औरंगजेब की कब्र पर चलना चाहिए बुलडोजर, विवाद पर क्या बोले शिवाजी के वंशज

मुंबई महाराष्ट्र के संभाजीनगर में औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित कांग्रेस, शिवसेना एमएनएस सभी ने एक सुर में इसका समर्थन किया है.    मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि औरंगजेब की कब्र को हटाने की इच्छा हमारी भी है, लेकिन यह संरक्षित स्थल है. कांग्रेस सरकार के समय इसे भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) से संरक्षण मिला था. वहीं कांग्रेस ने इसका जवाब देते हुए बीजेपी पर निशाना साधा है. कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं. हर बार कांग्रेस पर आरोप लगाना सही नहीं है. मौजूदा स्थिति को देखते हुए सरकार को स्वयं निर्णय लेना चाहिए. हमारे विचार अलग कैसे हो सकते हैं : बीजेपी नेता सुधीर मुंगंटीवार ने कहा, मैंने अफजल  की कब्र से अतिक्रमण हटाया था, तो मेरा इस मुद्दे पर विचार अलग कैसे हो सकता है ? महाविकास अघाड़ी सरकार कब्र बनाए रखना चाहती थी, जबकि हमारी सरकार इसे हटाने के पक्ष में है. औरंगजेब जैसे आक्रमणकारी का महिमामंडन नहीं होना चाहिए. वह रावण के बाद सबसे बड़ा दुष्ट था.शिवसेना नेता शंभूराजे देसाई ने कहा कि हमारी सरकार औरंगजेब की कब्र को हटाने के पक्ष में है. इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री केंद्र सरकार से बातचीत करेंगे. किसी को गलत लगने जैसी कोइ बात ही नहीं : शिवेंद्रराजे भोसले शिवेंद्रराजे भोसले ने इस मुद्दे पर स्पष्ट किया,औरंगजेब की कब्र महाराष्ट्र में नहीं रहनी चाहिए. इसमें किसी को गलत लगने जैसी कोई बात नहीं है. इसके साथ ही महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के नेता बाला नांदगांवकर ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, शिवाजी महाराज को तकलीफ देने वाले और संभाजी महाराज की हत्या करने वाले औरंगजेब की कब्र की कोई जरूरत नहीं है. इसे जल्द से जल्द हटाया जाना चाहिए.  अबू आजमी के बयान के बाद शुरू हुआ विवाद : अबू आजमी ने औरंगजेब का बचाव करते हुए बयान दिया था कि मैं 17वीं सदी के मुगल बादशाह औरंगजेब को क्रूर, अत्याचारी या असहिष्णु शासक नहीं मानता. इन दिनों फिल्मों के माध्यम से मुगल बादशाह की विकृत छवि बनाई जा रही है. हालांकि इस बयान के बाद से सियासत गर्माने पर अबू आजमी ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि मैं शिवाजी महाराज और संभाजी महाराज के खिलाफ बोलने के बारे में सोच भी नहीं सकता. अबू आजमी ने कहा कि मेरे शब्दों को तोड़-मरोड़ कर दिखाया गया है. औरंगजेब के बारे में मैंने वही कहा है जो इतिहासकारों और लेखकों ने कहा है. मैंने छत्रपति शिवाजी महाराज, संभाजी महाराज या अन्य किसी भी महापुरुष के बारे में कोई अपमानजनक टिपण्णी नहीं की है. उन्होंने कहा कि मैं इतना बड़ा नहीं हूं. मैं जो कुछ कहा था, वह असल में किन्हीं इतिहासकारों का व्यक्तव्य था. अगर मेरे इन बयानों की वजह से कोई आहत हुआ तो मैं बिना किसी शर्त के माफी मांगता हूं और अपने बयान को वापस लेता हूं. औरंगजेब पर बयानबाजी को लेकर महाराष्ट्र के ठाणे में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है.     recent visitors 58

उज्जैन के महाकाल की तर्ज पर ओंकारेश्वर लोक बनाया जाएगा, निर्माणाधीन एकात्मधाम के काम में तेजी लाई जाएगी

खंडवा  उज्जैन के महाकाल की तर्ज पर ओंकारेश्वर लोक बनाया जाएगा। निर्माणाधीन एकात्मधाम के काम में तेजी लाई जाएगी। नर्मदा परिक्रमावासियों से जुड़े क्षेत्रों का विकास होगा। घाटों का सौंदर्यीकरण करेंगे। ओंकारेश्वर पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव ने रविवार को घोषणा धर्मसभा में की। सीएम ने पत्नी के साथ ब्रह्मपुरी घाट पर की पूजा-अर्चना इससे पहले सीएम ने पत्नी के साथ ब्रह्मपुरी घाट पर आयोजित अमृतस्य मां नर्मदा पद परिक्रमा कार्यक्रम में सहभागिता कर पूजा-अर्चना की। एकात्मधाम में आदि शंकराचार्य की प्रतिमा को नमन किया। विकास से जुड़े कामों को देख रही एजेंसियों और अधिकारियों से काम में प्रगति की जानकारी ली। संत समाज और ट्रस्ट पदाधिकारियों से चर्चा की। संत विवेक ने कहा, प्राचीन धर्मस्थलों की रक्षा करना सबका दायित्व है। परिक्रमा स्थल व्यवस्थित रहे ताकि परिक्रमावासियों को कोई तकलीफ ना हो।. झाबुआ में पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर ने झाबुआ की अनास नदी को नर्मदा से जोड़ने की मांग रखी तो मुयमंत्री ने सर्वे करवाने के बाद नदी जोड़ो अभियान में इसे शामिल करवाने का भरोसा दिलाया। ओंकार लोक का होगा निर्माण सीएम ने मंच से एक बड़ी घोषणा भी कर दी। उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर में महाकाल लोक से भी बेहतर ओंकार लोक विकसित किया जायेगा। सरकार आदिवासी अंचलों के विकास के लिए 7300 करोड़ रुपए का काम कर रही है। उन्होंने भगोरिया उत्सव को राजकीय उत्सव की मान्यता देने की बात कहते हुए कहा कि आदिवासी समाज को सरकार का हिस्सेदार बनने का संकल्प लिया गया है। दूध पर मिलेगा अनुदान सीएम ने कहा कि सोयाबीन, गेहूं, धान की तरह दूध उत्पादन पर भी ₹5 प्रति लीटर अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने गेहूं की ₹2600 प्रति क्विंटल खरीदी का जिक्र करते हुए कहा कि किसान समृद्ध होंगे तो जिंदगी बदलेगी। उन्होंने प्रतिमाह लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए इसे बहनों के प्रति स्नेह बताया और कहा कि बहन बेटी के हाथ पैसा आता है तो तकलीफ क्या है। उन्होंने पानसेमल के भारतीय जनता पार्टी के विधायक श्याम बर्डे के आग्रह पर वहां अस्पताल खोलने की भी घोषणा की। अप्रैल से शराब की बिक्री पर प्रतिबंध मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि 1 अप्रैल 2025 से ओंकारेश्वर सहित प्रदेश के कई धार्मिक स्थलों पर शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लागू किया जाएगा। यह निर्णय तीर्थ स्थलों की पवित्रता और श्रद्धालुओं के लिए एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला धार्मिक स्थलों के माहौल को सुरक्षित और पवित्र बनाने के लिए लिया गया है और यह अन्य स्थानों पर भी लागू होगा। गौपालन और धर्म का संदेश मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए गोपालन को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने गौ माता की रक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि साधु संतों द्वारा दिया गया आध्यात्मिक संदेश सभी के जीवन में कल्याणकारी होगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हम सब "कर्म में ही धर्म" पर विश्वास करते हैं और सरकार इस मार्ग पर जनता की सेवा कर रही है। संत विवेक का धर्म सभा में संदेश धर्म सभा में संत विवेक जी ने कहा कि प्राचीन धार्मिक स्थलों की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने मुख्यमंत्री की सराहना की, जो नर्मदा परिक्रमा स्थल और ओंकारेश्वर जैसे धार्मिक स्थलों की देखभाल के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। संत विवेक जी ने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से नर्मदा का जल हमेशा शुद्ध रहेगा और तीर्थयात्रियों को सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। recent visitors 41

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी का 9वें टाइगर रिजर्व के लिये माना आभार

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 10 मार्च को मध्यप्रदेश के 9वें टाइगर रिजर्व का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस ऐतिहासिक अवसर पर एक बाघ एवं एक बाघिन को टाइगर रिजर्व में छोड़ेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव टाइगर रिजर्व की 13 किलोमीटर लम्बी पत्थर की सेफ्टी वॉल का भी उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का माधव राष्ट्रीय उद्यान को देश के 58वें और मध्यप्रदेश के 9वें टाइगर रिजर्व की सौगात प्रदान करने पर आभार जताया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि टाइगर रिजर्व बनने से वन्य-जीव संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन को नई ऊँचाई मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह मध्यप्रदेश को वन्य-जीव संरक्षण क्षेत्र में मिली एक बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि माधव राष्ट्रीय उद्यान ऐतिहासिक और प्राकृतिक दृष्टि से बेहद समृद्ध है। टाइगर रिजर्व घोषित होने से वन्य-जीवों के संरक्षण के साझा प्रयासों को और अधिक मजबूती मिलेगी। शिवपुरी स्थित माधव नेशनल पार्क अब प्रदेश का 9वां टाइगर रिजर्व बन गया है। देश के 58वें और प्रदेश के 9वें टाइगर रिजर्व पर जताई प्रसन्नता प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया 'एक्स' पर पोस्ट किया कि वन्य जीव प्रेमियों के लिए एक आश्चर्यजनक समाचार प्राप्त हुआ है। भारत वन्य जीव विविधता और वन्यजीवों के संरक्षण करने वाली संस्कृति से धन्य है। हम हमेशा हमारे वन्य प्राणियों की रक्षा करने और एक सतत् विकासशील ग्रह में जीवन कायम रखने में योगदान देने में सबसे आगे रहेंगे। 375 से अधिक वर्ग कि.मी. में फैला है टाइगर रिजर्व माधव टाइगर रिजर्व का आरक्षित वन क्षेत्र 32429.52 हेक्टेयर, संरक्षित वन क्षेत्र 2422.00 हेक्टेयर और राजस्व क्षेत्र 2671.824 हेक्टेयर है। इस प्रकार कुल क्षेत्र 37523.344 हेक्टेयर अथवा 375.233 वर्ग किलोमीटर है। टाइगर रिजर्व में अब बाघों की संख्या 7 हो जायेगी टाइगर रिजर्व में कुल बाघों की संख्या 5 है। इसमें 2 नर और 3 मादा शामिल हैं। बाघिन ने 2 शावकों को जन्म दिया है, जिनकी उम्र लगभग 8 से 9 माह है। सोमवार 10 मार्च को दो बाघ और छोड़े जाने से टाइगर रिजर्व में कुल बाघों की संख्या 7 हो जायेगी।   recent visitors 48

ओंकारेश्वर, उज्जैन और झाबुआ में धर्मशाला निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करायेंगे: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भगोरिया की मस्ती में झूमते-नाचते टोलियों को देखकर पाँव अपने आप लगते हैं थिरकने : मुख्यमंत्री डॉ. यादव झाबुआ जिले में जल प्रदाय के लिए अनास नदी को नर्मदा नदी से जोड़ने की योजना का होगा परीक्षण: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ओंकारेश्वर, उज्जैन और झाबुआ में धर्मशाला निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करायेंगे: मुख्यमंत्री डॉ. यादव कालका माता मंदिर से एम-2 होटल तक का होगा सड़क निर्माण भगोरिया में हुआ भव्य स्वागत, भगोरिया की मस्ती में झूमे मुख्यमंत्री भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि झाबुआ जिले की सांस्कृतिक विविधता एवं महत्व को परिलक्षित करते भगोरिया हाट में सम्मिलित होकर बहुत आनंद आया है। फागुन का रंग चढ़ रहा है। भगोरिया में मदमस्त टोलियों ने एक नए उत्साह का संचार किया है, मन प्रफुल्लित हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम स्थल पर ढोल-मांदल लिये नृत्य करते हुए दलों के साथ भगोरिया की मस्ती में झूम उठे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भील महासम्मेलन का भारत माता, क्रांतिसूर्य टंट्या भील, राणा पुंजा एवं शबरी माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन के साथ शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगोरिया में मस्ती में झूमते-नाचते टोलियों को देखकर पाँव अपने आप थिरकने लगते हैं। उन्होंने कहा कि झाबुआ में हजारों वर्षों से फागुन के माह में ढोल-मांदल की थाप पर भगोरिया उत्सव मनाया जाता रहा है, जो कि इसकी पहचान बन गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आप अपने पूर्वजों का अभिनंदन करें और संस्कृति और विरासत को बनाये रखें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय समाज के विकास के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हमारी सरकार तत्परता से कार्य कर रही है। अब रोजगार के लिये युवाओं को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार प्रत्येक क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के लिये प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनजातीय विद्यार्थियों के लिये मेडिकल कॉलेज सहित अन्य प्रोफेशनल कोर्स की नि:शुल्क कोचिंग शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज खोलने की नीति में बदलाव किया गया है। इसमें सबसे पहले जनजातीय बहुल अंचल में मेडिकल कॉलेज खोले जायेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सोलर पम्प योजना के तहत नि:शुल्क बिजली देकर हर खेत तक पानी पहुंचायेंगे। उद्योगों की स्थापना के लिये अनुदान नीति बनायी गयी है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि गरीबों के लिये नि:शुल्क एयर एम्बुलेंस सेवा की व्यवस्था की गयी है और दूध उत्पादकों को दूध उत्पादन पर 5 प्रतिशत बोनस तथा गाय खरीदने पर अनुदान दिया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झाबुआ जिले में जल प्रदाय के लिये अनास नदी को नर्मदा नदी से जोड़ने की योजना के परीक्षण के निर्देश दिये। उन्होंने ओंकारेश्वर, उज्जैन और झाबुआ में धर्मशाला निर्माण के लिये भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसी तरह झाबुआ में कालका मंदिर से एम-2 होटल तक सड़क निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झाबुआ कलेक्टर को निर्देश दिये कि कच्चे मकानों की सूची तैयार कर पीएम आवास योजना के तहत सर्वे करायें, जिससे सभी को पीएम आवास योजना में पक्के मकान उपलब्ध कराये जा सकें। दिलीप गेट पर स्थित पूर्व सांसद स्व. भूरिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झाबुआ में दिलीप गेट पर पूर्व सांसद स्व. दिलीप सिंह भूरिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने जनजातीय अंचल के विकास में उनके योगदान को याद किया। दिलीप क्लब पर भव्य स्वागत मुख्यमंत्री डॉ. यादव का दिलीप क्लब में भगोरिया पर्व पर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुनिर्मला भूरिया ने जनजातीय अंचल की झुलड़ी एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। साथ ही जनजातीय अस्मिता के प्रतीक तीर-कमान भेंट कर अभिनन्दन किया। भगोरिया गैर मुख्यमंत्री डॉ. यादव भगोरिया गैर में शामिल हुए। इसमें 250 से अधिक ढोल-माँदल की टोलियॉं शामिल हुईं। ये सभी सांस्कृतिक नृत्य करते हुए कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हुए। भगोरिया गैर का आनन्द देखते ही बनता था। जनजातीय समाज के लोग हर ओर मस्ती में झूमते, नृत्य करते हुए मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनन्दन कर रहे थे। महिला एवं बाल विकास मंत्री सुनिर्मला भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव का झाबुआ जिले में स्वागत है। उन्होंने बताया कि अंचल में उनके पिताजी एवं पूर्व सांसद स्व. भूरिया के प्रयासों से पेसा एक्ट को अधिनियमित किया गया, जिससे जनजातीय क्षेत्र में ग्राम सभाएँ सशक्त हुई हैं। आज अंचल में विभिन्न कार्यों से विकास की गंगा बह रही है। पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर ने कहा कि भील सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति से अंचल की सांस्कृतिक विरासत भगोरिया का आनंद और अधिक बढ़ गया है। उन्होंने भील समाज के उत्थान के लिए किये गये प्रयासों से अवगत कराया। कार्यक्रम में कलसिंह भाबर, राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री कनकमल कटारा और जनजातीय समाज के बंधु उपस्थित रहे।   recent visitors 39

सीएम डॉ मोहन यादव आज माधव टाइगर रिजर्व की सौगात देंगे, PM मोदी ने की तारीफ

भोपाल मध्य प्रदेश को नौवां बाघ अभयारण्य मिलने जा रहा है। सीएम डॉ मोहन यादव माधव टाइगर रिजर्व की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी जमकर सराहना की हैं। उन्होंने इसे वन्यजीव प्रेमियों के लिए आश्चर्यजनक खबर बताते हुए भारत की जानवरों की रक्षा करने की परंपरा पर गर्व जताया हैं। 10 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शिवपुरी के माधव नेशनल पार्क का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर एक बाघिन को भी रिलीज किया जाएगा। हाल ही में सीएम ने कहा था कि टाइगर स्टेट में नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। प्रदेश में पर्यटन को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। पर्यटक क्षेत्रों के होटल रिसॉर्ट फुल रहते हैं। माधव नेशनल पार्क चंबल में पर्यटन का नया क्षेत्र रहेगा। इससे नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर खुसी जाहिर की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा- वन्यजीव प्रेमियों के लिए आश्चर्यजनक खबर! भारत वन्यजीव विविधता और वन्यजीवों का जश्न मनाने वाली संस्कृति से धन्य है। हम हमेशा जानवरों की रक्षा करने और एक स्थायी ग्रह में योगदान देने में सबसे आगे रहेंगे। आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में 8 टाइगर रिजर्व हैं। ये टाइगर रिजर्व कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, पन्ना, सतपुड़ा, संजय दुबरी, नौरादेही और रातापानी हैं। अब माधव नेशनल पार्क के टाइगर रिजर्व बनने से यह संख्या 9 हो गई है। recent visitors 43

CG शराब घोटाले में ED का ऐक्शन, भूपेश बघेल के बेटे के घर और अन्य जगह रेड

रायपुर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले में बड़ा एक्शन लेते हुए 15 ठिकानों पर छापेमारी की है. इस एक्शन से राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के बेटे पर शिकंजा कस सकता है. ईडी ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के ठिकानों पर छापेमारी की है. ईडी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक कुल 15 ठिकानों पर रेड की गई है. यह मामला छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले से जुड़ा बताया जा रहा है. भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य का नाम इस मामले की जांच के दौरान सामने आया था. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पहले कहा था कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाले के कारण राज्य के खजाने को भारी नुकसान हुआ और शराब सिंडिकेट के लाभार्थियों की जेबों में 2100 करोड़ रुपये से अधिक की रकम भर गई। सूत्रों ने बताया, ईडी छत्तीसगढ़ शराब घोटाले के संबंध में दुर्ग जिले में 14 स्थानों पर पीएमएलए के तहत छापेमारी कर रही है। जिन जगहों पर छापेमारी चल रही है वो छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल से संबंधित हैं, जिसमें उनके बेटे चैतन्य बघेल और उनके करीबी सहयोगियों का आवास भी शामिल है। ईडी को पता चला है कि चैतन्य बघेल भी शराब घोटाले से उत्पन्न अपराध की आय का प्राप्तकर्ता है, जिसमें अपराध की कुल आय लगभग 2,161 करोड़ रुपये है, जिसे विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निकाला गया है। भूपेश बघेल ने आज सुबह सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट कर बताया, ''सात वर्षों से चले आ रहे झूठे केस को जब अदालत में बर्खास्त कर दिया गया तो आज ईडी के मेहमानों ने पूर्व मुख्यमंत्री, कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल के भिलाई निवास में आज सुबह प्रवेश किया है। अगर इस षड्यंत्र से कोई पंजाब में कांग्रेस को रोकने का प्रयास कर रहा है, तो यह गलतफहमी है।'' शराब घोटाले में पहले भी हुआ एक्शन बता दें कि इस मामले में ईडी पहले भी कई बड़े एक्शन ले चुकी है. इससे पहले जांच एजेंसी ने मई 2024 में पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा और रायपुर के मेयर एजाज ढेबर के भाई अनवर ढेबर समेत कई आरोपियों की लगभग 18 चल और 161 अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया था, जिसकी कीमत 205.49 करोड़ रुपये थी. इन आरोपियों की संपत्ति की गई थी कुर्क ईडी ने जो संपत्तियां कुर्क की थी, उसमें पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा की 14 संपत्ति शामिल थी, जिनकी कीमत 15.82 करोड़ रुपये थी. वहीं, 115 संपत्तियां अनवर ढेबर की थीं, जिसकी कीमत 116.16 करोड़ थी. इसके साथ ही विकास अग्रवाल की भी 3 संपत्तियां कुर्क की गई थीं, जिसकी कीमत 1.54 करोड़ थी. 33 प्रॉपर्टी अरविंद सिंह की थीं, जिसकी कीमत 12.99 करोड़ थी. अरुण पति त्रिपाठी की 1.35 करोड़ रुपये की एक संपत्ति को जब्त किया गया था. क्या है ईडी का आरोप ईडी के मुताबिक 2017 में शराब की खरीद और बिक्री के लिए CSMCL बनाई गई थी, लेकिन सरकार बदलने के साथ ही ये सिंडिकेट के हाथ का एक टूल बन गई. आरोप है कि CSMCL से जुड़े कामों के लिए सारे कॉन्ट्रैक्ट इस सिंडिकेट से जुड़े लोगों को ही दिए जा रहे थे. ED का दावा है कि सिंडिकेट ने अवैध शराब की बिक्री से 'बड़ा कमीशन' कमाया, ये रकम अनवर ढेबर को दी गई और फिर उसने इसे राजनीतिक पार्टी तक साझा किया.     recent visitors 54

चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम इंडिया पर पैसों की बारिश, न्यूजीलैंड को हारने पर भी मिले करोड़ों

नई दिल्ली भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 अपने नाम कर लिया है. 9 मार्च को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया. फाइनल में भारत को जीत के लिए 252 रनों का टारगेट मिला था, जिसने उसने 49वें ओवर की आखिरी बॉल पर हासिल कर लिया. भारतीय टीम की जीत में कप्तान रोहित शर्मा की अहम भूमिका रही. 'प्लेयर ऑफ द मैच' रोहित शर्मा ने 76 रन बनाकर जीत की नींव रखी. भारतीय टीम ने तीसरी बार चैम्पियंस ट्रॉफी जीती है. भारतीय टीम सबसे पहले साल 2002 के सीजन में चैम्पियन बनी थी. तब उसने श्रीलंका संग संयुक्त रूप से खिताब साझा किया था. फिर एमएस धोनी की अगुवाई में भारतीय टीम साल 2013 में चैम्पियन बनी. अब रोहित शर्मा की अगुवाई में भारत ने इतिहास रचा है. रोहित की तूफानी पारी, श्रेयस-राहुल ने भी दिखाया दम टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही. कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने मिलकर पहले विकेट के लिए 105 रनों की शतकीय साझेदारी कर दी. इस साझेदारी के दौरान रोहित शर्मा ज्यादा आक्रामक मूड में नजर आए. रोहित ने पांच चौके और तीन छक्के की मदद से सिर्फ 41 गेंदों पर अपनी फिफ्टी कर ली. वहीं गिल ने धीमी बल्लेबाजी की. भारत का पहला विकेट 19वें ओवर में गिरा, जब मिचेल सेंटनर ने गिल को ग्लेन फिलिप्स के हाथों कैच आउट करा दिया. गिल ने 1 छक्के की मदद से 50 बॉल पर 31 रन बनाए. इसके बाद भारत ने विराट कोहली का विकेट सस्ते में गंवा दिया, जो 1 रन बनाकर माइकल ब्रेसवेल की बॉल पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए. फिर भारतीय टीम ने कप्तान रोहित शर्मा का विकेट खो दियाा, जो बड़ा शॉट मारने की कोशिश में रचिनन रवींद्र की बॉल पर स्टम्प आउट हो गए. रोहित ने 83 गेंदों पर 76 रन बनाए, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे. रोहित शर्मा के आउट होने के समय भारत का स्कोर तीन विकेट पर 122 रन था. रोहित के आउट होने के बाद अक्षर पटेल और श्रेयस अय्यर ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 61 रनों की पार्टनरशिप करके भारत को संभाला. श्रेयस अय्यर अनलकी रहे कि वो अपनी फिफ्टी नहीं पूरी कर पाए. श्रेयस अय्यर ने 62 गेंदों पर 48 रन बनाए, जिसमें दो छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे. श्रेयस को मिचेल सेंटनर ने रचिन रवींद्र के हाथों कैच आउट कराया. फिर भारत ने अक्षर पटेल (29) का भी विकेट खो दिया, जो ब्रेसवेल की बॉल पर विलियम ओरोर्के को कैच थमा बैठे. श्रेयस अय्यर के आउट होने के समय भारत का स्कोर पांच विकेट पर 203 रन था. यहां से केएल राहुल ने नाबाद 34 रन बनाकर भारत को जीत की मंजिल तक पहुंचाया. हार्दिक पंड्या (18) और रवींद्र जडेजा (9*) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं. चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम इंडिया पर पैसों की बारिश टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जीत लिया है. भारत को ट्रॉफी जीतने के बाद करोड़ों रुपए की प्राइज मनी मिली है. भारत का फाइनल में न्यूजीलैंड से सामना हुआ. न्यूजीलैंड को हार के बावजूद मोटी रकम मिली है. वहीं सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों को भी प्राइज मनी मिली है. रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया को 20 करोड़ रुपए मिले हैं. भारत ने रविवार को खेले गए फाइनल मैच में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया. टीम इंडिया को 252 रनों का लक्ष्य मिला था. उसने यह 49 ओवरों में हासिल कर लिया. भारत को खिताब जीतने पर करीब 20 करोड़ रुपए मिले हैं. ये 2.24 मिलियन डॉलर होंगे. वहीं न्यूजीलैंड को फाइनल में हारने के बावजूद मोटी रकम मिली है. उसे 1.12 मिलियन डॉलर की प्राइज मनी मिली है. अगर इसे भारतीय मुद्रा में देखें तो करीब 9.74 करोड़ रुपए होंगे. सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों को भी मिली प्राइज मनी – आईसीसी ने सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों को भी प्राइज मनी दी है. भारत ने ऑस्ट्रेलिया को और न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को सेमीफाइनल में हराया था. इन दोनों टीमों को एक समान राशि मिली है. ऑस्ट्रेलिया को 4.87 करोड़ रुपए मिले हैं. वहीं दक्षिण अफ्रीका को भी इतनी ही प्राइज मनी मिली है. अफगानिस्तान और बांग्लादेश को भी मिला पैसा – अफगानिस्तान और बांग्लादेश की टीमें ग्रुप स्टेज तक ही सीमित रहीं. हालांकि इन दोनों को भी प्राइज मनी मिली है. बांग्लादेश और अफगानिस्तान को करीब 3-3 करोड़ रुपए मिले हैं. टूर्नामेंट में सातवें और आठवें नंबर पर रहने वाली टीमों पाकिस्तान और इंग्लैंड को करीब 1.22 करोड़ रुपए प्रति टीम के हिसाब से मिला है. भारत का टूर्नामेंट में ऐसा रहा प्रदर्शन – भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में शानदार प्रदर्शन किया. उसने एक भी मैच में हार का सामना नहीं किया. भारत ने ग्रुप मैचों में बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को हराया था. टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को रौंदा था. इसके बाद फाइनल में न्यूजीलैंड हराकर खिताब जीत लिया. भारतीय क्रिकेट टीम को पीएम मोदी ने दी बधाई, बोले-‘असाधारण खेल, असाधारण परिणाम’ न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर भारत ने तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। इस जीत के बाद टीम इंडिया को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई राजनेताओं ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने लिखा एक्स पर पोस्ट   भारतीय टीम की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘एक असाधारण खेल और एक असाधारण परिणाम। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी घर लाने के लिए हमारी क्रिकेट टीम पर गर्व है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। शानदार प्रदर्शन के लिए हमारी टीम को बधाई’। गृह मंत्री अमित शाह ने इन शब्दों के साथ दी भारतीय टीम को बधाई गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘एक ऐसी जीत जिसने इतिहास रच दिया आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में शानदार जीत हासिल करने पर टीम इंडिया को बधाई। मैदान पर आपकी जोशीली ऊर्जा और अजेय प्रभुत्व ने देश को गौरवान्वित किया और क्रिकेट उत्कृष्टता के लिए एक नया मानक स्थापित किया। आप हमेशा शानदार प्रदर्शन करें’। रक्षा मंत्री … Read more