2 लाख रुपए में खरीदी गई पत्नी को बाइक के पीछे बांधकर घसीटा, मदद को चिल्लाती रही, किसी ने नहीं बचाया

 नागौर राजस्थान के नागौर से एक दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी को बाइक से बांधकर घसीट दिया. उसने ऐसा इसलिए किया, क्योंकि उसकी पत्नी उसके मना करने के बावजूद भी अपने बहन के घर चली गई थी. फिलहाल वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है. नशे का आदी है प्रेम राम जानकारी के मुताबिक पूरा मामला नागौर के पांचौड़ी थाना क्षेत्र के पांचौड़ी गांव का बताया जा रहा है. व्यक्ति की पहचान पांचौड़ी निवासी प्रेम राम के रूप में हुई है. प्रेम राम मोटरसाइकिल के पीछे बांधकर अपनी पत्नी को घसीट रहा है. पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के मुताबिक आरोपी प्रेम राम की शादी 10 महीने पहले ही हुई है. बताया जाता है कि प्रेम राम नशेड़ी है और आए दिन अपनी पत्नी से मारपीट करता रहता है. घटना के संबंध में जानकारी देते हुए नागौर पुलिस अधीक्षक नारायण सिंह टोगस ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. साथ ही आरोपी प्रेम राम को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. बहन के यहां जाने से था नाराज प्रेम राम की पत्नी जिद कर जैसलमेर अपनी बहन से मिलने के लिए जा रही थी. लेकिन उसके पति प्रेम राम ने मना कर दिया था. हालांकि, इसके बाद भी प्रेम राम की पत्नी बहन से मिलने चली गई. इससे गुस्साए प्रेम राम ने मोटरसाइकिल के पीछे बांधकर पत्नी को घसीट दिया. इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने उसे ऐसा नहीं करने के लिए मना भी किया, बावजूद इसके वह नहीं माना. 2 लाख रुपए देकर पंजाब जाकर की थी शादी जानकारी के अनुसार, प्रेमाराम की शादी 6 महीने पहले उसके घरवालों ने 2 लाख रुपए देकर पंजाब निवासी सुमित्रा (25) से कराई थी। सुमित्रा के पिता की मौत हो चुकी है। प्रेमाराम की बहन शारदा, मामा और मौसी ने सुमित्रा की मां को 2 लाख रुपए दिए थे। इसके बाद शादी कर प्रेमाराम सुमित्रा को नाहरसिंहपुरा ले आया था। सुमित्रा के पिता की कुछ समय पहले मौत हो गई थी। पड़ोसियों ने बताया कि शादी के बाद से ही प्रेमाराम सुमित्रा को बंधक जैसी हालत में रखता था। वह उसे किसी से बात नहीं करने देता था। सुमित्रा पड़ोस की महिलाओं तक से बात नहीं कर सकती थी। प्रेमाराम शराब का आदी था। प्रेमाराम को शक था कि पत्नी खरीदकर लाने के कारण पड़ोसी उसे बहका देंगे। गांव के किसी युवक ने वीडियो बनाया एक महीने पहले पाबंदियां लगाने की बात पर एक दिन घर में सुमित्रा की पति और सास से ‎‎नोक-झोंक हो गई। सुमित्रा ने उन्हें खरी-खोटी सुना दी। इससे नाराज प्रेमाराम ने ‎‎शराब पीकर पहले पत्नी को बुरी तरह पीटा, इसके बाद भी गुस्सा शांत नहीं हुआ तो पत्नी को बाइक के पीछे बांधकर ‎‎घसीटा। इससे उसके गंभीर चोटें आईं।इस दौरान गांव के लोग वीडियो बनाते रहे। सुमित्रा चिल्लाती रही, बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन किसी ने भी सनकी प्रेमाराम को रोकने की कोशिश नहीं की। गांव के किसी व्यक्ति ने अब वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया तो मामला पुलिस तक पहुंचा। उधर, पांचौड़ी थानाधिकारी खेताराम ने बताया कि महिला को जैसलमेर से नागौर लाया जाएगा। उससे पूछताछ की जाएगी।   recent visitors 97

पत्नी का हाथ पकड़ गंगा में कूद गया सर्राफा कारोबारी, रुला देगा सुसाइड नोट

 हरिद्वार/ सहारनपुर  कर्ज का चक्कर कितना भयावह होता है, वह सहारनपुर की इस दर्दनाक घटना से समझा जा सकता है। सोमवार को यहां एक सर्राफा कारोबारी और उसकी पत्नी ने गंगा में कूदकर सुसाइड कर लिया। दोनों सुसाइड करने के लिए नई बाइक से हरिद्वार पहुंचे और एक-दूसरे का हाथ पकड़कर छलांग लगा दी। कारोबारी का शव गंगा में उतराता मिला जबकि पत्नी अभी भी लापता है। मरने से पहले कारोबारी ने वॉट्सऐप पर सुसाइड नोट अपने रिश्तेदारों को भेज दिया था, जिसमें लिखा है- मैं इस कर्ज के दलदल में इस कदर फंस गया हूं कि बाहर ही नहीं निकला पा रहा हूं। मरने से पहले की फोटो हम सभी को शेयर कर देंगे। 'श्री साई ज्वेलर्स' नाम की थी दुकान नगर कोतवाली क्षेत्र किशनपुरा निवासी सौरभ बब्बर की मोहल्ले में ही श्री साई ज्वेलर्स की दुकान है। रविवार की रात सौरभ बब्बर पत्नी मोना बब्बर के साथ हरिद्वार गए थे। सोमवार को उनका शव हरिद्वार में हर की पेड़ी पर मिला है। पत्नी लापता है। दोनों बहादरा बाद गंग नहर में कूदे हैं। सौरभ ने हाल ही में बाइक खरीदी थी। सौरभ के यहां कमेटी डलती थी। करोड़ों रुपए लोगों के थे। इसके दो बच्चे है, जिन्हें मरने से पहले नाना-नानी के यहां छोड़कर गए थे। इसका जिक्र उन्होंने खुद सुसाइड नोट में किया है। फोन व पर्स से हुई शिनाख्त रानीपुर थाना के प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि सौरभ बब्बर की सहारनपुर में श्री साईं ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। उन्होंने बताया कि दंपति सोमवार को ही मोटरसाईकिल से हरिद्वार पहुंचे थे। सिंह ने बताया कि जमालपुर खुर्द गांव के पास गंगनहर के किनारे दलदल में एक व्यक्ति का शव अटका होने की सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव निकाला। उन्होंने बताया कि मृतक के पैंट की जेब से मिले मोबाइल फोन और पर्स के आधार पर शव की शिनाख्त हुई। कारोबारी पर था 10 करोड़ का कर्ज उन्होंने बताया कि महिला का शव अभी नहीं मिला है और उसकी तलाश की जा रही है। सिंह ने बताया कि जानकारी मिली है कि सौरभ पर करीब 10 करोड़ रुपये का कर्ज था। दंपति के दो बच्चे हैं। दंपति ने आत्महत्या करने से पहले दोनों बच्चों को उनके नाना-नानी के पास पहुंचा दिया था। सिंह ने बताया कि आत्महत्या से पहले सौरभ और उनकी पत्नी द्वारा लिखा और दस्तखत किया एक नोट भी बरामद हुआ है जिसमें उन्होंने लिखा कि वह कर्ज के दलदल में इस कदर फंसे हैं कि अब बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा और इसलिए वे अपना जीवन समाप्त कर रहे हैं। नाना-नानी के पास भेजे गए बच्चे नोट में अपनी दुकान व मकान दोनों बच्चों के लिए छोड़ने की बात कहते हुए दंपति ने लिखा कि ‘‘हमने उन्हें अपने नाना-नानी के पास छोड़ दिया है क्योंकि उन्हें केवल उन्हीं पर भरोसा है।’’ सौरभ ने आत्महत्या से पहले अपनी दुकान पर काम करने वाले गोलू को एक ऑडियो संदेश भी भेजा था जिसमें उन्होंने कहा कि ‘‘यह सबको बता देना, हम लोग हरिद्वार में हैं और अब मरने जा रहे हैं।’’ पढ़िए हूबहू सुसाइड नोट 'मैं सौरभ बब्बर कर्ज के दलदल में इस कदर फंस गया हूं कि बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा। अंत में मैं और मेरी धर्म पत्नी मोना बब्बर अपना जीवन समाप्त कर रहे हैं। प्रॉपर्टी, दुकान और हमारा किशनपुरा वाला मकान मेरे दोनों बच्चों के लिए है। हमारे दोनों बच्चे अपने नाना-नानी के घर रहेंगे। इनका जीवन अब हम पती-पत्नी उनके हवाले करके जा रहे हैं। बच्चे हमारे वहीं रहेंगे, हमें किसी और पर भरोसा नहीं है। हमने लेनदारों को अधाधुंध ब्याज दिया है। हम अब और नहीं दे पा रहे हैं। हम जहां सुसाइड करेंगे। उस जगह जाकर वहां की फोटो हम वॉट्सऐप पर शेयर कर देंगे।' पति का शव मिला, पत्नी की तलाश जारी सौरभ का शव कल (12 अगस्त) गंग नहर से मिला है लेकिन अभी उसकी पत्नी का कोई पता नहीं चल सका है. इस घटना के बाद से व्यापारी के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. सौरभ के शव को सहारनपुर लाकर अंतिम संस्कार किया गया. वहीं, उनकी पत्नी की तलाश पुलिस और गोताखोर कर रही है. सौरभ बब्बर का शव परिजनों के मुताबिक, दोनों की शादी लगभग 18 साल पहले हुई थी और इनके दो बच्चे हैं. बड़ी लड़की 12 साल की है और लड़का 7 साल का है जो पैरों से दिव्यांग है. सौरभ किशनपुरा मार्केट में ज्वैलरी का काम करते थे. साथ ही कमेटी सिस्टम (किस्तो पर पैसे उधार लेना) भी चलाते थे. बताया जा रहा है कि करीबन 5 कमेटियां सौरभ ने चला रखी थी. एक कमेटी में 200 मेंबर थे और एक मेंबर की ₹2000 की किस्त थी. सभी कमेटियों की मियाद पूरी हो चुकी थी और सभी को पैसे देना था. मौत से पहले घरवालों को कॉल उधर, व्यापार में घाटा हो रहा था और इधर कमेटी वालों को पैसे देना था. जबकि, सौरभ के पैसे थे नहीं. कर्जदार उसे परेशान करने लगे. इन सबसे तंग आकर सौरभ ने खौफनाक कदम उठा लिया. वह पत्नी को बाइक पर बैठाकर सहारनपुर से करीब 100 किलोमीटर हरिद्वार पहुंचा और वहां जाकर गंगा में छलांग लगा दी. कूदने से पहले उन्होंने लास्ट कॉल अपने घर पर की थी, जिसकी रिकॉर्डिंग भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. इस कॉल में सौरभ बब्बर कह रहे हैं कि यह वीडियो सबको दिखा देना, हम हरिद्वार में हैं और अपनी जीवन लीला समाप्त कर रहे हैं, यहां से छलांग लगाने जा रहे हैं. recent visitors 80

UP-Bihar रूट पर NI कार्य के चलते ट्रेनों के परिचालन में होगा बदलाव, सफर करने से पहले यहां देख लें लिस्ट

नई दिल्ली भारतीय रेलवे ट्रेनों को सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से चलाने के लिए लगातार तकनीकी बदलाव करता रहता है. इसी क्रम में रेलवे प्रशासन द्वारा परिचालनिक सुगमता के लिए उत्तर रेलवे के बरेली जंक्शन-रोजा खंड के मीरानपुर कटरा स्टेशन में प्री-नॉन इंटरलॉकिंग व नॉन इंटरलॉकिंग का काम होना है. इस संदर्भ में जानकारी देते हुए पूर्व पदार्थ के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि नॉन इंटरलॉकिंग काम के चलते इस रूट पर चलने वाली कुछ गाड़ियों के रूट में परिवर्तन एवं रि-शिड्यूलिंग किया जायेगा. साथ ही कुछ ट्रेनों को नियंत्रित कर चलाया जाएगा. अगर आप आने वाले दिनों में इस रूट से यात्रा करने वाले हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. हम आपको उन सभी ट्रेनों की सूची दे रहे हैं जो प्रभावित रहेंगी. इन ट्रेनों का होगा रूट डायवर्ट >टनकपुर से 14 व 16 अगस्त, 2024 को चलने वाली गाड़ी संख्या 15074 टनकपुर-सिंगरौली एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग पीलीभीत-बरेली जं.-शाहजहाँपुर के स्थान पर परिवर्तित मार्ग पीलीभीत-शाहजहाँपुर के रास्ते चलाई जायेगी. मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जं. एवं बिलपुर स्टेशनों पर नहीं रहेगा. >टनकपुर से 15 अगस्त, 2024 को चलने वाली गाड़ी संख्या 15076 टनकपुर-शक्तिनगर एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग पीलीभीत-बरेली जं.-शाहजहाँपुर के स्थान पर परिवर्तित मार्ग पीलीभीत-शाहजहाँपुर के रास्ते चलाई जायेगी. मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जं. एवं बिलपुर स्टेशनों पर नहीं रहेगा. >सिंगरौली से 13 व 15 अगस्त, 2024 को चलने वाली गाड़ी संख्या 15073 सिंगरौली-टनकपुर एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग शाहजहाँपुर-बरेली जं.-पीलीभीत के स्थान पर परिवर्तित मार्ग शाहजहाँपुर-पीलीभीत के रास्ते चलाई जायेगी. मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव बिलपुर, बरेली जं., बरेली सिटी एवं इज्जतनगर स्टेशनों पर नहीं रहेगा. >शक्तिनगर से 14 अगस्त, 2024 को चलने वाली गाड़ी संख्या 15075 शक्तिनगर-टनकपुर एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग शाहजहाँपुर-बरेली जं.-पीलीभीत के स्थान पर परिवर्तित मार्ग शाहजहाँपुर-पीलीभीत के रास्ते चलाई जायेगी. मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव बिलपुर, बरेली जं., बरेली सिटी एवं इज्जतनगर स्टेशनों पर नहीं रहेगा. >बापूधाम मोतिहारी से 13 व 15 अगस्त, 2024 को चलने वाली 14009 बापूधाम मोतिहारी-आनन्द विहार टर्मिनल एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग सीतापुर-पीलीभीत-बरेली सिटी-रामगंगा के रास्ते चलाई जायेगी. >कामाख्या से 15 अगस्त, 2024 को चलने वाली गाड़ी संख्या 15621 कामाख्या-आनन्द विहार टर्मिनल एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग सीतापुर-पीलीभीत-बरेली सिटी-रामगंगा के रास्ते चलाई जायेगी. >डिबू्रगढ़ से 14 अगस्त, 2024 को चलने वाली गाड़ी संख्या 15909 डिब्रूगढ़-लालगढ़ एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग लखनऊ (उत्तर रेलवे)-कानपुर सेंट्रल-गाजियाबाद के रास्ते चलाई जायेगी. मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव बालामऊ, हरदोई, शाहजहाँपुर, बरेली जं., रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़ एवं पिलखुआ स्टेशनों पर नहीं रहेगा. इन ट्रेनों की होगी रि-शिड्यूलिंग >जम्मूतवी से 13 अगस्त, 2024 को चलने वाली गाड़ी संख्या 15098 जम्मूतवी-भागलपुर एक्सप्रेस जम्मूतवी से 120 मिनट रि-शिड्यूल कर चलाई जायेगी >दरभंगा से 13 अगस्त, 2024 को चलने वाली गाड़ी संख्या 15211 दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस दरभंगा से 75 मिनट रि-शिड्यूल कर चलाई जायेगी >दरभंगा से 15 अगस्त, 2024 को चलने वाली गाड़ी संख्या 15211 दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस दरभंगा से 60 मिनट रि-शिड्यूल कर चलाई जायेगी >लालगढ़ से 13 व 15 अगस्त, 2024 को चलने वाली गाड़ी संख्या 15910 लालगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस लालगढ़ से 120 मिनट रि-शिड्यूल कर चलाई जायेगी >जम्मूतवी से 15 अगस्त, 2024 को चलने वाली गाड़ी संख्या 12332 जम्मूतवी-हावड़ा एक्सप्रेस जम्मूतवी से 120 मिनट रि-शिड्यूल कर चलाई जायेगी >हावड़ा से 15 अगस्त, 2024 को चलने वाली गाड़ी संख्या 12369 हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस हावड़ा से 240 मिनट रि-शिड्यूल कर चलाई जायेगी.   recent visitors 80

प्रदेश के पीएम विद्यालयों के 6 विद्यार्थियों को नई दिल्ली में 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का मौका मिलेगा

भोपाल प्रदेश के पीएम विद्यालयों के 6 विद्यार्थियों को नई दिल्ली में 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का मौका मिलेगा। यह विद्यार्थी स्वतंत्रता दिवस के दौरान युद्ध स्मारक, इंडिया गेट, प्रधानमंत्री संग्रहालय और प्रतिष्ठित स्थानों को देखने जाएगे। चयनित छात्र नई दिल्ली के लाल किले में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में अपने स्कूलों और राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह चयन उनके शिक्षकों और माता-पिता द्वारा प्रदान की गई कड़ी मेहनत और समर्थन का एक प्रमाण है, जो इस महत्वपूर्ण अवसर पर उनके साथ होंगे। चयनित छात्र 13 से 16 अगस्त तक नई दिल्ली में रहेंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले छात्रों का चयन उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता और उल्लेखनीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के आधार पर किया गया है। देश भर के छात्रों और उनके मार्गदर्शकों को आमंत्रित करने की केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय की पहल का उद्देश्य प्रतिभाशाली छात्रों कोााभा प्रेरित करना और देश के भविष्य में उनके योगदान की पहचान करना है। नई दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभर के चयनित विद्यार्थियों की उपस्थिति।राष्ट्रीय गौरव और एकता का प्रतीक है। यह कार्यरूप अगली पीढ़ी के नेताओं के पोषण और मार्गदर्शन में शिक्षकों और माता-पिता द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की मान्यता के रूप में भी कार्य करता है। भारत के समृद्ध इतिहास, संस्कृति और शैक्षिक उत्कृष्टता से परिचित होने से युवा मस्तिष्कों पर एक स्थायी प्रभाव पड़ेगा।   recent visitors 67

भारतीय न्याय संहिता’ में ‘अप्राकृतिक यौनाचार’ के अपराध को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति जताई

नई दिल्ली  दिल्ली उच्च न्यायालय ने नए दंड कानून ‘भारतीय न्याय संहिता’ (बीएनएस) में ‘अप्राकृतिक यौनाचार’ और ‘दुराचार’ के अपराध के लिए सजा से संबंधित किसी भी प्रावधान को बाहर करने को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के लिए  सहमति जताई। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनमोहन और न्यायमूर्ति तुषार राव गेडेला की पीठ के समक्ष तत्काल सूचीबद्ध करने के लिए याचिका का उल्लेख किया गया। पीठ ने कहा कि इस पर मंगलवार को सुनवाई की जाएगी। वकील ने कहा कि बीएनएस में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 377 के समतुल्य किसी भी प्रावधान को बाहर किया गया है, जिसके कारण हर व्यक्ति, विशेषकर एलजीबीटीक्यू समुदाय प्रभावित होगा। आईपीसी की धारा 377 में दो वयस्कों के बीच बिना सहमति के अप्राकृतिक यौनाचार और नाबालिगों के खिलाफ यौन गतिविधियों के मामलों में दंड का प्रावधान है। आईपीसी की जगह बीएनएस एक जुलाई, 2024 से प्रभाव में आया है।     recent visitors 66

बंगलादेश में हिंसक प्रदर्शनों में अबतक 42 पुलिसकर्मियों समेत 580 लोगों की मौत

ढाका  बंगलादेश में कोटा सुधार आंदोलन और उसके बाद व्यापक सरकार विरोधी हिंसक प्रदर्शनों में करीब चार सप्ताह में यानी 16 जुलाई से छह अगस्त तक 42 पुलिस अधिकारियों समेत कम से कम 580 लोग मारे गए। स्थानीय बांगला दैनिक ‘प्रोथोम एलो’ की रिपोर्ट के अनुसार 16 जुलाई से छह अगस्त के बीच कोटा सुधार अभियान और उसके बाद के विरोध प्रदर्शनों के परिणामस्वरूप 542 मौतें हुईं। इनमें से 216 मौतें 16 जुलाई से तीन अगस्त के बीच हुईं, जबकि शेष 326 मौतें चार से छह अगस्त के बीच हुईं। छात्रों के नेतृत्व वाले विद्रोह के कारण शेख हसीना ने पांच अगस्त को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और देश छोड़कर भारत चली गईं। इसके बाद आठ अगस्त को नोबेल पुरस्कार विजेता डॉ. मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार के रूप में शपथ ली। देश में चार से छह अगस्त के बीच, अवामी लीग, जुबो लीग, स्वेचसेबक लीग और छात्र लीग के कम से कम 87 नेता और कार्यकर्ता मारे गए। पीड़ितों में कम से कम 36 पुलिस अधिकारी थे। पुलिस महानिरीक्षक मोइनुल इस्लाम ने रविवार को पुष्टि की कि 16 जुलाई से छह अगस्त के बीच 42 पुलिस अधिकारी मारे गए। अवामी लीग के नेताओं को ढाका और अन्य जगहों पर चार अगस्त को अग्नेयास्त्रों और स्थानीय रूप से प्राप्त हथियारों से प्रदर्शनकारियों पर हमला करते देखा गया हालांकि, विरोध प्रदर्शनों के व्यापक पैमाने के कारण वे लंबे समय तक टिक नहीं पाए। इस दिन, देश भर में कम से कम 111 मौतें दर्ज की गईं। उनमें से कम से कम 27 अवामी लीग के सदस्य थे। नरसिंगडी के माधबडी में प्रदर्शनकारियों को अवामी लीग की रैली के दौरान गोली मार दी गई। प्रदर्शनकारियों ने आवामी लीग के सदस्यों का पीछा किया और उनमें से छह को मार डाला, जिनमें चारदीघलदी यूनियन परिषद के अध्यक्ष देलोवर हुसैन भी शामिल थे। सुहसीना ने पांच अगस्त को जब देश छोड़ दिया, तब कई आवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमले किये गये और उनके घरों में आग लगा दी गई। अगले दिन हिंसा फिर से शुरू हो गई, जिसके परिणामस्वरूप कई मौतें हुईं। पांच अगस्त को 108 मौतें दर्ज की गईं, जिनमें से 49 आवामी लीग के सदस्य थे। छह अगस्त को 107 लोग मारे गए, जिनमें पार्टी के 11 लोग शामिल थे। पूर्व वामी लीग विधायक एवं पूर्व योजना मंत्री एमए मन्नान ने फोन पर प्रोथोम एलो से कहा “ छात्रों, राजनेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों की हत्याओं ने एक नागरिक के तौर पर मुझे बहुत दुख पहुंचाया है। राजनीतिक दलों को राजनीति के भविष्य की खातिर हिंसा से बचने के लिए एक समझौता करना चाहिए।” बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने प्रदर्शनकारियों से एक सप्ताह में अवैध हथियार जमा करने को कहा  बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के गृह मामलों के सलाहकार ब्रिगेडियर जनरल (सेवानिवृत्त) एम सखावत हुसैन ने  प्रदर्शनकारियों से 19 अगस्त तक सभी अवैध और अनधिकृत हथियार जमा करने को कहा, जिनमें हालिया हिंसा के दौरान एजेंसियों से लूटी गई राइफल भी शामिल हैं। यह जानकारी एक मीडिया रिपोर्ट में दी गई। ‘द डेली स्टार’ अखबार की खबर के अनुसार, हुसैन ने कहा कि अगर ये हथियार पास के थानों में नहीं जमा किए जाते तो अधिकारी तलाशी अभियान चलाएंगे और अगर किसी के पास अनधिकृत शस्त्र पाए जाते हैं तो उसके खिलाफ आरोप दर्ज किए जाएंगे। हुसैन यहां ‘कम्बाइन्ड मिलिट्री हॉस्पिटल’ में अर्धसैनिक बल ‘बांग्लादेश अंसार’ के सदस्यों से मिलने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। ‘बांग्लादेश अंसार’ के सदस्य बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों के दौरान घायल हो गए थे, जिसके कारण प्रधानमंत्री शेख हसीना को पद छोड़ना पड़ा था। नौकरियों में आरक्षण की विवादास्पद प्रणाली को लेकर शेख हसीना सरकार के खिलाफ प्रदर्शनों के बाद बनी अराजकता की स्थिति के बीच हसीना ने पिछले सप्ताह इस्तीफा दे दिया था और भारत चली गई थीं। हुसैन ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों समेत करीब 500 लोग मारे जा चुके हैं और कई हजार लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘एक युवक को वीडियो में 7.62 एमएम की राइफल ले जाते हुए देखा गया था। इसका मतलब है कि राइफल लौटाई नहीं गई है। अगर आपने इसे (डर की वजह से) जमा नहीं किया तो किसी और के माध्यम से जमा करा दो।’’       recent visitors 94

अरशद नदीम पर हुई पुरस्कारों की बरसात, भैंस के रूप में मिला अनोखा गिफ्ट

कराची  पाकिस्तान भले ही अपने भाला फेंक ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अरशद नदीम को नकद पुरस्कारों और अन्य बहुमूल्य पुरस्कारों से नवाज रहा हो, लेकिन उनके ससुर ने ग्रामीण परवरिश और परंपरा के साथ मेल खाते हुए उन्हें भैंस उपहार में देने का फैसला किया है। मोहम्मद नवाज ने रविवार को नदीम के गांव में स्थानीय मीडिया को बताया कि उनके गांव में भैंस उपहार में देना ‘बहुत मूल्यवान’ और ‘सम्मानजनक’ माना जाता है। नदीम ने पेरिस में भाला फेंक स्पर्धा में 92.97 मीटर के ओलंपिक रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता जिसमें भारत के नीरज चोपड़ा दूसरे स्थान पर रहे। नवाज ने कहा, ‘‘नदीम को अपनी जड़ों पर बहुत गर्व है और सफलता के बावजूद, उनका घर अब भी उनका गांव है और वह अब भी अपने माता-पिता और भाइयों के साथ रहते हैं।’’ उनके ससुर ने बताया कि उनके चार बेटे और तीन बेटियां हैं और उनकी सबसे छोटी बेटी आयशा की शादी नदीम से हुई है। नवाज ने कहा, ‘‘जब हमने छह साल पहले अपनी बेटी की शादी नदीम से करने का फैसला किया तो उस समय वह छोटी मोटी नौकरियां करता था। लेकिन अपने खेल के प्रति बेहद जुनूनी था और घर व खेतों में लगातार भाला फेंकने का अभ्यास करता था। ’’   recent visitors 79