अजमेर रोड हादसे के घायलों को देखा और परिजनों के लिए करवाई व्यवस्थाएं, राजस्थान-विधानसभा अध्यक्ष देवनानी पहुँचे एसएमएस अस्पताल

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को प्रातः एस.एम.एस अस्पताल पहुँचकर अजमेर रोड हादसे में हताहत और घायल हुए लोगों की जानकारी ली। श्री देवनानी ने एस.एम.एस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य श्री दीपक माहेश्वरी के साथ अस्पताल के विभिन्न वार्डों में उपचार ले रहे लोगों को देखा। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सभी के ईलाज की उचित व्यवस्था के साथ ही परिजनों के लिए भोजन, पानी और रहने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने दिवंगतों की आत्म शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की। जन कल्याण के लिए स्वस्ति वाचन— राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के अध्यक्ष पद पर एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर शुक्रवार को विधानसभा में वेद और संस्कृत विद्यालयों के 51 छात्रों ने जन कल्याण के लिए स्वस्ति वाचन किया। श्री देवनानी ने राजस्थान प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली के लिए पूजा अर्चना की। विधानसभा के विशिष्ट सचिव श्री भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक श्री के. के. शर्मा और श्री प्रमोद कुमार शर्मा के निर्देशन में हुए इस स्वस्ति वाचन में राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय के श्री गजानन्द शर्मा, श्री अवधेश शर्मा और श्री संतोष कुमार शर्मा सहित अध्यापक और छात्रगण मौजूद थे। नौकरी देने वाले बने युवा— राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी को जयपुर शहर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के युवाओं ने शुक्रवार को विधानसभा पहुँचकर एक वर्ष के सफल कार्यकाल पर बधाई और शुभकामनाएं दी। श्री देवनानी ने कहा कि राजस्थान विधानसभा का जनदर्शन कार्यक्रम का लाभ युवाओं को अधिक से अधिक लेना चाहिए। इससे उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं की जानकारी सहज रूप से उपलब्ध होती है। श्री देवनानी ने कहा कि राष्ट्रीय विचारों को आगे बढाने की आवश्यकता है। युवा भारत और भारतीय संस्कृति को समझे। "न रुकूंगा न झुकूंगा और न थकूंगा" यह बात युवाओं को अपने जीवन में लानी होगी। श्री देवनानी ने कहा कि युवा नौकरी लेने वाले नहीं देने वाले बने। उन्होंने कहा कि समय बदल रहा है। देवनानी ने प्रकृति परिक्षण करवाया— राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष ने शुक्रवार को यहां विधानसभा में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान द्वारा आयोजित देश के प्रकृति परिक्षण अभियान के तहत विधानसभा में आयोजित शिविर में पहुँचकर आयुर्वेद चिकित्सकों से अपना प्रकृति परिक्षण कराया। श्री देवनानी ने कहा कि आयुर्वेद संस्थान द्वारा आयोजित यह अभियान आम जन के लिए महत्वपूर्ण है। इससे व्यक्ति विशिष्ट परिस्थितियों में होने वाली व्याधियों से पूर्व में ही सचेत हो जाता है। देवनानी ने की प्रेस वार्ता— विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को विधानसभा में अध्यक्ष पद पर एक वर्ष के कार्यकाल के पूरे होने पर मीडिया प्रतिनिधिगण से वार्ता की। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्ष में राजस्थान विधानसभा का सदन डिजिटल तकनीक से कार्य करेगा। सदन का स्वरूप गुलाबी रंग जैसा दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि राजनैतिक आख्यान संग्रहालय में 30 गैलेरियां है। संग्रहालय में महान राजनीतिज्ञों की जानकारी का समावेश किया गया है, जिनके योगदान के लिए यह राजस्थान सदैव ऋणी रहेगा। संग्रहालय के माध्यम से वे चिरस्मरणीय रहेंगे। संग्रहालय में रियासतों का विलय, राज्य का विकास, विधानसभा की जानकारी, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्षों के योगदान, उनके विकास में भागीदारी सहित राज्य को आकार देने में निर्वहन की गई भूमिका को अत्याधुनिक तकनीक और चलचित्रों के माध्यम से जीवंत किया गया है। विधानसभा जन-दर्शन कार्यक्रम के द्वारा संग्रहालय से सभी को जोडने का महत्वपूर्ण कार्य शुरु किया गया है। श्री देवनानी ने कहा कि विधानसभा में संविधान क्लब, विधायक आवास परिसर में आधुनिक सुविधाएं सहित विधानसभा की संसदीय कार्य प्रणाली में अनेक नवाचार किए है। देवनानी ने कहा कि संग्रहालय में संविधान दिवस से संविधान दीर्घा का शुभारम्भ भी कर दिया गया है। यह प्रयास संविधान में शोधपरक दृष्टि का परिचायक है। इस संविधान दीर्घा में मूल संविधान के बाईस भागों के आरम्भ में दर्शायी गयी कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया है। संविधान दीर्घा का उद्देश्य आमजन और युवाओं में राष्ट्र और राष्ट्र के संविधान का बोध कराने के साथ ही संविधान, सांस्कृतिक और नैतिकता के प्रति जागरुकता लाना है। recent visitors 72

सुशासन सप्ताह में तुरंत राहत पाकर खिले लोगों के चेहरे, राजस्थान-उदयपुर में ब्लॉक शिविर में पहुंचे केबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी

जयपुर। आमजन की परिवेदनाओं का त्वरित निस्तारण कर सुशासन की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार के निर्देशानुसार राष्ट्रव्यापी अभियान सुशासन सप्ताह- प्रशासन गांवों की ओर- 2024 के तहत शुक्रवार को उदयपुर जिले के मावली, सायरा और फलासिया पंचायत समिति मुख्यालयों पर शिविरों का आयोजन हुआ। जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी भी फलासिया शिविर में पहुंचे तथा आमजन को लाभ वितरित किए। शिविरों में प्राप्त आमजन की परिवेदनाओं सहित सीपीजीआरएएमएस पोर्टल, संपर्क पोर्टल प्राप्त प्रकरणों तथा राजस्थान लोक सेवाओं के प्रदान की गारंटी अधिनियम 2011 के तहत प्राप्त आवेदनों का निस्तारण किया गया। शिविरों में हाथों-हाथ राहत राहत पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे तथा सरकार और प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया। लखमा और नानुड़ी के जीवन में लौटी खुशियां— पंचायत समिति फलासिया में आयोजित शिविर में दो बुजुर्गों की रूकी हुई पेंशन हाथों हाथ वापस शुरू किए जाने से उनके चेहरे खिल उठे। जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने अपने हाथों से उसे उन्हें पेंशन आदेश वितरित किए। शिविर में सोम निवासी लखमा पिता दीत भील उपस्थित हुआ। लखमा ने केबिनेट मंत्री श्री खराडी के सामने परिवेदना प्रस्तुत की कि उसके पहले वृद्धावस्था पेन्शन स्वीकृत थी लेकिन अगस्त 2023 से किसी कारण से बन्द हो गई। मंत्री श्री खराड़ी ने शिविर प्रभारी उपखण्ड अधिकारी को निदान कराने के निर्देश दिए। उपखण्ड अधिकारी विजयेश पण्ड्या के निर्देश पर विकास अधिकारी प्रतापसिंह मीणा ने त्वरित कार्यवाही करते हुए हाथों हाथ पुनः पेंशन प्रारंभ करने के लिए स्वीकृत पत्र जारी कराया। केबिनेट मंत्री श्री खराड़ी ने लखमा को स्वीकृत पत्र सुपुर्द किया। इसी प्रकार पाटियां गांव की नानुडी बाई की भी 16 माह से बंद पेंशन हाथों हाथ पुनः प्रारंभ की गई। दोनों लाभार्थियों ने केंद्र व राज्य सरकार तथा प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान समाजसेवी भोपाल सिंह, शोभा देवी चम्पावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे। त्वरित राहत देना सरकार की प्राथमिकता— मंत्री केबिनेट मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने फलासिया में आयोजित शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने शिविर में प्रदान की जा रही सुविधाओं और परिवेदनाओं के निस्तारण की जानकारी ली। इस दौरान केबिनेट मंत्री श्री खराड़ी ने कहा कि आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराना केंद्र व राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उनकी समस्याओं का न्यायोचित और त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। recent visitors 55

‘नीमराना-घीलोठ औद्योगिक क्षेत्र ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा’, राजस्थान-मुख्यमंत्री ने जापानी जोन में उद्यमियों के साथ की बैठक

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि 9 से 11 दिसंबर तक आयोजित हुई राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट प्रदेश की अर्थव्यवस्था और चहुंमुखी विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान समिट में 35 लाख करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू हुए हैं। साथ ही, राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने प्रदेशवासियों को एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी है जिससे राजस्थान के विकास को गति मिलेगी। शर्मा शुक्रवार को नीमराना के जापानी जोन में स्थित डाइकिन कम्पनी के सभागार में औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नीमराना व घीलोठ औद्योगिक क्षेत्र राजस्थान की अर्थव्यवस्था में ग्रोथ इंजन साबित हो रहे हैं। देश के पहले जापानी जोन नीमराना में 51 जापानी कम्पनियां स्थापित हैं। जिनके माध्यम से करीब 27 हजार से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल बिजनेस एक्सपो में 7 जापानी कम्पनियों एवं जेट्रो ने जापान पैवेलियन में हिस्सेदारी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' पर विशेष जोर है। प्रक्रियाओं और नीतियों को सरल बनाया जा रहा है। हमने 10 नई नीतियां जारी की हैं। 150 करोड़ रूपये के होंगे विकास कार्य मुख्यमंत्री ने कहा कि जापानी कम्पनियों के राजस्थान में निवेश करने के रूझान को देखते हुए दूसरा जापानी जोन घीलोठ में स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि नीमराना और घीलोठ में करीब 150 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य शीघ्र प्रारम्भ किए जा रहे हैं। इसमें साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से केसवाना औद्योगिक क्षेत्र में एनएच-48 से केसवाना औद्योगिक क्षेत्र तक 1620 मीटर सीसी सड़क के निर्माण और 90 लाख रुपये की लागत से औद्योगिक क्षेत्र नीमराना में 4500 लीटर क्षमता के दो अग्निशमन वाहनों की आपूर्ति हेतु कार्यादेश जारी हो चुके हैं। शर्मा ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र नीमराना व घीलोठ में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से 132 केवी जीएसएस नीमराना जनरल जोन, 132 केवी जीएसएस जापानी जोन, 220 केवी जीएसएस घीलोठ और कोलिला जोगा में 33 केवी जीएसएस की स्थापना की जाएगी। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र घीलोठ में करीब 19 करोड़ की लागत से एनएच-48 से औद्योगिक क्षेत्र घीलोठ तक लिंक रोड का सुदृढ़ीकरण और स्ट्रीट लाइट के कार्य करवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के विस्तार हेतु भी प्रदेश में 9 ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बनाए जा रहे हैं। नीमराना में पानी की समस्या को दूर करने के लिए ईआरसीपी से पानी लाने पर भी विचार किया जा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र को डीएमआईसी नोड बनाने का कार्य मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र नीमराना प्रथम, द्वितीय, ईपीआईपी एवं एन.आई.सी. (एम) नीमराना में करीब 11 करोड़ रुपये व्यय कर 48 किलोमीटर लम्बाई में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य भी शीघ्र शुरू कराया जाएगा। साथ ही, लगभग 9 करोड़ रुपये व्यय कर नीमराना प्रथम, द्वितीय, ईपीआईपी, घीलोठ में बिजली की लाइनों को भूमिगत एवं सुदृढ़ीकरण करने का कार्य और लगभग 2 करोड़ रुपये व्यय कर औद्योगिक क्षेत्र घीलोठ में सड़कों के सुदृढ़ीकरण तथा हाईमास्ट के कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नीमराना में बहुमुखी विकास के साथ खुशखेड़ा, भिवाड़ी, नीमराना औद्योगिक क्षेत्र को डीएमआईसी नोड बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है। शर्मा ने कहा कि उद्योगों में सौर ऊर्जा का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। बांदीकुई में भी जल्द ही औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 11 सितम्बर को भारतीय दूतावास, टोक्यो एवं जेट्रो के सहयोग से नीमराना दिवस टोक्यो (जापान) में मनाया गया। इसी तरह राज्य सरकार और रीको की भागीदारी से प्रतिवर्ष 11 सितम्बर को नीमराना दिवस मनाया जाएगा।जेट्रो के डायरेक्टर जनरल श्री ताकाशी सुजुकी ने कहा कि नीमराना औद्योगिक क्षेत्र के जापानी जोन में जापानी कम्पनियों का बेहतरीन अनुभव रहा है। भविष्य में जापानी कम्पनियों के द्वारा राज्य में और निवेश किया जाएगा। उन्होंने राइजिंग राजस्थान समिट आयोजन को निवेशकों के लिए अच्छा अवसर बताया। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा, विधायक डॉ. जसवन्त सिंह यादव, श्री देवीसिंह शेखावत, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) श्री शिखर अग्रवाल, उद्योग एवं वाणिज्य आयुक्त श्री रोहित गुप्ता, रीको के प्रबंध निदेशक श्री इन्द्रजीत सिंह, संभागीय आयुक्त श्रीमती रश्मि गुप्ता, जिला कलक्टर कोटपूतली-बहरोड़ श्रीमती कल्पना अग्रवाल, बीड़ा भिवाडी सीईओ श्री अतुल प्रकाश, नीमराना इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन अध्यक्ष श्री कृष्ण गोपाल कौशिक, लघु उद्योग भारती नीमराना अध्यक्ष श्री के.के यादव, घीलोठ मन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन महासचिव श्री राजा सोनी, हीरो मोटोकॉर्प से श्री पराग गोयल, डाइकिन प्लांट हेड श्री संदीप भट्टाचार्य सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। recent visitors 202

ब्लैक स्पॉट्स सुधारने चलेगा विशेष अभियान, राजस्थान-मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के निर्देश

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं मे कमी लाने के लिए विशेष अभियान चलाकर ब्लैक स्पॉट्स को ठीक करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सड़कों के दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर इनका शीघ्र सुधार किया जाए ताकि वाहन दुर्घटनाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान को रोका जा सके। मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान कार्यों की गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए और कामों को निर्धारित अवधि में पूरा करवाया जाए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 2350 करोड़ की लागत से ब्लैक स्पॉट्स को सुधारने का काम किया जा रहा है ताकि दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सड़क निर्माण और मरम्मत के कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाये। गौरतलब है कि प्रदेश में एनएचएआई द्वारा 40 ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर 812.64 करोड़ रुपए की लागत से इन्हें सुधारने का कार्य किया जा रहा है, जिनमें से 13 का काम पूरा हो चुका है तथा शेष का प्रक्रियाधीन है। इसी प्रकार, प्रदेश में एनएचएआई 821.51 करोड़ की लागत से 37 अन्य चिन्हित ब्लैक स्पॉट को सुधारने के कार्य भी शीघ्र शुरू करने जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में एनएच द्वारा सार्वजनिक निर्माण विभाग के साथ लगभग 650 करोड़ की लागत से 176 ब्लैक स्पॉटस को सुधारने का काम किया जा रहा है। इसी प्रकार सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा चिह्नित 117 ब्लैक स्पॉटस को 31 मार्च 2025 तक ठीक कर दिया जाएगा। राजस्थान राज्य राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा भी चिन्हित 30 ब्लैक स्पॉट के सुधार के कार्य 21.72 करोड़ रुपए की लागत से करवाए जा रहे हैं, जो आगामी जनवरी तक पूरे हो जाएंगे। इसके अतिरिक्त 4 सड़कों पर 20.34 करोड़ रुपए की लागत से सड़क सुरक्षा की दृष्टि से सुधार कार्य करवाए जा रहे हैं। recent visitors 75

अजमेर के विकास और सड़क चौड़ीकरण को लेकर की चर्चा, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने मंत्री सिंधिया से की भेंट

अजमेर/जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को नई दिल्ली प्रवास के दौरान केन्द्रीय दूरसंचार एवं डाक विभाग के मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर अजमेर शहर में आगरा गेट से महावीर सर्किल तक सड़क चौडीकरण में आ रही बाधाएं दूर करने का अनुरोध किया। सिंधिया ने इस समस्या के निराकरण के लिए आश्वस्त किया। विधान सभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने श्री सिंधिया को बताया कि अजमेर शहर में महावीर सर्किल से आगरा गेट, गांधी चौराहा एवं स्टेशन रोड़ तक एलिवेटेड रोड़ का निर्माण होने के उपरांत इस क्षेत्र में तुलनात्मक रूप से तो यातायात का दबाव कम हुआ है, लेकिन आगरा रोड़ से महावीर सर्किल तक के मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। श्री देवनानी ने कहा कि महावीर सर्किल से आगरा गेट की तरफ जाते समय बीएसएनएल कार्यालय तथा डाक-तार विभाग कार्यालय की बाहरी चारदीवारी के कारण सड़क सकड़ी हो गयी है। इससे आमजन को यातायात में परेशानियों का सामना करना पड रहा है। श्री देवनानी ने कहा कि इस समस्या के समाधान हेतु बीएसएनएल कार्यालय की लगभग 105 मीटर व डाक-तार विभाग कार्यालय की लगभग 35 मीटर लम्बाई की दीवार को लगभग 10 फीट अन्दर की ओर किये जाने से मार्ग की चौड़ाई अधिक हो सकती है। उन्होंने बताया कि इससे यातायात का दबाव कम हो सकेगा व नागरिकों को हो रही असुविधा भी दूर हो सकेगी और यातायात का संचालन सुगमता से हो सकेगा। श्री देवनानी ने बताया कि इस समस्या के समाधान हेतु अजमेर के जिला कलक्टर ने वरिष्ठ महाप्रबन्धक, भारत संचार निगम लि., अजमेर एवं वरिष्ठ अधीक्षक, डाक-तार विभाग, अजमेर को पत्र लिखकर चारदीवारी को अन्दर करवाये जाने हेतु अनुरोध किया है। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से इस समस्या के निराकरण हेतु शीघ्र कार्यवाही किये जाने का अनुरोध किया है। recent visitors 74

28 से 31 दिसंबर तक होगी प्रतियोगी परीक्षा, राजस्थान-संस्कृत के वरिष्ठ अध्यापक की होगी भर्ती

जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा वरिष्ठ अध्यापक (संस्कृत शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2024 का विषयवार आयोजन 28 से 31 दिसंबर 2024 तक किया जाएगा। परीक्षा में ओएमआर उत्तर पत्रक के पांचवे विकल्प को भरने के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आयोग सचिव ने बताया कि अभ्यर्थी उक्त परीक्षा हेतु आवंटित परीक्षा जिले की जानकारी 21 दिसंबर 2024 से एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर प्राप्त कर सकेंगे। परीक्षा के प्रवेश-पत्र आयोग की वेबसाइट एवं एसएसओ पोर्टल पर 25 दिसंबर 2024 को जारी किए जाएंगे। इस अनुसार अभ्यर्थी यथाशीघ्र प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर लेवें। प्रवेश-पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक के माध्यम से आवेदन-पत्र क्रमांक व जन्म दिनांक प्रविष्ठ कर डाउनलोड किए जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर सिटीजन ऐप्स में उपलब्ध रिक्रूटमेंट पोर्टल लिंक से भी प्रवेश-पत्रों को डाउनलोड किया जा सकता है। परीक्षा केन्द्र पर किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा प्रारंभ होने के 60 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके पश्चात् किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अतः अभ्यर्थी परीक्षा के दिन परीक्षा प्रारंभ होने के लिए नियत समय से पर्याप्त समय पूर्व परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक रूप से उपस्थित हो जाएं ताकि सुरक्षा जांच एवं पहचान का कार्य समय पर पूर्ण हो सके। देरी से आने पर तलाशी में समय लगने के कारण परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो सकते हैं। अभ्यर्थियों को पहचान हेतु परीक्षा केंद्र पर मूल आधार कार्ड (रंगीन प्रिंट) लेकर उपस्थित होना होगा। यदि मूल आधार कार्ड पर फोटो पुरानी अथवा अस्पष्ट है तो अन्य मूल फोटो युक्त पहचान-पत्र यथा मतदाता पहचान-पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस जिसमें रंगीन एवं नवीनतम स्पष्ट फोटो हो, लेकर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होवें। इसके साथ ही अभ्यर्थी प्रवेश-पत्र पर भी नवीनतम रंगीन फोटो ही चस्पा करना सुनिश्चित करें। स्पष्ट मूल फोटो युक्त पहचान-पत्र के अभाव में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थी प्रवेश-पत्र के साथ जारी आवश्यक अनुदेशों का अवलोकन अवश्य कर लेवें। आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थी किसी दलाल, मीडिएटर, समाजकंटक या अपराधी के बहकावे में न आएं। यदि कोई परीक्षा में पास कराने के नाम पर रिश्वत की मांग या अन्य कोई प्रलोभन व झांसा देता है तो प्रमाण सहित इस संबंध में जांच एजेंसी एवं आयोग कंट्रोल रूम नंबर 0145-2635200, 2635212 एवं 2635255 पर सूचित करें। परीक्षा में अनुचित साधन अपनाये जाने एवं अनुचित कृत्यों में संलिप्त होने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम के अध्युपाय) अधिनियम, 2022 के तहत आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपए तक जुर्माने से दण्डित एवं चल अचल संपत्ति कुर्क कर जब्त की जा सकती है। विषयवार परीक्षा कार्यक्रम—                           विषय                     परीक्षा दिनांक                            समय सामाजिक विज्ञान    28 दिसंबर 2024                 प्रातः 9.30 से 12 बजे तक हिन्दी                    28 दिसंबर 2024                 दोपहर 2.30 से 5.00 बजे तक जीके एंड               29 दिसंबर 2024                  प्रातः 9.30 से 11.30 बजे तक एजुकेशनल साइकोलॉजी साइंस                   29 दिसंबर 2024 –                 दोपहर 2.30 से 5.00 बजे तक गणित                   30 दिसंबर 2024                    प्रातः 9.30 से 12 बजे तक संस्कृत                  30 दिसंबर 2024                    दोपहर 2.30 से 5.00 बजे तक इंग्लिश                  31 दिसंबर 2024                    प्रातः 9.30 से 12 बजे तक recent visitors 58

‘कुसुम योजना में पत्रावलियों का शीघ्र करें निस्तारण-चेयरमैन’, राजस्थान-जयपुर में ओल्ड पावर हाउस के कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण

जयपुर। प्रदेश के विद्युत वितरण निगमों की चेयरमैन सुश्री आरती डोगरा ने कुसुम योजना में पत्रावलियों के त्वरित, समयबद्ध एवं सुगम निस्तारण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग कर किसानों को दिन में बिजली सुलभ कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता दे रही है। ऐसे में लेटर ऑफ अवॉर्ड जारी करने के बाद डिस्कॉम्स द्वारा सोलर प्लांट स्थापित करने तथा पावर परचेज एग्रीमेंट करने से संबंधित पत्रावलियों का यथाशीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इससे जमीनी स्तर पर योजना को गति दी जा सकेगी।डोगरा शुक्रवार प्रातः राममंदिर ओल्ड पावर हाउस स्थित जयपुर डिस्कॉम के विभिन्न कार्यालयों एवं शाखाओं का आकस्मिक निरीक्षण करने के दौरान अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रही थीं। उन्होंने रेगुलेशन, प्रोजेक्ट, प्लानिंग एवं मॉनीटरिंग शाखाओं के निरीक्षण के दौरान कुसुम योजना से संबंधित पत्रावलियों का गहनता से अवलोकन किया। इन फाइलों को देख रहे अधिकारियों एवं कार्मिकों से की गई टिप्पणियों तथा फाइलों के मूवमेंट को लेकर सवाल किए और फोन के माध्यम से आवेदकों से बात भी की। डिस्कॉम्स चेयरमैन ने कहा कि सोलर पावर जनरेटर से प्राप्त आवेदनों में कमियों को जांचने के लिए अधिकारियों के अलग-अलग स्तर होने से पत्रावलियों के निस्तारण में अधिक समय लगता है। उन्होंने अति. मुख्य अभियंता (पीपीएम) को निर्देश दिए कि एक डेस्क स्थापित करें जिसमें तकनीकी तथा लेखा शाखा से संबंधित अधिकारी एक ही स्थान पर बैठें और प्राप्त आवेदन की चेक लिस्ट के अनुसार उसी दिन जांच कर पाई गई कमियों की पूर्ति के लिए सोलर पावर जेनरेटर को उसी दिन अवगत कराएं। डोगरा ने कहा जिस भूमि पर प्लांट स्थापित किया जाना है उसके स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों की पूर्ति को लेकर तीनों डिस्कॉम्स में एकरूपता रखी जाए। इससे सोलर पावर जनरेटर्स तथा किसानों को भूमि के मालिकाना हक संबंधी दस्तावेज की पूर्ति के लिए बेवजह परेशान नहीं होना पड़ेगा। प्लांटों की स्थापना और पावर परचेज एग्रीमेंट करने के काम में गति आएगी। साथ ही आवेदकों का संतुष्टि का स्तर बढ़ेगा। recent visitors 143