रावण दहन की तैयारियों के बीच हादसा, छत्तीसगढ़-रायपुर में करंट से एक की मौत और दूसरा गंभीर

रायपुर। राजधानी रायपुर के डब्ल्यूआरएस(WRS) कॉलोनी स्थित रावण मैदान में एक बड़ा हादसा हो गया. रावण दहन के लिए मंच निर्माण के दौरान एक कर्मचारी करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना से मौके पर हड़कंप मच गया. हादसे के बाद घायल व्यक्ति को आनन-फानन में एंबुलेंस से मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी. जानकारी के अनुसार, डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित रावण मैदान आज रावण दहन के लिए भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था. वहीं स्टेज पर एक कर्मचारी परमानंद ध्रुव (37 वर्ष) काम कर रहा था तभी अचानक उसे बिजली का झटका लगा, जिससे वह ऊपर से नीचे गिर पड़ा. हादसे के बाद वहां मौजूद उसका साथी उसकी हालत देखकर बेहोश हो गया. करंट लगने से अचेत हुए परमानंद को मौके पर सीपीआर दिया गया और तुरंत एंबुलेंस से मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी. वहीं मौके पर बेहोश हुए मृतक का साथी मेकाहारा अस्पताल में पिछले दो घंटे से मेडिसिन विभाग में भर्ती है. कर्मचारी परमानंद ध्रुव की मौत का कारण बिजली का झटका था या कार्डियक अरेस्ट. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. recent visitors 56

मुख्यमंत्री साय ने दिए संदेश, छत्तीसगढ़-रायपुर में 101 फीट का रावण दहन और जमकर हुई आतिशबाजी

रायपुर. छत्तीसगढ़ में बड़ी धूमधाम से दशहरा का पर्व मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में रावण दहन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर भगवान श्रीराम के जयकारे के बीच रिमोट का बटन दबाकर रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाथ के विशालकाय पुतले का दहन किया। कार्यक्रम स्थल पर आतिशबाजी और उत्सव का माहौल रहा। उपस्थित लोगों ने रावण दहन के बाद हर्षोल्लास के साथ एक-दूसरे को विजयादशमी की बधाई दी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के मैदान में दशहरा पर्व के अवसर पर हजारों की संख्या में जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है। हम लोग हर साल रावण का वध करते है, परंतु इस पर्व की सार्थकता तभी है, जब हम काम, क्रोध, मद, लोभ रूपी रावण, जो हमारे मन में है, उसका वध करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि माता कौशल्या की नगरी और भांचा श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में रावण रूपी जो भी बुराई है, उसको हम सब मिलकर दूर करने का संकल्प लेना होगा। सीएम साय ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को विजयादशमी पर्व की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बीते 53 वर्षों से डब्ल्यूआरएस कालोनी में रावण वध का कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। इस साल का यह कार्यक्रम हम सब लोगों के लिए विशेष है क्योंकि 500 सालों के बाद छत्तीसगढ़ के भांचा भगवान श्रीराम जो भव्य मंदिर में प्रतिष्ठित हुए है। यह हम सबके लिए गौरव और प्रसन्नता की बात है। रावण वध का कार्यक्रम पारंपरिक ढंग आयोजित हुआ। इस मौके पर भगवान राम और रावण की युद्ध गाथा का मंचन हुआ और अंत में रावण के विशालकाय पुतले का दहन कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।  recent visitors 114

RERA का आधारशिक्षा डेव्हलपर्स को आदेश, छत्तीसगढ़-रायपुर की साम्राज्य रेसीडेन्सियल सोसायटी को 45 दिनों में हस्तांतरित करें

रायपुर। साम्राज्य रेसीडेन्सी खमतराई के रहवासियों की शिकायत पर छत्तीसगढ़ भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) ने आधारशिला डेव्हलपर्स के खिलाफ आदेश पारित किया है. इसमें 45 दिनों के भीतर सौर ऊर्जा संयंत्र सोसायटी को हस्तांतरित कर विद्युत ऑडिट कराते हुए जरूरत के हिसाब से ट्रांसफार्मर की क्षमता को अपग्रेड करने कहा है. इसके अलावा सोसायटी के पक्ष में अन्य आदेश भी दिए हैं. साम्राज्य रेसीडेन्सी रेसीडेन्सियल को-ऑपरेटिव्ह सोसायटी की आधारशिला डेव्हलपर्स के खिलाफ रेरा में शिकायत दर्ज कराई थी. इसमें प्रोजेक्ट के ब्रोशर का जिक्र करते हुए बताया गया कि उन्हें शॉपिंग कार प्लेक्स, इन्डोर गेम्स, अल्पाहार, क्लब हाउस, उद्यान, शिशु सदन, व्यायाम शाला, योग एंव ध्यान, पुस्तकालय, सामुदायिक भवन तथा सुरक्षात्मक एवं पर्यावरण अनुकूल विशेषतायें, सीसीटीवी, गार्ड, अग्निशामक, पर्याप्त पार्किंग तथा वर्षाजल संग्रहण, भू-दृश्य, सामान्य क्षेत्रों में लाइटिंग तथा उक्त प्रोजेक्ट में सघन वृक्षारोपण का वचन दिया गया था. लेकिन फ्लेटों की सुपुर्दगी के बाद बहुत सारी सुविधाएं प्रदान नहीं की गई. इनमें आधारभूत सुविधायें जल निकास एवं मल निकास प्रणाली, वैकल्पिक जलापूर्ति, एसटीपी, वर्षाजल संग्रहण इत्यादि पर्याप्त रूप से अनावेदक ने नहीं बनवाया, और न ही सुधारा गया. इसके अलावा क्लब हाउस को उचित रूप से अनुरक्षित नहीं किया गया है. इसके अलावा पुस्तकालय को व्यक्तिगत कार्यालय स्थल के रूप में उपयोग किया जा रहा है. इसके अलावा प्रोजेक्ट की सुविधाओं में कई कमियां है. पक्ष को सुनने के बाद रेरा अध्यक्ष संजय शुक्ला और सदस्य धनंजय देवांगन ने आदेश जारी किया. इसमें 45 दिनों के भीतर सोसायटी के उपयोग के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र हस्तांतरित करने, विद्युत ऑडिट कर आवश्यकतानुसार ट्रांसफार्मर की क्षमता अपग्रेड करें, जिससे रहवासियों को थ्री फेस विद्युत की सुविधा प्राप्त हो सके. झूला घर की व्यवस्था करने. अनावेदक टैरेस में आये हुए क्रेक को 45 दिवस के भीतर ठीक कराए. 45 दिनों में क्लब हॉउस का हस्तांतरण करने और कॉलोनी हस्तांतरण संबंधी समस्त कार्रवाई पूरी कर रहवासियों को कॉलोनी का विधिवत् आधिपत्य सौंपने की बात शामिल है. recent visitors 80

कारोबारी पहुंचे GST दफ्तर, छत्तीसगढ़-रायपुर में आगरा से अज्ञात मालिक की 928 किलो चांदी पहुंची

रायपुर। राजधानी रायपुर के मौदहापारा इलाके में पुलिस को चेकिंग के दौरान एक मालवाहक वाहन से 928 किलो चांदी की सिल्लियां मिली थीं। पुलिस ने मालवाहक वाहन में बैठे युवक सन्नी कुमार सिंह से चांदी से संबंधित कोई वैध डॉक्यूमेंट मांगा, लेकिन वह नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने सन्नी के कब्जे से 51 कार्टूनों में बंद चांदी की सिल्लियों को जब्त कर छत्तीसगढ़ कमर्शियल टैक्स (GST) को सौंप दिया था। इस घटना को आज पूरे दो दिन हो गए हैं, लेकिन विभाग के अधिकारी अभी तक चांदी के मालिकों का पता नहीं लगा पाए हैं। सूत्रों के मुताबिक, चेकिंग में जब्त की गई इस चांदी का बड़ा हिस्सा शहर के कुछ व्यापारियों का है। इस खेप को आगामी दिवाली त्योहार के लिए पिघलाकर आभूषण बनाने के लिए अवैध तरीके से रायपुर लाया गया था। यह खेप सही ठिकानों पर पहुंचने से पहले ही चेकिंग के दौरान पुलिस के हाथ लग गई। इसके बाद आज दो कारोबारियों ने GST दफ्तर पहुंचकर इस चांदी के बारे में पूछताछ की है। बता दें कि जिस ट्रांसपोर्टर सन्नी कुमार सिंह की गाड़ी से यह चांदी का जखीरा बरामद हुआ है, वह डेली बुकिंग पर माल लाना-ले जाना करता है। GST विभाग के अधिकारियों के अनुसार 51 कार्टून में से केवल 11 के बिल और 12 की बिल्टी हैं। माना जा रहा है कि माल के खरीददार और विक्रेता ने कुछ बिल वाले माल के साथ शेष का लेनदेन बिना बिल के किया है। सभी की बिलिंग आगरा से की गई है। इसके बावजूद अधिकारी मालिकों का नाम बताने से बच रहे हैं। recent visitors 79

बंगाली परंपराओं की दिखी झलक, छत्तीसगढ़-रायपुर कालीबाड़ी में भव्य आरती के साथ हुई मां दुर्गा की पूजा

रायपुर। राजधानी के कालीबाड़ी स्थित बंगाली मंदिर पूजा पंडाल में माता की भव्य आरती की गई. देवी मां के मुख खोलने के पश्चात बंगाली आरती से पूजा-अर्चना की गई. इसके बाद लगभग 100 मातृ शक्तियों ने धूप दान लेकर ढ़ाकी के साथ मां दुर्गा की पूजा की, जिसमें सैकड़ों की संख्या में भक्त शामिल हुए. महिलाओं ने पूजा एवं मां दुर्गा के आह्वान के दौरान उल्लू की ध्वनि निकालकर मां दुर्गा के जयकारे लगाए. मान्यता है कि जैसे शंख की ध्वनि को पवित्र माना जाता है, वैसे ही बंगाली समाज में जब भी कोई शुभ कार्य किया जाता है, तब समाज की महिलाएं उल्लू की ध्वनि निकालकर जयकारे लगाती हैं. मां दुर्गा के साथ-साथ भगवान गणेश, देवी लक्ष्मी, स्वामी कार्तिकेय और देवी सरस्वती की भी विधिवत पूजा-अर्चना की गई. पंडाल को रंग-बिरंगी एलईडी लाइट्स से सजाया गया है. संध्या आरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा. बता दें कि राजधानी रायपुर के काली बाड़ी स्थित बंगाली माता दुर्गा मंदिर में पिछले कई वर्षों से मां दुर्गा विराजती हैं. बंगाली वेशभूषा में महिलाएं यहां पूजा-अर्चना करती हैं, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त माता दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. recent visitors 116

मिलावटी शराब व ओवर रेटिंग की थीं शिकायतें, छत्तीसगढ़-रायपुर से आबकारी उपायुक्त सहित 34 अधिकारियों को हटाया

रायपुर। राजधानी में ओवर रेटिंग और मिलावटी शराब की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच आबकारी विभाग ने राजधानी में पदस्थ आबकारी उपायुक्त विकास कुमार गोस्वामी को हटा दिया है. उनकी जगह अब रामकृष्ण मिश्रा को रायपुर का मुख्य उपायुक्त आबकारी नियुक्त किया गया है. इसके साथ ही आबकारी विभाग ने बड़े पैमाने पर तबादला किया है. आबकारी विभाग के इस ट्रांसफर लिस्ट में 34 उपायुक्त, सहायक आयुक्त आबकारी और जिला आबकारी अधिकारियों के नाम शामिल हैं, जिसमें 16 उपायुक्त और सहायक आयुक्त आबकारी के अलावा 13 जिला आबकारी अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है. recent visitors 61

CGBSE की मुख्य परीक्षा के 30 अक्टूबर तक भरे जाएंगे फॉर्म, छत्तीसगढ़-रायपुर में 10वीं-12वीं के छात्रों को राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्वाध्यायी परीक्षार्थियों के लिए हाईस्कूल और हायर सेकंडरी मुख्य परीक्षा 2025 के परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर 2024 से बढ़ाकर 30 अक्टूबर 2024 कर दी है। इस अवधि में, छात्र विशेष विलंब शुल्क ₹1540 प्रति छात्र के साथ फॉर्म भर सकते हैं। सभी मान्यता प्राप्त संस्थाओं को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन प्रविष्टि और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूरी करें। समय सीमा के बाद पोर्टल फिर से चालू नहीं किया जाएगा। recent visitors 137