‘कलाकारों का अपमान ठीक नहीं’, राजस्थान-जयपुर में कार्यक्रम के बीच से जाने वाले राजनेताओं से नाराज हुए सोनू

जयपुर. होटल रामबाग में आयोजित 'राइजिंग राजस्थान' इवेंट में मशहूर गायक सोनू निगम राजनेताओं के व्यवहार से खासे नाराज नजर आए। कार्यक्रम के दौरान कुछ राजनेताओं के बीच में उठकर चले जाने पर सोनू निगम ने नाराजगी जताई और इसे कलाकार और सरस्वती का अपमान बताया। सोनू निगम ने कहा कि यदि राजनेताओं को बीच कार्यक्रम में उठकर जाना होता है तो उन्हें कार्यक्रम में आना ही नहीं चाहिए। आप महान हो सकते हैं, आपके पास समय नहीं हो सकता लेकिन इस तरह कलाकार और सरस्वती का अपमान ठीक नहीं है। मुझे ऐसे शो नहीं करने चाहिए। अमेरिका से की तुलना सोनू निगम ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अगर अमेरिका में कोई कार्यक्रम हो रहा हो और वहां के राष्ट्रपति उसमें शामिल हों, तो वे इस तरह बीच में उठकर नहीं जाएंगे। यदि उन्हें जाना होता है तो वे इशारे से अपनी बात बताकर निकलते हैं लेकिन हमारे देश में इस तरह का व्यवहार कलाकारों और कला का अपमान है। वीडियो में व्यक्त की नाराजगी सोनू निगम ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि उन्हें कई लोगों ने मैसेज भेजकर ऐसे आयोजनों में शामिल न होने की सलाह दी है, जहां राजनेता इस तरह का असम्मानजनक व्यवहार करते हैं। गायक का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां लोग उनकी बात का समर्थन कर रहे हैं। कई यूजर्स ने राजनेताओं से आग्रह किया कि वे कलाकारों और कला के प्रति सम्मानजनक रवैया अपनाएं। recent visitors 58

गुलाबी नगरी में ‘नेतृत्व संगम’ कैंप में होंगे शामिल, राजस्थान-जयपुर में मोदी से पहले पहुंचे राहुल गांधी

जयपुर. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज सुबह जयपुर पहुंचे। वे यहां सामोद में आयोजित कांग्रेस के 'नेतृत्व संगम' कैंप में शामिल होने आए हैं। एयरपोर्ट पर पूर्व सीएम अशोक गहलोत, प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राहुल गांधी का स्वागत किया। राजस्थान में इनवेस्टमेंट समिट के उद्घाटन से एक दिन पहले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को जयपुर पहुंचे। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निवेश समिट का उद्घाटन करने जयपुर पहुंच रहे हैं। हालांकि राहुल यहां सामोद में आयोजित कांग्रेस के 'नेतृत्व संगम' कैंप में शामिल होने आए हैं। राहुल गांधी सुबह करीब 7 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, और उपनेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा ने उनका भव्य स्वागत किया। अशोक गहलोत ने उन्हें सूत की माला पहनाई और पीसीसी चीफ गोविंदसिंह डोटासरा ने गुलदस्ता भेंट किया। राहुल गांधी का यह 17 दिनों में दूसरा जयपुर दौरा है। इससे पहले वे एक शादी समारोह में शामिल होने जयपुर आए थे। 'नेतृत्व संगम' ट्रेनिंग कैंप कांग्रेस का 'नेतृत्व संगम' ट्रेनिंग कैंप पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाने का प्रयास है। इस कैंप का उद्देश्य पार्टी में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और नेताओं को पार्टी की विचारधारा और रणनीतियों से परिचित कराना है। राहुल गांधी इस कैंप में महत्वपूर्ण सत्रों का हिस्सा बनेंगे, जिसमें आगामी चुनावों की रणनीति, युवा नेतृत्व को प्रोत्साहन और पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद शामिल होगा। कैंप में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ संवाद और प्रशिक्षण सत्र आयोजित होंगे, जिसमें कांग्रेस के आगामी चुनावी एजेंडे और संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा होगी। recent visitors 116

तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार, राजस्थान-निवेश समिट में पहली बार शामिल होंगे पीएम

जयपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राइजिंग राजस्थान निवेश समिट का उद्घाटन करने 9 दिसंबर को जयपुर पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री के जयपुर दौरे और समिट की सुरक्षा को लेकर जेईसीसी परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। अंदर की पूरी व्यवस्था एसपीजी के हाथ में रहेगी वहीं बाहरी सुरक्षा के लिए 11 आईपीएस अधिकारियों समेत करीब 4 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी में 9 दिसंबर से तीन दिवसीय राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन होगा। देश- विदेश से कई मेहमान और उद्योगपति भी समिट में शामिल होने वाले हैं। समिट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के आलाधिकारियों ने केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक कर सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रूप दिया है। समिट की सुरक्षा के लिए 11 आईपीएस, 36 एडिशनल एसपी, 67 डिप्टी एसपी, 182 इंस्पेक्टर, 320 एसआई-एएसआई, 2750 पुलिस जवान और 4 कंपनी आरएसी की तैनाती की गई है। वहीं यातायात व्यवस्था के लिए 2 आईपीएस समेत करीब 1200 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा को लेकर तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। आयोजन को लेकर शहर के प्रमुख इलाकों में सादा वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए गए है। साथ ही होटल-गेस्ट हाउस ,रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड में भी सघन जांच की जा रही है। हाईराइज भवनों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी रखी जा रही है। राजधानी में आयोजित हो रहे राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के बाद इलाके को छावनी में तब्दील कर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने आसूचना तंत्र को सक्रिय कर आयोजन को सफल बनाने की पूरी तैयारी कर ली है। जिस जेईसीसी सेंटर पर कार्यक्रम का उद्घाटन होना है, उसे एसपीजी टेकओवर कर चुकी है। सुरक्षा कारणों से प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से एक घंटा पहले उद्घाटन स्थल पर प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। कई केंद्रीय मंत्री भी आ सकते हैं निवेश समिट में हिस्सा लेने के लिए कई केंद्रीय मंत्री भी जयपुर पहुंच सकते हैं। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी और केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत भी शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले सकते हैं। अब तक हुए 20 लाख करोड़ के एमओयू निवेश समिट के लिए सरकार ने 20 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के एमओयू होने का दावा किया है। यह समिट 9 से 11 दिसंबर तक जयपुर प्रदर्शनी एवं कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित किया जा रहा है। समिट की तैयारियों के लिए जयपुर की सड़कों की सफाई पर खास ध्यान दिया जा रहा है। फ्लाईओवर से लेकर डिवाइडर तक रंग-रोगन किए जा रहे हैं। डिवाइडर तक रंग-रोगन किए जा रहे हैं। recent visitors 70

नौकरी को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी, राजस्थान-जयपुर में 23,820 सफाई कर्मियों की भर्ती निरस्त

जयपुर. राजस्थान में चल रही सफाई कर्मियों की भर्ती को लेकर बड़ी खबर सामने आयी है। सफाई कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया निरस्त कर दी गई है। इसको लेकर स्वायत्त शासन विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं। स्वायत्त शासन विभाग ने भर्ती के लिए जारी विज्ञापन प्रत्याहारित करते हुए बताया कि 23,820 पदों पर 185 निकायों के लिए भर्ती की जानी थी। आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 27 नवंबर थी। इसको लेकर राज्य सरकार को लगातार शिकायतें मिल रही थी। विभिन्न निकायों में फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने की शिकायतें थीं। इसके चलते जयपुर ग्रेटर व जयपुर हेरिटेज निगम ने पिछले दिनों प्रक्रिया स्थगित की थी।  जयपुर के अलावा अन्य निकायों से भी ऐसी शिकायतें मिल रही थी।  इसी के चलते भर्ती प्रक्रिया निरस्त करने का बड़ा फैसला किया गया है। recent visitors 110

सात देशों के आएंगे मेहमान, राजस्थान-जयपुर में इन्वेस्टमेंट समिट में 20 लाख करोड़ के होंगे MOU

जयपुर. राजस्थान में इनवेस्टमेंट समिट का काउंट डाउन शुरू हो चुका है। सरकार से मिली जानकारी के मुताबिक इनवेस्टमेंट समिट में करीब 20 लाख करोड़ रुपए के एमओयू होंगे। यानी अब तक राजस्थान में हुई इनवेस्टमेंट समिट से करीब 2 गुना ज्यादा के निवेश का दावा सरकार कर रही है। पूर्ववर्ती गहलोत सरकार ने 2022 में हुई निवेश समिट में करीब 11 लाख करोड़ रुपए के निवेश के लिए एमओयू किए गए थे। समिट में कोरिया, जापान, यूएई, सिंगापुर, कतर, यूके व सऊदी अरब से आएंगे मेहमान समिट से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कई अफसरों ने विदेश जाकर निवेशकों से मुलाकात की थी। जानकारी के मुताबिक समिट में कोरिया, जापान, यूएई, सिंगापुर, कतर, यूके व सऊदी अरब से निवेशकों का आना होगा। इसके अलावा राजस्थान सरकार ने जिलास्तर पर भी इनवेस्टर मीट का आयोजन करवाया था। इसलिए स्थानीय स्तर पर भी कई लाख करोड़ रुपए के एमओयू समिट के दौरान किए जाएंगे। समिट में 150 सीनियर अफसर, 250 स्टूडेंट की लगेगी ड्यूटी उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव अजिताभ शर्मा ने बताया कि ‘राइजिंग राजस्थान’ ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार के 150 अधिकारी व करीब 250 स्टूडेंट व्यवस्थाओं को संभालेंगे। अफसरों को समिट में शामिल होने वाले मेहमानों, निवेशकों, कारोबार और उद्योग जगत के दिग्गजों व अन्य मेहमानों और प्रतिनिधियों को जयपुर हवाई अड्डे पर स्वागत करने से लेकर उन्हें होटल और इन्वेस्टमेंट समिट के आयोजन स्थल तक ले जाने का काम सौंपा गया है। वहीं स्टेडेंट्स को जेईसीसी में पंजीकरण डेस्क, पार्किंग क्षेत्र, हेल्प डेस्क, रात्रिभोज और सांस्कृतिक स्थलों सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर तैनात किया जाएगा। राजस्थान एक नजर में — 1: जिंक और लेड का एक मात्र उत्पादक राज्य 2: मार्बल और लाइमस्टोन का सबसे बड़ा उत्पादक राज्य 3: ग्रेनाइट, पोटाश के सबसे बड़े रिजर्व यहां हैं 4: कच्चे तेल का दूसरा बड़ा उत्पादक राज्य 5: राजस्थान 22860.73 मेगावाट क्षमता के साथ सौर ऊर्जा में प्रथम स्थान पर है, तथा वर्ष में 325 से अधिक दिन साफ धूप वाले होते हैं 6: सरसों, बाजारा और मसालों का सबसे बड़ा उत्पादक 7: मेडिसनल क्रॉप्स का सबसे बड़ा उत्पादक राज्य 8: दूध उत्पादन में देश में दूसरे नंबर पर 9: सबसे बेहतरीन पर्यटन स्थलों का प्रदेश recent visitors 88

ASI प्रकरण में बढ़ेंगी मुश्किलें!, राजस्थान-जयपुर में मंत्री किरोड़ी के खिलाफ राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज

जयपुर. जयपुर की महेश नगर थाना पुलिस ने कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के खिलाफ रोजनामचा में रिपोर्ट डाली है। मंत्री पर राजकार्य में बाधा डालने का आरोप है। मंगलवार देर रात हुए घटनाक्रम की रिपोर्ट डालने के बाद सीनियर अधिकारियों को भी जानकारी दी गई है। अपनी ही सरकार में कैबिनेट मंत्री के खिलाफ राजकार्य में बाधा की रिपोर्ट से राजस्थान की राजनीति में हलचल मच गई है। दरअसल, महेश नगर थाने के महावीर नगर में किरोड़ीलाल मीणा और महेश नगर सीआई कविता शर्मा के बीच विवाद हो गया था। मंत्री के महिला इंस्पेक्टर पर भड़कने का एक वीडियो भी सामने आया था। इसमें मंत्री सीआई से जबरन एक मकान में घुसने और एक लड़की करे पुलिस की गाड़ी में बैठाने को लेकर सवाल कर रहे हैं। उन्होंने SI भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग करने वाले छात्र नेताओं के घर जाकर उनके परिवार, माता-पिता को परेशान करने का आरोप लगाया। वहीं, बुधवार सुबह किरोड़ीलाल मीणा इस पूरे मामले की शिकायत लेकर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम से मिले। उन्होंने सीआई पर भी फर्जी तरीके से नौकरी हासिल करने का आरोप लगाया। recent visitors 84

मौके पर भिड़े किरोड़ी मीणा, राजस्थान-जयपुर में एसआई भर्ती रद्द करने वाले युवाओं की गिरफ्तारी करने देर रात पहुँची पुलिस

जयपुर. राजस्थान में सब इंस्पेक्टर भर्ती को लेकर बवाल बढ़ता नजर आ रहा है। जयपुर में देर रात पुलिस उन छात्रों को थाने ले जाने देर रात उनके घर पहुंच गई जो लंबे समय से एसआई भर्ती परीक्षा रद्द करवाने की मांग कर रहे हैं। जब सरकार के कैबिनेट मंत्री किरोड़ लाल मीणा को इसकी जानकारी मिली तो वे मौके पर ही पहुंचकर पुलिस से भिड़ गए। मामला महेश नगर इलाके का है। देर रात 12 बजे महेश नगर थाना पुलिस कुछ छात्रों के घर पहुंची। घर पर सो रहे छात्रों को जगाकर उन्हें थाने ले जाया गया। इनमें एक छात्रा भी थी। किरोड़ी लाल मीणा इस बात पर बहुत नाराज हुए और उन्होंने पुलिस कर्मियों को जमकर लताड़ लगाई। इसके कुछ वीडियोज भी सामने आए हैं। भर्ती परीक्षा निरस्त करवाने की मांग पर अड़े किरोड़ी राजस्थान में एसआई भर्ती परीक्षा में बड़े स्तर पर पेपर लीक का मामला एसओजी की जांच में समाने आ चुका है। इसके बाद भर्ती परीक्षाओं की तैयारियों से जुड़े छात्र इस पेपर को निरस्त करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि पहले सरकार ने इस मामले में एक कमेटी बनाई थी। कमेटी ने अपनी सिफारिशें सरकार को दे भी दीं लेकिन अब सरकार इस मामले को लेकर न तो भर्ती रद्द करने की बात कह रही है और न ही यह कह रही है कि भर्ती रद्द नहीं होगी। 10 दिसंबर को कोर्ट में देगी जवाब इधर राजस्थान हाईकोर्ट ने भी एक याचिका पर सुनवाई करते हुए सरकार से पूछा है कि एसआई भर्ती पर सरकार का स्टैंड क्या है। सरकार ने कोर्ट से जवाब देने के लिए 4 सप्ताह का समय मांगा था लेकिन कोर्ट ने इस मामले में यथास्थिति का आदेश पारित करते हुए 10 दिसंबर का समय दिया है। एसआई भर्ती परीक्षा के मामले में जांच एजेंसी एसओजी अब तक 50 ट्रेनी सब इंस्पेक्टर और नकल गिरोह के 30 अन्य लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली ने x पर लिखा – जयपुर में पुलिस द्वारा पढ़ाई कर रहे युवाओं को आधी रात में गिरफ्तार करना एक घोर निंदनीय और अलोकतांत्रिक कृत्य है। यह घटना भाजपा सरकार की युवा विरोधी और महिला विरोधी मानसिकता को उजागर करती है। यह घटना बताती है कि प्रदेश की भाजपा सरकार और पुलिस अब जनता के प्रति जवाबदेह नहीं रह गई है। यह सिर्फ छात्रों पर अन्याय नहीं, बल्कि लोकतंत्र पर हमला है। भाजपा सरकार सत्ता के नशे में यह भूल गई है कि लोकतंत्र में जनता की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। मैं इस अलोकतांत्रिक कार्रवाई की घोर भर्त्सना करता हूं और सरकार को चेतावनी देता हूं कि युवाओं की आवाज़ को दबाने का यह प्रयास उन्हें बहुत महंगा पड़ेगा। प्रदेश की जनता अब इस तानाशाही को और बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा सरकार को यह समझना चाहिए कि लोकतंत्र में सत्ता जनता की सेवा के लिए है, न कि उनकी आवाज़ दबाने के लिए। recent visitors 113