सीएम डॉ यादव ने कहा लाड़ली बहनों के खाते में 10 अगस्त को सिंगल क्लिक से जारी होगी 1500 रुपए की राशि

चित्रकूट सीएम मोहन यादव ने ऐलान किया है कि इस बार का रक्षाबंधन का त्यौहार मप्र की बहनों के लिए खास रहने वाला है. सीएम मोहन यादव के अनुसार इस बार लाड़ली बहनों के खाते में 1250 रुपए नहीं बल्कि 1500 रुपए आएंगे. यह बड़ा ऐलान सीएम मोहन यादव ने सतना जिले के चित्रकूट में किया. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि सरकार बहनों के सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है. हमारी सरकार ने तय किया है कि चुनाव के समय हमने जो-जो घोषणाएं की थी उसे हम पूरा करेंगे. हमने लाड़ली बहना और उज्ज्वला योजना की बहनों को 450 में सिलेंडर देने की घोषणा की थी, हम वह देने जा रहे हैं और साथ ही रक्षाबंधन पर बहनों को 1500 रुपये दिए जाएंगे." 131 करोड से अधिक लागत के कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 अगस्त को चित्रकूट प्रवास के दौरान सतना जिले के 131 करोड 97 लाख रूपये लागत के कुल 36 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन लोकार्पण किया. चित्रकूट में उद्यमिता परिसर स्थित विवेकानंद सभागार में आयोजित लाडली बहना योजना के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव 27 करोड 75 लाख रूपये लागत के 27 विकास कार्यों का लोकार्पण किया. इसी तरह मुख्यमंत्री 104 करोड 21 लाख रूपये लागत के 9 विकास कार्यों का शिलान्यास और भूमिपूजन किया. एक करोड़ 39 लाख बहनों ने हमारी पार्टी को प्रेम दिया मुख्यमंत्री ने कहा -हमने जब तय किया कि सावन महोत्सव और रक्षाबंधन उत्सव मनाना चाहिए, लेकिन कहां से। तब ध्यान में आया कि चित्रकूट से धाम से मनाना चाहिए। यह वही धाम है, जहां भगवान कामतानाथ, माता मंदाकिनी, गुप्त गोदावरी हैं। 17 लाख साल पहले भगवान राम और भरत के अश्रुओं से ये धरती भीगी है। ये पावन धरती है। इससे बढ़िया स्थान इस कार्यक्रम की शुरुआत के लिए कोई और नहीं हो सकता। आज मौसम से हमारी कुश्ती हो रही थी, लगा कि पहुंच नहीं पाएंगे, लेकिन हमने कहा- बहनों का कार्यक्रम है, जाना जरूरी है। भगवान ने भी साथ दिया और मैं यहां पहुंचा। हजारों साल से ऋषि मुनियों ने त्याग, तपस्या से त्योहारों की श्रृंखला शुरू की। ये त्योहार प्रेम बांटते हैं। हमारे देश को देखने वाले लोग तो समझते हैं, लेकिन दूर रहने वालों को जरूर यह अटपटा लगता है, लेकिन जब वे आते हैं तो यहीं के हो के रह जाते हैं। होली, संक्रांति, बसंत, गुड़ी पड़वा, गुरु पूर्णिमा के महत्व को रेखांकित करते हुए सीएम ने कहा कि सावन के महीने का आनंद अनूठा होता है। बहनें मां-बाप के बाद भाई के लिए उस प्रेम की पूर्ति करती हैं। हम एक मात्र देश हैं, जहां माता का संबंध हमारी संस्कृति से जुड़ता है। हम मातृ संस्था को आदर देते हैं। भाई भले मुंह मोड़ ले, लेकिन बहन सारी जिंदगी प्रेम लुटाती है। कांग्रेसियों पर तंज, बोले- लोग कहते थे योजना बंद हो जाएगी हमारी लाड़ली बहना योजना को लेकर लोग कहते थे, बंद हो जाएगी, लेकिन भाई तुम्हारी पार्टी बंद हो जाएगी, लेकिन हमारी योजना बंद नहीं होगी। तुम बोलते रहो, हम देते रहेंगे। पैसे नहीं संबंध महत्वपूर्ण है। एक करोड़ 39 लाख बहनों ने हमारी पार्टी को प्रेम दिया है। आज जो राखी मुझे यहां बहनों ने दी, उससे मुझे ऐसा लगा कि सभी ने राखी बांध दी। राखी का धागा प्रेम का संबंध हमारी संस्कृति से जोड़ता है, आशीर्वाद देता है। सतना में 3 लाख 84 हजार 259 बहनें लाड़ली हैं, 627 करोड़ की राशि हम दे चुके हैं। आज ये यह उत्सव शुरू हो गया है। 10 तारीख तक प्रदेश के 25 हजार केंद्रों पर रक्षाबंधन उत्सव के आयोजन होते रहेंगे। 10 जुलाई को इस बार साढ़े 12 नहीं, एक साथ 1500 रुपए सभी बहनों के खाते में डालेंगे। ये 250 रुपए राखी के त्योहार के लिए हैं। जब बहनें अपने भाई को राखी बांधेंगी तो मैं समझूंगा मेरे भी माथे पर तिलक लग गया, आनंद महसूस करेंगे। उज्जवला योजना के तहत 450 रुपए भी डालेंगे हमने एक और घोषणा की है, उज्ज्वला योजना के तहत बहनों के खाते में 450 रुपए भी डालेंगे। इनमें उज्जवला गैस कलेक्शन जितनी बहनों के नाम से हैं और जिन्होंने लाड़ली बहना के फार्म भरें हैं… यानी 20 लाख उज्जलवा योजना की बहनें और 10 लाख लाड़ली बहनों के खाते में ये रुपए डाले जाएंगे। रीवा संभाग में अभी हम समिट करेंगे और सतना के युवाओं के लिए भी रोजगार के प्रबंध करेंगे, ताकि सभी के कष्ट दूर हों और जीवन खुशहाल हो। 104 करोड़ रुपए के कार्यों का किया शिलान्यास सीएम ने 104 करोड़ के 9 कार्यों का शिलान्यास और 27 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया। सीएम डॉ. यादव चित्रकूट में उद्यमिता परिसर के विवेकानंद सभागार में चित्रकूट यूनेस्को जियो पार्क स्थापना की कार्यशाला में भी शामिल हुए। मंच पर नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, महापौर योगेश ताम्रकार, भाजपा के जिला संगठन प्रभारी अभय सिंह यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह, नगर निगम स्पीकर राजेश चतुर्वेदी पालन, चित्रकूट नगर पंचायत अध्यक्ष साधना पटेल, मझगवां जनपद पंचायत अध्यक्ष रेणुका जायसवाल भी मौजूद रहीं। recent visitors 123

बाबा बर्फानी के 33 दिनों में 4.76 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

श्रीनगर अमरनाथ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रही है। पिछले 33 दिनों में 4.76 लाख से अधिक तीर्थयात्री अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तीर्थयात्रा सुचारू रूप से चल रही है। अमरनाथ यात्रा 29 जून को शुरू हुई थी। यह 52 दिनों के बाद 19 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन के त्यौहार के साथ समाप्त होगी। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया, कल यानी बुधवार को 5 हजार से ज्यादा लोगों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। 1,295 यात्रियों का एक नया जत्था गुरुवार सुबह 3:32 बजे दो सुरक्षा काफिलों में जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से घाटी के लिए रवाना हुआ।     33 दिनों में 4.76 लाख श्रद्धालुओं ने किये बाबा बर्फानी के दर्शन     अमरनाथ यात्रा 29 जून को शुरू हुई थी     19 अगस्त को रक्षाबंधन के त्यौहार के साथ समाप्त होगी 1,295 यात्रियों का एक नया जत्था हुआ रवाना 15 वाहनों का पहला सुरक्षा काफिला 349 यात्रियों को लेकर उत्तरी कश्मीर के बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना हुआ, जबकि 33 वाहनों का दूसरा काफिला 946 यात्रियों को लेकर दक्षिण कश्मीर के नुनवान बेस कैंप के लिए रवाना हुआ। पवित्र छड़ी के संरक्षक स्वामी दीपेंद्र गिरि ने बताया कि 9 अगस्त को भगवान शिव की छड़ी श्रीनगर शहर के श्री अमरेश्वर दशनामी अखाड़ा मंदिर में अपने स्थान से आगे बढ़ेगी। 14 अगस्त को पहलगाम से पवित्र गुफा मंदिर के लिए रवाना होगी। सुरक्षा, सामुदायिक लंगर, पारगमन और बेस कैंपों की व्यवस्था तथा जम्मू से कश्मीर तक राजमार्ग पर सुरक्षा बलों की तैनाती ने इस साल सुरक्षित, सुचारू और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित की है। गुफा मंदिर में बर्फ की एक संरचना है जो चंद्रमा के चरणों के साथ घटती-बढ़ती रहती है। भक्तों का मानना है कि यह बर्फ की संरचना भगवान शिव की पौराणिक शक्तियों का प्रतीक है। यह गुफा कश्मीर हिमालय में समुद्र तल से 3.888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। भक्त या तो पारंपरिक दक्षिण कश्मीर पहलगाम मार्ग से या फिर उत्तर कश्मीर बालटाल मार्ग से गुफा मंदिर तक पहुंचते हैं। जानें, गुफा मार्ग से बाबा बर्फानी तक पहुंचने में कितने दिन लगते हैं पारंपरिक पहलगाम गुफा मंदिर मार्ग 48 किलोमीटर लंबा है। जिससे बाबा बर्फानी तक पहुंचने में 4 से 5 दिन लग जाते हैं। दूसरा मार्ग बालटाल का है। ये 14 किलोमीटर लंबा है। इस मार्ग का चयन करने वाले लोग ‘दर्शन’ करने के बाद उसी दिन आधार शिविर लौट आते हैं। बता दें कि उत्तरी कश्मीर मार्ग पर बालटाल और दक्षिण कश्मीर मार्ग पर चंदनवाड़ी में तीर्थयात्रियों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं भी उपलब्ध हैं। recent visitors 218

एसएसपी ने जिले में तैनात 63 दरोगाओं के तबादले कर दिए

मुरादाबाद मुरादाबाद एसएसपी सतपाल अंतिल ने मंगलवार देर रात जिले में तैनात 63 दरोगाओं के तबादले कर दिए। 19 दरोगाओं को पुलिस लाइन से थानों और चौकियों में भेजा है। 20 पुलिस चौकी के प्रभारियों का भी कार्यक्षेत्र बदला दिया। पुलिस लाइन से दरोगा सीताराम को रिट सेल, राजेंद्र कुमार को छजलैट, शरद कुमार को डिलारी, सुभाष कुमार सिंह को सिविल लाइंस, शांति स्वरूप को कुंदरकी प्रभारी बनाया गया है कल्याण सिंह को मझोला, एसएसआई महेश पाल सिंह को थाना छजलैट, सलाउद्दीन को नागफनी, दीपक कुमार को कुंदरकी, संजीव कुमार, रवींद्र सिंह भाटी को मूंढापांडे, मुकेश कुमार को मूंढापांडे, देवेंद्र उपाध्यक्ष को मैनाठेर, शेरपाल, दुलीचंद, प्रदीप कुमार को कुंदरकी, अशोक कुमार को मैनाठेर, अखिल कुमार को डिलारी की जलालपुर चौकी का प्रभारी बनाया गया है। कस्बा बिलारी चौकी से नीतेश सहरावत को चौकी दांग, दस सराय चौकी से देवेंद्र सिंह को फकीरपुरा चौकी प्रभारी, महिला दारोगा रीता तेवतिया को चौकी इंचार्ज फैजगंज, अंकुर सिंह को चौकी फैजगंज से थाना मैनाठेर, सोमपाल सिंह चौकी इंचार्ज मकबरा को काशीपुर तिराहा चौकी, चौकी इंचार्ज काशीपुरा तिराहा ओम शुक्ला को चौकी इंचार्ज लालबाग की जिम्मेदारी दी है। लालबाग चौकी से नरेंद्र सिंह को जयंतीपुर, जयंतीपुर से पवन कुमार को आशियाना चौकी का प्रभारी बनाया है। आशियाना चौकी से कृष्ण कुमार को हटाकर कटघर थाने में भेजा है। पीतल बस्ती चौकी इंचार्ज हरेंद्र सिंह को हरथला चौकी इंचार्ज, प्रबोध कुमार को हरथला चौकी से पीतलबस्ती चौकी इंचार्ज, हरेंद्र सिंह को चौकी तहसील स्कूल से थाना कुंदरकी भेजा गया है। विवेक यादव को साइबर थाने से चौकी इंचार्ज तहसील स्कूल, प्रवेंद्र कुमार को मझोला थाने से चौकी कांशीरामनगर, उचित कुमार सिंह को चौकी गुलाबबाड़ी से पुलिस लाइन, सौरभ त्यागी को पुलिस लाइन से गुलाबबाड़ी, पुलिस लाइन से अर्जुन सिंह को टीपी नगर चौकी इंचार्ज, टीपी नगर चौकी इंचार्ज सुशील चौधरी को चौकी इंचार्ज खदाना बनाया गया है। हरेंद्र सिंह को पुलिस लाइन से मकबरा, मनोज पवार को चौकी लाइनपार से थाना मैनाठेर, सर्वेश कुमार को पुलिस लाइन से लाइनपार चौकी, ओमपाल सिंह को कांशीराम नगर से थाना डिलारी, सुरेंद्र सिंह चौकी इंचार्ज रौंडा झोंडा से मैनाठेर, देव सिंह को चौकी इंचार्ज रानी नांगल से पुलिस लाइन, नीरजपाल सिंह को थाना डिलारी से पुलिस लाइन भेजा गया है। रमेश गिरी को चुनाव सेल रानी नांगल, सविता तोमर को पुलिस लाइन से कोतवाली, हंसराज को पुलिस लाइन से मूंढापांडे, बबलू को मूंढापांडे से मैनाठेर, रामभूल सिंह को भगतपुर से कुंदरकी भेजा गया है। उदयवीर सिंह मुगलपुरा से मूंढापांडे, महेश चंद गुुप्ता को पुलिस लाइन से मूंढापांडे, नरेश कुमार राठी को यूपी 112 से मूंढापांडे भेजा गया है। स्वाति राणा को पुलिस लाइन से साइबर थाना, जयशंकर द्विवेदी को पुलिस लाइंस से पाकबड़ा, हेमंत कुमार मूंढापांडे से कटघर, सलीम मलिक कुंदरकी से नागफनी, देवेंद्र सिंह कोतवाली से पुलिस लाइंस, वंदना रस्तोगी को महिला थाना से पुलिस लाइन, रामगोपाल आर्य को गलशहीद से सिविल लाइंस थाने में तैनाती दी है। recent visitors 97

भारतीय टीम के खिलाफ शिराज और मलिंगा की हुई श्रीलंका टीम में एंट्री; वनडे स्क्वाड में मिली जगह, दो प्रमुख गेंदबाज हुए बाहर

नई दिल्ली भारत के खिलाफ श्रीलंका के खिलाड़ियों का चोटिल होने का सिलसिला जारी है। टी20 सीरीज के आगाज से पहले दुश्मंथा चमीरा और नुवान तुसारा बाहर हो गए थे, वहीं अब दो अन्य तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना और दिलशान मदुशंका भी चोटिल होकर 2 अगस्त से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। इन दोनों के स्थान पर श्रीलंका ने वनडे टीम में मोहम्मद शिराज और ईशान मलिंगा को जगह दी है। ये दोनों ही तेज गेंदबाज अनकैप्ड हैं। मथीशा पथिराना और दिलशान मदुशंका चोटिल होकर वनडे सीरीज से हुए बाहर भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले के दौरान मथीशा पथिराना फील्डिंग के समय डाइव लगाने के प्रयास में अपना कंधा चोटिल करवा बैठे थे और इसके बाद उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा था। पथिराना की चोट की गंभीरता इसी बात से पता लगाई जा सकती है कि उन्होंने दोबारा मैदान पर आकर एक भी गेंद नहीं डाली। तभी से उनके वनडे सीरीज खेलने पर संशय था और अब उनके बाहर होने की जानकारी आ गई है। दूसरी तरफ, दिलशान मदुशंका को अभ्यास के दौरान हैमस्ट्रिंग की समस्या हो गई। इसी वजह से अब वह भी वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। मदुशंका को टी20 सीरीज के लिए पहले नहीं चुना गया था लेकिन वह नुवान तुसारा के बाहर होने के बाद रिप्लेसमेंट के रूप में आए थे। वहीं, इसके बाद उन्हें वनडे स्क्वाड में भी जगह दी गई थी। मोहमद शिराज और ईशान मलिंगा को मिल सकता है डेब्यू का मौका श्रीलंका के वनडे स्क्वाड में रिप्लेसमेंट के रूप में आने वाले मोहम्मद शिराज और ईशान मलिंगा को अभी तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू का मौका नहीं मिला है लेकिन हो सकता है कि इन्हें टीम इंडिया के खिलाफ अपना जलवा दिखाने का मौका मिल जाए। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज शिराज ने अपने करियर में अभी तक 47 लिस्ट ए मैचों में पांच से भी कम की इकॉनमी रेट से 80 विकेट चटकाए हैं। वहीं, ईशान ने अभी तक सिर्फ 7 लिस्ट ए मैच ही खेले हैं, जिसमें उनके खाते में 12 विकेट हैं। श्रीलंका का वनडे सीरीज के लिए अपडेटेड स्क्वाड चरित असलंका (कप्तान), पथुम निसांका, अविष्का फर्नांडो, कुसल मेंडिस, सदीरा समरविक्रमा, कामिंदु मेंडिस, जेनिथ लियानागे, निशान मदुषका, वानिंदु हसरंगा, डुनिथ वेल्लागे, चमीका करुणारत्ने, महीश तीक्षणा, अकीला धनंजय, असिथा फर्नांडो, मोहम्मद शिराज, ईशान मलिंगा। आपको बता दें कि श्रीलंका के स्क्वाड में शामिल बिनुरा फर्नांडो भी चेस्ट इंफेक्शन से पीड़ित हैं। इसी वजह से एहतियातन तौर पर श्रीलंका ने सल जेनिथ, प्रमोद मदुशन और जेफरी वेंडरसे को स्टैंडबाई के रूप में स्क्वाड में शामिल किया है। recent visitors 188

साय सरकार ने राजस्थान को दी कोल खनन की अनुमति, सही साबित हुआ भजनलाल का ये ट्वीट: दीपक बैज

रायपुर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश की साय सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान विद्युत मंडल के अखबारों में छपाये गये विज्ञापनों से साफ है कि राज्य सरकार ने वहां पर उत्खनन की अनुमति दी है। इसके पहले भी राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी इस आशय की जानकारी सोशल मीडिया में ट्वीट कर दी थी। उन्होंने अपने ट्वीट में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को धन्यवाद भी दिया था। राजस्थान के मुख्यमंत्री के ट्वीट को राज्य सरकार ने खारिज किया था, लेकिन अब छपे विज्ञापन बता रहे कि राजस्थान के मुख्यमंत्री ने सही ट्वीट किया था। भाजपा सरकार राज्य की जनता से सब कुछ छुपाना चाहती है। राज्य के हितों को दरकिनार कर साय सरकार ने राजस्थान को कोल उत्खनन की अनुमति दी है। हसदेव अरण्य कोल फील्ड में संचालित परसा ईस्ट एवं कांता बासन (पीईकेबी) कोल ब्लॉक की 91.21 हेक्टेयर वन भूमि का उपयोग उत्खनन के लिये दे दिया है। दलीय प्रतिबद्धता में भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ के हितों तथा राज्य के पर्यावरण को अनदेखी किया है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस की भूपेश सरकार ने राज्य के हितों को देखते हुये यहां पर उत्खनन की अनुमति देने से मना कर दिया था जबकि उस समय राजस्थान में भी कांग्रेस की सरकार थी। उसके बावजूद कांग्रेस की सरकार ने राज्य के हितों से समझौता नहीं किया था। इस खदान को रद्द करने कांग्रेस की सरकार ने केंद्र सरकार के पास अनुशंसा भी भेजा था। भाजपा की सरकार बनने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के दबाव में राज्य के कोल उत्खनन की बंदरबांट शुरू हो गयी है। भाजपा सरकार अडानी के हितों को सवंर्धित करने के लिये राज्य के जल, जंगल, जमीन खनिज संपदा को अडानी को सौपना शुरू कर दिया गया है। जैसे ही भाजपा की सरकार बनी हसदेव अरण्य क्षेत्र में वनों की अंधाधुंध कटाई शुरू की जा चुकी है। 50 हजार से अधिक पेड़ काटे जा चुके है। यहां पर कटाई के लिये आदेश और पर्यावरण स्वीकृत केंद्र की मोदी सरकार ने दिया था तब कांग्रेस सरकार ने इस स्वीकृति को राज्य के स्तर पर निरस्त कर दिया था तथा केंद्र में भी इसे निरस्त करने के लिये पत्र लिखा था। recent visitors 124

छह बसें चलाई जा रहीं, राजस्थान-जयपुर में मुफ्त बस शटल सेवा शुरू

जयपुर. राजस्थान की राजधानी जयपुर के परकोटे बाजार में आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। रामनिवास बाग पार्किंग से मुफ्त बस शटल सेवा शुरू की गई है। जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड (जेसीटीएसएल), जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) और हैरिटेज नगर निगम ने इस सेवा को संयुक्त रूप से शुरू किया है। इस पहल के तहत शुरुआत में छह बसें चलाई जा रही हैं। रामनिवास बाग में वाहन पार्क करने वाले लोगों को यह मुफ्त बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इस सेवा का मुख्य उद्देश्य चारदीवारी के बाजारों में आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों को सुविधा प्रदान करना है। मिडी बसें दो रूटों पर संचालित होंगी। पहले रूट में बसें रामनिवास बाग से अजमेरी गेट, किशनपोल बाजार, छोटी चौपड़, चांदपोल, त्रिपोलिया गेट और चौड़ा रास्ता होते हुए रामनिवास बाग लौटेंगी। दूसरे रूट में बसें रामनिवास बाग पार्किंग से सांगानेरी गेट, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार और चौड़ा रास्ता होते हुए रामनिवास बाग वापस आएंगी। हैरिटेज नगर निगम की सतर्कता शाखा ने सुरक्षा और व्यवस्था को संभालने के लिए गार्ड तैनात किए हैं। यह बसें सुबह 9:30 बजे से रात 9:30 बजे तक चलेंगी और हर 15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी। यह सेवा व्यापारियों और ग्राहकों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी, क्योंकि इससे बाजारों में भीड़भाड़ कम होगी और पार्किंग की समस्या का समाधान होगा। नगर निगम की यह पहल निश्चित रूप से शहर के बाजारों में आने-जाने वाले लोगों के लिए एक बड़ी राहत है। recent visitors 117

कई घटनाओं में रहे शामिल, छत्तीसगढ़-बीजापुर में पांच माओवादियों ने किया सरेंडर

बीजापुर. बीजापुर में नक्सलियों को एक और झटका लगा है। नक्सली शहीदी सप्ताह के दौरान एक लाख की इनामी डीएकेएमएस अध्यक्ष समेत पांच नक्सलियों ने नक्सल पंथ से तौबा करते हुए पुलिस के आला अफसरों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। इसी के साथ इस वर्ष के अब तक में 142 नक्सलियों ने नक्सल पंथ से तौबा कर आत्मसमर्पण कर दिया है। वही विभिन्न घटनाओं में शामिल रहे 310  नक्सलियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। आत्मसमर्पित नक्सलियों को आत्मसमर्पण व पुनर्वास नीति के तहत 25 -25 हजार रुपये नगद प्रोत्साहन राशि दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नक्सलियों की खोखली विचारधारा, भेदभाव पूर्ण व्यवहार, उपेक्षा व प्रताड़ना से तंग आकर व शासन की पुनर्वास व आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर भैरमगढ़ एरिया कमेटी अंतर्गत पोमरा आरपीसी डीएकेएमएस अध्यक्ष एक लाख के इनामी मंगू पोटाम पिता दुला उम्र 40 निवासी भट्टूम पारा कुडमेर थाना मिरतुर, बेचापाल आरपीसी मिलिशिया प्लाटून ए सेक्शन सदस्य पायकु तेलम पिता हुंगा तेलम उम्र 35 निवासी धुर्वापारा मदपाल थाना मिरतुर, बेचापाल आरपीसी मिलिशिया प्लाटून सदस्य मीना तेलम पिता बुधरु तेलम उम्र 27 निवासी पटेलपारा मदपाल थाना मिरतुर, राजू तेलम पिता लच्छू तेलम उम्र 30 निवासी धुर्वापारा मदपाल थाना मिरतुर व पोमरा आरपीसी मिलिशिया प्लाटून कमाण्डर मल्लेश पोटाम उर्फ मल्लूम पिता पाण्डु पोटाम उम्र 30 निवासी पटेलपारा मदपाल थाना मिरतुर शामिल है। आत्मसमर्पित नक्सली विभिन्न घटनाओं में शामिल थे। नक्सलियों को आत्मसमर्पण व पुनर्वास नीति के तहत 25 -25 हजार रुपये नगद प्रोत्साहन राशि दी गई। recent visitors 108