Reliance Capital’ का क्रेडिटर्स 23,666 करोड़ रुपये का कर्ज

नई दिल्ली  कर्ज में डूबे उद्योगपति अनिल अंबानी के हाथ से आखिरकार रिलायंस कैपिटल निकल गई है। रिलायंस कैपिटल को खरीदने के लिए सबसे बड़ी बोली लगाने वाली कंपनी इंडसइंड इंटरनेशनल होल्डिंग्स (IIHL) ने 2,750 करोड़ रुपये एक निर्धारित एस्क्रो अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए हैं। नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने उसे ऐसा करने को कहा था। सूत्रों के मुताबिक हिंदुजा ग्रुप की कंपनी आईआईएचएल ने यह राशि एस्क्रो अकाउंट में ट्रांसफर कर दी है। कंपनी ने साथ ही बैंकों की एक बाइंडिंग टर्म शीट भी दी है। इसमें ट्रांजैक्शन की फंडिंग के लिए बैंकों के लोन का भी पूरा विवरण है।  एनसीएलटी ने आईआईएचएल को 10 अगस्त तक समाधान योजना को लागू करने और 2,750 करोड़ रुपये लेनदारों की समिति (CoC) द्वारा डिजाइन एस्क्रो खाते में जमा करने का निर्देश दिया था। इससे पहले 1 अगस्त को रिलायंस कैपिटल के लेंडर्स ने आईआईएचएल को एक पत्र लिखकर कहा था कि अगर जल्दी से जल्दी 2,750 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया गया था तो इसके प्रतिकूल परिणाम होंगे। आईआईएचएल ने दावा किया था कि कंपनी के पास एस्क्रो खाते का विवरण नहीं था जिस कारण यह पैसा उसने अपने खाते में ट्रांसफर कर दिया था। कितना है कर्ज रिलायंस कैपिटल को खरीदने के लिए IIHL ने 9,861 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी जिसे पिछले साल जून में अधिकांश लेनदारों ने मंजूरी दे दी थी। रिलायंस कैपिटल में करीब 20 फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनियां हैं। इनमें सिक्योरिटीज ब्रोकिंग, इंश्योरेंस और एक एआरसी शामिल है। आरबीआई ने भारी कर्ज में डूबी रिलायंस कैपिटल के बोर्ड को 30 नवंबर 2021 को भंग कर दिया था और इसके खिलाफ इनसॉल्वेंसी प्रॉसीडिंग शुरू की थी। कंपनी पर क्रेडिटर्स का करीब 23,666 करोड़ रुपये का कर्ज है। recent visitors 99

मौसम विभाग ने 16 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया

शिमला  हिमाचल प्रदेश में मानसून पूरे रंग में है औऱ बादल जमकर बरसे रहे हैं। राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से कई सड़कें अवरुद्ध होने से परिवहन व्यवस्था चरमरा गई है। मौसम विभाग ने आगामी 16 अगस्त तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। वहीं अगले 24 घण्टों के दौरान शिमला, सिरमौर, कुल्लू और मंडी जिलों में बाढ़ की चेतावनी दी है। स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को नदी-नालों से दूर रहने औऱ भूस्खलन सम्भावित इलाकों की यात्रा न करने की हिदायद दी गई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक भूस्खलन से राज्य की 128 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप है। मंडी जिला में सबसे ज्यादा 60 सड़कें अवरुद्ध हैं। कुल्लू में 37, शिमला में 21, कांगड़ा में पांच, किन्नौर में चार और हमीरपुर में एक सड़क बंद है। इसके अलावा राज्य भर में 44 बिजली ट्रांसफार्मर और 67 पेयजल स्कीमें भी बंद पड़ी हैं। मंडी जिला में 36, कुल्लू में पांच, चम्बा में दो और हमीरपुर में एक ट्रांसफार्मर ठप होने से बिजली गुल है। शिमला में 32, कुल्लू में 25, लाहौल स्पीति में सात और बिलासपुर में तीन पेयजल स्कीमें बंद हैं। राज्य में मानसून सीजन के पिछले 43 दिनों में वर्षा जनित हादसों में 184 लोगों की जान गई है। इसमें 81 लोगों की सड़क हादसों और 103 लोगों की मानसून से जुड़ी घटनाओं में मौत हुई है। इसके अलावा 46 लोग लापता हुए हैं। मानसून सीजन में 101 घर पूरी तरह ध्वस्त हुए जबकि 211 घरों को आंशिक क्षति पहुंची। इसके अलावा 26 दुकानें और 209 पशुशालाएँ भी ध्वस्त हुईं। मानसून के कारण 842 करोड़ का नुकसान आंका गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉक्टर कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि आज शनिवार को राज्य के मैदानी व मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट रहेगा। उन्होंने कहा कि शिमला, सिरमौर, कुल्लू और मंडी जिलों के लोगों को अगले 24 घण्टे सचेत रहना होगा, क्योंकि इन चार जिलों में फ्लैश फ्लड आने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य में अगले छह दिन भारी बारिश देखने को मिल सकती है। आगामी 16 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। डॉक्टर कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि बीते 24 घण्टे सिरमौर जिला के मुख्यालय नाहन में सर्वाधिक 168 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। हमीरपुर व मंडी जिला के सीमावर्ती क्षेत्र संधोल में 106, कांगड़ा जिला के नगरोटा सुर्रियाँ में 94, सिरमौर के धौलाकुआं में 67, शिमला के जुब्बड़हट्टी में 54 और सोलन के कंडाघाट में 46 मिलीमीटर वर्षा हुई है।     recent visitors 105

दिल्ली में किसानों से मुलाकात करने वाले राहुल गांधी ने कर्नाटक में किसानों की आत्महत्या पर कभी चिंता नहीं जताई: गौरव भाटिया

नई दिल्ली  भाजपा ने किसानों के हितों को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पर झूठे वादे करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में किसानों से मुलाकात करने वाले राहुल गांधी कर्नाटक में 1200 किसानों की आत्महत्या पर चुप क्यों हैं? भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने  पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि वादाखिलाफी करना कांग्रेस के डीएनए में है। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार को आए 15 महीने हो गए हैं और रिपोर्ट सामने आती है कि राज्य में 1200 किसान आत्महत्या कर चुके हैं। इन 1200 किसानों का दोष सिर्फ इतना था कि इन्होंने वादाखिलाफी और झूठ की राजनीति करने वाले राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की बातों पर भरोसा कर लिया था। दिल्ली में किसानों से मुलाकात करने वाले राहुल गांधी ने कर्नाटक में किसानों की आत्महत्या पर कभी चिंता नहीं जताई। राहुल गांधी कर्नाटक के किसानों से मुलाकात क्यों नहीं करते? क्या उन्होंने अपने मुख्यमंत्री सिद्दारमैया से सवाल पूछा कि कर्नाटक में किसान क्यों आत्महत्या कर रहे हैं? इन किसानों के परिवारों पर झूठ बोलने का आरोप लगाने वाले अपने उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं करते। भाटिया ने शुक्रवार को समाप्त हुए संसद सत्र का जिक्र करते हुए कहा कि सत्र के दौरान एक तरफ सत्तारूढ़ भाजपा और एनडीए की सरकार जनता के हित की बात कर रही थी, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी पार्टियां, खासकर कांग्रेस और राहुल गांधी केवल और केवल नकारात्मक राजनीति कर रहे थे। हम सबने देखा कि किस तरह से नौटंकी करते हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दिल्ली में किसानों से मिलते हैं। ये अच्छी बात है कि राहुल गांधी को कम से कम देश के किसानों और युवाओं की याद तो आई। लेकिन किसानों के नाम पर राहुल गांधी ढोंग की राजनीति करते हैं। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं जो किसानों के कल्याण के लिए खड़े हैं तो दूसरी तरफ राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी है जो अपने झूठे वादे के लिए बदनाम है। भाटिया ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय कांग्रेस ने कर्नाटक में अपने घोषणापत्र में 59 बड़े वादे किए थे जिसमें से उन्होंने सिर्फ 2 वादों को पूरा किया है यानी कांग्रेस का वादा पूरा नहीं करने का प्रतिशत 97 है। कांग्रेस के 59 में से 57 वादे अभी तक अधूरे हैं, जो राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की वादाखिलाफी को दर्शाता है। शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और पांच गारंटी समेत कांग्रेस के तमाम वादे अधूरे हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार करने में व्यस्त हैं। कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ जहां भी कांग्रेस की सरकार है, वहां की जनता अपने आपको ठगा महसूस कर रही है। भाजपा प्रवक्ता ने मांग की कि राहुल गांधी को सामने आकर जनता को इन सभी सवालों के जवाब देने चाहिए।   recent visitors 88

भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग ने ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, रीवा और उज्जैन आयुर्वेद कॉलेज में स्नातक की 26 सीटें तक कम कर दी

भोपाल नए कॉलेज खोलना तो दूर मध्य प्रदेश सरकार पहले से संचालित कॉलेजों की मान्यता भी नहीं बचा पा रही है। भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग (एनसीआईएसएम) ने बुरहानपुर आयुर्वेद कॉलेज को छोड़ सभी छह आयुर्वेद कॉलेजों की मान्यता जारी कर दी है, पर भोपाल के अतिरिक्त अन्य पांच कॉलेजों में स्वीकृत सीटों में कटौती की गई है। ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, रीवा और उज्जैन आयुर्वेद कॉलेज में स्नातक (बीएएमएस) की 15 से लेकर 26 सीटें तक कम कर दी हैं। संसाधनों की कमी के कारण सीटें कम की गई हैं। बुरहानपुर कॉलेज को मान्यता नहीं मिली है। इन सीटों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग सितंबर में प्रारंभ होने की आशा है। फैकल्टी की कमी संसाधनों में सर्वाधिक कमी फैकल्टी और ओपीडी और भर्ती मरीजों की कम संख्या है। इनमें प्राध्यापक स्तर के पद सबसे अधिक रिक्त हैं। इसकी एक बड़ी वजह यह भी है कि आयुष कॉलेजों में सेवानिवृति आयु 62 वर्ष है। एलोपैथी मेडिकल कॉलेजों में यह सीमा 65 वर्ष रखी गई है, जिससे प्राध्यापक के पद रिक्त न रहें। सीधी भर्ती से भी पदों को भरने की व्यवस्था नहीं है, जबकि एलोपैथी मेडिकल कॉलेजों में प्रारंभ हो चुकी है। प्रदेश में पहले से ही आयुर्वेद औषधालयों में डॉक्टरों के 600 से अधिक पद रिक्त हैं। ऊपर से बीएएमएस की सीटें बढ़ना तो दूर उनमें कटौती भी हो गई है। कहां कितनी सीटें कम हुईं कॉलेज कुल सीटें कटौती भोपाल 75 00 जबलपुर 75 19 इंदौर 75 15 ग्वालियर 75 26 उज्जैन 75 15 बुरहानपुर 63 मान्यता नहीं देश में कुल आयुर्वेद कॉलेज — 450 सत्र 2024-25 के लिए अभी तक जारी मान्यता — 382 कॉलेज प्रदेश में कुल सरकारी कॉलेज– सात प्रदेश में निजी कॉलेज — 27 recent visitors 115

Women’s T20 WC की मेजबानी नहीं खोना चाहता बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड, सेना से मांगी मदद

ढाका पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को हटाए जाने के बाद बांग्लादेश में बनी राजनीतिक अस्थिरता को देखते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने देश के सेवा प्रमुख से तीन से 20 अक्टूबर के बीच होने वाले महिला टी20 विश्व कप के आयोजन के लिए सुरक्षा का आश्वासन मांगा है। महिला टी20 विश्व कप बांग्लादेश के दो शहरों सिलहट और मीरपुर में आयोजित किया जाएगा। टूर्नामेंट के अभ्यास मैच 27 सितंबर से शुरू हो जाएंगे। क्रिकबज के अनुसार, बीसीबी ने बांग्लादेश के सेना प्रमुख जनरल वेकर उज़ ज़मान को पत्र लिखकर टूर्नामेंट के आयोजन के लिए सुरक्षा आश्वासन मांगा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) भी बांग्लादेश की स्थिति पर नजर रखे हुए है जहां सरकार के खिलाफ हिंसक विरोध प्रदर्शनों में सैकड़ो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और शेख हसीना को अपना पद छोड़ना पड़ा। आईसीसी समान समय क्षेत्र में इस टूर्नामेंट का आयोजन कर सकता है तथा ऐसे में उसके पास भारत, संयुक्त अरब अमीरात और श्रीलंका विकल्प होंगे। बीसीबी अंपायरिंग कमेटी के अध्यक्ष इफ्तिखार अहमद मिठू ने कहा,‘‘हम टूर्नामेंट की मेजबानी करने की कोशिश कर रहे हैं। हमने आईसीसी महिला टी20 विश्व कप की सुरक्षा को लेकर आश्वासन मांगने के संबंध में गुरुवार को सेना प्रमुख को एक पत्र भेजा है क्योंकि हमारे पास अब केवल दो महीने का समय बचा है।’’ किन शहरों में खेला जाएगा टूर्नामेंट? महिला टी20 विश्व कप बांग्लादेश के सिलहट और मीरपुर में आयोजित किया जाएगा। टूर्नामेंट के अभ्यास मैच 27 सितंबर से शुरू हो जाएंगे। क्रिकबज के अनुसार, बीसीबी ने बांग्लादेश के सेना प्रमुख जनरल वेकर उज जमान को पत्र लिखकर टूर्नामेंट के आयोजन के लिए सुरक्षा आश्वासन मांगा है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) भी बांग्लादेश की स्थिति पर नजर रखे हुए है। इन देशों को मिल सकती है मेजबानी माना जा रहा है कि आईसीसी किसी इस टूर्नामेंट का आयोजन समान समय क्षेत्र के भीतर किसी अन्य स्थान पर टूर्नामेंट का आयोजन करा सकता है। इस स्थिति में भारत, संयुक्त अरब अमीरात और श्रीलंका को मेजबानी का मौका मिल सकता है। बीसीबी ने मांगी सेना प्रमुख से मदद बीसीबी अंपायरिंग कमेटी के अध्यक्ष इफ्तिखार अहमद मिठू ने कहा, "हम टूर्नामेंट की मेजबानी करने की कोशिश कर रहे हैं। हमने महिला टी20 विश्व कप की सुरक्षा को लेकर आश्वासन मांगने के संबंध में गुरुवार को सेना प्रमुख को एक पत्र भेजा है क्योंकि हमारे पास अब केवल दो महीने का समय बचा है।"     recent visitors 94

रविवार 11अगस्त 2024 का राशिफल

मेष राशि : आज का दिन शानदार रहेगा। शैक्षिक कार्यों के अच्छे परिणाम मिलेंगे। प्रोफेशनल लाइफ में नए लोगों से पहचान होगी। करियर में उन्नति के नए मौके मिलेंगे। आय में वृद्धि के योग बनेंगे। आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। पारिवारिक जीवन में सुख-शांति बनी रहेगी। प्रॉपर्टी से जुड़े विवाद सुलझ जाएंगे। आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। फिट और हेल्दी रहेंगे। वृषभ राशि : आज का दिन जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली लेकर आएगा। सामाजिक पद-प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। धन का आवक बढ़ेगा। प्रोफेशनल लाइफ बढ़िया रहेगी। पारिवारिक जीवन सुखमय रहेगा। आय के नए साधनों से धन लाभ होगा। जीवन में नए सकारात्मक बदलाव होंगे। पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ में उन्नति के कई सुनहरे मौके मिलेंगे। व्यापार में विस्तार होगा। स्वास्थ्य पहले से बेहतर होगा। आनंददायक जीवन गुजारेंगे। मिथुन राशि : आज आपको शैक्षिक कार्यों में उन्नति के कई मौके मिलेंगे। आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। जीवन में नए रोमांचक मोड़ आएंगे। पारिवारिक जीवन में सुख-शांति बनी रहेगी। बिजनेसमेन को नए लोकेशन पर बिजनेस स्टार्ट करने के लिए फंड मिल सकता है। घर में धार्मिक कार्यों का आयोजन संभव है। जिससे जीवन में खुशियां आएंगे। सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। परिवार के किसी सदस्य का विवाह तय हो सकता है। कर्क राशि : आज आपकी सामाजिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। आपको किसी खास व्यक्ति से सरप्राइज गिफ्ट मिल सकता है। शाम को पुराने दोस्तों के साथ पार्टी एंजॉय कर सकते हैं। अपने डाइट पर ध्यान दें। आज आप नए कार्यों की शुरुआत कर सकते हैं। बिजनेसमेन को व्यापार में बढ़ोत्तरी के कई सुनहरे मौके मिलेंगे। लव लाइफ में नए रोमांचक मोड़ आएंगे। साथी संग इमोशनल बॉन्ड स्ट्रॉन्ग होगा। सिंह राशि : आज का दिन बेहद शुभ साबित होगा। आपको लंबे समय से अटका हुआ धन वापस मिलेगा। अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए मोटिवेटेड नजर आएंगे। आज का दिन प्रॉपर्टी की खरीदारी के लिए उत्तम रहेगा। प्रोफेशनल लाइफ में सबकुछ अच्छा रहेगा। सामाजिक पद-प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। घर में खुशनुमा माहौल रहेगा। समाज में सराहे जाएंगे। शाम को पार्टनर के साथ रोमांटिक डिनर का प्लान बना सकते हैं या लॉन्ग ड्राइव पर जा सकते हैं। इससे लव लाइफ में नए रोमांचक मोड़ आएंगे। कन्या राशि: आज आपको धन कमाने के नए मौके मिलेंगे। आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। जो लोग नई जॉब की तलाश कर रहे हैं, उन्हें अच्छे पैकेज के साथ नई नौकरी मिलेगी। फैमिली इश्यूज को भी सुलझाने का परफेक्ट दिन है। आज आपके लंबे समय से रुके हुए कार्य सफल होंगे। ऊर्जा और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। लव लाइफ बढ़िया रहेगी। हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाएं। रोजाना योग और मेडिटेशन करें। इससे आपकी ओवर ऑल हेल्थ इंप्रूव होगी। तुला राशि : आज आपको प्रोफेशनल लाइफ में कड़ी मेहनत का फल मिलेगा। हर कार्य के मनचाहे परिणाम मिलेंगे। व्यापार में विस्तार होगा। शैक्षिक कार्यों में अच्छे परिणाम मिलेंगे। काम के सिलसिले में यात्रा के योग बनेंगे। आज भावनाओं का उतार-चढ़ाव संभव है। थोड़ी इमोशनल डिस्टर्बेंस रहेगी, लेकिन भावुक होकर कोई निर्णय न लें। हालांकि, साथी संग इमोशनल बॉन्ड स्ट्रॉन्ग होगा। अपने सेहत पर ध्यान दें। जंक फूड अवॉइड करें। हेल्दी लाइफस्टाइल मेंटेन करें। वृश्चिक राशि : आज आपका लंबे समय से रुके हुए कार्य चल पड़ेंगे। सामाजिक कार्यों में दिलचस्पी बढ़ेगी। नौकरीपेशा वालों का प्रमोशन होगा या ऑफिस में महत्वपूर्ण कार्य की जिम्मेदारी मिल सकती है। घर-परिवार में सुख-शांति का माहौल रहेगा। आय के नवीन स्त्रोतों से धन लाभ होगा। आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। रोमांटिक लाइफ बहुत अच्छी रहेगी। धनु राशि : आज कोई फैसला बहुत सोच-समझकर लें। आज आपको प्रोफेशनल लाइफ में सभी कार्यों के पॉजिटिव रिजल्ट मिलेंगे। आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। धन लाभ के नए मौके मिलेंगे। करियर की बाधाएं दूर होंगी। फैमिली के साथ धार्मिक स्थल पर यात्रा के योग बनेंगे। आध्यात्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। रिश्तों में धैर्य बनाए रखें। साथी के इमोशन्स को लेकर सेंसिटिव रहें। साथ ही पार्टनर से अपनी भी फीलिंग्स शेयर करने में संकोच न करें। मकर राशि : आज आपके जीवन में नए रोमांचक मोड़ आएंगे। व्यापार में मुनाफा होगा। व्यापार में बढ़ोत्तरी के नए सुनहरे मौके मिलेंगे। घर-परिवार में आकर्षण के केंद्र बने रहेंगे। आज आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। हर कार्य में अपार सफलता मिलेगी। आज सिंगल जातकों के लिए क्रश को प्रपोज करने का परफेक्ट दिन रहेगा। आपको प्रपोजल का पॉजिटिव फीडबैक भी मिलेगा। कुंभ राशि : आज आपकी प्रोफेशनल लाइफ में कार्यों की प्रशंसा होगी। ऑफिस में कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। फैमिली के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करेंगे। कुछ जातकों को कर्ज से मुक्ति मिलेगी। व्यापारिक स्थिति सुदृढ़ होगी। धन-संपत्ति में वृद्धि होगी। इंकम में इजाफा होगा। नौकरी-कारोबार में वातावरण अनुकूल रहेगा। लव लाइफ के रोमांटिक पलों को एंजॉय करेंगे। मीन राशि : आज आपको शैक्षिक कार्यों में अपार सफलता मिलेगी। घर में मेहमानों के आगमन से खुशियों का माहौल रहेगा। नए कार्यों की शुरुआत के लिए उत्तम दिन है। प्रोफेशनल लाइफ में नई उपलब्धियां .हासिल होगी। करियर में उन्नति के कई मौके मिलेंगे। रोमांटिक लाइफ बढ़िया रहेगी। साथी संग रिश्ता मजबूत होगा। recent visitors 127

राजेन्द्र शुक्ल ने कहा- मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के पहले ही लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन का उपहार दे दिया

भोपाल उप-मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रक्षाबंधन के पहले ही लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन का उपहार दे दिया है। लाड़ली बहना योजना की प्रत्येक बहन के खाते में 1250 रुपए की मासिक राशि के साथ रक्षाबंधन के लिए 250 रुपए की अतिरिक्त राशि दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के कल्याण और विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, स्वनिधि योजना, युवा उद्यमी योजना सहित अन्य योजनाएं इस बात का प्रमाण हैं। लाड़ली बहना योजना से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है साथ ही आर्थिक आत्मनिर्भरता मिली है।रीवा के नगर निगम टाउनहाल में लाड़ली बहना उत्सव में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल को लाड़ली बहनों ने रक्षासूत्र बांधकर स्नेह और आशीर्वाद दिया। उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। रीवा जिले की लाड़ली बहना योजना की 4 लाख 10 हज़ार बहनों के खाते में मासिक किश्त तथा 250 रुपए रक्षाबंधन के उपहार के रूप में अंतरित हुए है। समारोह में श्योपुर जिले के विजयपुर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण दिखाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश की 1 करोड़ 29 लाख लाड़ली बहनों के खाते में 1 हज़ार 897 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना हितग्राहियों के खाते में 52 करोड़ रुपए तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के हितग्राहियों के खाते में 332 करोड़ रुपए वर्चुअल माध्यम से अंतरित किए। तिरंगा देश की आजादी और राष्ट्र गौरव का प्रतीक उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज शान से लहराता है तो हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। हमारा तिरंगा देश की आजादी और राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। जिले भर में 11 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि हर नागरिक अपने घर में शान से तिरंगा लहराए। अपने घरों में तिरंगा लहराकर राष्ट्र वंदना और आजादी के पर्व में अपनी सहभागिता निभाएं। अपने घर में तिरंगा लहराकर अपना और देश का सम्मान बढ़ाएं। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने की सभी को शपथ दिलायी। उप-मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन करके बेटियों का सम्मान किया। उप मुख्यमंत्री ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान में नगर निगम परिसर के थ्रीआर पार्क में पौधे रोपित किए। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता माझी, नगर निगम के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएँ शामिल हुईं।   recent visitors 87