अपने माता-पिता और गुरुजनों का भी मान बढ़ाया है। आज रिजल्ट से पहले सुहानी सुबह से ही थोड़ी टेंशन में थी, लेकिन जैसे ही रिजल्ट घोषित हुआ और जब उसने प्रदेश के टॉप फाइव विद्यार्थियों में अपना नाम देखा तो वह खुश हो गई। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शास्त्री नगर में कक्षा दसवीं में पढ़ने वाली सुहानी प्रजापति नीलगंगा चौराहा शास्त्री नगर क्षेत्र में ही रहती हैं। वो सामान्य परिवार से हैं। उसके पिता उत्तम प्रजापति ऑटो चलाते हैं, जबकि मां कविता प्रजापति ग्रहणी हैं। बड़ी बहन सिद्धि प्रजापति वर्तमान में कक्षा 12वीं की पढ़ाई कर रही है। कक्षा दसवीं की टॉप फाइव में चौथा स्थान पाने वाली सुहानी प्रजापति को 500 में से कुल 497 अंक मिले हैं और उन्हें 99.4% प्राप्त हुए हैं। सुहानी अपने इस सफलता का श्रेय स्कूल और कोचिंग के टीचर को देने के साथ ही अपने माता-पिता और बड़ी बहन को भी देती हैं, क्योंकि टीचर के साथ ही माता-पिता और बहन ने भी इस उपलब्धि के लिए उसके साथ काफी मेहनत की है। सोशल मीडिया से बनाई दूरी पढ़ाई के लिए किया मोबाइल का उपयोग सुहानी ने बताया कि प्रदेश में टॉप चार में आने के लिए मैंने शुरू से ही प्रयास करना शुरू कर दिए थे। मैं प्रतिदिन 2 से 3 घंटे पढ़ाई करती थी। इसके साथ ही मैंने पूरे साल सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी। मोबाइल का उपयोग में सिर्फ और सिर्फ पढ़ाई के लिए ही करती थी। अगर मुझे पढ़ाई के दौरान कोई भी परेशानी आती तो स्कूल और कोचिंग पर टीचर और घर पर बड़ी बहन मेरी हर मुश्किल को आसान कर देती थी। इंजीनियरिंग करना चाहती हैं सुहानी कक्षा दसवीं में प्रदेश की टॉप फाइव की सूची में शामिल सुहानी ने बताया की वह आगे चलकर मैथ्स सब्जेक्ट लेना चाहती है और फिर इंजीनियरिंग के साथ ही आईआईटी जे ई ई के माध्यम से अपना करियर बनाना चाहती है। recent visitors 42

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने मीडिया सलाहकार ताहिर अली को 40वीं वैवाहिक वर्षगाँठ पर दी शुभकामनाएँ

भोपाल उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने अपने मीडिया सलाहकार ताहिर अली को उनकी विवाह की 40वीं वर्षगाँठ के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने ताहिर अली को मंत्रालय भोपाल में पुष्पगुच्छ भेंट कर सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने ताहिर अली और उनकी धर्मपत्नी को इस पावन अवसर पर हार्दिक बधाई दी और प्रेम, विश्वास और सौहार्द से परिपूर्ण जीवन व्यतीत करने की कामना की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल के विशेष सहायक चन्द्रप्रताप गोहल, निज सचिव आनंद भट्ट, ओएसडी अशोक शर्मा और जनसंपर्क अधिकारी अंकुश मिश्रा उपस्थित थे। सभी ने ताहिर अली को पुष्पगुच्छ प्रदान कर हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उल्लेखनीय है कि ताहिर अली विगत 21 वर्षों से उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के साथ मीडिया समन्वय एवं जनसंपर्क गतिविधियों का सफलतापूर्वक संचालन कर रहे हैं। उनके कुशल नेतृत्व, लेखन क्षमता एवं मीडिया के प्रति सजग दृष्टिकोण ने उन्हें एक प्रतिष्ठित और विश्वसनीय सलाहकार के रूप में स्थापित किया है। उप मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अली को शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। recent visitors 25

छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत के दर्शन कराएगी भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन

भोपाल   हैरिटेज स्पेशल टूर में पर्यटकों को रायगढ़ किला, पुणे (लाल महल, कसबा गणपति और शिवसृष्टि), शिवनेरी किला, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग, प्रतापगढ़ किला और कोल्हापुर (महालक्ष्मी मंदिर और पन्हाला किला) दिखाए जाएंगे।     भारतीय रेल पहली बार ‘छत्रपति शिवाजी महाराज सर्किट’ पर हैरिटेज टूर का आयोजन करने जा रही है। इस टूर में मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन से जुड़े प्रमुख स्थलों को कवर किया जाएगा। भारत गौरव ट्रेन अपनी यात्रा की शुरुआत छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से करेगी, और कोंकण रेलवे नेटवर्क पर स्थित मनगांव रेलवे स्टेशन पहुंचेगी — जो रायगढ़ किले का सबसे नज़दीकी रेलवे स्टेशन है। रायगढ़ वही ऐतिहासिक स्थल है, जहां शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक हुआ था और बाद में उनकी राजधानी भी बना। रायगढ़ किला घूमने के बाद पर्यटक ट्रेन पर वापस आएंगे और पुणे के लिए रवाना होंगे, जहां रात के खाने और होटल में रात्रि विश्राम की व्यवस्था होगी। यात्रा के दूसरे दिन पर्यटकों को पुणे के प्रमुख स्थलों – लाल महल, कसबा गणपति और शिवसृष्टि – दिखाए जाएंगे। लाल महल का निर्माण 1630 ई. में शाहजी भोंसले ने अपनी पत्नी जीजाबाई और पुत्र शिवाजी के लिए करवाया था। वर्तमान संरचना 1984 में पुनर्निर्मित हुई है और इसमें छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन से जुड़ी तैल चित्रों की एक विशाल श्रृंखला लगी है। कसबा गणपति मंदिर, पुणे के ग्रामदेवता के रूप में प्रसिद्ध है जिसे 1893 में स्थापित किया गया। माना जाता है कि इस स्थान को छत्रपति शिवाजी की माता जीजाबाई द्वारा चुना गया था। इसके बाद से ही पुणे को भगवान गणेश का नगर कहा जाने लगा। पर्यटक यहां से शिवसृष्टी जाएंगे, जो छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित भारत का सबसे बड़ा थीम पार्क है। यहां पर्यटक 3D में शिवाजी के जीवन दर्शन और अन्य इंटरैक्टिव सेशंस का आनंद लेंगे। पुणे में रात्रि विश्राम के बाद पर्यटक यात्रा के तीसरे दिन पुणे से लगभग 95 किलोमीटर दूर स्थित शिवनेरी किले की यात्रा करेंगे, जो जुन्नार सिटी के पास एक पहाड़ी पर स्थित है। यह छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्मस्थान और मुस्लिम शासन के खिलाफ मराठा गौरव का प्रतीक है। इसी दिन दोपहर के भोजन के बाद पर्यटक 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग मंदिर के दर्शन करेंगे। इसके बाद रात्रि विश्राम के लिए पर्यटक पुणे लौटेंगे। 'छत्रपति शिवाजी महाराज सर्किट टूर' के लिए बहुप्रतीक्षित ट्रेन यात्रा 09 जून 2025 को प्रस्थान करेगी। 5 रात और 6 दिन की इस यात्रा की शुरुआत छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्टेशन से होगी। अत्याधुनिक भारत गौरव एसी टूरिस्ट ट्रेन, स्लीपर, सेकेंड एसी और थर्ड एसी कोच के साथ कुल 748 पर्यटकों को समायोजित करने की क्षमता रखती है। पर्यटक इस टूरिस्ट ट्रेन में दादर और ठाणे रेलवे स्टेशनों से भी सवार हो सकते हैं। इस विरासत यात्रा के टिकट आईआरसीटीसी की वेबसाइट से बुक किए जा सकते हैं जो पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर ऑनलाइन उपलब्ध है। चौथे दिन पर्यटक भारत गौरव ट्रेन के साथ सतारा के लिए प्रस्थान करेंगे और प्रतापगढ़ किले का भ्रमण करेंगे। यह वही ऐतिहासिक किला है जहाँ 1659 में अफ़ज़ल खान और छत्रपति शिवाजी महाराज के बीच युद्ध हुआ था, जिसने मराठा साम्राज्य की नींव रखी। दिन में लंच के बाद ट्रेन अपने अंतिम गंतव्य कोल्हापुर के लिए रवाना होगी। पांचवें दिन की सुबह ट्रेन छत्रपति शाहू जी महाराज टर्मिनस, कोल्हापुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। यहां होटल में नाश्ते और तैयारियों के बाद पर्यटक महालक्ष्मी मंदिर (अंबाबाई) और फिर पन्हाला किला जाएंगे। सह्याद्री पर्वत पर स्थित यह किला कई ऐतिहासिक लड़ाइयों का साक्षी रहा है। यहीं शिवाजी महाराज 500 दिनों तक रुके और फिर सफलतापूर्वक निकल भागे थे। पन्हाला किला अपने साँप- जैसे आकार के कारण ‘फोर्ट ऑफ स्नेक्स’ भी कहलाता है। यह किला शिवाजी महाराज और संभाजी महाराज के जीवन से जुड़ा है। यह स्थल शिवाजी महाराज के कमांडर बाजी प्रभु देशपांडे की वीरता के लिए भी याद किया जाता है। यहां से देर शाम को ट्रेन मुंबई के लिए वापसी यात्रा पर निकलेगी और छठे दिन सुबह मुंबई पहुंचेगी। इस यात्रा का आयोजन भारतीय रेल के टूरिज्म एंड कैटरिंग कॉरपोरेशन द्वारा किया जा रहा है, जिसमें होटल में रात्रि विश्राम, शाकाहारी भोजन, बसों के जरिए दर्शनीय स्थल भ्रमण, यात्रा बीमा और टूर एस्कॉर्ट आदि की सुविधाएं मिलेंगी। recent visitors 29

कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर ऑपरेशन जारी, महिला नक्सली ढेर; 303 राइफल बरामद, अब तक 4 को मारा

बीजापुर छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एक महिला नक्सली ढेर हो गई. यह मुठभेड़ कर्रेकट्टा की पहाड़ियों में हुई, जो छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर स्थित है. यहां पिछले दो हफ्तों से सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम बड़े पैमाने पर नक्सल विरोधी अभियान चला रही है. एजेंसी के अनुसार, बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि मुठभेड़ के बाद जब इलाके की तलाशी ली गई तो मौके से एक महिला नक्सली का शव बरामद हुआ. उसके पास से एक .303 रायफल भी मिली है. यह इस ऑपरेशन में मारी गई चौथी महिला माओवादी है. आईजी सुंदरराज ने बताया कि 21 अप्रैल से सुरक्षा बलों का यह संयुक्त ऑपरेशन चल रहा है, जिसमें CRPF, कोबरा बटालियन, डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की टीमें शामिल हैं. जंगलों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, जहां नक्सली गतिविधियों की खुफिया सूचना पहले से मिली थी. मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई. इसके बाद जब नक्सली पीछे हटे, तो सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया. इसी दौरान महिला नक्सली का शव बरामद हुआ. अभी तक उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां यह जांच कर रही हैं कि वह किस पद पर थी और उसके खिलाफ कितने मामले दर्ज थे. बस्तर संभाग में महिला नक्सलियों की भागीदारी काफी अधिक देखी जाती है. हाल के वर्षों में यह देखा गया है कि महिलाएं नक्सली संगठनों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, चाहे वह हथियार चलाना हो या रणनीति बनाना. फिलहाल सुरक्षा बलों ने इलाके में अपनी मौजूदगी और बढ़ा दी है और ऑपरेशन को और तेज किया गया है. वहीं एक दिन पहले सोमवार को यहां CRPF के सहायक कमांडेंट सागर बोराडे IED ब्लास्ट की चपेट में आ गए। धमाका इतना जोरदार था कि उन्हें अपना पैर गंवाना पड़ा। घायल कमांडेंट को दिल्ली रेफर किया गया है। यहां एम्स में उनका इलाज जारी है। मंत्री रामविचार नेताम ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। महिला नक्सली का शव बरामद जानकारी के मुताबिक, कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर 22 अप्रैल को सुरक्षा बलों को निकाला गया था। DRG, CRPF, कोबरा, STF और बस्तर फाइटर्स के हजारों जवान पहाड़ को घर रहे हैं। खड़ी चढ़ाई चढ़ रहे हैं। वहीं 5 मई सोमवार को नक्सलियों की एक टीम के साथ जवानों की मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। वहीं धीरे-धीरे कर जवान आगे बढ़े। घटनास्थल से विस्फोटक भी बरामद इसके बाद मौके से एक महिला नक्सली का शव को बरामद किया गया। जवानों ने घटनास्थल से 303 हथियार समेत अन्य विस्फोटक पदार्थ भी बरामद किए हैं। मंगलवार को बस्तर IG सुंदरराज पी ने बताया कि, नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी है। अब तक अलग-अलग मुठभेड़ में कुल चार नक्सलियों की डेड बॉडी रिकवर कर ली गई है। नक्सलियों के कई बड़े कैडर्स को भी नुकसान हुआ है। कई घायल भी हो सकते हैं। पिछले एनकाउंटर में 8-8 लाख रुपए की 3 इनामी महिला नक्सली मारी गई थी। IG ने कहा कि ऑपरेशन जारी है। ऑपरेशन खत्म होने के बाद और जानकारी दी जाएगी। recent visitors 91

मणिपुर में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, पर्यटन निदेशक पूजा एलांगबम और थौबल डीसी ए सुभाष सिंह का नाम शामिल

इंफाल पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक सदस्य को इम्फाल ईस्ट जिले के सावोमबंग काबुई खुंजाओ से जबरन वसूली में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से दो पिस्तौल, एक हथगोला और एक डेटोनेटर बरामद किया गया है। जातीय हिंसा से ग्रस्त मणिपुर में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इसके तहत राज्य में 13 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है, जिनमें पर्यटन निदेशक पूजा एलांगबम और थौबल डीसी ए सुभाष सिंह का नाम शामिल है। एलांगबम को बिष्णुपुर जिले के डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनाती दी गई है। वहीं एल बिक्रम को नया पर्यटन निदेशक बनाया गया है। एल बिक्रम बिष्णुपुर जिले में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात थे। ए सुभाष सिंह को गृह विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है। पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग के संयुक्त सचिव हन्ना काहमेई को थौबल का डिप्टी कमिश्नर, रंजन युमनाम को पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग का अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। प्रतिबंधित संगठन के उग्रवादी गिरफ्तार मणिपुर के इंफाल ईस्ट, काकचिंग और थौबल जिलों से विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 11 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये सभी गिरफ्तारियां सोमवार को की गईं। प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के चार सदस्यों को इंफाल ईस्ट जिले के मंत्रिपुखरी फ्रेंच कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया है। आम जनता को धमकाने का आरोप पुलिस ने बताया कि वे घाटी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर हथगोले रखकर आम जनता को धमकाने की घटनाओं में शामिल थे। उनके कब्जे से पुलिस ने दो पिस्तौल, दो मैगजीन और गोला-बारूद बरामद किया है। अधिकारी ने बताया कि एक अलग अभियान में सुरक्षा बलों ने इंफाल ईस्ट जिले के केराओ वांगखेम और उसके आसपास के इलाके से इसी संगठन के तीन अन्य सक्रिय सदस्यों को भी गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से पांच हथियार, गोला-बारूद और एक वायरलेस संचार उपकरण जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक सदस्य को इम्फाल ईस्ट जिले के सावोमबंग काबुई खुंजाओ से जबरन वसूली में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से दो पिस्तौल, एक हथगोला और एक डेटोनेटर बरामद किया गया है। प्रतिबंधित केसीपी (अपुनबा) के दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को थौबल जिले के वांगजिंग अवांग लेईकाई में एक खाली पड़े घर से गिरफ्तार किया गया। वह भी जबरन वसूली में शामिल थे। मणिपुर में पुलिस का तलाशी अभियान जारी पुलिस ने प्रतिबंधित केसीपी (ताइबंगनबा) के एक सदस्य को काकचिंग जिले से गिरफ्तार किया। दो साल पहले जातीय हिंसा भड़कने के बाद से सुरक्षा बल मणिपुर में तलाशी अभियान चला रहे हैं। मई 2023 से अब तक मैतेई और कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा में 260 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफ़ा देने के बाद केंद्र ने 13 फ़रवरी को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था। recent visitors 38

गृह मंत्रालय के मॉक ड्रिल के निर्देश को लेकर यूपी के डीजीपी का बयान सामने आया, कल प्रदेश में बड़ी तैयारी

लखनऊ केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नागरिक सुरक्षा के लिए देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 7 मई को मॉक ड्रिल कराने को कहा है, जिससे कि किसी आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। गृह मंत्रालय के मॉक ड्रिल के निर्देश को लेकर यूपी के डीजीपी प्रशांत कुमार का बयान सामने आया है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाक के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर 7 मई को देश के कई राज्यों में होने वाली मॉक ड्रिल को लेकर यूपी में तैयारियां तेज हो गई हैं. इस संबंध में राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) प्रशांत कुमार ने सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. डीजीपी ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से कहा है कि मॉक ड्रिल के दौरान आम नागरिकों के साथ समुचित समन्वय स्थापित किया जाए. यूपी डीजीपी ने दिया दिशा-निर्देश दरअसल, भारत-पाकिस्तान के रिश्तों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए गृह मंत्रालय ने देश के कई राज्यों को आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए हैं. ऐसे में करीबन 244 राज्यों में मॉक ड्रिल कराई जाएगी. ऐसे में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए यूपी डीजीपी प्रशांत कुमार ने भी राज्य के जिलों को आम जनता के साथ समन्वय स्थापित कर किसी भी स्थिति से निपटने और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने के लिए मॉक ड्रिल करने के निर्देश जारी किए हैं. 7 मई को आयोजित की जाएगी मॉक ड्रिल गृह मंत्रालय ने हाल ही में जारी निर्देशों में स्पष्ट किया है कि 7 मई को नागरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाए. इसका उद्देश्य आम जनता को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करना और उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक उपायों की जानकारी देना है. मॉक ड्रिल के दौरान किए जाएंगे ये अभ्यास     हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए सायरन बजाए जाएंगे, जिससे लोग सतर्क हो सकें.     नागरिकों और छात्रों को प्रशिक्षण दिया जाएगा कि हमले की स्थिति में स्वयं को कैसे सुरक्षित रखा जाए.     दुश्मन के संभावित हमले की स्थिति में ब्लैकआउट किया जाएगा, यानी सभी रोशनी बंद कर दी जाएगी.     महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और संयंत्रों को छिपाने के उपायों को व्यवहार में लाया जाएगा.     किसी हमले के दौरान तेज़ी से क्षेत्र खाली करने (इवैकुएशन) की प्रक्रिया का अभ्यास कराया जाएगा. 54 साल पहले हुआ था देश में मॉक ड्रिल इससे पहले इस प्रकार की मॉक ड्रिल का आयोजन 54 साल पहले भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान वर्ष 1971 में किया गया था. उस समय देश युद्धकालीन परिस्थितियों से जूझ रहा था और नागरिक सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई थी. recent visitors 39

पंजाब में उनकी पार्टी की सरकार दिल्ली में कम पानी भेज रही है, दिल्ली में अपनी हार का बदला अब लोगों से ले रहे हैं: प्रवेश वर्मा

नई दिल्ली पंजाब और हरियाणा में जल विवाद के बीच दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने बड़ा दावा कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली में अपनी हार का बदला अब लोगों से ले रहे हैं। पंजाब में उनकी आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली में कम पानी भेज रही है और अरविंद केजरीवाल दिल्ली के लोगों को प्यासा मारने की साजिश रच रहे हैं। उहोंने कहा, आम आदमी पार्टी दिल्ली की जनता से नाराज हैं क्योंकि लोगों ने उन्हें हरा दिया और अब इसी का बदला वह लोगों को प्यासा मारकर ले रहे हैं। दिल्ली सरकार में पीडब्लूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, दिल्ली में पिछले क हफ्ते से कम पानी आ रहा है। इसकी वजह है पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार जिसने अपनी हार का बदला लेने के लिए दिल्ली का पानी कम कर दिया। उन्होंने कहा, बीबीएमबी के भाकड़ा बोट से हरियाणा के लिए जो पानी रिलीज होता था, उन्होंने उसे कम किया। वहीं दिल्ली में रोज हरियाणा से जो पानी आता था वह 980 क्यूसेक था। लेकिन पिछले एक हफ्ते से यानी एक तारीख को हमारे पास 88 क्यूसेक पानी कम आया, 2 मई को 119 क्यूसेक, 3 मई को 71 क्यूसेक पानी, 4 मई को 55 क्यूसेक और 5 तारीख यानी कल 130 क्यूसेक पानी कम आया। इसका मतलब दिल्ली को 15 फीसदी पानी कम मिला। प्रवेश वर्मा ने कहा, पंजाब सरकार, और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली के लोगों से बदला लेना चाहते हैं। पंजाब सरकार अरविंद केजरीवाल के आदेश पर हरियाणा को पानी कम दे रही है और उसी के चलते दिल्ली को भी कम पानी मिल रहा है। ये अरविंद केजरीवाल की गुंडागर्दी और साजिश है। उन्होंने कहा, हम ये गंदी राजनीति चलने नहीं देंगे। उन्होंने कहा है कि दिल्ली वाले इसके लिए अरविंद केजरीवाल को कभी माफ नहीं करेंगे। इसी के साथ उन्होंने अरविंद केजरीवाल से भी कहा कि इतनी गंदी राजनीति आपको शोभा नहीं देती। बता दें, इससे पहले पंजाब की भगवंत मान सरकार ने सोमवार को राज्य विधानसभा में एक प्रस्ताव पेश किया, जिसमें पड़ोसी राज्य के लिए अपने हिस्से का एक भी बूंद पानी नहीं छोड़ने का संकल्प जताया गया। सदन में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब, हरियाणा को पानी की एक भी बूंद नहीं छोड़ने देगा, क्योंकि उनके राज्य के पास अतिरिक्त पानी नहीं है। इससे पहले जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने विधानसभा के विशेष सत्र में प्रस्ताव पेश किया, जिसके बाद इस पर चर्चा की गई। गोयल ने प्रस्ताव पढ़ते हुए कहा कि भाजपा हरियाणा और केंद्र में अपनी सरकारों तथा भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के माध्यम से पंजाब के अधिकारों को छीनने की कोशिश कर रही है। प्रस्ताव के अनुसार, असंवैधानिक व गैरकानूनी तरीके से बीबीएमबी की बैठक बुलाकर पंजाब के हक का पानी जबरदस्ती हरियाणा को दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। हरियाणा ने 31 मार्च तक अपने हिस्से का पूरा पानी इस्तेमाल कर लिया है। अब भाजपा पंजाब का पानी हरियाणा को देना चाहती है। recent visitors 42