स्लीमनाबाद टनल का निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करें : उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

भोपाल उप-मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने मंत्रालय में स्लीमनाबाद टनल निर्माण कार्य प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने और आवश्यक सावधानियों का ध्यान रखने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आवासीय क्षेत्र के नीचे टनल निर्माण करते हुए विशेष सावधानी बरती जाये। उल्लेखनीय है कि विगत दिवस मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा स्लीमनाबाद टनल निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई थी। बरगी व्यपवर्तन परियोजना से जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना एवं रीवा सहित आस-पास के जिलों के कृषकों को सिंचाई और ग्रामीणों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। औद्योगिक इकाइयों को भी नहर प्रणाली के माध्यम से जल आपूर्ति होगी। नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, प्रमुख सचिव वित्त श्री मनीष सिंह, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री संदीप यादव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।   recent visitors 108

उज्जैन में IT एक्सपर्ट की करतूत- बैंक एटीएम से करीब 23 लाख रुपये हुए चोरी, दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

उज्जैन मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले की खाचरौद थाना पुलिस ने बैंक ऑफ इंडिया की एटीएम से करीब 23 लाख रुपये चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनका चोरी का तरीका असामान्य था। आरोपियों में से एक ने आईटी में एमएससी किया है। उसने अपने इसी तकनीकी ज्ञान का दुरुपयोग किया और एटीएम केबिन में लगी डिपाजिट मशीन में पासवर्ड डालकर केवल डेढ़ मिनट में रुपये चुरा लिए थे। एटीएम की तकनीक टीम से जुड़ा था आरोपी यह आरोपी एटीएम की तकनीकी टीम में भी शामिल है। उसने 26 जुलाई को एटीएम में नोट भरने के दौरान बैंक कर्मियों को पासवर्ड डालते देख लिया था। इसके बाद वह 28-29 जुलाई की मध्यरात्रि अपने साथी के साथ पहुंचा था। हेलमेट व रेनकोट पहनकर वह अंदर घुसा और सीसीटीवी कैमरे पर काले रंग का स्प्रे कर दिया। इसके बाद मात्र डेढ़ मिनट में उसने मशीन खोली और रुपये निकालकर दोस्त के साथ चंपत हो गया। उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया- बैंक ऑफ इंडिया खाचरौद के शाखा प्रबंधक नीलकमल ने शिकायत की थी कि बैंक डिपाजिट मशीन के अंदर पासवर्ड वाला दरवाजा खोलकर अज्ञात चोर चार कैसेट एवं करीब 23 लाख रुपये चुरा ले गए। पुलिस जांच में पता चला कि 28-29 जुलाई की मध्य रात्रि करीब एक से दो बजे के बीच एक बाइक पर दो लोग आए थे। दोनों ने काले रंग का हेलमेट व रेनकोट पहन रखा था। एक बदमाश ई गैलरी के बाहर खड़ा होकर नजर रख रहा था, तो दूसरा अंदर चला गया। उसने ई गैलरी के सारे कैमरों को काले रंग से स्प्रे कर मशीन से 23 लाख रुपये चुराए तथा मशीन में लगी वे चार कैसेट ले गया, जिनमें रुपये रखे रहते हैं। पुलिस को इस बात की थी शंका इतनी तेजी से मशीन खोले जाने पर पुलिस को शंका हुई कि वारदात में कोई जानकार ही शामिल है। इस पर पुलिस ने मशीन से जुड़े सभी कर्मचारियों की जानकारी खंगाली, तो पता चला कि मशीन की तकनीकी टीम से जुड़ा रितुराज सिंह पंवार 26 जुलाई को बैंक अधिकारियों के साथ ई-गैलरी में आया था। संदेह होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कठोर पूछताछ में उसने अपने साथी शुभम पुत्र अर्जुन जोशी के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। दोनों ने चोरी किए गए रुपये नलखेड़ा (जिला आगर) में अपने रिश्तेदार के यहां रखना बताया। पुलिस ने रुपये व बाइक जब्त कर ली। recent visitors 114

गोमतीनगर से एक अश्लील घटना का वीडियो वायरल, प्रेमी जोड़े ने अश्लीलता की सारी हदें पार कर दी, कार की छत खोलकर अश्लील हरकतें

लखनऊ लखनऊ के गोमतीनगर से एक अश्लील घटना सामने आई है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक प्रेमी जोड़े ने अश्लीलता की सारी हदें पार कर दी। वायरल वीडियो में लखनऊ के 1090 चौराहे से मुख्यमंत्री चौराहे के बीच एक प्रेमी जोड़ा कार की छत खोलकर अश्लील इशारे कर रहा है। वीडियो में प्रेमी जोड़ा कार की छत पर रोमांस करते हुए दिख रहा है। इस मामले में अभी तक कोई प्रशासनिक कार्रवाई नहीं की गई है। दरअसल, लखनऊ में बारिश की वजह से कई जगहों पर जलभराव हो गया था। ताज होटल के पास सड़कों पर जलभराव था। सड़क पर हुए जलभराव में कुछ लोग मौज-मस्ती कर रहे थे। इन लोगों ने वहां से बाइक से गुजर रहे एक युवक और युवती से बदसलूकी की। हुड़दंगियों ने बाइक सवार युवक-युवती पर पानी की बौछार की और बाइक को पीछे से पकड़कर खींचने लगे। पानी की बौछार और बाइक को खींचने के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया, इससे युवक और महिला बाइक से गिर गए। इस दौरान महिला को टच करने की भी कोशिश की गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटा दिया था। बाद में हुई कार्रवाई मेें कुछ लोग पकड़े भी गए। recent visitors 171

इंदौर और जबलपुर शहरी क्षेत्र में सिटी फारेस्ट बनाने की तैयारी तेज

भोपाल लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग द्वारा इंदौर और जबलपुर शहरी क्षेत्र में नगर वन (सिटी फारेस्ट) विकसित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिये विभाग द्वारा योजनाबद्ध तरीके से तेजी से कार्य किया जा रहा है। विभाग द्वारा वित्त वर्ष 2024-25 की कार्य योजना में नगर वन विकसित करने संबंधी प्रस्ताव रखा गया है। लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन विभाग द्वारा नेशनल टेक्सटाईल कॉर्पोरेशन से इंदौर, उज्जैन, भोपाल एवं बुरहानपुर जिले की बंद मिलों की भूमि को पुनः राज्य शासन के पक्ष में बंदोबस्त (वैष्ठित) कर लिया गया है। इसके विरुद्ध नेशनल टेक्सटाइल कॉर्पोरेशन ने इंदौर, उज्जैन एवं भोपाल की भूमि के संबंध में उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है। संबंधित जिलों के कलेक्टर्स से समन्वय स्थापित कर विभाग द्वारा इन भूमि प्रकरणों के जल्द से जल्द निराकरण की कार्यवाही की जा रही है। इंदौर जिले में स्थित यूनाइटेड मालवा मिल का एक प्रमुख भाग प्रबंधन की मंशा से नगर वन (सिटी फारेस्ट) के रूप में विकसित करने के लिये बेहद उपयुक्त पाया गया है। इस विकास प्रस्ताव पर विभागीय योजना बनाकर कार्यवाही की जा रही है एवं कल्याण मिल का उचित रूप से प्रबंधन किया जा रहा है। उज्जैन की विनोद मिल के शेष पार्सलों पर व्यवसायिक गतिविधियों के प्रोत्साहन केलिये विभागीय योजना तैयार की जा रही है एवं उज्जैन की हीरा मिल का समुचित प्रबंधन भी विभागीय तौर पर किया जा रहा है। लोक परिसम्पत्ति विभाग द्वारा जबलपुर शहरी क्षेत्र में बीएसएनएल द्वारा अधिग्रहित भूमि को पुनः राज्य शासन के पक्ष में बंदोबस्त (वैष्ठित) कर लिया गया है। अब यहाँ 'सिटी फारेस्ट' के लिये जरूरी विकास के मद्देनजर समुचित प्रबंधन एवं व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। 'लोक परिसंपत्ति प्रबंधन जिला प्रोत्साहन योजना' के अंतर्गत विभाग द्वारा जिलों में मौजूद आधारभूत संरचनाओं को और अधिक सुदृढ़ कर इन्हें नई आवश्यकतानुसार विकसित करने के लिये गत वित्तीय वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 में 20 जिलों को उनसे प्राप्त प्रस्तावों के अनुसार कुल 126 करोड़ 79 लाख रूपये वितरित किये गये। जारी वित्त वर्ष 2024-25 में इस योजना में 16 जिलों से पात्रतानुसार 65 करोड़ 49 लाख रूपये के विकास प्रस्ताव प्राप्त करने के लिये भी विभाग द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।   recent visitors 136

जनजातीय युवाओं के लिये स्वरोजगार व विकास की तीन नई योजनाएं

भोपाल जनजातीय कार्य विभाग के अधीन मप्र आदिवासी वित्त एवं विकास निगम द्वारा तीन नई वित्तीय सहायता योजनाएं संचालित की जा रही हैं। भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना और मुख्यमंत्री अनुसूचित जनजाति विशेष परियोजना वित्त पोषण योजना के माध्यम से जनजातीय वर्ग के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनके समग्र कल्याण के लिये हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। मप्र आदिवासी वित्त एवं विकास निगम को 'भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना' के तहत 1000 हितग्राही वार्षिक लक्ष्य के विरूद्ध 31 मार्च 2024 तक कुल 6 हजार 463 आवेदन मिले। इनमें से बैंकों द्वारा 1094 आवेदन मंजूर कर 904 पात्र हितग्राहियों को 33 करोड़ 70 लाख 47 हजार 620 रूपये की वित्तीय सहायता वितरित की गई। इस योजना में जनजातीय वर्ग के युवाओं को विनिर्माण गतिविधियों के लिए एक लाख से 50 लाख रूपये तथा सेवा व व्यवसाय गतिविधियों के लिए एक लाख से 25 लाख रूपये तक की वित्तीय सहायता बैंकों के माध्यम से दी जाती है। इसके लिए परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। योजना के अन्तर्गत हितग्राहियों को बैंक द्वारा वितरित, शेष ऋण पर 5 प्रतिशत प्रति वर्ष की दर से ब्याज अनुदान तथा बैंक ऋण गारंटी शुल्क प्रचलित दर पर अधिकतम 7 वर्षों तक मोरेटोरियम अवधि सहित निगम द्वारा वहन किए जाने का प्रावधान है। योजना में इच्छुक अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण देने का भी प्रावधान है। योजना का क्रियान्वयन शासन द्वारा निर्धारित ‘समस्त पोर्टल’ के माध्यम से किया जा रहा है, तथा पोर्टल पर यह योजना 'मुख्यमंत्री उद्यम कांति योजना' से समन्वित होती है। जिलास्तर पर योजना का क्रियान्वयन सहायक आयुक्त/जिला संयोजक/शाखा प्रबंधक, मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त एवं विकास निगम एवं महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के माध्यम से किया जा रहा है। योजना के तहत वर्ष 2024-25 हेतु सभी जिलों के सभी बैंकों को वार्षिक लक्ष्य तय कर दिये गये हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को योजना के क्रियान्वयन के संबंध में समुचित निर्देश भी जारी किये गये है। योजना के तहत पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन प्रारम्भ हो चुके है। इच्छुक व्यक्ति पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। 'टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना' के 10 हजार हितग्राही वार्षिक लक्ष्य के विरूद्ध निगम को 31 मार्च 2024 तक कुल 7 हजार 116 आवेदन मिले। बैंकों द्वारा 1130 आवेदन मंजूर कर 905 पात्र हितग्राहियों को 5 करोड़ 8 लाख रूपये से अधिक की वित्तीय सहायता वितरित की गई। योजना में जनजातीय युवाओं को 10 हजार से एक लाख रूपए तक की स्व-रोज़गार परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहायता बैंकों के माध्यम से दी जाती है। बैंक ऋण पर अधिकतम पाँच वर्षों के लिए सात प्रतिशत ब्याज अनुदान एवं बैंक गारंटी राज्य शासन द्वारा दी जाती है। इन दोनों योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं लाभ प्राप्ति के लिए "समस्त पोर्टल" https://samast.mponline.gov.in पर लॉग-इन कर या जिलास्तर पर सहायक आयुक्त/जिला संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग एवं अनुसूचित जाति कल्याण कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। इसी प्रकार 'मुख्यमंत्री अनुसूचित जनजाति विशेष परियोजना वित्त पोषण योजना' में जनजातीय युवाओं को आजीविका, स्वरोजगार एवं नवाचार से संबंधित सामुदायिक अधोसंरचना निर्माण तथा इससे जुड़ी अन्य गतिविधियों की दो करोड़ रूपये तक की ऐसी परियोजनाएं, जिनका क्रियान्वयन लाईन विभागों की किसी प्रचलित योजना/परियोजना में किया जाना संभव नहीं हो, उसका शत-प्रतिशत शासन अनुदान से वित्त पोषण किया जाता है। इस योजना का क्रियान्वयन लाईन विभागों/कलेक्टर के माध्यम से किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत अब तक 8 विशेष परियोजनाएं स्वीकृत की गई, जिनमें 4 करोड़ 60 लाख 73 हजार रूपये का ऋण जनजातीय वर्ग के स्वरोजगारियों को परियोजना क्रियान्वयन के लिये वितरित किया गया। recent visitors 157

नीरज चोपड़ा ने बताया 8 अगस्त को फाइनल के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ बचाकर रखा है

पेरिस मौजूदा ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने मंगलवार को यहां स्टेड डी फ्रांस में पेरिस ओलंपिक में 89.34 मीटर के थ्रो के साथ पुरुषों की भाला फेंक क्वालिफिकेशन में शीर्ष पर रहने के बाद कहा कि उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ फाइनल के लिए बचा लिया है। नीरज ने अपने खिताब की रक्षा शुरू करने के अपने पहले प्रयास में दोनों समूहों में क्वालिफिकेशन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो हासिल किया। उन्होंने टोक्यो 2020 ओलंपिक में 87.58 मीटर थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था और ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने। क्वालिफिकेशन राउंड की समाप्ति के बाद नीरज ने संवाददाताओं से कहा, "यह सिर्फ क्वालीफिकेशन राउंड है, फाइनल में मानसिकता और स्थिति अलग होती है। मुझे अच्छी शुरुआत के बाद फाइनल की तैयारियों पर ध्यान देना चाहिए।" 26 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा कि 84 मीटर के स्वचालित क्वालीफिकेशन मार्क के साथ क्वालीफाई करने वाले सभी थ्रोअर के बीच फाइनल में कड़ी प्रतिस्पर्धा होगी। हालाँकि, उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि उन्होंने पदक स्पर्धा के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ बचाकर रखा है। नीरज ने कहा, "मैं फाइनल के लिए सर्वश्रेष्ठ बचा रहा हूं और उस पर ध्यान केंद्रित कर रहा हूं। मैं फाइनल के लिए तैयार हूं। मैं यहां अभ्यास में अच्छा नहीं कर रहा था लेकिन जब क्वालिफिकेशन शुरू हुआ, तो मैंने पहले थ्रो में क्वालिफाई करने का लक्ष्य रखा था। मेरी फिटनेस अब बेहतर है और मैंने पहला प्रयास करने से पहले अच्छी तरह से वार्मअप किया था। " नीरज के अलावा, आठ एथलीटों ने स्वचालित योग्यता अंक के साथ फाइनल के लिए क्वालीफाई किया, जिनमें ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स (88.63 मीटर), जर्मनी के जूलियन वेबर (87.76 मीटर), पाकिस्तान के अरशद नदीम (86.59 मीटर) और केन्या के जूलियस येगो (85.97 मीटर) शामिल हैं जिन्होंने शीर्ष पांच को पूरा किया। अपनी मानसिकता के बारे में बात करते हुए, नीरज ने कहा कि वह पहले थ्रो में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा, "मैं पहली थ्रो से ही अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करता हूं लेकिन ऐसा हर बार नहीं होता। अगर मैं पहली थ्रो में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में असफल रहता हूं तो मैं हर थ्रो में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करता हूं।" जब उनसे वर्ष की शुरुआत में लगी एडक्टर चोट के बारे में पूछा गया, तो नीरज ने कहा, “मैं बेहतर महसूस कर रहा हूं और थ्रो से पहले उचित वार्म-अप के साथ सभी सावधानियां बरत रहा हूं।'' भारत के किशोर कुमार जेना, जो ग्रुप ए में थे, अपने पहले प्रयास में 80.73 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के बाद फाइनल में पहुंचने में असफल रहे। तीसरे प्रयास में 80.21 मीटर थ्रो करने से पहले दूसरा थ्रो फाउल था। विश्व और एशियाई चैंपियन नीरज गुरुवार (8 अगस्त) को ओलंपिक में दो व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बनने का लक्ष्य रखेंगे। recent visitors 113

डंपर से टकराई अधिकारियों की कार, राजस्थान-दौसा में नायब तहसीलदार-पटवारी और गिरदावर की मौत

दौसा. दौसा जिले की लालसोट तहसील के शिवसिंहपुरा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 11A पर हुए भीषण सड़क हादसे में नायब तहसीलदार गिरिराज शर्मा, गिरदावर दिनेश शर्मा, और पटवारी दिनेश शर्मा की मौत हो गई। सरकारी काम से जा रहे इन अधिकारियों की गाड़ी की तेज रफ्तार डंपर से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। लालसोट विधानसभा के निर्झरना गिरिराज शर्मा (नायब तहसीलदार), दिनेश शर्मा (गिरदावर), दिनेश शर्मा (पटवारी) सरकारी काम से जा रहे थे। रास्ते में उनकी गाड़ी की डंपर से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादस में गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी में सवार तीनों राजस्व अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें प्रदीप पुत्र दामोदर शर्मा, मुकेश पुत्र रामनिवास मीणा और अभिषेक पुत्र अश्वनी शर्मा शामिल हैं। घटना के बाद तीनों मृतकों के शवों को लालसोट अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी में रखा गया है। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की जांच जारी है और अधिकारियों द्वारा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। recent visitors 167