Tuesday, July 7, 2026 12:04 pm

कियारा के बिकिनी लुक पर राम गोपाल वर्मा का अश्लील कमेंट, यूजर्स बोले ‘ठरकी बुड्ढा

मुंबई फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा उस वक्त मुसीबत में फंस गएजब उन्होंने फिल्म वॉर 2 के टीजर से अभिनेत्री कियारा आडवाणी की वायरल बिकिनी तस्वीरों पर अश्लील कैप्शन लिखा। नेटिजन्स ने उन्हें अपने इस कमेंट के लिए जमकर सुनाया। मामला इतना बढ़ गया की उन्हें ये पोस्ट भी डिलीट करनी पड़ी। लोग उन्हें कहने लगे कि वो अपने होश में नहीं हैं। एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। वॉर 2 के मेकर्स ने 20 मई को अपकमिंग ड्रामा का टीजर रिलीज किया। इसके एक सीन में कियारा आडवाणी के छोटी सी झलक दिखाई पड़ी जिसमें वो बिकिनी लुक में नजर आ रही हैं। टीजर रिलीज के बाद से उनके इस अंदाज की हर तरफ चर्चा हो रही है। रामगोपाल वर्मा ने डिलीट किया पोस्ट तरफ जहां एक तबका कियारा के इस लुक की तारीफ कर रहा है वहीं एक तबका उनकी आलोचना भी कर रहा है। इसमें फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा भी हैं। राम गोपाल वर्मा को सोशल मीडिया पर तब कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा जब उन्होंने वॉर 2 के टीजर से कियारा आडवाणी की बिकिनी फोटो शेयर की और उस पर एक भद्दा कमेंट किया। जब लोग उन्हीं को चौरतरफा घेरने लगे तो उन्हें अपना पोस्ट डिलीट करना पड़ा। सोशल मीडिया पर इस बात को लेकर हो रहा डिबेट राम गोपाल वर्मा ने टीजर से कियारा की एक क्लिप एक्स पर शेयर की जिसमें उन्होंने लिखा,"हमारे देश और समाज के बजाय, अगर ऋतिक और जूनियर एनटीआर के बीच कियारा आडवाणी को लेकर जंग है। तो पक्का ये मूवी ब्लॉबस्टर होगी।" कियारा के बारे में राम गोपाल वर्मा की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भड़क गए और उनको जमकर भला-बुरा कहने लगे। रेडिट पर इस बात को लेकर एक डिबेट छिड़ गया। रामगोपाल वर्मा को लोगों ने सुनाई खरी-खोटी सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा,"क्या बकवास है।" दूसरे ने लिखा, "यह बात वो सार्वजनिक रूप से कह रहा है…क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि वह निजी तौर पर कैसा है?" एक ने लिखा, क्या फूंक कर बैठा है। चौथे ने कमेंट किया, आज दारू पीकर बैठा होगा। एक अन्य लिखा, ठरकी बुड्ढा। ये मामला इतना ज्यादा बढ़ गया कि रामगोपाल वर्मा को अपनी पोस्ट डिलीट करनी पड़ी। कियारा आडवाणी ने लिखा प्यारा नोट वहीं कियारा ने सोशल मीडिया पर अपनी तारीफ के बाद एक पोस्ट शेयर किया। कियारा ने लिखा, 'इसमें बहुत कुछ पहला है। पहली यस राज फिल्म, पहली एक्शन फिल्म और इन दो हीरो के साथ पहली फिल्म। अयान के साथ पहली फिल्म और पहला बिकीनी शॉट।' वॉर 2 इस साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ये फिल्म साल 2019 में आई वॉर का सीक्वल है। इस मूवी को अयान मुखर्जी ने डायरेक्ट किया है। recent visitors 44

हाई कोर्ट ने डॉ. अजय मेहता के खिलाफ दर्ज FIR रद्द , सीबीआई की रिपोर्ट में भी आर्थिक लेन-देन की बात नहीं कही गई

जबलपुर व्यापमं घोटाले में फंसे डॉ. अजय कुमार मेहता को जबलपुर हाईकोर्ट बेंच से राहत मिली है। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैत और जस्टिस विवेक जैन की युगलपीठ ने व्यापमं घोटाले में उनके खिलाफ सीबीआई द्वारा दर्ज की गई एफआईआर निरस्त करने के आदेश जारी किए हैं। साक्ष्यों के अनुसार याचिकाकर्ता ने किसी प्रकार का आर्थिक लेन-देन नहीं किया है। सीबीआई की रिपोर्ट में भी आर्थिक लेन-देन की बात नहीं कही गई है। व्यापमं घोटाले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में अंक घोटाले के संबंध में डॉ. अजय मेहता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। हाईकोर्ट के आदेश पर यह जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। डॉ. मेहता पर आरोप था कि इस घोटाले में उन्होंने मिडिलमैन की भूमिका निभाते हुए मुख्य आरोपी से अभ्यर्थियों को मिलवाया था। याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई थी कि कोई भी आर्थिक लेन-देन, व्यक्तिगत लाभ या आपराधिक साजिश का प्रमाण व दस्तावेज न होने के बावजूद उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। सीबीआई ने युगलपीठ को बताया कि मुख्य आरोपी नितिन मोहिंद्रा बोर्ड में सिस्टम एनालिस्ट था। उसके कार्यालय से कुछ एक्सेल शीट जब्त की गई थीं, जिनमें उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर, प्राप्त अंक, खाली छोड़े गए उत्तर विकल्प और उम्मीदवारों को दिए जाने वाले अंक का उल्लेख था। एक्सेल शीट में बिचौलियों के नाम और लेन-देन की गई रकम का भी उल्लेख किया गया था। युगलपीठ ने सुनवाई के दौरान पाया कि सह-आरोपी नितिन मोहिंद्रा ने अपने बयान में वर्तमान आवेदक का नाम नहीं लिया है। आवेदक ने अपने बयान में स्वीकार किया है कि नितिन मोहिंद्रा उसका दोस्त था। सीबीआई के आरोप पत्र में भी किसी आर्थिक लेन-देन या किसी अन्य प्रकार से लाभ पहुंचाने का कोई उल्लेख नहीं है। आरोप पत्र में ऐसा कोई तत्व नहीं है, जिसके आधार पर आवेदक के खिलाफ मुकदमा चलाया जा सके। युगलपीठ ने उक्त आदेश के साथ एफआईआर निरस्त करने के निर्देश जारी किए हैं। याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अजय गुप्ता ने पैरवी की। recent visitors 21

इंदौर नगर निगम को जलसंकट की चिंता, वाणिज्यिक भवनों मालिकों को जल संवर्धन और वाटर रिचार्जिंग यूनिट का निर्माण करना अनिवार्य

इंदौर इंदौर में पंद्रह दिन बाद मानसून की  आमद हो सकती है और अब नगर निगम को जलसंकट की चिंता सताई है। नियमों का हवाला देते हुए निगमायुक्त शिवम वर्मा ने नगर निगम सीमा क्षेत्र के रहवासी, औद्योगिक और वाणिज्यिक भवनों मालिकों को जल संवर्धन और वाटर रिचार्जिंग यूनिट का निर्माण करना अनिवार्य कर दिया है। इसके लिए जुलाई माह की मियाद दी गई है। यह चेतावनी भी दी गई है कि यदि निर्माण नहीं किया जाता है तो फिर नगर पालिक निगम अधिनियम के तहत जुर्माना भी भरना होगा। इसके अलावा इंदौर में होने वाले निर्माण कार्यों और कार सर्विस सेंटर में बोरिंग और नर्मदा के जल के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। वे अब तरी करने और गाडि़यां धोने के लिए ट्रीटेंड वाॅटरों का ही इस्तेमाल कर पाएंगे। अफसरों ने कहा कि इंदौर में 48 स्थानों पर ट्रीटेड वाॅटर के हाइड्रेड लगाए गए है। वहां से पानी लेकर उसका उपयोग किया जाए। यदि बोरिंग का उपयोग मिला तो फिर बोरिंग नगर निगम अधिगृहित कर लेगा। इंदौर में नर्मदा से 500 एमएलडी पानी आता है, लेकिन ज्यादातर निजी बोरिंगों में पानी नहीं होने के कारण जलसंकट शहर में छाया हुआ है। शहर में नगर निगम 200 से ज्यादा टैंकरों से पानी बांट रहा है। पानी की डिमांड लगातार बनी हुई है। इंदौर के 25 प्रतिशत इलाके में नर्मदा लाइन नहीं है। वहां सबसे ज्यादा जलसंकट बना हुआ है। recent visitors 49

महेंद्र सिंह धोनी की युवाओं को सलाह- कैसे 200 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग करें

नई दिल्ली आईपीएल 2025 चेन्नई सुपर किंग्स और महेंद्र सिंह धोनी के लिए काफी खराब रहा। 5 बार की चैंपियन टीम आईपीएल पॉइंट्स टेबल में आखिरी पायदान पर है। मंगलवार को उसे राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में शिकस्त झेलनी पड़ी। इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने 17 गेंद में 16 रन बनाए थे। मैच के बाद उन्होंने आईपीएल में अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने वाले युवा भारतीय बल्लेबाजों को इसका मंत्र दिया कि कैसे 200 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग करें। धोनी ने वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे समेत सभी युवा बल्लेबाजों को सलाह दी कि उम्मीदें बढ़ने पर वे खुद पर दबाव न लाएं। थाला ने निरंतरता को बरकरार रखने और दबाव की स्थिति में भी शांत बने रहने की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अगर आप अपनी पूर्ण क्षमता को महसूस करना चाहते हो तो आपको ऐसा करना पड़ेगा। मैच के बाद सीएसके के कप्तान ने कहा, 'उन्हें निरंतरता की कोशिश करनी चाहिए, लेकिन अगर आप 200 प्लस का स्ट्राइक रेट चाहते हैं तब निरंतरता बरकरार रखना मुश्किल होगा। उनके पास किसी भी स्थिति में छक्के जड़ने की काबिलियत है। जब आपसे उम्मीदें बढ़ जाएं तब प्रेशर मत लो। सीनियर खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ से सीखो; ये सबकुछ गेम को समझने से जुड़ा है। मेरी उन सभी युवाओं को यह सलाह है जिन्होंने अच्छा किया है।' 43 साल के महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार के मैच में 17 गेंद में 16 रन बनाए थे। अपनी इस छोटी सी पारी में उन्होंने सिर्फ एक बाउंड्री लगाई थी। धोनी ने इस आईपीएल में अब तक 13 मैच में 196 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 135.17 का है। मंगलवार के मैच में सीएसके ने निर्धारित 20 ओवर में 187 रन का स्कोर खड़ा किया था। युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने 20 गेंद में 43 रन की पारी खेली। जवाब में राजस्थान ने 18वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 33 गेंदों में 57 रन की पारी खेली। recent visitors 41

आज ग्वालियर-चंबल में लू, 40 जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट- क्या है वजह?

भोपाल  मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश के साथ भीषण गर्मी का दौर चल रहा है. लगातार 20 दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है. वहीं कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल रहा है. मंगलवार को छिंदवाड़ा, बैतूल, सिवनी, अनूपपुर समेत 17 जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई, जबकि खजुराहो और नौगांव में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. मौसम के दो रंग के बीच IMD ने बुधवार, 21 मई के लिए अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, आज ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग के 8 जिले में लू चलेगी, जबकि  राजधानी भोपाल, इंदौर समेत 40 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मध्य प्रदेश के इन जिलों में लू का अलर्ट मौसम विभाग के मुताबिक, ग्वालियर, श्योपुर, निमाड़ी, टीकमगढ़, मुरैना, भिंड, दतिया और छतरपुर में लू चलने की संभावना है. MP के 40 जिलों में आज होगी बारिश, 9 जिलों में आंधी का ऑरेंज अलर्ट   नर्मदापुरम, बुरहानपुर, खरगोन, बैतूल, हरदा, खंडवा, बड़वानी, अलीराजपुर और झाबुआ में आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहां आंधी 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेगी. इसके अलावा राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, सिंगरौली, कटनी, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी, बालाघाट, रीवा, मऊगंज, सीधी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, अशोकनगर, शिवपुरी, विदिशा, शाजापुर, सीहोर, गुना, राजगढ़, रायसेन, देवास, आगर-मालवा, रतलाम, धार, नीमच और मंदसौर में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. 45 डिग्री के पार पहुंचा MP का पारा मंगलवार को मध्य प्रदेश के कई जिलों में गर्मी का असर देखने को मिला. छतरपुर जिला सबसे गर्म रहा. दअसल, छतरपुर के खजुराहो में तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि  नौगांव में पारा 45 डिग्री सेल्सियस रहा. टीकमगढ़ में 44.8 डिग्री, ग्वालियर में तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. सतना में 43.5 डिग्री सेल्सियस, शिवपुरी-रीवा में 43 डिग्री सेल्सियस, गुना में 42.8 डिग्री सेल्सियस, सीधी में 42.4 डिग्री सेल्सियस, दमोह में 41.5 डिग्री सेल्सियस, मंडला में 41.4 डिग्री सेल्सियस, उमरिया-सागर में 40.6 डिग्री सेल्सियस और रायसेन में तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में पारा 40.8 डिग्री सेल्सियस, राजधानी भोपाल में 39 डिग्री सेल्सियस, उज्जैन में 36.5 डिग्री और इंदौर में पारा 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा. recent visitors 32

सुकमा : सुशासन तिहार अंतर्गत के ग्राम पाकेला में समाधान शिविर संपन्न

सुकमा : सुशासन तिहार अंतर्गत के ग्राम पाकेला में समाधान शिविर संपन्न शिविर में ग्रामीणों से मिले 351 आवेदन पत्र सुकमा, सुशासन तिहार अंतर्गत सुकमा जिले के छिंदगढ़ जनपद के ग्राम पंचायत पाकेला में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के नेतृत्व में आयोजित समाधान शिविर में आसपास के ग्रामीणों से शिकायत एवं मांगों से संबंधित आवेदनों का विभागवार निराकरण किया गया। समाधान शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, खाद्य, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक न्याय, विद्युत, वन, श्रम, पशुपालन सहित अन्य विभागों को प्राप्त सभी आवेदन पत्रों के निराकरण की जानकारी दी गई। समाधान शिविर में मांग से संबंधित 351 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु संबंधित विभागों को आवेदन प्रेषित किया गया।   समाधान शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रत्येक मांग एवं शिकायतों से संबंधित आवेदनों के निराकरण की जानकारी सार्वजनिक वाचन के माध्यम से दी गई। ग्रामीणों ने समाधान की प्रक्रिया में भाग लेकर अपनी संतुष्टि व्यक्त की। शिविर में शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। इनमें पंचायत विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास पूर्णता पर अभिनंदन प्रमाण पत्र व नवीन जॉब कार्ड, खाद्य विभाग द्वारा नवीन राशन कार्ड, परिवहन विभाग द्वारा ड्राविंग लाइसेंस, श्रम विभाग द्वारा श्रम कार्ड,  मछली पालन विभाग द्वारा मछली जाल, कृषि विभाग द्वारा बीज, सामुदायिक शौचालय और सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृति पत्र का वितरण किया गया। महिला बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती माताओं की गोद भराई एवं नन्हे बच्चों का अन्नप्रसान भी कराया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। समाधान शिविर में महिला आयोग की सदस्य सुदीपिका शोरी, जनपद अध्यक्ष छिंदगढ़ श्रीमती देवली बाई, जिला पंचायत सदस्य हूंगाराम मरकाम, पाकेला सरपंच मिथलेश नाग, राजामुंडा सरपंच श्रीमती कुंती कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। recent visitors 29

गौरेला पेंड्रा मरवाही : प्लेसमेंट कैम्प 27 मई को : निजी कंपनी में 50 पदों पर सीधी भर्ती का सुनहरा मौका

 गौरेला पेंड्रा मरवाही छत्तीसगढ़ शासन कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के निर्देशानुसार जिला रोजगार एवं मार्गदर्शन केंद्र कार्यालय परिसर टीकरकला गौरेला में 27 मई मंगलवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। कैंप में निजी नियोजक (कंपनी) सेफ इंटेलिजेंट सिक्यूरिटी संस्थान द्वारा सिक्यूरिटी गार्ड के 30 पदों एवं सिक्यूरिटी सुपरवाइजर के 5 पदों पर, न्यूट्रीएंटी क्रॉप केअर प्राइवेट संस्थान द्वारा फिल्ड ऑफिसर के 10 पदों पर और एग्रीकल्चर एडवाइजर के 5 पदों पर भर्ती संबंधी कार्यवाही की जाएगी। रोजगार के इच्छुक आवेदक जिन्होंने 8वीं, 10वीं कक्षा उत्तीर्ण एवं 12वीं, बीएससी (एग्रीकल्चर) में उत्तीर्ण हैं, वे इस कैम्प में भाग ले सकते हैं। योग्य उम्मीदवार अपने दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड एवं समस्त शैक्षणिक योग्यता संबंधित अंकसूची, प्रमाण पत्र की मूलप्रति एवं छायाप्रति के साथ कैंप में उपस्थित हो सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कार्यालय टीकरकला से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। recent visitors 26