असीरगढ़ किले के पास खेतों में मुगलकालीन सोने के सिक्के मिलने की अफवाह से लोग जुटे खुदाई में

बुरहानपुर मुगल शासकों की पसंदीदा जगह रहे बुरहानपुर जिले में इन दिनों सोने के सिक्के मिलने की अफवाह फैली हुई है। बताया जा रहा है कि इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाईवे के लिए की गई खोदाई के दौरान एक खेत से सोने के सिक्के निकले थे। यह स्थान जिला मुख्यालय से करीब 18 किमी दूर और असीरगढ़ किले के पास है। यह अफवाह तेजी से असीरगढ़ सहित आसपास के क्षेत्र में फैलने के बाद ग्रामीण रात में वहां पहुंच कर खोदाई कर रहे हैं। सिक्कों पर उर्दू और अरबी भाषा में कुछ लिखे होने की बात हालांकि, अब तक एक भी ऐसा मामला सामने नहीं आया है, जिसमें किसी ग्रामीण को सोने के सिक्के मिलने की पुष्टि हुई हो अथवा प्रशासन के पास उन्हें जमा कराया गया हो। क्षेत्र में चल रही चर्चाओं के मुताबिक ये सोने के सिक्के मुगलकाल के हैं। इनमें उर्दू अथवा अरबी भाषा में कुछ लिखा हुआ है। पुरात्तवविदों और कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन से इस मामले की जांच कराने की मांग की है। पहले भी मिले हैं सोने के सिक्के पुरातत्वविद और डीएटीसी के सदस्य कमरुद्दीन फलक के अनुसार एतिहासिक असीरगढ़ के किले में मुगल बादशाह के डर से तत्कालीन कई अमीरों ने शरण ली थी। उन्होंने अपना खजाना असीरगढ़ किले के पास ही जमीन में दबा दिया था। बाद में उनकी मृत्यु हो गई और खजाना वहीं गड़ा रह गया। पहले भी आसपास के क्षेत्र में मुगलकालीन सिक्के लोगों को मिल चुके हैं। कांग्रेस नेता अजय रघुवंशी ने भी जिला प्रशासन से पूरे मामले की सूक्ष्मता से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि यह अफवाह है तो इसे फैलाने वाले षड़यंत्र रच रहे हैं। उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। सराफा बाजार में सिक्के खपाए असीरगढ़ क्षेत्र के लोगों का कहना है कि कई खेत मालिकों और ग्रामीणों को सोने के सिक्के मिले हैं। उन्होंने इन सिक्कों को स्थानीय सराफा व्यापारियों के यहां खपा दिया है। हालांकि कैमरे के सामने कोई भी कुछ कहने को तैयार नहीं है, लेकिन जिस तरह से खेतों और पहाड़ियों में खोदे गए ताजा गड्ढे मिल रहे हैं, उससे यह तो साफ है कि ग्रामीण रात में वहां खोदाई कर सोने के सिक्कों की तलाश कर रहे हैं। recent visitors 57

अमेरिकी वैज्ञानिकों की चेतावनी, अंतरिक्ष में उठने वाला है भयानक तूफान

नई दिल्ली. अंतरिक्ष में बड़ी आंधी उठने वाली है। अमेरिकी वैज्ञानिकों ने चेतावनी जारी की है कि यह बड़ा सौर तूफान पृथ्वी से टकराने वाला है। ऐसे में इस बात को भी समझने की आवश्यक्ता है कि यह भारत को कितना प्रभावित करेगा। नासा के वैज्ञानिकों का कहना है कि यह इलेक्ट्रॉनिक संचार को प्रभावित कर सकता है। आपको बता दें कि सौर तूफान, कणों, ऊर्जा, चुंबकीय क्षेत्रों और सामग्री का अचानक विस्फोट है जो सूर्य के कारण सौर मंडल में विस्फोट होता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाला सौर तूफान दूरसंचार और उपग्रहों को बाधित कर सकता है। भारतीय वैज्ञानिक इस पर नजर बनाए हुए हैं। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के विशेषज्ञों ने कहा कि उन्होंने भारतीय उपग्रह ऑपरेटरों को सभी एहतियात बरतने के लिए सूचित किया है। अगले कुछ दिन पृथ्वी के लिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि तूफान नीले ग्रह की ओर बढ़ रहा है। भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान की डायरेक्टर डॉ. सुब्रमण्यन ने कहा, "कुछ दिन पहले सौर उर्जा भड़क उठी थी। वह मई में हुई भड़क के समान ही शक्तिशाली है। इसलिए हम मैग्नेटोस्फीयर में किसी तरह के हस्तक्षेप की उम्मीद करेंगे। लेकिन हम इंतजार करना और देखना चाहेंगे क्योंकि पृथ्वी से टकराने में कुछ दिन लगते हैं। हम आज रात या कल रात कुछ करने की उम्मीद करते हैं ताकि पता चल सके कि कुछ हो रहा है या नहीं।" डॉ. सुब्रमण्यन ने कहा, "भविष्यवाणियां हैं कि ऐसा हो सकता है या नहीं भी हो सकता है, हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा।" मई में आए शक्तिशाली सौर तूफान ने उत्तरी गोलार्ध में ऑरोरा डिस्प्ले का निर्माण किया। जब यह तूफान पृथ्वी की ओर आता है तो पृथ्वी के चुंबकीय क्षेत्र में एक बड़ी गड़बड़ी पैदा कर सकता है। इसे भू-चुंबकीय तूफान कहा जाता है। यह रेडियो ब्लैकआउट, बिजली की कटौती और ऑरोरा जैसे प्रभाव पैदा कर सकता है। हालांकि वे पृथ्वी पर किसी को भी सीधे नुकसान नहीं पहुंचाते हैं, क्योंकि ग्रह का चुंबकीय क्षेत्र और वायुमंडल हमें इन तूफानों से सबसे खराब होने से बचाता है। recent visitors 55

एशिया कप 2025 का फॉर्मेट होगा टी20, रोहित ओर विराट नहीं ले पाएंगे भाग

नई दिल्ली. एशिया कप की मौजूदा चैंपियन भारत की टीम है, जिसने 2023 में रोहित शर्मा की कप्तानी में एशिया कप जीता था। अब अगला एशिया कप कब होगा, इसकी जानकारी सामने आ गई है। हालांकि, रोहित शर्मा और विराट कोहली के फैंस के लिए एक बुरी खबर है। रोहित-विराट के फैंस को ये जानकर झटका लगेगा कि भले ही दोनों खिलाड़ी पिछले एशिया कप में खेले हों और टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई हो, लेकिन ये दोनों दिग्गज अगले एशिया कप में नहीं खेलेंगे, जो 2025 में आयोजित होने वाला है। इसके पीछे कारण आप यहां जान लीजिए। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया कप 2025 का आयोजन भारत में होना है। इसके अलावा 2027 में बांग्लादेश में एशिया कप आयोजित होगा। फिर पाकिस्तान 2029 में इसकी मेजबानी करता नजर आएगा। ये सभी टूर्नामेंट मेंस कैटेगरी में खेले जाएंगे। इसके अलावा भी एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी एसीसी पांच और टूर्नामेंट को आयोजित करता है, जिसमें वुमेंस एशिया कप, मेंस अंडर 19 एशिया कप, मेंस इमर्जिंग टीम्स एशिया कप, वुमेंस अंडर 19 एशिया कप और वुमेंस इमर्जिंग टीम्स एशिया कप शामिल है। इन टूर्नामेंट के मीडिया राइट्स के लिए एसीसी ने 170 मिलियन यूएस डॉलर बेस प्राइस रखा है। इस पर बोली लगेगी और अगल 8 साल के मीडिया राइट्स बेके जाएंगे। इसके अलावा बात इस पर करते हैं कि जब एशिया कप अगले साल यानी 2025 में भारत में खेला जाएगा तो फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली क्यों नहीं खेलेंगे? इसके पीछे का कारण है कि 2025 का एशिया कप टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। ऐसे में विराट और रोहित इस टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, क्योंकि दोनों ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट लिया हुआ है। 2025 में दिसंबर में इस टूर्नामेंट का आयोजन हो सकता है, क्योंकि फरवरी-मार्च में टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन होगा। इस टूर्नामेंट की तैयारियों के लिए ये टूर्नामेंट अहम होगा। recent visitors 129

हुड्डा का संकेत, कांग्रेस बना सकती है कुमारी शैलजा को हरियाणा का CM

चंडीगढ़. हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए मतगणना से पहले मुख्यमंत्री के नाम की चर्चा तेज हो चुकी है। तमाम एग्जिट पोल में राज्य में कांग्रेस की सरकार बनाने का अनुमान लगाया है। इस बीच कांग्रेस में खेमेबाजी शुरू हो चुकी है। हरियाणा कांग्रेस में कई नामों की चर्चा चल रही है। इस बच, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विश्वास जताया है कि उनकी पार्टी राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। साथ ही उन्होंने कहा है कि आलाकमान तय करेगा कि हरियाणा का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। एग्जिट पोल्स की बात करें तो 90 सीटों में से 50-58 सीटों पर कांग्रेस के खाते में जाती दिख रही हैं। हरियाणा में बहुमत के लिए सिर्फ 46 सीटों की आवश्यक्ता है। वहीं, यहां भाजपा जीत की हैट्रिक लगाने से दूर होती नजर आ रही है। भाजपा को 20-28 सीटों से संतोष करना पड़ सकता है। 2019 के विधानसभा चुनाव में भगवा पार्टी 40 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। हरियाणा में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कुमारी शैलजा का नाम भी उछाला जा रहे है। न्यूज-18 की रिपोर्ट के मुताबिक उनके बारे में जब कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि राजनीति ऐसी चीज है कि कोई भी आकांक्षा रख सकता है। उन्होंने कहा कि हालांकि एक प्रक्रिया होती है। विधायक अपनी राय देंगे और आलाकमान फैसला करेगा। हुड्डा ने कहा, "मुख्यमंत्री पद पर सभी का अधिकार होता है। यह लोकतंत्र है। आलाकमान जो भी फैसला करेगा, हम उसे स्वीकार करेंगे।'' भूपेंद्र हुड्डा ने कहा, "कुमारी शैलजा हमारी वरिष्ठ नेता हैं।" इससे पहले कांग्रेस के लिए एक प्रमुख दलित चेहरा और पांच बार सांसद रहीं कुमारी शैलजा ने गुरुवार को संकेत दिया कि मुख्यमंत्री पद के लिए शीर्ष नेताओं द्वारा उनके नाम पर विचार किए जाने की संभावना है। समाचार एजेंसी एएनआई ने उनके हवाले से कहा, "मुझे लगता है कि जिन नामों पर मुख्यमंत्री पद के लिए चर्चा होगी उनमें से एक मैं भी रहूंगी।''उन्होंने कहा कि आलाकमान कोई भी फैसला लेने से पहले वरिष्ठता और पार्टी में योगदान को ध्यान में रखेगा। आरको बता दें कि हरियाणा में सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान शनिवार को संपन्न हुआ। भाजपा अपने 10 साल के शासन को फिर से हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है, जबकि कांग्रेस सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है। सी-वोटर के अनुसार, कांग्रेस को 50-58 सीटें जीतने का अनुमान है, जबकि भाजपा को 20-28 सीटें जीतने की उम्मीद है। एग्जिट पोल में जेजेपी+ को 0-2 सीटें और इनेलो गठबंधन और आप को कोई सीट नहीं मिलने का अनुमान है। अन्य के खाते में 10-14 सीटें जा सकती हैं। पीपुल्स पल्स एग्जिट पोल सर्वे ने भविष्यवाणी की है कि कांग्रेस 49 सीटें जीत सकती है, जबकि इसने भाजपा को 24 सीटें दी हैं। इसने जेजेपी+ को एक सीट और इनेलो+ तथा आप को कोई सीट नहीं मिलने की भविष्यवाणी की है। सर्वे में अन्य को 16 सीटें मिलने की उम्मीद है। recent visitors 74

भोपाल के जहांगीराबाद में 16 साल से कैद महिला का शरीर बन गया था हड्डियों का ढांचा, पुलिस ने किया रेस्क्यू

भोपाल. शहर के जहांगीराबाद इलाके में सोलह साल से घर में कैद एक विवाहित महिला का शनिवार को भोपाल पुलिस ने रेस्क्यू किया। महिला को ससुराल वालों ने वर्ष 2008 से उसे कैद रखे थे और उसके बाहर जाने व मायके पक्ष के लोगों से मिलने पर पाबंदी लगा रखी थी। पीड़िता के पिता ने महिला थाना पुलिस को एक आवेदन देकर मदद मांगी थी। इसके बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और जहांगीराबाद के कोली मोहल्ले में पहुंची। पुलिस ने घर के भीतर पहुंचकर देखा तो पाया कि महिला बेहद कमजोर अवस्था में पलंग पर पड़ी थी। वह ठीक से बोलने की स्थिति में भी नहीं थी। पुलिस ने महिला को रेस्क्यू कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पिता ने की थी शिकायत पुलिस के अनुसार महिला थाना में किशन लाल साहू निवासी जिला नरसिंहपुर ने आकर शिकायती दिया था। उसमें उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री रानू साहू का विवाह 2006 में किया गया था। वर्ष 2008 के बाद से ससुराल वालों ने पुत्री को उनसे मिलने नही दिया है। पुत्री के बेटे और बेटी को भी उससे दूर कर कहीं भेज दिया गया है। ससुराल पक्ष पर कड़ी कार्रवाई की मांग फरियादी पिता ने पत्र में यह भी लिखा कि ससुराल में उनकी पुत्री को प्रताड़ित किया जा रहा है। उसकी हालत खराब होने के बारे में पड़ोसियों से सूचना मिली। उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई कि पुत्री का घर से रेस्क्यू कर घर से रेस्क्यू किया जाकर उपचार दिलाया जाए एवं ससुराल पक्ष के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। मामले की शिकायत मिलने के बाद महिला थाना पुलिस ने जहांगीराबाद पुलिस स्टाफ की मदद से महिला रानू को रेस्क्यू किया गया। बेहद कमजोर हालत में मिली महिला पलंग पर पड़ी रानू की हालत देखकर पुलिस भी दंग रह गई। 16 बरस से घर में कैद रानू बेहद कमजोर हालत में थी। चमड़ी हड्डियों से चिपक गई थी। वह बोलने की स्थिति में भी नही थी। उसकी गंभीर हालत देख पुलिस ने उसे स्वजन के साथ अस्पताल भेजकर भर्ती कराया। recent visitors 108

खंडवा: महिला की नर्मदा नदी के खेड़ीघाट पर साड़ी बांधकर करवाई डिलेवरी

खंडवा. इंदौर-इच्छापुर सड़क मार्ग पर मोरटक्का में नर्मदा नदी के खेड़ीघाट पर महिला का प्रसव साड़ी की आड़ में करवाना पड़ा। वायरल हो रहे वीडियो में स्थानीय महिलाओं द्वारा प्रसव करवाने का उल्लेख करते हुए महिला स्वास्थ्यकर्मी पर सहयोग नहीं करने के आरोप लगाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सूचना पर नर्स को वहां भेजा गया था, उसने प्रसव करवाया और महिला तथा नवजात को स्वास्थ्य केंद्र लाकर इलाज किया गया। दोनों स्वस्थ हैं। महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। महिला को प्रसव पीड़ा हुई तो तखत पर लेट गई बताया जाता है महिला और उसका पति खेड़ीघाट पर ही रहकर गुजर-बसर करते हैं। शनिवार सुबह से पति काम पर गया हुआ था। घाट पर महिला को प्रसव पीड़ा हुई तो वहीं तखत पर लेट गई। वहां मौजूद आसपास की महिलाओं ने उसकी मदद की। सूचना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को दी गई। एएनएम ने कहा- प्रसव हो चुका था एएनएम मंजुला भालेराव ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंची तो सामान्य प्रसव हो चुका था। प्राथमिक चिकित्सा के बाद स्वास्थ्य केंद्र लाकर नवजात का टीकाकरण व दोनों का उपचार किया गया। लापरवाही जैसी कोई बात नहीं है। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। recent visitors 161

भारत और बांग्लादेश की तीन मैच की टी20 सीरीज ग्वालियर में आज से होगी शुरू, 3 प्लेयर कर सकते हैं डेब्यू

ग्वालियर भारत और बांग्लादेश के बीच कल से ग्वालियर में शुरू होने वाली तीन मैच की टी20 सीरीज में अपनी तेज गेंदबाजी के कारण क्रिकेट जगत का ध्यान खींचने वाले मयंक यादव की फॉर्म और फिटनेस की परीक्षा होगी जबकि अन्य युवा खिलाड़ियों के पास भी अपनी चमक बिखेरने का यह शानदार मौका होगा। मयंक ने इस साल के शुरू में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान लगातार 150 किमी की रफ्तार से गेंदबाजी करके लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा था लेकिन पसलियों में खिंचाव के कारण उन्हें टूर्नामेंट के बीच से ही हटना पड़ा था। मयंक के अलावा ये भी कर सकते हैं डेब्यू अमूमन किसी भी खिलाड़ी को राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिए घरेलू क्रिकेट में अपनी फिटनेस साबित करनी पड़ती है लेकिन 22 वर्षीय मयंक को उनके विशेष कौशल के कारण भारतीय टीम में जगह दी गई है। बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में उनकी फॉर्म और फिटनेस की परीक्षा होगी। अभी यह देखना होगा कि उन्होंने जिस सटीकता और नियंत्रण के साथ आईपीएल में गेंदबाजी की थी, वह उसी की तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गेंदबाजी कर सकते हैं या नहीं। मयंक के अलावा बांग्लादेश के खिलाफ इस सीरीज में दिल्ली के तेज गेंदबाज हर्षित राणा और ऑलराउंडर नीतीश कुमार को भी भारत की तरफ से पदार्पण का मौका मिल सकता है। अभिषेक शर्मा के पास है बेहतरीन मौका न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज को देखते हुए शुभमन गिल, ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल, मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज से विश्राम दिया गया है। कप्तान सूर्यकुमार यादव और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या टीम में शामिल दो बड़े नाम हैं। उनके अलावा टी20 विश्व कप की विजेता टीम में शामिल रहे शिवम दुबे और अर्शदीप सिंह को भी इस सीरीज के लिए टीम में चुना गया है। सीनियर खिलाड़ियों को विश्राम दिए जाने के कारण अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों के पास अपना कौशल दिखाने का यह बेहतरीन मौका है। अभिषेक ने जिंबॉब्वे के खिलाफ शतक लगाया था। बांग्लादेश के खिलाफ उनके साथ संजू सैमसन पारी की शुरुआत कर सकते हैं। पराग नहीं दिखा पाए आईपीएल जैसी फॉर्म रियान पराग को जुलाई के बाद भारत की तरफ से छह टी20 मैच में खेलने का मौका मिला है लेकिन वह इनमें आईपीएल जैसी फॉर्म नहीं दिखा पाए। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी इस सीरीज से वापसी करेंगे। रवि बिश्नोई टीम में शामिल दूसरे विशेषज्ञ स्पिनर हैं। रिजर्व विकेटकीपर के रूप में चुने गए जितेश शर्मा ने जून में आईपीएल के बाद कोई मैच नहीं खेला है। उन्हें अभी तक जिन नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में खेलने का मौका मिला है उनमें वह अपना जलवा दिखाने में नाकाम रहे हैं। भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ इन तीन मैच के बाद अगले महीने दक्षिण अफ्रीका में चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। उस सीरीज के लिए भी भारत के सीनियर खिलाड़ी उपलब्ध नहीं रहेंगे क्योंकि तब भारतीय टीम टेस्ट सीरीज खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर होगी। ग्वालियर में 14 साल के बाद ऐसा होगा जहां तक बांग्लादेश का सवाल है तो उसे अपने स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन के बिना खेलने की आदत डालनी होगी। शाकिब ने पिछले महीने टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। भारत ने टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश को दोनों मैच में हराया था लेकिन उसकी टी20 टीम के अधिकतर खिलाड़ी उस टीम का हिस्सा नहीं थे। यह मैच श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्टेडियम में खेला जाएगा जिससे ग्वालियर में 14 साल के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की भी वापसी होगी। इस शहर में आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच वनडे के रूप में 2010 में खेला गया था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए इस मैच में सचिन तेंदुलकर वनडे में दोहरा शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने थे। भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, रियान पराग, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, मयंक यादव। बांग्लादेश: नजमुल हुसैन शंटो (कप्तान), तंजीद हसन तमीम, परवेज हुसैन एमोन, तौहीद हृदोय, महमूद उल्लाह, लिटन कुमेर दास, जेकर अली अनिक, मेहदी हसन मिराज, महेदी हसन, रिशाद हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद, शोरफुल इस्लाम , तंजीम हसन साकिब, रकीबुल हसन। recent visitors 92