मध्य प्रदेश में संसाधन के अभाब में भोपाल के अतिरिक्त अन्य पांच आयुर्वेद कॉलेजों में स्वीकृत सीटों में कटौती

भोपाल नए कॉलेज खोलना तो दूर मध्य प्रदेश सरकार पहले से संचालित कॉलेजों की मान्यता भी नहीं बचा पा रही है। भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग (एनसीआईएसएम) ने बुरहानपुर आयुर्वेद कॉलेज को छोड़ सभी छह आयुर्वेद कॉलेजों की मान्यता जारी कर दी है, पर भोपाल के अतिरिक्त अन्य पांच कॉलेजों में स्वीकृत सीटों में कटौती की गई है। ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, रीवा और उज्जैन आयुर्वेद कॉलेज में स्नातक (बीएएमएस) की 15 से लेकर 26 सीटें तक कम कर दी हैं। संसाधनों की कमी के कारण सीटें कम की गई हैं। बुरहानपुर कॉलेज को मान्यता नहीं मिली है। इन सीटों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग सितंबर में प्रारंभ होने की आशा है। संसाधनों में सर्वाधिक कमी फैकल्टी और ओपीडी और भर्ती मरीजों की कम संख्या है। इनमें प्राध्यापक स्तर के पद सबसे अधिक रिक्त हैं। इसकी एक बड़ी वजह यह भी है कि आयुष कॉलेजों में सेवानिवृति आयु 62 वर्ष है। एलोपैथी मेडिकल कॉलेजों में यह सीमा 65 वर्ष रखी गई है, जिससे प्राध्यापक के पद रिक्त न रहें। सीधी भर्ती से भी पदों को भरने की व्यवस्था नहीं है, जबकि एलोपैथी मेडिकल कॉलेजों में प्रारंभ हो चुकी है। प्रदेश में पहले से ही आयुर्वेद औषधालयों में डॉक्टरों के 600 से अधिक पद रिक्त हैं। ऊपर से बीएएमएस की सीटें बढ़ना तो दूर उनमें कटौती भी हो गई है। recent visitors 107

बैरागढ़ में जोन कार्यालय सह शॉपिंग कॉम्पलेक्स रखरखाव के अभाव में दम तोड़ रहा है, पार्किंग की जगह नहीं

भोपाल नगर निगम ने संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में विभिन्न स्थानों पर दुकानों एवं शॉपिंग कॉम्पलेक्स का निर्माण तो कर लिया है, लेकिन इनकी देखरेख नहीं की जा रही है। इसी का नतीजा है कि बैरागढ़ में जोन कार्यालय सह शॉपिंग कॉम्पलेक्स रखरखाव के अभाव में दम तोड़ रहा है। यहां पार्किंग की जगह नहीं है। राजस्व कमाया, रखरखाव पर ध्यान नहीं अपनी आय बढ़ाने के लिए नगर निगम ने जोन एरिया में कई दुकानों का निर्माण कराया है, इससे निगम को राजस्व के रूप में काफी धन राशि मिल रही है। लेकिन जहां बरसों पहले दुकानों का निर्माण हो चुका है, उनका समुचित रखरखाव नहीं किया जा रहा है। नेहरू पार्क परिसर स्थित नगर निगम कॉम्पलेक्स का बड़ा हिस्सा जर्जर हो गया है। रखरखाव नहीं होने के कारण ही यहां कई दुकानें खाली पड़ी हैं। पार्किंग की जगह नहीं होने के कारण कॉम्पलेक्स बनने के 32 साल बाद भी करीब एक दर्जन दुकानों की नीलामी नहीं हो पा रही है। सब्जी मंडी की दुकानें बंद होने लगीं संत कंवरराम सब्जी मंडी को ध्वस्त कर नगर निगम ने यहां शॉपिंग काम्पलेक्स एवं मल्टी पार्किंग का निर्माण कर दिया। इसके निर्माण से निगम को 16 करोड़ रुपये की आय हुई। सब्जी व्यापारियों को उम्मीद थी कि उनकी बसाहट के बाद नगर निगम दुकानों और पूरे इलाके की देखरेख करेगा, लेकिन निगम ने व्यापारियों को बेसुध छोड़ दिया। सब्जी मंडी में 30 दुकाने हैं। रखरखाव नहीं होने से दुकानें बंद हो रही हैं। नगर निगम ने मंडी में भी पार्किंग की जगह विकसित नहीं की। मंडी का मार्ग वनवे करने के प्रस्ताव पर अमल नहीं हुआ। इस कारण मंडी सुनसान होती जा रही है। सब्जी मंडी व्यापारी संघ कई बार मंडी को विकसित करने की मांग कर चुका है। महापौर परिषद के सदस्य राजेश हिंगोरानी का कहना है कि मंडी के विकास के प्रयास किए जा रहे हैं। recent visitors 90

उत्‍तर भारत में बारिश का क्रम जारी है, अगले 24 से 36 घंटों में 11 राज्‍यों में भारी बारिश की संभावना

नई दिल्ली देश में इन दिनों मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। कई राज्‍यों में जोरदार बारिश देखी जा रही है तो कहीं जनजीवन प्रभावित हुआ है। उत्‍तर भारत में बारिश का क्रम जारी है। मध्‍य और दक्षिण पश्चिमी राज्‍यों में अभी मौसम और बिगड़ सकता है। मौसम के जानकारों का अनुमान है कि कई राज्‍यों में तेज बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान, पंजाब, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। यहां पढ़ें पूरी डिटेल। अगले 24 घंटों में यहां भारी बारिश का अनुमान     अगले 24 घंटों के दौरान, पंजाब, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।     पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पूर्वी गुजरात, कोंकण और गोवा, तेलंगाना के कुछ हिस्सों और विदर्भ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।     पश्चिमी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश संभव है। पिछले 24 घंटों में मौसम की गतिविधि     पिछले 24 घंटों के दौरान, उत्तरी पंजाब, उत्तर प्रदेश, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई।     उत्तर पूर्व भारत, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दिल्ली, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हुई।     जम्मू कश्मीर, लद्दाख, पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, विदर्भ, मराठवाड़ा, आंतरिक कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश हुई। मानसून का मौजूदा सिस्‍टम     पूर्वोत्तर राजस्थान और आसपास के इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है, जो दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है और ऊंचाई पर बना हुआ है।     समुद्र तल से मानसून की द्रोणिका अब फिरोजपुर, हिसार, ओराई, वाराणसी, जमशेदपुर, दीघा से होकर गुजर रही है और फिर पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर बंगाल की उत्तर-पूर्व खाड़ी तक जा रही है।     उत्तर-पूर्व असम में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ चक्रवाती प्रभाव बना हुआ है।     दक्षिण झारखंड और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 5.8 से 7.6 किलोमीटर ऊपर तक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण की ओर झुका हुआ है और ऊंचाई पर बना हुआ है।   recent visitors 138

शाजापुर में 2.70 लाख हेक्टेयर में सोयाबीन बोवनी, इल्लियों का प्रकोप से पीली पड़ रही पत्तियां

शाजापुर जिले में कुछ दिन से सोयाबीन पर इल्ली का प्रकोप दिखाई दे रहा है जिसके चलते फसलें प्रभावित हो रही हैं। जुलाई के अंत और अगस्त के पहले सप्ताह में पहले तो निरंतर तेज वर्षा से फसल को नुकसान हुआ, अब इल्लियां पौधे और उनके पत्ते को काट रही हैं। कुछ क्षेत्र में तो इल्ली प्रकोप इतना बढ़ गया है कि अंचल में पांच से 10 फीसदी तक फसलें प्रभावित हो रही हैं। जिले के जामनेर,अकोदिया, गुलाना, पोलायकलां,उगली, सलसलाई, मक्सी आदि क्षेत्रों में जब वर्षा का दौर शुरू हुआ, तो निरंतर वर्षा से नुकसान हुआ और अब मौसम साफ है तो इल्ली प्रकोप भी देखने को मिल रहा है। अभी 40 से 45 दिन की फसल हो गई है। निचले क्षेत्र की सोयाबीन के पौधे पीले पड़ने लगे हैं। अब मौसम खुला और धूप निकली तो पानी की निकासी होने लगी है। जिले में इस साल दो लाख 70 हजार हेक्टेयर में सोयाबीन की बोवनी हुई है। वर्षा की कमी के चलते के पौधों की बढ़वार तो हो रही है लेकिन छेदक इल्लियों व अन्य कीटो के कारण फसल प्रभावित हो रही है। किसान हेमराज, राजाराम वर्मा का कहना है कि छेदक इल्लियों के कारण फसल खराब हो रही है। तेज वर्षा नहीं हुई तो फसल खराब हो जाएगी। वैज्ञानिकों ने दी सलाह कृषि वैज्ञानिकों ने बताया कि अंचल के किसानों को निगरानी सहित फसल बचाने के सुझाव दे रहे हैं। इल्लियों के नियंत्रण के उपाय हैं, या तो तेज वर्षा हो या तेज धूप खिले, किसान कीटनाशक का छिड़काव समय पर करें। समय पर कीटनाशक छिड़काव नहीं हो पाने के कारण इल्लियों का प्रकोप कई क्षेत्रों में है। सोयाबीन में फूल आ गए जल्दी पकने वाली वैराइटी में फूल आ गए हैं। किसान कीटनाशक का छिड़काव भी कर रहे हैं। यदि समय रहते कंट्रोल नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में काफी नुकसान हो सकता है। जिन खेतों में पानी जमा नहीं है वहां फसल लहलहा रही है, लेकिन वर्षा के चलते जो खेत जलमग्न हैं। फसलें पानी में डूबी हुई थीं, जिससे सोयाबीन, मक्का, उड़द, तुअर व तिल्ली की फसलोंं के पौधे जड़ सहित सड़ने के साथ पत्ते सूखकर पीली पड़ने लगे हैं। किसान जमना प्रसाद विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी मक्का फसल आड़ी हो गई है। वहीं खेत में पानी जमा होने से सोयाबीन सड़ने लगे हैं। भुट्टे में दो- तीन इल्लियां हैं।| recent visitors 112

रक्षाबंधन पर ट्रेनों में मिल रही अभी से लंबी वेटिंग, त्योहार पर यात्रिओं को हो रही समस्या

भोपाल त्योहार से पहले की तिथियों की कई ट्रेनों में आरक्षण कराने पर अभी से प्रतीक्षा सूची का टिकट मिल रहा है। रक्षाबंधन पर भोपाल की ओर आने वाली कुछ ट्रेनों में आरक्षित सीटों की प्रतीक्षा सूची सौ का आंकड़ा पार कर गई है। वहीं, छठ पूजा और दीपावली पर घर जाने के लिए भी यात्रियों से अभी से आरक्षण करा लिया है। ऐसे में रक्षाबंधन से पहले ही यात्रियों का सबसे अधिक दबाव दिल्ली, मुंबई, नागपुर की ओर भोपाल से जाने वाली ट्रेनों पर है। जानकारी के अनुसार 17 अगस्त को भोपाल से दिल्ली जाने वाली लगभग सभी ट्रेनों में वेटिंग 50 तक पहुंच गई है।   शताब्दी और वंदे भारत एक्सप्रेस में 100 से अधिक सीटें खाली भोपाल से दिल्ली 12001 शताब्दी एक्सप्रेस में सीटें खाली है। इसमें सीसी श्रेणी में 130 से अधिक और ईसी श्रेणी में 10 से अधिक सीट है। वहीं, आरकेएमपी से हजरत निजामुद्दीन जाने वाले 20171 वंदे भारत एक्सप्रेस के सीसी श्रेणी में 660 सीट और ईसी श्रेणी में 30 सीट खाली है। इसके अलावा आरकेएमपी से रीवा जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में सीसी श्रेणी 95 और ईसी श्रेणी में 20 सीट खाली है। वहीं, रीवांचल एक्सप्रेस में शयनयान श्रेणी में 131 वेटिंग और थर्ड एसी में 40 वेटिंग चल रही है। 12409 गोंडवाना सुपरफास्ट एक्सप्रेस राखी से पहले निरस्त है। recent visitors 69

दूसरी मंजिल के सेफ्टी रूम में लघुशंका के दौरान हादसा, राजस्थान-बीकानेर के अस्पताल में मरीज की मौत

बीकानेर. शहर के पीबीएम अस्पताल के हल्दीराम मूलचंद कार्डियोवस्कुलर हॉस्पिटल में देर रात हुए एक हादसे में अस्पताल में भर्ती एक मरीज की दूसरी मंजिल से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान नागौर के बासेरी के रहने वाले हीर सिंह के रूप में हुई  है। बताया जा रहा है कि हीर सिंह अस्पताल के दूसरी मंजिल के कॉटेज वार्ड नंबर 210 में भर्ती था। देर रात वह लघुशंका के लिए उठा लेकिन कॉटेज का शौचालय खराब होने के कारण वह 212 नंबर कॉटेज में बने शौचालय में जा रहा था। भूलवश वह कॉटेज से पहले बने सेफ्टी गेट में चला गया, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह दो मंजिल नीचे आ गिरा। आसपास मौजूद लोग उसे इलाज के लिए ट्रोमा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में विद्युत व्यवस्था के लिए "सेफ्टी गेट" का उपयोग आमतौर पर विद्युत उपकरणों को अनधिकृत या आकस्मिक संपर्क से बचाने के लिए किया जाता है, ताकि कोई भी व्यक्ति गलती से विद्युत उपकरणों के संपर्क में न आए और दुर्घटना से बचा जा सके। recent visitors 110

छत्तीसगढ़-महासमुंद में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारियों ने निकाली बाइक रैली, हर घर तिरंगा फहराने की अपील

महासमुंद. 15 अगस्त तक देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है, इस अभियान के तहत लोगों को अपने घरों और दफ्तरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद महासमुंद के जनप्रतिनिधि,अधिकारी कर्मचारियों ने आज बाइक रैली निकाली। रैली नगर पालिका से शुरू होकर मुख्य मार्गो का भ्रमण करते हुऐ वापस नगर पालिका में समाप्त हुई। हर घर तिरंगा अभियान के तहत  देशभर में तिरंगा रैलियां निकाली जा रही हैं। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी लवकेश कुमार ने बताया है कि 15 अगस्त तक देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है इस अभियान के तहत लोगों को अपने घरों और दफ्तरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद महासमुंद के जनप्रतिनिधि अधिकारी कर्मचारियों ने बाइक रैली निकाल कर नगर वासियों से अपील की है कि 9 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान का हिस्सा बनें। बाइक रैली में प्रमुख रुप से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री पवन पटेल, पार्षद श्री देवीचंद राठी, श्री महेन्द्र सिका, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री लवकेश कुमार, उप‌अभियंता श्री दिलीप कश्यप, स्वच्छता प्रभारी श्री दिलीप चन्द्राकर, जल प्रभारी श्री सीताराम चेलक, श्री करण कुमार यादव, श्री सुरेश तिवारी, श्री मनोज सोनी, स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी नौशाद बक्श, ममता बग्गा, प्रेम शीला बघेल सहित बड़ी संख्या में नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित थे। recent visitors 89