दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आज होगी भिड़ंत, होगी नंबर-1 बनने की जंग

नई दिल्ली दिल्ली कैपिटल्स (DC) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले आईपीएल 2025 के मैच में भारत के दो धुरंधर बल्लेबाज विराट कोहली और केएल राहुल तथा आस्ट्रेलिया के दो खतरनाक तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क और जोश हेजलवुड आकर्षण का केंद्र होंगे। आईपीएल में चीजें तेजी से बदल सकती हैं लेकिन मौजूदा फॉर्म को देखते हुए दिल्ली और आरसीबी दोनों के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद है। अरुण जेटली स्टेडियम में दो अंक इस संदर्भ में विजेता टीम को महत्वपूर्ण रूप से मदद करेंगे। नौ मैचों में पांच अर्धशतक लगाने वाले विराट कोहली का यह क्रिकेट में घरेलू मैदान रहा है और विरोधी टीम में होने के बावजूद उन्हें यहां दर्शकों का भरपूर समर्थन मिलने की संभावना है। कोहली इस समय बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं और इस मैच में वह आकर्षण का मुख्य केंद्र होंगे। कोहली ने परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी करके अच्छा प्रदर्शन किया है। एक अन्य बल्लेबाज जिसने परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी की है वह राहुल हैं, जिन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे अधिक रन बनाए हैं। राहुल अभी भारतीय टी20 टीम का हिस्सा नहीं है लेकिन आईपीएल में विकेट के आगे और विकेट के पीछे अच्छे प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय चयन समिति निश्चित तौर पर उनके नाम पर विचार करेगी। ऑस्ट्रेलिया के दो तेज गेंदबाज हेजलवुड और स्टार्क पहले ही दिखा चुके हैं कि वे अपनी-अपनी आईपीएल टीमों के लिए कितना महत्व रखते हैं। हेजलवुड टूर्नामेंट में 16 विकेट के साथ सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने पिछले मैच में 19वें ओवर में शानदार प्रदर्शन करके आरसीबी की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उनके हमवतन स्टार्क भी प्रभाव छोड़ने में पीछे नहीं रहे हैं। संयोग से उन्होंने भी राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करके अपनी टीम को जीत दिलाई थी। इसे देखते हुए कम से कम यह तो कहा ही जा सकता है कि उनका द्वंद्व रोमांचक होगा। अगर स्पिन विभाग की बात करें तो दिल्ली के कुलदीप यादव ने पूरे आईपीएल में बीच के ओवरों में अपनी गुगली से बल्लेबाजों को परेशान किया है और विपक्षी टीम को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। आठ मैचों में 12 विकेट लेने के अलावा, बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर ने 6.50 रन प्रति ओवर की किफायती दर से रन दिए हैं। आरसीबी के बल्लेबाजों के लिए उनका सामना करना आसान नहीं होगा। दिल्ली के रहने वाले सुयश शर्मा ने भी आरसीबी की तरफ से अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। वह स्थानीय परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित हैं जिसका फायदा वह दिल्ली के बल्लेबाजों के खिलाफ उठाना चाहेंगे। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने आगे बढ़कर नेतृत्व किया है। भले ही उन्होंने चोट के कारण प्रतियोगिता में बहुत अधिक गेंदबाजी नहीं की है, लेकिन पिछले मैच में उन्होंने अपने ओवरों का पूरा कोटा पूरा किया जो टीम के लिए एक और सकारात्मक संकेत है। क्रुणाल पांड्या आरसीबी के लिए इसी तरह की भूमिका निभाएंगे। नौ मैचों में 12 विकेट लेने वाले बाएं हाथ के स्पिनर ने अपनी नई फ्रेंचाइजी के लिए अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। जेक-फ्रेजर मैकगर्क को बाहर करने के बाद से दिल्ली केवल तीन विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेल रहा है तथा पूरी संभावना है कि अभिषेक पोरेल और करुण नायर ही पारी की शुरुआत करेंगे। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे शुरू होगा। दिल्ली कैपिटल्स: करुण नायर, हैरी ब्रूक, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, फाफ डु प्लेसिस, ट्रिस्टन स्टब्स, अभिषेक पोरेल, डोनोवन फरेरा, केएल राहुल, अक्षर पटेल (कप्तान), समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, दर्शन नालकंडे, अजय जादव मंडल, विप्रज निगम, मानवंत कुमार एल, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, कुलदीप यादव, दुष्मंथा चमीरा, मिशेल स्टार्क, मोहित शर्मा, टी. नटराजन. मुकेश कुमार. आरसीबी: विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), स्वास्तिक चिकारा, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, फिलिप साल्ट, मनोज भंडागे, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, लियाम लिविंगस्टोन, रोमारियो शेफर्ड, जैकब बेथेल, स्वप्निल सिंह, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, नुवान तुषारा, लुंगी एनगिडी, यश दयाल, रसिख दार सलाम, सुयश शर्मा, मोहित राठी, अभिनंदन सिंह। recent visitors 33

प्रदेश में अवैध परिवहन की रोकथाम के लिये एआई पर आधारित मानव-रहित 41 चेक-गेट होंगे स्थापित

 भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर अवैध खनन भंडारण एवं परिवहन की रोकथाम के लिये ऑर्टिफिशियल इन्टेलिजेंस (एआई)का उपयोग कर खनन निगरानी प्रणाली विकसित की जा रही है। इस प्रणाली के अंतर्गत प्रदेश की समस्त स्वीकृत 7502 खदानों की जियो टेगिंग कर खदान क्षेत्र का सीमांकन किया जा चुका है। सैटेलाइट इमेज एवं रिमोट सेंसिंग टेक्नोलॉजी की सहायता से प्रदेश में हो रहे अवैध उत्खनन एवं भंडारण पर निगरानी रखी जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह प्रणाली खदान क्षेत्र के बाहर हो रहे अवैध उत्खनन का पता लगाने में सक्षम होगी। इसके अंतर्गत एक निश्चित समय अंतराल पर सतत रूप से प्राप्त सेटेलाइट इमेजेस का विश्लेषण कर सिस्टम द्वारा राज्य एवं जिला प्रशासन को अलर्ट भेजे जायेंगे। क्षेत्रीय अमले द्वारा मोबाइल ऐप से परीक्षण एवं निरीक्षण कर पोर्टल अथवा मोबाइल ऐप पर रिपोर्ट दर्ज कर प्रकरण पंजीबद्ध किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर खदान या उसके बाहर ड्रोन सर्वे कर वॉल्युमेट्रिक एनालिसिस से वास्तविक उत्खनित मात्रा का पता लगाकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई कर अर्थदण्ड अधिरोपित करने की परियोजना भी प्रक्रियाधीन है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खनिजों के अवैध परिवहन की रोकथाम के लिये नवीन तकनीक एआई पर आधारित मानव-रहित चेक-गेट पूरे प्रदेश में स्थापित किये जा रहे हैं। प्रदेश में 41 ऐसे स्थल चिन्हांकित किये गये हैं, जहाँ से खनिज परिवहन करने वाले वाहनों का सर्वाधिक आगमन होता है। चेक-गेट स्थापित करने के लिये टेण्डर के माध्यम से रेल टेल कॉर्पोरेशन को सर्विस प्रोवाइडर के रूप में चयनित किया गया है। उन्होंने कहा कि पॉयलेट प्रोजेक्ट के रूप में भोपाल के आस-पास 4 स्थानों पर ई-चेकगेट स्थापित किये गये हैं। निगरानी के लिये राज्य स्तर पर भोपाल में कमाण्ड एवं कंट्रोल सेंटर और जिला स्तर पर भोपाल एवं रायसेन में जिला स्तरीय कमाण्ड सेंटर स्थापित किया गया है। ई-चेकगेट में वेरीफोकल कैमरा, आर.एफ.आई.डी. रीडर, ऑटोमेटिक नम्बर प्लेट रीडर की सहायता से खनिज परिवहन में संलग्न वाहन की जाँच के प्रावधान हैं। प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी के अंतर्गत विभाग की गतिविधियों को ऑनलाइन करने के लिये एनआईसी द्वारा वेब पोर्टल (ई-खनिज) बनाया गया है। ई-खनिज पोर्टल को परिवहन विभाग के पोर्टल साथ लिंक किया गया है। इससे पट्टेदार/ट्रांसपोर्टर खनिज परिवहन करने के लिये ऑनलाइन वाहनों का रजिस्ट्रेशन ई-खनिज पोर्टल पर कर सकते हैं। डिजिटल इण्डिया अंतर्गत विभाग द्वारा ई-खनिज पोर्टल से खनिजों के परिवहन के लिये ऑनलाइन परिवहन पारपत्र (e-TP) की सेवाओं को सफलतापूर्वक लागू किया गया है। इस व्यवस्था के अंतर्गत कोई भी पट्टेदार रॉयल्टी एवं अन्य राशि का भुगतान करने के बाद ई-टीपी प्राप्त कर सकता है। खनिजों के परिवहन में संलग्न वाहनों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का प्रावधान किया गया है। प्रदेश के 55 जिलों में ई-खनिज पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन ई-टीपी सेवाओं को लागू किया जा चुका है। इस व्यवस्था के सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। साथ ही अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की जानकारी एमआईएस रिपोर्ट के रूप में प्राप्त की जा रही है। ई-टीपी की व्यवस्था लागू होने से पट्टेदार द्वारा ऑनलाइन रॉयल्टी का भुगतान किया जा रहा है। इससे केशलैस ट्रॉन्जेक्शन की मंशा भी पूरी की गयी है। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिये खनिज परिवहन किये जाने वाले वाहनों का ई-रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत विभिन्न आवेदनों को ऑनलाइन ई-खनिज पोर्टल के माध्यम से जमा करने की व्यवस्था लागू की गयी है। विभागीय पोर्टल द्वारा खनिज अन्वेषण एवं खदानों की जानकारी आमजन को उपलब्ध करायी जा रही है। नवीन पोर्टल ई-खनिज 2.0 सुशासन से एवं ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के अंतर्गत विभिन्न प्रक्रियाओं को सरलीकृत किया जा रहा है। नवीन पोर्टल ई-खनिज 2.0 को सिंगल विण्डों से विभाग से संबंधित विभिन्न सेवाओं को ऑनलाइन उपलब्ध कराने के लिये विभाग द्वारा विकसित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत आवेदन-पत्र प्रस्तुत करने तथा इसके निराकरण के लिये ऑनलाइन व्यवस्था प्रदाय की जायेगी। विभिन्न सेवाओं को मोबाइल ऐप से आमजन तक तथा पट्टेदारों को मोबाइल पर उपलब्ध कराया जा सकेगा। पट्टेदारों एवं नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिये ऑनलाइन प्लेटफार्म भी उपलब्ध कराया जायेगा।   recent visitors 23

आतंकी चाहते हैं कि कश्मीर फिर से तबाह हो जाए, मन की बात में बोले मोदी

 नई दिल्ली 'मन की बात' कार्यक्रम में पीएम मोदी ने एक बार फिर से पहलगाम हमले को लेकर दुख जताया और साथ ही पहलगाम के दोषियों को कड़ी सजा देने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि 'पहलगाम की घटना ने देशवासियों को पीड़ा पहुंचाई है और इसे लेकर देशवासियों के मन में गहरी पीड़ा है। लोग पीड़ित परिजनों के दर्द को महसूस कर सकते हैं। हर भारतीय का खून आतंक की तस्वीरों को देखकर खौल रहा है। ऐसे समय में जब कश्मीर में शांति लौट रही थी और लोकतंत्र मजबूत हो रहा था। पर्यटकों की संख्या में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हो रही थी और लोगों की कमाई बढ़ रही थी, लेकिन देश के दुश्मनों को और जम्मू कश्मीर के दुश्मनों को ये रास नहीं आया। आतंकी चाहते हैं कि कश्मीर फिर से तबाह हो जाए। इस मुश्किल वक्त में 140 करोड़ देशवासियों की एकता सबसे बड़ा आधार है।' प्रधानमंत्री बोले- पीड़ितों को न्याय मिलेगा, मिलकर रहेगा पीएम मोदी ने कहा कि 'हमें इस चुनौती का सामना करने के लिए अपने संकल्पों को मजबूत करना है। हमें एक दृढ़ राष्ट्र के रूप में अपनी इच्छाशक्ति को मजबूत करना है। भारत के लोगों में जो आक्रोश है, वो पूरी दुनिया में हैं। इस आतंकी हमले के बाद दुनियाभर से लगातार संवेदनाएं आ रही हैं। कई राष्ट्राध्यक्षों ने उन्हें भी फोन करके पहलगाम की घटना पर दुख जताया है। इस जघन्य तरीके से किए गए आतंकी हमले की सभी ने कठोर निंदा की है। पूरा विश्व आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में देश के साथ खड़ा है। मैं पीड़ित परिवारों को भरोसा देता हूं उन्हें न्याय मिलेगा…और न्याय मिलकर रहेगा। इस हमले के दोषियों को कठोरतम जवाब दिया जाएगा।' बिहार की धरती से भी पीएम मोदी ने दी थी आतंक के आकाओं को चेतावनी इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीते गुरुवार को बिहार की एक जनसभा में भी पहलगाम हमले के दोषियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि 'आज बिहार की सरजमीं से मैं पूरी दुनिया से यह कहना चाहता हूं कि भारत इन लोगों की पहचान करेगा, उन्हें ढूंढेगा और हर आतंकी तथा उनकी मदद करने वालों को सजा देगा। हम उन्हें पृथ्वी के अंतिम छोर तक खदेड़ देंगे। भारत की आत्मा को आतंकवाद कभी नहीं तोड़ सकता। इंसाफ मिले, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस दुनिया में जो भी इंसानियत के पक्ष में है, वह हमारे साथ है। इस वक्त दुनिया में जो हमारे साथ खड़ा है, हम उनके शुक्रगुजार हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 'यह हमला सिर्फ निहत्थे पर्यटकों पर नहीं हुआ है, देश के दुश्मनों ने भारत की आत्मा पर हमला करने का दुस्साहस किया है। मैं बहुत स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूं कि जिन्होंने यह हमला किया है, उन आतंकियों को और इस हमले की साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी। सजा मिलकर रहेगी। अब आतंकियों की बची-खुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। 140 करोड़ भारतीयों की इच्छाशक्ति अब आतंक के आकाओं की कमर तोड़कर रहेगी।' recent visitors 30

आंगनबाड़ियों में मशीन के सामने चेहरा दिखाने पर ही उपस्थिति मान्य होगी, पोषण आहार का वितरण किया जाएगा

भोपाल आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की ज्यादा संख्या दिखाकर पोषण आहार वितरण में गड़बड़ी की आशंका लंबे समय से जताई जा रही थी। इस कारण अब नई व्यवस्था की जा रही है। आंगनबाड़ियों में फेस रिकग्नीशन सिस्टम लगाया जा रहा है। इस व्यवस्था में मशीन के सामने चेहरा दिखाने पर ही उपस्थिति मान्य होगी। उसी के अनुरूप पोषण आहार का वितरण किया जाएगा। धार में प्रयोग के तौर पर यह व्यवस्था प्रारंभ की गई है। इसके सफल होने पर सभी जिलों में इसे लागू किया जाएगा। इससे हर दिन उपस्थिति की जानकारी डैशबोर्ड में सामने आ सकेगी। बता दें कि आंगनबाड़ियों में छह माह से छह वर्ष तक के बच्चों को पोषण आहार दिया जाता है। इनमें तीन वर्ष तक के बच्चों को बना-बनाया भोजन दिया जाता है। जबकि तीन वर्ष से अधिक आयु के बच्चों के लिए पोषण आहार आंगनबाड़ियों में ही स्वसहायता समूहों द्वारा तैयार किया जाता है। गर्भवती महिलाएं कई बार स्वास्थ्य कारणों से पोषण आहार लेने के लिए नहीं पहुंच पाती हैं, इसलिए फेस रिकग्नीशन सिस्टम में उन्हें इससे छूट दी जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि धार में 3800 आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जहां यह व्यवस्था लगभग दो माह पहले प्रारंभ की गई है। इसका परीक्षण किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार इसमें और फीचर जोड़कर सभी जगह लागू किया जाएगा। आंगनबाड़ियों में स्थानीय स्तर पर उत्पादित होने वाले मोटे अनाजों को भी पोषण आहार में शामिल करने के लिए महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने निर्देश दिए हैं।   recent visitors 132

IPL 2025: बारिश के कारण मैच रद्द, कोलकाता और पंजाब को मिले 1-1 अंक

IPL 2025: कोलकाता। कोलकाता में तेज बारिश और आंधी के कारण मुकाबला आईपीएल 2025 का 44वां मैच रद्द कर दिया गया। शनिवार को ईडेन गार्डंस में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करते हुए 20 ओवर में चार विकेट खोकर 201 रन बनाए थे। जवाब में कोलकाता की टीम ने सिर्फ एक ओवर खेला रहमनुल्लाह गुरबाज एक और सुनील नरेन चार रन बनाकर क्रीज पर नाबाद रहे। कोलकाता की टीम सिर्फ सात रन बना सकी। बारिश के कारण मुकाबला रुका और फिर रद्द कर दिया गया। इसके बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिए गए। इस आईपीएल में पहली बार बारिश के कारण कोई मैच रद्द हुआ है। चौथे स्थान पर पहुंची पंजाब इसी के साथ पंजाब किंग्स शीर्ष चार में शामिल हो गई। नौ में से पांच मैच जीत चुकी पंजाब 11 अंक और 0.177 के नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई। वहीं, कोलकाता सात अंक और 0.212 के नेट रन रेट के साथ सातवें स्थान पर है। आईपीएल 2025 की अंक तालिका टीम     मैच     जीते     हारे     बिना परिणाम     अंक     नेट रन रेट गुजरात टाइटंस     8     6     2     0     12     1.104 दिल्ली कैपिटल्स     8     6     2     0     12     0.657 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु     9     6     3     0     12     0.482 पंजाब किंग्स     9     5     3     1     11     0.177 मुंबई इंडियंस     9     5     4     0     10     0.673 लखनऊ सुपर जाएंट्स     9     5     4     0     10     -0.054 कोलकाता नाइट राइडर्स     9     3     5     1     7     0.212 सनराइजर्स हैदराबाद     9     3     6     0     6     -1.103 राजस्थान रॉयल्स     9     2     7     0     4     -0.625 चेन्नई सुपर किंग्स     9     2     7     0     4     -1.302 पंजाब की पारी प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या की शतकीय साझेदारी के दम पर पंजाब किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने 202 रन का लक्ष्य रखा था। उनके लिए प्रभसिमरन सिंह ने सर्वाधिक 83 रन की पारी खेली। वहीं, प्रियांश ने 69 रन बनाए। कोलकाता के लिए वैभव अरोड़ा ने दो विकेट लिए जबकि वरुण और रसेल ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। प्रियांश और प्रभसिमरन के बीच पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी 120 रन की साझेदारी हुई। रसेल ने 12वें ओवर में प्रियांश को अपना शिकार बनाया। वह इस सत्र का दूसरा 50+ निजी स्कोर बनाकर आउट हुए। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह ने 38 गेंदों में अपना पांचवां अर्धशतक पूरा किया। उनकी 83 रनों की पारी में छह चौके और इतने ही छक्के शामिल हैं। इसके अलावा ग्लेन मैक्सवेल ने सात और मार्को यानसेन ने तीन रन बनाए। वहीं, श्रेयस अय्यर 25 और जोश इंग्लिश 11 रन बनाकर नाबाद रहे। recent visitors 63

वानखेड़े में दिखेगी एक दूसरे से आगे निकलने की होड़, आज मुंबई इंडियंस की टीम लखनऊ सुपर जाइंट्स से भिड़ेगी

मुंबई हमेशा की तरह शुरू में लड़खड़ाने के बाद शानदार वापसी करने वाली मुंबई इंडियंस की टीम रविवार, 27 अप्रैल को लखनऊ सुपर जाइंट्स से भिड़ेगी। सुपर संडे को मुंबई वर्सेस लखनऊ मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, यह मैच दोपहर साढ़े तीन बजे शुरू होगा। MI की नजरें इस मैच को जीतकर लय बरकरार रकने पर होगी। वहीं लखनऊ की नजरें वापस टॉप-4 में अपनी जगह बनाने पर होगी। इन दोनों टीम के अभी तक समान 10 अंक हैं लेकिन मुंबई बेहतर नेट रन रेट के आधार पर चौथे जबकि लखनऊ की टीम छठे स्थान पर है। अब तक नौ मैचों में से इन दोनों ने पांच मैच जीते हैं और चार हारे हैं। ऋषभ पंत की अगुवाई वाली लखनऊ की टीम की निगाह जीत के अलावा अपने नेट रन रेट में सुधार करने पर भी होगी क्योंकि आगे इसकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। जहां ये दोनों टीमें वानखेड़े स्टेडियम में मैदान पर वर्चस्व के लिए भिड़ेंगी, वहीं मुंबई की भीषण गर्मी और उमस भी खिलाड़ियों की विपरीत परिस्थितियों में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की तैयारी को परखने में अपनी भूमिका निभाएगी। लखनऊ के लिए कप्तान ऋषभ पंत की खराब फॉर्म चिंता का विषय है क्योंकि उन्होंने अब तक नौ मैचों में 106 रन बनाए हैं। मुंबई के मजबूत बॉलिंग अटैक के सामने उनकी कड़ी परीक्षा होगी। मुंबई की टीम सही समय पर अपने चरम पर पहुंची है। उसने लगातार चार मैच जीत कर खुद को प्लेऑफ में पहुंचने की दौड़ में आगे कर दिया है और उसकी टीम अपना विजय अभियान जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध होगी। उसकी टीम यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ है और वह इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगी। हालांकि सूर्यकुमार को लेकर कोई बड़ी चिंता नहीं थी, लेकिन आईपीएल की शुरुआत में इस शीर्ष टी20 बल्लेबाज की परिचित चमक गायब थी, लेकिन दाएं हाथ का बल्लेबाज भी तिलक वर्मा की तरह अपनी लय हासिल करने में सक्षम है। हार्दिक ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि तेज गेंदबाज दीपक चाहर और ट्रेंट बोल्ट ने अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई है। जहां तक लखनऊ की बल्लेबाजी का सवाल है तो वह अपने विदेशी खिलाड़ियों निकोलस पूरन (377 रन), मिशेल मार्श (344) और एडेन मार्क्रम (326) पर बहुत अधिक निर्भर है। लखनऊ को फिर से इन तीनों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। लखनऊ के पास गेंदबाजी विभाग में बहुत बड़े नाम नहीं है लेकिन उसके गेंदबाजों ने अभी तक परिस्थितियों के अनुसार गेंदबाजी करके अपनी टीम के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उसकी तरफ से शार्दुल ठाकुर ने सर्वाधिक 12 विकेट लिए हैं और स्थानीय खिलाड़ी होने के कारण वह यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह अवगत हैं। टीम इस प्रकार हैं: मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), श्रीजीत कृष्णन (विकेटकीपर), बेवोन जैकब्स, तिलक वर्मा, नमन धीर, विल जैक्स, मिशेल सेंटनर, राज अंगद बावा, विग्नेश पुथुर, कॉर्बिन बॉश, ट्रेंट बोल्ट, कर्ण शर्मा, दीपक चाहर, अश्विनी कुमार, रीस टॉपले, वीएस पेनमेत्सा, अर्जुन तेंदुलकर, मुजीब उर रहमान, जसप्रीत बुमराह। लखनऊ सुपर जाइंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), डेविड मिलर, एडेन मार्क्र्म, आर्यन जुयाल, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), मिशेल मार्श, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, युवराज चौधरी, राजवर्धन हंगरगेकर, अर्शिन कुलकर्णी, आयुष बडोनी, शार्दुल ठाकुर, अवेश खान, आकाश दीप, मणिमारन सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह, आकाश सिंह, शमर जोसेफ, प्रिंस यादव, मयंक यादव, रवि बिश्नोई। recent visitors 32

मध्य प्रदेश में कई बड़े नेताओं के बीच सहमति नहीं बन पाने के कारण अध्यक्ष का मामला अटका हुआ

भोपाल मध्य प्रदेश में BJP के नए अध्यक्ष का नाम अभी तक तय नहीं हो पाया है। कई बड़े नेताओं के बीच सहमति नहीं बन पाने के कारण यह मामला अटका हुआ है। जनवरी में चुनाव अधिकारी बनाए गए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का दौरा भी नहीं हो पाया है। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष का नाम भी घोषित किया जाएगा। बढ़ता जा रहा इंतजार दिग्गजों के बीच खींचतान और रायशुमारी न हो पाने के कारण यह मामला उलझा हुआ है। मुख्यमंत्री मोहन यादव की सहमति भी इस मामले में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जिलाध्यक्षों के नाम घोषित होने के बाद उम्मीद थी कि प्रदेश को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। लेकिन, यह इंतजार बढ़ता ही जा रहा है। जाति, राजनीति और क्षेत्र जैसे कई समीकरणों पर विचार किया जा रहा है। जो नाम सामने आए थे, उन पर भी अब चर्चा नहीं हो रही है। चुनाव अधिकारी बने पर दौरा नहीं कर पाए केंद्रीय मंत्री जनवरी में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को चुनाव अधिकारी बनाया गया था लेकिन, उनका प्रदेश दौरा नहीं हो पाया। उन्होंने किसी नाम पर सहमति बनाने की कोशिश की हो या रायशुमारी की हो, ऐसा कुछ भी सामने नहीं आया है। पार्टी के नेताओं का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर सहमति बनने के बाद मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश जैसे कई राज्यों के अध्यक्षों के नाम घोषित किए जाएंगे लेकिन, अभी तक राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम भी तय नहीं हो पाया है। पहली बार हुआ ऐसा यह पहली बार है जब BJP के संगठन चुनाव में बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और जिलाध्यक्षों के चुनाव के चार महीने बाद भी प्रदेश अध्यक्ष का पद खाली है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में बड़े नेता कम हैं। इसलिए वहां हाईकमान ने फैसला कर लिया। लेकिन, मध्य प्रदेश में स्थिति अलग है। यहां कई बड़े नेता हैं जिनकी राय लेना जरूरी है। एमपी में बड़े नेताओं से सलाह-मशवरा जरूरी मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, जयभान सिंह पवैया, कैलाश विजयवर्गीय और राकेश सिंह जैसे नेताओं की राय को अनदेखा नहीं किया जा सकता है। देरी की एक वजह इन बड़े नेताओं से रायशुमारी न होना भी है। सत्ता और संगठन में बदलाव के बाद पुराने नेता अपनी जगह बचाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, नए नेता अपनी जमीन मजबूत करने में लगे हैं। सीएम और केंद्रीय मंत्री अमित शाह के बीच बात पक्की मुख्यमंत्री मोहन यादव की सहमति भी प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर बहुत मायने रखती है। पार्टी नेताओं के अनुसार, मुख्यमंत्री यादव और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच भी प्रदेश अध्यक्ष को लेकर बातचीत हो चुकी है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद यह अनुमान लगाया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष या राष्ट्रीय अध्यक्ष का फैसला कुछ समय के लिए टाला जा सकता है।   recent visitors 62