सुरक्षा में तैनात होंगी पांच कंपनियां, छत्तीसगढ़-रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में लगी आदर्श आचार संहिता

रायपुर। रायपुर दक्षिण उप चुनाव का बिगुल बज चुका है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने उप चुनाव की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि केवल विधानसभा क्षेत्र में ही आदर्श आचार संहिता लागू होगी. नगर निगम और महानगर होने के कारण पूरे जिले में आदर्श आचार संहिता नहीं लागू होगी. मतदान के दौरान पांच कंपनियां तैनात रहेगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि 18 से 25 अक्टूबर तक नामांकन भरा जाएगा. 13 नवंबर को मतदान के बाद 23 नवंबर को मतगणना होगी. क्षेत्र के 2 लाख 70 हजार मतदाता विधायक के तौर पर विधानसभा के लिए अपना प्रतिनिधि चुनेंगे. रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 2,70,936 हैं, जिनमें से 1,33,713 पुरुष और 1,37,171 महिला मतदाता शामिल हैं. इनके अलावा तृतीय लिंग के 52 मतदाता पंजीकृत हैं. विधानसभा क्षेत्र में सेवा मतदाताओं की संख्या 59 है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 253 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जिनमें से 10 संगवारी मतदान केंद्र, 5 आदर्श मतदान केंद्र और 5 युवा मतदान केंद्र होंगे. 227 मतदान केंद्र में लाइव स्क्रीनिंग होगी. मतदान के दौरान सुरक्षा के लिए 5 कंपनियां तैनात की जाएगी. recent visitors 68

क्रिकेटर सूर्य कुमार और ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर होंगी शामिल, छत्तीसगढ़ में वन खेलकूद प्रतियोगिता आज से

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 16 से 20 अक्टूबर तक अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित होने वाली है। इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रतियोगिता के उद्घाटन में भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्य कुमार यादव शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन रायपुर के कोटा स्थित स्टेडियम में होगा। वहीं 20 अक्टूबर के समापन कार्यक्रम में ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर शामिल होगी। इस आयोजन में दो स्टार खिलाड़ियों की उपस्थिति से विभिन्न राज्यों से आने वाले वन विभाग के प्रतिभागियों  में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस आयोजन की नोडल अधिकारी शालिनी रैना (मुख्य वन संरक्षक मानव संसाधन व आईटी) ने बताया कि यह एक वृहद और प्रतिष्ठित आयोजन है जो कि वनों की सुरक्षा और वन्य प्राणियों के संरक्षण को लेकर समर्पित है, जिसमें देशभर के अनेक प्रतिभागी शामिल होने वाले हैं। सभी खिलाडियों के लिए रहेगी ये व्यवस्था सभी खिलाड़ियों के ठहरने और खेल आयोजन में शामिल होने की व्यवस्था की गई है। राजधानी के विभिन्न स्पोर्ट्स ग्राउंड्स में अनेक आयोजन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों से आने वाले प्रतिभागियों को यह पूरा आयोजन और छत्तीसगढ़ प्रदेश का अतिथि सत्कार पसंद आएगा। देशभर से प्रतिभागी होंगे शामिल 27वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में देशभर से करीब तीन हजार से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सतत प्रयासरत है। सीएम ने कही ये बात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी वीडियो जारी कर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले देशभर के वन सेवा के अधिकारी और कर्मचारियों को बधाई देते हुए आयोजक वन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को शुभकामनाएं प्रेषित की है। उन्होंने क्रिकेटर सूर्य कुमार यादव और ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर के छत्तीसगढ़ आगमन पर भी हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के आने से कार्यक्रम की शोभा बढ़ेगी। युवाओं और खिलाड़ियों के लिए यह एक सुअवसर होगा। recent visitors 107

भविशा ने 141 सेकेण्ड में गिनाईं 100 देशों की राजधानियां, छत्तीसगढ़-रायपुर की नन्ही बेटियों ने बनाए वर्ल्ड रिकॉर्ड्स

रायपुर. राजधानी रायपुर की दो सगी बहनों ने विश्व रिकॉर्ड बनाया है. 6 साल की भव्या और 3 साल की भविशा कोटडिया दोनों ही बहने बहुत अद्भुत है. नन्ही सी भविशा कोटडिया ने 2 मिनट और 21 सेकंड के आश्चर्यजनक समय में 100 देशों की राजधानियों के नाम सुनाकर विश्व रिकार्ड बनाया है. भविशा ने यह इतिहास 26 फरवरी 2024 को रचा, जब वह महज 2 साल, 11 महीने और 10 दिन की थी. उसने 141 सेकेंड में 100 देशों की राजधानियों के नाम बताकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. भव्या कोटडिया – वहीं 28 फरवरी को भव्या कोटडिया की उम्र केवल 6 साल, 3 महीने और 5 दिन की थी, जब उसने 1 मिनट और 35 सेकंड के आश्चर्यजनक समय में 50 आविष्कारों और आविष्कारक का नाम सुनाकर वर्ड रिकॉर्ड बनाया. ऐसे बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड – भविशा और भव्या के लिए विश्व रिकॉर्ड तोड़ने का सफर आसान नहीं था. अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और घंटों समर्पित अभ्यास के साथ, दोनों बहनों ने अपनी याद रखने के शक्ती (मैमोरी पॉवर) को बढ़ाया और कठिन जानकारियों को आसानी से याद करने की कला में महारथ हासिल की. जानकारी को बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर तुरंत उसे पुनः प्राप्त करने की उनकी क्षमता ने भविशा और भव्या को अपने साथियों से अलग बना दिया और उनकी रिकॉर्ड- ब्रेकिंग उपलब्धि का मार्ग प्रशस्त किया. कोटडिया बहनों की रिकॉर्ड ब्रेकिंग उपलब्धि ने उन्हें वर्ल्डवाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में एक अच्छी-खासी पहचान दिला दी है. recent visitors 56

3 महीने अलग-अलग दिन रद्द रहेगी छपरा- दुर्ग ट्रेन, छत्तीसगढ़-रायपुर में बढ़ेगी यात्रियों की समस्या

रायपुर. रेलवे अब मौसम वैज्ञानिक भी बन गया है. आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा, यह रेलवे को महीनों पहले से पता रहता है. यह हम नहीं कह रहे हैं, रेलवे द्वारा पूर्वानुमान लगाकर ट्रेनों को रद्द करना बता रहा है. रेलवे के अनुसार दिसंबर से फरवरी तक घना कोहरा रहेगा. छत्तीसगढ़ की सबसे महत्वपूर्ण ट्रेनों में एक सारनाथ एक्सप्रेस को 3 माह के लिए अलग-अलग दिनों में रद्द कर दिया गया है. 2 दिसंबर से 27 फरवरी तक अलग अलग दिनों में 15159/15160 छपरा- दुर्ग-छपरा नहीं चलेगी. हजारों यात्रियों ने महीनों पूर्व इस ट्रेन में कंफर्म टिकट ली थी लेकिन अब सभी टिकट रद्द हो गई है. इसकी वजह से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. सबसे ज्यादा पिंडदान करने प्रयागराज जाने वाले यात्री हलाकान होंगे. रेलवे ने 15159 छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस दिसंबर माह में 02, 04, 07, 09, 11, 14, 16, 18, 21, 23, 25, 28 एवं 30 दिसम्बर, जनवरी माह में 01, 04, 06, 08, 11, 13, 15, 18, 20, 22, 25, 27 एवं 29 जनवरी और फरवरी माह में 01, 03, 05, 08, 10, 12, 15, 17, 19, 22, 24 एवं 26 फरवरी को नहीं चलेगी. इसी तरह 15160 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस को दिसम्बर माह में 03, 05, 08, 10, 12, 15, 17, 19, 22, 24, 26, 29 एवं 31 दिसंबर, जनवरी माह में 02, 05, 07, 09, 12, 14, 16, 19, 21, 23, 26, 28 एवं 30 जनवरी और फरवरी माह में 02, 04, 06, 09, 11, 13, 16, 18, 20, 23, 25 एवं 27 फरवरी, 2025 को यह गाड़ी नहीं चलेगी. recent visitors 63

करंट लगने से लाइनमैन की मौत, छत्तीसगढ़-रायपुर में बिजली सब स्टेशन में बड़ा हादसा

रायपुर। राजधानी के मठपुरैना स्थित बिजली विभाग के सब स्टेशन में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां खंभे पर चढ़कर मरम्मत कार्य के दौरान करंट लगने से एक लाइनमैन की मौत हो गई. यह ममला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है. मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 15 अक्टूबर दोपहर करीब 12 बजे की है. मठ पुरैना स्थित एसटीएम वन का लाइनमैन दिलीप जघेल जो ग्राम परसदा का निवासी था. वह 33/11 केवी सब स्टेशन में मरम्मत का काम कर रहा था. इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया. करंट लगने से उसके दोनों हाथ झुलस गए और नीचे गिरने से सिर में गंभीर चोट लग गई. आनन-फानन में बिजली सब स्टेशन के स्टाफ ने घायल कर्मी को कालड़ा नर्सिंग होम, पचपेड़ी नाका में भर्ती कराया. जहां इलाज के दौरान शाम करीब 7:30 बजे उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना टिकरापारा थाने में दी गई. बताया जा रहा है कि 11 केवी की एक वीसीबी को बैकफिट कर कंट्रोल रूम की बिजली आपूर्ति शुरू की गई थी. इसी दौरान लाइनमैन दिलीप जंघेल गलती से उसी वीसीबी डीसीबी पर काम करने चला गया, जिससे वह दुर्घटना का शिकार हो गया. सब स्टेशन में इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हो गई, जिसके कारण लाइनमैन की मौत हो गई. यह जांच का विषय है. recent visitors 125

आज कोर्ट में होगा पेश, छत्तीसगढ़-रायपुर आधी रात को लाया गया झारखंड का गैंगस्टर अमन साहू

रायपुर। कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू को आधी रात कड़ी सुरक्षा के बीच झारखंड से रायपुर लाया गया. इस ऑपरेशन में झारखंड और छत्तीसगढ़ के 30 से अधिक अतिरिक्त पुलिस बल के साथ कड़ी सुरक्षा में रायपुर लाया गया. अमन साहू को प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया है और फिलहाल उसे रायपुर क्राइम ब्रांच के ऑफिस में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है. अमन साहू को आज कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी. अमन साहू पर रायपुर के तेलीबांधा इलाके में एक कारोबारी के ऑफिस के बाहर गोलीबारी कराने का आरोप है. इस मामले में पहले ही पुलिस ने गैंग की एक महिला सदस्य समेत 12 अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस अमन साहू को आज कोर्ट में पेश करेगी और उसकी रिमांड की मांग करेगी, जिससे गोलीकांड में और भी जानकारी हासिल की जा सके. झारखंड में अमन के खिलाफ दर्ज हैं दर्जनों मामले – अमन के खिलाफ झारखंड में दर्जनों मामले दर्ज हैं. हर दूसरे-तीसरे दिन झारखंड के अलग-अलग कोर्ट में वर्चुअल सुनवाई होती है. इसके साथ ही वह हार्डकोर अपराधी है. इस लिहाज से गिरिडीह जेल प्रशासन अमन की पेशी और सुरक्षा का हवाला देकर अमन को प्रोटेक्शन वारंट में भेजने से बचती है. यह है पूरी घटना — तेलीबांधा थाने के पास स्थित कंट्रक्शन कंपनी पीआरए ग्रुप के ऑफिस के बाहर 13 जुलाई 2024 को करीब 11 बजे पल्सर बाइक सवार दो शूटरों ने दफ्तर के बाहर पार्किंग एरिया में फायरिंग की. वहीं फायरिंग की आवाज सुनकर कार में बैठे कारोबारी के ड्राइवर और कर्मचारी घबरा गए और जान बचाकर ऑफिस के अंदर भागे. फायरिंग की आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मियों ने भी जवाबी फायरिंग में 2 से 3 राउंड गोली चलाई. घटना के बाद नकाबपोश शूटर्स मौके से फरार हो गए. जिसके बाद आरोपियों को पकड़ने पुलिस ने पूरे शहर में नाकेबंदी की. वहीं गोली चलाने वाले युवकों की बाइक JH 01 DL 4692 को तेलीबांधा क्षेत्र से बरामद किया गया. गोलीकांड मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने झारखंड और पंजाब में स्पेशल टीम गठित कर कार्रवाई की. इस कार्रवाई में पुलिस ने दोनों राज्यों से अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. recent visitors 62

दूसरे नाम से अब हो रहा संचालन, छत्तीसगढ़-रायपुर में आयुष्मान योजना में मनमानी पर जिस हॉस्पिटल को करवाया बंद

रायपुर. रायपुर के आरंग ब्लॉक में स्वास्थ्य विभाग की नाकामी देखने को मिल रही है. बीते महीनों में जिस अस्पताल पर भारी गड़बड़ी के चलते कार्रवाई की गई, उसे अब दूसरे नाम से संचालित किया जा रहा है. पहले ये अस्पताल सांई हॉस्पिटल के नाम से संचालित किया जा रहा था. जहां नियमविरुद्ध महिलाओं के गर्भाशय निकालने, गलत जांच रिपोर्ट बनाकर मरीजों की सर्जरी करना, आयुष्मान कार्ड में भारी गड़बड़ी करने जैसे नियमविरुद्ध काम धड़ल्ले से किये जा रहे थे. स्वास्थ्य विभाग ने इस पर कार्रवाई की तो सांई हॉस्पिटल और राव पैथालॉजी के संचालक ने अस्पताल का नाम बदलकर राव मल्टी सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल रख दिया और फिर से उसी हॉस्पिटल को संचालित किया जाने लगा. इस अस्पताल के संचालक राजू साहू ने स्वास्थ्य सेवा के नाम पर केवल गलत ढंग से पैसे कमाने का जरिया बना कर रखा है. आरंग के कालेज चौक पर स्थित यह हॉस्पिटल पहले सांई समर्थ हॉस्पिटल के नाम से संचालित हो रहा था. सबसे पहले यहां आयुष्मान कार्ड में लापरवाही बरतने पर जुर्माना लगाया गया. जुर्माना लगने पर इसका नाम सांई हॉस्पिटल में बदल गया, फिर सांई हॉस्पिटल पर आरंग तहसीलदार सीता शुक्ला और आरंग बीएमओ डॉ. विजय लक्ष्मी अनंत ने कार्रवाई की. कार्रवाई के बाद अब यह हॉस्पिटल राव मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में बदल दिया गया है. बता दें, 24 सितंबर 2024 को शिकायत के आधार पर आरंग तहसीलदार सीता शुक्ला, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय लक्ष्मी अनंत ने संयुक्त रूप से सांई हॉस्पिटल का निरीक्षण किया था. निरीक्षण के दौरान हॉस्पिटल में भारी गड़बड़िया मिली थी. हॉस्पिटल में ईलाज के नाम पर महिला मरीजों का गर्भाशय नियम विरुद्ध निकाला जाता था, हॉस्पिटल के पैरामेडिकल स्टाफ नर्सिंग होम एक्ट के अनुसार सक्षम नही थे. गलत डायग्नोसिस करके मरीजों को सर्जरी के लिए बोला जाता था. वहीं जहर खुरानी और दुर्घटनाओं जैसे कई मामलों पर संबंधित थाना को सूचित नहीं करते थे. जांच के बाद अधिकारियों ने हॉस्पिटल को एक सप्ताह के भीतर बंद करने के लिए कहा था. लेकिन इसके विपरित अब उसी हॉस्पिटल को ‘ राव मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल’ के नाम से संचालित किया जा रहा है. जांच कार्रवाई होने के बाद भी लगातार नाम बदलकर संचालित किये जा रहे अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर हॉस्पिटल को संरक्षण देने के आरोप लग रहे हैं. नियम विरुद्ध गर्भाशय निकालने जैसे गंभीर मामले में अभी तक संचालक और संबंधित डॉक्टर के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होना संचालक और स्वास्थ्य विभाग में साठगांठ की ओर इशारा कर रहा है. मरीजों की जान से खिलवाड़ करने और गरीब जनता की जेब में डाका डालने वाले अस्पताल और संचालक पर कार्रवाई न होने से लोगों का स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से विश्वास उठने लगा है. इसे लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा नाराजगी नजर आ रही है. हालांकि जिले से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी अवैध रूप से संचालित हॉस्पिटल और दोषी संचालक पर जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दे रहे हैं. गौर करने वाली बात यह भी है कि जब CMHO कार्यालय से 8 अगस्त 2024 को सांई हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया, उस दौरान भी कई खामियां पाई गई थी. जिसके बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने ही 20 अगस्त 2024 को हॉस्पिटल का संचालन बंद करने का आदेश दिया था. उसके बाद भी हॉस्पिटल का संचालन बेधड़क जारी था. ऐसे में अब सीएमएचओ इस हॉस्पिटल और संचालक राजू साहू पर कार्रवाई करते हैं या नहीं, यह देखने वाली बात होगी. recent visitors 74