त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस में हथियारों का जखीरा पकड़ा, RPF ने 8 देसी पिस्तौल और 16 मैगजीन बरामद किये

भोपाल रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14620) में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों की तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। बदरपुर से अगरतला के बीच सफर के दौरान, RPF की ट्रेन एस्कॉर्ट टीम ने जनरल कोच की तलाशी के दौरान दो संदिग्ध पिठ्ठू बैग जब्त किए, जिनमें से 8 हस्तनिर्मित देसी पिस्तौल और 16 मैगजीन बरामद किया। RPF अधिकारियों के अनुसार, अगरतला पोस्ट के सुरक्षा कर्मी वर्तमान सुरक्षा स्थिति को देखते हुए गहन निगरानी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान जनरल कोच की ऊपरी सीट पर छोड़े गए दो बैगों की जांच की गई। बैगों में भूरे रंग के सेलो टेप में लिपटे हथियार पाए गए। बरामद हथियारों को RPF पोस्ट अगरतला में जमा कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया है। मामले की जांच GRPS/अगरतला ने शुरू कर दी है, और अधिकारियों के अनुसार, इस पर जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। recent visitors 77

म.प्र. शासन का बड़ा फैसला: शासकीय सेवकों का मंहगाई भत्ता बढ़ाकर 55 प्रतिशत किया गया, आदेश जारी

भोपाल राज्य शासन ने शासकीय सेवकों को बड़ी राहत देते हुए मंहगाई भत्ते की दर में वृद्धि का आदेश जारी किया है। दो चरणों में बढ़ेगा DA आदेशानुसार, सातवें वेतनमान के तहत आने वाले कर्मचारियों को वर्तमान 50% महंगाई भत्ते के स्थान पर दो चरणों में बढ़ा हुआ भत्ता मिलेगा। एक जुलाई 2024 से मंहगाई भत्ता 3% बढ़कर 53% किया गया है, जिसका भुगतान अगस्त 2024 के वेतन में होगा।इसी तरह 1 जनवरी 2025 से इसमें और 2% की वृद्धि कर इसे कुल 55% कर दिया जाएगा, जिसका भुगतान फरवरी 2025 के वेतन के साथ किया जाएगा। मई 2025 से मिलेगा लाभ, एरियर 5 किश्तों में राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि इस वृद्धि का वास्तविक लाभ 1 मई 2025 से दिया जाएगा और 1 जुलाई 2024 से 30 अप्रैल 2025 तक की एरियर राशि का भुगतान जून से अक्टूबर 2025 के बीच 5 किश्तों में किया जाएगा। सेवानिवृत्त व दिवंगत कर्मियों को एकमुश्त भुगतान 1 जुलाई 2024 से 31 मई 2025 के बीच सेवानिवृत्त हो चुके शासकीय कर्मचारियों को एरियर की पूरी राशि का एकमुश्त भुगतान किया जायेगा। इसी तरह एक जुलाई 2024 से 31 मई 2025 की अवधि में मृत कर्मचारियों के परिजनों को एरियर की पूरी राशि एकमुश्त प्रदान की जाएगी। अन्य निर्देश 50 पैसे या उससे अधिक की राशि को अगले पूर्णांक रुपए में पूर्णांकित किया जाएगा। मंहगाई भत्ते का कोई भी भाग वेतन के रूप में नहीं माना जाएगा। इस भुगतान का व्यय संबंधित विभाग के चालू वित्तीय वर्ष के स्वीकृत बजट प्रावधान से अधिक नहीं होना चाहिए।   recent visitors 47

ठंडी हवाओं से खुशनुमा हुआ दिल्ली का मौसम, 9 से 14 मई तक आंधी और बारिश के आसार, IMD ने जारी किया हाई अलर्ट

नई दिल्ली दिल्ली-एनसीआर के निवासियों को अगले एक सप्ताह तक मौसम से राहत मिलने की पूरी उम्मीद है। मौसम विभाग ने अपने ताजा पूर्वानुमान में यह खुशखबरी दी है। भविष्यवाणी के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी समेत पूरे एनसीआर में बादलों की मौजूदगी बनी रहेगी जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि आने वाले दिनों में दिल्लीवासियों को खुशनुमा मौसम का अनुभव हो सकता है। विभाग ने 14 मई तक बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक तेज आंधी और बारिश के बीच सतर्क रहने की भी सलाह दी है। ठंडी हवाओं से खुशनुमा हुआ दिल्ली का मौसम मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य औसत तापमान से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि गुरुवार और शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। IMD के मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो इस समय दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है जबकि अधिकतम तापमान भी सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। इसी वजह से चिलचिलाती गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली है। मौसम विभाग ने गुरुवार को चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले दो दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं जिससे स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए मौसम विभाग ने तेज हवा चलने और बारिश के दौरान सुरक्षित रहने की सलाह दी है। कैसा रहेगा मौसम का मिजाज? वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी और एनसीआर में शनिवार से लेकर सोमवार तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और लगभग 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि इन दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सप्ताह के मध्य में आंशिक बादल मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार और बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इन दो दिनों में तेज हवाएं या बारिश होने की कोई खास संभावना नहीं है। हालांकि अधिकतम तापमान में लगभग एक डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है जबकि न्यूनतम तापमान स्थिर रहने का अनुमान है। हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बढ़ते तापमान और बदलते मौसम के बीच वायु गुणवत्ता को लेकर भी राहत की खबर है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 157 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी में आता है। रिपोर्ट के अनुसार 101 से 200 के बीच AQI को मध्यम माना जाता है जिसमें संवेदनशील लोगों को थोड़ी परेशानी हो सकती है लेकिन आम लोगों के लिए यह स्तर अपेक्षाकृत सुरक्षित है।   recent visitors 52

निर्माण कार्यों में लायें गति, समानांतर रूप से खरीदें आवश्यक उपकरण एवं फर्नीचर: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल उप मुख्यमंत्री एवं सागर ज़िले के प्रभारी श्री राजेन्द्र शुक्ल ने स्वास्थ्य अधोसंरचना निर्माण कार्यों में गति लाने और समानांतर रूप से आवश्यक उपकरण और फर्नीचर खरीदने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का प्रदाय शीघ्र प्रारंभ हो सके इसके लिए आवश्यक उपकरण और फर्नीचर की उपलब्धता भी साथ ही सुनिश्चित की जाए। इसके लिए सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन के लिए मैनपॉवर की उपलब्धता बढ़ाने पर सरकार द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष सागर में स्वास्थ्य विभाग के अधोसंरचना विकास संबंधी कार्यों की वृहद समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सभी परियोजनाओं के बारे में जनप्रतिनिधियों से पूर्व में ही चर्चा की जाए तथा उनके साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किए जाएं। उन्होंने उपस्थित विधायक गण से भी कहा कि वे उनके क्षेत्र विशेष के कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति आदि से समय-समय पर अवगत कराएं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए निर्माण कार्यों, अधोसंरचना विकास कार्यों में गति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य  सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए बजट का उपयोग प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए तथा निर्माण कार्यों को समयसीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने  निर्देश दिए कि निर्माण एजेंसियों द्वारा किए गए कार्यों के भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो, ताकि कार्यों की गति बनी रहे और गुणवत्ता भी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने लैंड एलॉटमेंट की प्रक्रिया यथासंभव शीघ्रता से करने के भी निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी बुनियादी और जनहितकारी व्यवस्थाओं पर संबंधित अधिकारी प्राथमिकता पर ध्यान दें। उन्होंने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्‍द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, उप स्वास्थ्य केन्द्र/आरोग्य मंदिर से संबंधित विभिन्न पूर्ण हो चुके तथा निर्माणाधीन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। सागर जिले में उक्त सभी कार्यों की अनुमानित लागत लगभग 447 करोड़ रुपए है जो विभिन्न निर्माण एजेंसियों जैसे पीडब्ल्यूडी, पीआईएयू, हाउसिंग बोर्ड आदि से संबंधित हैं। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने जिला चिकित्सालय के अंतर्गत 100 बिस्तरीय नवीन भवन के शीघ्र लोकार्पण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब में एफ्लूएंट ट्रीटमेंट प्लांट लगाने के भी निर्देश दिए। इसी प्रकार बीना अस्पताल के रिनोवेशन /नवीनीकरण तथा वहां डॉक्टर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बंडा पीएचसी में बाउंड्री वॉल को प्रस्ताव शामिल करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार 15वें वित्त के तहत कार्यों को शीघ्रता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह संवेदनशील रहकर कार्य करें और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को न्यूनतम लाने की दिशा में हर संभव प्रयास करें। उन्होंने कहा कि टेलीमेडिसिन एक प्रभावी योजना है जिसका सीएचसी, पीएचसी और आरोग्य केन्‍द्रों के माध्यम से प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक , सशक्त और जनहितकारी बनाने के लिए अधोसंरचना, मानव संसाधन, उपकरण, प्रबंधन और तकनीकी सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कार्यों की सतत निगरानी करें और सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा करें। विधायक श्री शैलेंद्र जैन, श्री वीरेंद्र लोधी, श्रीमती निर्मला सप्रे, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत, कलेक्टर श्री संदीप जी.आर., पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी मौजूद थे। recent visitors 39

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा- टेली मेडिसिन का सफल क्रियान्वयन और पीएचसी की भीड़ बीएमसी के परफॉर्मेंस ऑडिट की तरह करेगा कार्य

भोपाल उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर में टेली मेडिसिन सेंटर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अब विशेषज्ञ डॉक्टरों से सीधे मरीज की बात हो सकेगी एवं उचित उपचार प्राप्त हो सकेगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की भीड़ एवं बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में स्थापित टेली मेडिसिन सेंटर में आने वाले कॉल्स की संख्या बीएमसी के परफॉर्मेंस ऑडिट की तरह कार्य करेगी। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि टेली मेडिसिन योजना प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा की प्राथमिकता वाली योजना है। योजना से गांव-गांव के पीड़ित व्यक्ति को विषय विशेषज्ञ डॉ. की निशुल्क सलाह मिल सकेगी एवं उनका समय पर इलाज हो सकेगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने निर्देश दिए कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित विशेष रूप से आरोग्य मंदिरों में टेली मेडिसिन सुविधा शुरू की जाए। डॉक्टरों की सूची चस्पा की जावे एवं उनके फोन नंबर भी संबंधित सीएचओ, बीएमओ को उपलब्ध कराएं जिससे आवश्यकता पड़ने पर तत्काल टेली मेडिसिन/ वीडियो कॉन्फ्रेंस/वर्चुअल माध्यम से उनका उपचार दिया जा सके। उप मुख्यमंत्री ने टेली मेडिसिन सुविधा से की मरीज एवं डॉ. से बातचीत उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने टेली मेडिसिन सेंटर का लोकार्पण किया और मौके पर ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरकोटी से डॉ. राहुल एवं वहां उपस्थित मरीज से वीडियो कांफ्रेंसिंग से बात की, उनके उपचार की जानकारी ली और टेली मेडिसिन सुविधा के बारे में जाना। इस दौरान टेली मेडिसिन के नोडल डॉ. भूपेंद्र रोहित ने पीड़ित व्यक्ति के ब्लड प्रेशर, शुगर एवं होने वाली पीड़ा की जानकारी ली, अन्य सवाल पूछे और संबंधित को खून की जांच कराने को कहा साथ ही आवश्यक दवाएं बताईं। बीएमसी के डॉ. रमेश पांडे ने बताया कि टेली मेडिसिन के लिए डॉ. रुचि जयसवाल, डॉ. अंकित जैन, डॉ. दिनेश जैन, डॉ. पीयूष जैन को नियुक्त किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर और भी विशेषज्ञ डॉ. टेली मेडिसिन सुविधा के लिए उपलब्ध रहेंगे। विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर में हृदय रोग की आधुनिक मशीनरी एवं विशेषज्ञ डॉ. की आवश्यकता की बात कही। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि इस विषय पर शासन द्वारा पीपीपी मोड पर सेवाएं प्रदान करने की कार्रवाई चल रही है, शीघ्र ही इस पर निर्णय होगा और सागर वासियों को हृदय रोग का इलाज भी मिल सकेगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में अन्य सुविधाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता तिमोरी, डॉ. मनीष जैन, डॉ. सौरभ जैन सहित मेडिकल कॉलेज के सभी विभागों के चिकित्सक और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे।   recent visitors 32

देश भर के बड़े शहरों में गिरोह फैलाए, एनजीओ में डोनेशन दिलवाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी

भोपाल एनजीओ में डोनेशन दिलवाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक गिरोह का भोपाल पुलिस ने भांडाफोड़ करते हुए तीन आरोपितों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। गिरोह के सरगना संदीप पांडे ने देशभर के प्रमुख शहरों में एजेंट बैठा रखे थे, जो एनजीओ संचालकों को करोड़ों का डोनेशन दिलवाने का लालच देते और उनसे सिक्योरिटी अमाउंट के तौर पर लाखों रुपये हड़प लेते। ये रुपये एक कंपनी के बैंक खाते में जाते थे, जो वास्तव में फर्जी थी। इसी तरह ठगों ने भोपाल के एक एनजीओ संचालक से धोखाधड़ी की थी। कंपनी के ब्लैकमनी को व्हाइट करने के बहाने से देता था लालच     एसआई सुनील रघुवंशी ने बताया कि मूलत: उत्तरप्रदेश के रानीगंज का रहने वाला संदीप पांडे मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता है।     उसने पुणे, बेंगलुरु, इंदौर और नागपुर समेत कई बड़े शहरों में ऐसे एजेंट तैयार किए थे, जो कि एनजीओ संचालकों को डोनेशन दिलवाने का लालच दे और उन क्लाइंटों से संपर्क करवाए।     संदीप एनजीओ संचालकों को बताता कि उसकी कंपनी में ब्लैकमनी है, वह करोड़ों की मोटी राशि उनके एनजीओ में ट्रांसफर करेगा।     फिर एनजीओ वापस उस कंपनी को आधी राशि व्हाइट मनी के तौर पर लौटा देगा। इस तरह लालच देकर वह पिछले दिनों भोपाल में ग्रंथ एजुकेशन सोसायटी के संचालक से 18 लाख की ठगी कर चुका है। कई एजेंटों के संपर्क मिले एसआइ सूर्यवंशी ने बताया कि आरोपित के पास मिले फर्जी कंपनी के बैंक खाते में इस प्रकार के कई डीडी मिले हैं, जिससे करोड़ों की ठगी का अनुमान है। आरोपित के संपर्क कई एजेंटों से है, जो दूसरे शहरों में बैठकर उसके लिए काम करते हैं। आरोपित के पुराने रिकार्ड को खंगाला जा रहा है। recent visitors 32

भोपाल के अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में मेडिटेक टेक्सटाइल सेक्टर की पहली यूनिट का निर्माण कार्य में तेज़ी: मुख्यमंत्री

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल के अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में मेडिटेक टेक्सटाइल सेक्टर की पहली अत्याधुनिक यूनिट का निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है। उन्होंने इसे मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास का नया अध्याय बताते हुए कहा कि टेक्नोलॉजी आधारित उत्पादन इकाइयों का आना, इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश अब पारंपरिक के साथ विशेषीकृत और उच्च गुणवत्ता वाले उद्योगों के लिए भी पसंदीदा स्थल बन चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस यूनिट से न केवल भोपाल बल्कि पूरे प्रदेश को उद्योग के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। मेडिटेक टेक्सटाइल सेक्टर का यह निवेश, मध्यप्रदेश को मेडिकल टेक्सटाइल, हाईजीन और हेल्थ सपोर्टिंग टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नई ऊंचाई देगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार निवेश लाने की नीति पर नहीं, निवेश को जमीन पर उतारने की कार्य संस्कृति पर काम कर रही है। इस यूनिट का निर्माण जर्मनी की विश्व प्रसिद्ध टीडब्ल्यूई ग्रुप और भारत के अनुभवी ओबीटी ग्रुप के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। टीडब्ल्यूई ओबीटी प्रा. लि. नामक यह कंपनी अचारपुरा में लगभग 160 करोड़ रु. की लागत से उच्च तकनीक आधारित उत्पादन संयंत्र स्थापित कर रही है। यूनिट में महिलाओं और बच्चों के हाईजीन उत्पादों में प्रयुक्त टेक्सटाइल कंपोनेंट्स जैसे ADL, टॉप शीट और बैक शीट का निर्माण किया जाएगा। इन उत्पादों की भारत में अब तक आयात पर निर्भरता रही है। यह यूनिट चालू होने पर देश को आत्मनिर्भर बनाएगी और मेडिटेक टेक्सटाइल उत्पादों में 'मेक इन इंडिया' को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में स्थापित करेगी। उत्पादन के पहले चरण में ही 200 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने जा रहा है, वहीं यूनिट के स्केल बढ़ने पर यह संख्या कई गुना तक पहुंचने की संभावना है। प्रदेश सरकार द्वारा विकसित अचारपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में यह यूनिट एक उदाहरण बनेगी कि कैसे सुव्यवस्थित बुनियादी ढांचा और उद्योगों के अनुकूल माहौल किसी भी वैश्विक निवेशक के लिए भरोसे का केंद्र बन सकता है। कंपनी ने उपलब्ध ज़मीन, बिजली, परिवहन और अन्य सुविधाओं को निर्माण के लिए उपयुक्त बताया है। तकनीकी मानकों पर यह यूनिट भारत में अपने क्षेत्र की पहली अत्याधुनिक फैक्ट्री होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्पष्ट विजन के साथ नई औद्योगिक रणनीति अपनाई है जिसमें ‘निवेश और निर्माण’ को साथ लेकर चलना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि निवेशक अब मध्यप्रदेश में तेज़ फैसलों, सहज प्रक्रियाओं और भरोसेमंद माहौल के चलते बड़े निर्णय ले रहे हैं। मेडिटेक टेक्सटाइल जैसे अत्याधुनिक क्षेत्र में इस तरह का निवेश इसी विश्वास का परिणाम है। यूनिट के निर्माण में ग्रीन बिल्डिंग और पर्यावरणीय संतुलन का भी विशेष ध्यान रखा गया है। यहां बिना बॉयलर के संचालन होगा और उत्पादन प्रक्रिया से जल अथवा वायु प्रदूषण नहीं होगा। हाईजीन और हेल्थ सेक्टर से जुड़ी यह यूनिट स्वच्छ भारत और आत्मनिर्भर भारत की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रही है। टीडब्ल्यूई ओबीटी प्रा. लि. की ओर से बताया गया कि यह यूनिट पूरे देश में उनकी पहली और प्रमुख इकाई होगी। यह मेडिटेक टेक्सटाइल के क्षेत्र में देश में तकनीकी उत्पादन की शुरुआत मानी जाएगी। जर्मनी से उच्च स्तरीय तकनीकी सहयोग के साथ यह यूनिट भारतीय टेक्सटाइल सेक्टर के लिए एक नई दिशा तय करेगी। राज्य सरकार इस यूनिट को टेक्सटाइल ओडीओपी, पीएम मित्र पार्क और क्लस्टर पॉलिसी से जोड़कर क्षेत्रीय विकास की संभावनाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। टेक्सटाइल सेक्टर में मध्यप्रदेश को पहले से ही राष्ट्रीय पहचान प्राप्त है और अब मेडिटेक, टेक्निकल और हाईजीन टेक्सटाइल में यह यूनिट उस पहचान को वैश्विक स्तर पर विस्तार देने वाली है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश मेडिटेक टेक्सटाइल जैसे उच्च श्रेणी के उत्पादों के लिए एक हब के रूप में स्थापित होगा, जहां नवाचार, तकनीक और रोजगार तीनों साथ-साथ आगे बढ़ेंगे। यह निवेश केवल एक यूनिट नहीं बल्कि राज्य के औद्योगिक भविष्य का मजबूत संकेत है। recent visitors 31