घर में प्रदर्शनकारियों को देखकर फरार, राजस्थान-अलवर में पानी को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को पार्षद ने धमकाया

केकड़ी. केकड़ी में सरवाड़ थाना क्षेत्र के जडाना ग्राम में शनिवार शाम ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर अस्पताल पहुंची सरवाड़ थाना पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और आज सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम को हुए एक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इस हादसे में अपने खेतों की तरफ पैदल जा रहे एक 20 वर्षीय युवक को एक ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जडाना निवासी नवल किशोर शर्मा पुत्र मुकेशचंद्र शर्मा पैदल किसी काम से अपने खेतों की तरफ जा रहा था, इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना युवक के परिजनों को दी, जिस पर युवक के परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को एक निजी वाहन से सरवाड़ के राजकीय अस्पताल लेकर गए लेकिन उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना पाकर सरवाड़ थाने के हेड कांस्टेबल कजोड़ मीणा मय पुलिस जाब्ता अस्पताल पहुंचे और शव को मोर्चरी में रखवाया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। recent visitors 86

युवक की मौत के बाद परिजनों में मचा कोहराम, राजस्थान-अलवर में दो बाइकों की भिड़ंत

अलवर. अलवर के बेहतुकला थाना अंतर्गत ग्राम नंगला केसरिया के पास दो बाइकों में भिड़ंत हो गई, जिसमें 22 साल के युवक की मौत हो गई। मृतक के परिजन बने सिंह ने बताया कि कल रात को मृतक हरेंद्र (22) साल पुत्र दशरथ गांव नगला केसरिया से जंगल की ओर बाइक से जा रहा था। गांव से बाहर निकलते ही सामने से तेज रफ्तार से आ रही दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे हरेंद्र मौके पर गंभीर घायल हो गया, जिसे कठूमर सीएचसी ले जाया गया। वहां से डॉक्टर ने उसे अलवर के लिए रेफर कर दिया, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बता दें कि मृतक हरेंद्र नगला केसरिया का रहने वाला था। ये कुल मिलाकर दो भाई थे। इसमें से हरेंद्र जयपुर में एक होटल में काम करता था। मृतक के पिता मजदूरी करते हैं। यह करीब 10 दिन पहले गांव आया था और आज वापस जयपुर जाने वाला था। जिसकी दशहरे की रात को मौत हो गई। इस घटना से परिवार में मातम छा गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। recent visitors 84

सात पुलिसकर्मी निलंबित, राजस्थान-अलवर में साइबर सेल ने अपनी ही एसपी की कर डाली जासूसी

अलवर. भिवाड़ी में पुलिस की साइबर सेल अपनी ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) की   जासूसी कर रही थी और तंत्र भी पुलिस का ही इस्तेमाल किया जा रहा था। मामले का खुलासा होने पर एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने साइबर सेल के इंचार्ज सहित सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इनमें सब इंस्पेक्टर श्रवण जोशी, हेड कांस्टेबल अवनीश कुमार, कांस्टेबल भीम, रोहिताश, सतीश, राहुल, दीपक शामिल हैं। पता चला है कि साइबर सेल का इंचार्ज श्रवण जोशी ही एसपी के मोबाइल नंबर की लोकेशन निकलवा रहा था। यह काम कब से हो रहा था, इसकी जानकारी तो फिलहाल नही मिली है लेकिन बताया जा रहा है कि दस से अधिक बार एसपी की लोकेशन निकाली गई और लोकेशन लेने के लिए जिस नंबर का इस्तेमाल किया जाता था, उसकी चेटिंग को भी डिलीट कर दिया गया। यह लोकेशन केवल शनिवार और रविवार की ही निकाली जा रही थी। इसका उद्देश्य एसपी को बिना बताए छुट्टी करने का बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस इस तर्क को खारिज कर रही है। बहरहाल पूरे प्रकरण की रिपोर्ट मुख्यालय भेजी गई है और इसकी जांच एससी-एसटी सेल के डीएसपी को दी गई है। प्रदेश के पुलिस महकमे में यह अपनी तरह का पहला मामला है और इसलिए सब चुप्पी साधे हुए हैं। एसपी की जासूसी का असली मकसद और इसमें शामिल अन्य चेहरों का खुलासा जांच के बाद ही होगा। वैसे शक की सुई श्रवण जोशी पर ही टिकी है। इस मामले की सूचना मिलते ही आईजी अजय पाल लाम्बा भी कल शाम भिवाड़ी पहुंच गए हैं और उन्होंने जासूसी करने वालों को एसपी ऑफिस बुलाकर बात भी की है। आज वे अधिकारियों की बैठक भी लेंगे, जिसमें इस प्रकरण पर और चर्चा की जाएगी। recent visitors 104

आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल, राजस्थान-अलवर में खेत की विवादित डोल पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष

अलवर. जिले के तिजारा थाना क्षेत्र के गांव डोटाना में कल रात खेत पर डोल के विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में खूनी संघर्ष छिड़ गया। इसमें करीब आधा दर्जन महिला और पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो को गंभीर हालत में अलवर रैफर किया गया है। जानकारी के अनुसार तिजारा के डोटाना गांव निवासी शेर मोहम्मद और उसके पुत्र का परिवार के मुनफेद, गफ्फार, इलियास, अब्बास और शाहिद समेत करीब आधा दर्जन लोगों के साथ जमीन की डोल को लेकर विवाद हो गया था। शेर मोहम्मद के परिवार ने पुलिस थाने में इसकी सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उस समय तो किसी तरह मामला शांत करा दिया लेकिन उसके कुछ देर बाद रात करीब 10 बजे दोनों पक्ष आपस में फिर से भिड़ गए। जिसमें राहिल, साहुनी, शेर मोहम्मद और खुशिमन घायल हो गए, वहीं दूसरे पक्ष के मुनफेद और गफ्फार भी लाठी फरसी चलने से गंभीर घायल हो गए। बाद में राहील और मुनफेद को गंभीर हालत में अलवर रैफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार तिजारा अस्पताल में किया जा रहा है। यह झगड़ा जिस जमीन की डोल को लेकर हुआ उस पर दोनों पक्ष अपना हक जता रहे हैं और इसी के चलते कल लाठी-फरसे चल गए। recent visitors 94

खंडेलवाल समाज ने जताया हक, राजस्थान-अलवर में खाली जमीन पर प्रतिमा स्थापना पर बवाल

अलवर. शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत खंडेलवाल स्कूल के पास कुछ लोगों ने खाली जमीन पर हनुमानजी प्रतिमा स्थापित कर दी, जिसे लेकर तगड़ा हंगामा खड़ा हो गया। खंडेलवाल समाज इस जमीन को अपना बता रहा है, वहीं लोगों का कहना है कि स्कूल के पास की यह जमीन सरकारी है। लोगों ने बताया कि आज हमने इस जमीन पर हनुमानजी का पाठ किया और पूरे विधि-विधान के साथ मूर्ति  स्थापित की। इस दौरान सभी मोहल्लेवासियों द्वारा आपसी चंदा इकट्ठा कर भगवान हनुमानजी के भंडारे का आयोजन भी किया गया था, जिसमें आसपास के लोगों के अतिरिक्त खंडेलवाल समाज के कुछ लोग भी भंडारे में आए थे। यह जमीन पिछले करीब 300 वर्षों से खाली पड़ी हुई थी, जिस पर पिछले 30 सालों से भंडारे और प्याऊ का आयोजन किया जाता है। लोगों ने बताया कि इस खाली पड़ी जमीन पर कुछ लोगों ने हनुमान मूर्ति का प्रतिष्ठा की। दिन भर कार्यक्रम चला लेकिन कोई रोक-टोक करने वाला नहीं आया लेकिन रात होते-होते खंडेलवाल समाज के कुछ लोग इस जमीन को अपनी बताकर मंदिर हटाने का दवाब बना रहे हैं और महिलाओं के बैठने के लिए चबूतरा बनाए जाने के नाम पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि अभी इस मंदिर का निर्माण नहीं किया जाता तो भी हमें कोई दिक्कत नहीं है लेकिन यहां हर रोज पूजा-अर्चना और आरती जैसी गतिविधियां होती रहेंगी अगर किसी व्यक्ति विशेष ने मंदिर को हटाने की कोशिश की तो हम चुप नहीं बैठेंगे। इधर खंडेलवाल समाज के अध्यक्ष ने बताया कि यह स्कूल की जमीन है जो पिछले 100 सालों से हमने खाली छोड़ रखी थी। हमें यहां प्रतिमा स्थापित किए जाने के बारे में जानकारी नहीं थी लेकिन जैसे ही देर शाम को इस बारे में पता लगा तो हमने समाज के लोगों को एकजुट कर आपत्ति दर्ज कराई।  मौके पर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद लोगों की भीड़ बढ़ती गई और हंगामा शुरू हो गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने होने के बाद अलग-अलग तर्क के साथ अपनी बात बताते हुए नजर आए। उधर खंडेलवाल समाज के लोगों को कहना है कि यह जमीन हमारे स्कूल की जमीन है और हम इस पर भविष्य में निर्माण करने वाले थे। इस प्रकार से यदि कोई धर्म के नाम पर साजिश करके हमारी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करेगा तो समाज भी चुप बैठने वालों में से नहीं है। recent visitors 161

गंभीर हालत में जयपुर रैफर, राजस्थान-अलवर में नशेड़ी बदमाशों ने युवक के सिर पर फोड़ी 6 बोतलें

अलवर. शहर के अरावली विहार थाना अंतर्गत इंदिरा गांधी स्टेडियम के समीप कल दोपहर तीन कुख्यात बदमाशों ने शराब के नशे में  एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के सोनावा निवासी 29 वर्षीय विनोद सैनी शिवाजी पार्क में मजदूरी कर दोपहर में खाना खाने के लिए अपने घर आ रहा था, तभी रास्ते में स्टेडियम के समीप पड़ोसी विजयपाल, अजीत और पवन ने उसे घेर लियाऔर उसके सिर पर पहले कातले से वार किया और उसके बाद ताबड़तोड़ 6 बोतलें उसके सिर पर फोड़ डाली। गौरतलब है कि स्टेडियम के पीछे ही शराब का ठेका है, जहां आए दिन शराब पीकर खुलेआम गुंडागर्दी होती है। बड़ी बात तो यह है कि पुलिस थाना भी स्टेडियम के पास ही है लेकिन इसके बावजूद यहां इस तरह की  गुंडागर्दी आम बात हो चुकी है। पीड़ित विनोद सैनी का कहना है कि किसी पुरानी रंजिश को लेकर उन्होंने हमला किया है, जबकि उसका उनसे कोई झगड़ा नहीं था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति विजयपाल को हिरासत में ले लिया है। पुलिस बाकी दो बदमाशों की भी तलाश कर रही है, जो घटना के बाद ही फरार हो गए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के बारे में पकड़े गए आरोपी विजयपाल से पूछताछ कर रही है ताकि उन्हें भी हिरासत में लिया जा सके। recent visitors 74

उधार शराब नहीं देने पर हाईप्रोफाइल ड्रामा, राजस्थान-अलवर में पानी की टंकी पर चढ़ा युवक

अलवर. जिले के खेड़ली कस्बे में समीपवर्ती गांव खेरली रेल में एक शराबी युवक ने उधार की शराब नहीं मिलने पर हंगामा खड़ा कर दिया और पानी की टंकी पर जा बैठा। विकास जाटव नाम के इस युवक ने ग्राम पंचायत के सरपंच प्रशांत सिंह के पास जाकर बीयर की बोतल की मांग की। इस पर सरपंच ने अधिक शराब पीने पर युवक को डांटकर घर भेज दिया। इसके बाद नाराज युवक गांव में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया और जबरदस्त हंगामा किया, जिससे भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही खेड़ली थाना पुलिस और सरपंच मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी समझाइश के बाद बड़ी मशक्कत से युवक को नीचे उतारा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने युवक द्वारा आत्महत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है। उधर गांव वालों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे शोले फिल्म के पानी की टंकी वाले सीन से जोड़कर देख रहे हैं। लोगों का कहना है कि फिल्म में हीरो बसंती के लिए पानी की टंकी पर चढ़ा था और यहां यह युवक शराब के लिए। recent visitors 126