सुप्रीम कोर्ट ने कहा- NEET-PG 2024 परीक्षा को स्थगित करने की याचिका को खारिज कर दिया

नई दिल्ली सुप्रीम कोर्ट ने आज NEET-PG 2024 परीक्षा को स्थगित करने की याचिका को खारिज कर दिया। यह परीक्षा 11 अगस्त 2024 को निर्धारित है और राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षा को दो बैचों में आयोजित किए जाने के फैसले को चुनौती दी गई थी। जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अगुवाई वाली बेंच ने इस मामले की सुनवाई की। बेंच में जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा भी शामिल थे। सुनवाई के दौरान, CJI चंद्रचूड़ ने कहा, "देश में इतनी समस्याएं हैं, अब पीजी परीक्षा को रीशेड्यूल करने की बात आ गई है।" वरिष्ठ अधिवक्ता संजय हेगड़े, जो याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश हो रहे थे, ने बताया कि परीक्षा को पहले भी स्थगित किया गया था, जो पहले 22 जून को निर्धारित थी। हेगड़े ने कहा कि वह केवल दूसरी मांग पर जोर दे रहे हैं, जिसमें यह अनुरोध किया गया है कि NEET-PG परीक्षा एक ही बैच में आयोजित की जाए ताकि सभी उम्मीदवारों के लिए एक समान और निष्पक्ष परीक्षण वातावरण सुनिश्चित हो सके। बेंच ने बताया कि याचिका केवल 5 छात्रों द्वारा दायर की गई है, जबकि कुल 2 लाख से अधिक छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। CJI ने कहा, "5 छात्रों के लिए, हम 2 लाख छात्रों के करियर को खतरे में नहीं डाल सकते। निश्चितता होनी चाहिए।" इस याचिका में दो मुख्य चिंताएँ उठाई गई थीं। पहली, कि कई NEET-PG 2024 उम्मीदवारों को ऐसी परीक्षा केंद्रों पर भेजा गया है जो उनके लिए पहुंचने में कठिन हैं। दूसरी, कि परीक्षा को दो बैचों में आयोजित किया जा रहा है और Normalization का फार्मूला अज्ञात है, जिससे मनमानी की आशंका उत्पन्न हो रही है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने NEET-UG 2024 परीक्षा को रद्द करने की याचिका को भी खारिज कर दिया था, जिसमें पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं की शिकायत की गई थी। कोर्ट ने कहा कि पेपर लीक के मामले में कोई प्रणालीगत दोष नहीं था और परीक्षा की पवित्रता को प्रभावित करने का कोई प्रमाण नहीं मिला। कोर्ट ने यह भी कहा कि एक पुनः परीक्षा आदेश देने से गंभीर परिणाम हो सकते हैं और यह शैक्षणिक कार्यक्रम में व्यवधान डाल सकता है। मौजूदा मामले में, याचिकाकर्ता ने यह दावा किया है कि कई उम्मीदवारों को ऐसी शहरों में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं, जो उनके लिए अत्यंत असुविधाजनक हैं। याचिका में कहा गया है कि परीक्षा केंद्र आवंटन 31 जुलाई 2024 को किया गया था और विशेष केंद्र 8 अगस्त 2024 को घोषित किए जाएंगे। इस संक्षिप्त नोटिस के कारण, छात्रों के लिए यात्रा की व्यवस्था करना अत्यंत कठिन हो गया है। याचिका में यह भी मांग की गई है कि Normalization फार्मूला को उम्मीदवारों के सामने रखा जाए ताकि किसी भी प्रकार की मनमानी को रोका जा सके। याचिकाकर्ता ने यह भी अनुरोध किया है कि परीक्षा केंद्रों का आवंटन अधिक समान और पारदर्शी तरीके से किया जाए और छात्रों को पास के स्थानों पर केंद्र आवंटित किए जाएं। याचिका को एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड अनस तंवीर के माध्यम से दायर किया गया है।   recent visitors 110

स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा- मरीज़ों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ देना हमारी ज़िम्मेदारी

भोपाल स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा है कि नरसिंहपुर जिले के सिविल अस्पताल गाडरवारा में इलाज के लिए आने वाले मरीज़ों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ देना हमारी ज़िम्मेदारी है। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं के स्तर को व्यवस्थित कर उसे सुचारू रूप से बनायें रखने और मरीज़ों के उचित इलाज की व्यवस्था रखने के निर्देश दिये। शिक्षा मंत्री श्री सिंह आज रोगी कल्याण समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा एवं स्थानीय जन-प्रतिनिधि मौजूद थे। बैठक में मंत्री श्री सिंह ने कहा कि गाडरवारा सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिये नवाचारों को बढ़ावा दें। बैठक में विभिन्न प्रस्तावों की स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्री श्री ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर क्षमता एवं नियमानुसार स्टाफ रखा जा सकता है। उन्होंने विधायक निधि से ट्यूबवेल के लिए दो लाख रुपये और अस्पताल में विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने, जनरेटर के लिए 13 लाख रुपये देने की स्वीकृति भी प्रदान की। चर्चा के दौरान ओपीडी पर्ची 10 रुपये प्रति व्यक्ति करने पर सहमति हुई। बैठक में यह तय हुआ कि सिविल अस्पताल परिसर की दुकानों का नया अनुबंध कराया जाये। दानदाताओं का सहयोग आवश्यक स्कूल शिक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मरीज़ों को गुणवत्तापूर्ण सुविधा देने के लिए समाज सेवियों, जनप्रतिनिधियों को भी आगे आना होगा। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि उनके द्वारा अस्पताल को प्रतिवर्ष एक लाख रुपये की राशि प्रदान की जायेगी। बैठक में अस्पताल में बने प्रायवेट एसी वार्ड कक्ष का चार्ज 800 रुपये और एसी रहित कक्ष का चार्ज 400 रुपये करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सिविल अस्पताल के आसपास अतिक्रमण हटाने के निर्देश अधिकारियों को दिये गये। उन्होंने कहा कि अस्पताल का व्यवस्थित मुख्य द्वार बनाया जाये। उन्होंने अस्पताल उन्नयन के लिए प्रोपोजल तैयार करने और ऑक्सीजन प्लांट के लायसेंस की कार्यवाही में गति लाने को कहा। सिविल अस्पताल में पौधरोपण मंत्री श्री सिंह ने बैठक के पूर्व सिविल अस्पताल गाडरवारा परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने गाडरवारा शहर में पौधरोपण अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।   recent visitors 119

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर को एक करोड़ रूपये देने की घोषणा की

भोपाल   भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक हासिल कर इतिहास रचा है। मध्यप्रदेशवासी भी इस जीत का जश्न मना रहे है, क्योंकि विजयी भारतीय टीम में म.प्र. इटारसी के चांदौन गांव के विवेक सागर प्रसाद ने अहम भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के इस होनहार खिलाड़ी का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें एक करोड़ रूपये देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज वीडियो कॉल कर विवेक और पूरी भारतीय टीम को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विवेक को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जिस लगन और परिश्रम से भारतीय हॉकी टीम ने देश को गौरवान्वित किया है, वह प्रशांसनीय है। उल्लेखनीय है मध्यप्रदेश राज्य हॉकी आकादमी के पूर्व खिलाड़ी रहे विवेक सागर दूसरी बार ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया है। इसके पूर्व टोक्यों ओलंपिक-2020 में भी भारतीय टीम ने कांस्य पदक हासिल किया था।   recent visitors 94

अगस्त क्रांति की वर्षगांठ पर तिरंगा यात्रा माल रोड में स्थित जीबी पंत पार्क से लेकर चौघानपाटा गांधी पार्क तक निकाली गई

अल्मोड़ा उत्तराखंड के अल्मोड़ा में स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन ने अगस्त क्रांति की वर्षगांठ पर स्वतंत्रता सेनानी सम्मान यात्रा निकाली। यह तिरंगा यात्रा माल रोड में स्थित जीबी पंत पार्क से लेकर चौघानपाटा गांधी पार्क तक निकाली गई। इस यात्रा के दौरान शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए नमन किया गया। इसमें अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी व निवर्तमान पालिका अध्यक्ष प्रकाश जोशी भी मौजूद रहे। स्वतंत्रता सेनानी सम्मान यात्रा के सम्पूर्ण होने पर गांधी पार्क में सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान भारत की आजादी के संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान मौके पर मौजूद सभी वक्ताओं ने कहा कि स्वाधीनता संग्राम के अंतिम आंदोलन के रूप में ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो आंदोलन शुरू किया था। आज यानी 9 अगस्त को उन सभी महान विभूतियों को याद करने का दिन है। वहीं इस अवसर पर विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में अल्मोड़ा जनपद का अपना विशेष योगदान रहा है। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने आजादी के संग्राम में हिस्सा लिया। इन स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आजाद करवाने के लिए अहम भूमिका निभाते हुए अपनी जान न्योछावर कर दी। recent visitors 98

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी बड़ी सौगात, रक्षा बंधन के दिन राज्य की महिलाएं रोडवेज की बसों में निःशुलक सफर कर सकेंगी

देहरादून उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर सभी महिलाओं को बड़ी सौगात के साथ नवाजा है। बता दें कि रक्षा बंधन के दिन राज्य की महिलाएं रोडवेज की बसों में निःशुलक सफर कर सकेंगी। इस दौरान सरकारी बसों में सफर करने पर उनसे कोई किराया नहीं लिया जाएगा। वहीं प्रदेश में धामी सरकार एक बार फिर से लोगों के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए नजर आए है। इस मामले में परिवहन सचिव ब्रजेश संत द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया था कि इस नि:शुल्क यात्रा का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। साथ ही परिवहन निगम के महाप्रबंधक सीपी कपूर ने नि:शुल्क यात्रा से संबंधित आदेश जारी करते हुए कहा कि रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को प्रदेश के अंदर उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से संचालित साधारण बसों के किराए में शत-प्रतिशत छूट दिया जाएगा।  बता दें कि रक्षा बंधन के दिन महिलाओं के लिए सरकारी बसों में निःशुलक सफर की सुविधा केवल उत्तराखंड राज्य के अंदर ही मिलेगी। इसके अतिरिक्त यदि कोई महिला उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में उत्तराखंड के बाहर सफर करती है तो उसका किराया निश्चित रूप से लिया जाएगा।   recent visitors 109

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- हर विभाग में तलाशी जायें स्किल डेवलपमेंट की संभावनाएं

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क भोपाल के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने समय-सीमा में कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्किल डेवलपमेंट का दायरा बहुत विस्तृत है। हर कॉलेज में स्किल डेवलपमेंट के कोर्स संचालित किये जाने चाहिए। रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को जोड़ा जाये। विद्वानों का मार्गदर्शन लेकर स्किल डेवलपमेंट के कार्य किये जायें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को मंत्रालय में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग की समीक्षा कर विभागीय निर्देश दे रहे थे। बैठक में कौशल विकास एवं रोजगार विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल, मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कम जमीन से ज्यादा उपज प्राप्त करने का कार्य भी स्किल डेवलपमेंट ही है। आमदनी बढ़ाने के लिए स्किल डेवलपमेंट जरूरी है। हर विभाग में स्किल डेवलपमेंट का प्लान बने। अपने-अपने क्षेत्र में संभावनाएं तलाशी जायें। पशुधन से दूध-उत्पादन, नस्ल सुधार, दूध से बने उत्पादों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हों। प्रदेश में कुल 956 आईटीआई संचालित हैं। हर विकासखण्ड में आईटीआई संचालित होना चाहिए। कोई भी विकासखण्ड बगैर आईटीआई के न रहे। आईटीआई के विद्यार्थियों को अधिकाधिक संख्या में रोजगार और प्लेसमेंट हो। हॉर्टीकल्चर से बड़े पैमाने पर रोजगार मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिलों में जिस तरह के औद्योगिक क्षेत्र हैं, उसके अनुरूप विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाये। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूह के द्वारा बनाये जा रहे उत्पादों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों को टेक्सटाइल उद्योग से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा। उच्च शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा विभाग में विभिन्न भाषाओं का ज्ञान दिया जाये। स्किल डेवलपमेंट के प्रमोशन कार्यक्रम हों। टूरिज्म में रोजगार बढ़ाने का कार्य करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी विश्वविद्यालयों में कृषि एवं उद्यानिकी के विषय प्रारंभ किये जायें। स्किल डेवलपमेंट में जुगाड़ कार्यक्रम शुरू करें। यह कम पढ़े-लिखे लोगों के लिए उपयोगी होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्लोबल स्किल पार्क की कल्पना को साकार करने के लिए समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समीक्षा बैठक में निर्देशित किया कि निजी क्षेत्र और समाज को जोड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाये जायें। नए पाठ्यक्रमों में स्किल डेवलपमेंट को प्राथमिकता दी जाये। वन विभाग में जीवों की प्रजातियों के संरक्षण की ट्रेनिंग दी जाये। किंग कोबरा की प्रजाति को संरक्षित करने का कार्य करें। स्नेक रेस्क्यू के लिए प्रशिक्षण भी दें। स्किल डेवलपमेंट बोर्ड को रोजगार दिलाने की ट्रेनिंग दी जाएं। बोर्ड की नियमित बैठक आयोजित कराई जाये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में विभिन्न प्रकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार संबंधी जानकारी की बुकलेट्स का विमोचन भी किया।   recent visitors 99

टनकपुर के पूर्णागिरि मार्ग में किरोड़ा नाले में पानी के तेज बहाव में श्रद्धालुओं से भरी जीप पानी में बही, 1 की मौत, अन्य घायल

चंपावत उत्तराखंड में लगातार बारिश का कहर बरस रहा है। वहीं पहाड़ों में जमकर बारिश होने के बाद नदी-नाले उफान पर है। इसी बीच टनकपुर के पूर्णागिरि मार्ग में किरोड़ा नाले में पानी के तेज बहाव में श्रद्धालुओं से भरी जीप बहने की खबर सामने आई है। इस घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम श्रद्धालुओं के रेस्क्यू में जुट गई, जिसमें एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई,अन्य चार घायल और 2 व्यक्ति लापता बताए जा रहे है। जानकारी के अनुसार, किरोड़ा नाले में पानी के तेज बहाव के कारण एक जीप समेत करीब नौ श्रद्धालु नाले में बह गए। इस दौरान एसडीएम आकाश जोशी के नेतृत्व में रेस्क्यू किया गया। इसमें घटनास्थल पर पहुंची बचाव दल की टीम को रेस्क्यू के दौरान एक महिला का शव मिला। जबकि अन्य घायल चार लोगों को रेस्क्यू कर इलाज के लिए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर भेजा गया है। साथ ही कुछ लोगों के लापता होने की सूचना मिली है। इन लापता लोगों की खोज टीमों द्वारा की जा रही है। बता दें कि इस घटना से संबंधित सभी लोग पखरिया यूएस नगर के रहने वाले हैं। recent visitors 132