श्रीलंका में चीन की पकड़ को कमजोर करने के लिए भारत ने मास्टरस्ट्रोक चला, UAE संग मिलाया हाथ

श्रीलंका भारत ने एक बार फिर इंडियन ओशन में अपना कूटनीतिक खेल दिखाया है। इस बार श्रीलंका में चीन की पकड़ को कमजोर करने के लिए भारत ने मास्टरस्ट्रोक चला है। दलअसल श्रीलंका के त्रिंकोमाली शहर में भारत, यूएई और श्रीलंका के बीच एक बड़े ऊर्जा हब को बनाने का ऐलान हुआ है। यह कदम न सिर्फ तीन देशों के आपसी सहयोग को मजबूती देगा बल्कि चीन की अरबों डॉलर की परियोजनाओं को चुनौती भी देगा। शनिवार को कोलंबो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक यात्रा के दौरान यह समझौता हुआ। मोदी का यह दौरा श्रीलंका के नए राष्ट्रपति अनुरा कुमारा डिसानायके के सत्ता में आने के बाद पहला दौरा था। इस मौके पर त्रिपक्षीय समझौता किया गया जिसे भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री, श्रीलंका के ऊर्जा सचिव प्रो. केटीएम उदयंगा हेमपाला और यूएई के प्रतिनिधियों ने साइन किया। दरअसल त्रिंकोमाली एक प्राकृतिक डीप-वॉटर हार्बर है और रणनीतिक रूप से बेहद अहम माना जाता है, यह अब ऊर्जा हब बनने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के तहत मल्टी-प्रोडक्ट पाइपलाइन, ऑयल टैंक फार्म और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। इंडियन ऑयल की श्रीलंका शाखा पहले से ही इन टैंक फार्म्स के कुछ हिस्से को ऑपरेट कर रही है। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा, “त्रिंकोमाली ऊर्जा सहयोग के लिए एक क्षेत्रीय केंद्र बनने की भारी क्षमता रखता है। यूएई भारत का रणनीतिक ऊर्जा सहयोगी है, और इस पहल में उनका साथ आना इस क्षेत्र के लिए पहली बार की ऐतिहासिक पहल है।” recent visitors 75

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज का खातेगांव दौरा, धमाके में जान गंवाने वाले पंकज सांकलिया के घर जाकर उनके माता-पिता से मुलाकात की

 खातेगांव केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को खातेगांव क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने कई परिवारों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की।मंत्री चौहान सबसे पहले कन्नौद में भाजपा के दिवंगत नेता रामप्रसाद यादव के घर पहुंचे। इसके बाद खातेगांव में भाजपा के दिवंगत नेता शंभुकुमार बाकलीवाल के परिजनों से मिले और अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि यह घटना बहुत ही दुखद है, उसमें दो परिवार संदलपुर के पूरी तरह तबाह हो गए। एक परिवार में तो केवल एक बेटी बची है नैना और कोई बचा नहीं है। केवल उसकी दादी है और इस परिवार में तो उसे मूल परिवार से कोई नहीं बचा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का आभारी हूं की परिवारों की चिंता की जा रही है। शिवराज ने कहा कि वे बच्ची नैना की शिक्षा दीक्षा की पूरी व्यवस्था करेंगे। नैना को हर महीने ₹5000 वाला आशीर्वाद योजना के अंतर्गत स्वीकृत किए गए हैं। बच्ची की डिजिटल कान्वेंट स्कूल में निशुल्क उसकी पढ़ाई होगी। इसके बाद गुजरात पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में जान गंवाने वाले पंकज सांकलिया के घर जाकर उनके माता-पिता से मुलाकात की। फिर वे संदलपुर में इसी हादसे में मारे गए 9 लोगों में से दो परिवारों से मिलने गए। कार्यक्रम के अनुसार, संदलपुर के बाद उन्हें सलकनपुर जाना था। इस दौरे में खातेगांव विधायक आशीष शर्मा भी उनके साथ रहे। केंद्रीय मंत्री शिवराज ने कहा कि जो पैसा खाते में आने वाला है उसको फिक्स डिपॉजिट करेंगे, और फिक्स डिपाजिट जो राशि है जब नैना बड़ी होगी तो बाढ़ के 75 लाख रुपया हो जाएगी, पढ़ाई की व्यवस्था भी हो रही। भविष्य में नैना समाज के आशीर्वाद से पढ़ लिखकर आगे बढ़े इसके पूरा प्रबंध किया गया है। मैं दुर्घटना में जो दिवंगत हुए हैं, भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें अपने चरणों में स्थान दें। भोपाल से देवास जा रहे शिवराज सिंह चौहान के काफिले में शामिल गाड़ी पलटी, 3 जवान घायल, हुआ बड़ा हादसा भोपाल से देवास जा रहे केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के काफिले में शामिल पुलिस की गाड़ी आष्टा थाना क्षेत्र के ग्राम बेदाखेड़ी के पास हादसे का शिकार हो गई है। काफिले में शामिल गाड़ी अनियंत्रित होकर पलटने से उसमें सवार 3 पुलिस जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को भोपाल से देवास जिले के खातेगांव संदलपुर जा रहे थे। उनका काफिला जैसे ही आष्टा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बेदाखेड़ी के पास पहुंचा तो काफिले में शामिल एक फॉलो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें एएसआई एसपी सिमोलिया, नीरज शुक्ला और आकाश अटल शामिल हैं। घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत सीहोर जिला अस्पताल में किया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। मौके पर मचा हड़कंप जैसे ही गाड़ी पलटी, काफिले में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत ही घायल जवानों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात ये रही कि हादसे के समय शिवराज सिंह दूसरी गाड़ी में सवार थे और पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुलिस और प्रशासन सतर्क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन मौके पर पहुंच गया। घायलों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और काफिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की जा रही है। recent visitors 56

हिंद महासागर पोत ‘सागर’ को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हरी झंडी दिखाई, समंदर में भारत ने बढ़ा दी दुश्मनों की टेंशन!

नई दिल्ली   रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कर्नाटक के करवार नौसैनिक अड्डे से हिंद महासागर पोत ‘सागर’ को हरी झंडी दिखाई और कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में मुक्त नौवहन, नियम आधारित व्यवस्था और शांति सुनिश्चित करना भारत का सबसे बड़ा उद्देश्य है. रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण करवार नौसैनिक अड्डे पर लोगों को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की तैनाती सिर्फ हमारे लिए नहीं बल्कि मित्र देशों के लिए भी है.’’ रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत का प्रयास हिंद महासागर क्षेत्र को और अधिक शांतिपूर्ण एवं समृद्ध बनाना है. राजनाथ सिंह को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर इससे पहले सिंह ने नौसैनिक अड्डे पर विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया. केंद्रीय मंत्री दोपहर लगभग एक बजे नौसैनिक अड्डे पर पहुंचे, जहां उन्हें परेड ग्राउंड में ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया. रक्षा मंत्री एक सैन्य हेलीकॉप्टर से प्रमुख अड्डे पर उतरे और वह यहां कई कार्यक्रम में शामिल होंगे. नौसेना परियोजना ‘सीबर्ड’ के तहत महत्वपूर्ण नौसैनिक अड्डे का विस्तार कर रही है. रक्षा मंत्री के कार्यालय ने शनिवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हिंद महासागर पोत ‘सागर’ (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) के रूप में आईएनएस ‘सुनयना’ को हरी झंडी दिखाएंगे जिस पर 44 कर्मी सवार हैं.’’ इसने इस पोस्ट में एक वीडियो भी साझा किया है जिसमें इस मिशन के तहत जमीन और समुद्र दोनों पर आयोजित प्रशिक्षण चरणों को दर्शाया गया है. समंदर में बढ़ेगी भारत के दुश्मनों की टेंशन रक्षा मंत्री कार्यालय ने लिखा, ‘‘आईओएस ‘सागर’ हिंद महासागर क्षेत्र के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, यह अपने समुद्री पड़ोसियों के साथ मजबूत संबंध बनाने और हिंद महासागर क्षेत्र में अधिक सुरक्षित एवं समावेशी समुद्री वातावरण की दिशा में काम करने की भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि करेगा.’’ हिंद महासागर पोत (आईओएस) ‘सागर’ (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) आईओआर देशों के साथ निरंतर सहयोग की दिशा में एक पहल है. recent visitors 37

एआई में भी अच्छाई और बुराई दोनों हैं, यह हम पर निर्भर करता है कि हम इसका उपयोग कैसे करते हैं: सीएम मोहन यादव

नई दिल्ली/भोपाल दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में शनिवार को 'सोशल इंप्लीकेशंस ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' पर सेमिनार आयोजित किया गया। इस सेमिनार में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद शामिल हुए। सीएम मोहन यादव ने बदलते दौर में एआई की बढ़ती हैसियत पर बात की। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि आज के समय में यह अत्यंत प्रासंगिक विषय है जिस पर विस्तार से चर्चा की गई है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम जन कल्याण और सुशासन के लिए विज्ञान आधारित प्रणालियों का उपयोग करने की दिशा में काम कर रहे हैं, साथ ही आवश्यक सावधानियां भी सुनिश्चित कर रहे हैं। ऐसे महत्वपूर्ण विषयों को सामने लाना सराहनीय है। मैं इस पहल के लिए बधाई देता हूं। सीएम यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस कार्यक्रम की झलकियां साझा कीं। जिसमें से एक में वे एआई को लेकर फैले भ्रम पर बात करते दिखे। उन्होंने कहा, "जब कंप्यूटर और इंटरनेट आए, तो लोगों को डर था कि नौकरियां चली जाएंगी और घर बर्बाद हो जाएंगे। हर चीज में अच्छी और बुरी बातें होती हैं। वैसे ही, एआई में भी अच्छाई और बुराई दोनों हैं। यह हम पर निर्भर करता है कि हम इसका उपयोग कैसे करते हैं।" इससे पहले मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "'सोशल इंप्लीकेशंस ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' विषय पर इंडिया हैबिटेट सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित संगोष्ठी में सहभागिता कर प्रबुद्धजनों के समक्ष अपने विचार साझा करने का अवसर प्राप्त हुआ। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आज केवल तकनीक नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बन चुकी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं शासन-प्रशासन जैसे विविध क्षेत्रों में एआई की संभावनाएं अनंत हैं। जब सम्पूर्ण विश्व एआई में अपना भविष्य तलाश रहा है, तब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एआई के वैश्विक पावरहाउस के रूप में उभर रहा है। निश्चित रूप से यह तकनीकी क्रांति "विकसित भारत 2047 के विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में अहम भूमिका निभाएगी।" इस मौके पर, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि एआई पर बहुत बात हो चुकी है। लेकिन, हमारा फोकस ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले हमारे किसान भाइयों को लेकर भी होना चाहिए। किसान जब एआई का इस्तेमाल करे तो वह खेती की फोटो लें और बता पाए कि धान-गेंहू की खेती में कीड़ा लगा है या नहीं। इसमें खाद की जरूरत कब पड़ेगी। इसी तरह स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो छोटी चीजें हैं, उन्हें एआई का इस्तेमाल कर दूर करना होगा। डॉक्टरों को एक-एक आगे चलते हुए शोध करना होगा। recent visitors 47

दिल्ली कैपिटल्स ने चेपॉक का किला ध्वस्त किया, चेन्नई सुपर किंग्स को 25 रन से हराया

नई दिल्ली दिल्ली कैपिटल्स ने चेपॉक का किला ध्वस्त कर दिया है। आईपीएल 2025 के 17वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 25 रन से हराया। दिल्ली की यह इस सीजन लगातार तीसरी जीत है। वहीं, दिल्ली ने 15 साल बाद पहली बार चेपॉक में जीत दर्ज की है। दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाए। इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 158 रन ही बना सकी। एमएस धोनी 30 रन बनाकर नाबाद लौटे। केएल राहुल की अर्धशतकीय पारी टॉस जीतकर पहले अक्षर पटेल ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। फॉफ डु प्लेसिस की गैर मौजूदगी में केएल राहुल और जैक फ्रेजर मैक गर्ग ने ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाली। हालांकि, खलील ने पहले ही ओवर में जैक का विकेट लेकर दिल्ली की शुरुआत खराब करने की कोशिश की। हालांकि, इसके बाद अभिषेक पोरेल और राहुल के बीच 36 गेंद पर 54 रन की साझेदारी की। पोरेल 20 गेंद पर 33 रन की कैमियों पारी खेलकर आउट हुए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए अक्षर पटेल ने 21 रन की पारी खेली। वहीं, दूसरे छोर पर खड़े केएल राहुल ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए अपना पहला आईपीएल अर्धशतक जड़ा और समीर रिजवी के साथ 33 गेंद पर 56 रन की साझेदारी की। केएल राहुल 51 गेंद पर 77 रन बनाकर आउट हुए। ट्रिस्टन स्टब्स ने 12 गेंद पर 24 रन की तेज फारी खेली। चेन्नई के लिए खलील अहमद ने 2 विकेट लिए। शुरुआत से ही लड़खड़ाई चेन्नई 184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की पारी शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। टीम ने 14 के स्कोर पर रचिन रविंद्र (3) का विकेट गंवा दिया। मुकेश कुमार ने फॉलो थ्रू में कैच लपका। अभी स्कोर में 6 रन और ही जुड़े थे कि कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (5) अपना विकेट गंवा बैठे। कॉनवे भी 13 रन बनाकर चलते बने। 15 साल बाद चेन्नई में जीती दिल्ली शिवम दुबे ने 15 गेंद पर 18 रन की पारी खेली, लेकिन विप्रज निगम ने उन्हें अपनी स्पिन के जाल में फंसाया। जडेजा मात्र दो रन की पारी खेल सके। विजय शंकर ने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली और एमएस धोनी के बीच 57 गेंद पर नाबाद 84 रन की साझेदारी की। हालांकि, यह जोड़ी भी चेन्नई को जीत नहीं दिला सकी। साल 2010 के बाद दिल्ली ने पहली बार चेपॉक पर जीत दर्ज की है। इससे पहले आरसीबी ने 17 साल के बाद पहली बार चेपॉक में जीत दर्ज की थी। recent visitors 39

बस्तर अब बंदूक नहीं, विकास की आवाज से जाना जायेगा : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

रायपुर जनजातीय परंपराओं, लोक कला और सांस्कृतिक वैभव का प्रतीक बस्तर पंडुम 2025 आज दंतेवाड़ा में भव्य समापन समारोह के साथ सम्पन्न हुआ। बस्तर पण्डुम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का संकल्प केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने अपने उद्बोधन में बस्तर पण्डुम को अगले वर्ष से राष्ट्रीय महोत्सव के रूप में मनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि देशभर के आदिवासी जिलों के कलाकारों को इस महोत्सव में आमंत्रित किया जाएगा, और बस्तर की संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने बस्तर पंडुम उत्सव में अपने उद्बोधन में जनजातीय आराध्य देवताओं को नमन किया। साथ ही महाराजा प्रवीर चंद भंजदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उन्होंने जल, जंगल, जमीन और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया। केंद्रीय गृह मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी एवं सामाजिक न्याय के प्रतीक बाबू जगजीवन राम को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी और कहा कि उन्होंने दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए जीवन समर्पित कर दिया। 47000 कलाकारों की भागीदारी, 5 अप्रैल तक चला आयोजन उन्होंने कहा कि बस्तर पण्डुम में 1850 ग्राम पंचायतों, 12 नगर पंचायतों, 8 नगर परिषदों, और एक नगर पालिका के कुल 47000 कलाकारों ने भाग लिया। यह उत्सव 12 मार्च से 5 अप्रैल तक चला और इस वर्ष 7 श्रेणियों में आयोजित किया गया। अगले वर्ष इसे 12 श्रेणियों में विस्तारित किया जाएगा। संस्कृति, भाषा और परंपराओं को संजोने का आह्वान केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि बस्तर की बोलियां, वाद्य यंत्र, भजन और परंपराएं केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, पूरे भारत की सांस्कृतिक विरासत हैं। उन्होंने कहा कि इन्हें संरक्षित रखना हम सबकी ज़िम्मेदारी है। विकास की नई योजना: नक्सलमुक्त गांवों को मिलेगा 1 करोड़ रुपये केंद्रीय गृह मंत्री ने घोषणा की कि जो गांव नक्सलियों के आत्मसमर्पण में सहयोग करेंगे, उन्हें "नक्सली मुक्त गांव" घोषित कर 1 करोड़ रुपये की विकास निधि दी जाएगी। उन्होंने अपील की कि ग्राम सभा कर गांवों को सरेंडर की प्रक्रिया में आगे लाएं। 5500 रुपये में सीधे तेंदूपत्ता की खरीदी, बिचौलियों का अंत केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अब तेंदूपत्ता 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से सीधे सरकार खरीद रही है, और राशि सीधे आदिवासियों के खाते में जा रही है। इससे लाल आतंक से जुड़े लोगों का नियंत्रण समाप्त होगा। आत्मसमर्पण  करने वाले नक्सलियों को मिलेगा पुनर्वास केंद्रीय गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि जो नक्सली हथियार छोड़ देंगे, उन्हें पूरी सुरक्षा और सम्मान के साथ मुख्यधारा में लाया जाएगा। लेकिन जो हथियार नहीं डालेंगे, उनके विरुद्ध सुरक्षाबल कड़ी कार्रवाई करेगी। हर गांव में स्कूल, दवाखाना, आधार और राशन कार्ड की व्यवस्था केंद्रीय गृह मंत्री ने बताया कि हर गांव में शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए छोटे अस्पताल, स्कूल, आधार कार्ड, राशन कार्ड और स्वास्थ्य बीमा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। ‘वोकल फॉर लोकल’ के अंतर्गत बस्तर के उत्पादों को बाजार उपलब्ध केंद्रीय गृह मंत्री ने बस्तर के बेल मेटल, टेराकोटा, लकड़ी शिल्प, गोदना और चित्रकला को वैश्विक मंच देने की योजना बताई। ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत इन उत्पादों को दिल्ली तक के बाजारों में पहुंचाया जाएगा। आदिवासी नायकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारत के इतिहास में पहली बार एक आदिवासी महिला श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर आदिवासी समाज को ऐतिहासिक सम्मान देने का कार्य हमारी सरकार में किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने 10 साल में 4 करोड़ से अधिक घर बनाए, 11 करोड़ को गैस सिलेंडर, 12 करोड़ घरों में शौचालय, 15 करोड़ घरों में नल से जल, और 70 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और 5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा दिया है। बस्तर का नया सपना: सुकमा से सब-इंस्पेक्टर, कांकेर से कलेक्टर केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि असली विकास तब होगा जब बस्तर से डॉक्टर, कलेक्टर, बैरिस्टर और प्रशासनिक अधिकारी निकलेंगे। उन्होंने आह्वान किया कि अब बस्तर को हथियार नहीं, कलम और कंप्यूटर की शक्ति से आगे ले जाना है। recent visitors 29

भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए 200 रुपए से शुरू होने वाली आरामदायक और किफायती ठहरने की सुविधा का शुभारंभ हो गया

भोपल मध्य प्रदेश के पहले पॉड होटल की शुरुआत भोपाल रेलवे स्टेशन में की गई है। स्टेशन पर यात्रियों को मात्र 200 रुपए प्रति घंटे के हिसाब से आरामदायक और किफायती सुविधा मिलेगी। भोपाल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6 पर इसे बनाया गया है। भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने इसका शुभारंभ किया है। इसकी बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट के अलावा मैनुअली भी की जा सकती है, इसके लिए पीएनआर अनिवार्य रहेगा।इसकी बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट के अलावा मैनुअली भी की जा सकती है, इसके लिए पीएनआर अनिवार्य रहेगा। पॉड होटल यह रहेगा किराया फैमिली पॉड (20 बेड): 3 घंटे- 400, 6 घंटे- 700, 12 घंटे – 1100, 24 घंटे- 1500, 48 घंटे-3000 मल्टी बेड पॉड (जेंट्स, 40 बेड): 3 घंटे – 200, 6 घंटे-350, 12 घंटे – 700, 24 घंटे-900, 48 घंटे- 1800 मल्टी बेड पॉड (लेडीज, 18 बेड): 3 घंटे – 200, 6 घंटे- 350, 12 घंटे – 700, 24 घंटे- 900, 48 घंटे- 1800 क्या है पॉड होटल? पॉड होटल, जिसे कैप्सूल होटल भी कहा जाता है, जापान से प्रेरित एक अनोखी अवधारणा है। इसमें छोटी-छोटी कैप्सूल इकाइयों में यात्रियों को ठहरने की सुविधा दी जाती है, जो कम जगह में उच्च श्रेणी की सुविधाएं प्रदान करती हैं। भोपाल रेलवे स्टेशन पर यह सुविधा यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शुरू की जा रही है, जिसकी योजना 20 अक्टूबर 2019 को शुरू हुई थी और लगभग 6 साल बाद यह यात्रियों के लिए उपलब्ध हो रही है। इसकी बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट के अलावा मैनुअली भी की जा सकती है, इसके लिए पीएनआर अनिवार्य रहेगा। देश का दूसरा  पॉड होटल यह देश में मुंबई सेंट्रल के बाद दूसरा प्रमुख पॉड होटल होगा। यह पॉड होटल उन यात्रियों के लिए लाभदायक होगा, जो कम खर्च में आरामदायक ठहराव चाहते हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह सुविधा भोपाल स्टेशन पर यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाएगी। उद्घाटन से पहले रेलवे ने इसे पूरी तरह तैयार कर लिया है और किराया भी तय कर दिया गया है। यह सुविधा किन यात्रियों के लिए है उपयोगी? – कुछ घंटे रुकने वाले यात्रियों के लिए। – ट्रेन बदलने या लेट ट्रेन की स्थिति में। – परिवार सहित यात्रा कर रहे लोगों के लिए। पॉड होटल में मिलेगी यह सुविधा 1-    एसी: हर पॉड में एयर कंडीशनिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्री गर्मी से राहत पा सकेंगे। 2-    वाइ-फाइ: यात्रियों को इंटरनेट का सुचारु रूप से उपयोग करने के लिए हाई-स्पीड वाइ-फाइ की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। 3-    बिस्तर और तकिया: पॉड्स में आरामदायक बिस्तर और तकिए की व्यवस्था की गई है। 4-    टॉयलेट (पुरुष एवं महिला अलग-अलग): स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग टॉयलेट की सुविधा प्रदान की गई है। 5-   गर्म पानी के लिए गीजर: ठंड के मौसम में यात्रियों की सुविधा के लिए गीजर लगाए गए हैं। 6-   लॉकर और लगेज रूम: यात्रियों के सामान की सुरक्षा के लिए लॉकर और लगेज रूम की सुविधा है। 7-   चार्जिंग पॉइंट: मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज करने के लिए प्रत्येक पॉड में चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध है। 8-  फायरफाइटिंग सिस्टम: किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पॉड होटल में फायरफाइटिंग की पुख्ता व्यवस्था की गई है। 9–   टीवी: मनोरंजन के लिए प्रत्येक पॉड में टीवी की सुविधा दी गई है। 10-  मेकअप मिरर: यात्रियों की सुविधा के लिए पॉड्स में मेकअप मिरर उपलब्ध कराया गया है। 11-   सीसीटीवी कैमरे: सुरक्षा के लिए होटल परिसर में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था है। 12-. सिंगल पॉड  58 पॉड बनाए गए हैं। 13– फैमिली 20 पॉड  इसमें दो बच्चे और दो वयस्क आराम से ठहर सकते हैं।  मुंबई सेंट्रल में 2021 में शुरू हुआ था पहला पॉड होटल यह पॉड होटल उन यात्रियों के लिए लाभदायक होगा, जो कम खर्च में आरामदायक ठहराव चाहते हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह सुविधा भोपाल स्टेशन पर यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाएगी। उद्घाटन से पहले रेलवे ने इसे पूरी तरह तैयार कर लिया है और किराया भी तय कर दिया गया है। यह देश में मुंबई सेंट्रल के बाद दूसरा प्रमुख पॉड होटल होगा, जो 2021 में शुरू हुआ था। भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के आरामदायक ठहराव के लिए प्रदेश का पहला पॉड होटल पूरी तरह तैयार हो चुका है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इसका उद्घाटन 3 या 4 अप्रैल को होने की संभावना है। इस अवसर पर रेलवे के जीएम शोभना बंदोपाध्याय, डीआरएम देवाशीष त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर यह पॉड होटल बनाया गया है, जिसमें दो तरह के पॉड उपलब्ध हैं, इसमें सिंगल और फैमिली पॉड शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किराया तय नहीं हुआ है, अगले दो दिन में इसका किराया तय हो जाएगा   recent visitors 24