पेशियों की न दें बार-बार तारीख, फील्ड में दिखे सक्रियता: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सुशासन तिहार के अंतर्गत अम्बिकापुर में सरगुजा, बलरामपुर-रामानुजगंज और जशपुर जिलों में योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनहितकारी शासकीय योजनाओं को बेहतर तरीके से अमलीजामा पहनाने वाले जिलों को पुरस्कृत किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों से टीम भावना से कार्य करते हुए वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के पहले चरण में प्रदेशभर से लगभग 40 लाख आवेदन प्राप्त हुए, जिनका समाधान दूसरे चरण में किया गया। अब तीसरे चरण में वे स्वयं जिलों का दौरा कर आम जनता से सीधा संवाद कर रहे हैं। जनता के प्रति जवाबदेह बनें अधिकारी मुख्यमंत्री ने तीनों जिलों के कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और अन्य अधिकारियों से कहा कि वे जनता के सेवक हैं, उनकी जिम्मेदारी है कि समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से फील्ड का दौरा करें, जनता के सुख-दुख में शामिल हों और शिकायतों के निपटारे में पेशियों की अनावश्यक तारीखें देना बंद करें। उन्होंने कहा कि राजस्व से संबंधित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अवैध रेत खनन के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाए। बुनियादी जरूरतों पर विशेष ध्यान मुख्यमंत्री ने कहा कि पीने के पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यदि कहीं पेयजल संकट की स्थिति बनती है, तो इसका तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि तालाबों को सूखने से बचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में जलस्रोतों की सुरक्षा की व्यवस्था की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले किसानों को खाद-बीज की कमी न हो, इसके लिए विशेष निगरानी रखी जाए। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनने वाली सड़कों, पीएम आवासों तथा जिलों में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यो की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और उनकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों के निर्देश गर्मी और बरसात के मौसम में मौसमी बीमारियों और सांप काटने की घटनाओं की संभावना को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों और एंटी-स्नेक वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। वनाधिकार और अतिक्रमण के मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वनाधिकार पट्टों की समीक्षा राजस्व, आदिवासी विकास और वन विभाग संयुक्त रूप से करें और केवल पात्र हितग्राहियों को ही पट्टा प्रदान किया जाए। उन्होंने अवैध पट्टा धारकों और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सीमावर्ती जिलों में अवैध रूप से निवास कर रहे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री राम विचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, सरगुज़ा सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक राजेश अग्रवाल, प्रबोध मिंज, राम कुमार टोप्पो, भैयालाल राजवाड़े, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सरगुजा कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा आईजी दीपक झा सहित सरगुज़ा, बलरामपुर-रामानुजगंज एवं जशपुर जिले के अधिकारीगण उपस्थित रहे। recent visitors 58

नगर निगम की बड़ी लापरवाही: सड़क किनारे सो रहे मजदूर पर पलट दी कचरे से भरी ट्रॉली, दबकर हुई मौत

बरेली उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में नगर निगम कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिसकी वजह से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बरेली में इन दिनों नालों की सफाई का काम चल रहा है। नालों से निकले कीचड़ को शहर के बाहर फेंकने के लिए ट्रालियों में भरकर ले जाया जाता है। लेकिन इसी काम के दौरान एक बड़ी दुर्घटना हो गई। क्या हुआ हादसे के वक्त? मिली जानकारी के मुताबिक, बारादरी क्षेत्र के सतीपुर इलाके में नाले की सफाई चल रही थी। उस समय 45 वर्षीय सुनील कुमार अपने घर के पास ही पेड़ के नीचे आराम कर रहे थे। इसी दौरान नगर निगम की टीम ने बिना नीचे देखे, कीचड़ भरी ट्राली को पलट दिया, जो सीधे सुनील कुमार के ऊपर गिर गई। इसके कारण सुनील कुमार उस कीचड़ में दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश हादसा होते ही आसपास के लोगों ने सुनील कुमार को तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। यह खबर सुनते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया है। परिवार वाले दुख में डूबे हुए हैं और रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार की जिम्मेदारी निभाते थे सुनील कुमार सुनील कुमार सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। रोजाना की तरह सफाई का काम खत्म करके दोपहर में आराम कर रहे थे कि अचानक यह हादसा हो गया। नगर निगम की प्रतिक्रिया नगर निगम के अधिकारियों ने कहा है कि मामले की जांच कराई जा रही है। साथ ही, लापरवाह ठेकेदार और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि इस तरह की घटना दोबारा ना हो। recent visitors 44

नवीन सुविधाओं और आधुनिकीकरण से लैस हुआ भानुप्रतापपुर रेलवे स्टेशन

 भानुप्रतापपुर का पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन आधुनिक भारत का प्रतिबिम्ब है: उप मुख्यमंत्री अरुण साव अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया देश के 103 पुनर्विकसित स्टेशनों का वर्चुअल शुभारंभ नवीन सुविधाओं और आधुनिकीकरण से लैस हुआ भानुप्रतापपुर रेलवे स्टेशन रायपुर   रेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना लागू की गई है, जिसके अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल के भानुप्रतापपुर (जिला कांकेर) के स्टेशन का पुनर्विकास कार्य पूर्ण हो चुका है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित, यात्रियों के लिए अधिक आरामदायक, सुरक्षित और स्तरीय पुनर्विकसित भानुप्रतापपुर स्टेशन का आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बीकानेर से वर्चुअली शुभारंभ किया। शुभारंभ समारोह में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव भानुप्रतापपुर से सम्मिलित हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधुनिक और विकसित भारत की संकल्पना आज साकार हुई है। भानुप्रतापपुर के रेलवे स्टेशन को पुनर्विकसित कर इसे नवीन सुविधाओं और आधुनिक सेवाओं से लैस किया गया है। भानुप्रतापपुर के स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री साव ने आगे कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उभरते और विकसित भारत का कायाकल्प हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रेलवे के क्षेत्र में वर्ष 2014 से लगातार विकास और उन्नयन हो रहा है। उप मुख्यमंत्री मंत्री साव ने उपस्थितजनों को रेलवे आधुनिकीकरण की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रेल भारत देश की लाइफ लाइन है और इसके मजबूत होने से पूरा भारतवर्ष मजबूत होगा। साथ ही यह भी बताया कि बोधघाट परियोजना की स्वीकृति केंद्र से मिल चुकी है जिससे आने वाले समय में बस्तर के विकास की दिशा में नई इबारत लिखी जाएगी। इसके अलावा कांकेर सांसद भोजराज नाग ने भी क्षेत्रवासियों को भानुप्रतापपुर के पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में लगातार विकास हो रहा है। इस दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम आने वाले स्कूली विद्यार्थियों को उप मुख्यमंत्री द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी, कांकेर विधायक आशाराम नेताम, कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, एसएसपी इंदिरा कल्याण एलेसेला, रायपुर रेल मंडल के एडीआरएम बजरंग अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष अरूण कौशिक, कांकेर के पूर्व सांसद मोहन मंडावी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित भानुप्रतापपुर रेलवे स्टेशन : रेल प्रशासन द्वारा बताया गया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत भानुप्रतापपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकसित कर कायाकल्प किया गया है। इसके तहत स्टेशन परिसर में पृथक प्रवेश एवं निकास द्वार, 10.50 मीटर चौड़ी पहुंच सड़क, सौंदर्यीकृत गेट, उच्चतम प्रकाश, भूदृश्य और लौह मूर्तिकला तथा सेल्फी पॉइंट के साथ प्रवेश द्वार भी है, जिसमें रैंप और सीढ़ियाँ हैं ताकि प्रवेश करना आसान हो। इसके अलावा दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए पक्की सतह वाली प्रकाशयुक्त प्रकाश पार्किंग, दिव्यांगजनों के लिए पार्किंग सुविधा और डबल रेल हैंड ग्रिप के साथ प्रवेश व निकास रैंप, पीली पट्टियों के साथ 9 स्टैटिअर आदि शामिल हैं। इसी तरह बुकिंग काउंटर्स, अनारक्षित और आरक्षित टिकटिंग और स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही प्रतीक्षा कक्ष, पुरुष, महिला और दिव्यांगजन यात्रियों के लिए अलग-अलग शौचालय की सुविधा, नए मुख्य स्टेशन प्रबंधक कक्ष, वाटर कूलर और वाटर बूथ, वाटर कूलर और दिव्यांगजन अनुकूल नल वाले बूथ, आरपीएफ पोस्ट, सीसीटीवी रूम, कैटरिंग स्टॉल, अग्निशामक यंत्र, स्वच्छ परिसर सहित विभिन्न प्रकार की आधुनिकीकृत सुविधाएं विकसित की गई हैं। क्रमांक-1007/कोसरिया/सिन्हा recent visitors 54

भारतीय सेना की ओर से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर देश के सैनिकों को सलामी दी और विजय का जश्न मनाया

रायपुर जय हरितिमा महिला समिति द्वारा पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारतीय सेना की ओर से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर देश के सैनिकों को सलामी दी और विजय का जश्न मनाया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर परिसर में समिति की अध्यक्ष श्रीमती ममता चंदेल के कुशल नेतृत्व में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में सर्वप्रथम पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गये भारतीय नागरिकों को भावपूर्ण श्रध्दांजलि दी गयी। सभी सदस्यों ने एक मिनट का मौन रखकर अपने श्रध्दासुमन अर्पित किये। तदोपरन्त ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाया गया। समिति की सदस्यों ने तिरंगा लहराया, जय हिन्द, भारत माता की जय के नारे लगाए। समिति की सभी सदस्यों ने भारत के जल, थल एवं वायु सेना के वीर जवानों को सलामी दी। समिति द्वारा इस मौके को और भी खास बनाया गया क्यूंकि इस अवसर पर समिति की सदस्यों ने ड्रेस से लेकर व्यंजन तक तिरंगे की थीम में रखा था।  इस अवसर पर विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में महिला शेफ गरिमा शर्मा को भी आमंत्रित किया गया था। उन्होंने अपने कुकिंग टप्स् के द्वारा मिलेट केक, बिस्किट जैसे स्वादिष्ट और स्वास्थवर्धक व्यंजन बनाना सिखाया। कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन कार्यकारिणी समिती की सचिव श्रीमति दुर्गा प्रजापति, सह सचिव श्रीमति दिप्ती मई दास, उपाध्यक्ष श्रीमति ममता लखेरा, कोषाध्यक्ष मंजुषा पाली और खेल प्रभारी श्रीमती प्रिती भंडारकर ने किया। recent visitors 57

उप मुख्यमंत्री साव ने विद्यार्थियों को सीख देते हुए कहा यह ऐसा दौर है, जब अच्छी और बुरी दोनों तरह की चीजें अपनी ओर आकर्षित करती

रायपुर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव  भानुप्रतापपुर प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भानुप्रतापपुर स्टेशन के वर्चुअल शुभारंभ समारोह में शामिल हुए। इसके पश्चात् साव जिला प्रशासन द्वारा संचालित की जा रही निःशुल्क कोचिंग संस्था “मावा मोदोल“ का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने लाइब्रेरी और अन्य सुविधाओं का अवलोकन कर विद्यार्थियों से फीडबैक लिया। इसके पहले साव ने यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों से रु-ब-रु होते हुए उनके लक्ष्य के बारे में पूछा। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि “मावा मोदोल“ दूरस्थ क्षेत्रों में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए यह बेहतर प्लेटफॉर्म साबित होगा। साव ने विद्यार्थियों को सीख देते हुए कहा कि यह ऐसा दौर है, जब अच्छी और बुरी दोनों तरह की चीजें अपनी ओर आकर्षित करती हैं। आपको ये तय करना होगा कि अपने जीवन को किस दिशा की ओर लेकर जाएं। समय की कीमत पहचानें और एक-एक पल का सदुपयोग करें। साव ने उदाहरण देते हुए कहा कि एक क्लास में पढ़ने वाले दो विद्यार्थी को क्रमशः 95 और 45 प्रतिशत अंक मिलते हैं, जबकि शिक्षक वही, किताबें वही हैं। अब तय आपको करना होगा खुद को 95 प्रतिशत वाले स्थान पर रखना है या 45 प्रतिशत वाली जगह पर। जिले के प्रभारी मंत्री ने आगे बताया कि असफलता हार नहीं होती, बल्कि सीखने का सबक होता है। पिछली कमियों को दूर कर पूरी शिद्दत और लगन के साथ पर जो व्यक्ति अपने लक्ष्य को हासिल करने में लग जाता है, उसे सफलता अनिवार्य रूप से मिलती ही है। इस दौरान सांसद भोजराज नाग, कांकेर विधायक आशाराम नेताम, कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी सहित मावा मोदोल का स्टाफ मौजूद रहे। recent visitors 38

वित्त मंत्री ने सभी नवविवाहित जोड़ों को 5-5 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की

रायपुर : मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह: दहेज मुक्त समाज की दिशा में अनुकरणीय पहल – वित्त मंत्री ओपी चौधरी रायगढ़ में आयोजित सामूहिक विवाह में परिणय सूत्र में बंधे 58 जोड़े वित्त मंत्री ने सभी नवविवाहित जोड़ों को 5-5 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की रायपुर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा रायगढ़ के पटेलपाली स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 58 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने नवविवाहित जोड़ों को उनके नए जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं एवं प्रत्येक जोड़े को 5-5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग देने के लिए गायत्री परिवार शाखा रायगढ़ का भी आभार व्यक्त किया   वित्त मंत्री श्री चौधरी ने अपने संबोधन में दहेज प्रथा को सामाजिक कुरीति बताते हुए कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों से दहेज मुक्त समाज की दिशा में प्रभावशाली संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि आज के समाज में दहेज प्रथा से अधिक  कुप्रथा कुछ भी नहीं है। घर की बेटियों को इस कुरीति के चलते कितनी समस्या और कठिनाइयों से गुजरना पड़ता था, यह कल्पना से परे है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना न केवल विवाह को सरल बनाती है, बल्कि नवदंपतियों को आर्थिक संबल भी प्रदान करती है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह के माध्यम से आज परिणय सूत्र में बंध रहे नवदंपत्ति समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। सामूहिक  विवाह  कोई निर्धन व्यक्ति करता है ऐसा नहीं है, जो व्यक्ति अपने सोच से समृद्ध होता है वह व्यक्ति ऐसे पुनीत कार्य के माध्यम से समाज को महत्वपूर्ण संदेश देता है, जो आज आपने किया। वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि इस योजना से समाज में यह संदेश जाता है कि विवाह के लिए दिखावा और अनावश्यक खर्च जरूरी नहीं है, बल्कि सादगी और सामाजिक सहयोग से भी पवित्र बंधन को मजबूती दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता से लगातार जनहितैषी योजनाओं का निर्माण और क्रियान्वयन कर रहे हैं। इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने भी वर-वधू को नव दांपत्य जीवन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्री डिग्री लाल साहू, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुजाता सुखलाल चौहान, श्रीमती हेमलता हरिशंकर चौहान, श्री रामश्याम डनसेना, श्रीमती खीरमती चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। recent visitors 37

सौभाग्य है कि महान शासिका देवी अहिल्याबाई के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को नाट्य मंचन के माध्यम से परिचित होने का अवसर मिल रहा -CM

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह हम सब का सौभाग्य है कि मध्यप्रदेश की ऐसी महान शासिका देवी अहिल्याबाई के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को नाट्य मंचन के माध्यम से परिचित होने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरूवार को कालिदास संस्कृत अकादमी के पण्डित सुर्यनारायण व्यास संकुल सभा गृह में देवी अहिल्या बाई की 300वीं जयंती वर्ष के अवसर पर अहिल्या बाई होलकर महानाटय – जीवन, अवदान और वैभव का गान के मंचन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. साधना बलवटे की लिखी पुस्तक ‘’अहिल्या रूपेण संस्थिता’’ का विमोचन किया गया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक अनिल जैन कालुहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, संजय अग्रवाल, संस्कार भारती के सह कोषाअध्यक्ष श्रीपाद जोशी, विशाल राजोरिया, जगदीश अग्रवाल, देवी अहिल्या बाई जयंती समारोह के जिला संयोजक उमेश सेंगर, जगदीश पांचाल एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे। अतिथियों द्वारा मां सरस्वती और देवी अहिल्या बाई के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संस्कृति संचलनालय के संचालक एन.पी. नामदेव और कालिदास संस्कृत अकादमी के निदेशक ड़ॉ. गोविंद गंधे ने अतिथियों का स्वागत किया। केन्द्र और राज्य सरकार देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करा रही हैं। देवी अहिल्याबाई ऐसी बेटी थीं, जो विवाह के बाद सास-ससुर की भी बेटी ही बन कर रहीं। बचपन में देवी अहिल्याबाई ने बाजीराव जी की सवारी निकलने पर अपने स्थान से हटने से मना कर दिया था, क्योंकि वे उस समय भगवान शिव की पूजा कर रही थीं, यह प्रसंग उनके साहस को दर्शाता है। देवी अहिल्या बाई सदगुणों की खान थीं। उन्हें शास्त्रों के साथ शस्त्रों की भी शिक्षा प्रदान की गई थी। पति द्वारा युद्ध में जीती गई धन राशि को उन्होनें शासकीय खजाने में जमा करने के लिए कहा था, जो कि उनकी उदारता को दर्शाता है। देवी अहिल्याबाई ने प्राचीन सोमनाथ मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था। उन्होंने सनातन धर्म की ध्वजा को धारण करके एक आदर्श जीवन जिया है, जो सबके लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कष्ट सहकर भी सुशासन की मिसाल पेश की। देवी अहिल्याबाई ने आमजन के लिये रोजगार के अवसर और उनकी बेहतरी के लिए महेश्वर में दक्षिण भारत के कारीगर बुलाकर हाथ से बुनी हुई साड़ी बुनने की कला से स्थानीय लोगों को परिचित करवाया। आज महेश्वर की साडि़यां विश्व भर में प्रसिद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन ने महेश्वर और इन्दौर के राजवाड़ा में कैबिनेट बैठक का आयोजन देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में ही किया है। उन्होंने कहा कि आगामी 31 मई को शासन द्वारा भोपाल में नारी सशक्तिकरण पर आधारित कार्यक्रम का भव्य स्तर पर आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपनी ओर सभी कलाकारों को शुभकामनाएं दीं और उनका सम्मान किया। मुख्यमंत्री निधि से कलाकारों को 5 लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की भी घोषणा की गई। कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती वर्ष के अवसर पर प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों में देवी अहिल्या बाई पर केंद्रित नाटयों का मंचन किया जा रहा है। कालिदास संस्कृत अकादमी में महानाट्य की प्रस्तुति नागपुर के कलाकारों द्वारा सुप्रियंका ठाकुर के निर्देशन में दी गई।   recent visitors 46