मुंबई की पूरी टीम में विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं और रोहित को परिचय की कोई जरूरत नहीं है: ट्रेंट बोल्ट

नई दिल्ली मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने कहा है कि रोहित विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं और टीम को रिकॉर्ड छठा आईपीएल खिताब दिलाने में बड़ी भूमिका निभायेंगे। बोल्ट ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चार विकेट लेकर मुंबई इंडियंस की लगातार चौथी जीत में सूत्रधार की भूमिका निभाई। सनराइजर्स को आठ विकेट पर 143 रन पर रोकने के बाद रोहित के 46 गेंद में 70 रन की मदद से मुंबई ने 15.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। बोल्ट ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘मुंबई की पूरी टीम में विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं और रोहित को परिचय की कोई जरूरत नहीं है। हर कोई टीम की जीत में योगदान देना चाहता है लेकिन रोहित पिछले कुछ मैचों में शानदार प्रदर्शन कर रहा है। वह सत्र के बाकी मैचों में हमारे लिये बड़ी भूमिका निभायेगा।’ बोल्ट ने हार्दिक पांड्या की कप्तानी की तारीफ करते हुए कहा, ‘‘हार्दिक जुनूनी क्रिकेटर है और काफी प्रतिभावान भी। वह बेहतरीन कप्तान है और मोर्चे से अगुवाई करता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह मेरे पसंदीदा भारतीय क्रिकेटरों में से है लिहाजा उसकी कप्तानी में खेलना शानदार अनुभव है।’’ पहले पांच में से चार मैच हारने के बाद मुंबई ने लगातार चार जीत दर्ज करके प्लेआफ की उम्मीदें कायम रखी है लेकिन बोल्ट ज्यादा आगे की नहीं सोच रहे। उन्होंने कहा, ‘‘शुरूआत में हम लय हासिल नहीं कर सके थे लेकिन लगातार चार जीत के बाद हमने वह कमी पूरी कर दी। हमारी टीम अच्छा खेल रही है और इसे कायम रखना चाहेंगे। ज्यादा आगे की नहीं सोच रहे क्योंकि हालात बदलने में देर नहीं लगती ।अभी टूर्नामेंट में काफी क्रिकेट बाकी है।’’ recent visitors 59

10-15 साल पुराने वाहनों दिल्ली में इस तारीख से नहीं मिलेगा फ्यूल

 नई दिल्ली दिल्ली में पहली जुलाई से 10 साल से अधिक पुराने डीजल और 15 साल से अधिक पुराने पेट्रोल वाहनों को ईंधन उपलब्ध नहीं होगा. वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इन वाहनों को फ्यूल न दें, जिनका रजिस्ट्रेशन समय सीमा पूरी कर चुका है. इसके साथ ही, CAQM ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए एक और महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है. आयोग ने 1 नवंबर से दिल्ली में BS-6 डीजल मानक से नीचे के सभी परिवहन और वाणिज्यिक माल वाहनों की एंट्री पर कड़े प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है. इसके अलावा, CAQM ने राष्ट्रीय राजधानी में पुराने वाहनों के संबंध में भी एक सख्त निर्देश पारित किया है. BS-6 से नीचे के डीजल माल वाहनों की एंट्री बैन CAQM द्वारा जारी किए गए आदेश के अनुसार, एक नवंबर से दिल्ली में बीएस-6 डीजल मानक से नीचे के सभी परिवहन और वाणिज्यिक माल वाहनों की प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा. यह नियम दिल्ली के बाहर पंजीकृत सभी परिवहन और वाणिज्यिक माल वाहनों पर लागू होगा. ओवरएज वाहनों को नहीं मिलेगा फ्यूल दिल्ली के सभी फ्यूल स्टेशनों को 30 जून तक स्वचालित नंबर प्लेट पहचान (ANPR) कैमरे स्थापित करने की आवश्यकता होगी. ये कैमरे 10 साल (डीजल) या 15 साल (पेट्रोल) पुराने वाहनों की पहचान करेंगे. 1 जुलाई से ऐसे वाहनों को ईंधन नहीं दिया जाएगा. NCR के 5 जिलों के लिए भी आदेश सीएक्यूएम द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि दिल्ली के निकट स्थित पांच उच्च जनसंख्या घनत्व वाले जिलों, जैसे गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और सोनीपत में यह आदेश एक नवंबर से प्रभावी होना चाहिए. इसके साथ ही, सभी फ्यूल स्टेशनों पर एएनपीआर कैमरों की स्थापना का कार्य 31 अक्टूबर तक पूरा करना अनिवार्य है. बाकी जिलों के लिए मोहलत CAQM ने एनसीआर के अन्य जिलों को कैमरे स्थापित करने के लिए 31 मार्च, 2026 तक का समय निर्धारित किया है. 1 अप्रैल, 2026 से ओवरएज वाहनों को ईंधन प्रदान करने पर प्रतिबंध लागू होगा. आदेश में उल्लेख किया गया है कि ये कैमरे वाहन डाटाबेस से जुड़े होंगे और पुराने वाहनों या बिना वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र वाले वाहनों की पहचान करेंगे. वाहन स्क्रैपिंग के तहत ऐक्शन के निर्देश आयोग ने निर्देश दिया है कि पेट्रोल पंपों को निर्धारित तिथियों से ऐसे वाहनों में ईंधन भरने से रोकना चाहिए. इसके साथ ही, प्राधिकारियों को वाहन स्क्रैपिंग सुविधा (आरवीएसएफ) नियमों के तहत त्वरित कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए. कमान कंट्रोल सेंटर्स के जरिए होगी निगरानी आदेश में निर्देशित किया गया है कि सड़कों पर पुराने और ओवरएज वाहनों की पहचान करने तथा उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के लिए यातायात निगरानी प्रणालियों और एकीकृत कमान नियंत्रण केंद्रों का उपयोग किया जाना चाहिए. recent visitors 63

भीषण सड़क हादसा, फॉर्च्यूनर और थार में भिड़ंत, एक की मौत, तीन घायल

लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां, तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर और थार में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां, उनका इलाज जारी है। यह पूरा मामला जिले के कैंट थाना क्षेत्र का है। जहां, तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर और थार में भिड़ंत हो गई। हादसे के दौरान स्कूटी सवार गाड़ियों के बीच फंस गय। जिसके चलते मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस दौरान तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आस- पास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव की शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचित किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। आस-पास लगे सारे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है।   recent visitors 86

श्रीनगर में फंसे कई पर्यटक, फ्लाइट का किराया कई गुना बढ़ाने पर अखिलेश यादव ने घोर निंदनीय की और बताया अमानवीय

लखनऊ आतंकी हमले के बाद श्रीनगर में कई पर्यटक फंसे हुए हैं, जिनके लिए वापसी की राह आसान नहीं है. एक ओर जहां फ्लाइट का किराया बढ़ गया है, वहीं दूसरी ओर ट्रेनों में लंबी वेटिंग के चलते पर्यटकों को लौटने में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. श्रीनगर से लखनऊ का एयर टिकट इस समय 18,349 रुपये में बिक रहा है, जबकि ट्रेनों में 165 के पार वेटिंग चल रही है. जिसको लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसकी निंदा की है. अखिलेश यादव ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, ”श्रीनगर से हवाई किराये में बेतहाशा वृद्धि का समाचार अमानवीय और घोर निंदनीय है. ऐसी त्रासदी के समय पर्यटकों से मनमाना किराया वसूलना किसी भी तरह से जायज़ नहीं ठहराया जा सकता है.” उन्होंने लिखा- ”सरकार स्पष्ट करे कि ‘बेतहाशा किराया वसूली’ के मामले में सरकार की कोई ज़िम्मेदारी बनती है या नहीं. किराये से संबद्ध टैक्स तो सरकार के पास ही जाता है, इसका मतलब तो जनता यही समझती है कि ये सब सरकार की मिलीभगत से हो रहा है. घोर आपत्तिजनक! घोर निंदनीय!” एयर लाइन्स कंपनियों ने 3 गुना से अधिक बढ़ाया किराया बता दें कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद ‘आपदा में अवसर’ खोज रही एयर लाइन्स कंपनियों ने कश्मीर टू दिल्ली का किराया 3 गुना से अधिक बढ़ाया तो सिविल एविएशन मिनिस्ट्री एक्शन मोड़ में आई. किराया 10 हजार के भीतर ही रखे जाने के आदेश हुए. किराया कम करने का दावा बताया जा रहा है कि टूरिस्ट्स पर हुए आतंकी हमले  के बाद कश्मीर से लौटने के लिए एयरलाइंस कंपनियों ने श्रीनगर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट्स का किराया अब कम कर दिया है. सरकारी दखल के बाद श्रीनगर से दिल्ली के लिए उड़ने वाली फ्लाइट्स का किराया आज यानी 24 अप्रैल को घटकर 10,000 से कम हो गया है. एयर इंडिया और इंडिगो ने एक्स्ट्रा फ्लाइट्स चलाने का किया फैसला एयर इंडिया और इंडिगो ने श्रीनगर से दिल्ली और मुंबई के लिए एक्स्ट्रा फ्लाइट्स चलाने का फैसला किया है. 23 अप्रैल को दोनों कंपनियां चार अतिरिक्त फ्लाइट्स चला चुकी हैं. इसके अलावा एयरलाइंस ने कैंसिल करने और रीशेड्यूलिंग चार्ज भी माफ कर दिए हैं. recent visitors 67

वक्फ बोर्ड में मेंबर की नियुक्ति पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, इन शर्तों का करना होगा पालन

नई दिल्ली सुप्रीम कोर्ट में वक्फ संशोधन कानून से संबंधित मामला चल रहा है, जिसमें अदालत ने एक महत्वपूर्ण निर्णय सुनाया है. यह निर्णय राज्य वक्फ बोर्ड में सदस्यों की नियुक्ति से जुड़ा हुआ है. देशभर में मुस्लिम समुदाय इस कानून का विरोध कर रहा है, और इसी संदर्भ में सुप्रीम कोर्ट में मामला विचाराधीन है. हाल ही में, सुप्रीम कोर्ट ने मणिपुर हाई कोर्ट के एक निर्णय को खारिज करते हुए नया आदेश जारी किया है, जिसके अनुसार यदि कोई वकील राज्य बार काउंसिल में किसी पद पर नहीं है, तो वह राज्य वक्फ बोर्ड का सदस्य नहीं बन सकता. सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और राजेश बिंदल की बेंच ने स्पष्ट किया है कि केवल संसद, राज्य विधानसभा या राज्य बार काउंसिल के सक्रिय सदस्य और मुस्लिम व्यक्ति ही वक्फ बोर्ड के सदस्य बन सकते हैं. कोर्ट ने मणिपुर हाईकोर्ट के उस निर्णय को खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि बार काउंसिल का सदस्य न रहने पर भी कोई व्यक्ति वक्फ बोर्ड का सदस्य बना रह सकता है. सुप्रीम कोर्ट ने बताया कि वक्फ कानून के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति बार काउंसिल से बाहर हो जाता है, तो उसकी वक्फ बोर्ड की सदस्यता भी समाप्त मानी जाएगी. जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस राजेश बिंदल की पीठ ने अपने निर्णय में स्पष्ट किया कि वक्फ बोर्ड का सदस्य बनने के लिए दो आवश्यक शर्तें पूरी करनी अनिवार्य हैं.     व्यक्ति मुस्लिम समुदाय से हो.     संसद, राज्य विधानसभा या बार काउंसिल के सदस्य के रूप में सक्रिय भूमिका निभाना. सुप्रीम कोर्ट ने मणिपुर हाईकोर्ट के उस निर्णय को गलत ठहराया, जिसमें कहा गया था कि कानून में यह स्पष्ट नहीं है कि बार काउंसिल से बाहर होने पर वक्फ बोर्ड की सदस्यता भी समाप्त हो जाएगी. दिल्ली में इस तारीख से 10-15 साल पुराने वाहनों को नहीं मिलेगा फ्यूल, राजधानी में बैन होगी एंट्री, CAQM का आदेश ये है पूरा मामला मणिपुर के मो. फिरोज अहमद खालिद को फरवरी 2023 में मणिपुर वक्फ बोर्ड का सदस्य नियुक्त किया गया. इससे पहले, वे दिसंबर 2022 में बार काउंसिल के सदस्य चुने गए थे, जहां उन्होंने एक हारने वाले सदस्य की जगह ली थी. प्रारंभ में हाईकोर्ट ने उनकी नियुक्ति को मान्यता दी, लेकिन बाद में डिवीजन बेंच ने इस निर्णय को पलट दिया. हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बार काउंसिल से बाहर होने पर वक्फ बोर्ड की सदस्यता स्वतः समाप्त हो जाएगी. भारत में वक्फ बोर्ड की संपत्तियों की संख्या को लेकर विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में भिन्न-भिन्न आंकड़े प्रस्तुत किए जाते हैं. हालांकि, 2022 में भारत सरकार ने जानकारी दी कि देश में 7.8 लाख से अधिक वक्फ की अचल संपत्तियां मौजूद हैं. इनमें सबसे बड़ी संख्या उत्तर प्रदेश वक्फ के पास है, जहां लगभग दो लाख से अधिक अचल संपत्तियां स्थित हैं. सुप्रीम कोर्ट के वकील विराग गुप्ता बताते हैं कि 2009 के बाद वक्फ की संपत्तियों में दोगुने का इजाफा हुआ है. अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय ने दिसंबर 2022 में लोकसभा में जानकारी दी थी जिसके अनुसार वक्फ बोर्ड के पास 8,65,644 अचल संपत्तियां हैं. लगभग 9.4 लाख एकड़ वक्फ की जमीनों की अनुमानित कीमत 1.2 लाख करोड़ है. भारत में वक्फ बोर्ड की संपत्तियों की संख्या को लेकर मीडिया में विभिन्न आंकड़े प्रस्तुत किए जाते हैं. 2022 में भारत सरकार ने बताया कि देश में 7.8 लाख से अधिक वक्फ की अचल संपत्तियां हैं. इनमें सबसे अधिक संपत्तियां उत्तर प्रदेश वक्फ के पास हैं, जहां लगभग दो लाख से अधिक अचल संपत्तियां स्थित हैं. सुप्रीम कोर्ट में विपक्ष के कई नेताओं ने इस कानून के खिलाफ याचिकाएं दायर की हैं, जिनकी पहली सुनवाई 17 अप्रैल को हुई थी. इस सुनवाई के दौरान सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एक एफिडेविट पेश करते हुए आश्वासन दिया कि अगली सुनवाई तक इस कानून के किसी भी विवादास्पद प्रावधान को लागू नहीं किया जाएगा. अगली सुनवाई 5 मई को निर्धारित है. इस बीच, मुस्लिम समुदाय देशभर में इस कानून के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहा है. recent visitors 72

आतंकी हमले के बाद अधिकांश लोगों ने निरस्त कराया कश्मीर टूर

इंदौर ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान इंदौर से बड़ी संख्या में लोग उत्तर भारत के विभिन्न ठंडे प्रदेशों में छुट्टियां मनाने जाते हैं। अधिकांश लोगों ने कश्मीर के लिए बुकिंग कराई थी। यह बुकिंग अप्रैल के आखरी सप्ताह से जून के बीच सर्वाधिक है। श्रीनगर के पहलगाम में मंगलवार दोपहर हुए आतंकी हमले के बाद अधिकांश लोगों ने कश्मीर टूर निरस्त कर दिया है। ट्रैवल एजेंटों के अनुसार, अभी तक लगभग 20 प्रतिशत लोगों ने अपना टूर निरस्त कराया है। होटल बुकिंग और ट्रिप प्लान कैंसल किए ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष हेमेन्द्र सिंह जादौन ने बताया कि बुधवार को इंदौर से श्रीनगर जाने वाले बहुत सारे पर्यटकों ने अपने आगामी टूर निरस्त करवाए हैं। होटल बुकिंग और अन्य ट्रिप प्लान भी रद किए हैं। उनके अलावा, जो लोग अभी नहीं जा रहे हैं, वे अपनी यात्रा मई के अंत या जून तक के लिए टाल रहे हैं। जो पर्यटक पहले से श्रीनगर में हैं, वे किसी भी कीमत पर इंदौर लौटना चाहते हैं। कई लोग कह रहे हैं कि चाहे जितना किराया लगे, लेकिन सीट मिलनी चाहिए। नहीं लगेगा अन्य चार्ज कश्मीर में हुए आतंकी हमले के कारण विमान कंपनियां पहले से बुक हो चुके टिकट पर ट्रिप आगे बढ़ाने के लिए सुविधा दे रही हैं। इसके लिए किसी तरह का अन्य चार्ज नहीं वसूला जाएगा। इंडिगो कंपनी ने 22 अप्रैल से पहले की सभी बुकिंग को 30 अप्रैल तक दोबारा बुकिंग करने का ऑफर दिया है। वहीं एयर इंडिया ने यह सुविधा 15 मई तक की है, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बुकिंग को 30 अप्रैल तक चेंज करने की सुविधा दी है। श्रीनगर में कर रहे मदद ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया कश्मीर में टूरिस्टों की मदद के लिए जुटा हुआ है। होटल और अन्य सुविधाएं उनके लिए जुटाई जा रही हैं। इसके साथ ही भोजन, पानी और ट्रैवल की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जा रही है। ट्रैवल एजेंट लगातार यात्रियों को राहत देने के लिए प्रयासरत हैं। recent visitors 51

खादी और ग्रामोद्योग आयोग ने रचा नया इतिहास, बिक्री में 447% और उत्पादन में 347% का रिकॉर्ड उछाल

भोपाल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के मार्गदर्शन में खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) ने ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। वित्त वर्ष 2024-25 में खादी और ग्रामोद्योग का कुल कारोबार ₹1,70,551.37 करोड़ के आंकड़े को पार कर गया है। यह स्वतंत्र भारत के इतिहास में अब तक का सर्वाधिक कारोबार है। केवीआईसी के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार ने नई दिल्ली स्थित राजघाट कार्यालय में वित्तीय वर्ष 2024-25 के अनंतिम आंकड़े जारी करते हुए यह जानकारी दी। उत्पादन और बिक्री में अभूतपूर्व वृद्धि केवीआईसी के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार ने बताया कि वर्ष 2013-14 की तुलना में बीते 11 वर्षों में खादी और ग्रामोद्योग के उत्पादन में 347% और बिक्री में 447% की वृद्धि हुई है। उत्पादन ₹26,109.07 करोड़ से बढ़कर ₹1,16,599.75 करोड़ तक पहुंचा, जबकि बिक्री ₹31,154.19 करोड़ से बढ़कर ₹1,70,551.37 करोड़ हो गई। इस प्रगति के साथ खादी और ग्रामोद्योग ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने में एक नया अध्याय रचा है। रोजगार सृजन में 49.23% की वृद्धि केवीआईसी ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों को बढ़ाने की दिशा में भी उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। वर्ष 2013-14 में जहां संचयी रोजगार 1.30 करोड़ था, वहीं 2024-25 में यह आंकड़ा 1.94 करोड़ तक पहुंच गया, जो कि 49.23% की वृद्धि को दर्शाता है। यह उपलब्धि आत्मनिर्भर ग्रामीण भारत के निर्माण की दिशा में एक अहम कदम है। खादी वस्त्र उत्पादन और बिक्री में ऐतिहासिक उछाल खादी वस्त्रों के उत्पादन और बिक्री में भी शानदार वृद्धि दर्ज की गई है। उत्पादन ₹811.08 करोड़ से बढ़कर ₹3,783.36 करोड़ (366% वृद्धि) और बिक्री ₹1,081.04 करोड़ से बढ़कर ₹7,145.61 करोड़ (561% वृद्धि) तक पहुंची है। यह बढ़ोतरी प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा खादी को जनआंदोलन में बदलने की अपील और प्रचार के प्रभाव को स्पष्ट रूप से दर्शाती है। खादी ग्रामोद्योग भवन ने बनाया नया रिकॉर्ड नई दिल्ली स्थित खादी ग्रामोद्योग भवन ने भी पहली बार ₹110.01 करोड़ का कारोबार किया है, जो वर्ष 2013-14 में ₹51.02 करोड़ था। इसमें 115% की वृद्धि दर्ज की गई है, जो शहरी उपभोक्ताओं के बीच खादी के प्रति बढ़ते रुझान को दर्शाता है। पीएमईजीपी के माध्यम से 90 लाख से अधिक लोगों को रोजगार प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) योजना के तहत अब तक 10.18 लाख इकाइयों की स्थापना हो चुकी है। इन इकाइयों के लिए ₹27,166.07 करोड़ की मार्जिन मनी सब्सिडी वितरित की गई है और इससे 90,04,541 लोगों को रोजगार उपलब्ध हुआ है। यह योजना ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने में सहायक रही है। ग्रामोद्योग विकास योजना से ग्रामीण भारत को बल ग्रामोद्योग विकास योजना के तहत अब तक कुल 2,87,752 मशीनें, उपकरण और टूलकिट वितरित किए गए हैं। इसमें मधुमक्खी पालन बॉक्स, विद्युत चालित चाक, अगरबत्ती निर्माण मशीन, फुटवियर टूलकिट, सिलाई व मरम्मत टूल्स शामिल हैं। वर्ष 2025-26 के लिए इस योजना का बजट बढ़ाकर ₹60 करोड़ कर दिया गया है, जो वर्ष 2021-22 की तुलना में 134% अधिक है। महिला सशक्तिकरण में केवीआईसी की अहम भूमिका महिलाओं को स्वरोजगार और प्रशिक्षण से जोड़ने के क्षेत्र में भी केवीआईसी ने उल्लेखनीय कार्य किया है। बीते 10 वर्षों में 7,43,904 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें से 57.45% महिलाएं हैं। इसके अलावा, 5 लाख से अधिक खादी कारीगरों में 80% महिलाएं कार्यरत हैं। पारिश्रमिक में 275% और पिछले तीन वर्षों में 100% तक की वृद्धि कर महिलाओं की आर्थिक स्थिति को सशक्त किया गया है। ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प की ओर मजबूत कदम अध्यक्ष श्री मनोज कुमार ने इस सफलता का श्रेय पूज्य बापू की प्रेरणा, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी, एमएसएमई मंत्रालय के सहयोग और देशभर के करोड़ों कारीगरों की मेहनत को दिया है। उन्होंने कहा कि केवीआईसी की यह ऐतिहासिक उपलब्धियाँ भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को मजबूती देती हैं।   recent visitors 47