जोरदार बारिश से मध्य प्रदेश में लबालब हुए बांध, तवा, भदभदा और कलियासोत डैम के खुले गेट, बारिश का अलर्ट

भोपाल  बड़ा तालाब का लेवल 1666 फीट पहुंचा बड़ा तालाब अब सिर्फ 0.80 फीट खाली सीहोर और भोपाल जिले में तेज बारिश का अलर्ट थोड़ी देर में खोले जाएंगे भदभदा डैम के गेट तेज बारिश होते ही खोल दिए जाएंगे भदभदा डैम के गेट निगम ने गेट खोलने की तैयारियां की पूरी राजधानी में सीजन की 71% हुई बारिश भोपाल में 106 फीसदी बारिश का अनुमान. नर्मदापुरम में नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ते ही तवा डैम के 9 गेट खोले जा चुके हैं. राजधानी और इसके आसपास जिलों में भी गुरुवार शाम से तेज बारिश हो रही है. जिससे बड़ा तालाब भी फुल हो चुका है. जिसके बाद कलियासोत के 10 और भदभदा डैम के 5 गेट, कोलार डैम के 4 गेट खोल दिए गए हैं. यदि इसी तरह से बारिश का सिलसिला जारी रहा तो अन्य डैमों के गेट भी खोलने पड़ेंगे. एमपी में 5 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि 'प्रदेश में अब तक सीजन की 55 प्रतिशत बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 19.7 इंच अधिक है. जून और जुलाई में सामान्य से अधिक बारिश के बाद जुलाई महीने में भी यह सिलसिला जारी रहेगा. एक अगस्त को भी प्रदेश के 23 जिलों में तेज बारिश हुई है. वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि एमपी में मॉनसून ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से सिस्टम स्ट्रांग बना हुआ है. जिससे 5 अगस्त तक पूरे प्रदेश में इसी तरह तेज बारिश का दौर जारी रहेगा.' एमपी के 9 जिलों में रेड अलर्ट, 23 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विज्ञान केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि जुलाई में करीब 106 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान है. शुक्रवार को नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, बैतूल, सीहोर, रायसेन, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहीं जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, कटनी, डिंडौरी, मंडला, गुना, विदिशा, सागर, दमोह, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, टीकमगढ़, सतना, रीवा, मउगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, भोपाल, ग्वालियर, भिंड, श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, निवाड़ी, राजगढ़, आगर-मालवा, हरदा, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. जबकि इंदौर, उज्जैन, देवास, खरगोन, खंडवा समेत अन्य जिलों में हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने और गरज-चमक की संभावना है. ये है प्रदेश में बारिश का हाल बैतूल जिले में बीते 24 घंटे से तेज बारिश हो रही है. इससे तवा नदी का जलस्तर बढ़ते ही सुबह सतपुड़ा डैम के 7 गेट खोले गए. वहीं रायसेन में 36 घंटों से रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है. यहां मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है. भोपाल में गुरुवार शाम से तेज बारिश हो रही है. जिससे नदी-नाले भर चुके हैं. निचली बस्तियों में बाढ़ आने की चेतावनी जारी की गई है. उधर मंडला में नर्मदा नदी खतरे के निशान के उपर बह रही है. यह है मौसम का मौजूदा सिस्टम मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र व उससे लगे बांग्लादेश पर हवा के ऊपरी भाग में बना चक्रवात अब कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित हो गया है. मॉनसून द्रोणिका गंगानगर, रोहतक, हरदोई, बनारस, देहरी, कैनिंग से होकर बंगाल की खाड़ी तक जा रही है. सौराष्ट्र और उससे लगे अरब सागर पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है. उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात है. इसके साथ ही दक्षिणी गुजरात से लेकर केरल तक अपतटीय द्रोणिका बनी हुई है.   recent visitors 119

ओलंपिक में तीन माताओं ने नौकायन में पदक जीतकर बच्चों के साथ मनाया जश्न

पेरिस पेरिस ओलंपिक में तीन माताओं के लिए नौकायन स्पर्धा में पदक जीतने के बाद अपने बच्चों के साथ जश्न मनाना बेहद खास रहा। ब्रिटेन की अनुभवी हेलेन ग्लोवर और न्यूजीलैंड की लुसी स्पूर्स तथा ब्रुक फ्रांसिस बच्चे को जन्म देने के दो साल से भी कम समय के अंदर ओलंपिक पदक जीतने में सफल रहीं। स्पूर्स  तथा  फ्रांसिस की जोड़ी ने महिला युगल स्कल्स में स्वर्ण पदक जीता, जबकि तीन बच्चों की मां ग्लोवर महिला फोर स्पर्धा में रजत पदक हासिल करने में सफल रही। स्पूर्स और फ्रांसिस के जीत दर्ज करने के तुरंत बाद दर्शक दीर्घा में बैठे अपने बच्चों को गोद में उठा लिये। फ्रांसिस ने कहा, ‘‘मैंने उन्हें स्टैंड में देखा और उन्हें गले लगाने में भी कामयाब रही। मुझे लगता है कि वे अपनी मां के वापस आने का इंतजार कर रहे थे।’’ न्यूजीलैंड की ये दोनों खिलाड़ी अपने बच्चों की देखभाल के मुश्किल समय के दौरान एक-दूसरे को प्रेरित करने के लिए अभ्यास सत्र के दौरान बच्चों के गीत गाते थे। वे अपने परिवारों को पेरिस ले आए ताकि प्रतियोगिता पर ध्यान केंद्रित कर सकें। फ्रांसिस ने कहा, ‘‘यह शानदार एहसास है। बच्चों का पालन-पोषण करना आसान नहीं है। हमें इसमें परिवार और दूसरे खिलाड़ियों का भी साथ मिला हैं। यह इसे और भी अधिक खास बनाता है। हमारा परिवार यहां है और हमारे बच्चों को अब यह विरासत देखने को मिलती है।’’ स्पूर्स ने कहा कि उन्हें और फ्रांसिस को प्रतिस्पर्धियों और अन्य टीमों से समर्थन के संदेश मिल रहे थे, जिसमें कहा गया था कि वे उनका कितना सम्मान करते हैं। स्पूर्स ने कहा, ‘‘फ्रांसिस और मेरी स्थिति बिल्कुल एक जैसी है। मुझे लगता है कि हम जानते हैं कि हम दोनों किस दौर से गुजर रहे हैं। इससे हमें अच्छा करने की और अधिक प्रेरणा मिली।’’ ग्लोवर ने अभ्यास के दौरान अपने बच्चों को स्तनपान कराने की चुनौती के बारे में बात की है। वह अपनी रेस पूरी करने के बाद सीधे अपने बच्चों को हाई-फाइव करने गईं। उन्होंने पदक समारोह के बाद भी अपने बच्चों गले लगाया। ग्लोवर ने कहा, ‘‘उन्हें यह (मेरा दूसरे स्थान पर रहना और पदक मिलना) बहुत अच्छा रहा है।’’ ग्लोवर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों को सकारात्मक संदेश देगी। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इसे (स्तनपान) सामान्य बनाना वास्तव में महत्वपूर्ण है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह दिखाता है कि आप (मां बनने के बाद) वापसी कर सकते हैं, चाहे वह कुछ भी हो, चाहे वह काम हो, शौक हो, खेल हो या कुछ और। आप बच्चे होने के बावजूद उत्कृष्टता प्राप्त नहीं कर सकते। मुझे लगता है कि यह समाज के लिए एक संदेश है और महिलाएं जो चाहती हैं वह बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।’’   recent visitors 128

नाबालिग बच्ची के साथ School Teacher की छेड़छाड़, अभिभावकों का हंगामा

भिलाई  डीपीएस रिसाली भिलाई में 12 साल की स्कूली छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। स्‍कूल के टीचर पर बच्‍ची के साथ अश्‍लील हरकत करने का आरोप लगा है। इसको लेकर अभिभावकों ने शुक्रवार को स्‍कूल परिसर में खूब हंगामा किया। मामले में कार्रवाई नहीं होने पर आक्रोशित करीब 150 से अधिक अभिभावकों ने स्कूल का घेराव कर दिया। अभिभावकों ने स्कूल के प्रिंसिपल से भी चर्चा कर घटना को लेकर विरोध जताया। पेरेंट्स का कहना है कि घटना के 27 दिन बाद भी पुलिस ने भी इस मामले में कार्रवाई नहीं की। फिलहाल मौके पर अभिभावकों के साथ पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद है और घटनाक्रम को लेकर चर्चा कर रहे हैं। घटना पांच जुलाई की बताई जा रही है। भिलाई क्षेत्र में घटनाक्रम को लेकर पिछले कुछ दिनों से चर्चा तेज हो गई थी। शुक्रवार को अंतत: अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार सुबह से सभी अभिभावक एक जगह एकत्रित होने लगे। सुबह करीब 10 बजे के आसपास एकत्रित पार्षद भिलाई निवास के सामने से पैदल मार्च करते हुए डीपीएस रिसाली स्कूल के गेट के पास पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे। स्कूल प्रबंधन ने प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों को स्कूल परिसर के भीतर बुलाया। आक्रोशित अभिभावक स्कूल परिसर में प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन कर इस मामले में कार्रवाई की मांग करने लगे। इस दौरान स्कूल के प्राचार्य अभिभावकों से चर्चा करने पहुंचे। अभिभावकों के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। फिलहाल घटनाक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन के अधिकारियों और अभिभावकों के बीच बातचीत चल रही है। मामले को लेकर कंट्रोल रूम भिलाई में आईजी, एसपी की उच्च स्तरीय बैठक भी चल रही है l recent visitors 120

विश्व मुक्केबाजी के अध्यक्ष ने पेरिस ओलंपिक में लैंगिक मुद्दों से निपटने के लिए आईओसी का समर्थन किया

विलेपिंटे (फ्रांस) अगले ओलंपिक में मुक्केबाजी का संचालन करने की उम्मीद लगाने वाले शासी निकाय ‘विश्व मुक्केबाजी’ के प्रमुख बोरिस वान डेर वोर्स्ट ने कहा कि वह पेरिस ओलंपिक में आईओसी (अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति) की पात्रता नीतियों का समर्थन करते हैं।  उन्होंने लैंगिक मुद्दों की गहरी समझ नहीं रखने वालों से इस पर फैसला करने के लिए चिकित्सा पेशेवरों और वैज्ञानिकों पर भरोसा करने की सलाह दी। विश्व मुक्केबाजी के अध्यक्ष वोर्स्ट ने गुरुवार को ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि उनका संगठन स्वास्थ्य और लिंग पर अपनी नीतियों को विकसित करने में हमेशा एथलीटों की सुरक्षा को पहले स्थान पर रखेगा। आईओसी का कार्यबल तोक्यो ओलंपिक के बाद पेरिस में भी मुक्केबाजी का संचालन कर रहा है। विश्व मुक्केबाजी से अभी सीमित संख्या में देश जुड़े है लेकिन उसे 2026 में डकार, सेनेगल में युवा ओलंपिक और 2028 में लॉस एंजिल्स में इस खेल के संचालन का अधिकार मिलने की उम्मीद है। वोर्स्ट आईओसी के ओलंपिक मुक्केबाजी के संचालन के आलोचकों से भी असहमत हैं। उन्होंने अल्जीरिया की महिला मुक्केबाज इमान खेलीफ और ताइवान की लिन यू-टिंग की पात्रता के मामले में आईओसी का समर्थन किया। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह बहुत महत्वपूर्ण है कि जब लोग यहां प्रतिस्पर्धा करने के योग्य हों तो हमें उनका सम्मान करना होगा। यह सभी मुक्केबाजों, यहां शामिल सभी लोगों के लिए बहुत दुखद स्थिति है।’’ आईओसी द्वारा प्रतिबंधित अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ (आईबीए) ने दावा किया कि दोनों मुक्केबाज 2023 विश्व चैंपियनशिप में लिंग पात्रता परीक्षण में विफल रहे थे। दोनों ने हालांकि इससे पहले कई वर्षों तक एमेच्योर मुक्केबाजी में प्रतिस्पर्धा की थी। खेलीफ गुरुवार को इटली की प्रतिद्वंद्वी एंजेला कारिनी के मुकाबले के महज 46 सेकेंड बाद हटने से पेरिस ओलंपिक का पहले दौर का मुकाबला जीत गईं। कारिनी ने कहा कि वह खेलीफ के खिलाफ कोई राजनीतिक भाव भांगिमा नहीं दिखा रही थी लेकिन इस मुकाबले से हटने के बाद उनकी नम आंखें सोशल मीडिया पर वायरल हो गयी और लोगों ने उनके प्रति सहानुभूती दिखायी। वोर्स्ट ने एपी को बताया, ‘‘आज जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सोशल मीडिया से, मीडिया और बाकी सभी से जो दबाव बना वह बहुत मददगार नहीं है। यह हर किसी के दिमाग में घर कर रहा है।’’ खेलीफ और लिन की आलोचना आंशिक रूप से आईबीए की नीतियों और निर्णयों पर आधारित है। आईबीए को नेतृत्व, अखंडता और वित्तीय पारदर्शिता में गड़बड़ी जैसे मामलों को लेकर आईओसी ने 2019 से ओलंपिक से अलग कर दिया है। खेलीफ एमेच्योर मुक्केबाज हैं जिन्होंने आईबीए की 2022 विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता। पिछले साल की विश्व चैम्पियनशिप में उन्हें स्वर्ण पदक मैच से ठीक पहले ‘डिस्क्वालीफाई’ घोषित कर दिया था क्योंकि जांच में दावा किया गया कि उनके टेस्टोस्टेरोन का स्तर बढ़ा हुआ था। आईबीए ने इसी तरह के मामले में लिन से कांस्य पदक वापस ले लिया था। ताइवान और अल्जीरिया दोनों अभी भी आईबीए के सदस्य हैं, लेकिन लिन ने प्यूब्लो ( कोलोराडो) में विश्व मुक्केबाजी के आमंत्रण टूर्नामेंट में भाग लिया था। वह अपना पहला मुकाबला ब्राजील की ओलंपियन जूसिएलेन रोमू से हार गईं थी।   recent visitors 123

पेरिस ओलंपिक के समापन समारोह का हिस्सा होंगे टॉम क्रूज

लॉस एंजिलिस हॉलीवुड सुपरस्टार टॉम क्रूज के 11 अगस्त को पेरिस ओलंपिक के समारोपन समारोह में हिस्सा लेने की उम्मीद है। मिशन इम्पॉसिबल सीरीज, टॉप गन और ऐज ऑफ टुमॉरो जैसी बेहद सफल फिल्मों में काम करने वाले एक्शन हीरो टॉम क्रूज के समापन समारोह में एक स्टंट करने की उम्मीद है जब ओलंपिक ध्वज 2028 ओलंपिक के मेजबान शहर लॉस एंजिलिस को सौंपा जाएगा। ‘डेडलाइन’ प्रकाशन ने विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। ‘डेडलाइन’ ने सूत्रों के हवाले से कहा, ‘‘आप हॉलीवुड प्रोडक्शन की बड़ी भूमिका होने की उम्मीद कर सकते हैं।’’ कार्यक्रम की जानकारी को गोपनीय रखा गया है लेकिन इस दौरान पेरिस की मेयर ऐनी हिडाल्गो ओलंपिक ध्वज को लॉस एंजिलिस की मेयर केरेन बास को सौंपेंगी। हॉलीवुड वेबसाइट ‘टीएमजेड’ ने समापन समारोह में क्रूज के हिस्सा लेने की जानकारी सबसे पहले दी थी। वेबसाइट ने दावा किया था कि अपने एक्शन के लिए पहचाना जाने वाला यह अभिनेता ओलंपिक के लिए ‘बेजोड़ स्टंट’ की योजना बना रहा है। ओलंपिक 2028 का आयोजन लॉस एंजिलिस में 14 से 30 जुलाई तक किया जाएगा। यह शहर इससे पहले 1932 और 1984 में भी ओलंपिक की मेजबानी कर चुका है।   recent visitors 139

सीहोर में अजीबो गरीब मामला सामने आया, शमशान घाट में मृत शरीर की चिता जलाने वाली जगह एक मोटरसाइकिल का अंतिम संस्कार किया

सीहोर सीहोर जिले में अजीबो गरीब मामला सामने आया है. शमशान घाट में मृत शरीर की चिता जलाने वाली जगह एक मोटरसाइकिल का अंतिम संस्कार किया गया. अज्ञात लोगों ने बाइक को लकड़ी और कंडे के बीच रखकर आग के हवाले कर दिया. अब श्मशान में जली हुई बाइक का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. सीहोर जिले स्थित इछावर क्षेत्र के दिवड़िया मार्ग का यह अजीब मामला अब चर्चा का विषय बन गया है. मार्ग के शमशान घाट में चिता जलाने वाली जगह पर बाइक का अंतिम संस्कार किया गया. अज्ञात लोगों ने लकड़ी और कंडों की चिता सजाकर बाइक को आग लगा दी. मामले का पता चलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई. अंतिम संस्कार वाली जगह जली हुई खड़ी बाइक का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. चिता सजाकर जलाई गई बाइक स्थानीय लोगों के अनुसार, ऐसी घटना को वाहन चोरों ने अंजाम दिया होगा. श्मशान घाट में असामजिक तत्वों का यहां जमावड़ा रहता है. घाट में चीता जलाने वाली जगह बाइक का अंतिम संस्कार किए जाने का अजीब मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में भी आया है. मामले में इछावर थाना प्रभारी बृजेश कुमार ने aajtak को फोन कॉल पर बताया कि मीडिया के माध्यम से मामला संज्ञान में आया है, लेकिन अभी तक इसमें किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है. कुछ शिकायत आती है तो पुलिस कार्रवाई करेगी. recent visitors 108

भारतीय पहलवान ‘3-4 पदक’ जीत सकते हैं : साक्षी मलिक

नई दिल्ली जैसे ही भारतीय पहलवान 2024 ओलंपिक खेलों में अपने अभियान शुरू करने के लिए तैयार हो रहे हैं, ओलंपिक कांस्य पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक को लगता है कि टीम अगले कुछ दिनों में पेरिस में 3-4 पदक जीतने की क्षमता रखती है। गुरुवार को आईएएनएस से बातचीत में साक्षी ने विनेश फोगाट (50 किग्रा), अंतिम पंघाल (53 किग्रा), अंशू मलिक (57 किग्रा), निशा (68 किग्रा) और एकमात्र पुरुष पहलवान अमन सहरावत (57 किग्रा) से पदक लेकर घर लौटने की उम्मीद जताई। उनके अलावा 76 किग्रा वर्ग में रीतिका हुडा भी पेरिस ओलंपिक में पदार्पण करेंगी। कुश्ती में पहली बार वरीयता शामिल किए जाने से अंतिम और अमन को अपने-अपने भार वर्ग में चौथी और छठी वरीयता दी गई है। वहीं, अन्य भारतीय इस चतुष्कोणीय मेगा इवेंट में गैरवरीयता प्राप्त हैं। उन्होंने कहा, “इस बार, मुझे लगता है, हम कुश्ती में 3-4 पदक जीत सकते हैं क्योंकि विनेश, अंतिम, अंशू और मेरी जूनियर निशा वहां हैं। अमन एक युवा और होनहार पहलवान है। इसलिए, हम 3-4 पदक की उम्मीद कर सकते हैं।” साक्षी, जो ब्राजील के रियो डी जेनेरो में 2016 के खेलों में ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनीं, ने कहा कि वह ओलंपिक में होने के एहसास को मिस कर रही हैं। भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह द्वारा महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के खिलाफ उनके लंबे विरोध के बावजूद, ओलंपिक पदक विजेता ने कहा कि उन्हें खेल से अलग किया जा रहा है और अगर बृज भूषण और उनके सहयोगियों को संगठन से हटा दिया जाता तो चीजें अलग होतीं । पिछले साल कुश्ती से संन्यास लेने वाली 28 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा, “हां, मुझे ओलंपिक की याद आती है क्योंकि मैं इसे टीवी पर देख रही हूं। जो भी संन्यास ले चुका है उसे ऐसा ही लगता है। कुश्ती में, एक एथलीट का करियर अन्य खेलों की तुलना में बहुत छोटा होता है। मैं अपना काम कर रही हूं लेकिन मुझे इसकी याद आती है ओलंपिक गांव में रहने, वहां खेलने और एथलीटों से मिलने का एहसास। अगर कुश्ती में कुछ सुधार होता और यह बृज भूषण और उनके सहयोगियों के नियंत्रण में नहीं होता, तो मुझे अपना मूल्य मिल जाता। एक लंबी लड़ाई के बाद भी हमें कोई ध्यान नहीं मिल रहा है और हमें खेल से अलग कर दिया गया है। ” साक्षी ने कहा, “मैं ओलंपिक पदक जीतने वाली एकमात्र महिला पहलवान हूं, इसलिए मेरी भागीदारी वहां होनी चाहिए थी। मैं मैच देखने के लिए पेरिस जाती। इसलिए, मुझे इन सभी चीजों की बहुत याद आती है।” भारत ने कुश्ती में सात ओलंपिक पदक जीते हैं, जिसमें 1952 के हेलसिंकी खेलों में केडी जाधव द्वारा जीता गया देश का पहला व्यक्तिगत पदक भी शामिल है। सुशील कुमार बीजिंग 2008 में कांस्य पदक के साथ ओलंपिक पदक जीतने वाले दूसरे पहलवान बने। इसके बाद उन्होंने लंदन 2012 में रजत पदक जीतकर इसमें सुधार किया और ओलंपिक में लगातार दो व्यक्तिगत पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए। भारत ने पिछले चार ओलंपिक में से प्रत्येक में कम से कम एक कुश्ती पदक जीता है। टोक्यो 2020 में रवि कुमार दहिया (रजत) और बजरंग पुनिया (कांस्य) ने देश का नाम रोशन किया। पेरिस ओलंपिक कुश्ती प्रतियोगिताएं 5 अगस्त से 11 अगस्त तक 10,000 वर्ग मीटर में फैली एक अस्थायी संरचना, चैंप-डी-मार्स एरिना में होने वाली हैं।   recent visitors 113