भरोसेमंद ठेकेदार ही निकला चोर, राजस्थान-चित्तौड़गढ़ में सीसीटीवी में शॉर्ट सर्किट कर लाखों उड़ाए

चित्तौड़गढ़. जिले के निम्बाहेड़ा में टेंट व्यवसायी सुरेश काबरा के सूने मकान से 5 लाख से ज्यादा नकदी के साथ 8 से 10 तोला सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर नकदी व आभूषण बरामद कर लिए हैं। चोर टेंट व्यवसायी का विश्वसनीय ठेकेदार ही निकला, जिसने शातिराना तरीके से घर के सीसीटीवी कैमरों को शॉर्ट सर्किट से बंद कर हाथों में दस्ताने पहनकर चोरी की थी, ताकि किसी भी प्रकार से पकड़ा न जा सके। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि निम्बाहेड़ा के कमधज नगर निवासी सुरेशचंद्र काबरा परिवार के साथ 10 जुलाई से यात्रा पर गए थे। 5 अगस्त को घर वापस लौटने पर पीछे के कमरों में अलमारी के ताले टूटे हुए पड़े थे और घर से पांच लाख रुपये से अधिक नकद राशि और  8 से 10 तोला सोने के जेवर चोरी हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले व काबरा के टेंट व्यवसाय में लगे संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। इसमें पश्चिम बंगाल के रामनाथ परा, थाना हेमताबाद, जिला उत्तर दिनाजपुर, हाल मुकाम कमधज नगर, निम्बाहेड़ा निवासी मोजम्मल हक पुत्र माइनत अली की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से गहनता से पूछताछ की, जिसमें मोजम्मल ने ही सुरेशचंद्र काबरा के यहां चोरी करना कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित की सूचना पर चोरी का सारा माल बरामद कर लिया है। आरोपित मोजम्मल पिछले 18 साल से निम्बाहेडा में टेंट के कारोबारियों के पास ठेकेदारी का काम करता है। recent visitors 122

भारतीय हॉकी टीम के सदस्यों का स्वदेश लौटने पर भव्य स्वागत, कप्तान ने कहा अभिभूत हूं

नई दिल्ली ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरूष हॉकी टीम के सदस्यों का शनिवार की सुबह पेरिस से यहां पहुंचने पर सैकड़ों की संख्या में हवाई अड्डे पर मौजूद खेलप्रेमियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। भारतीय टीम बृहस्पतिवार को स्पेन को कांस्य पदक के मुकाबले में 2.1 को हराकर हॉकी में 13वां ओलंपिक पदक जीतकर लौटी। भारतीय हॉकी की दीवार गोलकीपर पी आर श्रीजेश पेरिस ओलंपिक के समापन समारोह में दो पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर के साथ भारत के ध्वजवाहक होंगे। श्रीजेश, अमित रोहिदास, राजकुमार पाल, अभिषेक, सुखजीत सिंह और संजय समापन समारोह के बाद लौटेंगे। कप्तान हरमनप्रीत सिंह और टीम का फूलों की मालाओं और ढोल ताशे के साथ इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर स्वागत किया गया। कांस्य पदक के मैच में दोनों गोल करने वाले हरमनप्रीत ने मीडिया से कहा, ‘‘हमें पूरा सहयोग मिला और हमारी सारी जरूरतें पूरी की गई। हम धन्यवाद देना चाहते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हॉकी के लिये यह बड़ी उपलब्धि है। इस प्यार से हमारी जिम्मेदारी बढ गई है। हम हर बार पदक जीतकर लौटने की कोशिश करेंगे।’’ हरमनप्रीत ने पेरिस ओलंपिक में सर्वाधिक 10 गोल दागे। उन्होंने कहा कि इस स्वागत से टीम अभिभूत है। उन्होंने कहा, ‘‘यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि भारतीय प्रशंसक हमारे स्वागत के लिये यहां आये। टीम ने ओलंपिक की तैयारी में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी थी और यह देखकर खुशी हुई कि हमारी मेहनत रंग लाई और हमारी जीत का जश्न पूरा देश मना रहा है।’’ भारत ने पेरिस ओलंपिक में ग्रुप चरण में आस्ट्रेलिया को 3.2 से हराया और म्युनिख ओलंपिक 1972 के बाद ओलंपिक में आस्ट्रेलिया पर यह पहली जीत थी। इसके अलावा क्वार्टर फाइनल में श्रीजेश के शानदार प्रदर्शन से ब्रिटेन को पेनल्टी शूटआउट में 4.2 से मात दी। भारतीय उपकप्तान हार्दिक सिंह ने कहा, ‘‘खिलाड़ियों को एक दूसरे पर अटूट विश्वास था कि एक गलती करेगा तो दूसरा संभाल लेगा। इसी से हम सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सके।’ उन्होंने कहा, ‘‘ब्रिटेन के खिलाफ मैच में हमने बहुत अच्छा खेला। मिडफील्ड, डिफेंस, फॉरवर्ड सभी में कमाल का तालमेल था और कोई विफल रहता तो हमारे पास श्रीजेश थे जिन्होंने कई बार हमें संकट से निकाला है।’’ हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘ये यादें हमारे साथ रहेंगी। कांस्य पदक ने साबित कर दिया कि भारतीय हॉकी सही राह पर है। अपना दिन होने पर हम किसी को भी हरा सकते हैं। हमें खुद पर भरोसे और भारतीय हॉकीप्रेमियों के साथ की जरूरत थी। मैं अनुरोध करूंगा कि यूं ही हॉकी से प्यार करते रहे और हमारा सहयोग करते रहे।’’   recent visitors 111

ईशा तलवार ने अपनी बोल्डनेस, रुआब और अभिनय से दर्शकों को दीवाना बनाया

अमेजॉन प्राइम की सबसे हिट सीरीज मानी जाने वाली 'मिर्जापुर' के अब तक तीन सीजन रिलीज हो चुके हैं। इसका हर सीजन सुपरहिट साबित हुआ है। इमोशन, एक्शन, लव रोमांस और इंटीमेट सीन्स से भरपूर इस सीरीज को लोगों ने जमकर पसंद किया है। कालीन भैया से लेकर गुड्डू भैया तक सीरीज का हर एक किरदार खूब फेमस हुआ है। कुछ समय पहले ही इस सीरीज का तीसरा सीजन रिलीज हुआ है, जिसमें 'माधुरी भाभी' का किरदार काफी हाईलाइट हुआ है। क्या आप जानते हैं कि माधुरी भाभी यानी ईशा तलवार रियल लाइफ में काफी बोल्ड और हाॅट हैं।सीरीज में जिस तरह उनका शांत और शालीन स्वभाव देखने को मिलता है, उससे बिल्कुल अलग वे सोशल मीडिया पर दिखाई देती हैं। ईशा सीरीज में भले ही काफी सादगी भरे अंदाज में नजर आईं, लेकिन वे रियल लाइफ में काफी ग्लैमरस और बोल्ड लुक में नजर आती हैं। उनकी इंस्टाग्राम की तस्वीरें इस बात की गवाह हैं। ईशा के इंस्टाग्राम पर एक मिलियन से भी ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उनके फैंस उनकी फोटोस का बेसब्री से इंतजार करते रहते हैं। ईशा भी अपने फैंस को इंप्रेस करने का कोई मौका नहीं छोड़ती हैं। अपनी दिलकश अदाओं और बेहतरीन पोज के साथ वे अपनी फोटोज पोस्ट करती हैं। उनका हर एक लुक काफी अलग होता है। ईशा को सबसे पहले 'मिर्जापुर 2' में देखा गया था, जहां से उन्हें लाइमलाइट मिली। इसके बाद में 'मिर्जापुर 3' में नजर आने पर वह काफी ज्यादा हाईलाइट हुईं। सीरीज में उनके किरदार को काफी पसंद किया गया। मिर्जापुर से पहले ईशा को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान इस बात का खुलासा किया था कि उन्हें लगभग एक साल तक खाली बैठना पड़ा था, क्योंकि उन्हें कोई काम नहीं मिल रहा था। साथ ही कोई ऑफर भी नहीं आ रहे थे। काफी लंबे इंतजार के बाद उन्हें 'सास बहू और फ्लेमिंगो' जैसी सीरीज के ऑफर मिले। इसके बाद उन्हें 'मिर्जापुर' के लिए कास्ट किया गया। recent visitors 101

विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होगा सीएम राइज स्कूल, मंत्री गौर ने निश्शुल्क बस सेवा का किया शुभारंभ

भोपाल पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा है कि सीएम राईज महात्मा गांधी स्कूल भेल में 100 करोड़ रूपये की लागत से विश्वस्तरीय अधोसंरचना और सुविधाएँ उपलब्ध कराई जायेगी। स्कूल विद्यार्थियों के लिये शैक्षणिक के साथ-साथ सांसकृतिक, कला और खेल कूद गतिविधियों का भी संचालन करेगा। इसके लिये स्कूल में स्मार्ट क्लासेस के साथ-साथ स्वीमिंग पूल जैसी आधुनिक सुविधाएँ भी होगी। राज्यमंत्री श्रीमती गौर शुक्रवार को स्कूल में नि:शुल्क परिवहन सेवा शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि नि:शुल्क सेवा के पहले चरण में 55 सीटर 5 बसों को शुरू किया जा रहा है। अगले चरण में 4 और बसें शामिल की जायेगी। इन बसों के माध्यम से विद्यालय से 2 किलोमीटर से अधिक दूरी पर निवास करने वाले विद्यार्थियों को घर से स्कूल लाने ले जाने की सुविधा दी जायेगी। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने स्कूल के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि हार्ड वर्क से सफलता मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वह अपनी योग्यता का उपयोग जिम्मेदारियों को पूरा करने में करे। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि सरकार हर संभव सुविधा उपलब्ध करा रही है। शिक्षा के क्षेत्र में अब सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से भी ज्यादा सुविधा संपन्न स्कूल बन रहे है। उन्होंने कहा कि बच्चे आने वाले कल का भविष्य है। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद श्री नीरज सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एके अहिरवार, प्राचार्य श्रीमती ममता सिंह स्कूल का स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित थे। इन विद्यार्थियों को मिलेगा बस सेवा का लाभ राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि सरकार द्वारा हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में अब सरकारी स्कूल निजी से भी ज्यादा सुविधा संपन्न बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि निश्शुल्क बस सेवा के पहले चरण में 55 सीटर वाली पांच बसों को शुरू किया जा रहा है। अगले चरण में चार और बसें शामिल की जाएंगी। इन बसों के माध्यम से विद्यालय से दो किलोमीटर से अधिक दूरी पर निवास करने वाले विद्यार्थियों को घर से स्कूल लाने ले जाने की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने स्कूल के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पार्षद नीरज सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी एके अहिरवार, प्राचार्य हेमलता परिहार, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित थे। recent visitors 192

महिला टी20 विश्व कप बांग्लादेश के दो शहरों सिलहट और मीरपुर में आयोजित किया जाएगा, सुरक्षा का आश्वासन मांगा

ढाका पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को हटाए जाने के बाद बांग्लादेश में बनी राजनीतिक अस्थिरता को देखते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने देश के सेवा प्रमुख से तीन से 20 अक्टूबर के बीच होने वाले महिला टी20 विश्व कप के आयोजन के लिए सुरक्षा का आश्वासन मांगा है। महिला टी20 विश्व कप बांग्लादेश के दो शहरों सिलहट और मीरपुर में आयोजित किया जाएगा। टूर्नामेंट के अभ्यास मैच 27 सितंबर से शुरू हो जाएंगे। क्रिकबज के अनुसार, बीसीबी ने बांग्लादेश के सेना प्रमुख जनरल वेकर उज़ ज़मान को पत्र लिखकर टूर्नामेंट के आयोजन के लिए सुरक्षा आश्वासन मांगा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) भी बांग्लादेश की स्थिति पर नजर रखे हुए है जहां सरकार के खिलाफ हिंसक विरोध प्रदर्शनों में सैकड़ो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और शेख हसीना को अपना पद छोड़ना पड़ा। आईसीसी समान समय क्षेत्र में इस टूर्नामेंट का आयोजन कर सकता है तथा ऐसे में उसके पास भारत, संयुक्त अरब अमीरात और श्रीलंका विकल्प होंगे। बीसीबी अंपायरिंग कमेटी के अध्यक्ष इफ्तिखार अहमद मिठू ने कहा,‘‘हम टूर्नामेंट की मेजबानी करने की कोशिश कर रहे हैं। हमने आईसीसी महिला टी20 विश्व कप की सुरक्षा को लेकर आश्वासन मांगने के संबंध में गुरुवार को सेना प्रमुख को एक पत्र भेजा है क्योंकि हमारे पास अब केवल दो महीने का समय बचा है।’’   recent visitors 88

‘मुझे उम्मीद है कि मेरा कांस्य पदक युवा पीढ़ियों को प्रेरित करेगा : अमन सहरावत

पेरिस अपने ओलंपिक पदार्पण पर 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती में ऐतिहासिक कांस्य पदक हासिल करने के बाद अमन सहरावत चाहते हैं कि युवा भारतीय पहलवान उनके पदक से प्रेरणा लें और खेल में कड़ी मेहनत करें। 21 वर्षीय पहलवान की प्यूर्टो रिको के डेरियन क्रूज़ पर 13-5 की जीत ने भारत को खेलों का पहला कुश्ती पदक दिलाया। अमन सोने का सपना लेकर ओलंपिक में उतरे थे, लेकिन उनकी कांस्य पदक जीत भी कम महत्वपूर्ण नहीं है. अमन ने आईएएनएस से कहा, “मैं बहुत खुश हूं और यह पदक देश को समर्पित करना चाहता हूं। मैं स्वर्ण जीतना चाहता था लेकिन सेमीफाइनल में हार गया, लेकिन ओलंपिक पदार्पण पर पदक जीतना विशेष है।” “ओलंपिक में सुशील भाई (सुशील कुमार) ने जो यात्रा शुरू की थी वह देश के लिए जारी है और आगे भी जारी रहेगी। मुझे उम्मीद है कि यह पदक देश की उन युवा पीढ़ियों को प्रेरित करेगा जो ओलंपियन बनने की इच्छा रखते हैं।  कुश्ती की संस्कृति भारत बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है और मेरा मानना है कि एक दिन हम ओलंपिक में इतने ही पदक लाएंगे।” प्यूर्टो रिको के पहलवान ने सिंगल लेग होल्ड से शुरुआती बढ़त बना ली, जिससे अमन बैकफुट पर आ गया। हालाँकि, युवा भारतीय पहलवान अचंभित रहा, उसने तुरंत एकजुट होकर अंक हासिल करने के लिए क्रूज़ के कंधों को निशाना बनाते हुए हमलों की एक श्रृंखला शुरू की। क्रूज़ ने क्षण भर के लिए दो अंकों की चाल के साथ बढ़त हासिल कर ली, लेकिन अमन की लगातार जीत की खोज ने उसे मैच पर नियंत्रण वापस दिला दिया। घड़ी में केवल 37 सेकंड शेष रहते हुए, अमन ने अपनी तकनीकी श्रेष्ठता का प्रदर्शन किया। उन्होंने अतिरिक्त अंक अर्जित किए, और जैसे ही क्रूज़ ने आखिरी कदम उठाने का प्रयास किया, अमन ने इसका फायदा उठाया और अपनी जीत पक्की कर कांस्य पदक हासिल कर लिया। अपनी यात्रा पर विचार करते हुए, अमन ने अपना आभार व्यक्त किया और अपनी उपलब्धि के महत्व को स्वीकार किया। फिर भी, जब उसने जश्न मनाया, तो उसके विचार भविष्य की ओर मुड़ गए। उन्होंने घोषणा की, “मेरा अगला लक्ष्य 2028 ओलंपिक और 2026 एशियाई खेलों की तैयारी करना होगा।”   recent visitors 94

सड़क हादसे में घायलों की बचाई जान, छत्तीसगढ़-भाटापारा कलेक्टर पहुंचे दो घायलों को अस्पताल लेकर

भाटापारा. भाटापारा में दो लोग सड़क हादसे घायल हो गए। दोनों सड़क किनारे तड़प रहे थे, आसपास लोगों की भीड़ जमा थी। इस बीच वहां से डीएम दीपक सोनी गुजरे। उन्होंने जब सड़क पर पड़े खून से लथपथ घायलों को तड़पते देखा, तो तुरंत अपनी गाड़ी से उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचा देने से दोनों की जान बच गई। जानकारी के मुताबिक, भाटापारा बलौदा बाजार मार्ग पर अर्जुनी खमरिया के बीच बाइक सवार दो युवक सड़क हादसे में घायल होकर सड़क किनारे पड़े हुए थे। जिसे देखने ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ लगी हुई थी। तभी भाटापारा की ओर से वापस बलौदाबाजार जा रहे कलेक्टर ने भीड़ देख कर अपनी गाड़ी रुकवा दी और घायलों को अपनी गाड़ी में बैठकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर उपचार करवाया। घायलों की पहचान रघु निषाद (37) निवासी अमलीडीह और रोहित कुमार ध्रुव (41) निवासी बोथाडीह के रूप में हुई है। recent visitors 87