पुलिस को देखकर भागे कार सवार बदमाश, राजस्थान-जयपुर में युवक का अपहरण

जयपुर. शिप्रापथ थाना इलाके में कार सवार 4-5 बदमाशों एक युवक को अगवा कर लिया। बदमाश उसे टोंक की तरफ ले जा रहे थे, इसी दौरान पुलिस की नाकाबंदी देखकर बदमाश उसे छोड़कर भाग निकले। टोंक पुलिस की सूचना पर जयपुर पुलिस मौके पर पहुंची और अपहृत युवक को लेकर आई। पुलिस के अनुसार कुंडेरा सवाई माधोपुर निवासी विकास ने मामला दर्ज करवाया कि वह अपने दोस्त अभिलेख के साथ 25 नवंबर को जयपुर चौपाटी गया था। वह टॉयलेट करने चला गया, इसी दौरान जयपुर चौपाटी के पास पहले से मौजूद स्कॉर्पियो में से 4-5 बदमाश उतरे और जबरन उसके दोस्त को कार में पटक लिया और लेकर चलते बने। यह घटना इतनी जल्दबाजी में हुई कि वह बदमाशों की कार के नंबर नहीं देख पाया। इस पर उसने अभिलेख के परिजनों के साथ पुलिस को घटना की जानकारी दी। जांच अधिकारी एएसआई राजाराम ने बताया कि बदमाश अभिलेख को लेकर टोंक की तरफ निकल गए। सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ टोंक पुलिस से भी नाकाबंदी करवाई गई। दंतवास के पास बदमाश पुलिस की नाकाबंदी देखकर अभिलेख को उतारकर भाग निकले। इस दौरान बदमाशों ने रास्ते में अभिलेख से मारपीट की और उसके पिता से करीब 25 हजार रुपए ऑनलाइन डलवा लिए, लेकिन रुपयों का ट्रांसफर नहीं हो पाया। इस कारण पैसा बदमाशों तक नहीं पहुंच पाया। पुलिस ने बदमाशों का अपह्त युवक के नम्बरों के आधार पर करना शुरू किया था और उसी आधार पर टोंक पुलिस से भी नाकाबंदी करवाई थी। अपह्त युवक को चार घंटे में ही मुक्त करवा लिया गया था। फिलहाल बदमाश पकड़ से दूर है उनकी तलाश की जा रही है। recent visitors 54

‘हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है प्रदेशवासियों का उत्तम स्वास्थ्य’, राजस्थान-जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री

जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि चिकित्सा सेवा का क्षेत्र है तथा सेवा अर्थ से नहीं मन की शांति से जोड़ी जाती है। ऐसे में, चिकित्सकों द्वारा मानवता की सेवा का महती कार्य किया जा रहा है। उन्होंने मेडिकल के विद्यार्थियों से आशा व्यक्त की वे अपने चिकित्सकीय ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज की बेहतरी के लिए करेंगे। शर्मा ने कहा कि हमने इस वर्ष के बजट में 27 हजार 660 करोड़ रुपये अर्थात बजट का 8.26 प्रतिशत हिस्सा केवल चिकित्सा एवं स्वास्थ्य को समर्पित किया है। प्रदेशवासियों की सेहत हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शर्मा सोमवार को महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी के 7वें दीक्षांत एवं लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मेडिकल की विभिन्न डिग्री प्राप्त विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा की महात्मा गांधी अस्पताल चिकित्सा सेवा एवं मानव सेवा के लिए उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। आज इस अस्पताल में लोकार्पण हुए साइबर नाइफ एस7 और पैट स्कैन मशीन से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की जांच के लिए मरीजों को इसका फायदा मिलेगा। साथ ही, नवस्थापित हेमेटोलॉजी टावर में रक्त संबंधी रोगों के मरीजों को इलाज में सहायता मिलेगी। हर नागरिक का स्वास्थ्य रिकॉर्ड ऑनलाइन मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान डिजिटल हैल्थ मिशन के माध्यम से प्रत्येक नागरिक का स्वास्थ्य रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत चिकित्सकीय बुनियादी ढ़ांचे को बेहतर बना रही है, जिसमें हैल्थ सेक्टर में 3 वर्ष में 15 हजार करोड़ के कार्य करवाये जायेंगे। साथ ही, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत 5 लाख तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से मेडिकल टूरिज्म तेजी से बढ़ा है। ऐसे में, मेडिकल वैल्यू ट्रैवल पॉलिसी के माध्यम से इसको और विस्तार मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को पूर्ण इलाज उपलब्ध करवाने के लिए काम कर रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र में 57 हजार करोड़ रुपये के निवेश आए श्री शर्मा ने कहा की आगामी 9 से 11 दिसम्बर में आयोजित होने वाली राइजिंग राजस्थान समिट के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र सहित हर क्षेत्र में निवेश लाया जा रहा है। इस समिट के लिए अभी तक 25 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि राजनिवेश पोर्टल पर चिकित्सा से जुड़े 57 हजार करोड़ रुपये से अधिक के 300 निवेश प्रस्ताव आ चुके हैं, जिससे प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से 6 लाख लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मेडिकल की विभिन्न डिग्रियों से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं डिग्री प्रदान कर सम्मानित किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने नवस्थापित हेमेटोलॉजी टॉवर एवं साइबर नाइफ और पैट स्केन मशीन का फीता काटकर लोकार्पण किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइसेंज (एमजीयूएमएसटी) के संस्थापक श्री एम. एल. स्वर्णकार, एमजीयूएमएसटी के चेयरपर्सन डॉ. विकास चन्द्र स्वर्णकार सहित अधिकारीगण, चिकित्सक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। recent visitors 92

प्रोएक्टिव एप्रोच और जीका रोकथाम अभियान चलाएं, राजस्थान-जयपुर में उच्च रक्तचाप व हेपेटाइटिस से मौत पर निर्देश

जयपुर। जयपुर के बजाज नगर निवासी की हीमोफैगोसाइटोसिस लिम्फो हिस्टोसाइटोसिक (एचएलएच) के साथ उच्च रक्तचाप और हेपेटाइटिस के कारण मौत होने तथा रोगी की जांच में इंसीडेंटली जीका वायरस पुष्टि को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने प्रोएक्टिव एप्रोच के साथ प्रभावी रोकथाम एवं नियंत्रण गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए हैं। निदेशालय स्तर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश माथुर ने बताया कि निदेशालय स्तर से सीएमएचओ जयपुर प्रथम को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार जीका रोकथाम, नियंत्रण और निगरानी, आईईसी, लार्वा रोधी गतिविधियां- फोगिंग, फोकल स्प्रे  करने, नगर निगम द्वारा मच्छर रोधी अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निकटवर्ती संपर्कों में वायरस संक्रमण की जांच हेतु ब्लड, यूरिन के सेम्पल एसएमएस माइक्रोबायोलॉजी प्रयोगशाला में भेजने के भी निर्देश दिए गए हैं। डॉ. माथुर ने बताया कि विस्तृत दिशा-निर्देशानुसार जीका संदिग्ध मामलों की पहचान के लिए घर-घर सर्वेक्षण के साथ-साथ ओपीडी में आने वाले संदिग्ध मामलों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जीका पॉजिटिव मामले का रोगी के साथ निकट संपर्क का कोई हिस्ट्री है तो संचालित की जा रही रोकथाम व नियंत्रण गतिविधियों की पर्यवेक्षण निगरानी भी रखने एवं जिला मुख्यालय अधिकारियों द्वारा क्रॉस चेकिंग करने के भी निर्देश दिए गए हैं। मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए आमजन में जानकारी के लिए प्रचार-प्रसार किया जाए। नगर निगम से समन्वय करते हुए नोटिस, चालान, बड़े पैमाने पर फॉगिंग, सड़क किनारे लार्वा रोधी गतिविधि और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्टीकरण कार्यवाही की जाए। सभी गतिविधियों की दैनिक रिपोर्टिंग करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि रविवार को जयपुर के बजाज नगर निवासी 66 वर्षीय एक पुरुष मरीज की दुर्लभ बीमारी एचएलएच से मृत्यु हुई है। इस मरीज की जांच के दौरान संयोग से जीका वायरस भी पाया गया था। उन्होंने बताया कि रोगी को 20 नवंबर को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उक्त मरीज के सेम्पल को एसएमएस मेडिकल कॉलेज जांच हेतु भेजा गया। जिसमें मरीज  जीका पॉजिटिव मिला। चिकित्सकीय रूप से रोगी जीका के लक्षणों से संबंधित नहीं होने के कारण किसी अन्य संदिग्ध बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए नमूना एनआईवी पुणे को भेजा गया है। recent visitors 60

सरकारी योजनाओं का हो बेहतर क्रियान्वयन, राजस्थान-जयपुर कलेक्टर ने ली जिला निष्पादक समिति की बैठक

जयपुर। जयपुर कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को शिक्षा विभाग की जिला निष्पादक समिति की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला कलक्टर डॉ जितेंद्र कुमार सोनी ने शिक्षा अधिकारियों को अपने क्षेत्राधिकार वाले राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कराने और सरकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन पर भी फोकस करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने  पीएम श्री स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने, विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था, टॉयलेट, पुस्तकालय सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिये, साथ ही विद्यालयों के पुस्तकालयों में रखी पुस्तकों का वितरण विद्यार्थियों में करने एवं विद्यार्थियों को  पुस्तक अध्ययन एवं रखरखाव के लिए प्रेरित करने के लिए भी निर्देशित किया। जिला कलक्टर ने ज्ञान धरा अभियान के तहत भूमि विहीन विद्यालयों को जल्द से जल्द भूखंड एवं खेल मैदान की व्यवस्था करने एवं समस्त राजकीय विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया। जिला कलक्टर ने शिक्षा अधिकारियों को राजकीय विद्यालयों में नामांकन वृद्धि करने, जन आधार प्रमाणीकरण, आधार प्रमाणीकरण सहित अन्य आवंटित कार्यों से जुड़े लक्ष्य जल्द से जल्द हासिल करने के निर्देश दिये। बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मंजू शर्मा , जिला शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा अभियान के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। recent visitors 177

कलेक्टर ने अधिकारियों को दिये सख्त निर्देश, राजस्थान-जयपुर में पुनर्वास कर बनेगा भिक्षावृत्ति मुक्त

जयपुर। जयपुर जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने जिले को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों को आपसी सहयोग एवं समन्वय से हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिये हैं।  उन्होंने भिक्षावृत्ति में लिप्त लोगों का प्रभावी पुनर्वास सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया ताकि ऐसे व्यक्ति भिक्षावृत्ति को छोड़कर अपने कौशल और मेहनत के दम पर सम्मानजनक जीवन शुरू करें। जिला कलेक्टर ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में भिक्षावृत्ति में लिप्त व्यक्तियों के पुनर्वास को लेकर बैठक ली। जयपुर में आगामी 9 दिसंबर से 11 दिसंबर तक राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इंवेस्टमेंट समिट का आयोजन होगा। इस विश्व स्तरीय आयोजन में जयपुर की गौरवशाली परंपरा एवं छवि धूमिल न हो, इसके लिए भिक्षावृत्ति में लिप्त व्यक्तियों का जल्द से जल्द पुनर्वास सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में पुलिस एवं यातायात पुलिस के अधिकारियों को भिक्षावृत्ति में लिप्त व्यक्तियों की सूचना जिला प्रशासन एवं मानव सेवा संस्थान जयपुर द्वारा संचालित हेल्पलाइन नम्बर 9929902320 को देकर रेस्क्यू में सहयोग प्रदान करने साथ ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त भिखारियों  के विरूद्ध निरोधात्मक एवं कठोर कानूनी कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया। जिला कलेक्टर ने  नगर निगम के अधिकारियों को चिन्हित पुनर्वास गृहों की साफ-सफाई, शौचालयों की मरम्मत, पुनर्वास गृहों में भिखारियों के लिए आधारभूत सेवाओं की व्यवस्था करने, चिन्हित पुनर्वास गृहों को श्नी अन्नपूर्णा रसोई योजना से लिंक करते हुए योजना के माध्यम से भिखारियों के लिए पर्याप्त मात्रा में भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के साथ-साथ मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना में पंजीकृत कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को भिक्षावृत्ति में लिप्त व्यक्तियों का नि:शुल्क उपचार, टी.बी., एच.आई.वी एवं अन्य जांच कर उपचार करने, चिन्हित पुनर्वास गृहों में चिकित्सा एवं जांच सुविधा उपलब्ध करने प्रत्येक पुनर्वास गृह को निकटतम राजकीय चिकित्सालय से जोड़ते हुए भिखारियों की जांच एवं उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। बैठक में जिला बाल संरक्षण इकाई के अधिकारियों को भिक्षावृति में लिप्त बच्चों सूची बनाकर शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराने, विभाग द्वारा संचालित बाल गृहों, निराश्रित गृहों में प्रवेश दिलाकर शिक्षा के अधिकार के तहत शिक्षा से जोड़ने के लिए स्थानीय वि़द्यालयों में प्रवेश दिलाने, बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश कर विभागीय गृहों में प्रवेश दिलवाने के  निर्देश दिये गए। जिला कलेक्टर ने  सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों को पुलिस एवं स्वयं सेवी संस्थाओं एवं अन्य विभागों से समन्वय एवं सामंजस्य स्थापित करने, स्वयं सेवी संस्थाओं के माध्यम से भिक्षावृति में लिप्त व्यक्तियों को सर्वे उपरान्त चिन्हित कर पात्रता अनुसार बाल गृह, महिला गृह, मानसिक विमंदित गृह, वृद्धाश्रम अथवा पुनर्वास गृह आदि में प्रवेश दिलाकर देखभाल करवाने, स्वयं सेवी संस्थाओं के माध्यम से भिक्षावृति में लिप्त चिन्हित व्यक्तियों के आधार कार्ड/जनाधार कार्ड आदि तैयार कर प्राथमिकता से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के लिए  निर्देश दिये गए। जिला कलक्टर ने राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम के अधिकारियों को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा चिन्हित भिक्षावृत्ति में लिप्त व्यक्तियों की सूची के अनुसार 25 व्यक्तियों का एक बैच बनाकर आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने, प्रशिक्षित व्यक्तियों को विभागों द्वारा संचालित एवं बैंकों द्वारा उपलब्ध ऋण अथवा अनुदान एवं अन्य योजनाओं से जोडकर नियोजित करने के साथ-साथ फॉलो अप कार्यक्रम के द्वारा उनके पुनर्वास को सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए। बैठक में मानव सेवा संस्थान, मेरी पहल संस्था, सक्षम सामाजिक उत्थान एवं विकास संस्थान, सुजस सांस्कृतिक सेवा संस्थान के पदाधिकारियों को चयनित आश्रय स्थल पर विभागीय निर्देशों के अनुसार आवश्यक व्यवस्था तथा परामर्शी सेवाएँ सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री मुकेश मूंड सहित नगर निगम, जयपुर विकास प्राधिकरण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति के पदाधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं मानव सेवा संस्थान, मेरी पहल संस्था, सक्षम सामाजिक उत्थान एवं विकास संस्थान, सुजस सांस्कृतिक सेवा संस्थान के पदाधिकारी उपस्थित रहे। recent visitors 70

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी दिए आदेश, राजस्थान-जयपुर में विशेष पुनरीक्षण से अनुपस्थित बीएलओ निलंबित

जयपुर। निर्वाचन विभाग के आदेशों की अनुपालना में संचालित किये जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में लापरवाही बरतने एवं मतदान केन्द्र पर अनुपस्थित पाये जाने वाले बीएलओ श्री अशोक कुमार को निलंबित किया गया है। मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी डॉ. गोरधन लाल शर्मा ने निलंबन आदेश जारी किये हैं। डॉ. शर्मा ने बताया कि निर्वाचन विभाग के आदेशों की अनुपालना में जयपुर जिले में विशेष पुनरीक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत सभी बीएलओ अपने मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहकर ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं का मतदाता सूची में पंजीकरण का कार्य संपादित कर रहे हैं। रविवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशीष कुमार ने मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किय, इस दौरान विधानसभा क्षेत्र मालवीय नगर में अधिशाषी अभियंता (दक्षिण) जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, गांधीनगर में स्थित बूथ नम्बर- 58 के बीएलओ श्री अशोक कुमार ग़ैरहाज़िर पाये गये, जिसपर कार्यवाही के निर्देश दिये गये। वहीं, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी विधानसभा क्षेत्र मालवीय नगर डॉ. गोरधन लाल शर्मा ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, शहीद ले. अभय. पारीक राजकीय बालिका विद्यालय, निदेशक पशुपालन विभाग, पशुधन भवन, टोंक रोड एवं अधिशाषी अभियंता (दक्षिण) जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, गांधीनगर, में स्थित बूथों का औचक निरीक्षण किया जिसमें भी बूथ नंबर- 58 का बीएलओ श्री अशोक कुमार अनुपस्थित पाये गये। जिसके बाद मौके पर ही उक्त बीएलओ के विरुद्ध निलम्बन की कार्यवाही की गई। उल्लेखनीय है कि निर्वाचन विभाग द्वारा विशेष रूप से जो व्यक्ति 18 साल की आयु पूरी कर चुके हैं या जो व्यक्ति अन्य स्थान पर शिफ्ट हो चुके हैं वे विभिन्न फार्म जैसे फॉर्म-6  नया मतदाता कार्ड बनवाने के लिये, फॉर्म-7 नाम हटाने के लिये, फॉर्म-8 मतदाता कार्ड में संशोधन के लिये एवं फॉर्म-6बी आधार को मतदाता कार्ड से लिंक करने हेतु भरे जाते हैं। जिसके माध्यम से ऑनलाइन  Voter Helpline App के जरिये मतदाता स्वयं आवेदन कर सकते हैं अथवा मतदान केन्द्रों पर उपस्थित बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग सहभागी लोकतंत्र के लिये जिससे अधिक से अधिक मतदाता लोकतंत्र के पर्वों में भाग ले सकें इसके लिये स्वीप गतिविधियां भी की जाती है। जिसमें 17 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का  Voter Helpline App/Voter Portal के माध्यम से अग्रिम आवेदन प्राप्त करने हेतु विधानसभा क्षेत्र मालवीय नगर के शैक्षणिक संस्थानों  में कैम्पों का आयोजन कर अग्रिम आवेदन लिये गये हैं। साथ ही क्षेत्र के दिव्यांग मतदाताओं का शत प्रतिशत मतदाता सूची में नाम सुनिश्चित करने के लिये महावीर विकलांग सेवा समिति, प्रयास संस्थान, झालाना डूंगरी, श्री निर्मल विवेक विशेष विद्यालय एवं मूक बधीर संस्थान, त्रिमूर्ति सर्किल में मतदाताओं के विशेष  कैम्पों का आयोजन किया गया। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाताओं के पंजीकरण का कार्य दिनांक 28 नवंबर 2024 तक किया जाएगा। निर्वाचन संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिये हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। ——— recent visitors 56

‘जनप्रतिनिधि के रूप में आपकी जिम्मेदारी बढ़ी’, राजस्थान-जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल से मिले नवनिर्वाचित विधायक

जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा से रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर विधानसभा उपचुनाव में नवनिर्वाचित विधायकों ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सलूंबर से विधायक श्रीमती शांता देवी, झुन्झुनूं से विधायक राजेन्द्र भाम्बू, देवली-उनियारा से विधायक राजेन्द्र गुर्जर, रामगढ़ से विधायक सुखवंत सिंह तथा खींवसर से विधायक रेवंतराम डांगा को जीत की बधाई देते हुए दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया। शर्मा ने विधायकों से बातचीत में कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में आपके निर्वाचन क्षेत्र तथा प्रदेश की जनता के प्रति आपकी जिम्मेदारी बढ़ गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवनिर्वाचित विधायक जनसेवा के लिए समर्पण भाव से कार्य करते हुए राजस्थान की विकास यात्रा में सहभागी बनेंगे तथा विकसित राजस्थान की संकल्पना को साकार करेंगे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद श्री मदन राठौड़, श्री राधामोहन दास अग्रवाल, राज्य मंत्रिपरिषद् के सदस्य, विधायकगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। recent visitors 73