Unafraid criminals in MP… Uncle and nephews were run over by a car as they left the police station, then beaten to death with iron rods and baseball bats.
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में अपराधी बेलगाम होते जा रहे हैं। आए दिन फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं। बीती रात कोतवाली के ठीक सामने ऐसी घटना हुई, जिससे लगता है कि बदमाशों में पुलिस का कोई भय नहीं बचा। हुआ यूं, कि थाने से एफआईआर करके निकले दो सगे भाई व उनके चाचा पर आरोपियों ने कार चढ़ाई। उसके बाद सरिया, बेसबाल के डंडों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। घायलों में से दो की हालत नाजुक है। पुलिस ने चार लोगों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
इरफान का विवाद पड़ोसी नदीम से हो गया
इस्लामपुरा की मस्जिद वाली गली, काजी कुआं के पास रहने वाले इरफान पुत्र जफर कुरैशी का विवाद अपने ही पड़ोसी नदीम कुरैशी से हो गया, जिसमें चार लोगों ने मिलकर इरफान और उसके छोटे भाई गुलफाम की मारपीट कर दी। इसी झगड़े की एफआईआर करवाने के लिए इरफान खान अपने बड़े भाई वकील कुरैशी व चाचा नवाब कुरैशी के साथ गुरुवार रात में कोतवाली थाने आया।
किआ कार से बाइक सवारों को मारी टक्कर
रात 11 बजे एफआईआर दर्ज हुई, इसके बाद इरफान अपने भाई व चाचा को मोटरसाइकल पर बैठाकर घर की ओर रवाना हुआ। कोतवाली से निकलकर जैसे ही बाइक एमएस रोड पर संग्रहालय के पास आई, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई किआ कार क्रमांक यूपी 80 जीए 1856 आई, जिसने बाइक को टक्कर मारी।
टक्कर के कारण इरफान, वकील और नवाब सड़क पर गिरे। इसके बाद कार चला रहे सोहिल कुरैशी ने बाइक सहित तीनों पर कार चढ़ा दी। आरोपियों का आतंक यहीं खत्म नहीं हुआ। कार से नदीम कुरैशी, सोहिल कुरैशी, भूरा कुरैशी, मनुआ कुरैशी उतरकर आए।
सरिया, बेसबाल के डंडे व लाठी से लैस से हमलावार
सभी के हाथ में सरिया, बेसबाल के डंडे व लाठी थीं। चारों ने सड़क पर पहले से घायल पड़े चाचा-भतीजों को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। यह आतंक करीब 15 मिनट तक चलता रहा, लेकिन 100 मीटर दूर कोतवाली और पुलिस लाइन से कोई पुलिसकर्मी नहीं पहुंच सका। एक घायल ने अपने घर फोन कर दिया, तब इरफान का छोटो भाई भाई राजू कुरैशी और उसका दोस्त राजू खटीक आए, उनको देखकर आरोपी भागे।
कार से टक्कर मारकर लाठी-डंडों से पीटा है। चार लोगों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। दोनों पक्षों में दिन में विवाद हुआ था, जिनके केस दर्ज हैं। घायल पक्ष ने दिन के समय आरोपितों की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी थी, जिसका भी केस भी दर्ज हुआ है। अभी आरोपित फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है। आरोपितों की कार मौके से बरामद की गई है। – अमित भदौरिया, टीआई, कोतवाली मुरैना