नई दिल्ली
परमेश शिवमणि भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) के नए महानिदेशक बने हैं। उन्होंने मंगलवार को महानिदेशक पद का पदभार संभाला। परमेश शिवमणि भारतीय तटरक्षक के 26वें महानिदेशक हैं। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को उनकी नियुक्ति को लेकर यह आधिकारिक जानकारी दी। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक परमेश शिवमणि ने अपने साढ़े तीन दशक से अधिक के शानदार करियर के दौरान, तट और जलपोत नियुक्तियों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है। वह नेविगेशन और डायरेक्शन में माहिर हैं और उनकी समुद्री कमांड में आईसीजी के सभी प्रमुख जहाज शामिल रहे हैं।
उनकी समुद्री कमांड में उन्नत ऑफशोर गश्ती जहाज ‘समर’ और ऑफशोर गश्ती जहाज ‘विश्वस्त’ भी शामिल रहे हैं। परमेश शिवमणि अपनी सर्विस के दौरान तटरक्षक क्षेत्र (पूर्व), तटरक्षक क्षेत्र (पश्चिम), तटरक्षक कमांडर (पूर्वी समुद्री तट) के शीर्ष पदों पर रह चुके हैं। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भारतीय तटरक्षक के नए महानिदेशक नेशनल डिफेंस कॉलेज, नई दिल्ली और डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन के पूर्व छात्र रह चुके हैं।
परमेश शिवमणि को सितंबर 2022 में अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर पदोन्नत किया गया था। बाद में उन्हें तटरक्षक मुख्यालय, नई दिल्ली में तैनात किया गया था। उन्हें अगस्त 2024 में महानिदेशक तटरक्षक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस अवधि के दौरान कई महत्वपूर्ण ऑपरेशन और अभ्यास पूरे किए गए। इनमें करोड़ों रुपये मूल्य के मादक पदार्थों और सोने की जब्ती शामिल है। इसके अलावा गंभीर चक्रवाती तूफानों के दौरान नाविकों का बचाव, विदेशी तट रक्षकों के साथ संयुक्त अभ्यास, अवैध शिकार विरोधी अभियान, चक्रवात व प्राकृतिक आपदाओं और तटीय सुरक्षा अभ्यास के दौरान मानवीय सहायता भी इन ऑपरेशनों में शामिल रहे।
डीजी परमेश शिवमणि को उनकी शानदार सेवा के लिए वर्ष 2014 में तटरक्षक पदक और 2019 में राष्ट्रपति तटरक्षक पदक से सम्मानित किया गया था। उन्हें 2012 में डीजी कोस्ट गार्ड कमेंडेशन और 2009 में फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (ईस्ट) कमेंडेशन से भी सम्मानित किया गया था।
गौरतलब है कि भारतीय तटरक्षक बल के तत्कालीन महानिदेशक राकेश पाल की इसी साल अगस्त महीने में मृत्यु हो गई थी। तटरक्षक बल के तत्कालीन महानिदेशक की मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया गया। हार्ट अटैक के उपरांत उन्हें चेन्नई के एक अस्पताल में ले जाया गया जहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई थी।

“माय सीक्रेट न्यूज़” यह एक ऑनलाइन वेबसाइट है, जो आपको देश – दुनिया और आपके आसपास की हर छोटी-बड़ी खबरों को आप तक पहुंचाती है। इस वेबसाइट का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेन्द्र जी कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता में BJC (बेचलर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) और MJC (मास्टर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री 2011 में हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर मप्र से हासिल की है। उन्होंने भोपाल के स्वदेश, राज एक्सप्रेस, राष्ट्रीय हिंदी मेल, सांध्य प्रकाश, नवदुनिया और हरिभूमि जैसे बड़े समाचार पत्र समूहों में काम किया है। इस वेबसाइट का संचालन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हो रहा है, जहाँ से प्रदेश की राजनीति से लेकर विकास की योजनाएं तैयार होती हैं।दे श व प्रदेश जिले की ताजा अपडेट्स व राजनीतिक प्रशासनिक खबरों के लिए पढ़ते रहिए हमारी वेबसाइट (my secret news. Com )👈 ✍️ पुष्पेन्द्र , (वरिष्ठ पत्रकार) भोपाल, मप्र











