भाजपा में बढ़ी अंदरूनी कलह, राजस्थान-अलवर की रामगढ़ सीट से कांग्रेस से आर्यन खान तय!

अलवर. रामगढ़ उपचुनाव में भाजपा की तरफ से प्रत्याशी घोषित होने के बाद एक तरफ जहां पार्टी में खुलकर बगावत शुरू हो गई है, वहीं कांग्रेस में बिना किसी विवाद के आर्यन जुबेर खान के नाम पर मोहर लग गई है। पार्टी ने यह फैसला कल देर शाम रामगढ़ की बैठक में लिया। इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह, सांसद भंवरलाल जाटव, विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली के अलावा कांग्रेस के संभाग प्रभारी रमेश खंडेलवाल ओर और जिला अध्यक्ष योगेश मिश्रा सहित अनेक नेता मौजूद थे। बैठक में रामगढ़ से पार्टी टिकट के दावेदार आर्यन खान भी शामिल हुए। राष्ट्रीय सचिव जितेंद्र सिंह ने कहा कि रामगढ़ में जो भी विकास कार्य हुआ है, वह जुबेर खान की बदौलत ही हुआ है। बीजेपी केवल धर्म के नाम पर वोट मांगती रही है। उन्होंने सरकार को चैलेंज देते हुए कहा कि वो दस महीने के शासनकाल में एक काम बता दें और रामगढ़ से वोट ले ले। इस सरकार ने केवल कांग्रेस सरकार के कामों को बंद करने काम किया है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि दस महीने से प्रदेश में यह लग ही नहीं रहा कि सरकार है भी या नही। दस महीने से सरकार नहीं सर्कस चल रहा है। इस अवसर पर आर्यन जुबेर खान ने कहा कि ये चुनाव उनके पिता को श्रद्धांजलि के तौर पर लड़ा जाएगा क्योंकि उन्होंने रामगढ़ को अपना घर समझकर जो काम किए हैं, वे किसी से छिपे नहीं हैं।इस बैठक के बाद आर्यन के नाम पर पार्टी ने  लगभग अपनी मोहर लगा दी है और यह तय नजर आ रहा है कि कांग्रेस की ओर से वे ही चुनाव लड़ेंगे। अब रामगढ़ में चुनावी मुकाबला कांग्रेस के आर्यन खान और भाजपा के सुखवंत सिंह के बीच ही होगा। इधर सुखवंत को टिकट देने से जय आहूजा बगावत पर उतरे हुए हैं। अब उनका ये विरोध भाजपा के सामने क्या मुसीबत पैदा करता है यह तो समय ही बताएगा। recent visitors 70

जांच में जुटी पुलिस, राजस्थान-अलवर में देर रात लाठियों से पीटकर व्यक्ति की हत्या

अलवर. किशनगढ़ बास थाना क्षेत्र में 50 वर्षीय एक व्यक्ति के साथ पुरानी रंजिश के चलते लाठी डंडे से कल देर रात हमला कर दिया गया,  जिसमें युवक गंभीर घायल हो गया था। इस व्यक्ति ने रात में ही उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार बिदरका निवासी मृतक के भतीजे बलवंत ने बताया कि मेरा चाचा मृतक सतनाम कल मजदूरी करके वापस अपने घर आ रहा था। उस समय घात लगाकर बैठे हमारे पड़ोसियों ने रंजिश के चलते रविन्द्र, संदीप, सन्तोक सिंह सहित कई लोगों ने लाठी डंडे से हमला कर दिया। उसको मौके पर मौजूद लोगों ने  बीचबचाव कर बचा लिया, लेकिन मेरा चाचा वहां से जान बचाकर भाग लिया, लेकिन वह लोग मेरे चाचा का पीछा करते हुए भिवाड़ी थाना क्षेत्र के बिलासपुर पहुंच गए और वहां भी लाठी डंडों से बुरी तरह पीटा। जिसमें मेरे चाचा के सिर में गहरी चोट लग गई। जिसकी सूचना हमको फोन के माध्यम से पता लगी मौके पर पहुंचकर हमने सतनाम सिंह को तिजारा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां चाचा की हालत नाजुक बनी हुई थी, जिसको अलवर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, जहां चाचा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। भतीजे बलवंत सिंह ने बताया कि यह लोग आए दिन हमारे साथ गाली गलौज और मारपीट को उतारू हो जाते हैं। ये लोग दबंग प्रवृत्ति के लोग हैं। कुछ दिन पहले इन्होंने हमारे ऊपर चोरी और बलात्कार का झूठा मुकदमा भी दर्ज कराया था। उसी को लेके हमारी रंजिश बनी हुई थी। यह लोग हमारे ऊपर बार-बार दवाब बनाते थे कि राजीनामा कर लो और कुछ पैसे दे दो हम मुकदमा वापस ले लेंगे जो हमको मंजूर नहीं था। पूरे गांव वाले भी हमारे साथ थे, जिसके चलते हमने इनको पैसे नहीं दिए। इसी बात को लेके कल उन्होंने मेरे चाचा पर हमला कर जान से मार दिया, जिसकी लिखित शिकायत मौके पर मौजूद पुलिस को दे दी गई है। किशनगढ़ बास थाना ASI ज्ञान चंद ने बताया कि टेलीफोन के जरिए सूचना लगी कि बिदरका निवासी किसी व्यक्ति की लाठी डंडों से मारपीट कर हत्या कर दी गई। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर मृतक के पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू करवा दी है। वहीं मृतक के परिवार ने कुछ लोगों के खिलाफ नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। ASI ने बताया कि परिजनों ने कहा है कि किसी रंजिश के चलते कर देर रात हमला किया गया, जिसमें सतनाम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जिसकी जांच की जा रही है। recent visitors 73

कार्यक्रम में टकराने पर केस दर्ज, राजस्थान-अलवर में विधायक के बेटे और पूर्व एमएलए के समर्थकों में झड़प

अलवर. बहरोड़ के मांडण क्षेत्र में बहरोड़ के विधायक डॉ. जसवंत सिंह यादव के बेटे मोहित यादव और पूर्व विधायक बलजीत यादव के समर्थकों में झड़प हो गई। मामले की सूचना लगते ही मांडण पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी में सामने आया है कि दोनों ही क्षेत्र में एक कार्यक्रम में भाग लेने गए थे। मांढन में दोनों की गाड़ियों का आमना-सामना हुआ। बलजीत यादव के चालक ने मोहित यादव की गाड़ी को टक्कर मार दी, जिसके बाद माहौल बिगड़ गया। दोनों नेताओं के समर्थकों में मारपीट हो गई। उसके बाद मांडन पुलिस थाने में बीजेपी नेता मोहित यादव पहुंचे और मामला दर्ज कराने के लिए एफआईआर दर्ज कराई। बहरोड़ के वर्तमान विधायक डॉ. जसवंत सिंह यादव पर बलजीत यादव के विधायक रहने के दौरान अभद्र टिप्पणी और जसवंत सिंह यादव के बेटे पर जानलेवा हमला करवाने की रंजिश चली आ रही है। करीब तीन साल पहले बर्दोद के बाद बहरोड़ के पूर्व विद्यायक बलजीत यादव ने अपने समर्थकों से मोहित यादव पर जानलेवा हमला करवाया था, जिसके बाद बहरोड़ की राजनीति गरमा गई थी। रविवार की शाम को दोनों ही नेताओं के समर्थक आमने- सामने हो जाने के बाद राजनीति गरमा गई है। मांडन थाना प्रभारी बाबूलाल मीणा ने बताया कि रविवार शाम को बहरोड़ के भाजपा नेता मोहित यादव और पूर्व विधायक बलजीत के समर्थकों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। मौके पहुंच कर मामले की जानकारी ली। साथ ही घटना के दौरान मारपीट करने वाले दो लोगों को हिरासत में लिया है। पूरा मामला क्या है ये जांच के बाद ही पता चल पाएगा। recent visitors 101

बिज़नेस पार्टनर दो सगे भाइयों ने हड़पी रकम, राजस्थान-अलवर में प्याज व्यापारी से 27 लाख की धोखाधड़ी

अलवर. शहर की सब्जी मंडी में प्याज के एक व्यापारी के साथ दो सगे भाइयो ने धोखाधड़ी करते हुए 27 लाख से अधिक की रकम हड़प ली। व्यापारी इनसे बार-बार रकम का तकादा करता रहा लेकिन ये दोनों व्यापारी को झांसा देते रहे और अंत में रुपये नहीं दिए। दोनों भाई पंकज कुमार और विष्णु कुमार काफी समय से व्यापारी से माल ले रहे थे। परिवादी ने कराया थाने में मामला दर्ज कराया है। थाना प्रभारी दिनेश चंद्र बताया फरवरी माह में परिवादी व्यापारी सुरेंद्र ने थाने पर उपस्थित होकर एक मामला दर्ज कराया कि साहबाबाद, गाजियाबाद के दो व्यापारियों ने उससे 73 लाख का माल लिया था, जिसमें से उन्होंने 45 लाख का पेमेंट वापस कर दिया और बाकी 27 लाख 58 हजार 912 रु बकाया चल रहे थे, जो इन लोगों ने नहीं दिए। इस प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टीम ने दोनों आरोपियों को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। आज दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। अब पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी हुई है। व्यापारी के लिए चिंता तब और बढ़ गई जब इस बार प्याज बहुत महंगा बिका और व्यापारी विश्वास पर इनको प्याज देता रहा लेकिन जब रकम अटकी तो व्यापारी चिंतित हो उठा और तुरंत पुलिस में मामला दर्ज कराया। recent visitors 118

नकली व मिलावटी कलाकंद जब्त, राजस्थान-अलवर में खाद्य सुरक्षा दल की छापामारी

अलवर. अलवर में खाद्य सुरक्षा विभाग के दल ने नकली व मिलावटी कलाकंद पकड़ा है। मौके पर कार्रवाई के दौरान मिल्क पाउडर के कटटे रिफाइंड तेल के पीपे, सूजी की बोरियां मिली है। खाद्य सुरक्षा दल द्वारा प्रतिष्ठा के मालिक को फोन पर बात करके मौके पर आने को कहा गया, लेकिन प्रतिष्ठान का मालिक मौके पर नहीं पहुंचा। वहां उपस्थित हलवाई और कर्मचारियों द्वारा यह बताया गया की कि उनके द्वारा मिल्क पाउडर सूजी और रिफाइंड तेल मिलाकर कलाकंद बनाया जा रहा है जोकि आसपास के होटल एवं रेस्टोरेंटों पर दूध से निर्मित कलाकंद के नाम पर बेचा जाता है। प्रतिष्ठान के मालिक सहीराम पुत्र राम सिंह निवासी जनकपुर नीमराना द्वारा मिलावटी कलाकंद को 150 से 160 रुपए किलो में आसपास के सभी होटल एवं रेस्टोरेंटों पर सप्लाई किया जा रहा था जोकि दूध निर्मित कलाकंद बता कर 400 से 450 रुपए किलो भाव में बेचा जा रहा है। मौके पर कलाकंद एवं मावे का सैंपल लिया गया। इसको जांच के लिए जयपुर प्रयोगशाला में भेजा गया है। मौके पर मिला 50 किलो दूषित कलाकंद एवं 60 किलो बदबूदार मावे को मौके पर ही नष्ट कराया गया। जांच दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोशन लाल यादव एवं महिपाल गुर्जर उपस्थित रहे। यह मिलावटी ओर नकली कलाकंद बड़े पैमाने पर तैयार हो रहा था और इसकी सप्लाई बसों के जरिये दिल्ली और राजस्थान के विभिन्न शहरों में धड़ल्ले से हो रही थी। recent visitors 64

मौत की अचानक खबर सुन परिजनों ने किया बवाल, राजस्थान-अलवर के युवक को तिहाड़ जेल ले गयी दिल्ली पुलिस

अलवर. साइबर फ्रॉड के मामले में दिल्ली पुलिस की ओर से अलवर के तूलेड़ा से गिरफ्तार कर ले गए एक युवक की वहां मौत हो गई। सोमवार की रात 11 बजे तक मृतक के परिजन व ग्रामीणों ने सदर थाने का घेराव किया। इसके बाद पुलिस अफसर पहुंचे। जिन्होंने ग्रामीणों से समझाइश कर बताया कि युवक को दिल्ली पुलिस ही लेकर गई थी। सदर पुलिस की इसमें कोई भूमिका नहीं है। मामला साइबर फ्रॉड का था और पुलिस ने इस युवक को जेल भी भेज दिया था, जहां युवक की मौत हो गई। ASP प्रियंका ने बताया कि दिल्ली में द्वारका थाने की साइबर टीम अलवर आई थी। साइबर फ्रॉड के एक मामले में तूलेड़ा गांव निवासी टिंडू पुत्र भंवरदास को वह टीम लेकर गई थी। वहां तिहाड़ जेल में आरोपी युवक बंद था। जेल के अंदर ही युवक की मौत हुई है। अभी कारण सामने नहीं आए हैं, लेकिन इस मौत को लेकर गांव वालों और परिजनों में भारी गुस्सा है। हालांकि प्रारंभिक जानकारी में सुसाइड जैसी बात सामने आई थी। अर्थात युवक ने जेल में आत्महत्या कर ली थी। दूसरी तरफ मृतक के परिजन व ग्रामीणों ने रात को सदर थाने पर हंगामा कर दिया। कहा कि युवक पूरी तरफ स्वस्थ था। जो टाइल्स लगाने का काम करता था। वैसे जिस युवक को साइबर फ्रॉड में पकड़ा गया, उसके घरवालों के कहना है कि उसने ऐसा कुछ नहीं किया कि जो पुलिस उसे पकड़े और दिल्ली ले जाए। यदि ऐसा होता तो अलवर में भी इसके खिलाफ यहां मुकदमा दर्ज होता। घरवाले यह नहीं बता रहे कि इसके खिलाफ अलवर में भी कोई मुकदमा दर्ज था या नहीं। कुल मिलाकर गांव वालों और घरवालों ने सदर थाने को घेर लिया और उसका बड़ा कारण यह था कि दिल्ली पुलिस के साथ सदर पुलिस भी गांव में गई थी। recent visitors 95

उपचार के बावजूद नहीं जा सका बचाया, राजस्थान-अलवर में डेंगू से 14 वर्षीय बालक की मौत

अलवर. जानकारी के अनुसार मृतक बालक के चचेरे भाई बाबूलाल योगी ने बताया कि गिरिराज को 4 दिन पहले अचानक से तेज बुखार हुआ था। जिसको उपचार के लिए थानागाजी लेके गए, जहां 2 दिन तक उपचार चलने के बाद उसकी तबीयत में हलका सुधार आया था। जिसको कल देर शाम घर पर लेकर चले गए थे। आज सुबह होते-होते उसको दोबारा से अचानक तेज बुखार चढ़ गया और उसके शरीर में सूजन तक आने लग गई, जिसको आज दोबारा थानागाजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया, लेकिन कुछ देर देखने के बाद डॉक्टरों ने बालक कीहालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल अलवर के लिए रेफर कर दिया। इधर, परिजन जब गिरिराज को अलवर जिला अस्पताल के लिए लेकर आ रहे थे तभी  उसने अस्पताल से महज 5 किलोमीटर पहले ही दम तोड़ दिया। जैसे ही अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। बाबूलाल ने बताया कि भाई पहले बिल्कुल ठीक था, लेकिन अचानक से तेज बुखार हो गया था। जब हॉस्पिटल लेकर गये तो वहां काफी जांच के बाद डॉक्टरों ने डेंगू बुखार बताया था। मृतक गिरिराज छठी कक्षा में पढ़ाई करता था जो अपने पिता के इकलौता बेटा था। गिरिराज के एक बहन है, जो उससे छोटी है। गिरिराज के पिता श्रवण योगी खेती बाड़ी करके अपने घर परिवार का जीवन व्यापन करता है। कुल मिलाकर जिले में डेंगू से यह तीसरी मौत है। recent visitors 78