धार्मिक स्वतंत्रता में गिरावट, भारत के ख‍िलाफ दुष्‍प्रचार है अमेरिकी सरकार के एक आयोग ने एक रिपोर्ट जारी की: मुख्तार अब्बास नकवी

नई दिल्ली भारत में धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर अमेरिकी सरकार के एक आयोग ने एक रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में देश में धार्मिक स्वतंत्रता में गिरावट की बात कही गई है। रिपोर्ट में वरिष्ठ नीति विश्लेषक सेमा हसन ने लिखा है कि भारत में धार्मिक अल्पसंख्यकों और उनके पूजा स्थलों पर हिंसक हमले होते हैं। इस पर पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पलटवार किया है। मीडिया से बात करते हुए नकवी ने इसे बैशिंग ब्रिगेड (भारत को कोसने वाले लोग) का काम बताया है। उन्होंने कहा, “बैशिंग ब्रिगेड समय-समय पर हमारे देश के अल्पसंख्यकों और मानवाधिकारों के बारे में नकली और मनगढ़ंत रिपोर्ट पेश करती है। ये रिपोर्ट जमीनी हकीकत से काफी दूर होती हैं और अधिकतर काल्पनिक होती हैं। पिछले एक दशक में, हर छह महीने या साल के अंतराल पर इसी तरह की रिपोर्ट सामने आती रही हैं। चाहे भारत बैशिंग ब्रिगेड के सदस्य हों या कोई और, ये लोग भारत के खिलाफ लगातार दुष्प्रचार में लगे रहते हैं। उनकी समस्‍या यह है क‍ि वे इस बात को समझ नहीं पा रहे हैं कि वैश्विक संकटों के बीच भारत स्थिरता के साथ कैसे आगे बढ़ रहा है।” उन्होंने कहा, “भारत की नेतृत्व क्षमता के साथ देश सामाजिक और आर्थिक ताने-बाने को मजबूती से कैसे विकसित कर रहा है, ये सब चीज़ें उन्हें हजम नहीं हो रही हैं। इसलिए वे पूरी दुनिया में भारत की छवि को खराब करने के लिए षड्यंत्र और साजिश करते रहते हैं। लेकिन यह भी सच है कि उनकी हर साजिश समय-समय पर बेनकाब होती रही है।” प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के रजिस्ट्रेशन की शुरुआत पर खुशी जताते हुए नकवी ने कहा, “यह इंटर्नशिप योजना गेमचेंजर है। यह योजना देश में रोजगार के अवसरों को दिन दूना, रात चौगुना बढ़ाएगी। साथ ही यह योजना नौजवानों में विश्वास भी पैदा करेगी। recent visitors 84

वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में राज्य स्तरीय वन्य-जीव सप्ताह-2024 का चौथा दिन

भोपाल   वन विहार स्थित विहार वीथिका में 4 अक्टूबर को प्रात: 9:30 से 11.30 बजे तक “वन्य-जीव गलियारे वन्य-जीव-मानव द्वंद को कम करने एवं जैव विविधता को बढावा देने में प्रभावी है’’ विषय पर महाविद्यालयीन वाद-विवाद प्रतियोगिता डब्लू.डब्लू.एफ. के सहयोग से आयोजित की गई, जिसमें 32 प्रतिभागियों ने भाग लिया। दोपहर 12 बजे से कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिये “कथा वाचन’’ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 21 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिताओं का संचालन सहायक संचालक वन विहार श्री एस.के. सिन्हा द्वारा किया गया। इस अवसर पर डब्लू.डब्लू.एफ. की संचालक श्रीमती संगीता सक्सेना एवं श्री अजय मिश्रा उपस्थित रहे। 5 अक्टूबर 2024 के कार्यक्रम 5 अक्टूबर को प्रात: 6 बजे पक्षी अवलोकन शिविर का आयोजन किया जायेगा एवं प्रातः 10 बजे से 11.30 बजे तक वन विहार स्थित विहार वीथिका में "वन्य-जीव' थीम पर विद्यालयीन/महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के लिये मेंहदी प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। इसके अतिरिक्त प्रातः 11 से दोपहर 1.30 बजे तक “वन्य-जीवन के लिये जलवायु परिवर्तन, रहवास की कमी से ज्यादा बड़ा खतरा है’’ विषय पर विश्व प्रकृति निधि भारत के सहयोग से शिक्षक वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। दोपहर 12 से 1.30 बजे तक विद्यालयीन/महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के लिये “वन्य-जीव’’ विषय पर पॉम पेंटिंग प्रतियोगिता होगी।   recent visitors 122

महिला सुरक्षा पर दस दिवसीय विशेष सर्वव्यापी जागरूकता अभियान पूरे प्रदेश में संचलित किया जा रहा है: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मध्यप्रदेश पुलिस महिला सुरक्षा शाखा द्वारा समाज में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरूद्ध हो रहे अपराधों एवं हिंसा की रोकथाम और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ''मैं हूँ अभिमन्यु'' अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विशेष रूप से पुरूषों को जागरूक किया जाएगा। इस अभियान में तीन अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक सहयोग, सम्मान और समानता की थीम पर सर्वव्यापी जागरूकता अभियान पूरे प्रदेश में संचलित किया जा रहा है। अभियान में नुक्कड़ नाटक, प्रश्नावली, लघु फिल्म, पोस्टर्स और जनजागरूकता रैली आयोजित की जा रही है। इसमें सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक स्टॉफ, स्वंयसेवी संस्थाओं सहित शासकीय विभागों का सहयोग लिया गया है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में पूरे देश में स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसी परिपेक्ष्य में मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह अभियान मानसिक स्वच्छता हेतु दस दिवसीय अनूठा अभियान है। इसमें सभी वर्ग युवा वर्ग उत्साह से भाग ले रहे हैं।      अभियान का उद्देश्य इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बाल्यकाल से ही पुरूषों में लैगिंक समानता एवं एक दूसरे के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना, महिलाओं के प्रति विशेष सम्मान की भावना जाग्रत की जाकर महिला अपराधों के प्रति संवेदनशील बनाना, शिक्षा के माध्यम से विभिन्न अपराधों की जानकारी दी जाकर उनके दुष्परिणाम से अवगत कराना, समय-समय पर बालकों के क्रियाकलापों का आकलन किया जाकर उनके दुष्परिणामों से अवगत कराना, प्रारंभिक अवस्था से ही प्रत्येक महिला के प्रति सम्मान एवं आदर का दृष्टिकोण रखने हेतु प्रोत्साहित किया जाना, युवा वर्ग को महिला अधिकारों के प्रति अवगत कराया जाकर महिलाओं को अपने विचार रखने की स्वतंत्रता एवं उनके विचारों के प्रति सम्मानजनक भाव रखने की शिक्षा दी जाना तथा वर्तमान में तकनीकों के माध्यम से समाज में जो अश्लीलता व्याप्त है उनसे दूर किया जाकर शिक्षा/संस्कारों पर जोर दिया जाना है। आयोजित होंगी विभिन्न गतिविधियां अभियान के दौरान इन दस दिनों में पूरे प्रदेश में वाद-विवाद प्रतियोगिता, नुक्कड नाटक, स्लोगन, समूह चर्चा, लघुफिल्मों का प्रदर्शन एवं मैराथन दौड़ का आयोजन। जिले के प्रमुख स्थानों जैसे- रेलवे स्टेशन, बस स्टेण्ड, पर्यटन स्थल, तहसील कार्यालय, कलेक्टर कार्यालय, शापिंग मॉल आदि स्थानों पर अभिमन्यु शुभंकर के कट-आउट का सेल्फी प्वाइंट लगाए गयें है। अभिमन्यु वैज, अभिमन्यु स्टीकर विभिन्न प्रतिभागियों को प्रदान किये जाएगें। टिवट्टर हैंडल, व्हाटसअप ग्रुप आदि में लघु फिल्म एवं पोस्टरों का प्रचार-प्रसार किया जायेगा। अभियान के दौरान समाज की धारा से वंचित समुदाय के ऐसे व्यक्ति जो समुदाय की रीति से अलग कार्य कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर द्वारा ऐसे लोगों का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। महिला अपराध को रोकने में अहम भूमिका निभाने वालों को एवं ऐसी महिलाएं जिन्होने पुरूषों द्वारा किए जाने वाले कार्यक्षेत्र में अपनी पहचान बनाई हो, को भी सम्मानित कर स्मृति चिन्ह प्रदान किये जायेंगे। साथ ही  महिला उत्थान के क्षेत्र में कार्य कर रहे पुरुषों (पीड़िता पुनर्वास के क्षेत्र में, पीड़िता से विवाह करने आदि) को सम्मानित किया जायेगा। महिला सुरक्षा शाखा द्वारा निर्मित लघु फिल्मों का होगा प्रर्दशन महिला सुरक्षा शाखा पीएचक्यू भोपाल द्वारा समाज में गिरते हुए पारिवारिक मूल्यों तथा संस्कारों के प्रति जागृत करने के लिए तीन लघु फिल्मों का निर्माण कर विभिन्न प्लेटफार्मो पर उनका प्रर्दशन सुनिचित किया जा रहा है ताकि लोग महिलाओं/ बालिकाओं के प्रति अपनी संस्कृति के अनुरूप गरिमामय आचरण करें। इन विभागों की रहेगी मुख्य भूमिका इस अभियान के कुशल क्रियान्वयन में पुलिस विभाग के साथ-साथ स्कूल एवं उच्च शिक्षा विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, संस्कृति विभाग, पर्यटन विभाग, ग्रामीण एवं पंचायत विभाग, परिवहन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं गैर सरकारी संगठनों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।   recent visitors 93

किरेन रिजिजू ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा- राहुल गांधी जैसे इंसान का नेता प्रतिपक्ष होना देश के लिए एक ‘श्राप’

नागपुर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बनना देश के लिए 'श्राप' है। उन्होंने नागपुर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, "राहुल गांधी जैसे इंसान का नेता प्रतिपक्ष होना देश के लिए एक 'श्राप' है। जिस व्यक्ति ने न तो संविधान को पढ़ा है, और न ही संविधान की मूल भावनाओं को समझता है, जिसके पूरे परिवार ने बाबा साहब अंबेडकर का अपमान किया है, उसके मुंह से संविधान शब्द का निकलना भी अपमान है। मैं यह मानता हूं कि ऐसे इंसान का संविधान की किताब पर हाथ रखना भी उचित नहीं है। यह तो हमारे देश की बदकिस्मती है कि ऐसा आदमी नेता प्रतिपक्ष बन गया है और मुझे उनसे सरोकार रखना पड़ता है।" उन्होंने आगे कहा, "मेरे अपने एससी/एसटी समुदाय के लोग, बौद्ध समाज के लोग राहुल गांधी को रिसीव करने जाते हैं तो उनकी जयकार करते हैं। धिक्कार है। शर्म आनी चाहिए। मैं मानता हूं कि ऐसा नहीं होना चाहिए। मैं देश में पहला बौद्ध कैबिनेट मंत्री हूं। इतना समय इंतजार करना पड़ा। जब मोदी प्रधानमंत्री बने तो हमें सत्ता संचालन में हिस्सेदार बनने का मौका मिला। कांग्रेस को 70 साल तक सत्ता में रहते हुए केंद्रीय कैबिनेट मंत्री बनाने के लिए कोई बौद्ध नजर नहीं आया।" केंद्र सरकार में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रिजिजू ने बताया कि वक्फ संशोधन विधेयक को सरकार ने संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के पास भेजा है। समिति दौरा कर रही है। हमने जब जेपीसी बनाया तो उसमें एक प्रावधान किया था कि अगले शीतकालीन सत्र में इस विधेयक को पेश किया जाएगा। हम सिफारिशों का अध्ययन करेंगे कि क्या परिवर्तन किया जा सकता है। हम विधेयक को पारित कराने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि वक्फ विधेयक को लेकर जेपीसी में चर्चा हो रही है। अगर सरकार इस विधेयक को पहले ही पास कराना चाहती, तो उसके पास लोकसभा और राज्यसभा में पर्याप्त बहुमत है। इस विधेयक को जेपीसी के पास भेजने का मतलब है कि समिति के सभी 31 सदस्य विधेयक को गहराई से समझें और अपनी राय प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विधेयक किरेन रिजिजू ने पेश किया था। इसका उद्देश्य वक्फ संपत्तियों का उचित ढंग से प्रबंधन करना है। सरकार की कोशिश है कि इस विधेयक के जरिये आम मुसलमानों, खासकर महिलाओं और बच्चों के लिए शिक्षा तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार किया जा सके। recent visitors 83

सुरक्षा बलों के जवानों के साथ किया संवाद, बस्तर अब शांति की ओर हो रहा अग्रसर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

रायपुर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बीजापुर प्रवास के दौरान विश्रामगृह में आत्मसमर्पित नक्सली एवं नक्सली हिंसा से पीड़ित युवाओं से संवाद किया। ये युवा छत्तीसगढ़ शासन के पुनर्वास नीति के तहत पुलिस विभाग में भर्ती होकर माओवादियों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नक्सल संगठन को छोड़कर पुनर्वास नीति से लाभान्वित होने वाले युवाओं से मिलकर खुशी जाहिर की और कहा कि बस्तर अब शांति की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विगत दिवस नक्सलियों की हिंसा के शिकार 55 से ज्यादा नक्सल पीड़ितों ने दिल्ली जाकर महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु एवं केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह से मिले और नक्सलवाद के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सली हिंसा के शिकार लोगों की बातों को सुनकर बहुत ही दुख लगा कि निर्दाेष लोग हिंसा के शिकार हो रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय से संवाद के दौरान नक्सली पीड़ित नव आरक्षक सुमित्रा ने बताया कि उनके पिता की नक्सलियों द्वारा हत्या कर दी गई थी। छत्तीसगढ़ शासन के पुनर्वास नीति के तहत वे आरक्षक के पद पर नियुक्त हुए है। शासन के पुनर्वास नीति नक्सल पीड़ित परिवार के लिए वरदान साबित हो रही है। वहीं चेरकंटी निवासी श्री मंगल मोड़ियम पूर्व में 19 वर्षों तक नक्सल संगठन में शामिल था। माओवादियों के खोखली विचारधारा को छोड़कर आत्मसमर्पण किया, जिन्हें पुनर्वास नीति के तहत पुलिस विभाग में नियुक्ति मिली। श्री मंगल मोड़ियम ने बताया कि बस्तर, बीजापुर में शांति स्थापित होना जरूरी है। भोले-भाले आदिवासियों का नक्सलियों द्वारा जल, जंगल, जमीन के नाम पर गुमराह किया जाता है।   इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, दंतेवाड़ा विधायक श्री चैतराम अटामी, पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, बस्तर कमिश्नर श्री डोमन सिंह बस्तर आईजी श्री सुंदरराज पी, कलेक्टर श्री संबित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव, सीईओ जिला पंचायत श्री हेमंत रमेश नंदनवार उपस्थित थे। recent visitors 90

हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान 3116 पुलिस कर्मचारी चुनावी ड्यूटी में रहेंगे तैनात, कल मतदान

कैथल हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कल वोटिंग होगी। इस बार विधानसभा चुनाव में युवाओं की भूमिका अहम रहने वाली है, क्योंकि इस बार जिले के 22187 युवा पहली बार अपने मत का प्रयोग करेंगे। कल 5 अक्टूबर को होने वाले मतदान को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। जिले की चारों विधानसभाओं में कुल 386 लोकेशन पर 807 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 171 बूथों को अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है, तो वहीं पुलिस प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी के तैयार है।  चुनाव में 3116 पुलिसकर्मी ड्यूटी दे रहे हैं, इनमें 9 पैरामिलिट्री फोर्स के साथ एक एचएपी की टुकड़ी भी लगाई गई है, इसके अतिरिक्त 600 के करीब होमगार्ड जवान पंजाब से बुलाए गए है जो बूथों पर पुलिस कर्मचारियों के साथ ड्यूटी देते नजर आएंगे। मतदान केंद्र में बिजली पानी की होगी सुविधा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कैथल डी.सी डॉ विवेक भारती ने बताया कि कि कैथल जिले की चार विधानसभा सीटों में कुल 8 लाख 24 हजार 408 वोटर हैं। जिनमे कुल 386 लोकेशन पर 807 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, इनमे से 619 ग्रामीण क्षेत्र में तथा 188 शहरी क्षेत्र में स्थापित किए गए हैं। इन सभी मतदान केंद्र में बिजली पानी व दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है, इसके साथ ही पूरे मतदान की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। क्यू एप के जरिए घर बैठे ही देख सकते हैं बूथ पर लंबी कतार कैथल डी.सी ने बताया कि शहरी मतदाता क्यू एप के जरिए अपने घर बैठे ही बूथ के बाहर लगी लाइन की अपडेट ले सकते हैं, इसमें संबंधित बीएलओ समय-समय पर बूथ के बाहर लगी लाइन की अपडेट डालता रहेगा, यह सेवा केवल कैथल शहर वासियों के लिए उपलब्ध रहेगी। 3116 पुलिस कर्मचारी चुनावी ड्यूटी में रहेंगे तैनात पुलिस व्यवस्था को लेकर जिले में कल 3116 कर्मचारी चुनावी ड्यूटी पर है, इनमें 9 पैरामिलिट्री फोर्स की टुकड़ियों व एक एचएपी के साथ पंजाब से 600 के करीब होमगार्ड सहित 800 से अधिक जिला पुलिस के कर्मचारी तैनात है, इसके साथ किसी भी है अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी मौजूद रहेगा 8 लाख 24 हजार 804 मतदाता कल करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला गुहला विधानसभा क्षेत्र में स्थापित किए गए 199 मतदान केंद्र, कलायत विधानसभा क्षेत्र में कुल 209 मतदान केंद्र, कैथल विधानसभा क्षेत्र में कुल 215 मतदान केंद्र तथा पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में कुल 184 मतदान केंद्र हैं। 12 सितंबर 2024 को जारी गई सूची के अनुसार जिला की चारों विधानसभा में 8 लाख 24 हजार 804 मतदाता हैं, जिसमें 4 लाख 31 हजार 148 पुरुष मतदाता, 3 लाख 90 हजार 664 महिला मतदाता हैं। इसके अलावा 15 थर्ड जेंडर हैं।   recent visitors 113

ड्रग्स बरामदगी के मामले में कांग्रेस पर निशाना साधा, कांग्रेस अब कोकीन कांग्रेस बन गई है : गौरव भाटिया

नई दिल्ली़े भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने ड्रग्स बरामदगी के मामले में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि 'सी फॉर करप्ट' और 'सी फॉर कन्‍फ्यूज कांग्रेस' अब 'सी फॉर कोकीन कांग्रेस' बन गई है। भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए भाटिया ने इस मामले में चुप्पी पर गांधी परिवार, हुड्डा परिवार और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि देश और हरियाणा की जनता अचंभित और आक्रोशित है। कांग्रेस के एक पदाधिकारी की इस मामले में गिरफ्तारी हुई है। इतने बड़े पैमाने पर ड्रग्स की बरामदगी के बाद जनता पुलिस को शाबाशी दे रही है, सरकार अपना कार्य कर रही है। ये भाजपा की प्रतिबद्धता ही है कि चाहे कोकीन कांग्रेस कितना भी चाह ले, देश के युवाओं को नशे की लत वे नहीं लगने देंगे। लेकिन, ड्रग्स की खेप के मामले में पकड़े गए मुख्य आरोपी पर राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाड्रा और भूपेंद्र हुड्डा चुप क्यों हैं? आखिरकार मुख्य आरोपी का कांग्रेस से क्या रिश्ता है? क्या इससे पहले भी इस तरह की डीलिंग हुई थी और उस पैसे का इस्तेमाल चुनावों में किया गया था? भाटिया ने कांग्रेस की सफाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि स्पष्टीकरण दिया गया है कि इस मामले के मुख्य आरोपी की नियुक्ति इन्होंने (कांग्रेस) 24 मार्च 2022 को की थी और अक्टूबर 2022 में इस व्यक्ति को पद से हटा दिया गया था। क्या कांग्रेस के पास अपने इस दावे को साबित करने के लिए कोई ड‍िज‍िटल प्रमाण है और अगर है तो कांग्रेस को वह दिखाना चाहिए। आखिर यह कैसे साबित होगा कि कांग्रेस ने इस व्यक्ति को वाकई अक्टूबर 2022 में ही निकाल दिया था? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कहीं 5,600 करोड़ रुपये के ड्रग्स की बरामदगी में इसका नाम आने के बाद कांग्रेस ने बैक डेट में तो यह निष्कासन पत्र तैयार नहीं कर दिया? उन्होंने कहा कि भाजपा का यह आरोप है कि ड्रग्स मामले में अपने नेता का नाम आने के बाद फर्जीवाड़ा करते हुए कांग्रेस ने बैक डेट में यह निष्कासन पत्र तैयार किया है। भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि अगर कांग्रेस के दावे को सही मान भी लिया जाए, तो भी यह व्यक्ति छह महीने तक कांग्रेस में महत्वपूर्ण पद पर रहा। उन्होंने सवाल पूछा कि महिलाओं को प्रताड़ित करने वाले नेता, भ्रष्टाचारी नेता, ड्रग्स की डील करने वाले नेता, ये सारे के सारे कांग्रेस पार्टी में ही क्यों पाए जाते हैं? राहुल गांधी को इसका जवाब देना चाहिए। हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की गारंटी पर सवाल उठाते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस तो सिर्फ भ्रष्टाचार, लूट-खसोट और झूठे वादे की गारंटी दे सकती है और अब तो कांग्रेस ड्रग्स की भी गारंटी दे सकती है। हिमाचल प्रदेश की खराब वित्तीय हालत को लेकर कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि यह कैसी कांग्रेस पार्टी है, जिसने हिमाचल प्रदेश में टॉयलेट सीट पर भी टैक्स लगा दिया है। हिमाचल प्रदेश में हर टॉयलेट सीट पर 25 रुपये का टैक्स लगा दिया गया है। कांग्रेस का खटाखट मॉडल अब सार्वजनिक हो गया है। प्रदेश पर कर्ज लगातार बढ़ रहा है और सरकार के पास वेतन देने तक के लिए पैसा नहीं है। कांग्रेस का मूल मंत्र केवल सत्ता पाना और गांधी परिवार को आगे बढ़ाना है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी दलितों से नफरत करती है। दलित व्यक्ति की मौत हो गई और कांग्रेस की रैली चलती रही। केजरीवाल को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बड़े ही भारी मन से केजरीवाल ने अपना शीश महल छोड़ा है। अभी तो सिर्फ घर छूटा है, आगे-आगे देखिए होता है क्या। दिल्ली की जनता उन्हें ऐसा सबक सिखाएगी कि कोई बड़ी बात नहीं होगी कि दिल्ली भी छूटे, भारत भी छूटे और भ्रष्टाचार के कारण उन्हें तमाम उम्र जेल की सलाखों के पीछे गुजारना पड़े। recent visitors 72