जो रूट ने 35वां टेस्ट शतक लगाया, भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर के 34 टेस्ट शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया

नई दिल्ली इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट ने बुधवार को मुल्तान में पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर के 34 टेस्ट शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। रूट ने दिन के दूसरे सत्र में अबरार अहमद की गेंद पर सिंगल लेकर यह उपलब्धि हासिल की। ​​रूट ने दिन के पहले सत्र में एलिस्टेयर कुक के 12,472 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा था। 1970 और 1980 के दशक में तेज गेंदबाजी, खासकर वेस्टइंडीज के खतरनाक तेज गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ अपनी तकनीक के लिए जाने जाने वाले गावस्कर 10,000 टेस्ट रन और 34 टेस्ट शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज थे और उन्हें क्रिकेट के इतिहास में सबसे महान सलामी बल्लेबाजों में से एक माना जाता था। गावस्कर का 34 टेस्ट शतकों का रिकॉर्ड करीब दो दशक तक कायम रहा, जब तक कि सचिन तेंदुलकर ने इसे पीछे नहीं छोड़ दिया। गावस्कर का 34वां और अंतिम टेस्ट शतक (176 रन) दिसंबर 1986 में कानपुर में श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में आया था। रूट स्पिन और तेज गेंदबाजी दोनों के खिलाफ बेहतरीन रहे हैं, सभी परिस्थितियों में ढलने में सक्षम हैं और आधुनिक क्रिकेट में एक शानदार स्कोरर हैं और 'फैब फोर' (विराट कोहली, केन विलियमसन और स्टीव स्मिथ के साथ) में भी शामिल हैं, और इंग्लैंड के सर्वकालिक अग्रणी टेस्ट रन-स्कोरर हैं। अपना 35वां टेस्ट शतक बनाकर रूट ने महेला जयवर्धने, ब्रायन लारा और यूनिस खान को भी पीछे छोड़ दिया, जिन सभी ने 34 टेस्ट शतक बनाए थे। recent visitors 108

राज्य की जनता आतंकवाद और अलगाववाद के खिलाफ एकजुट होकर प्रगति की राह पर निरंतर अग्रसर है: मुख्यमंत्री

भाेपाल मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के अब तक के सबसे अच्छे प्रदर्शन को लेकर कहा कि राज्य की जनता आतंकवाद और अलगाववाद के खिलाफ एकजुट होकर प्रगति की राह पर निरंतर अग्रसर है। डॉ यादव ने कल देर रात एक्स पोस्ट में कहा, 'आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व में सुरक्षा, विकास और समृद्धि के नित नये शिखरों को स्पर्श कर रहे जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बेहद शानदार प्रदर्शन किया है। राष्ट्र प्रथम के ध्येय के साथ 'विकसित और सुरक्षित जम्मू-कश्मीर' के संकल्प की सिद्धि के लिये दिन-रात कार्य कर रहे सभी भाजपा पदाधिकारियों एवं देवतुल्य कार्यकर्ता बंधुओं का हार्दिक अभिनंदन करता हूं। भाजपा को अब तक के इतिहास में सर्वाधिक सीटों पर अभूतपूर्व विजय का आशीर्वाद देने वाली जम्मू-कश्मीर की जनता-जनार्दन का हृदय से आभार।' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के विजन के अनुसार जम्मू-कश्मीर की जनता आतंकवाद और अलगाववाद के खिलाफ एकजुट होकर प्रगति की राह पर निरंतर अग्रसर है।   recent visitors 88

रतलाम में 3 करोड़ का सोना लेकर भागा व्यापारी, ग्राहकों को दिखाने के लिए 7 कारोबारियों से मांगे थे

रतलाम  जिले के चांदनी चौक क्षेत्र में एक सर्राफा व्यापारी 3 करोड़ के सोने के जेवरात लेकर फरार हो गया. व्यापारी ने अपने ही साथी सर्राफा व्यापारियों के 4 किलो सोने के आभूषण का चूना लगाया. भाविका ज्वेलर्स का संचालक जीवन सोनी ने जेवरात ग्राहकों को दिखाने के लिए दूसरे ज्वेलरी शोरूम से बुलाए थे, लेकिन उसने जेवरात वापस नहीं लौटाए और 4 किलो सोने के जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गया. आरोपी का नाम जीवन सोनी है, जो शहर के त्रिपोलिया गेट क्षेत्र में भाविका ज्वेलर्स के नाम से फर्म चलाता है. 4 किलो का सोना लेकर फरार साथी ज्वेलर्स जीवन सोनी ने शाम तक आभूषण वापस दुकानों पर नहीं लौटाए, तो व्यापारियों को शक हुआ. जिसके बाद वे शिकायत करने माणक चौक थाने पहुंचे. जहां अन्य व्यापारी भी इसी तरह की शिकायत लेकर पहुंचे थे. जब सभी व्यापारियों के ज्वेलरी की कीमत और वजन का मिलान किया गया तो यह आंकड़ा 4 किलो सोने तक जा पहुंचा. जिसकी वर्तमान कीमत 3 करोड़ रुपए है. पुलिस द्वारा तलाश किए जाने पर आरोपी जीवन सोनी की स्कूटी इंदौर रोड पर चौपाल सागर के पास खड़ी मिली है. गायब सोने की कीमत 3 करोड़ रुपए दरअसल, सराफा बाजार में व्यापारियों के बीच ग्राहकों को बेचने के लिए ज्वेलरी का आदान-प्रदान चलता है. जिसका फायदा उठाकर भाविका ज्वेलर्स के संचालक जीवन सोनी ने अपने ही साथियों को करोड़ों रुपए का चूना लगा दिया. ऐसा आरोप है कि आरोपी जीवन सोनी ने अपने परिवार को पहले उज्जैन जिले के एक गांव में शिफ्ट कर दिया. उसके बाद वह 3 करोड़ के जेवरात लेकर फरार हो गया. पुलिस इस पूरे मामले में आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है. बहरहाल पुलिस ने सर्राफा व्यापारियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. माणक चौक थाना पुलिस आरोपी की कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है. recent visitors 81

टीकमगढ़ में तनाव: दुर्गा पंडाल के पास पड़ा मिला मांस, लोगों ने जताया विरोध, पुलिस ने किया मामला दर्ज

 टीकमगढ़ टीकमगढ़ पुलिस कोतवाली से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात टीकमगढ़ शहर के मामोंन दरवाजा के पास देवी प्रतिमा का पंडाल लगा है। जहां पर नवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। वहीं पर मंगलवार की रात एक व्यक्ति द्वारा मास के टुकड़े फेंक दिए थे। इसके बाद हिंदू संगठनों ने जमकर विरोध किया था और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की थी। इस मामले में मौके पर पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने जहां मांस के टुकड़ों को जब्त कर लिया था। वहीं नगर पालिका के कर्मचारियों को बुलाकर के सफाई कराई थी। सीसीटीवी फुटेज में मिले सबूत टीकमगढ़ थाना प्रभारी नितेश जैन ने बताया कि घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटी पर सवार दिखाई दे रहा है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि व्यक्ति स्कूटी पर एक बोरी लेकर आता है और उसे सड़क पर फेंकता है। पुलिस ने बोरी को जब्त कर लिया है और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि आरोपी की पहचान जल्द ही की जाएगी और उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हिंदू संगठनों का आक्रोश इस घटना के बाद हिंदू संगठनों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की अपील की, ताकि ऐसी घटनाएं भविष्य में न हो। पुलिस ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा को देखा गया, जिसमें एक फुटेज मिला है। जहां एक व्यक्ति स्कूटी पर सवार होकर दिखता है। टीकमगढ़ पुलिस कोतवाली के प्रभारी नितेश जैन ने कहा कि इस मामले में जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी, इसके साथ उन्होंने कहा कि सीसीटीवी में स्पष्ट दिख रहा है कि एक व्यक्ति स्कूटी में बोरी रख कर आ रहा है। यही बोरी रोड पर बरामद की गई थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। recent visitors 96

नवरात्र में खिल उठा प्रॉपर्टी बाजार, अब 1600 से अधिक रजिस्ट्री हुई

भोपाल  नवरात्र के शुभ मुहूर्त में रीयल एस्टेट बाजार में रौनक देखने को मिल रही है। शहर के परी बाजार, आईएसबीटी समेत अन्य पंजीयन कार्यालयों में छठवें दिन मंगलवार को भी रजिस्ट्री कराने बड़ी संख्या में प्रॉपर्टी के खरीदार पहुंचे। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ सिलसिला रात साढ़े आठ बजे तक चलता रहा। छठवें दिन रिकॉर्ड 550 रजिस्ट्री दर्ज की गई है। जिनसे पंजीयन विभाग को कुल नौ करोड़ का राजस्व मिला है। अब प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री कराने के लिए खरीदारों के पास सिर्फ दो दिन बुधवार और गुरुवार का समय बचा हुआ है। बता दें कि शुक्रवार को स्थानीय अवकाश घोषित होने से पंजीयन कार्यालय बंद रहेंगे। छह दिन में हुईं 1600 रजिस्ट्री, 40 करोड़ मिले गणेशोत्सव में रजिस्ट्री कराने का सिलसिला अपेक्षाकृत धीमा था और वहीं पितृ पक्ष में भी रीयल एस्टेट बाजार ठंडा रहा। नवरात्र शुरू होते ही रीयल एस्टेट बाजार गुलजार हो गया। अब तक छह दिनों में 1600 से अधिक रजिस्ट्री के साथ 40 करोड़ का राजस्व पंजीयन विभाग को मिल चुका है। पहले दिन गुरुवार को 200, दूसरे दिन शुक्रवार को 391, पांचवें दिन सोमवार को 484 और छठवें दिन 550 रजिस्ट्रियां हुई हैं। 10 मिनट की रजिस्ट्री के लिए दो घंटे इंतजार आईएसबीटी स्थित पंजीयन कार्यालय में गोविंदपुरा के प्रॉपर्टी खरीदारों को रजिस्ट्री कराने के लिए दो घंटे तक का इंतजार करना पड़ रहा है। दरअसल ई-रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरु होने से 10 से 15 मिनट में रजिस्ट्री करने का दावा किया गया था, लेकिन यहां अधिकारियों की लापरवाही से दो घंटे का इंतजार लोगों को करना पड़ रहा है। इसकी वजह यह है कि यहां तीन सब-रजिस्ट्रारों का काम एक सब-रजिस्ट्रार को करना पड़ रहा है। प्रति सब-रजिस्ट्रार 65 स्लॉट नवरात्र में बढ़ती रजिस्ट्रियों की संख्या को देखते हुए प्रति सब-रजिस्ट्रार 65 स्लॉट कर दिए हैं। जिले में कुल 13 सब-रजिस्ट्रार हैं, इस तरह 845 स्लॉट तक बुक किए जा सकते हैं। वहीं समय को बढ़ाते हुए पांच की जगह सात बजे तक कर दिया गया है। ऐसे में शुभ मुहूर्त में रजिस्ट्री कराने के लिए लोग सेवा प्रदाताओं के पास पहले स्लॉट बुक करवा रहे हैं। recent visitors 92

कार अनियंत्रित होकर पलट गई, हुआ भीषण सड़क हादसा, हादसे में एक की मौत, चार घायल

बैतूल मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में बुधवार को एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। यह हादसा सापना डैम के पास हुआ, जहां राजस्थान के रहने वाले पांच लोग अपनी कार से यात्रा कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, सभी लोग महाराष्ट्र के गोंदिया से राजस्थान लौट रहे थे। सभी लोग गांजा तस्करी मामले में अपने दो साथियों की जमानत के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे वह अनियंत्रित होकर पलट गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन ने उनकी स्थिति को स्थिर बताया है। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, बैतूल बाजार थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और घायलों से पूछताछ शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके वजह से यह हादसा हुआ है। पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। इसके अलावा, महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के गोवंडी इलाके से भी मंगलवार को हादसे की एक खबर सामने आई, जहां बीएमसी की कचरा उठाने वाली गाड़ी ने 9 वर्षीय हामिद शेख को रौंद दिया। हादसे में हामिद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और बीएमसी की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। गाड़ी का चालक मतीउर सावंत फरार होने की कोशिश में था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में चालक सावंत को हिरासत में लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का परिणाम है, और उन्होंने गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया।   recent visitors 60

थम नहीं रही रेलवे के खिलाफ साजिश, बिरला नगर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर मिली लोहे की रॉड

ग्वालियर मध्य प्रदेश के ग्वालियर और उत्तर प्रदेश के रायबरेली में असामाजिक तत्वों द्वारा ट्रेन पलटाने का षड्यंत्र फिर सामने आया है। ग्वालियर में सोमवार देर रात बिरला नगर स्टेशन स्टेशन के आउटर पर तीसरी लाइन की पटरियों पर लोहे की मोटी छड़ों को तारों से बांधकर रख दिया गया था। रात लगभग डेढ़ बजे इसी ट्रैक पर आ रही मालगाड़ी के लोको पायलट को जब छड़ें नजर आईं तो उन्होंने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी और हादसा टला। जीआरपी व आरपीएफ के जवान देर रात मौके पर पहुंचे। जीआरपी ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। काशन आर्डर के कारण मालगाड़ी की गति 12 किमी प्रतिघंटा थी। यदि ट्रेन की गति अधिक होती, तो छड़ें नजर नहीं आती और हादसा होने की आशंका थी। तकनीकी अधिकारियों के अनुसार लोहे की दो छड़ें कुछ दूरी पर ट्रैक पर थीं। पहली छड़ यदि ट्रेन के पहिए से कट भी जाती, तो ट्रेन को झटका लगता और तब तक दूसरी छड़ पहिए के नीचे आ जाती। ऐसे में ट्रेन के डिरेल होने की पूरी संभावना थी। इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे दिन झांसी मंडल से प्रयागराज मुख्यालय तक हलचल मची रही, क्योंकि इससे पहले भी उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों के आसपास ट्रेन पलटाने का षड्यंत्र रचा जा चुका है। ट्रैक पर लोहे की छड़ें मिलीं     बिरलानगर के पास रेलवे ट्रैक पर लोहे की छड़ें मिली हैं। इसी ट्रैक से मालगाड़ी गुजरनी थी, तभी छड़ें देखकर ट्रेन रोक ली गई। आरपीएफ व जीआरपी ने इसे जब्त किया है और इस मामले में जीआरपी में मामला दर्ज किया गया है। सुरक्षा बल फिलहाल मामले की जांच कर रहे हैं। – मनोज कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी रेल मंडल झांसी पहले भी हो चुकी हैं साजिशें     गत पांच अक्टूबर को झांसी-भोपाल रेल लाइन पर दैलवारा-ललितपुर के बीच ट्रैक पर छह फीट का सरिया असामाजिक तत्वों ने रख दिया था। इस दौरान पातालकोट एक्सप्रेस ट्रैक पर थी और उसके पहियों में सरिया फंस गया था।     गत 30 सितंबर को कानपुर के गोविंदपुरी-भीमसेन रेल लाइन पर अग्निशामक सिलेंडर रखा मिला था। इस दौरान पुष्पक एक्सप्रेस गुजर रही थी।     29 सितंबर को महोबा रेलवे ट्रैक पर कबरई और मटोंध स्टेशन के बीच पटरियों पर भारी-भरकम पिलर रखकर पैसेंजर ट्रेन को पलटाने के प्रयास किया गया था।     22 सितंबर को कानपुर के महाराजपुर में प्रेमपुर स्टेशन के पास ट्रैक पर एलपीजी सिलेंडर और बीयर कैन रखी हुई मिली थीं। उस समय मालगाड़ी इस ट्रैक से गुजर रही थी।     17 अगस्त को कानपुर के गोविंदपुरी स्टेशन के नजदीक ही भीमसेन रेल लाइन पर पटरी पर रखे भारी पत्थर के टकराने से साबरमती एक्सप्रेस के 22 डिब्बे डिरेल हो गए थे।   recent visitors 88