नवनिर्वाचित विधायकों को बधाई देकर दस मिनट में हुईं रवाना, राजस्थान-जयपुर में पार्टी मुख्यालय पहुंचीं वसुंधरा

जयपुर. पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने जयपुर में भाजपा मुख्यालय पर पहुंचकर उपचुनाव में जीते पांचों विधायकों और पार्टी के प्रदेश और शीर्ष नेतृत्व को बधाई दी। बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के 10 मिनिट के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंची राज ने नवनिर्वाचित विधायकों से बात की और तुरंत रवाना हो गईं। इस दौरान मुख्यमंत्री समेत कोई भी शीर्ष नेता पार्टी कार्यालय में मौजूद नहीं था। पार्टी मुख्यालय के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए राजे ने जीत के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को बधाई देते हुए कहा कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूरे शीर्ष नेतृत्व, सीएम भजनलाल शर्मा और उनकी पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई, जिन्होंने उपचुनाव में इतनी शानदार जीत हासिल की है। मुझे पूरा विश्वास है कि वे इसे आगे बढ़ाते हुए पार्टी को नए तरीके से आगे बढ़ाने का काम करेंगे।" गौरतलब है कि राजस्थान विधानसभा की 7 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को 5 सीटों पर जीत मिली है, जबकि कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी ने एक-एक सीट पर अपनी जीत दर्ज करवाई है। खींवसर, झुंझुनू, सलूंबर, देवली-उनियारा और रामगढ़ में भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव जीता है, जबकि दौसा में कांग्रेस और चौरासी में बीएपी को जीत हासिल हुई है।   recent visitors 65

कैबिनेट सदस्य और मौजूद रहे अधिकारी, राजस्थान-जयपुर में मुख्यमंत्री से मिला यूके का प्रतिनिधि मंडल

जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा से बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर यूनाइटेड किंगडम से आए प्रतिनिधिमण्डल ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमण्डल को आगामी 9 से 11 दिसंबर तक जयपुर में आयोजित होने वाली राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में पार्टनर कंट्री बनने के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान के किले भी यूके के एडिनबर्ग और विंडसर किले के समान ही भव्यता के लिए प्रसिद्ध हैं। राजस्थान में प्रमुखता से पाए जाने वाले विभिन्न प्रकार के पत्थर, गहने इत्यादि के निर्यात में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रतिनिधिमण्डल की इस यात्रा से यूके और भारत एवं विशेषकर राजस्थान के बीच आर्थिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को अधिक मजबूती मिलेगी। यूनाइटेड किंगडम के प्रतिनिधिमण्डल में शेरोन हॉजेसन, शिवानी राजा, हलेना डॉलीमोर, कनिष्क नारायण, साहिल वेद हंसरानी, पुनीत गुप्ता, अतुल झांब, क्षितिज सिंघवी एवं गौरव चक्रवर्ती एवं उमर शामिल थे। इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री श्री के.के. विश्नोई भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री निवास पर रात्रिभोज का हुआ आयोजन सिंगापुर एवं यूनाइटेड किंगडम से राजस्थान दौरे पर आए प्रतिनिधिमण्डल के सदस्यों के लिए बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर रात्रिभोज आयोजित किया गया। इस दौरान प्रतिनिधिमण्डल के सदस्यों का साफा पहनाकर स्वागत किया गया।    इस अवसर पर सिंगापुर के प्रतिनिधिमण्डल में डिजिटल विकास और सूचना मंत्रालय वरिष्ठ राज्य मंत्री जेनिल पुथुचेरी, प्रधानमंत्री कार्यालय से वरिष्ठ राज्यमंत्री डेसमंड टैन कोक मेंग, शिक्षा और जनशक्ति राज्य मंत्री गेन सियो हुआंग, शिक्षा और वित्त मंत्रालय से वरिष्ठ संसदीय सचिव शॉन हुआंग एवं संसद सदस्य जी याओ क्वान, राचेल ऑग एवं सक्तियादी सुपाट सहित अन्य सदस्य रात्रिभोज में शामिल हुए। साथ ही उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, संसदीय कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्री जोराराम कुमावत, जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अविनाश गहलोत, नगरीय विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री झाबर सिंह खर्रा, पंचायतीराज राज्य मंत्री श्री ओटाराम देवासी, गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार, सांसद श्री मदन राठौड, श्री घनश्याम तिवाड़ी, श्री राव राजेन्द्र सिंह, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री ओंकार सिंह लखावत, पूर्व मंत्री श्री अरूण चतुर्वेदी सहित विधायकगण एवं वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। recent visitors 87

मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने और संशोधन में तेजी लाएं, राजस्थान-जयपुर में मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश

जयपुर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन ने प्रदेश के सभी जिलों में मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने और संशोधन करने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने कुछ स्थानों पर सूचियों में मतदाता-जनसंख्या अनुपात और पुरुष-महिला लिंगानुपात का आंकड़ा कम रहने पर चिंता जाहिर की है, जिसे मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के दौरान दुरुस्त किया जाना चाहिए। श्री महाजन ने बुधवार को सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ एक वीडियो कांफ्रेंस बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान ये निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि नए नाम जोड़ने के क्रम में नव मतदाताओं को विशेष रूप से लक्षित किया जाए। युवाओं को मतदाता सूचियों में जोड़ने के लिए शिक्षण संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षण परिसरों में विशेष जागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर नए मतदाताओं को वोटर हेल्पलाइन (वीएचए) एप का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करें। 18 वर्ष आयु होने पर स्वत: ही मतदान के योग्य नहीं हो जाता मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि नई पीढ़ी को यह समझाने की आवश्यकता है कि कोई व्यक्ति 18 वर्ष की आयु होने पर स्वत: मतदान के योग्य नहीं हो जाता। मतदान करने की योग्यता हासिल करने के लिए मतदाता सूची में नाम जोड़ना आवश्यक है और उसके लिए वीएचए एप अथवा वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन या बीएलओ के समक्ष आवेदन करना होता है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य में स्थानीय स्तर पर सक्रिय सामाजिक संगठनों और राजनैतिक दलों का भी सहयोग लिया जाना चाहिए। श्री महाजन ने कहा कि आगामी 28 नवम्बर तक एसएसआर कार्यक्रम-2025 के तहत प्रारूप मतदाता सूचियों पर दावे-आपत्तियां भी प्राप्त हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि 24 दिसम्बर तक नए नाम जोड़ने, हटाने और दावे-आपत्तियों के निस्तारण के काम में सावधानी और सक्रियता की आवश्यकता है, ताकि अधिकतम कमियों को दुरुस्त किया जा सके। उन्होंने कम मतदाता-जनसंख्या अनुपात और लिंगानुपात वाले चिन्हित जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में ज्यादा संवेदनशीलता के साथ काम करने पर जोर दिया। recent visitors 124

आमजन की समस्याओं का हुआ समाधान, राजस्थान-जयपुर के गांव में लगी रात्रि चौपाल

जयपुर। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशानुसार जिले में आमजन की समस्याओं के प्रभावी समाधान हेतु दिनांक ग्राम पंचायत बिलौंची में श्रीमान अतिरिक्त जिला कलक्टर महोदय चतुर्थ श्रीमती सुमन पंवार की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें सभी विभागों के ब्लॉक स्तरीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। रात्रि चौपाल में अतिरिक्त जिला कलक्टर की मौजूदगी में सभी विभागों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभाग की फ्लैगशिप योजनाओं के संबंध में आम नागरिकों को जानकारी प्रदान की, जिससे इन योजनाओं से अधिकाधिक ग्रामीण लाभान्वित हो सकें। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित लगभग 35 परिवाद (10 राजस्व, 08 पंचायतीराज, 04 विद्युत विभाग, 13 अन्य) प्राप्त हुये। उक्त परिवादों में से अधिकतर परिवादो का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा शेष परिवादो के लिये अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ ने 3 दिवस में निस्तारण करने के निर्देश प्रदान किये। रात्रि चौपाल के अंत में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्रामीणों ने स्वच्छता की शपथ ली। recent visitors 115

अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के होंगे एमओयू, राजस्थान-जयपुर में ऊर्जा विभाग की प्री-समिट आज

जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में बुधवार को प्रातः 11 बजे से होटल जयपुर मैरियट में राइजिंग राजस्थान के तहत ऊर्जा विभाग की ओर से प्री-समिट का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर सहित ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े उद्यमी एवं निवेशक तथा अधिकारीगण उपस्थित रहेंगे। ऊर्जा विभाग के प्री-समिट के उद्घाटन सत्र में अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा श्री आलोक स्वागत उद्बोधन देंगे। इसके पश्चात् सीआईआई, एनटीपीसी, टाटा पावर, सिक्योर मीटर, आइसोलेशन एनर्जी, सिमन्स एनर्जी, जेएसडब्ल्यू एनर्जी, जीई वेमावा इंडिया सहित अनेक सरकारी एवं प्राइवेट कम्पनियों के प्रमुख अपना उद्बोधन देंगे। साथ ही मुख्य सचिव राजस्थान श्री सुधांशु पंत भी उद्बोधन देंगे। इसके बाद एनर्जी सेक्टर में निवेश के लिए विभिन्न कंपनियों के साथ एमओयू किए जाएंगे। अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा श्री आलोक ने बताया कि राइजिंग राजस्थान के अंतर्गत ‘एम्पावरिंग राजस्थान: अनलोकिंग द स्टेट एनर्जी पोटेन्,यल’ थीम पर आयोजित इस प्री-समिट में सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और बायोमास ऊर्जा उत्पादन से जुड़ी कंपनियों, सी आई आई एवं ऊर्जा विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि राजस्थान में राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप आर्थिक एवं पर्यावरणीय लाभ के साथ ऊर्जा के क्षेत्र में नई परियेाजनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा हैं। राजनिवेश पोर्टल पर बड़ी संख्या में अक्षय ऊर्जा से संबंधित निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं जिससे प्रतीत होता है कि राजस्थान में निवेश के लिए निवेशकों में खासा उत्साह है। राजस्थान सरकार की यह नीति है कि अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में हर सम्भव कदम उठाकर ऊर्जा नीतियों को सफलतापूर्वक लागू करें और हर नागरिक का इसके लाभों से जोड़ें। राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रमुख शासन सचिव श्री आलोक गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश, विकास एवं विस्तार की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल एवं ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर के निर्देशन में ऊर्जा क्षेत्र में अधिकाधिक निवेश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इससे प्रदेश में विकास को गति मिलने के साथ ही अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर उपलब्ध होंगे। राजस्थान में सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होने बताया कि राज्य सरकार का प्रयास है कि राजस्थान अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेशकों का पसंदीदा डेस्टिनेशन बने। recent visitors 117

लुप्त कला एवं संस्कृति का संवर्द्धन करने आयोजन, राजस्थान-जयपुर में होगा युवा महोत्सव

जयपुर। राजस्थान सरकार के युवा मामले एवं खेल विभाग राजस्थान युवा बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में ब्लॉक-जिला-संभाग-राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर राज्य युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर इसी माह 25 नवम्बर से युवा महोत्सव का आयोजन प्रारम्भ होगा जो 5 दिसम्बर तक चलेगा। जिला स्तर पर 6 से 17 दिसंबर एवं संभाग स्तर पर 18 से 25 दिसम्बर तक युवा महोत्सव आयोजित किया जावेगा। राजस्थान युवा बोर्ड की और से विकसित भारत ,विकसित भारत, विकसित राजस्थान के तहत ’विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं नवाचार’ थीम पर राज्य युवा महोत्सव का आयोजन किया जावेगा । आयोजन का उद्देश्य राज्य की दुर्लभ परम्परागत लुप्त कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देना है। लुप्त कला एवं संस्कृति के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के लिए स्थानीय युवाओें की प्रतिभा को प्रदर्शित किया जाना इसका मुख्य उद्देश्य हैै। युवा महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेगी जैसे विज्ञान, डिजिटल मेला का आयोजन, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं (सामुहिक लोक गायन, सामुहिक लोकनृत्य, एकल लोक गायन, एकल लोक नृत्य), कविता पाठ, कहानी लेखन, चित्रकला भाषण, हस्त कला, वस्त्र कला, कृषि उत्पाद का आयोजन किया जाएगा। वहीं, राजस्थान की लुप्त कला जैसे- फड़, रावण हत्था, रम्मत, अलगोजा, माण्डणा लंगा, मांगणीयार कठपुतली, खडताल, मोरचंग, भपंग आदि 6. डिजिटल स्किल आयोजित की जायेगी। युवा महोत्सव के आयोजन से युवा वर्ग मे कला ,परम्पराओं एवं राज्य की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना एवं राष्ट्रीय एकता व सामाजिक सहयोग बढ़ाने के साथ ही धर्म, भाषा, संस्कृति जीवन शैली, रहन-सहन, आदतों की विविधता की समझ एवं सम्मान विकसित हो सकेगा। इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभाशाली युवा कलाकारों की खोज करके उन्हें सुविधा एवं प्रोत्साहन प्रदान कर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार किया जायेगा। महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए युवा कलाकारों को अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य हैं। राजस्थान युवा बोर्ड की वेबसाईट WWW.YOUTHBOARD.RAJASTHAN.GOV.IN पर राजस्थान युवा फेस्टिवल— 2024 आइकन पर क्लिक कर अपना जिला एवं ब्लॉक सेलेक्ट करने के बाद पूरा विवरण भरकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन प्रत्येक युवा कलाकार के लिए अनिवार्य हैं। बिना ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन के युवा कलाकार युवा महोत्सव में भाग नहीं ले सकता। समस्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक/प्रारंभिक जयपुर, जयपुर ग्रामीण, दूदू समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जयपुर, जयपुर ग्रामीण व दूदू, को मीटिंग आहूत कर युवा महोत्सव के निर्देश प्रदान कर दिये गऐ है। दिनांक 17 नवंबर से वी.सी के माध्यम से समस्त शिक्षा अधिकारियों को युवा महोत्सव हेतु ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाने हेतु पाबंद किया गया। जिला स्तर से बने व्हाट्स एप ग्रुप के माध्यम से सभी पीईईओ, यूसीईईओ एवं संस्थाप्रधानों को युवा महोत्सव के प्रचार प्रसार अधिकाधिक एवं ऑन-लाइन रजिस्टेªशन करवाने हेतु पाबन्द किया गया। युवाओं में नवाचार को बढ़ाव देने, व्यक्तित्व क्षमता में वृद्धि करने एवं कौशल संवर्द्धन के लिए डिजिटल मेले का भी आयोजन किया जाएगा। ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव से  ग्राम स्तर पर संचालित सरकारी/गैर सरकारी विद्यालय महाविद्यालयों में प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले युवाओं को सहित स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जायेगा। ब्लॉक, जिला, संभाग स्तरीय युवा महोत्सव में प्रत्येक प्रतियोगिताओं में प्रथम विजेता दलों के सदस्यों को नकद पुरस्कार एवं राजस्थान कला-रत्न लोगों सहित स्मृति चिन्ह पुरस्कार, प्रशस्ति प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जायेगा। द्वितीय एवं तृतीय सदस्यों को कला-रत्न लोगो सहित स्मृति चिन्ह प्रशस्ति प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जायेगा। राज्य युवा महोत्सव में प्रत्येक प्रतियोगिताओं मे प्रथम, द्वितीय, तृतीय विजेता दलों के सदस्यों को नकद पुरस्कार, कला-रत्न लोगो सहित चिन्ह पुरस्कार वं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जायेगा। राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में प्रथम विजेता को अन्तर्राष्ट्रीय युवा भ्रमण कार्यक्रम में सहभागिता की जायेगी एवं द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को एवं संभाग के प्रथम विजेतओं को राष्ट्रीय युवा भ्रमण कार्यक्रम में सहभागिता करेंगें। ब्लॉक जिला संभाग, स्तरीय युवा महोत्सव में प्रत्येक प्रतियोगिताओं में प्रथम विजेता दलों के सदस्यों को नकद पुरस्कार एवं राजस्थान कला-रत्न लोगो सहित स्मृति चिन्ह पुरस्कार, प्रशस्ति प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जायेगा। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं हेतु प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले एकल प्रतिभागी एवं विजेता समूह के प्रत्येक प्रतिभागी को 250 रुपये, वहीं जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं हेतु प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले एकल प्रतिभागी एवं विजेता समूह के प्रत्येक प्रतिभागी को 1000 रुपये, संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं हेतु प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले एकल प्रतिभागी एवं विजेता समूह के प्रत्येक प्रतिभागी को 1500 रुपये का नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं हेतु प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले एकल प्रतिभागी एवं विजेता समूह के प्रत्येक प्रतिभागी को 50 हजार, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले एकल प्रतिभागी एवं विजेता समूह के प्रत्येक प्रतिभागी को 25 हजार एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले एकल प्रतिभागी एवं विजेता समूह के प्रत्येक प्रतिभागी को 10 हजार रखा निर्धारित किया गया है। recent visitors 118

मोबाइल वेटरिनरी यूनिट के विशेष प्रचार प्रसार के दिए निर्देश, राजस्थान-जयपुर में पशुपालन मंत्री ने ली बैठक

जयपुर। पशुपालन, गोपालन एवं डेयरी मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने वित्त वर्ष 2024-25 की बजट घोषणाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि पशु कल्याण और पशुपालक हमारी सरकार की प्राथमिकता है। पशुपालन मंत्री मंगलवार को सचिवालय स्थित अपने कक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बजट घोषणा के तहत पशुधन विकास कोष, सेक्स सोर्टेड सीमन और ब्रीडिंग पॉलिसी की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मोबाइल वेटरिनरी यूनिट के विशेष प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी से ही हमारी इस योजना  का लाभ लोगों तक पहुंच पाएगा। उन्होंने इसे हाइब्रिड मोड पर भी चलाने के निर्देश दिए जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने प्रत्येक मोबाइल वेटरिनरी यूनिट में एक आगंतुक पंजिका रखने के निर्देश दिए जिससे लाभार्थी अपने सुझाव और शिकायतें उसमें दर्ज कर सकें और इस सेवा को और बेहतर करने में विभाग को मदद मिल सके। कुमावत ने विभागीय पदोन्नति के लिए निदेशक सहित सभी पदों की डीपीसी जल्द से जल्द कराने के निर्देश दिए साथ ही रिक्त पदों की भर्ती की प्रक्रिया को भी गति प्रदान करने के निर्देश प्रदान किए। उन्होंने भवन रहित संस्थाओं के लिए भवन निर्माण के कार्य को भी जल्द से जल्द योजनाबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया जिससे पशुओं और पशुपालकों को समस्याओं से निजात मिल सके। श्री कुमावत ने पशु मेलों में प्रचार प्रसार की स्थिति पर असंतोष जाहिर करते हुए कहा कि इसे दुरुस्त करने का प्रयास होना चाहिए ताकि लोगों को मेलों और उनमें होने वाली गतिविधियों की जानकारी हो सके। पशुपालन मंत्री ने गोशालाओं के जमीन की आवंटन नीति की समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसका सरलीकरण होना चाहिए। जिला गोपालन समिति की बैठक समय पर आयोजित करने के निर्देश देते हुए श्री कुमावत ने कहा कि गोशालाओं को समय पर अनुदान मिलना चाहिए और इसके लिए गोशाला समितियों की बैठक समय पर होना आवश्यक है। उन्होंने मध्य प्रदेश और उड़ीसा की तरह प्रदेश में भी गौ अभ्यारण्य की स्थापना पर बल दिया जिससे गायों को आश्रय की सुविधा मिल सके। उन्होंने गाय के गोबर और गौमूत्र के प्रसंस्करण और उससे बनने वाले उत्पादों के लिए योजना बनाने के निर्देश दिए जिससे किसान और पशुपालक आर्थिक रूप से और मजबूत बन सकें। उन्होंने गोशालाओं में ए आई के उपयोग पर भी बल दिया। श्री कुमावत ने एनएलएम की तरह गायों के लिए भी परियोजना तैयार करने के निर्देश दिए। आगामी बजट घोषणा पर चर्चा करते हुए श्री कुमावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ऐसी योजना बनाएं जो अधिक से अधिक किसानों और पशुपालकों के हित में हों और जिनका क्रियान्वयन धरातल पर सुगमता से हो सके। बैठक में शासन सचिव, पशुपालन एवं गोपालन डॉ समित शर्मा ने कहा कि प्रदेश में पशुपालन, डेयरी और पशु चिकित्सा के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और आने वाले समय में हम इन संभावनाओं को धरातल पर लाने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने राइजिंग राजस्थान को इसके लिए एक अच्छा अवसर बताया। बैठक में पशुपालन निदेशक डॉ भवानी सिंह राठौड़, गोपालन निदेशक डॉ सुरेश मीना, पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ आनंद सेजरा तथा श्री प्रह्लाद सहाय नागा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। recent visitors 99