पाकिस्तान के खिलाफ तैयारी! 48 घंटों के अंदर दूसरी बार पीएम नरेंद्र मोदी से मिले अजित डोभाल, हुई मीटिंग

नई दिल्ली पीएम नरेंद्र मोदी से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने मंगलवार सुबह ही मुलाकात की। उनकी बीते 48 घंटों के अंदर दूसरी बार पीएम नरेंद्र मोदी के साथ मीटिंग हुई है। पाकिस्तान के साथ जिस तरह से फिलहाल तनावपूर्ण स्थिति है, उसे देखते हुए यह अहम मुलाकात है। भारत सरकार ने देश भर में 7 मई को मॉक ड्रिल करने को कहा है। यह ड्रिल हर जिलों में की जाएगी और इस दौरान लोगों को बताया जाएगा कि किसी भी तरह की हमले की स्थिति में क्या जाना चाहिए। कैसे लोग अपनी और बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों की जान बचा सकते हैं। 1971 के बाद यह पहला मौका होगा, जब इस तरह से मॉक ड्रिल की जाएगी। माना जा रहा है कि पाकिस्तान की किसी भी हिमाकत को लेकर ऐसी तैयारी कराई जा रही है कि आम नागरिक संकट में बच सकें। अजित डोभाल के अलावा पीएम नरेंद्र मोदी की कई बार डिफेंस मिनिस्टर राजनाथ सिंह, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान के अलावा तीनों सेनाओं के प्रमुखों से मुलाकात हो चुकी है। इन मुलाकातों के सिलसिले इतने तेज हैं कि अकसर कयास लगते रहते हैं कि भारत पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठा सकता है। यही नहीं पाकिस्तान के तो डिफेंस मिनिस्टर ख्वाजा आसिफ समेत कई नेता लगातार अलर्ट मोड में है। ख्वाजा आसिफ ने बार फिर कहा है कि एलओसी पर कभी भी भारत की ओर से हमला किया जा सकता है। यही नहीं पाकिस्तान ने तो अब आईएसआई चीफ आसिम मलिक को ही राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बना दिया है। दरअसल पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने कूटनीतिक ऐक्शन भी लिया है। ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस समेत कई देशों के राजदूतों को बुलाकर भारत ने बताया है कि पहलगाम आतंकी हमला किसने कराया और उसकी क्य़ा तैयारी है। यही नहीं जब पाकिस्तान ने इस मामले को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उठाया तो वहां भी उसे तंज झेलने पड़े। किसी भी सदस्य ने पाकिस्तान का साथ नहीं दिया। इसकी बजाय यह और पूछ लिया कि इस हमले में कहीं उसके यहां से ऐक्टिव लश्कर-ए-तैयबा का हाथ तो नहीं है। इस सवाल पर पाकिस्तान बगलें झांकने लगा। बता दें कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई थी। खूंखार आतंकियों ने 22 अप्रैल को किए इस हमले में कई लोगों का धर्म पूछा था और फिर उन्हें करीब से गोली मार दी। इस हमले के बाद से ही तनाव की स्थिति बनी हुई है। भारत सरकार ने 1960 से चले आ रहे सिंधु जल समझौते को रोक दिया है। यही नहीं करीब 10 पनबिजली परियोजनाओं में तेजी लाई जा रही है। यदि इन्हें पूरा कर लिया गया तो फिर पाकिस्तान को करारा झटका लगेगा और वहां पानी तक की किल्लत हो सकती है। recent visitors 47

सरकारी जमीनों में बने तीन अवेध मदरसे, दो मजार व एक ईदगाह पर चला बुलडोजर, प्रशासन की कार्रवाई

लखनऊ यूपी के श्रावस्ती में प्रशासन की ओर से अवैध मदरसों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। सरकारी जमीनों में बने तीन अवेध मदरसे, दो मजार व एक ईदगाह को बुलडोजर से ढहा दिया गया। इसके साथ ही बिना मान्यता के संचालित 11 मदरसों को सील किया गया। तहसील क्षेत्र जमुनहा के ग्राम प्रतापपुर कानीबोझी में मदरसा कन्जुल इमान लिल बनात मकतब सरकारी भूमि पर बना हुआ था। जिसकी जांच कर गई थी और सरकारी भूमि को खाली करने की नोटिस दी गई थी लेकिन संचालक की ओर से भूमि खाली नहीं किया गया। इस पर सोमवार को प्रशासन ने जेसीबी से मदरसे को जमीदोज कर दिया। इसी तहसील क्षेत्र के ग्राम चन्दन कोटिया में खलिहान की भूमि पर स्थित मदरसा अल जमातुल कादरिया अम उलूम पर भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। तहसील भिनगा क्षेत्र के ग्राम परसोहना में सरकारी भूमि पर स्थित बाबा बांगभरी मजार व ईदगाह को भी ढहाया गया। तहसील भिनगा के ही ग्राम गुलरा में स्थित अस्थाना हजरत बाबा जमील वारसी मजार परिसर की बाउंड्री जिसका कुछ हिस्सा सरकारी जमीन पर बना था। उसे गिरा दिया गया। जनपद के अलग अलग स्थानों पर बिना मान्यता के संचालित 11 मदरसों को चिन्हित करते हुए सील कर दिया गया। रविवार को भी सरकारी जमीनों में बने पांच मदरसे व एक ईदगाह पर प्रशासन का बुलडोजर चला था। बहराइच में 24 से अधिक मदरसों पर कार्रवाई, नौ सील नेपाल सीमा से लगे 10 किलोमीटर दायरे में सरकारी जमीनों पर बने अनाधिकृत मदरसों पर लगातार कार्रवाई हो रही है। सोमवार को सीमा से लगे पौंडा गांव में जांच के दौरान एक और मदरसे को सील कर दिया गया है। अब तक 24 से अधिक मदरसे कार्रवाई के जद में आ चुके हैं। नौ मदरसों को सील किया जा चुका है। recent visitors 31

10वीं-12वीं बोर्ड परिणाम: बेटियों ने श्रेष्ठता सिद्ध कर MP को किया गौरवान्वित, असफल छात्रों का बढ़ाया मनोबल: सीएम

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले परीक्षार्थियों को बधाई दी है। वहीं असफल होने वाले छात्रों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें असफल होने की जरुरत नहीं है। विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा का मौका दिया जाएगा। बेटियों ने श्रेष्ठता सिद्ध कर प्रदेश को किया गौरवान्वित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,  “आज माध्यमिक शिक्षा मण्डल, मध्यप्रदेश द्वारा संचालित हाईस्कूल 10th एवं हायर सेकेण्डरी 12th परीक्षा के परिणामों को घोषित कर सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। यह सफलता लक्ष्य के प्रति समर्पण, अथक परिश्रम और लगन का सुफल व प्रमाण है।प्रदेश की प्रतिभाशाली बेटियों ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध कर अपने अभिभावकों, शिक्षकों के साथ मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है।” 15 सालों का टूटा रिकॉर्ड सीएम ने आगे कहा, “इस वर्ष हाईस्कूल परीक्षा में 76.22% एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षा में 74.48% विद्यार्थियों ने पिछले 15 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सफलता हासिल की है। हाईस्कूल में बेटी प्रज्ञा जायसवाल ने 500/500 शत प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान और हायर सेकेण्डरी में भी बेटी प्रियल द्विवेदी ने 492/500 (विज्ञान – गणित समूह) अंकों के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।” असफल विद्यार्थियों का बढ़ाया मनोबल सीएम ने असफल होने वाले विद्यार्थियों का मनोबल भी बढ़ाया। उन्होंने कहा, “जो विद्यार्थी आज असफल रहे, उन्हें निराश नहीं होना है, नई शिक्षा नीति 2020 के तहत असफल विद्यार्थियों को एक बार फिर परीक्षा देने का मौका दिया जाएगा और जो विद्यार्थी अपना स्कोर बढ़ाना चाहते है वह भी दोबारा परीक्षा में शामिल हो सकते है। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों, अभिभावकगण एवं शिक्षकगणों को ढेर सारी बधाई।” गौरतलब है कि आज 10वीं और 12वीं बोर्ड कक्षा का परिणाम जारी हुआ है। समत्व भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसकी घोषणा की है। 10वीं कक्षा में जहां 76.22 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए। वहीं 12वीं में 74.48 परीक्षार्थी पास हुए हैं। recent visitors 38

नक्सलियों से निपटने के लिए विशेष सहयोगियों की भर्ती की जाएगी, आज कैबिनेट बैठक में लग सकती है मुहर

भोपाल पचमढ़ी वन्यजीव अभयारण्य से शहरी क्षेत्र के कुछ हिस्से को बाहर कर सामान्य वन क्षेत्रों को शामिल करके उक्त अभयारण्य का दायरा बढ़ाया जाएगा। जबकि नक्सलियों से निपटने के लिए विशेष सहयोगियों की भर्ती की जाएगी, जो कि पुलिस के लिए अधिकृत तौर पर काम करेंगे। ये दोनों प्रस्ताव मंगलवार को राजधानी भोपाल में होने वाली मध्य प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में लाए जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, पचमढ़ी का दायरा लगातार बढ़ रहा है, लेकिन अभयारण्य क्षेत्र होने के कारण विकास करने में कई अड़ंगों सामना करना पड़ रहा है। आसानी से अनुमति नहीं मिल पा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने यह विषय मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया था, जिसके बाद शहरी क्षेत्र के कुछ हिस्सों को हटाया जाना प्रस्तावित है। उधर, केंद्र की गाइडलाइन के तहत नक्सलवाद को समय से खत्म करने की कवायद के बीच सरकार ने विशेष भर्ती करने का प्रस्ताव तैयार किया है। कर्मचारियों को संतुष्ट करने के बाद आएगी पदोन्नति नीति कर्मचारी जगत में पदोन्नति नीति का इंतजार है। सूत्रों के मुताबिक, अधिकारी इसको लेकर कई दौर की चर्चा कर चुके थे इस बीच कर्मचारी संगठनों के प्रमुखों की ओर से अलग-अलग फार्मूलों को लेकर दावे किए जाने लगे। जब इस बात का अहसास हुआ कि कर्मचारियों के साथ अफसरों ने ठीक से विचार-विमर्श नहीं किया है तो नीति संबंधी प्रस्ताव लाए जाने को टाल दिया है। हालांकि ऐन वक्त पर यदि सहमति बनती है तो प्रस्ताव बैठक में शामिल भी किया जा सकता है। recent visitors 39

नेशनल हाइवे पर देर रात भीषण सड़क हादसा, पिता-पुत्र समेत चार की मौत, पांच लोग घायल

भिंड नेशनल हाइवे 719 पर देर रात कार और बाइक में आमने-सामने भिड़ंत  में पिता-पुत्र और भतीजे सहित चार लोगों की मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क किनारे दोनों तरफ खंती में 50 मीटर के क्षेत्रफल में मृतकों के शव बिखर गए। ग्वालियर में शादी समारोह से लौट रहे विधायक नरेंद्र सिह कुशवाह ने हाइवे पर गाड़ी रोककर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।   रात 12.30 बजे पिढौरा गांव के पास मेहगांव की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने भिण्ड की ओर से आ रही बाइक को सामने से टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार हाइवे पर उछलकर गिरे, वहीं कार रोड से गुलाटी खाते हुए करीब 40 मीटर की दूरी पर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में 4 की मौत, 5 घायल हादसे बाइक पर सवार सुजान सिंह (50) पुत्र कुंदन सिंह बघेल, ऋषिकेश बघेल (22) पुत्र सुजान सिंह, बिहारी लाल बघेल (40) पुत्र रामदूज बघेल व कार चालक महमूद खान(19) पुत्र हमीद खान की मौके पर मौत हो गई। जबकि कार में सवार सूरज (19) पुत्र मुन्नालाल, बल्लू (22) पुत्र फरियाद, अंशू (22) पुत्र जाफत खान, चालू (22) पुत्र मुनव्वर खान, सकील खान (24) घायल हुए हैं। जिनका उपचार ग्वालियर में चल रहा है। मोबाइल की रोशनी से उठाए मृतक व घायल हाइवे पर कार और बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि दुर्घटना के बाद हाइवे किनारे घायल और मृतकों के शव 50 मीटर में बिखर गए। पुलिस ने मोबाइल की रोशनी में पहले घायलों को उठाकर एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। उसके बाद मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए डेड हाउस भेजा। recent visitors 39

पिता की जमीन के फौती नामांतरण पर बेटे से 50 लाख रुपए मांगे गए, कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई

इंदौर जमीन के नामांतरण को लेकर इंदौर में अब तक की सबसे बड़ी रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। पिता की जमीन के फौती नामांतरण पर बेटे से 50 लाख रुपए मांगे गए। पटवारी ने रेसीडेंसी कोठी पर मिलने बुलाकर डिमांड की। यह सुनने के बाद आवेदक की जमीन खिसक गई। बाद में वकील ने कलेक्टर को फोन लगाकर सबूत सहित घटनाक्रम की जानकारी दी। इस पर पटवारी को तुरंत सस्पेंड कर तहसीलदार के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई। जमीन की कीमते आसमान पर, भ्रष्टाचार लगातार इंदौर में जमीन की कीमत आसमान छू रही है। उससे जुड़े कामों में भ्रष्टाचार के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बगैर लेन-देन के नामांतरण, बटांकन और सीमांकन नहीं होते। ऐसा ही एक मामला हाल ही में सामने आया, जिसमें नायब तहसीलदार नागेंद्र त्रिपाठी पर 50 लाख रुपए की रिश्वत मांगे जाने का आरोप लगा। वैभव पिता अशोक ने मल्हारगंज तहसील के जाख्या की 31 हजार वर्ग फीट जमीन के फौती नामांतरण का आवेदन वकील राहुल दवे के माध्यम से लगाया था। इस पर पहले पटवारी ओम त्रिपुरेश मिश्रा ने वकील दवे से संपर्क कर 50 लाख रुपए साहब के देने के साथ दो दिन में नामांतरण का दावा किया था, जिस पर उन्होंने इनकार कर दिया। बाद में सीधे वैभव को फोन लगाकर रेसीडेंसी पर बुलाया गया और 50 लाख की मांग की गई। यह सुनकर उसने कहा कि इतने मैं तो दूसरी जमीन आ जाएगी। ये जमीन पिता की है, जिसका नामांतरण करना है। इसमें गलत क्या है? जब गलत नहीं करा रहा हूं तो रिश्वत किस बात की। कलेक्टर को लगाया फोन वैभव ने रेसीडेंसी से निकलते ही वकील दवे को घटनाक्रम बताया। उन्होंने कलेक्टर आशीष सिंह से बात कर घटनाक्रम की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर का कहना था कि नामांतरण भी होगा और दोषियों पर कार्रवाई भी। उन्होंने तुरंत पटवारी को सस्पेंड कर दिया और नायब तहसीलदार त्रिपाठी की विभागीय जांच बैठाकर एसडीएम निधि वर्मा को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। पटवारी का हो चुका तबादला मजेदार बात ये है कि नामांतरण आवेदन आने पर पटवारी मिश्रा सक्रिय हो गया। उसका कहना था कि मैं तो आवेदक को जानता हूं। मैं काम कर दूंगा और ‘व्यवहार’ निभाते हुए रिपोर्ट बनाकर दे दी। कहना था कि आगे का काम तहसीलदार से समझ लेना। तहसीलदार त्रिपाठी ने शान पटेल नाम का एक एवजी बैठा रखा है, जिसने 50 लाख मांगे और दो दिन बाद छुट्टी पर जाने की बात कही। इधर, दवे ने साफ इनकार कर दिया। संवाद केंद्र पर थोकबंद शिकायत नामांतरण व सीमांकन के आवेदकों से बात करने के लिए कलेक्टर ने संवाद केंद्र शुरू किया है। इस पर ऑपरेटर सीधे आवेदक से बात करते हैं और पूछते हैं कि काम करने के एवज में आपसे रिश्वत तो नहीं मांगी जा रही? चौंकाने वाली बात ये है कि कई पटवारियों के खिलाफ शिकायतें आ चुकी हैं। शिकायत आई है नामांतरण को लेकर एक शिकायत आई, जिसमें रिकॉर्डिंग भी पेश की गई। उसके आधार पर पटवारी के खिलाफ कार्रवाई की व नायब तहसीलदार के खिलाफ जांच की जा रही है। एसडीएम की रिपोर्ट में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी। आशीष सिंह, कलेक्टर recent visitors 32

छत्तीसगढ़ के गांव-गांव में हैं धर्म और आस्था के प्राचीन चिन्ह: मुख्यमंत्री

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुशासन तिहार के अंतर्गत आज अपने आकस्मिक निरीक्षण के दूसरे दिन बेमेतरा जिले के ग्राम-सहसपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री साय ने ग्राम सहसपुर में 13वीं- 14वीं शताब्दी में निर्मित भगवान शिव व हनुमान के प्राचीन मंदिर के दर्शन किए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उल्लेखनीय है कि ग्राम-सहसपुर में यह प्राचीन मंदिर कवर्धा के  फणिनागवंशी राजाओं द्वारा नागर शैली में निर्मित किया गया था। गांव के सुरम्य वातावरण में स्थित यह मंदिर इस बात का जीवंत सबूत है की छत्तीसगढ़ की धरती में धर्म और आस्था के बीज बहुत पुराने हैं। ये मंदिर छत्तीसगढ़ की समृद्ध वास्तुकला के उत्कृष्ट उदाहरण हैं। सोलह स्तम्भों पर टिका शिव मंदिर और आठ स्तम्भों का हनुमान मंदिर बहुत सुंदर प्रतीत होता है।  आज भी इन मंदिरों का पुराना वैभव यथावत है। ये अपने कालखंड की एक निशानी के तौर पर मौजूद हैं और हमारी समृद्ध कला संस्कृति का भी परिचय देते हैं। मुख्यमंत्री साय ने आज अपने आकस्मिक दौरे से छत्तीसगढ़ के गांवों की आस्था के इस ऐतिहासिक पहलू को छुआ है। recent visitors 36