मुस्लिमों को रोहिंग्या और बांग्लादेशी बताकर पीटने का मामला सामने आया, बांग्लादेशी हिंदुओं के लिए ऐसा बदला!

नई दिल्ली दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हिन्दू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं द्वारा झुग्गी-झोपड़ियों में रह रहे मुस्लिमों को रोहिंग्या और बांग्लादेशी बताकर पीटने का मामला सामने आया है। इस दौरान कई झुग्गियों में तोड़फोड़ कर आग भी लगा दी गई। गाजियाबाद पुलिस ने इस मारपीट के संबंध में हिन्दू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी और उनके 15-20 अज्ञात साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि, बांग्लादेश में सियासी तख्ता पलट के बाद वहां रहने वाले हिन्दुओं पर किए जा रहे कथित अत्याचार की खबरों का असर भारत में भी देखने को मिल रहा है।   जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम को गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले संजय नगर स्थित झुग्गी झोपड़ियों में रह रहे कूड़ा बीनने वाले लोगों पर हिन्दू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी और उनके साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने यहां रहने वाले लोगों के साथ गाली-गलौज कर उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान पिंकी चौधरी का कहना था कि ये लोग बांग्लादेशी हैं। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन फिर भी उग्र हुए लोग उनके साथ तोड़फोड़ करते रहे। इस पूरे मामले में पुलिस ने पिंकी चौधरी और उनके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इन धाराओं में दर्ज हुई एफआईआर गाजियाबाद पुलिस इस घटना के संबंध में शनिवार को मधुबन बापूधाम थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धाराओं 191 (2), 354, 115 (2), 117 (4), 299, 324 (5) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद की जिन झुग्गियों में यह तोड़फोड़ और मारपीट हुई यह घटना हुई वह गुलधर रेलवे स्टेशन के पास फ्री होल्ड कॉलोनी के पीछे बसी हुई हैं। पिटने वालों में कोई भी बांग्लादेशी नहीं था : एसीपी एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया, ''दिनांक 09.08.2024 को थाना मधुबन बापूधाम क्षेत्र अंतर्गत गुलधर रेलवे स्टेशन के पास झुग्गियों में कुछ लोग रह रहे थे। वहां पर हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी अपने 15-20 समर्थकों के साथ पहुंचकर उन पर बांग्लादेशी होने का आरोप लगाकर उनके साथ मारपीट करने लगे और उनकी झुग्गियों में तोड़फोड़ करने लगे। जांच के दौरान यह तथ्य संज्ञान में आया कि वहां रह रहे लोगों में से कोई भी बांग्लादेशी नहीं था। उक्त घटना का संज्ञान लेते हुए हिंदू रक्षा दल अध्यक्ष पिंकी चौधरी और उनके समर्थकों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई जारी है।''   recent visitors 72

दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी 11-13 अगस्त तक बहुत भारी बरसात होने का अलर्ट जारी किया गया: IMD

नई दिल्ली उत्तर भारत समेत देशभर में इन दिनों भारी बरसात देखने को मिल रही है। आने वाले दो दिनों तक उत्तर भारत, पहाड़ी इलाकों, मध्य इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, इसके बाद बारिश से कुछ राहत मिलने की संभावना है। इसके अलावा, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी समेत दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी 11-13 अगस्त तक बहुत भारी बरसात होने का अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो तमिलनाडु, पुडुचेरी, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, मेघालय, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, सिक्किम, बिहार, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, कोंकण और गोवा में भी बहुत भारी बारिश हुई। उत्तर भारत की बात करें तो हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10-16 अगस्त, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10, 11 अगस्त को मध्यम से भारी बारिश होने वाली है। इसके अलावा, पंजाब में 10 और 11 अगस्त, हरियाणा, चंडीगढ़ में 10, 11 और 14 अगस्त को भारी बरसात होगी। वहीं, हिमाचल प्रदेश में 10 अगस्त, उत्तराखंड में 10 व 11 अगस्त, पूर्वी राजस्थान में 10-14 अगस्त के बीच बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी और मध्य भारत को लेकर मौसम विभाग ने कहा है कि छत्तीसगढ़, गुजरात में 10, पूर्वी मध्य प्रदेश में 10 और 11 अगस्त, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र में 10 व 11 अगस्त को भारी बारिश होगी। इसके अलावा, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10 अगस्त को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 10-16 अगस्त, सब हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम में 10, 15 और 16 अगस्त, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा में 14-16 अगस्त, बिहार में 10-13 अगस्त को भारी बारिश जारी रहने वाली है। recent visitors 92

जेल से बाहर निकलते ही मनीष सिसोदिया ने बड़े मिशन का ऐलान कर दिया, आम आदमी पार्टी में जश्न का माहौल

नई दिल्ली दिल्ली शराब घोटाले में पिछले 17 महीनों से तिहाड़ जेल में बंद मनीष सिसोदिया आखिरकार जमानत पर बाहर आ गए हैं। इससे आम आदमी पार्टी में जश्न का माहौल है। दिल्ली में अगले 6 महीनों में विधावसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में मनीष सिसोदिया की रिहाई पार्टी के लिए संजीवनी मानी जा रही है। इस बीच जेल से बाहर निकलते ही मनीष सिसोदिया ने बड़े मिशन का ऐलान कर दिया है। उन्होंने शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबधित करते हुए इस मिशन का ऐलान किया। दरअसल उन्होंने दावा किया दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जमानत जब्त होगी। इसके लिए उन्होंने आप कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारी करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा, भाजपा को बताना चाहता हूं कि वोट ढूढते रह जाओगे, आज से ही हमे लगना होगा। दिल्ली के लोग हरियाणा के लोग ये लड़ाई सिर्फ आप की नहीं है ये लड़ाई सत्य और देश बचाने की लड़ाई है। तानाशाही से देश को बचाने की है। उन्होंने आगे कहा,  ये भाजपा वाले सिर्फ विपक्ष के नेताओ को परेशान नहीं कर रहे है।  ये चंदे के धंधे में बड़े बड़े व्यापारियों को नोटिस भेजकर जेल भेज देते है। ये तानाशाही नहीं है तो क्या है। हमे इसके खिलाफ लड़ना है। इससे पहले गोपाल राय ने कहा था, मनीष सिसोदिया की जमानत अगले विधानसभा में भाजपा के जमानत जब्त होने की शुरुआत है।  मनीष सिसोदिया की जमानत इस बात का एलान है कि तानाशाही कितना भी मजबूत हो वो पराजित होती है और सत्य की जीत दे र से ही सही लेकिन जीत मिलती है। उधर मनीष सिसोदिया ने कहा, अब तो दुश्मन भी इस बात को मानने लगा है कि 6 महीने, 17 महीने इनके नेता जेल में रहते हैं लेकिन फिर भी टूटते नहीं हैं, ये किस मिट्टी से बने हैं। हम इसलिए नहीं टूटते क्योंकि हम उस मिट्टी से बने हैं, जिसमें भगत सिंह के पसीने की बूंद गिरी थी, जिस मिट्टी में महात्मा गांधी जी को गोली मारी गई थी। मैं दिल्ली-हरियाणा और पूरे देश के लोगों से कहना चाहता हूँ कि तानाशाह के ख़िलाफ़ लड़ाई एक-एक आम आदमी को लड़नी होगी।   recent visitors 96

सोसाइटी के एक फ्लैट में इकट्ठे हुए यह लड़के-लड़कियां बिना अनुमति शराब पार्टी और हंगामा कर रहे थे, पकड़े गए

नई दिल्ली नोएडा के सेक्टर-94 स्थित एक हाउसिंग सोसाइटी के एक फ्लैट में पुलिस ने आधी रात के बाद छापेमारी कर 40 लड़के-लड़कियों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए लड़के-लड़कियां कथित तौर पर फ्लैट के अंदर ‘रेव पार्टी’ कर रहे थे। यह सभी एक नामी यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट हैं। पुलिस ने छापेमारी के दौरान फ्लैट के अंदर से भारी मात्रा में हरियाणा ब्रांड की शराब की बोतलें और हुक्का आदि बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, आरोप है कि सुपरनोवा सोसाइटी के एक फ्लैट में इकट्ठे हुए यह लड़के-लड़कियां बिना अनुमति शराब पार्टी और हंगामा कर रहे थे। पार्टी में प्रतिबंधित शराब का सेवन किया जा रहा था और इसमें कई लड़कियां भी शामिल थीं। आयोजन को रेव पार्टी जैसा बनाने की कोशिश की गई थी। इस दौरान कुछ लड़कों ने नशे की हालत में शराब की बोतल 19वीं फ्लोर से नीचे फेंक दी, जिससे बड़ा हादसा होते-होते बच गया। इसको लेकर बिल्डिंग में रहने वाले लोगों ने हंगामा किया और सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। फ्लैट में मौजूद 40 लड़के-लड़कियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। भाषा के अनुसार, पुलिस के एक प्रवक्ता ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार देर रात सूचना मिली थी कि सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी के एक फ्लैट में कई लोग रेव पार्टी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने 40 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया जो कि नामी विश्वविद्यालय के विद्यार्थी हैं। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए इन सभी लड़के-लड़कियों की उम्र 16 से 20 वर्ष के बीच है।   पुलिस प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हिरासत में लिए गए लड़के-लड़कियों से पूछताछ में पता चला कि वॉट्सऐप पर मैसेज भेजकर पार्टी के लिए उन्हें पार्टी में आमंत्रित किया गया था। एक व्यक्ति के लिए 500 रुपये और जोड़े के लिए 800 रुपये एंट्री फीस ली गई थी। पुलिस को विद्यार्थियों को भेजा गया मैसेज भी मिल गया है।’’ पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस घटना के संबंध में प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।   recent visitors 104

कोलकाता में डॉक्टर की हत्या पर गुस्से से लाल हुईं ममता बनर्जी, जरूरत पड़ी तो फांसी पर लटकवा देंगे

कोलकाता कोलकाता में मारी गई डॉक्टर के हत्यारों पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का गुस्सा भड़क उठा है। ममता बनर्जी ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो हत्यारोपियों को फांसी पर लटका दिया जाएगा। गौरतलब है कि कोलकाता के एक सरकारी अस्पताल में शुक्रवार को ड्यूटी पर तैनात पीजीटी डॉक्टर का शव अर्ध नग्न अवस्था में बरामद किया गया था। महिला डॉक्टर अस्पताल के छाती रोग उपचार विभाग की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि डॉक्टर के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। महिला चिकित्सक के पिता ने आरोप लगाया था कि अस्पताल में उसकी बेटी के साथ रेप कर उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि अब सच्चाई को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला चिकित्सक की हत्या से पहले उसका यौन उत्पीड़न किए जाने की पुष्टि हुई है। ममता बनर्जी ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने दावा किया कि हत्या के आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने ट्रेनी डॉक्टर के परिजनों से बात की है। साथ ही उन्हें आश्वस्त किया है कि मामले को लेकर कोई भी लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि डॉक्टर की मौत मुझे अपना निजी नुकसान लगती है। डॉक्टरों के गुस्से और उनकी मांग को पूरा किया जाएगा। ममता ने कहा कि मैं उन्हें पूरी तरह से सपोर्ट करती हूं। पुलिस ने उनकी मांगें भी मान ली हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने निर्देश दिया है कि केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाया जाए। अगर जरूरत पड़ी तो दोषियों को फांसी पर लटका दिया जाएगा। गौरतलब है कि मामले में पुलिस ने बताया है कि एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी व्यक्ति अस्पताल से जुड़ा नहीं है, लेकिन चिकित्सा संस्थान के विभिन्न विभागों में अक्सर आता-जाता रहता था। पुलिस अधिकारी के मुताबिक हमने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो कि बाहरी है। उसकी संदिग्ध गतिविधियों से प्रतीत होता है कि वह अपराध में संलिप्त था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीजीटी चिकित्सक की मौत की जांच के सिलसिले में शुक्रवार रात दो इंटर्न डॉक्टर से भी पूछताछ की। recent visitors 105

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आश्वासन देने से काम नहीं चलेगा, विशेष सत्र बुलाएं, मायावती ने मोदी सरकार को घेरा

लखनऊ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने एससी-एसटी के आरक्षण में क्रीमीलेयर लागू होने को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंन्‍स कर अपनी बात रखी। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आश्वासन देने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा है कि केंद्र की सरकार को संसद का सत्र बुलाकर अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति और क्रीमीलेयर के मामले में आरक्षण की स्थिति साफ़ करनी चाहिए। इसके साथ ही जिन राज्यों में कांग्रेस भाजपा और अपना दल की सरकारें हैं उनको भी आरक्षण को लेकर स्थिति साफ़ करनी चाहिए। इसके साथ ही मायावती ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने इस विषय पर सुप्रीम कोर्ट में ठीक से पैरवी नहीं की। बसपा सुप्रीमो मायावती शनिवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि एक अगस्त को सुप्रीम कोर्ट का जो फ़ैसला आया है उस पर केंद्र सरकार ने अपनी स्थिति पूरी तरीक़े से साफ़ नहीं की है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र को लगता है कि आश्वासन देने से काम चल जाएगा तो ऐसा नहीं है।उनको संसद का सत्र बुलाकर इस पर स्थिति साफ़ करनी चाहिए। प्रधानमंत्री की नीयत अगर साफ़ है तो उनको संसद का सत्र समय से पहले स्थगित नहीं करना चाहिए, विशेष सत्र बुलाना चाहिए और आरक्षण को लेकर पूरी तरह से तस्वीर को साफ़ करना चाहिए। मायावती ने कहा कि केंद्र सरकार को सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर संसद में बिल लाना चाहिए था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्‍होंने कि भाजपा और कांग्रेस आरक्षण के खिलाफ ही हैं। नौकरियों को खत्‍म कर संविदा पर कर्मचारियों की तैनाती भी आरक्षण को खत्‍म करने की ही कोशिश है। मायावती ने कहा कि एससी-एसटी के लोग खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। कीमीलेयर के बहाने आरक्षण को खत्‍म करने की साजिश हो रही है। संसद का सत्र खत्‍म हो गया लेकिन विधेयक नहीं आया। ऐसा लगता है कि आरक्षण को निष्‍प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में संविधान बचाने का नाटक करने वाले अब अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति और क्रीमीलेयर के आरक्षण के मसले पर कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। समाजवादी पार्टी हो या कांग्रेस संसद सत्र में इस मुद्दे को ठीक तरीक़े से नहीं उठाया नहीं उठाया। देश के 40 करोड़ अनुसूचित जाति और जनजाति के लोग कांग्रेस की तरह भाजपा से भी अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं। recent visitors 107

नेपरी बृजगढी सड़क जलभराव की समस्या का हुआ समाधान, किसानों ने मनाया जीत का जश्न

कैलारस नेपरी से बृजगढी की ओर जाने वाली सड़क को ब्रॉड गेज ट्रैक के पुल के नीचे जल भराव की समस्या महीनों से बाधित किए हुए थी। इस क्षेत्र में लगभग 50 गांव के किसानों का आवागमन प्रभावित हो रहा था। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे थे, अस्पताल पहुंचना आमजन का दूभर हो गया। यहां तक कि किसान खेतों पर भी नहीं पहुंच पा रहे थे। इस जल भराव स्थल पर दो छोटे-छोटे मासूम बच्चे पानी में गिरकर असमय काल कलवित हो गए। सैकड़ो वाहन खराब हो गए। सैकड़ो लोग महिला, पुरुष, बच्चे, वृद्ध चोटिल हो गए। सरकार और प्रशासन किसानों व आमजन की सुनने के लिए तैयार ही नहीं थे। अन्ततः किसानों ने 05 अगस्त से जल भराव स्थल के पास जोरदार आंदोलन की शुरुआत की। अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की शुरुआत की गई। उसके बाद भी जब सुनवाई नहीं हुई तो सैकड़ो की संख्या में किसानों ने एकत्रित होकर आंदोलन स्थल से रैली निकालकर कल तहसील कार्यालय पहुंच कर घेराव करते हुए आगे आंदोलन की चेतावनी  दी। इस सबके चलते प्रशासन व सरकार सक्रिय हुए। पोकलेन और जेसीबी मशीन मंगाकर तत्काल कच्चा नाला खोदकर पानी कुंवारी नदी में निकाल दिया गया। सड़क साफ कर दी गई। इससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। किसानों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर आंदोलन स्थल पर आज जीत का जश्न मनाया। फल वितरण किये। आंदोलन के नेताओं का स्वागत किया। इस मौके पर स्थानीय तहसीलदार श्री विश्राम बघेल ने आकर नाले को पक्का करने का आश्वासन दिया। उसके बाद किसानों ने आंदोलन को समाप्ति की घोषणा की। इस मौके किसानों कीआम सभा को मध्य प्रदेश किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिवारी , कार्यकारी जिला अध्यक्ष गयाराम  सिंह धाकड, जगन्नाथ सिंह धाकड़, भैरूलाल धाकड़, राजवीर सिंह प्रदेश अध्यक्ष एस एफ आई,बृजराज सिंह सिकरवार सहित कई लोगों ने संबोधित किया। सभी ने जीत की खुशी का इजहार करते हुए किसानों की एकता और संघर्ष को मजबूत बनाने की आम जनों से अपील की। आंदोलन में  सर्वश्री कन्हैयालाल , रामसिंह कुशवाहा, विजय सिंह कुशवाह, जसवंत सिंह सिकरवार, निरंजन शाक्य, संजयसिंह सिकरवार, मदनलाल धाकड़, दाताराम धाकड़, रामहेत धाकड़, नवाव सिंह धाकड़, राजेन्द्र धाकड़, भूपेंद्र धाकड़, प्रदीप धाकड़ सुरेश चंद्र धाकड़, मातादीन कुशवाह रामप्रकाश जाटव, आदि ने विशेष भूमिका अदा की।अंत में जोरदार नारेबाजी के साथ किसान आंदोलन समाप्त हुआ। किसानों ने जीत के लिए सहयोग करने वाले आम जनों किसानों सभी को बधाई दी और आगामी दिनों में संगठन व एकता को मजबूत करने और राष्ट्रीय व स्थानीय मुद्दों पर किसान सभा के आव्हानों पर अमल करने का भी निर्णय लिया है। recent visitors 110