नरम पड़े मानसून के तेवर, मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पूरे प्रदेश में कहीं-कहीं इस तरह की वर्षा होती रहेगी

भोपाल फिलहाल मध्य प्रदेश में किसी प्रभावी मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं रहने के कारण लगातार वर्षा का सिलसिला थम गया है। हालांकि कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पूरे प्रदेश में कहीं-कहीं इस तरह की वर्षा होती रहेगी। बुधवार से वर्षा की गतिविधियों में कुछ तेजी आने लगेगी। उधर बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल के पास हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बन गया है। इसके प्रभाव से गुरुवार से अच्छी वर्षा का दौर फिर शुरू होने की संभावना है। कहां, कितनी वर्षा उधर पिछले 24 घंटों के दौरान मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक छिंदवाड़ा में 17.2, मंडला में 15.8, रतलाम एवं मलाजखंड में नौ, पचमढ़ी में 7.4, भोपाल में 5.2, धार में 2.6, ग्वालियर में 2.3, रायसेन में दो, उमरिया में 1.8, उज्जैन में 1.6, दमोह में एक, इंदौर में 0.9, सागर में 0.8, नर्मदापुरम एवं गुना में 0.4 मिलीमीटर वर्षा हुई। बता दें कि इस सीजन में एक जून से छह अगस्त की सुबह साढ़े आठ बजे तक मप्र में 623.7 मिमी. वर्षा हो चुकी है। जो सामान्य वर्षा (519.8 मिमी.) की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक है। इसमें पूर्वी मध्य प्रदेश में अब तक 664.5 मिमी. वर्षा हुई। जो सामान्य वर्षा (569.9 मिमी.) के मुकाबले 17 प्रतिशत अधिक है। पश्चिमी मप्र में अभी तक 592.4 मिमी. वर्षा हुई है। जो सामान्य वर्षा (481.3 मिमी.) के मुकाबले 23 प्रतिशत अधिक है। ये वेदर सिस्टम सक्रिय मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक कम दबाव का क्षेत्र वर्तमान में पाकिस्तान के मध्य में पहुंच गया है। मानसून द्रोणिका इस मौसम प्रणाली से होकर बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इसी मौसम प्रणाली से लेकर पूर्वी बिहार तक भी एक द्रोणिका बनी हुई है। पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बन गया है। दक्षिणी-गुजरात से लेकर केरल तक बनी अपतटीय द्रोणिका कमजोर स्थिति में अभी भी बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से नमी आ रही है। इस वजह से प्रदेश के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने का सिलसिला बना हुआ है। बुधवार से वर्षा की गतिविधियों में कुछ और तेजी आने लगेगी। वर्तमान में गांगेय क्षेत्र एवं उससे लगे पश्चिमी बंगाल पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बन गया है। इस मौसम प्रणाली के आगे बढ़ने से गुरुवार से मध्य प्रदेश में एक बार फिर अच्छी वर्षा का सिलसिला शुरू होने की भी संभावना है। recent visitors 81

पुलिस का दावा है कि पकड़े गए आरोपी खुद को हनुमान, मां काली और अजमेर वाले ख्वाजा का भक्त बताते थे, करते थे लूट

नई दिल्ली नोएडा की थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने 5 टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी रेकी कर महिलाओं को जादू-टोने से सम्मोहित कर उनसे गहने लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए आरोपी खुद को हनुमान, मां काली और अजमेर वाले ख्वाजा का भक्त बताते थे। इसी दौरान महिलाओं को जादू दिखाकर सम्मोहित कर लेते थे। पूछताछ करने पर आरोपियों ने ऐसी तीन वारदातों को करना स्वीकार किया है। पुलिस ने इन्हें सेक्टर 135 वाजिदपुर पुश्ता कट के पास से पकड़ा है। जानिए कैसे महिलाओं को लेते झांसे में नोएडा जोन डीसीपी रामबदन सिंह ने बताया कि विजय कुमार, मिथुन, नीरज खान, अरबाज निवासी दिल्ली और माहिर निवासी 2बी, वसुंधरा, सेक्टर 02, थाना इंदिरापुरम, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ करने पर बताया कि वे गाजियाबाद, नोएडा एवं दिल्ली एनसीआर में घूमकर सड़क पर किसी भी अकेली महिला को रोककर उसे हनुमान एवं काली माता का भक्त बताकर समस्याओं के समाधान का झूठा झांसा देकर उसे झांसा देकर अपने झांसे में लेते थे। फिर एक पेड़ के पत्ते पर सोडियम डालकर उस पर थूकते थे, उस पर पानी डालते और उसमें आग लगा देते थे, जिसे ये बाबा का दिया कहते थे। जिससे महिलाएं उन पर विश्वास करने लगती हैं। 21 कदम का झांसा देकर गहने लेकर हो जाते थे फरार इस बीच कुछ अन्य पीड़ित जो इनके गिरोह के सदस्य होते थे वो लक्ष्य के सामने अपना समाधान प्राप्त कर लेते थे और बाबा का धन्यवाद करते हैं। फिर ये लोग महिला को पूरे विश्वास में ले लेते थे और पीड़िता को बताते कि आपने जो गहने पहने हुए हैं वो ही आपकी सारी समस्याओं का कारण हैं। फिर ये खुद महिला से गहने उतार लेते और महिला के हाथ पर एक पत्ता रखकर उससे कहते कि बिना पीछे देखे 21 कदम आगे जाओ और ये पत्ता रखकर वापस आ जाओ। मौके का फायदा उठाकर गहने लेकर भाग जाते थे। इन घटनाओं को दिया अंजाम नोएडा जोन एडीसीपी मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि पूछताछ करने पर पता चला है कि इन आरोपियों 28 जुलाई को लोटस जिंग सोसायटी के पास एक महिला को बहला फुसलाकर ओम का लॉकेट और एक जोड़ी बालियां छीन ली थी। करीब 25-26 दिन पहले सेक्टर 72 के पास अमोरा वाले रोड के पास भी इसी तरह से एक महिला से गले की चेन, बालियां व 2 अंगूठियां छीन ली थीं। आरोपियों से बरामदगी पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पीली धातु के बने 02 ओम लॉकेट, पीली धातु के बने 04 जोड़ी झुमके (कान की बाली), पीली धातु के बने 02 चेन, पीली धातु के बने 04 अंगूठियां, काली माला सहित पीली धातु का 01 मंगलसूत्र, सफेद धातु के बने 02 जोड़ी पायल, सफेद धातु का 01 चेन, पत्थर सहित सफेद धातु के बने 02 अंगूठियां, सफेद धातु के बने 02 अंगूठियां, एक छोटे प्लास्टिक के डिब्बे व एक बड़े प्लास्टिक के डिब्बे में 03 कटर व एक सफेद ठोस पदार्थ, एक काले रंग का रबर का सांप व श्री हनुमानजी व काली माता जी के 02 फोटो फ्रेम, कुल 5850 रुपये, 04 मोबाइल फोन और एक मारुति सेलेरियो कार बरामद की गयी। recent visitors 161

वैष्णो देवी मार्ग में स्थित दो दुकान में आग लग गई, आग की तेज लपटे देख श्रद्धालुओं की यात्रा रोक दी गई, CRPF पहुंची

नई दिल्ली देशभर में हो रही भारी बारिश के बीच जहां कई राज्यों में लैडस्लाइड और बादल फटने से जनजीवन अस्त व्यस्त है वहीं वहीं शिवालयों और माता के मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी हुई है। इसी कड़ी में वैष्णो देवी यात्रा रोकी गई है। दरअसल, यात्रा मार्ग में आग लगने के चलते यात्रा रोकने की वजह बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, वैष्णो देवी मार्ग में स्थित दो दुकान में आग लग गई। आग की तेज लपटे देख श्रद्धालुओं की यात्रा रोक दी गई है। सूचना मिलते ही मौके पर कटरा पुलिस और CRPF पहुंची हुई है और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। हालांकि, दुकान में आग लगने के बाद  किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि वैष्णो देवी के बैटरी कार मार्ग पर हिमकोटि में कपड़ों की एक दुकान में शार्ट सर्किट से आग लगी है। बता दें कि भारी बारिश के बावजूद माता के दरबार में भक्तों का सैलाब जारी है। बीते 3 अगस्त को 27 हजार श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए। 4 अगस्त (रविवार) को दोपहर 3 बजे तक 14,800 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया और मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो चुके थे।इसके साथ ही श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को जम्मू से कटरा की त्रिकुटा पहाड़ियों के बीच स्थित श्री माता वैष्णो देवी के पवित्र गुफा मंदिर तक की बहुप्रतीक्षित सीधी हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हो गई है। recent visitors 101

‘पालक-शिक्षक मीटिंग’ के एजेंडे की दी जानकारी, छत्तीसगढ़-मुख्यमंत्री से बच्चों ने किया पोस्टर एक्सप्लेन

रायपुर. मेगा पालक शिक्षक बैठक में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को स्कूली बच्चों ने पोस्टर के माध्यम से पालक शिक्षक मीटिंग के उद्देश्य और गतिविधियों की रूपरेखा और इससे छात्रों को होने वाले लाभ के बारे में विस्तार से बताया। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा विभाग द्वारा 13 बिंदु पालक शिक्षक मीटिंग के लिए निर्धारित किए गए हैं, अलग अलग बच्चों ने इन बिंदुओं के बारे में बताया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सभी गतिविधियों के बारे में जानकारी ली और बच्चों से इन सभी का अच्छे से लाभ उठाने के लिए कहा। उन्होंने बच्चों से उनके करियर प्लान भी पूछे और खूब मेहनत कर अपने सपनों को पूरा करने की सीख दी। उन्होंने कहा जीवन में श्रेष्ठता हासिल करने का एक मात्र माध्यम शिक्षा है। आप करियर में जिस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते उसके लिए लगन और मेहनत से पढ़िए जिससे आप अपना उज्ज्वल भविष्य गढ़ सकें। इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय और स्कूल शिक्षा सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी भी इस दौरान साथ रहे। पालक शिक्षक संवाद में पालकों को बच्चों के लिए यथासंभव घर में पढ़ाई के लिए मेरा कोना-स्टडी कॉर्नर के रूप में एक निश्चित स्थान तय करने की बात बताई गई। इसी प्रकार छात्रों के लिए एक आदर्श दिनचर्या कैसी हो इसकी जानकारी दी गई।बच्चों ने आज क्या सीखा के तहत पालकों की सहभागिता बढ़ाने के साथ उनकी प्रोग्रेस मॉनिटर करने में सहायता मिलेगी। ‘‘बच्चा बोलेगा बेझिझक’’ से बच्चों के अंदर स्टेज में बोलने के भय को दूर करना और पब्लिक स्पीकिंग और लीडरशिप क्वालिटी बढ़ाने पर काम होगा। बच्चों की अकादमिक प्रगति एवम परीक्षा पर चर्चा का उद्देश्य पालकों और छात्रों को परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव को दूर करना और अच्छे अंक लाने के लिए प्रोत्साहित करना है। पुस्तक की उपलब्धता सुनिश्चित करना, बस्ता रहित शनिवार के अंतर्गत अन्य ज्ञानवर्धक गतिविधियों से छात्रों को जोड़ना, विद्यार्थियों के आयु/कक्षा अनुरूप स्वास्थ्य परीक्षण एवम पोषण की जानकारी देना, न्योता भोज के माध्यम से सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना, विभिन्न डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से शिक्षा हेतु पालकों एवम छात्रों को अवगत कराना, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं/छात्रवृत्ति एवम विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ जाति/आय/निवास प्रमाण पत्र निर्माण और नई शिक्षा नीति के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। recent visitors 91

मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग के शुभंकर (बालक-विद्युत और बालिका-बिजली) का किया लोकार्पण

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पौध-रोपण के लिए आरंभ किया गया, "एक पेड़ माँ के नाम" कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण और वसुंधरा को संवारने के उनके मन के भाव और संकल्प का प्रकटिकरण है। पौध-रोपण का यह अभियान, परमात्मा से प्रकृति के रूप में जो हमें प्राप्त हुआ है, उसे वापस लौटाने का एक प्रयास भी है। विकास के क्रम में हुए प्रकृति के क्षरण की प्रतिपूर्ति करने और संतुलन बनाए रखने में भी पौध-रोपण से मदद मिल रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पौध-रोपण के "एक पेड़ माँ के नाम" कार्यक्रम अंतर्गत ऊर्जा विभाग के गोविंदपुरा स्थित निष्ठा परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने परिसर में आंवले का पौधा भी लगाया। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, महापौर श्रीमती मालती राय तथा अपर मुख्य सचिव ऊर्जा श्री मनु श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित थे। माँ के नाम पौध-रोपण ने लोगों को कार्यक्रम से आत्मीय रूप से जोड़ा है मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति मातृ-सत्ता की उपासक है और पौध-रोपण अभियान को प्रधानमंत्री श्री मोदी ने माँ का नाम देकर प्रत्येक व्यक्ति को अभियान से आत्मीय रूप से जोड़ा है। माँ के नाम से अथवा उनकी स्मृति में पौधा लगाना इस बात का भी प्रतीक है कि हमने जो प्रकृति से पाया है, उसे लौटाने का भी हमारे मन में भाव हैं। भारतीय संस्कृति वृक्षों को बहुत महत्व प्रदान करती है, ब्रह्म पुराण में एक वृक्ष को दस पुत्रों के बराबर मानना इस बात का प्रतीक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर ऊर्जा विभाग द्वारा जारी (बालक-विद्युत और बालिका-बिजली) शुभंकर का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को इस अवसर पर वृक्ष स्वरूप प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने रोपा पौधा ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने भी निष्ठा परिसर में आंवले का पौधा रोपा। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में ऊर्जा विभाग के प्रदेश में स्थित विभिन्न परिसरों में पौध-रोपण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा किए गए पौध-रोपण के साथ गोविंदपुरा स्थित निष्ठा परिसर में एक सौ पौधे एवं प्रदेश में एक लाख पौधे रोपे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पौध-रोपण में सहभागिता के लिए मंत्री श्री तोमर ने आभार व्यक्त किया।   recent visitors 102

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा- मांडू में सैलानियों को कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए पर्यटन सेवा का व्यापक प्लान किया तैयार

मांडू कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश के बाद मंगलवार को पीथमपुर एसडीएम शाश्वत शर्मा और धामनोद एसडीओपी मोनिका सिंह ने अन्य विभागों के अमले के साथ ई-रिक्शा में बैठकर मांडू भ्रमण किया। पर्यटकों से जुड़ी व्यवस्थाओं की नब्ज टटोली। आने वाले दिनों में सैलानियों को कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए पर्यटन सेवा का व्यापक प्लान तैयार किया है। गौरतलब है कि रविवार को 'फ्रेंडशिप डे' पर हजारों की संख्या में सैलानी मांडू पहुंचे थे। उनको अव्यवस्थाओं के चलते बिना मांडू भ्रमण करे वापस लौटना पड़ा था। तब कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने एसडीएम पीथमपुर को कहा था कि पर्यटकों को किसी प्रकार की समस्या नहीं हो। इसी के चलते एसडीएम के साथ नायब तहसीलदार राहुल गायकवाड़, मांडू नगर पंचायत के सीएमओ लाल सिंह राठौड़, एएसआइ दिनेश वर्मा, उपयंत्री बलदेव सिंह ठाकुर आदि के साथ मांडू के रानी रूपमती महल, बाज बहादुर महल स्थित पार्किंग स्थल व जहाज महल तथा नीलकंठ पार्किंग स्थल और मांडू के मुख्य मार्गों का भ्रमण किया। ऐतिहासिक दरवाजों और घाट में सुरक्षाकर्मी होंगे तैनात एसडीम शर्मा और एसडीओपी मोनिका सिंह ने बताया कि मांडू के ऐतिहासिक आलमगीर दरवाजे, दिल्ली दरवाजे, कमानी दरवाजे और गाड़ी दरवाजे के दोनों ओर सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। घाट क्षेत्र के कुछ हिस्सों में जाम नहीं लगे, इसलिए नगर परिषद वहां मार्ग चौड़ा करेगी। दरवाजों के दोनों तरफ दुर्घटना से बचने के लिए रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे। खतरनाक स्थान पर हाथों-हाथ लगाए सूचना बोर्ड इधर मांडू में खतरनाक स्थान को चिन्हित कर वहां पर सीएमओ राठौड़ एवं दल ने तत्काल पहुंचकर सूचना बोर्ड लगाए। रानी रूपमती महल, बाज बहादुर महल, नीलकंठ महादेव मंदिर, लोहानी गुफा के साथ कहीं खतरनाक स्थान को चिन्हित किया गया। वहां दिनभर नपा कर्मी बोर्ड और फ्लेक्स लगाते नजर आए। ऐसा रहेगा नया रूट प्लान अब पर्यटकों को जाम या अन्य समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए मौके पर ही नया रूट प्लान बनाया गया। अब धार की ओर से आने वाले वाहन सीधे रूपमती महल की ओर जाएंगे। उधर से आते समय जहाज महल और नीलकंठ महादेव मंदिर के लिए पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के सामने से होते हुए पीछे के रास्ते से जहाज महल मार्ग नगर परिषद के सामने पहुंचेंगे। पूरा मार्ग वन वे रहेगा। महत्वपूर्ण स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए उन्हें अलग-अलग स्थान पर डायवर्ट किया जाएगा। व्यवस्था रहेगी चाक चौबंद मांडू पुलिस के साथ धार से पुलिस कर्मियों का दल शनिवार और रविवार को मांडू पहुंचेगा। नगर परिषद के कर्मचारियों के साथ पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारी संभालेंगे व्यवस्था। महत्वपूर्ण स्थान पर रूट की जानकारी संकेतक और सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश। खतरनाक स्थान पर दुर्घटना को रोकने के लिए सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात। व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई जगह पर होगी बैरिकेडिंग। रानी रूपमती महल के नीचे, नीलकंठ महादेव मंदिर के ऊपर, नगर परिषद के सामने, जैन मंदिर पार्किंग पर पर्यटक वाहन पार्क कर सकेंगे।   recent visitors 101

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को मिला फिजी का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, भारतवासियों के लिए गौरवशाली क्षण: सीएम विष्णु देव साय

रायपुर  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को फिजी के सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए जाने पर सीएम विष्णु देव साय ने बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा ​है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को फिजी के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘Companion of the Order of Fiji’ से विभूषित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह हम सभी भारतवासियों के लिए गौरवशाली क्षण है। यह सम्मान दोनों देशों के बीच अटूट ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों की सर्वोच्च अभिव्यक्ति है। इस सम्मान से भारत और फिजी के आपसी संबंधों के नए आयाम स्थापित होंगे। राष्ट्रपति का हार्दिक अभिनंदन और देशवासियों को बधाई! 'गौरवान्वित हुआ भारतवर्ष' माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी को फिजी के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'Companion of the Order of Fiji' से विभूषित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। recent visitors 95