अधिकारियों एवं शिक्षाविदों ने सुशासन पर दिया संबोधन, राजस्थान-जयपुर में सुशासन पर हुई जिला स्तरीय कार्यशाला

जयपुर। सुशासन सप्ताह के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला को सेवानिवृत आईएएस श्री राजेश्वर सिंह, पूर्व आईएफएस श्री दीपनारायण पाण्डेय और शिक्षाविद प्रोफेसर विद्या जैन ने कार्यशाला को संबोधित किया। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में रास्ता खोलो अभियान, नशा मुक्त जयपुर अभियान, सक्षम जयपुर अभियान एवं ज्ञानधरा अभियान सहित जयपुर जिला प्रशासन द्वारा सुशासन की दिशा में संचालित नवाचारों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यशाला में सुशासन सप्ताह के तहत समस्त विभागों के जिला स्तरीय कार्यालयों द्वारा तैयार जिला-जयपुर, जयपुर ग्रामीण एवं दूदू का विजन डॉक्यूमेंट- 2047 का विमोचन किया गया। इस दौरान जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा तैयार की गई 'सुशासन की दिशा में जयपुर जिला प्रशासन के प्रयास' वीडियो फिल्म का प्रसारण किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सुशासन के जरिये समाज के अंतिम तबके तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ पहुंचाने की की जरूरत पर बल दिया। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती प्रतिभा वर्मा ने बताया कि सुशासन सप्ताह के दौरान जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। प्रशासन गांवों की ओर अभियान, सुशासन सप्ताह शिविर, रन फॉर विकसित राजस्थान कार्यक्रम, आदि के बारे में भी बताया गया। युवाओं के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, कौशल विकास एवं उद्यमिता कार्यक्रम सहित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। कार्यशाला में अतिरिक्त जिला कलक्टर (द्वितीय) श्री आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर (तृतीय) श्रीमती कुंतल विश्नोई, अतिरिक्त जिला कलक्टर (चतुर्थ) श्रीमती सुमन पंवार, अतिरिक्त जिला कलक्टर (पूर्व) श्री देवेन्द्र कुमार जैन, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री शेर सिंह लुहाड़िया सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थी मौजूद रहे। recent visitors 62

सांगानेर की पिंजरापोल गौशाला में आयोजन, राजस्थान-जयपुर में गौवंश में अंधता निवारण पर कार्यशाला

जयपुर। पशुपालन मंत्री श्री जोराराम कुमावत के मार्गदर्शन एवं शासन सचिव डॉ. समित शर्मा की अनुशंसा पर गौवंश में अन्धता निवारण के लिए विभिन्न स्तर के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रयास की इसी कड़ी में सांगानेर स्थित पिंजरापोल गौशाला में गौ वंश में अंधता निवारण एक पुनीत अभियान विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन निदेशालय गोपालन एवं राजस्थान गौ सेवा आयोग जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के पशु नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ सुरेश कुमार झिरवाल थे। डॉ. झिरवाल ने कार्यशाला में उपस्थित पशु चिकित्सा अधिकरियों एवं गौशाला प्रबंधकों के साथ विभिन्न नेत्र रोगों पर विस्तार से चर्चा कर उनकी शंकाओं का समाधान किया। पशु चिकित्सा अधिकारियों और गौशाला प्रबंधकों ने अपने कार्य क्षेत्र में आने वाली समस्याओं एवं रोगों के निवारण के संबंध में डॉ झीरवाल से सुझाव प्राप्त किये। कार्यशाला के संभागियों ने भविष्य में ऐसी कार्यशालाओं को निरन्तर रूप से जारी रखने तथा इनकी अवधि तीन या पांच दिन करने का सुझाव दिया। कार्यशाला में गोपालन विभाग एवं गौ सेवा आयोग के अधिकारियों ने संभागियों को गोपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। recent visitors 171

‘ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने में अहम योगदान’, राजस्थान-जयपुर के सरस मेले में पहुंचे कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री

जयपुर। कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा ने राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) द्वारा जवाहर कला केंद्र जयपुर में संचालित सरस राजसखी मेला—2024 का अवलोकन करते हुए कहा कि सरस मेलों का ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने में अहम योगदान है। इन मेलों में देश की ग्रामीण महिलाएं अपने हाथों से निर्मित शोपीस आइटम बेचती है। मेले में डॉ. किरोडी लाल ने सरस मेले की सभी स्टालों का अवलोकन किया एवं विभिन्न राज्यों से आए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया और उनके उत्पादों की सराहना की। मेले में 250 से अधिक जीआई टैग उत्पादों की करीब 400 स्टॉल लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सरस मेले राजीविका दीदियों द्वारा निर्मित शिल्पकला, एंब्रॉयडरी, जैविक उत्पाद, घर का साज–सामान एवं खाने पीने से संबंधित उत्पादों को एक स्थान पर खरीदारी करने का अवसर प्रदान करता है। ये मेले पारंपरिक भारतीय कला एवं संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि  मेले में विभाग द्वारा पैकेजिंग, ब्रांडिंग, सोशल मीडिया मार्केटिंग और वित्तीय प्रबंधन जैसे विषयों पर कार्यशालाओं का आयोजन भी किया जा रहा है जिससे की राजीविका महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा उत्पाद बेचने के अवसर उपलब्ध हो सके। सरस मेले में रविवार को नेशनल क्रेडिट कोर के 70 कैडेटों ने भी अवलोकन किया और खरीददारी कर मेले का लुफ्त उठाया। इसके साथ ही अजमेर एवं अलवर जिले से आई स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा भी मेले का भ्रमण किया गया एवं भविष्य में मेले में अपने उत्पादों के साथ सहभागिता निभाने की मनसा जाहिर की गई। यह मेला ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का एक अहम प्रयास है, जिसमें स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं के हस्त निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया जाता है। मेले में देशभर के 250 से अधिक भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग वाले उत्पादों और पारंपरिक शिल्प का शानदार संग्रह देखने को मिल रहा है। सरस राज्य सखी राष्ट्रीय मेला एक अद्वितीय मंच है, जहां विभिन्न राज्यों की महिला सदस्य अपने पारंपरिक हस्तशिल्प, हैंडलूम, खाद्य उत्पाद और उन्नत तकनीकी उत्पादों का प्रदर्शन कर रही है। इस आयोजन में क्षेत्रवाद मंडप स्थापित किए गए हैं, जिनमें प्रत्येक राज्य की विशिष्ट सांस्कृतिक कलाकृतियां और पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित हो रहे हैं। यहां पर लगभग 300 से अधिक स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने उत्पादों का विक्रय कर रही है। यह मेला देश की सांस्कृतिक विविधता, पारंपरिक स्वादों और हस्तशिल्प के अनूठे संगम को दर्शाता है। recent visitors 106

3 शिफ्टों में अधिकारी और कर्मचारी संभाल रहे व्यवस्थाएं, राजस्थान-जयपुर प्रशासन ने एसएमएस अस्पताल में खोला कैंप कार्यालय

जयपुर। दिल्ली-अजमेर हाईवे पर शुक्रवार को घटित दुर्घटना को लेकर जिला प्रशासन संपूर्ण संवेदनशीलता बरतते हुए दुर्घटना के पीड़ितों, घायलों के सर्वोत्तम उपचार एवं मृतकों के आश्रित परिजनों सभी जरूरतों के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा सवाई मानसिंह अस्पताल में कैंप कार्यालय संचालित किया जा रहा है। इस कैंप कार्यालय में 24 घंटे के दौरान 3 शिफ्टों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है। कैंप कार्यालय की संपूर्ण प्रशासनिक व्यवस्थाओं के लिए उपखंड अधिकारी जयपुर-दक्षिण श्री अरुण शर्मा नोडल अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। recent visitors 105

‘आपसी समझाइश द्वारा लंबित प्रकरणों का होता है निस्तारण: न्यायाधिपति भंडारी’, राजस्थान-जयपुर में चतुर्थ राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ

जयपुर। राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधिपति एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष पंकज भंडारी द्वारा राजस्थान उच्च न्यायालय की जयपुर पीठ के परिसर में वर्ष 2024 की चतुर्थ राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ किया गया। शुभारंभ समारोह में न्यायाधिपति श्री भंडारी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आपसी समझाइश द्वारा लंबित प्रकरणों के निस्तारण की मूल भावना को साकार किया जाता है। जिससे पक्षकारों के समय की बचत होने के साथ ही उनके मध्य वैमनस्य का भाव भी समाप्त होता है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत कानूनी प्रक्रिया में एक सशक्त माध्यम का रूप ले रही है। यही कारण है कि इस वर्ष की गत लोक अदालतों के द्वारा लंबित प्रकरणों में 7 प्रतिशत तक की कमी आई है। अनुभवी मध्यस्थ एवं सलाहकारों के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत पक्षकारों को आपसी सुलह का मार्ग दिखाती है एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में प्रकरणों के निस्तारण की प्रकिया को सफल बनाती है। राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर पीठ में आयोजित इस चतुर्थ राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित प्रकरणों सहित प्री-लिटिगेशन स्तर तक के समस्त प्रकरणों का आपसी समझाइश से निस्तारण किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में जिला स्तर पर स्थित समस्त न्यायालयों के साथ राजस्व न्यायालयों, उपभोक्ता मंचों एवं अन्य प्रशासनिक अधिकरणों में रविवार को इस चतुर्थ राष्ट्रीय अदालत का आयोजन हो रहा है। recent visitors 68

‘खेल से मिलती है नई ऊर्जा-विधानसभा अध्यक्ष’, राजस्थान-जयपुर में 11वीं अंतर संभागीय सिविल सेवा खेलकूद प्रतियोगिता शुरू

जयपुर। कार्मिक विभाग के तत्वाधान में आयोजित होने वाली 11वीं राजस्थान राज्य अंतर संभागीय सिविल सेवा खेलकूद प्रतियोगिता 2024-25 का शुभारंभ पटेल मैदान में विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी द्वारा किया गया। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि खेल प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। राजकीय सेवा में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को खेलों में अवश्य भाग लेना चाहिए। अधिकतर समय राजकीय कार्य में व्यस्त रहने से अपने लिए कम समय मिलता है। खेल उन्हें अपने लिए समय निकालने का अवसर देते हैं। वे खेल के माध्यम से नई ऊर्जा से सराबोर होंगे। यह ऊर्जा उनके दैनिक जीवन को अधिक कार्यशील करेगी। वे अपने कर्तव्यों का भली-भांति निर्वहन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति के तन-मन और जीवन को स्वस्थ रखते हैं। शारीरिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति मानसिक रूप से भी स्वस्थ रहता है। ऎसे व्यक्ति अधिक स्फूर्ति के साथ कार्य करने में सक्षम होते हैं। अधिकारी एवं कर्मचारी खुले मन मस्तिष्क के साथ जनता की सेवा कर पाएंगे। खेलों से आपसी प्रेम और सामंजस्य बढ़ेगा। खेल हमें या तो जीतने का या फिर सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। हार या जीत जैसा कुछ भी नहीं होता है। देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश भडाणा ने कहा कि खेल जीवन में जीतने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। जीत का अहंकार नहीं आना चाहिए। साथ ही, हार का दुःख भी नहीं हो। हार हमें नई और बड़ी जीत के लिए प्रेरणा प्रदान करती है। इसी प्रकार जीत जिम्मेदारी का एहसास कराती है। तंदुरुस्त एवं स्वस्थ रहने के लिए खेल आवश्यक है। खेल कर्तव्य तथा दायित्व का बोध कराते हैं। खेल एकला चालो के स्थान पर सामूहिकता से विजय प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। खेल को प्रतिस्पर्धा की जगह खेल भावना से खेला जाना चाहिए। प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री गजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि कार्मिक विभाग राजस्थान सरकार के तत्वाधान में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित 11वीं राजस्थान राज्य अंतर संभागीय सिविल सेवा खेलकूद प्रतियोगिता 2024-25 पटेल स्टेडियम में आगामी 23 दिसंबर तक आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन किया गया है। प्रतियोगिता में राजस्थान राज्य के 10 संभाग एवं जयपुर मुख्यालय सहित कुल 11 टीमें भाग ले रही है। इस प्रतियोगिता में 1078 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें से पुरुष प्रतिभागी 649 एवं महिला प्रतिभागी 429 है। प्रतियोगिता में वालीबॉल, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, कबड्डी, बैडमिंटन, लॉन टेनिस एवं क्रिकेट की प्रतियोगिताएं आयोजित होगी। प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के द्वारा की गई। उन्होंने प्रतिभागियों को शपथ दिलाई। झंडारोहण तथा अभिमुख प्रयाण में सभी प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस अवसर पर विधायक श्रीमती अनीता भदेल, उपमहापौर श्री नीरज जैन, अध्यक्ष श्री रमेश सोनी, जिला कलक्टर श्री लोक बंधु, पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा, ओलंपियन श्री जोरावर सिंह सहित अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं खेलों से जुड़े व्यक्ति उपस्थित रहे। recent visitors 63

पुलिस और कार्यकर्ताओं से झड़प में लाठीचार्ज और गिरफ्तारी, राजस्थान-जयपुर में यूथ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

जयपुर। राजस्थान यूथ कांग्रेस ने आज डॉ. भीमराव अंबेडकर पर की गई टिप्पणी के विरोध स्वरूप मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के उद्देश्य से बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक से मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच किया लेकिन पहले से तैयार पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोक दिया। यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और विधायक अभिमन्यु पूनिया के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को पार करने का प्रयास किया। जैसे ही पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों ने इसका विरोध किया। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और प्रदर्शनकारियों ने जबरन सुरक्षा घेरा तोड़ने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज धार के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीछे हटने से इंकार कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने जवाब में पुलिस पर कुर्सियां फेंकीं, जिससे माहौल और गरमा गया। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी डटे रहे और गिरफ्तारी देने का निर्णय लिया। पुलिस ने गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को शहर के दूरस्थ थानों में ले जाकर छोड़ा। यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है और सरकार जनता की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। पूनिया ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। पुलिस ने अपनी कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया था। एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने कानून हाथ में लेने की कोशिश की, जिसके चलते मजबूरी में वॉटर कैनन और लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। बहरहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस और सरकार के बीच टकराव के चलते आगामी दिनों में और भी प्रदर्शन देखने को मिल सकते हैं। recent visitors 85