जाय एजूकेशन सोसायटी के संचालक अखिलेश मेबिन ने पिछले दिनों भगवान श्रीराम के विरुद्ध टिप्पणी की थी

जबलपुर जाय एजूकेशन सोसायटी के संचालक अखिलेश मेबिन ने पिछले दिनों भगवान श्रीराम के विरुद्ध टिप्पणी की थी। इसके बाद हिंदू संगठनों के विरोध और थाने में एफआइआर के बाद वह फरार हो गया। बावजूद इसके पुलिस ने उसकी तलाश जिले और प्रदेश से बाहर भी जारी रखी। नतीजतन, अखिलेश मेबिन को केरल के कोच्चि एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। उसे कोच्चि से जबलपुर पुलिस अपने साथ लेकर आ गई है।आरोपी अखिलेश मेबिन को न्यायालय में पेश करने की तैयारी चल रही है। इससे पूर्व पुलिस कंट्रोल रूम में उससे पूछताछ की जा रही है।   कोर्ट में किया जाएगा पेश पुलिस का कहना है आरोपी के बयान सहित कागजी कार्रवाई और मेडिकल के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल पुलिस विभाग के आला अधिकारी आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं। भगवान का कर रहा था अपमान बता दें कि करीब चार दिन पहले पादरी डेविस जार्ज पर मतांतरण के प्रयास का आरोप लगाते हुए कुछ हिंदूवादी संगठनों ने कथित रूप से हमला किया था। इसके विरोध स्वरूप अखिलेश मेबिन ने कथित रूप से भगवान श्रीराम का अपमान करती डीपी अपने मोबाइल पर लगा ली थी। इसके अलावा उसके द्वारा कुछ और भी आपत्तिजनक कहा गया। इसके बाद से उसका विरोध किया जा रहा था। पुलिस ने उस पर एफआइआर भी दर्ज कर ली थी।   recent visitors 47

भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस त्रिकंड की टीम ने एक कॉल पर बचा ली पाकिस्तानी नाविक की जान

नई दिल्ली भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस त्रिकंड की टीम ने अरब सागर में देवदूत बनकर पाकिस्तानी नाविक की जान बचाई है. पाकिस्तानी चालक दल के सदस्य के हाथों में चोट आने से खून बह रहा था और उसकी हालत बेहद गंभीर होती जा रही थी और यहां तक कि जान भी जा सकती थी. हालांकि, जैसे ही आईएनएस त्रिकंड की टीम को खबर मिली तो ना केवल समय पर पहुंचकर चिकित्सा सहायता प्रदान की, बल्कि जरूरी दवाएं देकर पाकिस्तान के जहाज दल को आगे के लिए रवाना किया. यह पूरा मामला मध्य अरब सागर का है. पाकिस्तानी चालक दल के सदस्य को गंभीर चोटें आने से हाथों में फ्रैक्चर हो गया था और खून की कमी हो गई थीं. पाकिस्तान का चालक दल एक मछली पकड़ने वाले जहाज में सवार था और ओमान तट से करीब 350 समुद्री मील पूर्व में जा रहा था. उंगलियों पर आई थीं गंभीर चोटें जानकारी के मुताबिक, INS त्रिकंड के पास 4 अप्रैल की सुबह ईरानी dhow Al Omeedi से इमरजेंसी कॉल आया. जांच करने पर पता चला कि dhow के चालक दल के एक सदस्य को इंजन पर काम करते समय उंगलियों में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत गंभीर होती जा रही है. उसे FV अब्दुल रहमान हंजिया नामक एक अन्य dhow में ट्रांसफर कर दिया गया है, जो ईरान के रास्ते में है.   INS त्रिकंड ने बदला रास्ता, पहुंचाई चिकित्सा सहायता INS त्रिकंड ने घायल चालक दल के सदस्य को चिकित्सा सहायता देने के लिए तुरंत अपना रास्ता बदला. FV अब्दुल रहमान हंजिया के चालक दल में 11 पाकिस्तानी (9 बलूच और 2 सिंधी) और 5 ईरानी कर्मी शामिल थे. घायल व्यक्ति पाकिस्तानी (बलूच) नागरिक था. उसके हाथ में कई फ्रैक्चर और गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण बहुत ज्यादा खून बह गया था. टांके लगाए, पट्टी बांधी और दवाएं दीं आईएनएस त्रिकंड के चिकित्सा अधिकारी MARCOS (मरीन कमांडो) और जहाज की बोर्डिंग टीम मदद करने के लिए FV  पर चढ़ी. लोकल एनेस्थीसिया दिया. उसके बाद जहाज की मेडिकल टीम ने घायल उंगलियों पर टांके लगाए और पट्टी बांधी. तीन घंटे से ज्यादा समय तक सर्जिकल प्रक्रिया चली और समय रहते रक्तस्राव पर काबू पा लिया गया, जिससे गैंग्रीन के कारण घायल उंगलियों के संभावित नुकसान को रोका जा सका. INS त्रिकंड की मेडिकल टीम ने ईरान पहुंचने तक चालक दल के लिए एफवी को एंटीबायोटिक्स समेत चिकित्सा आपूर्ति भी दी. इस जहाज पर मौजूद चालक दल के सदस्यों ने अपने साथी की जान बचाने में समय पर सहायता के लिए भारतीय नौसेना के प्रति आभार जताया. इस पूरे घटनाक्रम को भारतीय नौसेना की पेशेवर दक्षता और मानवीय मूल्यों के मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में भी अपनी सेवा भावना और कर्तव्यपरायणता से प्रेरित होकर कार्य करती है.   recent visitors 34

विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर से पैसा गिनने आए बैंककर्मी चुराए 9 लाख, रंगे हाथ पकड़ाया, मुकदमा दर्ज

मथुरा मथुरा के श्री कृष्ण की लीला स्थली वृन्दावन के प्रसिद्ध ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां मंदिर के गुल्लक की धनराशि में सेंध लगाते बैंककर्मी को रंगे हाथों पकड़ा गया है. बैंककर्मी के पास से 9 लाख 50 हज़ार रुपए की बरामदगी भी हुई है. चोरी की यह घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई. मंदिर प्रबंधक द्वारा इस मामले में बैंक कर्मी के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी बैंक कर्मी अभिनव सक्सेना को गिरफ्तार कर लिया गया है. प्रसिद्ध ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में नियमानुसार प्रतिमाह न्यायालय द्वारा नियुक्त अधिकारी की निगरानी में बैंक के कर्मचारियों द्वारा गुल्लक खोला जाता है. मंदिर की 16 भेंट गुल्लक खुलने का यह क्रम पिछले तीन दिन से जारी था. शनिवार की शाम करीब चार बजे से कंट्रोल रूम में मौजूद कर्मियों को शक हुआ कि एक बैंककर्मी अपने कपड़ों में कुछ छिपा रहा है. इस पर तत्काल प्रबंधन को अवगत कराया गया. जिसके बाद बांके बिहारी मंदिर प्रबंधक मुनीश शर्मा द्वारा सीसीटीवी को चेक किया गया. इस दौरान धनराशि की गिनती कर रहे बैंककर्मी अभिनव की तलाशी ली गई तो उसके पास से एक लाख अट्ठाईस हजार रुपए बरामद हो गए. जिससे मंदिर प्रबंधन में हड़कंप मच गया. नोटों की बरामदगी के बाद पुलिस ने बैंक कर्मी अनुभव सक्सेना से सख्ती से पूछताछ शुरू की तो उसने अन्य दिनों में भी चोरी करने को स्वीकार कर लिया. जिसके बाद पुलिस ने उसके घर से 8 लाख रुपए और बरामद कर लिए. प्रबंधक मुनीश शर्मा के अनुसार आरोपी बैंककर्मी अभिनव सक्सेना निवासी रामपुर केनरा बैंक में फील्ड आफीसर के पद पर कार्यरत है. आरोपी के पास से 200-500 की गड्डियां प्राप्त हुईं हैं. आरोपी अभिनव सक्सेना की पत्नी सीए है और वह मथुरा के अशोक सिटी में किराए पर रहता है. पुलिस ने मंदिर प्रबंधक मुनीश शर्मा के प्रार्थना पत्र पर मुकदमा दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है. recent visitors 36

दिल्ली के वाहन चालक को लगा झटका, CNG की कीमतों में बढ़ोतरी, अब गाड़ी चलाना होगा महंगा

नई दिल्ली दिल्ली में सीएनजी की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हो गई है, जिससे राजधानी में वाहन चालकों के लिए सफर करना महंगा हो सकता है। अब सीएनजी की कीमत 76.09 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है, जो पिछले मुकाबले में 1 रुपये की बढ़ोतरी का संकेत देती है। इस बढ़ोतरी के पीछे सरकार के द्वारा एमपीएम गैस की कीमतों में चार प्रतिशत का इजाफा किया जाना मुख्य कारण है। सीएनजी कीमतों में वृद्धि का कारण सीएनजी की कीमत में यह वृद्धि, प्रशासनिक मूल्य प्रणाली (APM) के तहत उत्पादित प्राकृतिक गैस की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के कारण हुई है। दो साल बाद एपीएम गैस की कीमतों में यह वृद्धि की गई है, जो सीएनजी के दामों पर सीधा असर डाल रही है। इससे पहले, अप्रैल 2023 में भी एमपीएम गैस के दाम बढ़ाए गए थे। कैसे चेक करें नए रेट्स? दिल्ली के वाहन चालक अब घर बैठे सीएनजी के ताजे रेट्स जान सकते हैं। हर दिन सुबह 6 बजे, तेल कंपनियां सीएनजी की कीमतों में संशोधन करती हैं। अगर आप जानना चाहते हैं कि इस दिन सीएनजी की कीमत क्या है, तो आप तेल कंपनी के आधिकारिक नंबर पर एसएमएस भेजकर इसकी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। क्या इसका असर आम आदमी पर होगा? सीएनजी की बढ़ी हुई कीमतें दिल्लीवासियों के लिए निश्चित तौर पर महंगाई का कारण बन सकती हैं, खासकर उन परिवारों के लिए जो गाड़ियों का उपयोग करते हैं। इस बढ़ोतरी से लोगों की जेब पर असर पड़ेगा, जबकि राजधानी में महंगाई पर राहत की उम्मीदें भी अब कम हो सकती हैं। recent visitors 35

अयोध्या आए श्रद्धालुओं पर मुस्लिम नेता इकबाल अंसारी ने बरसाए फूल, जय श्रीराम का नारा भी लगाया

अयोध्या बाबरी मस्जिद के मुद्दई रहे अयोध्या के बहुचर्चित मुस्लिम नेता इकबाल अंसारी ने श्रीराम जन्मोत्सव के अवसर पर रामनवमी मेले में दर्शन करने आए लाखों श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की है। अपने पिता स्वर्गीय हाशिम अंसारी के पदचिह्नों पर चलते हुए इकबाल अंसारी भी अयोध्या में हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे के चिराग को रोशन किए हुए हैं। रविवार को श्री रामनवमी के अवसर पर अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं पर जय श्रीराम के उद्घोष के साथ इकबाल अंसारी ने पुष्प वर्षा की और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। अपने इस खानदानी परंपरा को निभाते हुए अंसारी काफी प्रफुल्लित नजर आए। मीडिया से बातचीत के दौरान बाबरी मस्जिद के मुद्दई रहे इकबाल अंसारी ने कहा कि यह रामनगरी है। यहां भगवान राम ने जन्म लिया। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि हम अयोध्या के वासी हैं। आज हमें अयोध्या आने वाले अपने मेहमान श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए दिल से खुशी हो रही है। अयोध्या में जो भी श्रद्धालु हनुमान जी, भगवान राम और मठ-मंदिरों के दर्शन करने आ रहे हैं हम उनका दिल से स्वागत करते हैं। इकबाल अंसारी ने अपने आवास के पास श्रीराम जन्मभूमि परिसर के गेट के निकट रामपथ पर चल रही श्रद्धालुओं की भीड़ पर पुष्प वर्षा करते हुए जय श्रीराम का नारा भी लगाया। उनके साथ अयोध्या के गणमान्य नागरिक भी पुष्प वर्षा में शामिल रहे। इकबाल अंसारी ने कहा कि हम अयोध्या वासी हैं और हम हमेशा अयोध्या आने वाले हर श्रद्धालुओं का स्वागत करते रहे हैं। रामनवमी पर्व के अवसर पर जो श्रद्धालु आए हैं हमने उन पर फूलों की वर्षा की और करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अयोध्या देवताओं की नगरी है। अयोध्या शुद्ध है। यहां देवी देवताओं का वास है। अयोध्या में हिंदू मुस्लिम के बीच सौहार्द है अयोध्या में जो लोग आते हैं वह अच्छे भाव से आते हैं। सरयू स्नान करते हैं हनुमानगढ़ी का दर्शन करते हैं और रामलला का दर्शन करते हैं। मठ मंदिरों के दर्शन करने जाते हैं और श्रद्धा का भाव लेकर अपने घरों को जाते हैं। साधु-संतों का साथ हमारी खानदानी परंपरा है: इकबाल इकबाल अंसारी ने कहा हमारा साथ साधु-संतों के साथ हमेशा रहा है। यह हमारी खानदानी परंपरा है। अयोध्या की जो गंगा-जमुनी तहजीब है हम उसी के अनुसार रहते हैं। हम लोग सभी साथ में रहते हैं। यहां पर सदैव से हिंदू मुस्लिम भाईचारा रहा है और हम सभी का सम्मान करते हैं। जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास जी आज हमारे बीच में नहीं है उनकी कमी हम सभी लोगों को लग रही है हम उनके साथ सदैव रहे हैं। भाईचारे के साथ रहे हैं। प्यार मोहब्बत की बात की है। आचार्य सत्येंद्र शास्त्री रामलला के पुजारी थे उनका देश-विदेश में सम्मान था। हमारा उनका हमेशा का साथ रहा है। हम दोनों आचार्य सत्येंद्र शास्त्री और हम श्रद्धालुओं पर मिलकर पुष्प वर्षा करते थे। लेकिन आज आचार्य शास्त्री जी हमारे बीच नहीं है। उनकी कमी हमेशा बनी रहेगी। recent visitors 37

विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने रामनवमी के अवसर पर नंदीग्राम में राम मंदिर की आधारशिला रखी

कोलकाता पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम जिले में अयोध्या जैसे भव्य राम मंदिर के निर्माण का कार्य रामनवमी के मौके से ही शुरू हो गया है। विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को रामनवमी के अवसर पर पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में राम मंदिर की आधारशिला रखी। राम मंदिर की आधारशिला सोनाचूरा गांव में रखी गई, जहां छह जनवरी 2007 को स्थानीय प्रशासन के भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रहे कम से कम सात लोगों की उपद्रवियों द्वारा की गई गोलीबारी में मौत हो गई थी। समर्थकों और भक्तों के 'जय श्री राम' के उद्घोष के बीच अधिकारी ने मंदिर की नींव रखी। इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता रामनवमी शोभायात्रा का नेतृत्व करते हुए सोनाचूरा स्थित शहीद मीनार से प्रस्तावित मंदिर स्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस महीने के अंत में पूर्व मेदिनीपुर जिले के दीघा में जगन्नाथ मंदिर का उद्घाटन करेंगी। 1.5 एकड़ भूमि पर बनेगा राम मंदिर शुभेंदु अधिकारी ने बताया था कि सोनाचूरा का राम मंदिर डेढ़ एकड़ जमीन पर बनेगा। वहीं इस मंदिर को अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर ही डिजाइन किया जाएगा। यह मंदिर पश्चिम बंगाल का सबसे बड़ा राम मंदिर होगा।   नंदीग्राम में 18 साल पहले क्या हुआ था नंदीग्राम में 14 मार्च 2007 को भूमि अधिग्रहण का विरोध करने वाले कम से कम 14 पुलिस की गोली का शिकार हो गए थे। नंदीग्राम में ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी दोनों की ही अच्छी पकड़ मानी जाती है। 2007 से पहले नंदीग्राम बहुत ही शांत इलाका माना जाता था। यहां ज्यादातर लोग खेती करते थे। वहीं 2007 में यहां औद्योगिक हब बनाने की बबात होने लगी। 2006 में यहां विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की करारी हार हुई थी। राज्य में लेफ्ट की सरकार बनी। शुभेंदु अधिकारी उस समय टीएमसी में थे। उनके ही नेतृत्व में यहां भूमि उच्छेद प्रतिरोध कमेटी बनाई गई। इसके बाद भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आंदोलन शुरू हो गया। ममता बनर्जी ने यहां धरना शुरू किया और फिर फैक्ट्री का काम रुक गया। 2 जनवरी 2007 तो सीपीएम और टीएमसी के कार्यकर्ताओं में भिड़ंत हो गई। इसमें कम से कम 6 लोग मारे गए। इसके बाद टीएमसी समर्थकों ने यहां नाकेबंदी कर दी और सरकारी अधिकारियों के प्रवेश पर रोक लगा दी। उस समय के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने नंदीग्राम से टीएमसी कार्यकर्ताओं को खदेड़ने के लिसए 2500 पुलिसकर्मियों को भेज दिया। इसके अलावा पुलिस के साथ 400 सीपीएम कार्यकर्ता भी थे। दोनों पक्ष आमने-सामने आए तो हिंसा होने लगी। पुलिस ने फायरिंग कर दी और 14 लोग मारे गए। इस हिंसा के बाद बंगाल की सरकार को बैकफुट पर आना पड़ा और नंदीग्राम के प्रोजेक्ट रद्द करने पड़ गए। recent visitors 23

अप्रैल में पारा 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना, तापमान के साथ बढ़ेगी बिजली की मांग, सताएगी गर्मी

इंदौर इस माह की शुरुआत गर्मी से भले ही राहत भरी रही है, लेकिन अब सूरज ने भी अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिए। राजस्थान से आ रही उत्तर पश्चिमी हवाओं ने शहरवासियों को तपिश का अहसास कराना शुरू कर दिया है। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के वैज्ञानिकों के मुताबिक, अभी तक मराठवाड़ा पर बने चक्रवाती हवाओं के घेरे के कारण अरब सागर से आ रही नमी के असर से बादल बने हुए थे और दिन में गर्मी से राहत मिल रही थी। अब कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है और मौसम खुला हुआ है।  इस वजह से अगले सप्ताह में इंदौर के दिन के तापमान में दो से चार डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना है। अप्रैल माह में इंदौर में दिन का पारा 41 से 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह में इंदौर में लू चलने की आशंका व्यक्त की गई है।   तापमान के साथ बढ़ेगी बिजली की मांग तापमान में वृद्धि के साथ बिजली की मांग भी लगातार बढ़ेगी। इस साल गर्मियों में शहर की बिजली मांग करीब 750 मेगावाट तक पहुंचने की उम्मीद है। इंदौर ग्रामीण क्षेत्र में भी बिजली की मांग का आंकड़ा 725 मेगावाट के करीब पहुंचने के आसार है। बढ़ती मांग के लिए बिजली कंपनी वितरण क्षमता बढ़ाने में जुटी है। इस बीच मेंटेनेंस भी शुरू हो गया है। इंदौर के शहरी क्षेत्र में इस समय बिजली की मांग करीब 450 मैगावाट है। मई में तापमान के मध्य में बिजली की खपत वर्ष में सबसे ज्यादा होती है। 24 घंटे लगातार मांग बनी रहने और तापमान ऊंचा रहने से बिजली कंपनी की वितरण व्यवस्था पर भी असर पड़ता है। तापमान बढ़ने के साथ गर्म होते ट्रांसफार्मरों और केबलों में फाल्ट की समस्या भी बढ़ जाती है। बिजली कंपनी दावा कर रही है कि गर्मियों के बीच बढ़ती मांग से इस साल वितरण में खलल नहीं पड़ेगा। दो से चार घंटे मेंटेनेंस इस बीच गर्मियों और आने वाली बरसात के पहले भी कंपनी ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मेंटेनेंस शुरू कर दिया है। कंपनी शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 2 से 4 घंटे प्रतिदिन लाइन सुधार और ट्रांसफार्मर रिपेयर जैसे काम कर रही है। इसके चलते अलग-अलग दिनों में अलग-अलग क्षेत्रों में दो से तीन घंटे तक बिजली गुल हो सकती है। कंपनी के अनुसार तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को असुविधा कम हो इसलिए सुबह-सुबह गर्मी बढ़ने से पहले मेंटेनेंस का काम होगा। recent visitors 33